City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

मां दंतेश्वरी फ्यूल्स तारापुर का जनरेटर खराब, बिजली गुल होते ही पेट्रोल डीजल देना बंद

0

घंटों हलाकान होते रहते हैं दर्जनों उपभोक्ता

बकावंड बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम तारापुर में स्थित पेट्रोल पंप मां दंतेश्वरी फ्यूल्स का जनरेटर बिगड़ा पड़ा है। यहां बिजली गुल होते ही पेट्रोल डीजल बिकना बंद हो जाता है। बिजली आने के इंतजार में ग्राहक घंटों हलाकान होते रहते हैं। शनिवार को भी ऎसी ही अव्यवस्था सामने आईं। शनिवार बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद पेट्रोल पंप की सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। मौके पर मौजूद ग्राहकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, वहीं कई लोग बिना पेट्रोल डीजल भरवाए लिए ही वापस लौटने मजबूर हो गए। ग्राहकों के अनुसार बिजली जाने के बाद पेट्रोल पंप में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में स्थापित जनरेटर चालू नहीं हो सका। जांच करने पर जनरेटर खराब स्थिति में पाया गया। बताया जाता है कि जनरेटर में डीजल भी उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण उसे स्टार्ट नहीं किया जा सका।मौके पर मौजूद एक ग्राहक बुधराम नेताम ने पेट्रोल पंप प्रबंधन से इस संबंध में जानकारी ली।

इस दौरान ग्राहकों ने बताया कि बिजली गुल होने पर ऐसी स्थिति पहली बार नहीं हुई है, बल्कि अक्सर यहां उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है। करीब एक घंटे तक बिजली आने की प्रतीक्षा के बाद कई ग्राहक वापस लौट गए। पेट्रोल पंप के मैनेजर ने भी स्वीकार किया कि यह समस्या केवल आज की नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है, तब इस तरह की दिक्कतें सामने आती हैं। मैनेजर ने माना कि जनरेटर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे तत्काल चालू नहीं किया जा सका। ग्राहकों का कहना है कि पेट्रोल पंप संचालक प्रभा शंकर शुक्ला द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। उनका आरोप है कि नियमित रखरखाव के अभाव में जनरेटर अनुपयोगी हो चुका है, जिससे बिजली कटौती के दौरान ईंधन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पेट्रोल पंप में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। घटना के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक बिजली बहाल होने की प्रतीक्षा करते नजर आए, जबकि कई लोग निराश होकर वापस लौट गए।

आई लव यू जिंदगी-नारी संगम₹ 3 जुलाई को

0

जेसीआई वामा का भव्य आयोजन रायपुर में

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय भी होंगे शामिल

रायपुर जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा महिलाओं के नेतृत्व, व्यक्तित्व, संतुलन एवं जीवन में सकारात्मकता को समर्पित भव्य आयोजन “नारी संगम- सीजन 3” का आयोजन 3 जुलाई शुक्रवार शाम 4 बजे, पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज रायपुर में किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कार्यक्रम हेतु आमंत्रित किया गया है। इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल सहित संस्था की अध्यक्ष जेसी डॉ. धृति वैभव शर्मा, फाउंडर प्रेसीडेंट लीना वाढेर, पास्ट प्रेसीडेंट आस्था बाफना, प्रोग्राम डायरेक्टर दीया मूलचंदानी एवं सचिव प्रीति अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्हें नारी संगम कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने आयोजन के उद्देश्य की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा कार्यक्रम में शामिल होने हेतु अपनी सकारात्मक स्वीकृति दी। उनकी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी एवं विशेष बनाएगी। नारी संगम का यह तीसरा आयोजन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं को एक मंच पर लाकर नेतृत्व, संतुलन, आत्मविश्वास एवं नई संभावनाओं से जोड़ने का एक प्रयास है। इस वर्ष का विषय “लव यू ज़िंदगी – नेतृत्व की उड़ान, संतुलन की पहचान, खुशियों भरी मुस्कान” रखा गया है।इस आयोजन का मुख्य आकर्षण इंटरनेशनल प्राइम ट्रेनर पीपीपी जेएफआर, जेसीआई सीनेटर राजेश अग्रवाल जी का प्रेरक एवं ऊर्जावान प्रशिक्षण सत्र रहेगा, जो प्रतिभागियों को जीवन, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के नए आयामों से जोड़ेगा। कार्यक्रम में लगभग 300 संस्थाओं से 3 हजार महिलाओं की सहभागिता संभावित है। उपस्थित महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विभिन्न संस्थाओं का सम्मान एवं आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। चैप्टर कन्वेनर रूपाली दुबे, चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर जेसीआई सीनेटर जया अरोड़ा एवं सभी सीनियर्स के नेतृत्व में सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।

तकनीकी रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही बदलती राजनीतिक व्यवस्था और नए भारत की रीढ़ होगा :- चेमन देशमुख

0

बालोद पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से ‘डिजिटल और हाईटेक’ बन रहे हैं कार्यकर्ता :- राकेश यादव* बालोद / भारतीय जनता पार्टी बालोद के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा है कि ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ के तहत पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस महाभियान के अंतर्गत शुरू किए गए विशेष ‘डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म’ के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तेजी से डिजिटल बनाने और उन्हें नई तकनीकों से जोड़ने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। जिला भाजपा महामंत्री एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यक्रम के जिला प्रभारी

राकेश छोटू यादव ने कहा कि आज का युग सूचना और संचार क्रांति का युग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ के सपने को साकार करते हुए भाजपा अपने संगठन को भी पूरी तरह हाईटेक कर रही है। इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे सरकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को जनता के बीच अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से गाँव और बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अपने मोबाइल फोन के जरिए सीधे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। कार्यकर्ताओं को पार्टी के गौरवशाली इतिहास, अंत्योदय के सिद्धांत, देशहित की नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ऑडियो-वीडियो और डिजिटल कंटेंट के रूप में दी जा रही है। इसी तरह, कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के सही और सकारात्मक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे विपक्ष के भ्रामक प्रचार और अफवाहों का तथ्यपूर्ण जवाब भी डिजिटल माध्यमों पर दे सकें। भाजपा एक जीवन्त राजनीतिक संगठन है जो समय के साथ निरंतर खुद को अपग्रेड करता है। इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से प्रशिक्षित होकर हमारे कार्यकर्ता आने वाले समय में संगठन के कार्यों को और अधिक गति देंगे तथा जनता और सरकार के बीच एक मजबूत, आधुनिक सेतु के रूप में कार्य करेंगे। इस अभियान से अधिक-से-अधिक कार्यकर्ताओं को जुड़ने का आह्वान कमल पनपालिया मिडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद

कुसुमकसा रेलवे स्टेशन में जल्द शुरू होगा आरक्षण काउंटर, GM तरुण प्रकाश ने दिए त्काल निर्देश

0

बालोद/डौण्डी। कुसुमकसा वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी। 50 साल पुराने कुसुमकसा रेलवे स्टेशन में अब घर बैठे टिकट मिलेगा। दक्षिण मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के आज तडोकी दौरे के दौरान पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने स्टेशन की मूलभूत समस्याएं उनके सामने रखीं। GM साहब ने गंभीरता से सुनते हुए आरक्षण काउंटर जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया।*ग्राउंड पर उठाया मुद्दा, त्काल हुआ एक्शन* आज महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश का बिलासपुर से तडोकी तक का निरीक्षण दौरा था। इस अवसर पर कुसुमकसा पहुंचने पर पूर्व जनपद सदस्य और रेल्वे सलाहकार सिमिति के सदस्य संजय बैस ने GM जी से मुलाकात कर स्टेशन की समस्याओं से अवगत कराया। संजय बैस ने बताया कि कुसुमकसा स्टेशन से 40 गांव के 20 हजार से अधिक लोग लाभान्वित होते हैं, लेकिन आरक्षण काउंटर न होने के कारण यात्रियों को डौण्डी या बालोद जाना पड़ता है।GM श्री तरुण प्रकाश ने समस्या को गंभीरता से लिया और रेलवे अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया जल्द कि कुसुमकसा स्टेशन परिसर में आरक्षण काउंटर जल्द ही प्रारम्भ कर दिया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों की एकजुटता रंग लाई

इस ऐतिहासिक अवसर पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा की सरपंच वेद बाई पिस्दा, उप सरपंच नितिन जैन सहित पंचगण दीपक यादव, संतोष जैन, पंकज जेठवानी, सुगरा बेगम, खेमिन निर्मलकर, उर्मिला ठाकुर और अशोक धर्मगुड़ी जी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया।बैठक के बाद पूर्व जनपद सदस्य रेल्वे सलाहाकार सिमिति के सदस्य संजय बैस ने महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित पूरे रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही मांग आज पूरी होने जा रही है। इससे कुसुमकसा क्षेत्र के किसान, छात्र, मरीज और व्यापारी सभी को बड़ी राहत मिलेगी।

जनहित का काम, 20 हजार लोगों को फायदा

कुसुमकसा स्टेशन क्षेत्र का सबसे बड़ा ग्राम पंचायत है। यहां शीतला माई मंदिर भी है जहां रोजाना दर्शनार्थी आते हैं। आरक्षण काउंटर शुरू होने से न केवल टिकट की सुविधा मिलेगी, बल्कि रेलवे राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। बरसात में सड़क खराब होने के कारण जो लोग स्टेशन नहीं पहुंच पाते थे, अब उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल जाएगी।जनपद पंचायत डौण्डी क्षेत्र क्रमांक 4 से जनपद सदस्य रहते हुए संजय बैस और वर्तमान जनपद सदस्य मंजू संजय बैस लगातार कुसुमकसा के विकास के लिए प्रयासरत हैं। इससे पहले भी उन्होंने रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण और किसानों के लिए लिफ्ट इरीगेशन जैसी योजनाओं के लिए मांग की थी।

बस्तर के विकास के लिए सक्रिय हुए जनप्रतिनिधि

0

डिप्टी सीएम विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप से जनप्रतिनिधियों ने की मुलाकात

बस्तर के समग्र विकास पर हुई सार्थक चर्चा

जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे ने बेटा बेटी के साथ वन मंत्री से लिया आशीर्वाद

बकावंड रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बकावंड जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे ने अपने पुत्र एवं पुत्री के साथ बस्तर के माटीपुत्र एवं छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर वन मंत्री ने जनपद पंचायत अध्यक्ष से क्षेत्र के हालात, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बकावंड सहित बस्तर अंचल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अध्यक्ष के दोनों बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के पश्चात वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान बस्तर संभाग के विभिन्न विकास कार्यों, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से सुना तथा विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर बस्तर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, तोकापाल जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबती भंडारी, बकावंड जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण कुमार पांडे, तोकापाल जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रितेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रायपुर में हुई यह सौजन्य मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि बस्तर के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती नजर आई। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से बस्तर में विकास की गति और तेज होगी तथा क्षेत्र के लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

भाजपा की बस्तर विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित

0

चुनावी तैयारियों में चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ रही भाजपा, मजबूत बूथ और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर फोकस

सशक्त बूथ से निकलता है जीत का रास्ता – श्रीनिवास राव मद्दी

जगदलपुर।भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ रही है। भाजपा जिला कार्यालय में आज शुक्रवार को बस्तर विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें एक-एक बूथ को सशक्त बनाने, बूथ कमेटी और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गयी और ज़मीनी स्तर पर जनता से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में बस्तर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले चारों मण्डल बकावण्ड, सरगीपाल, करपावण्ड व बस्तर के प्रभारी, मण्डल अध्यक्ष व महामंत्री एवं शक्ति केन्द्र के सभी प्रभारियों को बुलाया गया था।

बैठक में बस्तर विधानसभा के नवनियुक्त प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी, सहप्रभारी श्रीनिवास मिश्रा व भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने संबोधन दिया और जीत का लक्ष्य साधकर सर्वप्रथम बूथ को मज़बूत बनाने कहा। कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क और संवाद स्थापित करने सहित विविध बिन्दुओं पर चर्चा कर मार्गदर्शन दिया। महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक डा सुभाऊ कश्यप, जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही,परीस राम बेसरा, रोहित त्रिवेदी, खीतेश मौर्य, तरूण पाण्डेय, पुरूषोत्तम जोशी, सुखदेव मण्डावी, पीताम्बर कश्यप, विषम ठाकुर, रणवीर सिंह ठाकुर, अनिल बिसाई, दामोदर बघेल, हेमराज कश्यप,चमरूराम यादव आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस के दामन से कभी नहीं मिट सकता आपातकाल के कलंक का दाग: सांसद महेश कश्यप

0

इंदिरा गांधी ने की थी लोकतंत्र की हत्या: महेश

जगदलपुर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस द्वारा देश में लोकतंत्र की हत्या कर जबरिया थोपे गए आपातकाल की 51वीं बरसी भारतीय जनता पार्टी मना रही है। आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का ऐसा कलंक है, जिसका दाग कांग्रेस के दामन से कभी नहीं मिट सकता। आपातकाल में कांग्रेस शासन का अत्याचार देश व देशवासियों ने भोगा है। आपातकाल के संबंध में आज देश के प्रत्येक युवा व नागरिकों को जानना चाहिए।

भाजपा जिला कार्यालय में पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की तात्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को महज अपनी सत्ता बचाने के लिए देश को आपातकाल की कैद में डाल दिया था। लागातार 19 माह चले आपातकाल में नागरिकों को बोलने की स्वतंत्रता नही थी, समाचार पत्रों में निष्पक्ष लिखने की स्पष्ट मनाही थी, लाखों लोगों को रातो-रात जेलों की सीखचों के पीछे डाल दिया गया था। जिसने भी सरकार के विरूद्ध आवाज उठाई, उसे तत्काल गिरफतार किया जाता था। एक तानाशाही शासन कैसे होता है, यह कांग्रेस ने अपनी सरकार चलाने के लिए किया। भाजपा सांसद महेश कश्यप ने कहा कि आपातकाल के उस दौर में देश के उन कठिनतम समय की कल्पना तक हम नहीं कर सकते कि देश के एक- एक नागरिक के मौलिक अधिकार तक कांग्रेस ने छीन लिए थे।

आज उसी कांग्रेस के नुमांईदे देश के लोकतंत्र को बचाने की दुहाई देकर ओछी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के आपातकाल के कलंक को भारतीय जनता पार्टी काला दिवस कहती है और कांग्रेस द्वारा संविधान की हत्या मानती है। देश व समग्र देशवासियों को कांग्रेस ऐसी काली और जघन्य करतूत की जानकारी होनी चाहिए। पत्रवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडे, सुधीर पाण्डे, योगेंद्र पांडे, रामाश्रय सिंह, आर्येंद्र सिंह आर्य, परिसराम बेसरा, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, प्रकाश झा, राजेंद्र बाजपेयी, कृष्ण कुमार शुक्ला, दिनेश के.जी., ब्रिजेश शर्मा मौजूद रहे।

प्रदीप गुहा बस्तर वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के संभाग उपाध्यक्ष नियुक्त

0

बस्तर में वेटरन क्रिकेट को मिलेगा बढ़ावा

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में वेटरन क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और संभाग स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा प्रदेश को पांच संभागों में विभाजित कर संगठनात्मक विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में यहां हुई बैठक में बस्तर क्षेत्र में वेटरन क्रिकेट के विकास एवं प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदीप गुहा को सर्वसम्मति से वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन का बस्तर संभाग उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

एसोसिएशन के सचिव तरुणेश सिंह परिहार ने कहा कि प्रदीप गुहा ने वर्षों से बस्तर में क्रिकेट के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। क्रिकेट के प्रति उनकी मेहनत, समर्पण, संगठन क्षमता और खेल के प्रति जुनून को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बस्तर संभाग में वेटेरन क्रिकेट को नई पहचान और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व सचिव, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ सिद्धार्थ पाठक सहित बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रदीप गुहा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त उपाध्यक्ष प्रदीप गुहा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे बस्तर में वेटेरन क्रिकेट को और अधिक मजबूत बनाने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा क्रिकेट गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। बस्तर में क्रिकेट को नई दिशा देने की इस पहल से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर बस्तर वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन केखिलाड़ी और पदाधिकारी उपस्थित थे! इस अवसर पर राबिन कुमार अध्यक्ष छत्तीसगढ़ वेटेरन क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें टेलीफोन पर बधाई दी।

बस्तर के प्रसिद्ध रैली कोसा पर पलायन की बड़ी मार

0

कोसा उत्पादन से मुंह मोड़ा आदिवासियों ने

टसर उत्पादन छोड़ पलायन कर रहे लोग

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर के रैली कोसा पर पलायन की बड़ी मार पड़ी है। इसके संग्रहण में लगे आदिवासियों ने इस काम से मुंह मोड़ लिया है। वे ज्यादा कमाई की आस में दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन कर रहे हैं। इसका सीधा असर टसर उत्पादन पर पड़ा है। टसर उत्पादन में 45 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

बस्तर का नैसर्गिक रैली कोसा अपने मजबूत और लंबे धागे के लिए प्रसिद्ध है। रैली कोसा का विश्व में एकमात्र उत्पादन स्थल बस्तर के घने जंगल हैं। यहां रैली कोसा का उत्पादन तो बहुतायत में हो रहा है, मगर इसके संग्रहण में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वैज्ञानिकों के अध्ययन से पता चला है कि कोरोना महामारी के बाद वर्ष 2019-2021 से इसका संग्रहण लगातार गिरता जा रहा है। इस बारे में कालीपुर स्थित क्षेत्रीय रेशम अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक और तकनीशियनों ने इसका सबसे प्रमुख कारण आदिवासी संग्राहकों का टसर संग्रहण से मुंह मोड़ना बताया है। इनके अध्ययन और शोध से पता चला है कि टसर संग्राहक अब रोजी रोटी की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। अब बहुत कम लोग लोग ही जंगल में रैली कोसा टसर का संग्रहण कर रहे हैं।वहीं नई पीढ़ी शिक्षित होने के बाद वनोपज संग्रहण से भी दूर हो रही है। यह भी टसर संग्रहण में आई गिरावट का बड़ा कारण है।

जुड़े बस्तर विवि के शोधार्थी

बीते वर्ष बस्तर विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र के बीच एक एमओयू हुआ था। इस एमओयू के अनुसार बस्तर विश्वविद्यालय के छात्रों को रेशम केंद्र में शोध का अवसर मिला है। इस सत्र में विवि की प्रीति जोशी, श्रद्धा सिंह, ललिता नेताम, भूमिका तांडिया, नीलेश कुमार सिन्हा और चंद्रशेखर केंद्र में अपने अपने टॉपिक पर शोध कर रहे हैं। इन्हें केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अरविंद कुमार एस, वरिष्ठ तकनीकी सहायक सुनील कुमार परीक्षा, बी बी कांजीलाल और अन्य जरूरी अध्ययन सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।वैज्ञानिक अरविंद कुमार ने बताया कि अभी केंद्र मेरा रेशम मेरा अभियान पर ध्यान केंद्रित कर विभिन्न गांवों में रेशम उत्पादन और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने जुटा हुआ है।

खाता बटवारे के लिए तीन साल से भटक रहा किसान

0

अब भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी

जगदलपुर बस्तर नगर पंचायत अंतर्गत परचनपाल निवासी किसान रितेश कुमार पांडेय बीते तीन सालों से भूमि खाता बंटवारे के लिए तहसील दफ्तर का चक्कर काट रहा है। तहसीलदार बस्तर की ओर से मामले का निराकरण नहीं होने से क्षुब्ध किसान ने बुधवार को कलेक्टर बस्तर को दिए गए सूचना पत्र में 10 दिनों में निराकरण नहीं होने पर कलेक्ट्रेट परिसर के समक्ष आमरण अनशन शुरू करने की बात कही है।

पीड़ित किसान रितेश पांडे ने बताया कि ग्राम परचनपाल में उसके व बड़े भाई के सयुंक्त नाम से कृषि भूमि राजस्व अभिलेख मे दर्ज है। आपसी सहमति से उक्त भूमि का बंटवारा किए जाने के लिए उन्होंने 2023 में तहसील दफ्तर में आवेदन किया था। तहसीलदार द्वारा बिना समंस तामिली करवाए राजस्व न्यायालय मे प्रकरण चलाया गया और बाद में प्रकरण को नस्तीबद्ध भी कर दिया गया। इसके बाद पुनः तहसीलदार के मौखिक निर्देश पर पटवारी के माध्यम से बंटवारा हेतु आवेदन दिया था। इसके बाद से ही हल्का पटवारी टालमटोल करता आ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीते वर्ष राजस्व विभाग के कामकाज को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी। साथ ही ग्राम चौपाल के माध्यम से किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए थे। राज्य सरकार द्वारा समय सीमा में किसानों की समस्याओं के निराकरण किए जाने आदेशित किया गया है, इसके बावजूद सीमांकन नामांतरण खाता बटवारा जैसे राजस्व कार्य सालों से लंबित हैं। विभाग के कामकाज को लेकर किसानों में लगातार आक्रोश पनप रहा है।

MOST POPULAR

HOT NEWS