City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

बाफना परिवार को बदनाम करने वालों की भी हो जांच

0

साजिश का खुलासा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना जरूरी

बस्तर चेंबर ने आईजी और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जगदलपुर बाफना लाइफ स्टाइल दुकान से जुड़े मामले में अब बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी हस्तक्षेप करते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई है। चेंबर. ने बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चेंबर ने स्पष्ट किया है कि बाफना परिवार भी पीड़ित परिवार के पक्ष में न्याय की मांग कर रहा है। बाफना परिवार चाहता है कि पुलिस जांच जल्द पूरी हो, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। चेंबर ने इस संवेदनशील मामले में सोशल मीडिया पर बाफना परिवार और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने, चरित्र हनन करने तथा भ्रामक नैरेटिव फैलाने के प्रयासों पर भी चिंता जताई है। चेंबर का कहना है कि कुछ लोग घटना को अनावश्यक राजनीतिक और सामाजिक रंग देकर परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। आशंका जताई गई है कि कुछ लोग घटना को राजनीतिक रंग देकर परिवार की छवि खराब करना चाहते हैं। चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ ऐसे लोगों की भूमिका की भी पहचान हो, जो भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले को गठित एसआईटी से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो। चेंबर ने कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना, किसी परिवार की सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। चेंबर ने प्रशासन से पीड़ित को शीघ्र न्याय, निष्पक्ष जांच और बाफना परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


इन बिंदुओं की जांच पर जोर


चेंबर ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही बाफना परिवार की छवि धूमिल करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक नैरेटिव फैलाने वालों की भूमिका की भी जांच हो। पूरे मामले को एसआईटी की जांच में शामिल करते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान चेंबर अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल बोथरा, महामंत्री नवरतन जलोटा , उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भदौरिया, एम. श्रीधर राव मद्दी, मंत्री गजेंद्र चांडक, पूर्व अध्यक्ष भंवर बोथरा, किशोर पारख, ऋषि हेमाणी, चंद्रेश चांडक, पंकज सिंघल, मोहर झा, अरुण त्रिपाठी, सुनील दंडवानी, संदीप पारख, रोहित बैस, सोहन सोनी, सन्नी बजाज और लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।


झूठे नैरेटिव फैलाने वालों पर हो कार्रवाई: सोमानी
बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सुंदर सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन बिना जांच और अपराध सिद्ध हुए व्यवसाय स्थल पर तोड़फोड़, अभद्रता एवं व्यापारियों के खिलाफ भ्रामक नैरेटिव फैलाना बेहद चिंताजनक है। इस घटना से व्यापारियों में यह डर पैदा हो रहा है कि क्या अब बेरोजगार युवक, युवतियों को रोजगार देने से पहले भी सोचना पड़ेगा? श्री सोमानी ने सवाल उठाया है कि आखिर वो कौन लोग हैं, जो इस संवेदनशील घटना की आड़ में शहर का माहौल बिगाड़ने और व्यापारियों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं? उनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच कर खुलासा होना चाहिए। श्री सोमानी ने कहा है कि पीड़िता को न्याय मिले, दोषियों पर कार्रवाई हो और निर्दोष व्यापारियों के साथ अन्याय न हो। शहर का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

वेतन न मिलने से डिमरापाल मेकाज के सफाई कर्मियों की दिवाली काली

0

वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में गुस्सा

जगदलपुर बस्तर जिले के डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के सामने भरी दिवाली में आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। उनकी दीपावली काली हो गई है। समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन काम के बदले मिलने वाला मेहनताना समय पर नहीं मिलने से उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बस्तर संभाग के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम होती है। मरीजों के वार्ड, शौचालय, परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी इन्हीं कर्मचारियों पर होती है। इसके बावजूद यदि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता, तो यह उनके परिवारों के लिए गंभीर आर्थिक समस्या बन जाती है। कर्मचारियों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर कब तक उन्हें अपने ही मेहनताने के लिए इंतजार करना पड़ेगा? रोजाना काम करने के बावजूद वेतन भुगतान में देरी होने से घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई, राशन और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है।अब सवाल यह है कि सफाई कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने की जिम्मेदारी किसकी है? संबंधित ठेका एजेंसी और अस्पताल प्रबंधन को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल दिलाने की पहल करनी चाहिए। अस्पताल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से अपेक्षा है कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए, ताकि अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले इन कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।

लेडी थीफ गैंग ने ज्वेलरी शॉप से उड़ाया जेवरों से भरा बॉक्स

0

पलक झपकते गायब कर दिया सोने के गहनों वाला डिब्बा

जगदलपुर नगर में त्यौहारी सीजन आते ही लेडी थीफ गैंग सक्रिय हो गई है। दीपावली त्यौहार पर बाजारों में उमड़ रही भीड़ का फायदा उठाकर यह चोरनी गिरोह लाखों के गहनों पर हाथ साफ करने लगे हैं। ऐसा ही एक बड़ा मामला जगदलपुर के पैलेस रोड स्थित संजय मार्केट से सामने आया है, जहां मोती ज्वैलर्स में 4-5 महिलाओं के समूह ने बेहद शातिराना अंदाज में सोने के गहनों से भरे डिब्बे पर हाथ साफ कर दिया। डिब्बे में करीब एक करोड़ रुपए के गहने होने की खबर है। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के त्यौहार को देखते हुए संजय मार्केट सहित शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ भाड़ का फायदा उठाकर चोरनी महिलाओं का एक समूह मोती ज्वैलर्स पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में करीब 4 से 5 महिलाएं दिखाई दे रही हैं। इनमें दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल दिख रही हैं।बताया जा रहा है कि इन महिलाओं ने दुकान में खरीदारी के बहाने ऐसा माहौल बनाया कि कर्मचारियों का ध्यान दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान गिरोह की एक महिला ने बेहद चालाकी से सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठा लिया और पीछे खड़ी अपनी एक साथी लड़की को थमा दिया। इसके बाद लड़की डिब्बा लेकर दुकान से बाहर निकल गई। गिरोह की अन्य महिलाएं भी धीरे-धीरे वहां से निकल गईं।

डिब्बे में थे एक करोड़ के जेवर

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी का तरीका साफ दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज में एक महिला आभूषणों का डिब्बा उठाकर पीछे खड़ी लड़की को देती नजर आ रही है। इसके बाद लड़की दुकान से बाहर निकल जाती है। महिलाओं ने इतनी सफाई से इस वारदात को अंजाम दिया कि दुकान के मालिक और कर्मचारियों को इसकी जरा भी भनक नहीं लग पाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोती ज्वेलर्स से चोरी हुए डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण होने की बात सामने आ रही है। इस अनुमान के आधार पर चोरी गए सोने की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक रूप से कितने ग्राम सोने के आभूषण गायब हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुकान में आभूषणों के स्टॉक का मिलान और जांच जारी है। यदि 1200 ग्राम सोने की चोरी की पुष्टि होती है, तो यह जगदलपुर में अब तक सबसे बड़ी ज्वेलरी चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकती है।

सराफा बाजार में हड़कंप

घना की जानकारी सामने आने के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे समय में इस तरह के गिरोह सक्रिय होकर दुकानदारों को निशाना बना सकते हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही बाजार और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि महिलाओं के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।

सतर्कता बेहद जरूरी

दीपावली के सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच ज्वेलरी दुकानदारों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गिरोह दुकानों को निशाना बना सकते हैं। मोती ज्वेलर्स में हुई यह घटना व्यापारियों के लिए भी सतर्क रहने का संकेत है। अब बड़ा सवाल यह है कि सीसीटीवी में कैद हुई इन महिलाओं की पहचान कब होगी और सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा कब बरामद होगा? पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

दीपावली की रात खूनी वारदात: शराब के नशे में दामाद ने ससुर पर टंगिया से किया हमला, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

0

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांधा, 112 की मदद से पुलिस के हवाले किया

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शराब के नशे में एक दामाद ने अपने ही 60 वर्षीय ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा मामला महामाया थाना क्षेत्र के आड़ेझर गांव का है। गांव निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के दौरान अपने घर में सो रहे थे। इसी बीच उनका दामाद सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ विवाद कर रहा था

आरोपी

विवाद के दौरान आरोपी ने अपना आपा खो दिया और पास में सो रहे ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है।घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से घायल रत्तीराम को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए डौंडी ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सुखराम नेताम को पकड़ लिया और खूंटे से बांधकर रखा। बाद में 112 की सहायता से आरोपी को थाने पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी सुखराम नेताम घर जमाई बनकर अपने ससुराल में ही रहता था। दीपावली की रात हुई इस दर्दनाक वारदात से आड़ेझर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

बीएसपी अस्पताल के सामने वार्ड क्रमांक 8 के गार्डन में आगजनी, मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम

0

दल्ली राजहरा। बीएसपी अस्पताल के सामने स्थित वार्ड क्रमांक 8 के गार्डन में असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि गार्डन में लगाए गए पुतले में अज्ञात व्यक्तियों ने आग लगा दी। घटना की जानकारी मोहल्लेवासियों द्वारा दिए जाने के बाद बीएसपी की दमकल गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

उल्लेखनीय है कि लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस गार्डन का नगर पालिका द्वारा सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा था, ताकि वार्डवासियों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके। ऐसे में गार्डन में आगजनी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल आग लगाने वाले व्यक्तियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने ग्राहक पंचायत ने उठाई आवाज, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

0

मिठाइयों पर निर्माण एवं एक्सपायरी डेट अंकित करने, दुकानों की जांच और मिलावटखोरों पर कठोर कार्रवाई की मांग

बालोद। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका को देखते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला बालोद ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला संयोजक मदन माइती के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर जिला बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई।ग्राहक पंचायत ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग अत्यधिक बढ़ जाती है।

बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों द्वारा बासी, पुरानी अथवा गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री बेचने की आशंका बनी रहती है। कई बार खाद्य पदार्थों के निर्माण की तारीख, उपयोग की अंतिम तिथि तथा उनकी गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रत्येक उपभोक्ता को यह जानने का अधिकार है कि वह जो खाद्य सामग्री खरीद रहा है, उसका निर्माण कब हुआ है तथा उसका सुरक्षित उपयोग कब तक किया जा सकता है। विशेषकर खुली मिठाइयों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखे खाद्य पदार्थों के संबंध में उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। संगठन ने प्रशासन से खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ज्ञापन में रखी गईं सात प्रमुख मांगेंअखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने प्रशासन से मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों पर निर्माण अथवा तैयारी की तारीख तथा Best Before, Expiry Date और Use By की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है। मिठाई की दुकानों एवं कंटेनरों में रखी मिठाइयों के सामने उपयोग की सुरक्षित अवधि अंकित कराने, पैकेज्ड खाद्य सामग्रियों पर निर्धारित लेबलिंग नियमों का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया गया है।इसके अलावा दीपावली पर्व के दौरान मिठाई दुकानों, डेयरियों, बेकरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाने, बासी, मिलावटी, दूषित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। खाद्य सामग्री तैयार करने एवं रखने के स्थानों पर स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संबंधित विभाग की शिकायत एवं हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने का आग्रह भी किया गया है।मदन माइती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल रहा उपस्थितज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मदन माइती के साथ जिला सचिव निर्मल पटेल, मनोज, मधुकर सिंह,विनय साहू, खिल्लेद्र दास, विरेन्द्र साहू एवं देवेन्द्र साहू दिपांशु उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए दीपावली से पूर्व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश देने का आग्रह किया।ग्राहक पंचायत का कहना है कि त्योहार की खुशियां मिलावटखोरी और लापरवाही के कारण किसी परिवार के लिए स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में नहीं बदलनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक खाद्य कारोबारी की भी जिम्मेदारी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अहिवारा विधायक स्व. डोमन लाल कोर्सेवाडा जी को पुष्पांजलि अर्पित की

0

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अहिवारा के विधायक स्व. डोमन लाल कोर्सेवाडा जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आज उनके गृह ग्राम भेंडरा जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व. कोर्सेवाडा जी एक सरल, सौम्य और जनसेवा के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अहिवारा क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उनका निधन भाजपा परिवार और छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव ने कहा कि स्व. कोर्सेवाडा जी एक निष्ठावान कार्यकर्ता, कर्मठ जनप्रतिनिधि और संगठन के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता थे, जिन्होंने हमेशा जनता के हित और क्षेत्र के विकास को सर्वोपरि रखा। उनका जाना भाजपा संगठन के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवारजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।

पुरानी रंजिश में तीन युवकों पर जानलेवा हमला, दो गंभीर घायल; शहीद अस्पताल में भर्ती

0

जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों को रास्ते में घेरकर किया हमला, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

दल्लीराजहरा नगर के पुराना बाजार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर चोटें आने के कारण शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बिरजू साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(2) एवं 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता पुनीत यादव (पिता विजय यादव), निवासी वार्ड क्रमांक 10, पुराना बाजार, दल्ली राजहरा ने बताया कि 1 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी मोहन नायक और ऋषि यादव के साथ झरन मंदिर के पास मोहन नायक का जन्मदिन मनाने गए थे।

जन्मदिन मनाने के बाद तीनों रात करीब 11:30 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 12 स्थित शिव मंदिर चौक के पास उनकी मुलाकात बिरजू साहू से हुई। बताया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद तीनों युवक वहां से अपने घर जाने लगे। आरोप है कि बिरजू साहू उनके पीछे पहुंचा और घर के सामने रास्ते में उन्हें रोककर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और तीनों युवकों पर हमला कर दिया गया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमले में पुनीत यादव के सिर, मोहन नायक के सिर एवं चेहरे तथा ऋषि यादव के गाल, सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायलों को परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से शहीद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर चोटों को देखते हुए घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात शिकायत में कही गई है। थाना राजहरा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार कंवर द्वारा की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के वास्तविक कारणों, विवाद की परिस्थितियों और हमले में प्रयुक्त साधनों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद एक बार फिर पुराना बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, आपसी विवाद और असामाजिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण और रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

में 52 पत्ती ताश व नगदी रकम 4450 रूपये सहित 08 जुआडियान गिरफ्तार

0

पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवम् अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन में सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन राजहरा पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा, शराब के विरूध्द चलाये जा रहे अभियान के तहत दिनांक 04-11-2026 को संध्या पेट्रोलिंग के दौरान मुखबीर की सूचना पर जेडी आफिस राजहरा के पास अलग-अलग जगहों पर रेड कर 02 प्रकरण छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही कर किया गया जिसमें एक फड मे आरोपीगण 01. लक्ष्मीनारायण उर्फ पिन्टू सोनी पिता स्व0 सुरेश सोनी उम्र 38 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 26 राजहरा , 02. गोलू उर्फ पिन्टू चिकवा पिता मुन्ना लाल उम्र 33 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा , 03. उपेन्द्र कुमार उर्फ रिंकु पिता रोशन देवांगन उम्र 28 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 24 राजहरा , 4. संतोष चिकवा पिता लखन लाल चिकवा उम्र 38 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा थाना राजहरा जिला बालोद के कब्जे एवं फड से 52 पत्ती ताश सहित कुल 2100 रूपये नगदी जप्त किया गया तथा दूसरे फड मे

आरोपीगण 01. राजा वर्मा पिता राजेश वर्मा उम्र 20 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा 2. सोनू ठगेल पिता विजय ठगेल उम्र 30 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा ,3. पिंटू खसवा पिता केशपाल खसवा उम्र 28 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 25 राजहरा , 4. मनीष निषाद पिता रघुवीर निषाद उम्र 26 वर्ष सा0 वार्ड क्र0 26 राजहरा थाना राजहरा जिला बालोद के कब्जे एवं फड से कुल 2350 रूपये को जप्त कर मौके पर आरोपियों के विरूध्द छ0ग0 जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्यवाही किया गया । राजहरा पुलिस की नागरिकों से अपील –01 अवैध शराब बिक्री, जुआ सट्टा, गांजा बिक्री , नसीली दवाई जैसे अवैध गतिविधियों मे संलिप्त न रहें ।02 अवैध गतिविधियों मे संलिप्त पाये जाने पर होगी सक्त कार्यवाही, जाना पड सकता है जेल ।

नगरनार प्लांट में हॉट कॉइल उत्पादन का कीर्तिमान

0

एक दिन में 455 हॉट कॉइल का प्रोडक्शन

जगदलपुर एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट ने हॉट कॉइल उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्लांट ने 3 नवंबर को महज 24 घंटे में 455 हॉट रोल्ड कॉइल्स का उत्पादन कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले इसी महीने के पहले दिन प्लांट ने 440 एचआर कॉइल्स का उत्पादन किया था। यह एनएसएल की हॉट स्ट्रिप मिल की तकनीकी उत्कृष्टता और एनएमडीसी स्टील बिरादरी की तकनीकी दक्षता का परिचायक है।. स्टील प्लांट सूत्रों के अनुसार एनएमडीसी नगरनार स्टील प्लांट ने 2025-26 में 23,24,902 टन का उत्पादन किया है। यह बीते वर्ष के उत्पादन 14, 38,646 टन के मुकाबले 63 प्रतिशत अधिक है।

MOST POPULAR

HOT NEWS