City Media - Page 404 of 1853 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 404

जप्पेमरका गांव के दो निरीह ग्रामीणों को सरेआम फांसी पर लटका दिया नक्सलियों ने

0
  •  पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाकर दी सजा
  • छात्रावास से बुलवाकर एक मासूम छात्र को घंटों बनाए रखा बंधक 

अर्जुन झा

जगदलपुर नक्सली जिसे चाहते हैं, दोषी ठहरा देते हैं और सजा भी तुरंत दे देते हैं। सामने वाले को अपने बचाव में पैरवी का मौका भी नहीं दिया जाता। ऐसे ही तालिबानी अंदाज में दो निरीह ग्रामीणों को नक्सलियों ने सरेआम फांसी पर लटका दिया। नक्सलियों ने इन ग्रामीणों को पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए ऎसी क्रूर सजा दी है।

मामला बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के सुदूर एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरदापाल के आश्रित गांव जप्पेमरका का है। जप्पेमरका के जंगल में मंगलवार और बुधवार को दो दिनों तक नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने जन अदालत लगाकर दो ग्रामीणों को मौत की सजा सुनाई और उन्हें फांसी पर लटका दिया। दोनों ग्रामीण जप्पेमरका के रहने वाले थे। उन पर नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार इसी गांव के 13 वर्षीय छात्र पोडियम हिड़मा जो मिरतुर छात्रावास में रहकर 7 वीं कक्षा में पढ़ता है, उसे पालक के माध्यम से छात्रावास से गांव बुलाया गया। छात्र को गांव से जन अदालत वाली जगह पर ले गए। जन अदालत में नक्सालियों ने छात्र से घंटों बंधक बनाए रखा और उससे लंबी पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ने का फरमान जारी हुआ। सूत्रों ने बताया कि जप्पेमरका में जिन दो ग्रामीणों को नक्सलियों ने फांसी पर लटकाया उनके नाम मांडवी सुजा व पोडियामी कोसा बताए जा रहे हैं। इन दोनों ग्रामीणों के शव के पास नक्सली पर्चे भी पड़े मिले हैं। दोनों ग्रामीण गांव में खेती किसानी का काम करते थे। जप्पेमरका के दो ग्रामीणों की मौत के बारे में पुलिस को कोई सूचना परिजनों द्वारा नहीं दी गई है। मिरतुर छात्रावास के अधीक्षक ने बताया कि बुधवार को छात्र का पालक गांव में दुख होने की बात कहकर छात्र साथ ले गए थे।छात्र अभी तक वापस नहीं लौटा है। मेरे द्वारा पालक से जानकारी ली जा रही है। जप्पेमरका में हुई घटना के संबंध भैरमगढ़ के एसडीओपी तारेश साहू ने बताया कि ऐसी सूचना मिली है, पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही है। मिरतुर और बेचापाल से फोर्स रवाना कराई गई है। विस्तृत जानकारी मिलने पर दी जायेगी।

सुरक्षा जवानों की जान से खिलवाड़ कर रहा है लोक निर्माण विभाग, बनाई बेहद घटिया सड़क

0
  •  पहली बारिश में ही ध्वस्त हो गई करोड़ों की सड़क नई
  • नवेली कटेकल्याण- दरभा सड़क दरक गई 

-अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर जैसे अति संवेदनशील इलाके में लोक निर्माण विभाग पुलिस और सुरक्षा बलों की जान से सरेआम खिलवाड़ कर रहा है। बस्तर जहां कदम कदम पर लैंड माइन बिछी रहती है, वहां यह विभाग निहायत ही हल्के दर्जे की सड़क बनवाकर हमारे सुरक्षा जवानों की जान को दांव पर लगा रहा है। इसका एक उदाहरण हालिया बनाई गई दरभा -कटेकल्याण सड़क है, जो अपने निर्माण के बाद पहली बारिश भी नहीं झेल पाई और ध्वस्त हो गई। मामदपाल के पास सड़क धसकी है। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि धुर नक्सल प्रभावित इलाकों में सरकारी निर्माण कार्यों में किस कदर अनियमितता और लापरवाही बरती जाती है। हालांकि विभाग के अधिकारी दलील दे रहे हैं कि इस सड़क के रख रखाव की जिम्मेदारी अभी ठेकेदार पर ही है और ठेकेदार को मरम्मत के लिए कहा गया है। वहीं दूसरी ओर सड़क का इस तरह दरक जाना इसलिए भी चिंता का विषय है कि हमारे सुरक्षा जवान इन्हीं अंदरूनी सड़कों से होकर नक्सलियों से दो दो हाथ करने जाते हैं। ऐसे में उनके साथ कोई हादसा हो जाए, तो जिम्मेदार कौन होगा?

कई करोड़ रुपए खर्च करने के बाद ऐसा घटिया निर्माण कराया गया है कि सड़क बरसात की भी मार नहीं झेल पाई। यह सड़क लोक निर्माण विभाग जगदलपुर बस्तर के डिवीजन-2 के अंतर्गत आती है। इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के एसडीओ तोमर और सब इंजीनियर मेश्राम की देखरेख में बचेली के फर्म पीएसए कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया गया है। सड़क निर्माण में बरती गई अनियमितता का ही नतीजा है कि मादमपाल के पास सड़क का एक बड़ा भाग ध्वस्त होकर धरती में समा गया है। इस जगह पर पुलिया भी बनाया गया है, जिसमें सीमेंट के पाईप डाले गए हैं। सड़क उखड़ने से सभी पाईप बाहर आ गए हैं। पुलिया बनाने के दौरान मिट्टी, गिट्टी और मुरुम का भराव नहीं किया गया और उसे ढंग से दबाया भी नहीं गया था। इसके कारण सड़क किनारे की मिट्टी का कटाव बारिश में हो गया और सड़क के एक किनारे का चौथाई भाग ध्वस्त हो गया। यह सड़क बस्तर जिले के अति संवेदनशील दरभा ब्लॉक व कटे कल्याण को धुर नक्सल प्रभावित जंगलों से होती हुए दंतेवाड़ा जिले से जोड़ती है। दंतेवाड़ा जिला भी नक्सली गतिविधियों के मामले में अति संवेदनशील है। सड़क के आसपास के गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग बस्तर के अधिकारियों ने सड़क निर्माण में जमकर अनियमितता बरती है। पूरी सड़क पर गिट्टी मुरुम, बोल्डर आदि का समुचित भराव किए बिना एवं उन्हें सही ढंग से दबाए बिना पक्की सड़क बनाई गई है। इसीलिए सड़क तेजी से खराब हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस और विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों से भरे वाहन नक्सल विरोधी अभियान के लिए इस सड़क से गुजरकर जंगलों में जाते हैं। ऐसे में अगर उनके वाहनों के साथ कोई हादसा हो गया, तो लोक निर्माण विभाग को ही इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा।

सुरक्षा जवानों की फिक्र नहीं

विदित हो कि यह महत्वपूर्ण सड़क दराभा होकर कटेकल्याण से दंतेवाड़ा जाती है जो धुर नक्सल प्रभावित इलाका है। आएदिन इस इलाके में नक्सली वारदातें होती रहती हैं। पुलिस, सीआरपीएफ, बस्तर फाइटर, डीआरजी, कोबरा बटालियन, एसएसबी आदि सुरक्षा बलों के जवानों के वाहन इसी मार्ग से होकर जंगलों में घुसते हैं और नक्सलियों से मुकाबला करते हैं। इस इलाके में लैंड माइन विस्फोटों से बचने के लिए ही सरकार ने पक्की सड़कें बनवाने का कार्य शुरू कराया है। ऐसे में अगर यही सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती हैं, तो हमारे जवानों की जान दांव पर लगेगी ही।

वर्सन

जल्द होगी मरम्मत

सड़क का निर्माण पीएसए कंस्ट्रक्सन बचेली ने किया है। ठेका एजेंसी पत्र लिखकर मेंटेनेंस करने कहा गया है। हमारे डिवीजन के एसडीओ श्री तोमर ने भी ठेका कंपनी से चर्चा कर जल्द मरम्मत कराने को कहा है। सड़क जल्द ही दुरुस्त कर दी जाएगी।

श्री मेश्राम,

सब इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी

 

सदस्यता अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता में लेकर कार्य करें कार्यकर्ता: रजनीश सिंह

0
  • मां दंतेश्वरी शक्ति केंद्र के लोगों व कार्यकर्ताओं से मिले बस्तर संभाग प्रभारी
  •  हर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय कार्य करें : सिंह

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी अपने सदस्यता अभियान को लेकर बेहद गंभीरता से कार्य कर रही है। भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह ने बुधवार को संभाग मुख्यालय जगदलपुर के मां दंतेश्वरी शक्ति केंद्र में स्थानीय निवासियों से भेंटकर उन्हें भाजपा का सदस्य बनाया।

भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र के निर्माण के लिए कार्य करती है। देश के वैभव को शिखर तक पहुंचाने अधिक से अधिक लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। मां दंतेश्वरी शक्ति केंद्र में बूथ स्तर पर भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह ने शक्ति केंद्र प्रभारी मनोहर दत्त तिवारी, सहयोगी प्रकाश झा, संयोजक राजपाल कसेर, सह प्रभारी दशरथ गुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात व चर्चा की और सदस्यता अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता में लेकर निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने कहा। प्रभारी रजनीश सिंह ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पचास सदस्य बनाने हैं और एक-एक बूथ में दो सौ सदस्य बनाना है। हर कार्यकर्ता, पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बूथ स्तर तक पहुंच कर सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाना है। भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के बीच जाएं, घर-घर पहुंच कर संवाद स्थापित करें और भाजपा की सदस्यता ज्यादा से ज्यादा लोगों को ग्रहण करवाएं। भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह ने कहा कि भाजपा का बल कार्यकर्ता हैं और संगठन को मज़बूती देने नए सदस्य बनाने कर्मठता से पूरी शक्ति लगाएं। रजनीश सिंह ने बूथ स्तर पर निवासरत लोगों से सदस्य बनने आग्रह किया और राष्ट्र की सतत सेवा में भाजपा से जुड़कर आगे आने कहा। भाजपा बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह के शक्ति केंद्र सदस्यता कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, वेदप्रकाश पांडेय, सुरेश गुप्ता, राकेश तिवारी, आर्येन्द्र आर्य, संग्राम सिंह राणा, अतुल सिम्हा, प्रकाश झा, संतोष बाजपेयी, योगेश शुक्ला, रजिता पाणिग्रही, जगत चौहान, माधवी मंडल, प्रीतम बघेल, कमल दास, रतन नाग, अखिलेश शुक्ला, शांति कश्यप, लक्ष्मी कश्यप, तुलसी कश्यप, लक्ष्मी कर्मा, सुलोचना मंडावी, मनीमा सागर, पार्वती सागर आदि उपस्थित थे।

भाजपा सरकार में जनता को लूटने की खुली छूट, सीमेंट की दर में 50 रु. प्रति बोरी वृद्धि गलत: सुशील मौर्य

0
  •  प्रेसवार्ता में साय सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता मौर्य 

जगदलपुर राजीव भवन में शहर कांग्रेस द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार राज्य की भोली भाली आमजनता को लुट रही है। सीमेंट के दामों में 50 रुपए प्रति बोरी की वृद्धि से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार में जनता को लूटने की खुली छूट है। विष्णुभोग के लिए 50 रुपया प्रति बोरा सीमेंट पर अतिरिक्त दाम वसूला जा रहा है। सीमेंट का दाम अचानक 200 से बढ़ाकर 310 रूपए प्रति बोरी कर दिया गया है।

सुशील मौर्य ने कहा कि सीमेंट की कीमत में अचानक 25 प्रतिशत की भारी भरकम वृद्धि भाजपा सरकार की कमीशनखोरी और गुनाफाखोरी का प्रमाण है। सीमेंट उत्पादन के लिए तमाम कच्चा माल, लाइम स्टोन हमारा, कोयला हमारा, जमीन हमारी, बिजली हमारी और हमें ही महंगे दामों पर सीमेंट खरीदने के लिए मजबूर कर रही है भाजपा सरकार। छत्तीसगढ़ सीमेंट का सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है, यहां हर माह लगभग 30 लाख टन से अधिक सीमेंट का उत्पादन होता है, पहले केंद्र की मोदी सरकार ने सीमेंट पर 28 प्रतिशत का भारी भरकम जीएसटी लगाया और अब साय सरकार के सरंक्षण में कीमतों में अचानक बढ़ोत्तरी जनता के साथ अन्याय है। हर सर को छत दिलाने का वादा करके सरकार में आई भारतीय जनता पार्टी के शासन में भवन निर्माण की सामग्रियों के दामों में लगातार बेतहाशा वृद्धि हो रही है। रेत के दाम पिछले 9 महीने में चार गुना बढ़ गए, स्टील की कीमतें दुगनी हो गई है और अब सीमेंट के दाम में 50 रूपए प्रति बोरी की वृद्धि से गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों के अपने घर के सपनों पर करनी चोट है। पीएम आवास योजना पर भी विपरीत अररर पड़ेगा। श्री मौर्य ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्माण में सीमेंट एक अहम घटक है, सीमेंट के दाम में वृद्धि से न केवल निजी बल्कि सरकारी प्रोजेक्ट में भी निर्माण लागत बढ़ जाएगी। पुल पुलिया, बांध, सीसी रोड, भवन निर्माण कार्य प्रभावित होंगे, रियल एस्टेट सेक्टर में भी नकारात्मक प्रभाव निश्चित है।रोजगार पैदा करने में कृषि के बाद रियल इस्टेट दूसरा सबसे बड़ा सेक्टर है। सीमेंट की कीमत में अचानक वृद्धि से रियल एस्टेट व्यवसाय की कमर टूट जाएगी, लाखों की संख्या में लोग बेरोजगार हो जाएंगे। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार के समय सीमेंट, स्टील, रेत के दाम नियंत्रित थे। अब भाजपा सरकार के अनुचित सरक्षण में सीमेंट कंपनियां निरंकुश हो चुकी हैं।जनता को लुटने का कोई अवसर डबल इंजन की सरकार नहीं छोड़ रही है। क्रूड ऑयल इंटरनेशनल मार्केट में आज 2014 की तुलना में लगभग आधा है, फिर भी डीजल और पेट्रोल के दाम दुगुना वसूला जा रहा है। भूखंडों के रजिस्ट्री में 30 प्रतिशत की छूट प्रदेश की भाजपा सरकार ने खत्म कर दी है। बिजली का बिल दुगुना आने लगा है और अब सीमेंट की कीमते बढ़ाकर चारों तरफ से महंगाई की मार जनता पर पड़ रही है। श्री मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह मांग करती है कि सीमेंट पर 50 रूपए प्रति बोरी की भारी भरकम मूल्य वृद्धि वापस ली जाए, और सीमेंट को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कमोडिटी की तय सूची में शामिल किया जाए। प्रेसवार्ता में नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स, वेंकट राव, रविशंकर तिवारी, पार्षद विक्रम सिंह डांगी, महामंत्री ज़ाहिद हुसैन, निकेत झा, कोषाध्यक्ष असीम सुता, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ग्रामीण नीलम कश्यप सहित अन्य मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री आवास के नाम पर महिला ने 27 लोगों से ऐंठे 4 लाख रुपए, रेखचंद जैन की पहल पर एफआईआर

0
  •  पूर्व विधायक रेखचंद जैन के नेतृत्व में एएसपी से मिले बकावंड के पीड़ित 
  • एडिशनल एसपी ने दिए थाना प्रभारी को एफआईआर लांच करने के निर्देश 

अर्जुन झा

बकावंड प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के नाम पर ग्रामीणों से ठगी का बड़ा मामला बकावंड विकासखंड में सामने आया है। एक महिला पर 27 ग्रामीणों से करीब चार लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगा है। जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन की पहल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने आरोपी महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश परपा थाना प्रभारी को दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बकावंड जनपद पंचायत की ग्राम सरगीपाल की महिला संजीता नाग पति राजू नाग ने गांव के गुरू घासीदास वार्ड के 27 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना में घर दिलवाने का प्रलोभन देकर उनसे कुल 3 हजार 96 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं। ग्रामीणों को जब योजना का लाभ नहीं मिला, तो उन्होंने संगीता नाग से अपने रुपए वापस मांगे, लेकिन उसने रकम वापस नहीं की। पीड़ित ग्रामीणों ने सुन रखा था कि इस मामले में उन्हें जगदलपुर के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन इंसाफ दिला सकते हैं। वे रेखचंद जैन की सक्रियता और न्यायप्रियता के बारे में लंबे समय से सुनते आ रहे थे। इसके बाद बुधवार को सभी पीड़ित ने जगदलपुर जाकर पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन से उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने  जैन से आग्रह किया कि उन्हें या तो पैसे वापस दिलवा दें, अथवा मकान दिलवा दें। पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने उनकी बातों को धैर्य से सुना, एक एक बिंदु की जानकारी ली। उसके बाद  जैन सभी पीड़ित ग्रामीणों को लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे। एसपी की अनुपस्थिति में श्री जैन व पीड़ित ग्रामीणों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग से मुलाकात की। एएसपी  नाग को जैन व पीड़ितों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर सरगीपाल बकावंड निवासी महिला संजीता नाग पति राजू नाग द्वारा लगभग 3. 96 लाख रुपए की ठगी की गई है। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने परपा थाना प्रभारी को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन के साथ नगर निगम की सभापति कविता साहू, पार्षद विजय बढई, शहर जिला महामंत्री अफरोज खान एवं अमजद खान समेत बड़ी संख्या में पीड़ित तथा वार्डवासी उपस्थित थे।

कर ली अपनी राह आसान, औरों की राह के भी कांटे हटाए बैंक सखी दशोमती ने

0
  • 5 साल के भीतर किया 5 करोड़ का ट्रांजेक्शन
  • ग्रामीणों की मदद कर रही है गांव की ग्रेजुएट दशोमती

अर्जुन झा

लोहंडीगुड़ा बस्तर की बेटियां भी किसी मामले में कमतर नहीं हैं। वे स्वयं की राह तो आसान बनाती ही हैं, औरों की राह की भी बाधाएं दूर करने में पीछे नहीं रहतीं। ऎसी ही एक बेटी है दशोमती, जिसने पांच साल में पांच करोड़ रुपए का बैंक ट्रांजेक्शन कर नया अध्याय लिख दिया है। यशोमती घर बैठे ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ दिला रही है और स्वयं लगभग सात हजार रुपए मासिक आमदनी प्राप्त कर रही है।

लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के धुरागांव की रहने वाली दशोमती कश्यप 2017 में गायत्री महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी है। दशोमती का समूह से जुड़ने का उद्धेश्य छोटी-छोटी बचत को जोड़कर कुछ बड़ा करने का था। स्नातक की पढ़ाई कर चुकी दशोमती के पति पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जो हमेशा दशोमती का मनोबल बढ़ाते हैं और उनके हर निर्णय का साथ देते हैं। दशोमती ने बताया कि समूह के माध्यम से राष्ट्रीय आजीविका मिशन एवं बिहान के संपर्क में आने के बाद मुझे बीसी सखी योजना की जानकारी हुई। इससे मुझे लगा कि यह एक ऐसा कार्य है जिसमें मैं ग्रामीण एवं बुजुर्गों को बैंकिंग की सेवाएं देकर उन्हें सहयोग और सुविधा प्रदान कर सकती हूं। साथ ही अपनी भी कुछ अतिरिक्त आय कर प्राप्त सकती हूं। इसलिए जनवरी 2018 में वह छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की बीसी सखी बन गई। जिसमें उसे लोहंडीगुड़ा क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों उसरीबेड़ा, धुरागांव, छिंदगांव एवं कोड़ेबेड़ा में बीसी सखी की सेवाएं देने का दायित्व सौंपा गया। दशोमती बताती हैं कि उन्होंने बैंकिंग किस्योस्क के माध्यम से ग्रामीणों को खाता खोलने, पैसा जमा करने एवं निकासी, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा योजनाओं का लाभ पहुंचाया और विगत 5 वर्षों में वह 5 करोड़ रूपये से ज्यादा के लेनदेन कर चुकी हैं और करीब 20 हजार से ज्यादा ट्रांजेक्शन कर चुकी है। इससे लगभग 10 हजार मनरेगा श्रमिकों और 5 हजार से ज्यादा पेंशन हितग्राही लाभान्वित हुए हैं।

सीएससी का भी काम

दशोमती सीएससी का भी कार्य करती हैं। इसमें उन्होंने 2000 आयुष्मान कार्ड, 1000 ई-श्रम कार्ड, 30 पेन कार्ड इत्यादि बनाए हैं साथ ही बिजली बिल का भुगतान भी करती हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीएससी की टेली-लॉ सेवा ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचाकर करीब 5 हजार रूपये अतिरिक्त आमदनी अर्जित की है। वर्तमान में दशोमती अपने बैंक सखी के कार्यों से 4 हजार रुपये और सीएससी के कार्यों से 2 हजार रुपये प्रतिमाह कमाकर लगभग 6 से 7 हजार रुपये कमाती हैं। दशोमती कहती हैं कि बिहान की वजह से वह ग्रामीण लोगों को बैंकिंग की सेवाओं के साथ-साथ सीएससी की भी सेवाएं पंहुचा रही हैं।

मंत्री केदार कश्यप की पहल पर अतिवृष्टि प्रभावितों की मदद के कार्यों में आई तेजी

0
  •  वनमंत्री केदार कश्यप ने अफसरों को दिए थे राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
  • भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी की लोगों की मदद 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बरसात और नदी नालों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के वन मंत्री केदार कश्यप ने जो तत्परता दिखाई उसके चलते सैकड़ों लोगों को त्वरित राहत मिली है। मंत्री केदार कश्यप की पहल के बाद प्रशासनिक अमलों के साथ ही भाजपा के कार्यकर्ता भी राहत एवं बचाव कार्य में तेजी से जुट गए।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश के परिपालन में बस्तर संभाग के नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई है।गौरतलब है कि विगत दिनों नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में अति वर्षा के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के घरों में जलभराव तथा किसानों की फसल को नुकसान हुआ था। वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने इन तीनों जिले के कलेक्टरों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने जिला कलेक्टरों को सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को इस संबंध में निर्देश जारी कर समय पूर्व सभी तैयारियां पुख्ता कर लेने को कहा था। श्री कश्यप के निर्देश के बाद अधिकारी कर्मचारी प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए तत्परता से जुट गए थे। यही वजह रही कि बहुत कम समय में लोगों तक मदद पहुंच गई और उन्हें बड़ी आपदा से मुक्ति मिल गई।

कार्यकर्ताओं का माना आभार

अधिवक र्षा के कारण उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन के साथ कदम मिलाकर कार्य कर रहे भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं का वनमंत्री केदार कश्यप ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। अपने प्राणों की परवाह न करते हुए हमारे भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य किया है। बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और नारायणपुर जिलों में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लोगों की हरसंभव सहायता की है। यह उनके सेवाभाव को दर्शाता है।

शराब दुकान का सिक्योरिटी गार्ड ही करने लगा शराब तस्करी

0

जगदलपुर नगर की एक सरकारी शराब दुकान का सिक्योरिटी गार्ड शराब तस्करी के मामले में पकड़ा गया है। वह शराब तस्करी करते कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़ा है। मगर पुलिसिया कार्रवाई में यह जानकारी छुपाई गई है, जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

नगर के बस स्टैंड रोड़ स्थित शासकीय शराब की दुकान के बाहर निजी सुरक्षाकर्मी मोहन सिंह ठाकुर को बस स्टैंड की शराब दुकान से 24 नग गोवा स्पेशल व्हीस्की ले जाते पकड़ा गया है। जप्त शराब की कीमत 3120 रुपए है। उससे नगदी 260 रुपए भी जप्त किए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने शराब तस्कर को तो पकड़ लिया किंतु ईमानदारी से जांच नहीं की कि उसने शराब किस दुकान से खरीदी और उस शराब का बैच नंबर क्या है? शराब तस्करी करने वाला गांव का है लेकिन शराब दुकान के बाहर चौकीदारी करते -करते वह शराब तस्कर बन गया। ऐसा प्रतीत होता है कि शराब दुकान के कर्मचारियों की सांठगांठ कर वह शराब तस्कर बन गया है।

अब शहर में आवारगी नहीं कर पाएंगे स्ट्रीट डॉग्स, नगर निगम ने शुरू की आवारा कुत्तों की नसबंदी

0
  • जगदलपुर में बढ़ गई है आवारा कुत्तों की आबादी
  • श्वान नसबंदी पर खर्च होंगे लाखों रुपए, कहां है फंड? 

अर्जुन झा

जगदलपुर मेटिंग सीजन में जगदलपुर शहर के स्ट्रीट डॉग्स आवारगी नहीं कर पाएंगे। जिस तरह देश में इमरजेंसी के दौरान लोगों को धर पकड़ कर उनकी जबरिया नसबंदी कराई जा रही थी, वैसा ही आपातकाल अब जगदलपुर के कुत्तों के लिए भी लागू हो गया है। ऐन मेटिंग सीजन में बेचारों की पकड़ पकड़ कर नसबंदी की जाने लगी है। उनके लिए यह इमरजेंसी नगर निगम प्रशासन ने लागू की है।

जगदलपुर में कुत्तों की आबादी में तेजी से इजाफा हुआ है। ज्यादातर कुत्ते मछली मटन और चिकन मार्केट में देखे जाते हैं। इसके अलावा मांसाहारी होटलों के आसपास भी बड़ी संख्या में कुत्ते मंडराते रहते हैं। आवारा कुत्ते हिंसक भी हो चले हैं। नगर में कुत्तों के हमलों और काटने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। आवारा कुत्ते बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा निशाना बनाते हैं। ये कुत्ते मवेशियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। रात के समय ये कुत्ते कुछ ज्यादा ही आक्रामक हो उठते हैं और साईकिल अथवा बाईक से जा रहे लोगों को काफी दूर तक दौड़ाते हैं। इस चक्कर में कई बार वाहन चालक गिरकर बुरी तरह जख्मी हो जाते हैं, हाथ पैर भी तुड़वा बैठते हैं। अब नगर पालिक निगम प्रशासन ने शहर के लोगों को आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने का बीड़ा उठाया है। नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों के बधियाकरण यानि नसबंदी और टीकाकरण के लिए 9 सितंबर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस कार्य के लिए भिलाई दुर्ग के संस्था एनिमल केयर सर्विस द्वारा कुत्तों को पकड़ कर उनका बधियाकरण एवं टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य की शुरुआत संजय बाजार क्षेत्र से की गई है। इस अभियान के तहत पूरे शहर के सभी वार्डो से आवारा कुत्तों पकड़ कर उनका बधियाकरण एवं टीकाकरण किया जाएगा इसके अतिरिक्त अगर किसी भी शहर वासी को आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायत हो तो नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में सम्पर्क कर सकते हैं।

प्रति कुत्ता 1 हजार का खर्च

कुत्तों की नसबंदी पर बड़ी रकम खर्च होती है। कुत्तों को पकड़ कर नसबंदी वाली जगह पर लाने, उनकी नसबंदी करने, फिर डाइट देने, एंटी रैबिज टीका लगाने, जब वह स्वस्थ महसूस करने लगे तब उसे छोड़ने आदि प्रक्रियाओं पर प्रति कुत्ता लगभग एक हजार रुपए का खर्च आता है। एक अनुमान के मुताबिक पूरे जगदलपुर में लगभग 3 हजार आवारा कुत्ते हैं। इस लिहाज इन सारे कुत्तों की नसबंदी पर तीस लाख रुपए खर्च होंगे। जिस शहर में नागरिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रकम के लाले पड़े हों, उस शहर में कुत्तों पर तीस लाख रुपए फूंकना मायने रखता है। वैसे जन स्वास्थ्य की दृष्टि से यह गलत नहीं है, क्योंकि कुत्ते का काटा पानी भी नहीं मांगता।

छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल, अपराधी हो गए हैं बेखौफ: मलकीत सिंह गैदू

0
  • गुंडाराज, रेत, सीमेंट में लूट के खिलाफ कांग्रेस करेगी 12 को धरना प्रदर्शन 

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के संरक्षण में छत्तीसगढ़ मेंगुंडाराज कायम होने, रेत की लूट मचने और सीमेंट दर में वृद्धि कर आम जनता से लूट करने का आरोप ल

गाते हुए 12 सितंबर को प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा है कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को गुंडाराज की आग में झोंक दिया है। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई हैं। यहां दुराचार, लूट, हत्याओं के मामले बेतहाशा बढ़ गए हैं। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बहन बेटियों की इज्जत लूटने वाले अपराधी तत्वों को भाजपा नेता खुलकर संरक्षण दे रहे हैं। श्री गैदू ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत माफिया छत्तीसगढ़ की नदियों को छलनी कर रहे हैं। मलकीत सिंह गैदू ने कहा है कि सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र से शबरी नदी से बड़े पैमाने रेत का खनन व भंडारण कर रेत की तस्करी तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में की जा रही है। रेत के काले खेल का भंडाफोड़ करने गए बस्तर के वरिष्ठ पत्रकारों को मोदी सरकार के सहयोगी दल की तेलंगाना सरकार की पुलिस झूठे मामले में फंसाकर जेल में डाल देती है। भाजपा की सदस्यता लेने से इंकार करने पर कॉलेज स्टूडेंट्स को मारा पीटा जाता है। इसका विरोध करने पर हमारे छात्र संगठन एनएसयूआई के युवा नेताओं से मारपीट की जाती है और भाजपा सरकार की पुलिस मार खाने वालों को ही गुनहगार साबित करने पर तुल जाती है। प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि पीड़ित छात्रों को इंसाफ दिलाने के लिए हमारे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जी को पांच घंटे तक थाने पर धरना देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह अराजकता का चरम है। मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि राज्य सरकार ने सीमेंट की प्रति बोरी दर 50 रुपए बढ़ाकर खुद का मकान बनाने की सोच रहे नागरिकों के सपनों को कुचल दिया है।  गैदू ने बताया कि इन सारे मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धरना प्रदर्शन की रुपरेखा तैयार की है। श्री बैज के निर्देशानुसार 11 सितंबर को सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष अपने जिलों के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों व वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद 12 सितंबर को सभी जिला मुख्यलयों में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं अनुशासन) मलकीत सिंह गैदू ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को सर्कलर जारी कर दिया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS