बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद एक बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (पिता- नूतन देशमुख) तथा ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू के रूप में हुई है।


वहीं घायलों में येसु देशमुख (19 वर्ष) पिता हिराराम देशमुख निवासी जगन्नाथपुर-सांकरा, नरेंद्र निषाद (31 वर्ष) पिता खेमचंद निषाद निवासी दल्लीराजहरा तथा पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष) पिता अशोक कुमार गोयल निवासी ग्राम सिकोसा, थाना गुंडरदेही शामिल हैं।बताया गया कि गेमन लाल देशमुख, अरुण साहू और येसु देशमुख एक बाइक से दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार पोषण कुमार गोयल और नरेंद्र निषाद बालोद से दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गेमन लाल और अरुण सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के कारण एक बाइक में आग लग गई और वह देखते ही देखते पूरी तरह जल गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।










