City Media - Page 13 of 1803 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 13

वन अपराध के प्रकरण पर निरंतर कार्यवाही जारी

0

वन मंडल बालोद द्वारा अवैध परिवहन, आरामील, वन्यप्राणी शिकार एवं वन्यप्राणी पक्षी विक्रय के प्रकरणों में हुई कार्यवाही बालोद, 28 जनवरी 2026वन मंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले में वन अपराध के प्रकरण पर निरंतर कार्यवाही जारी है। उन्होंने बताया कि वनमण्डल बालोद अंतर्गत दिनांक 28 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र डौण्डीलोहारा अंतर्गत प्राप्त शिकायत के आधार पर साहू सा मिल चिल्हाटीकला के परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक CG19-H-9654 में मिश्रित प्रजाति के कहुआ, हल्दू, मुण्ढी, महुआ, तेन्दू एवं अन्य प्रजाति के काष्ठ भरे हुये पाया गया। परिवहन संबंधित किसी भी प्रकार का वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किये जाने के कारण जप्ती की कार्यवाही कर वन अपराध दर्ज कर नियमानुसार कार्यवाही किया गया।

उन्होंने बताया कि आरामिल पर भी अवैध व्यापार, अवैध संग्रहण करने पर नियमानुसार कार्यवाही की गई और आरामील परिसर से औजार को जप्त किया गया हैं।श्री अग्रवाल ने बताया कि दिनांक 27 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र डौण्डी के वन अमला द्वारा आमाडुला से डौण्डी मुख्य मार्ग में (ग्राम चिहरों तहसील डौण्डी जिला बालोद बीट गस्ती के दौरान शाम 7.00 बजे टाटा माजदा 1109 H EX 2, वाहन क्र. CG07-AY- 2381 में वाहन चालक ओमप्रकाश ग्राम बोरगहन द्वारा मिश्रित जलाऊ खोड़ लगभग 04 चट्टा अवैध परिवहन बिना किसी वैद्य कागजात के पाया गया जिसे वन उपज अभिवहन अनुज्ञा 2001 के तहत जप्ती कर वन अपराध दर्ज कर नियमानुसार कार्यवाही किया गया। उन्होंने बताया कि दिनांक 26 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र अधिकारी दल्लीराजहरा को दूरभाष पर गुप्ता चौक दल्लीराजहरा में वन्यप्राणी तोता विक्रय करने की सूचना प्राप्त होने पर, तत्काल वन अमला दल्लीराजहरा द्वारा मौका स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कनेश्वरी बाई वार्ड 21 एवं जमुना बाई वार्ड क्र. 04 दल्लीराजहरा द्वारा वन्यप्राणी तोता विक्रय करते पाया गया। मौके पर 09 नग तोता एवं 02 नग पिंजरा जप्त कर, वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर, नियमानुसार कार्यवाही किया गया। दिनांक 25 जनवरी 2026 को वन परिक्षेत्र लोहारा के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा गश्त के दौरान ग्राम उरेटा से सिरपुर मार्ग पर राजस्व क्षेत्र में शाम 4.46 बजे एक व्यक्ति द्वारा जंगली सुअर का मांस ले जाया जा रहा था, उसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसके थैला की जांच करने पर जंगली सुअर मांस एवं जंगली बिल्ली का मांस जप्त करने हुए वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। उपरोक्त प्रकरणों में नियमानुसार कार्यवाही करते हुये वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया हैं। जिसकी विवेचना जारी हैं।

वनांचल के ग्राम रजही में गूंजी श्रीराम की महिमा,पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर ने मानस प्रतियोगिता में की शिरकत

0

बालोद :- डौंडी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम रजही में मानसगान प्रतियोगिता का भक्तिमय वातावरण में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में में पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर शामिल हुए। ग्राम रजही में मानसगान प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र चंद्राकर पूर्व सदस्य जिला पंचायत बालोद, कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय बैस पूर्व जनपद सदस्य, गौतम राणा सरपंच रजही, कमलकांत साहू, पुष्पजीत बैस,देवल सिंह पटेल, संतोष जैन आदि शामिल हुए।भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मानस मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। समारोह को संबोधित करते हुए पुष्पेंद्र चंद्राकर भावुक नजर आए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा, “इस वनांचल क्षेत्र की माटी से मेरा गहरा नाता है।

मेरा बचपन इसी क्षेत्र के गांव गलियों में बीता है। आज यहाँ आकर मुझे जो आत्मीयता और अपनापन मिल रहा है, वह अनमोल है। ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपने परिवार के बीच वापस लौट आया हूँ। धार्मिक आयोजन के मंच से उन्होंने प्रभु श्री राम की महिमा का बखान किया। इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी बखान किया। विशेष रूप से विकसित भारत के संकल्प और राम राज्य की संकल्पना को जोड़ते हुए कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। भगवान श्री राम का जीवन अंत्योदय और सुशासन का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रामराज्य में हर नागरिक सुखी था, उसी संकल्पना को साकार करने के लिए वीबी जी राम जी योजना को धरातल पर उतारा गया है। यह योजना मात्र एक सरकारी पहल पर सेवा का एक अनुष्ठान है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज भौतिक विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजा जा रहा है। वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार को उन्होंने सरकार की प्राथमिकता बताया। प्रतियोगिता में दूर-दराज से आई मानस मंडलियों ने रामायण के प्रसंगों की मधुर व्याख्या की। पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी भावी पीढ़ी को संस्कारों और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों की सीख मिलती है। इस दौरान कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मानस समिति के सदस्यों और भारी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पुष्पेंद्र चंद्राकर के आगमन पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में समरसता और धार्मिक चेतना का विस्तार होता है।

डिप्टी कलेक्टर द्वारा न्योता भोज का आयोजन

0

कल दिनांक 28.01.2026 को माननीय डिप्टी कलेक्टर बालोद श्रीमती प्राची ठाकुर द्वारा अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला चिखलाकसा एवं कन्या प्राथमिक शाला चिखलाकसा संकुल केंद्र चिखलाकसा, विकास खण्ड डौंडी, जिला बालोद में न्योता भोज का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर महोदया द्वारा बच्चो के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया गया। सर्वप्रथम डिप्टी कलेक्टर महोदया द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ततपश्चात श्रीमती प्राची ठाकुर डिप्टी कलेक्टर महोदया का स्वागत संकुल प्राचार्य पी.के.नायक द्वारा किया गया।

प्राची ठाकुर मैडम द्वारा बच्चो के साथ गतिविधि कर अपने जन्मदिन को यादगार बनाया गया। संस्था के कुल 123 बच्चो के साथ बैठकर डिप्टी कलेक्टर मैडम द्वारा भोजन ग्रहण किया गया। भोजन में खीर,पूड़ी, बड़ा, दाल,सब्जी, टमाटर चटनी, चावल, पापड़, सलाद एवं केक का आंनद सभी बच्चों ने लिया। मैडम द्वारा बच्चो को परीक्षा में अच्छे परिणाम लाने हेतु प्रेरित किया गया। उक्त कार्यक्रम में मंच संचालन वेद प्रकाश यदु संकुल समन्वयक कुंआगोंदी एवं सुरेंद्र कुमार संकुल समन्वयक चिखलाकसा द्वारा किया गया कार्यक्रम के सफल संचालन में हेमन्त गुप्ता, श्रीमती नीलिमा दत्ता, घसूराम सोरी, महेश बंसोड़े, सीमांचल मुनि, राजेश कुमार भेड़िया, श्रीमती विजयलक्ष्मी सोनी, श्रीमती जे. चन्द्रप्रभा बढ़ाई का विशेष सहयोग रहा।

चार नए लेबर कोड के विरोध में 12 फरवरी को राष्ट्रीय हड़ताल, सीटू ने दिया नोटिस

0

केंद्र सरकार द्वारा पुराने श्रम कानूनों को समाप्त करते हुए चार नए लेबर कोड लागू किए हैं । जो देश की ट्रेड यूनियनों को मंजूर नहीं है। इसलिए इन चारों लेबर कोड को रद्द करने की मांग को लेकर 12 फरवरी को देश की 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं फेडरेशनों ने 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है । इसी आह्वान के परिपेक्ष में स्थानीय हिंदुस्तान स्टील इंप्लाइज यूनियन सीटू राजहरा ने भी आज मुख्य महाप्रबंधक आईओसी राजहरा को संबोधित एक हड़ताल नोटिस प्रबंधन को सौंपा है। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए लेबर कोड को रद्द करने की मांग को लेकर लौह अयस्क खान समूह राजहरा के नियमित एवं ठेका कर्मचारी भी 12 फरवरी को हड़ताल में रहेंगे। उल्लेखनीय है कि देश के उद्योगपतियों के इशारे पर केन्द्र सरकार ने मजदूर वर्ग के हितों की रक्षा करने वाले 29 व्यापक श्रम कानूनों को समाप्त करके चार नये लेबर कोड बना दिये हैं। नये लेबर कानूनों में मजदूरों के अधिकारों को कम करते हुए उद्योगपतियों को मजदूरों के शोषण की खुली छूट दे दी गई है। ये नये कानून लागू होने के बाद देश के उद्योगों में स्थायी नौकरियों का युग समाप्त हो जायेगा। क्योंकि नये कानून में फिक्स टर्म रोजगार को कानूनी मान्यता दे दी गई है। इसी तरह काम के घंटे को बढ़ाकर 10 घंटे काम लेने की छूट दे दी गई है। महिलाओं को रात्रि पाली में काम में लगाने की भी छूट दी गई है जिससे महिला मजदूरों का जीवन असुरक्षित हो जाएगा । कारखाना मालिक एवं उद्योग प्रबंधन की शिकायतों और उनकी जांच के तंत्र को नए कानून में बेहद कमजोर कर दिया गया है जिससे शोषण और अराजकता को बढ़ावा मिलेगा। इसी तरह उद्योगों में प्रधान नियोक्ता की जिम्मेदारियां को भी कमतर किया गया है, जिससे ठेका मजदूर के वेतन भत्ते की जिम्मेदारी से प्रधान नियोक्ता मुक्त हो जाएगा और कई ठेका कर्मी वेतन भत्तों के लिए कानूनी प्रक्रिया में उलझकर रह जाएंगे । जिन उद्योगों या संस्थानों मे 300 से कम कर्मचारी कार्यरत हैं वहां पर बिना अनुमति छटनी व तालाबंदी की जा सकेगी। देश का 70% मजदूर वर्ग ऐसे ही उद्योगों व संस्थानों में कार्यरत है । देश के मजदूर वर्ग के शोषण को आसान बनाने के लिए, इन नए कानूनों में ट्रेड यूनियन बनाने की प्रक्रिया को अत्यधिक जटिल कर दिया गया है। हड़ताल के अधिकार को बेहद कठिन, लगभग समाप्त सा कर दिया गया है। इस तरह केंद्र की सरकार ने चार नए लेबर कोड में मजदूरों के हितों पर कुठाराघात करते हुए उद्योगपतियों को मजदूरों का पसीना लूटने की खुली छूट दे दी है। जिससे आगे चलकर नौकरी पेशा वर्ग गुलामी की जिंदगी जीने पर मजबूर हो जाएगा । सरकार द्वारा इन कानूनों को संसद में पारित करते समय चर्चा तक नहीं कराई गई, जिससे स्पष्ट है कि सरकार के इरादे साफ नहीं थे। कानून बनने के बाद से लगातार मजदूर वर्ग के व्यापक विरोध के कारण 4 सालों तक इन कानूनों को अधिसूचित नहीं किया जा सका था। पिछले 9 जुलाई 2025 को भी देश के मजदूरों ने इन कानूनों के विरोध में एक बड़ी राष्ट्रव्यापी हड़ताल की थी । इसके बाद ऐसा लग रहा था कि सरकार इन कानूनों से मजदूर विरोधी प्रावधानों को जरूर हटायेगी । लेकिन ऐसा नहीं हुआ ।बिहार चुनाव के बाद केंद्र सरकार ने आनन-फानन में बिना किसी तैयारी के 21 नवंबर 2025 को देश में इन कानूनों को अधिसूचित कर दिया । जिसका देश की ट्रेड यूनियने विरोध कर रही हैं, और इसी विरोध कार्रवाई के तहत देश की राष्ट्रीय ट्रेड यनियन इंटक,एटक, सीटू, एचएमएस, एक्टू,सहित 10 केंद्रीय यूनियनों एवं स्वतंत्र फेडरेशनों ने सरकार के इस कदम के विरोध में 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है और सरकार से मांग की है कि, मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड को रद्द किया जाए।

गोविंदा के जयकारों से गूंजा जगदलपुर

0

निकली भगवान बालाजी की भव्य शोभायात्रा

जगदलपुर नगर के बालाजी मंदिर के 25वें वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन भगवान वेंकटेश्वर स्वामीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में काष्ठ निर्मित रथ पर भगवान बालाजी, माता आंडाल एवं माता पद्मावती की उत्सव मूर्तियों को रथारूढ़ कर हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों ने नगर भ्रमण किया।

शोभायात्रा में महिलाएं मिट्टी और पीतल के कलश लेकर चल रही थीं। शोभायात्रा बालाजी मंदिर से निकल कर मां दंतेश्वरी मंदिर, मेनरोड, स्टेट बैंक चौक, चांदनी चौक, संजय बाजार से होकर वापस बालाजी मंदिर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक शोभायात्रा का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में गुप्ता परिवार, मिथिला समाज, कांग्रेस कमेटी, बस्तर परिवहन संघ, अग्रसेन समाज, संजय बाजार लघु व्यापारी संघ, रोटरी क्लब, गुजराती समाज, मोतीवाला परिवार, चंदन एवं बंधन दास परिवार शामिल रहे। शोभायात्रा के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी और महापौर संजय पांडे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

साहित्य की जीवन धारा होती है वाचिक परम्परा — रुद्र नारायण पाणिग्रही

0

जगदलपुर/ राज्य साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन राजधानी रायपुर में ” आदि से अनादि ‘ के प्रेरक वाक्य के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस साहित्य महोत्सव में मातृभूमि के प्रति समर्पण की गूंज राष्ट्र की वाणी के रूप में सुनाई दी। आयोजन में बस्तर की लोक लय और उत्साहपूर्ण अभिव्यक्ति ने विशेष पहचान बनाई।परिचर्चा सत्र में प्रसिद्ध साहित्यकार *रुद्र नारायण* *पाणिग्रही* ने “वाचिक परम्परा में साहित्य ” जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सत्र संचालन करते हुए बस्तर अंचल की समृद्ध ग्राम्य वाचिक परम्परा के विविध उपादानों पर प्रकाश डाला।उन्होंने लोकगीतों, लोककथाओं तथा लोकाख्यानों की संरचना,संवेदना और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये परंपराएं पीढ़ी दर पीढ़ी जनमानस को दिशा देती आ रही हैं। सहभागी साहित्यकारों शिवकुमार पांडेय, डॉ जयमती , सुधीर पाठक, डॉ महेंद्र मिश्र ने आज के दौर में वाचिक परम्परा को संजोए रखना आवश्यक बताया जिससे सांस्कृतिक पहचान जीवंत बनी रहे।

पल्लीभाटा के माघ मड़ई मेले में उमड़ी भारी भीड़

0

श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ भव्य आयोजन

जगदलपुर बस्तर अंचल की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान मानी जाने वाली मड़ई परंपरा के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला माघ मड़ई मेला इस वर्ष भी बस्तर विकासखंड के पल्लीभाटा गांव में परंपरागत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मड़ई मेले में भारी भीड़ रही। बस्तर में मड़ई ग्रामीण आदिवासी अंचल का एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं धार्मिक मेला है, जिसका आयोजन मुख्य रूप से फसल कटाई के बाद दिसंबर से मार्च के बीच किया जाता है। इस दौरान पारंपरिक ढोल–मोहरी की धुन, आदिवासी नृत्य करसार, देवी-देवताओं की परिक्रमा तथा नए चावल का भोग नुआखाई की परंपरा निभाई जाती है।

माघ मड़ई मेला के अवसर पर गांव की प्रमुख आराध्य देवी दुलारदई माता के मंदिर प्रांगण में क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवताओं का आगमन हुआ। परंपरा के अनुसार ढोल-मोहरी की अनंत नाद के बीच देवी-देवताओं ने मंदिर परिसर की परिक्रमा की। गांव के पुजारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की गई। ग्राम के पटेल, माझी, कोटवार, सरपंच एवं पंचगणों की उपस्थिति में माघ मड़ई मेला का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेला के दौरान महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों ने देवी देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।मेला का समापन बड़े ही उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। रात्रिकालीन कार्यक्रम के अंतर्गत उड़िया नाटक का आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों, महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने मेले का भरपूर आनंद लिया। पल्लीभाटा का माघ मड़ई मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक सामाजिक जीवन का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

दल्ली राजहरा में आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची घायल, सामाजिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

0

दल्लीराजहरा।नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर इसका शिकार मासूम बच्चे बने हैं। वार्ड नंबर 10 में आवारा कुत्तों ने बच्चों पर हमला कर दिया, जिसमें एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह घटना नगर की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था और पशु नियंत्रण प्रणाली की विफलता को उजागर करती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचानक हुए हमले में बच्चों के कान एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान आए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए चिखलाकसा स्थित शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर निधि राम द्वारा उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घाव गंभीर थे, हालांकि समय पर इलाज मिलने से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर वे लंबे समय से शिकायत करते आ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गली-मोहल्लों, स्कूल जाने वाले रास्तों और बाजार क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आते हैं, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है।नागरिकों का आरोप है कि शासन द्वारा पशु कल्याण और नियंत्रण के लिए योजनाएं, नसबंदी और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका प्रभाव नजर नहीं आता। अधिकांश कार्य केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित रह गए हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवालइस घटना के बाद पशु चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगरवासियों का आरोप है कि शासन द्वारा नि:शुल्क पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के बावजूद विभागीय स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है।लोगों का कहना है कि पालतू कुत्तों के टीकाकरण के नाम पर भी कई बार पैसे की मांग की जाती है। दवा, जांच और अन्य सुविधाओं के लिए अनौपचारिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। नागरिकों का तर्क है कि जब पालतू पशुओं की देखरेख की स्थिति ऐसी है, तो आवारा कुत्तों के नियंत्रण की हालत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की तत्काल धरपकड़, नसबंदी और टीकाकरण की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बच्चों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

पहाड़ी पर मिले नक्सल विस्फोटक

0

जगदलपुर सुरक्षा बलों ने बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के जंगली पहाड़ी में माओवादी विस्फोटक आईईडी की बरामदगी की है। बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन के मार्गदर्शन में लगातार नक्सल गश्त व सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीआरपीएफ के पोलसेंट सीजी सेक्टर से थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के वन क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा आईईडी प्लांट ए जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।

सूचना के आधार पर थाना बारसूर के ग्राम गुफा के समीप वन क्षेत्र में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक डंप चिन्हित किया गया। 27 जनवरी को ऑपरेशन के दौरान प्रातः 6 बजे से ग्राम गुफा एवं उसके आसपास के वन क्षेत्र में डी-माइनिंग कार्रवाई की गई। सहायक कमांडेंट हिमांशु के नेतृत्व में यंग प्लाटून, 195 बटालियन एवं बम डिस्पोजल टीम और सिविल पुलिस थाना बारसूर ने ऑपरेशन शुरू किया। अभियान का समग्र नेतृत्व 195 बटालियन के कमांडेंट अनिल कुमार सिंह ने किया। मौके पर सघन तलाशी के दौरान 1 डायरेक्शनल पाइप बम एवं पांच किलो वजनी डेटोनेटर, पांच किलो वजन का एक प्रेशर कुकर आईईडी और 15 मीटर वायर बरामद किए गए।इन विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर सुरक्षा बलों एवं आम नागरिकों को होने वाली संभावित क्षति को टाल दिया गया। यह सफल कार्रवाई आसूचना एजेंसियों, सीआरपीएफ इकाइयों एवं स्थानीय पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय को दर्शाती है तथा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

आयोजन प्रमुखता बीएसपी मंगल भवन में 28 जनवरी को लर्निंग लाइसेंस शिविर, युवाओं से भाग लेने की अपील

0

दल्लीराजहरा। आम जनता की सुविधा और यातायात नियमों के प्रति जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से लौह नगरी दल्लीराजहरा में 28 जनवरी को सुबह 11 बजे से बीएसपी मंगल भवन में एक दिवसीय ड्राइविंग लर्निंग लायसेंस शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया है।शिविर में आने वाले आवेदकों को अपने साथ मूल दस्तावेज और उनकी छायाप्रति (फोटोकॉपी) लाना आवश्यक है। जिसमे प्रमुख रुप से आधार कार्ड (पहचान और पते के प्रमाण हेतु) 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची (जन्म तिथि के प्रमाण हेतु) एक पासपोर्ट साइज नवीनतम फोटो, निर्धारित शुल्कः शासन द्वारा तय किया गया ऑनलाइन आवेदन शुल्क होगा । छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ , जिला यातायात पुलिस बालोद एवम परिवहन विभाग ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे इस शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपना लर्निंग लाइसेंस बनवाये। बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाना न केवल कानूनी रूप से अपराध है, बल्कि यह असुरक्षित भी है। यह शिविर एक पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया के माध्यम से आम जन को राहत देने का एक सार्थक प्रयास है।

MOST POPULAR

HOT NEWS