City Media - Page 457 of 1854 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 457

पीसीसी चीफ दीपक बैज पहुंचे बड़े धराऊर मंगल मुरिया को दी श्रदांजलि

0
  • रायपुर में कर दी गई थी मंगल मुरिया की हत्या
  • शोक संतप्त परिजनों से मिलकर कर बंधाया ढांढस

लोहंडीगुड़ा आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद बस्तर दीपक बैज ने लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के बड़े धाराऊर निवासी स्व. मंगल मुरिया को उनके निवास में जाकर श्रदांजलि अर्पित की।

विदित हो कि मंगल मुरिया की कुछ दिनों पहले राजधानी रायपुर में अपराधी तत्वों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी।उसके बाद आज बैज ने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की व ढांढस बंधाया। साथ ही  बैज ने मंगल मुरिया के परिजनों आश्वस्त किया कि वे सरकार को पत्र लिखकर 5 लाख रुपए मुआवजा व सरकारी नौकरी दिलाने हेतु पहल करेंगे। इस दौरान दीपक बैज के साथ जनपद पंचायत लोहंडीगुडा के अध्यक्ष महेश कश्यप, केदार ढेक, युवा कांग्रेस चित्रकोट विधानसभा अध्यक्ष भंवर मौर्य, मुंजी पूर्व सरपंच सहित अन्य मौजूद रहे।

चित्रकोट क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन

0
  •  जिला अध्यक्ष मंडावी ने सराहा कार्यकर्ताओं को

लोहंडीगुड़ा चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता अभिनंदन कार्यक्रम आज बस्तानार की ग्राम पंचायत कोड़ेनार रीपा प्रांगण में रखा गया। जहां भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व विधायक उपस्थित रहे।

पं. दीनदयाल उपाध्याय, पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर रोली श्रृंगार सिर्फ श्रीफल तोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वाले सभी नेताओं ने कहा कि सभी कार्यकर्ता हमारे परिवार का एक हिस्सा है। सर्वप्रथम बास्तानार मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह ठाकुर ने चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद दिया। पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप ने शासन की योजनाओं के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी। लच्छूराम कश्यप ने कहा कि सत्ता सरकार में नहीं रहने से कोई पूछ परख नहीं होती, लोग पहचानते भी नहीं चाहे पार्टी के कितने बड़े पदाधिकारी क्यों न हो, इसलिए सरकार में बने रहना जरूरी है मोदी की गारंटी विष्णु देव का सुशासन कार्यकर्ताओं की पूछपरख बढ़ी है, सबको सम्मान देना नहीं भूले हैं। डबल इंजन की सरकार है। अब ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में भी हमारी पार्टी के कार्यकर्ता ही जीतकर आएं ऐसा प्रयास करें। वेदवती कश्यप ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ तभी उठा सकते हैं और अच्छे कार्य कर सकते हैं जब नीचे स्तर पर भी हमारे कार्यकर्ता बैठे पाएं। विधायक विनायक गोयल ने कहा कि 6 माह में 12 काम महतारी वंदन, धान का बोनस, तेंदूपत्ता, प्रधानमंत्री आवास, किसान निधि, सोलर पम्प, उन्नत कृषि उपकरण, बोनस जैसे हर कार्य को गति देने का काम कर रही हमारी सरकार। कांग्रेस सरकार सिर्फ लीपापोती करती रही है। हमारी सभी जर्जर भवनों को तोड़कर नया भवन देने का काम करेंगें। 33 हजार नई भर्ती से युवाओं को लाभ देंगें। रूपसिंह मंडावी ने कहा सबसे बड़ी पार्टी के सबसे बड़े कार्यकर्ता चित्रकोट में हैं जो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को हराने की ताकत एक मंडल अध्यक्ष ने दिखाई। जिस पार्टी के एक मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को हराने का काम किया उस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने आभार करने आए हैं।हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरीबी को करीब से देखा है। वे गरीबी को झेल चुके हैं। यही वजह है कि प्रदेश के गरीबों के लिए 18 लाख आवास की एकबार में स्वकृति देने के बाद ही मुख्यमंत्री साय अपने सरकारी आवास में गए। ये है हमारी सरकार की पहचान जो गरीबों की भलाई और विकास पर भरोसा रखती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ का अनुसरण करते हुए हर घर में एक वृक्ष अपनी मां के नाम से लगाने की अपील की। भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने भी संबोधित किया। श्री कश्यप ने लोगों को हंसाते हुए कांग्रेस पार्टी को खूब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि दीपक बुझ चुका है।

पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, पूर्व विधायक बैदूराम, जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, विधायक विनायक गोयल, जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह, जिला सदस्य मालती मंडावी, रैतूराम, वेदप्रकाश पांडे, नगर मंत्री संग्राम सिंह राणा एवं चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

फार्म हाउस मालिक के हवाले किसने ठेके पर कर दी सरकारी जमीन

0
  • किंजौली की कीमती सरकारी जमीन पर कब्जा
    -अर्जुन झा-
    बकावंड ब्लॉक मुख्यालय बकावंड से लगभग 11 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम किंजौली के एक फार्म हाउस मालिक ने अच्छी खासी सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। उसका कहना है कि उसे यह सरकारी जमीन खेती करने के लिए ठेके पर मिली है। मिली जानकारी के अनुसार सन 2000 के दशक में खेती करने के प्रयोजन से किंजौली आए मुकेश चावड़ा ने यहां के ग्रामीणों और किसानों से 8 हजार रुपए से लेकर 10 हजार रुपए तक प्रति एकड़ के भाव से जमीन खरीद कर कृषि कार्य शुरू किया। उन्होंने अपनी मेहनत से बंजर जमीन को उपजाऊ बनाकर सब्जियों और अन्य फसलों का उत्पादन शुरू किया। यह निसंदेह बड़ी अच्छी बात है, लेकिन उन्होंने अपने फार्म हाउस के आसपास की सरकारी जमीन को भी अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया है, यहगलत बात है और इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मुकेश चावड़ा अब ग्राम किंजौली के निवासी बन चुके हैं।

उन्होंने अपने कृषि फार्म के बाजू में शासकीय भूमि खसरा नंबर 1153 व 1154 की शासकीय भूमि पर भी अवैध कब्जा कर लिया है और उस पर खेती करना शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने उन्हें सरकारी जमीन पर खेती करने से मना किया, तो उनका कहना है कि मैं खर्च कर चुका हूं इसलिए एक साल कमा लेता हूं। 1 साल बाद बाजू में स्थित किसी कमजोर किसान की जमीन को ठेके पर ले लिया और अब कहने लगे हैं कि पूरी शासकीय जमीन को भी मैंने 10 वर्ष के लिए ठेके पर ले लिया है। अब गांव वाले सवाल उठा रहे हैं कि सरकारी जमीन को किस अधिकारी ने ठेके पर फार्म हाउस मालिक के हवाले कर दिया है और क्या इसके लिए ग्राम पंचायत एवं ग्रामसभा की सहमति ली गई है? गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के आवास निर्माण व सरकारी भवन निर्माण के लिए उक्त जमीन का उपयोग किया जा सकता था। गांव के कई गरीब परिवार को आवास की स्वीकृति मिली है ऐसे लोगों को उक्त स्थान पर आवास हेतु जगह दी जा सकती थी लेकिन रसूखदार फार्म हाउस मालिक तो गांव के बड़े -बड़े लोगों का मुंह बंद कर दिया है। गांव वालों का कहना है उनकी खरीदी जमीन तो उनके पास है पर सरकारी जमीन को किस से लिखाकर ठेका में लिया है और शासकीय जमीन को ठेका में कौन देता है? इसलिए राजस्व विभाग से हम गुजारिश करते हैं कि मामले की जांच कर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई की जाए।

बस्तर जिले में अवैध रूप से संचालित 8 क्लीनिकों पर प्रशासन ने जड़ा ताला

0
  • दस क्लीनिक संचालकों को थमाया गया नोटिस
  • झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा कसने अभियान
    जगदलपुर बस्तर में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा झोलाछाप डॉक्टरों एवं बिना पंजीयन क्लीनिक चलाने वालों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई का अभियान जारी है। आकस्मिक जांच के दौरान अवैध रूप से संचालित 8 क्लीनिकों को जिला प्रशासन की टीम ने सील कर दिया है। बिना पंजीयन क्लीनिक का संचालन करने वाले 10 क्लीनिक संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई बस्तर जिले में झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा अवैधानिक तरीके से क्लीनिक का संचालन किए जाने तथा गांव- गांव घूमकर मरीजों का इलाज करने के संबंध में मिल रही शिकायतों को देखते हुए की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम जिला मुख्यालय से लेकर विकासखण्ड मुख्यालयों एवं गांवों में संचालित दवाखानों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर्स में लगातार दबिश देकर उनकी वैधानिकता की जांच-पड़ताल कर रही है।

नर्सिंग होम एक्ट जगदलपुर के नोडल अधिकारी डॉ. टीएस नाग, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी नानगुर जयंतीलाल दरियो, नायब तहसीलदार अंकुर रात्रे, पुलिस थाना नगरनार की संयुक्त टीम ने ओम साहू की लिखित शिकायत के आधार पर नगरनार स्थित चंद्रप्रकाश रजक के क्लीनिक की जांच -पड़ताल के लिए औचक रूप से पहुंची। इस दौरान क्लीनिक बंद पाया गया। अधिकारियों की टीम ने शिवम मेडिकल तथा नगरनार में ही शिवा मेडिकल एवं जनरल स्टोर जांच-पड़ताल की। उक्त दोनों मेडिकल स्टोर में चिकित्सा परामर्श संबंधी बोर्ड एवं चिकित्सकीय उपकरण नहीं पाए गए। मेडिकल स्टोर संचालन के लिए संचालक ने लाइसेंस प्राप्त किया है। इसके पश्चात अधिकारियों की टीम समृद्धि मेडिकल स्टोर पहुंची, जो बंद मिला। अधिकारियों की टीम ने इसके बाद मारकेल, सेमरा, कलचा, मगड़ू, कचोरा गांव का भी दौरा कर झोलाछाप डॉक्टरों के बारे में लोगों से पूछताछ की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बस्तर से प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्सिंग होम एक्ट के तहत अवैध दवाखानों एवं अपंजीकृत चिकित्सकों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित आशा क्लीनिक, जगन्नाथ क्लीनिक, दुर्गा क्लीनिक, एपेक्स डेंटल क्लीनिक, डॉ. केके राय, नेहा डेंटल क्लीनिक तथा मेडिकेयर पैथालाजी लैब के संचालकों तथा लोहंडीगुड़ा ब्लॉक अंतर्गत साहू मेडिकल स्टोर के संचालक घनाराम साहू, डॉ. हरीश मरकाम, तोकापाल ब्लॉक अंतर्गत एके विश्वास सड़क पारा को नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन न होने के कारण नोटिस जारी किया गया है। जगदलपुर में संचालित सागर दवाखाना को जिला प्रशासन ने बिना योग्यता के क्लीनिक का संचालन करने के मामले में सील बंद कर दिया गया है। इसी तरह बिना चिकित्सकीय योग्यता के बकावंड में क्लीनिक का संचालन करने वाले चंद्रशेखर मौर्य, नानगुर में संदीप दास, लोहंडीगुड़ा में डॉक्टर पितांबर साहू, बकावंड ब्लॉक के ग्राम सतोषा करपावंड में संचालित मंडल प्रायमरी हेल्थ केयर सेंटर, तोकापाल में दीनानाथ तिवारी, दरभा ब्लॉक के चिंगपाल में गिरीश कुमार कश्यप, बस्तर में लिजा मेडिकल स्टोर्स को सील कर दिया गया है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ को लेकर जगदलपुर में गजब का उत्साह

0
  • नगर में हजारों हाथ जुटे हैं मां के नाम से पेड़ लगाने में
  • सुरेश गुप्ता बड़े पैमाने पर लगाए जा रहे नगर में पेड़: सुरेश गुप्ता 

जगदलपुर आज पूरा विश्व पर्यावरण की सुरक्षा और प्रदूषण के खतरों को लेकर चिंतित है। पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग की चपेट में है। दुनिया में लाखों जानें अत्यधिक गर्मी पड़ने से पूरे जा रही हैं। कहीं अल्प वर्षा, तो कहीं अत्यधिक वर्षा, कहीं बाढ़ के हालात। यह पूरे विश्व की समस्या बनी हुई है ऐसे में वैश्विक स्तर पर पर्यावरण की चिंता करते हुए पूरे भारत में एक पेड़ मां के नाम लगाने की अभिनव पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने शुरू की है। इसी के तहत जगदलपुर नगर मंडल भाजपा निशुल्क पौधे उपलब्ध कराकर पौधे को सुरक्षित जगह पर लगाने और उन्हें से पेड़ बनाने हेतु लगातार कार्यक्रम कर रही है।

आज लोकमान्य तिलक वार्ड के नाहर मुंडा पारा में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नगर अध्यक्ष भुवनेश ध्रुव के नेतृत्व में हर परिवार द्वारा अपने घर के सुरक्षित स्थान पर पेड़ लगाया गया। सभी ने संकल्प लिया कि हम इस पौधे को पेड़ अवश्य बनाएंगे और इस पेड़ की रक्षा की भी जिम्मेदारी लेते हैं। इस अवसर भाजपा नगर अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि नगर में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है और पेड़ लगाने के लिए भाजपा नगर मंडल के समस्त कार्यकर्ता अपने प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जगदलपुर किरण देव की प्रेरणा से और जिला संगठन के मार्गदर्शन में शहर के हर वार्ड में पौधे लगा रहे हैं। पौधे पेड़ बने इसकी भी संपूर्ण व्यवस्था जिम्मेदारी ली जा रही है। इस अवसर पर जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह, वेद प्रकाश पांडे, रोहित त्रिवेदी, नगर भाजपा महामंत्री संग्राम सिंह राणा, मनोज ठाकुर, सूर्यभूषण सिंह, चंपा नाग, विनायक बेहरा, वंदना राठौर, चंपा नाग, दीनमणि बघेल, मीना कश्यप, शबाना, हेमवती, राजन कश्यप, अंतू नाग, सोमारु कश्यप, सोनू साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित थे।

ये गुरूजी तो बेवड़े हैं, पड़े रहते हैं मदमस्त होकर, पढ़ाते नहीं!

0
  • शिक्षक को हटाने ग्रामीणों ने बीईओ को सौंपा ज्ञापन
    अर्जुन झा-
    बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत धनपुर के अंतर्गत प्राथमिक शाला पटेल पारा के शिक्षक श्याम सिंह नेताम पर शराब के नशे में स्कूल आने और पड़े रहने तथा बच्चों को नहीं पढ़ाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। इस शिक्षक के खिलाफ ग्रामीण अब लामबंद हो गए हैं। उन्हें हटाने के लिए ग्रामीणों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को आवेदन दिया है। शिक्षक को न हटाने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उक्त शिक्षक रोज शराब का सेवन कर स्कूल आते हैं। उनके इस कृत्य से स्कूल परिसर का माहौल खराब हो रहा है, बच्चों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ये शिक्षक बच्चों को पढ़ाते भी नहीं हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिक्षक को समझाया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और हमेशा शराब का सेवन करके स्कूल आते हैं। इनकी शिकायत कई बार ग्रामवासियों ने संकुल स्रोत समन्वयक से भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई, तो आज समस्त ग्रामवासियों ने खंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा के कार्यालय में आकर ज्ञापन सौंपा और कहा कि इस शिक्षक का जल्द से जल्द दूसरी जगह तबादला करवा कर और उनकी जगह दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करें। पालकों ने बच्चों के भविष्य पर चिंता जताते हुए कहा है कि जल्द से जल्द नए शिक्षक की नियुक्ति करवाई जाए वरना ग्राम पंचायत में आंदोलन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से इस की शिकायत की जाएगी। अगर अब कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार में सरपंच खिलेश्वरी गुनेंद्र ने रोपे पौधे

0
  • शासन की योजना के तहत किया गया वृक्षारोपण 
    जगदलपुर छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 5 जुलाई 2024 को प्रदेश के सभी स्कूलों में वृहद वृक्षारोपण करने हेतु आदेशित किया गया था, जिसके तहत पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार में वृक्षारोपण कार्य किया गया। इस मौके में मुख्य अतिथि के रूप में खिलेश्वरी गुनेंद्र सरपंच ग्राम पंचायत शेरपार व विशिष्ट अतिथि मनीराम नेताम उप सरपंच, जेआर साहू संकुल समन्वयक शेरपार, चंपा बाई मंडावी पंच, कमलकांत नेताम प्रधान पाठक प्राथमिक शाला अंगारा, पृथ्वीपाल आचले सचिव ग्राम पंचायत शेरपार उपस्थित थे।
    सरपंच खिलेश्वरी गुनेंद्र ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष हमारी संस्कृति और हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। ये स्वच्छ पर्यावरण और पृथ्वी पर पर्यावरण संतुलन हेतु आवश्यक है। वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा भी करनी होगी, हमारे वनांचल क्षेत्र में वृक्षों की पूजा भी की जाती है। उप सरपंच मनीराम नेताम ने कहा कि प्राकृतिक वातावरण को बचाए रखने के लिए वृक्षारोपण अवश्य है। अगर समय रहते प्रकृति को नहीं बचाया गया तो आने वाले दिनों में पृथ्वी पर निवास करने वालों को जल संकट व वायु संकट से जूझना पड़ेगा। हम सभी को मिलजुल कर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने चाहिए। प्रधान पाठक होम कुमार टांडिया ने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण से रोकना है तो पेड़-पौधे लगाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पेड़ पौधे लगाना अति आवश्यक है ओर दूसरी ओर पेड़ पौधों से हमें फल और छांव मिलते हैं। पेड़ पौधों से ही विभिन्न प्रकार की औषधियां मिलती है। चाहे कोई भी दवा हो, कहीं ना कहीं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वनस्पतियों से जुड़ी हुई होती है। शिक्षक आधार सिंह कुमेटी ने कहा कि पेड़ पौधे इस धरा के अनमोल आभूषण हैं। उनसे ही मनुष्य का जीवन आगे बढ़ता है इनके अभाव में जीवन संभव नहीं है प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि पेड़ पौधे अवश्य लगाए तथा साथ ही उनकी रक्षा भी अवश्य करें। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार में वृक्षारोपण के मौके पर सरपंच खिलेश्वरी गुनेंद्र, उप सरपंच मनीराम नेताम, जेआर साहू संकुल समन्वयक, पृथ्वीपाल आंचले पंचायत सचिव पंच चंपाबाई मंडावी, कमलकांत नेताम प्रधान पाठक प्राथमिक शाला अंगारा, होम कुमार टांडिया प्रधान पाठक शेरपार, आधार सिंह कुमेटी शिक्षक, शंकर साहू शिक्षक, दीपक कुमार भृत्य सहित ग्रामवासी व स्कूली बच्चे उपस्थित थे। यह जानकारी शंकर साहू शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शेरपार ने दी।

नेता प्रतिपक्ष को कक्ष देने कांग्रेस पार्षदों का प्रदर्शन

0

जगदलपुर आज जगदलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स के लिए नगर निगम कार्यालय में अलग से कक्ष देने की मांग को लेकर नगर निगम आयुक्त व महापौर के विरुद्ध नगर निगम परिसर में समस्त कांग्रेस पार्षदो ने धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने बताया कि नगर निगम जगदलपुर में आयुक्त की मनमानी व बीजेपी में शामिल महापौर द्वारा लगातार कांग्रेसी पार्षदों के साथ भेदभाव का सिलसिला जारी है। वहीं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष को अलग से कक्ष देने हेतु निगम आयुक्त व महापौर का कोई जवाब नहीं मिल रहा है। जबकि नेता प्रतिपक्ष चुनने के पश्चात अतिरिक्त कक्ष देना निगम की देना है और निगम आयुक्त व महापौर का भेदभाव साफ दर्शाता है कि इन्हें कांग्रेस के पार्षदों से कोई मतलब नहीं है। कुल मिलाकर भेदभाव की राजनीति की जा रही है,जिसको लेकर आज नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के सभी पार्षद मौजूद रहे।

रुक्मणि तो सज्जन है, फिर दुर्जन कौन ? अब होगी इसकी जांच

0
  • जिला दंडाधिकारी ने परियोजना अधिकारी के कृत्य को माना अवमानना
  •  एसडीएम तोकापाल को मामले की जांच के आदेश 
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर जिले के बास्तानार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरगाली के आश्रित ग्राम पुसेम की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रुक्मणि तो सज्जन साबित हो गई हैं। फिर उनकी बर्खास्तगी की व्यूहरचना करने वाला दुर्जन कौन है? अब इसकी जांच होगी। पुसेम गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रुक्मणि सज्जन को तथाकथित शिकायत के आधार पर बर्खास्त कर दिया गया था। रुक्मणि सज्जन पर आरोप लगाया गया था कि वे आंगनबाड़ी केंद्र को अक्सर बंद रखती हैं और बच्चों का ध्यान नहीं रखतीं। शिकायत पत्र में जिन ग्रामीणों के नाम और उनके तथाकथित हस्ताक्षर थे, उन ग्रामीणों ने शपथ पत्र देकर झूठी शिकायत की पोल खोल दी थी। इन ग्रामीणों का कहना है कि रुक्मणि तो निहायत ही सज्जन है, उन्होंने अपने कार्य में कभी लापरवाही बरती ही नहीं है। वहीं इन ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में अपने नाम और हस्ताक्षरों को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए रुक्मणि सज्जन के खिलाफ कभी भी किसी अधिकारी के पास अपने द्वारा शिकायत न की जाने की जानकारी दी है। यह शपथ पत्र कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के न्यायालय को भी सौंपा गया है।

 

मतलब रुक्मणि सज्जन को हटाने और नौकरी से बेदखल करने के लिए फर्जी शिकायत पत्र पेश किया गया था। एक इसी शिकायत पत्र के आधार पर रुक्मणि सज्जन को आनन फानन में बर्खास्त कर दिया गया। अपनी बर्खास्तगी के खिलाफ रुक्मणि सज्जन ने कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत कर बर्खास्तगी को गलत ठहराते हुए सेवा में फिर से बहाली की गुजारिश की थी। इधर यह मामला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में विचाराधीन रहते हुए भी एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग बास्तनार की परियोजना अधिकारी ने आश्चर्यजनक ढंग से बड़ी तत्परता दिखाते हुए पुसेम के आंगनबाड़ी केंद्र में रुक्मणि सज्जन की जगह एक अन्य महिला मंझली ताती को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियुक्त कर दिया। यही कदम अब परियोजना अधिकारी को भारी पड़ गया है। जिला दंडाधिकारी ने इसे अवमानना करार देते हुए अब सीधे पूरे मामले की मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश तोकापाल के एसडीएम को दिए हैं। एसडीएम से जांच रिपोर्ट 15 दिनों में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

निकाली थी खुन्नस?
कहा जाता है कि विभाग की परियोजना अधिकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रुक्मणि सज्जन से व्यक्तिगत द्वेष पाले बैठी हैं। दरअसल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की संभागीय अध्यक्ष होने के नाते रुक्मणि सज्जन कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के जायज हक में तथा विभाग की बास्तानार में पदस्थ परियोजना अधिकारी की मनमानी के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाती रही हैं। इसलिए परियोजना अधिकारी की नजरों में रुक्मणि सज्जन हमेशा खटकती थी। इसीलिए उन्होंने रुक्मणि सज्जन के खिलाफ झूठे शिकायत पत्र तैयार कर रुक्मणि को अधिकारियों की मदद से बर्खास्त करवा दिया था। जबकि शिकायत पत्रों में जिन ग्रामीणों के नाम दर्शाए गए थे और उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे उन ग्रामीणों ने शपथ पत्र देकर शिकायती आवेदनों को फर्जी ठहराया है। वहीं अब यह जानकारी भी मिल रही है कि रुक्मणि सज्जन की सेवा में बहाली को परियोजना अधिकारी बर्दास्त नहीं कर पा रही हैं और फिर से उन्होंने साजिश वाला खेल शुरू कर दिया है। इस तरह परियोजना अधिकारी अब सीधे कलेक्टर को चैलेंज करने पर आमादा हो गई हैं।

बड़े पद पर रहते हुए भी अपनी परंपरा और संस्कृति से बंधी रहीं डॉ. करुणा मरावी

0
  • गोंडवाना समाज बस्तर ने डॉ करुणा को दी विदाई

जगदलपुर गोंडवाना समाज समन्वय समिति जिला बस्तर जगदलपुर द्वारा मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में पदस्थ सहायक प्राध्यापक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मरावी को विदाई दी गई।

स्थानीय गोंडवाना समाज भवन में कार्यक्रम आयोजित कर गुरुवार शाम को मेडिकल कॉलेज में पदस्थ असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर करुणा मरावी का नियमित सहायक प्राध्यापक के रूप में संघ लोकसेवा आयोग मध्यप्रदेश द्वारा मध्यप्रदेश के लिए चयनित होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर गोंडवाना समाज समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष तिरुमाल नकुल सिंह सेवता, महिला प्रभाग अध्यक्ष शीतला कोर्राम, कोषाध्यक्ष दीपा मांझी, डॉ. आरकेएस राज सोरी, नरेश मरकाम, सुखलाल नेताम, श्याम नेताम, रामेश्वरी सोरी, अंबिका ध्रुव, नीरज कुंजाम, आदि उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष नकुल सिंह सेवता ने डॉ. करुणा मरावी को बधाई देते हुए कहा कि आप जहां पर भी अपनी शासकीय सेवा रहें, वहां पर आदिवासी समाज की निरंतर सेवा करने के साथ ही समाज से जुड़े रहें। साथ ही सेवता ने कहा कि गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर जिला आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता है। उन्होंने बड़े ओहदे पर रहते हुए भी अपनी सामाजिक संस्कृति और परंपराओं से डॉ. करुणा मरावी के जुड़े रहने को सभी के लिए प्रेरणा दायक बताया।मंच संचालन करते हुए माखन लाल सोरी ने कहा कि डॉ. करूणा मेरावी ने अल्प सेवाकाल में ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं समाज के लिए अलग अंदाज़ से काम करते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई यह अनुकरणीय है। शीतला कोर्राम ने कहा कि समाज में बच्चों को ऐसे निस्वार्थ सेवा भावी डाक्टरों के बारे में जानकारी देना चाहिए ताकि उनसे प्रेरणा मिले। दीपा मांझी ने डॉ. मरावी की उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए सर्व आदिवासी समाज द्वारा आयोजित प्रथम निशुल्क मेडिकल कैंप का जिक्र किया और कहा कि इस कैंप के आयोजन में डॉ. करूणा की भूमिका महत्त्वपूर्ण थी और भी कैंप करने पर विचार किया गया था, लेकिन आप बस्तर छोड़कर जा रही हैं। मंच पर अंबिका ध्रुव, डॉ राज सोरी, नरेश मरकाम नीरज कुंजाम श्याम नेताम रामेश्वरी सोरी ने भी बात रखते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में डॉक्टर करूणा मरावी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि बस्तर बहुत सुंदर है यहां के आदिवासी समाज के लोग बहुत सरल सीधे हैं बस्तर छोड़कर जाना मेरे लिए बहुत कठिन है लेकिन जीवन में कुछ पाने के लिए कुछ त्याग भी करना पड़ता है। बस्तर से दूर जरूर जा रही हूं परंतु सोशल मीडिया और दूरभाष के माध्यम से लगातार आपके संपर्क में रहूंगी और बस्तर के लिए जो भी संभव हो सकता है खासकर सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता और मार्गदर्शन के लिए यथासंभव जो भी हो पाएगा वह बराबर बना रहेगा और साल में एक या दो बार बस्तर जरूर आऊंगी। बस्तर की अंदरूनी क्षेत्रों में मेडिकल कैंप करके स्थानीय लोगों की सेवा करने का जो सपना था वह अधूरा जरूर है और इसके लिए मेरे जूनियर मेडिकल स्टूडेंट लोग इस अधूरे मिशन को जरूर लगातार करते हुए पूरा करेंगे इसका मुझे विश्वास है। इतने कम समय में गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर के सभी सगा सिपाहियों से प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं कर पाई इसका मलाल रहेगा परन्तु आप सभी के साथ अप्रत्यक्ष रूप से शामिल रहेगें। डॉक्टर करूणा मेरावी ने अपने ग्रामीण परिवेश से शिक्षा प्राप्त करते हुए सफलता के बारे में बताया कि अपने समाज परिवार के बड़ों के मान सेवा समर्पण करते हुए ही सफल होना आत्म संतुष्टि प्रदान करता है यही सबसे बड़ी अमूल्य पूंजी है। डॉक्टर करूणा ने गोंडवाणा समाज समन्वय स्थापित समिति बस्तर जिला के द्वारा उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह के लिए सहृदय आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। अंत में नरेश मरकाम द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

MOST POPULAR

HOT NEWS