City Media - Page 296 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 296

नक्सलियों की मांद में शान से फहराया गया तिरंगा

0
  •  महिमा गांव के आश्रम में गणतंत्र दिवस समारोह 

जगदलपुर सीआरपीएफ की एफ-188 बटालियन पुसपालघाट बस्तर द्वारा कमांडेंट भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नक्सलियों की मांद में स्थित बस्तर के सुदूरवर्ती इलाके के बालक आश्रम शाला महिमा में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

     कुछ वर्ष पहले यह इलाका घोर नक्सलग्रस्त था तथा नक्सल इस इलाके में अपना ट्रेनिंग सेंटर व अपना अड्डा बना रखा था। जबसे इस इलाके में सीआरपीएफ व अन्य बलों की तैनाती हुई है, तब से इस इलाके में विकास, शांति व सुकून के साथ जीवन चल रहा है।बालक आश्रम महिमा, बस्तर में गणतंत्र दिवस समारोह में सीआरपीएफ 188 बटालियन द्वारा 90 वर्षीय बुजुर्ग रामनाथ कश्यप के हाथों से तिरंगा फहरवाया गया। रामनाथ कश्यप अपने जीवन में नक्सल प्रभावित समय के उस कठिन दौर के साथ साथ आज के स्वच्छ, शांति व सुकून के साथ बीत रहे समय के साक्षी हैं। ध्वजारोहण के समय उनके चेहरे की मुस्कान व भाव यह स्पष्ट कर रहे थे कि आज उनके जीवन में अमन, चैन, सुकून व सुरक्षा है। सुदूरवर्ती व नक्सलग्रस्त इलाके में इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के दिल में देशभक्ति व सुरक्षा की भावना पैदा करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट बन्ना राम ने आजादी की दास्तान के साथ तिरंगे तथा भारतीय संविधान के महत्व के बारे में बताया तथा एक अच्छा नागरिक के रूप में कार्य करते हुए देश को विकास व गरिमा को हमेशा बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बन्ना राम सहायक कमांडेंट, निरीक्षक जीडी प्रवीण कुमार तथा एफ-188 सीआरपीएफ के अधीनस्थ अधिकारी व जवानों के साथ साथ बालक आश्रम महिमा के बच्चे, अधीक्षक गोवर्धन पेगेड़ व आश्रम स्टॉफ, सकुलू राम के साथ साथ पालम, पुसपाल, महिमा व आसपास के गांवों की महिला व बच्चे तथा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को बटालियन की ओर से मिठाई, बिस्कुट, नमकीन वितरित की गईं।

चला चली की बेला में लोक निर्माण विभाग वाले साहब के लिए चल रही है जमकर उगाही

0
  •  बुरे अंजाम की धौंस देकर की जा रही मोटी वसूली

जगदलपुर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के एक शीर्ष अधिकारी की चला चली की बेला में उनके ठेकेदारों से मोटी उगाही का खेल शुरू हो गया है।ठेकेदारों को बुरे अंजाम की धौंस देकर साहब के लिए उगाही की जा रही है। जाते जाते साहब कुछ इस अंदाज में कलम चला सकते हैं कि ठेकेदारों का पूरा करियर तबाह हो जाएगा। लिहाजा डरे सहमे ठेकेदार मुहमांगी रकम भेंट कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ  पिपरी 31 जनवरी को रिटायर हो रहे हैं। Shri पिंपरी भूपेश बघेल सीएम कार्यकाल में इएनसी नियुक्त किए गए थे। सरकार बदलने के पूरे 1 साल पश्चात उनका कार्यकाल पूरा हो जाएगा, अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग से जुड़े केंद्र और राज्य मद स्तर की कई योजनाओं को क्रियान्वित किया, जिसमें

रूरल रोड प्रोजेक्ट, छत्तीसगढ़ इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, सहित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शामिल हैं। अरबों खरबों की इन योजनाओं को क्रियान्वित करने बैंक लोन का भी उपयोग किया गया, जिससे छत्तीसगढ़ की सड़कें उच्चस्तरीय मापदंड की हों।

प्रदेश के बड़े बड़े ठेकेदारों ने धुर नक्सल इलाकों में प्रदेश के विकास के मद्देनजर अपना पूरा सहयोग दिया, किंतु इनके कार्यकाल में जितनी अनियमितता सामने आई, उतनी कभी नहीं सुनी गई। खासकर ठेकेदारों के भुगतान को लेकर दर्जनों विवाद सामने आए, इन्हीं के कार्यकाल में लोक निर्माण विभाग के संविदा कर्मचारियों की भविष्यनिधि की अंशदायी रकम जमा नहीं करने का भी गंभीर मामला सामने आया था। इस मामले में कोर्ट द्वारा विभाग का खाता सीज कर दिया गया था, इस मामले से इएनसी के साथ ही बीजेपी सरकार की भी काफी आलोचना हुई थी। हर ठेकेदार इनकी बदनीयती और कूटनीति का शिकार होकर त्राहिमाम कर रहा है। अब जब साहब 31 जनवरी को सेवानिवृत हो रहे है तब इनके खास करिंदे द्वारा कार्यरत ठेकेदारों से अंतिम वसूली मांगी जा रही है। जो ठेकेदार उनकी डिमांड पूरी करने से इंकार कर रहे हैं, उन्हें परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। बिचौलिए ठेकेदारों से कह रहे हैं कि इएनसी साहब की सेवावृद्धि की फाइल सरकार के पास पहुंच चुकी है उन्हें सेवा वृद्धि मिल जाती है तब अंजाम क्या होगा सोच लेना। इस धौंस भरे फरमान से ठेकेदार हलाकन हैं।

सर्विस एक्सटेंशन होगा घातक

सुनने में आया है कि इएनसी श्री पिपरी अपनी सर्विस एक्सटेंशन के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसके लिए वे राजनीति के कुछ रसूखदारों की भी मदद ले रहे हैं। कहा जा रहा है कि अपनी सर्विस एक्सटेंशन के लिए वे करोड़ों रुपए झोंकने तत्पर हैं। इसीलिए ठेकेदारों से बेतहाशा वसूली का खेल शुरू किया गया है। उन्हें सेवावृद्धि मिलना करेला ऊपर से नीम चढ़ा जैसा होगा। सरकार की छवि पर नकारात्मक असर पड़ेगा। अब सरकार को भी ऐसे भ्रष्ट अधिकारी की सेवावृद्धि से बचना चाहिए। ठेकेदार इस कदर परेशान हैं कि वे देवी देवताओं के दर पर जाकर पिपरी को सेवावृद्धि न मिलने की मन्नत मांग रहे हैं।

आजादी के बाद बस्तर के घोर नक्सल प्रभावित 26 गांवों में पहली बार गणतंत्र दिवस पर फहराया गया तिरंगा

0
  • बस्तर के हर कोने में जल्द लहराता नजर हमारा प्यारा तिरंगा: विजय शर्मा
  •  हिड़मा के गांव पूवर्ती में भी दिखी तिरंगे की शान 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के 26 संवेदनशील नक्सल प्रभावित गांवों में पहली बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा शान से फहराया गया। आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में राष्ट्रीय पर्व मनाया गया, जो राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों और उनकी जीवटता का नतीजा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन का बड़ा व्यापक असर बस्तर में दिखने लगा है।

पिछले एक वर्ष में बस्तर संभाग के अंदरूनी और सुदूर क्षेत्रों में 26 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए। ये कैंप न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहे हैं, बल्कि विकास के केंद्र के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। इन गांवों में स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर तिरंगा फहराया और गणतंत्र दिवस का उत्सव मनाया। बीजापुर जिले के गुंडम, फुटकेल, छुटवाही, कोंडापल्ली, ज़िडपल्ली, वाटेवागु, कर्रेगट्टा, पीड़िया; जिला नारायणपुर के कस्तुरमेटा, मसपुर, ईरकभट्टी, मोहंदी, होरादी, गारपा, कच्चापाल, कोड़लियार, सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम, पूवर्ती, लखापाल, पुलनपाड़, तुमालपाड़, रायगुडेम, गोलाकुंडा, गोमगुड़ा, मेंट्टागुड़ा और कांकेर जिले के पानीडोबीर गांवों में सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए। सुरक्षा बलों ने इन क्षेत्रों में न केवल तिरंगा फहराया, बल्कि ग्रामीणों को गणतंत्र दिवस का महत्व समझाते हुए मिठाइयां और बच्चों को चॉकलेट वितरित की। डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीएएफ, सीआरपीएफ, कोबरा, एसएसबी, आईटीबीपी, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण बनाने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

यह गर्व का क्षण: शर्मा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का ने इस पर प्रतिक्रिया देते कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार बनने के बाद ऐसे कई स्थानों पर पहली बार तिरंगा फहराया गया है। यह न केवल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि हमारे प्रयासों की सफलता का प्रमाण भी है। मेरा विश्वास है कि आने वाले समय में बस्तर के हर कोने में तिरंगा फहराते हुए हम गणतंत्र दिवस मनाएंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि न केवल सरकार की नीतियों का परिणाम है, बल्कि बस्तर के लोगों के विश्वास और सुरक्षा बलों के साहसिक प्रयासों का प्रतीक है। विजय शर्मा ने इस अभूतपूर्व सफलता के लिए सभी को बधाई दी और प्रदेश में शांति, विकास और समृद्धि का संकल्प व्यक्त किया।

जगदलपुर नगर निगम में मलकीत सिंह गैदू कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी

0
  • संघर्षशील और जीवट व्यक्ति हैं मलकीत सिंह गैदू 

जगदलपुर अंततः कांग्रेस ने भी नगरीय निकायों के महापौर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जगदलपुर नगर निगम में कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता मलकीत सिंह गैदू को मैदान पर उतारा है। मलकीत सिंह संघर्षशील और जीवट व्यक्तित्व के धनी हैं।

ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े मलकीत सिंह गैदू राजनीति के पुराने माहिर खिलाड़ी हैं। छात्र जीवन से ही राजनीति करते आ रहे मलकीत सिंह गैदू वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन एवं अनुशासन का दायित्व बखूबी सम्हाल रहे हैं। वे जुझारू राजनीति के लिए जाने जाते हैं। सवा लाख में एक सरदार है गैदू। एशिया के सबसे बड़े परिवहन संगठन बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष रहते उन्होंने संघ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इस संघ से हजारों ट्रांसपोर्टर्स जुड़े हैं। इसके अलावा श्री गैदू कांग्रेस नेतृत्व द्वारा सौंपे जाने वाले हर दायित्व पर खरे उतरे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लगातार उन्हें दंतेवाड़ा और चित्रकोट जैसे जटिल विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया जाता रहा है, जहां उन्होंने अपनी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। कांग्रेस संगठन में सबको साथ लेकर चलने की उनकी फितरत इस चुनाव में उनकी बहुत काम आने वाली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का वरदहस्त तो मलकीत सिंह गैदू को प्राप्त है ही, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला समेत तमाम नेता एवं कार्यकर्ता भी उन्हें दिल से सहयोग देंगे। मलकीत सिंह की सामाजिक छवि भी शानदार है। इन सबका लाभ उन्हें मेयर चुनाव में जरूर मिलेगा।

बचेली में मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक ने उत्साहपूर्वक मनाया गणतंत्र उत्सव

0

बचेली मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक शाखा बचेली ने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन के अध्यक्ष चंद्रकुमार मंडावी द्वारा इंटक भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और समर्पण व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर यूनियन के सचिव आशीष यादव, श्रमिक बंधु, गणमान्य नागरिक और बच्चों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। अध्यक्ष चंद्रकुमार मंडावी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में संविधान की गरिमा और श्रमिक समुदाय के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिक देश के विकास की आधारशिला हैं और यूनियन उनकी उन्नति और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहती है। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान्न वितरण के साथ हुआ। आयोजन में सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। इस आयोजन ने न केवल राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ किया, बल्कि श्रमिकों के बीच एकजुटता और देशभक्ति का संदेश भी प्रसारित किया।

कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, देखे सूची…..

0

नगर पालिका और नगर पंचायतों की लिस्ट :-छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 40 नगर पालिका परिषद पर अध्यक्ष पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. इसके अलावा 102 नगर पंचायतों के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है l

 

नगर निगम चुनाव के लिए मेयर प्रत्याशियों की लिस्ट:कांग्रेस ने 10 नगर निगम में मेयर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी

तहसील साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष बने नगर पालिका भाजपा अध्यक्ष उम्मीदवार,कहा भरोसे पर खरा उतरूंगा,विकास होगी प्राथमिकता

0

दल्लीराजहरा भाजपा द्वारा आज नगरीय निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष प्रत्याशियो की सूची जारी की गई जिसमे दल्ली राजहरा नगर पालिका अध्यक्ष उम्मीदवार तहसील साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष तोरण लाल साहू को बनाया गया है. जिसके बाद भाजपाइयों द्वारा उन्हें बधाई दी जा रही है. वहीं तोरण लाल साहू ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर विश्वास जताया है उस पर खरा उतरूंगा. विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी. सबके सहयोग, कार्यकर्ताओ की मेहनत और शहरवासियों के आशीर्वाद से चुनाव में जीत दर्ज करेंगे. तोरण लाल साहू 2006 से 2012 तक एवं 2015 से 2022 तक निर्विरोध साहू समाज के अध्यक्ष रहे वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष जिला साहू संघ पर हैं


 

भाजपा ने जगदलपुर नगर निगम से मजबूत चेहरे संजय पाण्डेय पर खेला दांव

0
  • भाजपा के इस फैसले से उत्साह का माहौल
  •  अब कांग्रेस को ठोंक बजाकर लेना होगा फैसला

अर्जुन झा-

जगदलपुर स्थानीय निकाय चुनावों के लिए भाजपा ने राज्य के सभी दस नगर निगमों के महापौर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जगदलपुर नगर निगम में भाजपा ने ऐसा दांव खेल दिया है कि कांग्रेस को अब काफी ठोंक बजाकर प्रत्याशी चयन करना पड़ेगा, तभी वह भाजपा को टक्कर दे पाएगी। दरअसल यहां भाजपा ने बड़े ही मजबूत चेहरे के रूप में संजय पाण्डेय को महापौर प्रत्याशी बनाया है।

जगदलपुर नगर की सत्ता पिछले दो कार्यकाल से कांग्रेस के पास ही रही है। इस बीच नगर में कांग्रेस का जनाधार थोड़ा खिसका है। वहीं दूसरी ओर दूसरे कार्यकाल में कांग्रेस से महापौर चुनी गई सफीरा साहू ने बीच मंझधार में ही कांग्रेस से दामन झटक लिया और भाजपा के खेमे चली गईं। सफीरा साहू अब भाजपाई महापौर हो गई हैं। ऐसे दौर में भाजपा ने नगर के सबसे वरिष्ठ पार्षद संजय पाण्डेय को प्रत्याशी घोषित कर कांग्रेस के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खींच दी हैं। युवा नेता संजय पाण्डेय निर्विवाद, मिलनसार, मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी हैं। संजय पाण्डेय की सबसे बड़ी खासियत तो यह है कि वे उच्च शिक्षित हैं। संजय पाण्डेय पोस्ट ग्रेजुएट हैं और माइनिंग इंजीनियरिंग का कोर्स भी कर चुके हैं। वे सन 2004 से लगातार वार्ड पार्षद चुनकर आते रहे हैं। इस बीच वे दो बार नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और दो बार एमआईसी मेंबर रह चुके हैं। ऐसे अनुभवी युवा नेता को महापौर प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने कांग्रेस के समक्ष बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। अब कांग्रेस को भी संजय के मुकाबले का प्रत्याशी ढूंढना होगा।

जानिए संजय पाण्डेय के बारे में

संजय पाण्डेय मैत्रीसंघ रोड डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड जगदलपुर के निवासी हैं। उनके पिता स्व. हृदय नारायण पाण्डेय उप वन मंडलाधिकारी थे। ब्राम्हण कुल में जन्मे संजय पाण्डेय शुरू से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। वे भाजपा के प्रदेश मीडिया पैनेलिस्ट, विधानसभा क्षेत्र कोंडागांव के प्रभारी,प्रांतीय सदस्य प्रशिक्षण वर्ग एवं संभागीय प्रभारी मन की बात, मोर आवास मोर अधिकार, जाबो गौठान खोलबो पोल, विस्तारक योजना, संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष सर्व ब्राह्मण समाज जैसे अहम दायित्व बखूबी निभा चुके हैं। वे स्वयंसेवक, विद्यार्थी परिषद में विभाग प्रमुख, प्रदेश सह मंत्री, मंत्री, 3 बार प्रदेश उपाध्यक्ष, तीन बीघा आंदोलन एवं लाल चौक कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। छात्र जीवन में दो बार निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष रहे हैं। तीन बार विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं गत चुनाव में लोकसभा अभिकर्ता रहे हैं। कांग्रेस नेताओं और कांग्रेस शासन के खिलाफ आंदोलन करने के कारण उनके खिलाफ चार एफआईआर दर्ज हो चुकी है। संघर्षशील, आक्रमक, स्वच्छ एवं ईमानदार छवि वाले संजय पाण्डेय पेशे से फर्नीचर व्यवसायी हैं।

जगदलपुर में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने फहराया तिरंगा

0
  • नक्सल प्रभावित क्षेत्र में खुली विकास की नई राह 
  • नक्सल आतंक से जल्द मुक्त होगा बस्तर: शर्मा 

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के लाल बाग मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने मुख्यमंत्री  साय के आम जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश एवं बस्तरवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम एवं होम मिनिस्टर विजय शर्मा ने स्वंत्रता संग्राम सेनानियों व बस्तर में स्थापना के लिए वीर जवानों के बलिदान और संविधान निर्माताओं के योगदान को याद किया और उन्हें नमन किया।

शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में विकास की नई राह खुल गई है। हमारे जवानों के पराक्रम की बदौलत नक्सल समस्या समाप्ति की ओर है, नक्सल इलाका लगातार सिमटता जा रहा है, लोगों का नजरिया बदला है और सभी लोग विकास के साथ खड़े हो गए हैं। शर्मा ने कहा कि बस्तर नक्सल आतंक से जल्द ही मुक्त हो जाएगा।

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है कांग्रेस: दीपक बैज

0
  • राजीव भवन में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने फहराया तिरंगा 

रायपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 76वें गणतंत्र दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई स्वीकार करें।

दीपक बैज ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे देश के नव निर्माण में महापुरूषों के योगदान की याद दिलाता है, जिन्होंने हमें एक स्वतंत्र और समृद्ध देश दिया है। 15 अगस्त 1947 को कांग्रेस के नेतृत्व में लड़ी गई आजादी की लड़ाई के बाद मिली आजादी के बाद स्वतंत्र भारत के नवनिर्माण के लिए यह आवश्यक था कि देश का विधान बनाया जाए, जो भारत के हर वर्ग के हितों की रक्षा करे। आजादी के बाद भारत को प्रजातांत्रिक गणराज्य बनाना कांग्रेस का संकल्प था, इसके लिए संविधान सभा की स्थापना की गई। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान का निर्माण हुआ। 26 जनवरी 1950 को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 21 तोपों की सलामी के साथ ध्वजारोहण कर भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया। जहां एक तरफ हमारा संविधान हमें आजादी के साथ जीने का हक देता है, तो दूसरी तरफ हमारे कुछ मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। मगर बड़े दुख की बात है कि आज हमारे संविधान के मूल्यों पर हमला हो रहा है। संविधान प्रदत्त नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित तरीके से प्रहार हो रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी की भूमिका देश के लोकतंत्र और भारत के संवैधानिक मूल्यों को बचाने के लिए और बढ़ जाती है। हमें गर्व है कि अपनी इस जिम्मेदारी को हमारा नेतृत्व भली भांति समझता है। हमारी पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, हमारे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस भारत के लोगों की आवाज लगातार उठा रही है। इस आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिये, 26 दिसंबर 2024 को बेलगावी में आयोजित विस्तारित सीडब्ल्यूसी ने ‘‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान’’ शुरू करने का निर्णय लिया। यह अभियान महात्मा गांधी, डॉ. बीआर अंबेडकर और हमारे संविधान में निहित मूल्यों की विरासत को संरक्षित और सुरक्षित करने के लिए है। यह अभियान 3 जनवरी से शुरू हुआ और 27 जनवरी को मध्यप्रदेश के डॉ. अंबेडकर नगर महू में विशाल रैली के साथ समाप्त होगा।

दीपक बैज ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आर्थिक, सामाजिक न्याय की मांग को लेकर ऐतिहासिक भारत-जोड़ो न्याय यात्रा का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। उसी तर्ज पर हम सबने मिलकर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे अन्याय के खिलाफ 27 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2024 तक गिरौदपुरी धाम से रायपुर तक लगभग 125 किमी की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा की। इसे लेकर आम जनता एवं कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उसी प्रकार नगरनार संयत्र के विनिवेशीकरण और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की मांग को लेकर बस्तर की जनता के साथ 4 जनवरी को लगभग 14 किमी पदयात्रा का सफल आयोजन हुआ। आने वाले समय में भी हम सरकार के अन्याय व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा का आयोजन करते रहेंगे।

आज जब हम गणतंत्र दिवस की 76वीं वर्षगांठ मना रहे है, प्रदेश में स्थानीय निकायों के चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के लिए यह चुनाव एक अवसर है, सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाने का। यह स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा सरकार की नाकामी और वादा खिलाफी पर लड़ा जाएगा। पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। साय सरकार के 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही।

ओबीसी के साथ है कांग्रेस

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि स्थानीय निकायों में किए गए गलत आरक्षण नीति से नगरीय-निकाय में ओबीसी आरक्षण कम हो गया है तथा अनुसूचित क्षेत्र बस्तर, सरगुजा व मध्य क्षेत्र के त्रिस्तरीय पंचायतों में ओबीसी वर्ग का आरक्षण शून्य कर उन्हें चुनाव लड़ने से वंचित कर दिया गया है।

3217 रू. एकमुश्त भुगतान नहीं करने और धान खरीदी में फैली अव्यवस्था को लेकर किसान सरकार से नाराज हैं। वनरक्षकों, पुलिस आरक्षकों तथा सरकारी नौकरियों में हुए भ्रष्टाचार एवं सरकारी नौकरियां बेचे जाने के कारण युवा सरकार से नाराज हैं। विधानसभा चुनाव में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था, एक साल में 20 हजार नौकरियां मिलनी थी, लेकिन एक साल में भर्ती नहीं निकाली गई, युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

बीएड शिक्षक भी परेशान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज लगभग 2987 बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों को बर्खास्त कर दिए जाने से वे परिवार सहित सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हैं। 18.5 लाख आवास देने का वादा विधानसभा चुनाव में किया गया था, लेकिन अभी तक आवास देने के मामले में सरकार कोई कार्ययोजना नहीं बना पाई है, आवासहीन खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। भाजपा ने 500 रू. में सिलेंडर देने का वादा किया था, 1 साल हो गया 1 भी महिला को सिलेंडर नहीं दिया गया, यहां महिलाएं भी खुद को ठगा महसूस कर रही। जमीन की रजिस्ट्री की गाइड लाइन में कांग्रेस सरकार के समय किए गए 30 प्रतिशत छूट के प्रावधान को समाप्त कर दिया गया जिससे गरीबों के मकान, प्लाट का सपना टूट गया। भाजपा सरकार छोटे प्लाटों 5 डिसमिल से कम की रजिस्ट्री बंद करने जा रही है। कांग्रेस इसका विरोध करती है। 1 साल में बिजली के दाम महंगे हो गये, 400 यूनिट की छूट को अघोषित तौर पर समाप्त कर दिया गया। 1 साल में रेत के दाम 6 गुना, सीमेंट की कीमतें 5-5 बार बढ़ाये गये। प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में रेत माफिया पनप चुका है। 100 दिन में अनियमित, संविदा कर्मियों को नियमित करने की मोदी की गारंटी फेल हो चुकी है। उल्टे विद्या मितान, अतिथि शिक्षक निकाले गये। बेरोजगारी भत्ता बंद, तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना बंद, कोदो, कुटकी, रागी खरीदी बंद। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन बंद पात्र हितग्राही भटक रहे हैं।

कानून व्यवस्था होगा मुद्दा

दीपक बैज ने कहा कि बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था इस चुनाव में बड़ा मुद्दा होगा। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम आदमी डरा हुआ है। हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है। राजधानी से लेकर मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र तक गोलियां चल रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी। एसपी कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। प्रदेश में हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया। इन चुनावों में जनता के इन मुद्दों को सबको उठाना है।

साथियों विपक्ष के रूप में हम जिम्मेदारी को समझते हैं, जनता के हितों के लिए आंदोलन हमारा रास्ता है। और आने वाले 4 सालों में इस सरकार को उखाड़ फेंकने तक हम संघर्ष करते रहेंगे। बेहतर छत्तीसगढ़ के लिए यह आवश्यक है कि वर्तमान भाजपा सरकार को सत्ता से हटाया जाए। गणतंत्र दिवस के इस पावन पर्व पर हर कांग्रेस जन का यही संकल्प है।

MOST POPULAR

HOT NEWS