City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

सहकारी सप्ताह बनेगा जनभागीदारी का अभियान, मंत्री केदार कश्यप ने बनाई व्यापक रणनीति

0

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहकारिता की भूमिका अहम: कश्यप

किसानों और ग्रामीणों को जोड़ने सहकारी सप्ताह में होंगे व्यापक कार्यक्रम

जगदलपुर सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले सहकारी सप्ताह के सफल आयोजन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक ली। बैठक में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर की ओर से बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप बैंक मुख्यालय से एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा सुकमा नोडल कार्यालय से वर्चुअल माध्यम जुड़े। इसके साथ सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी वर्चुअल बैठक में सम्मिलित हुए। बैठक में मंत्री केदार कश्यप ने निर्देश दिए कि सहकारी सप्ताह के दौरान प्राथमिक कृषि साख समितियां (पैक्स/लैंपस), वनोपज, दुग्ध, मत्स्य एवं बहुउद्देशीय सहकारी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में विविध गतिविधियां और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, ताकि सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समावेशन, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। मंत्री ने सभी संस्थाओं से अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने और किसानों, ग्रामीणों व आमजन के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर द्वारा भी सहकारी सप्ताह के दौरान विभिन्न समितियों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम, सहकारी गतिविधियां और योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर सहकारिता की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने की व्यापक तैयारी की जा रही है।

हायर सेकंडरी स्कूल मूली में शाला प्रवेश उत्सव, सांसद महेश कश्यप और जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप हुए शामिल

0

न्योता भोज का भी हुआ आयोजन, बच्चों को दी गई समझाइश

बकावंड विकासखंड बकावंड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूली में नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में पलक व छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने शिक्षा के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने नव-प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने की समझाइश दी।सांसद श्री कश्यप ने पालकों से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में माता-पिता की भूमिका सबसे अहम है, इसलिए वे रोज बच्चों को स्कूल भेजें।जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ज्ञान के बिना मनुष्य का जीवन पशु के समान है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो हमें सही और गलत का भेद सिखाती है। सभी बच्चे अपने जीवन में ज्ञान का अलख जगाएं और आगे चलकर समाज व देश के उत्थान में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें।

न्योता भोज का विशेष आयोजन

शाला प्रवेश उत्सव के इस विशेष अवसर पर शासन की मंशानुसार न्योता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, शिक्षकों और बच्चों ने एकसाथ बैठकर सुरुचिपूर्ण भोजन किया। नव-प्रवेशी बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां भी वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुभाऊ कश्यप, जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सोन सिंह बघेल और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूली के प्राचार्य आनंद अय्यर विशेष रूप से मंचासीन रहे।

बीईओ यादव का संकल्प

विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक साथियों से पूरी निष्ठा के साथ नियमित समय पर शाला पहुंचने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत से ही बकावंड विकासखंड का नाम शिक्षा के क्षेत्र में शीर्ष पर पहुंचेगा। कार्यक्रम में विकासखंड बकावंड के समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयक विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य एवं भारी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

सूने मकानों में सेंधमारी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 11 लाख से अधिक के जेवरात बरामद

0

जगदलपुर लोहण्डीगुड़ा बस्तर पुलिस ने सूने मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 11 लाख 19 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 5 हजार रुपये नगद तथा एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तारागांव निवासी भगवती सरकार एवं उनके पति सदानंद सरकार ने थाना लोहण्डीगुड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया तथा मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदेही रूद्रांचल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने चोरी के जेवरात अपने एक परिचित के माध्यम से गीदम के एक सुनार को बेच दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।पुलिस ने इस मामले में कृष्णा सेट्ठी, अविनाश स्वामी, रूद्रांचल ठाकुर, अजय व्यापारी तथा संतोष सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में निरीक्षक रवि बेगा एवं मो. तारिक के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।यह समाचार नव भारत अखबार की शैली में संक्षिप्त, तथ्यात्मक और प्रकाशन योग्य रूप में तैयार किया गया है।

डीएमएफ से राशि मिलने के बाद भी अधूरा पड़ा है खैरगुड़ा का शाला भवन

0

गहराई फंड की राशि के गबन की आशंका

खतरे में पड़ी है बच्चों की जान, प्रशासन है मौन

बकावंड सुशासन और विकास के दावों के बीच बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा (मधोता-2) के खैरगुड़ा में अधूरा पड़ा प्राथमिक शाला भवन शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है। जिला खनिज न्यास मद (डीएमएफ) से इस भवन के लिए लाखों रुपए स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है। वर्तमान में भवन की दीवारें अधूरी हैं, छत का निर्माण नहीं हुआ है और खुले में खड़े सरिए लगातार बारिश और धूप की मार झेलते हुए जंग खा रहे हैं। इस स्थिति से न केवल शासकीय राशि के दुरुपयोग की आशंका गहरा रही है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। गौरतलब है कि इस गंभीर मामले को हमारे समाचार पत्र ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। समाचार का उद्देश्य संबंधित विभाग और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर समय रहते निर्माण कार्य पूरा कराना तथा किसी संभावित दुर्घटना को रोकना था। मगर आज तक न तो निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ किया गया और न ही जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई या जवाबदेही तय की गई।

इससे ग्रामीणों एवं पालकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। अब देखना यह होगा कि सुशासन के दावों के बीच जिला प्रशासन इस अधूरे स्कूल भवन को लेकर कब तक मौन रहता है, या फिर बच्चों के सुरक्षित भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाता है?*बॉक्स**सचिव को दिया है निर्देश: देवांगन*बस्तर की विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने बताया कि भवनों का निरीक्षण किया गया है। डीएमएफ मद वाले भवन की कार्य एजेंसी ग्राम पंचायत है। सचिव को काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्य पूर्ण कराने के लिए जनपद सीईओ बस्तर को पत्र भी लिखा गया है। इस संवाददाता ने इस संबंध में जानकारी के लिए जनपद पंचायत बस्तर के सीईओ को फ़ोन किया, मगर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

खोरपा में मनाया बलिदान दिवस

0

अभनपुर क्षेत्र के ग्राम कन्हेरा में मंडल भाजपा कन्हेरा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया। विधायक इंद्र कुमार साहू और अन्य भाजपा नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उनके जीवन वृतांत को कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू, मंडल अध्यक्ष किशोर साहू, महामंत्री रवि वर्मा, अनिल साहू, लीलाराम साहू, पारसमणि साहू, ईश्वर साहू, शशिकांत साहू, उर्वशी साहू, जानकी साहू, लोकेश साहू, प्रीतम सोनकर, उर्वशी साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष जागृति साहू, जानकी साहू, रमा साहू पलौद, लता पाल बेलर, मालती साहू जुलूम, गुंजा साहू, रेशमी साहू, द्रोपति साहू, कुंती साहू, प्रीति निषाद, लता साहू, जागृति साहू और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मेवा पटेल पार्षद की पहल पर नाला सफाई अभियान, जेसीबी मशीन से कराया गया

0

दल्लीराजहरा सफाई कार्य वार्ड क्रमांक 09 के अंतर्गत रज्जू के घर के पास स्थित नाले की लंबे समय से लंबित सफाई का कार्य आज जेसीबी मशीन के माध्यम से कराया गया यह कार्य क्षेत्र के पार्षद मेवा पटेल के पहल पर संपन्न हुआ। नाले में जमा झाड़ी एवं गाजर घास एवं कचरे को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया ।सफाई कार्य से आसपास के निवासियों को जल भराव

गंदगी एवं मच्छरों से होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए पार्षद का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद मेवा पटेल ने कहा कि वार्ड के सभी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहे हैं उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने तथा नालों में कचरा ना डालने की अपील की उन्होंने कहा की समस्याओं का अधिक समाधान एवं उनकी प्राथमिकता है निरंतर प्रयासरत है।

कलेक्टर ने तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा के पदोन्नति पर दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं

0

बालोद 23 जून 2026राज्य शासन द्वारा जारी पदोन्नति सूची के तहत बालोद में पदस्थ तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा को डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नत करते हुए जिला कबीरधाम में नई पदस्थापना दी गई है। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज आयोजित समय.सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शर्मा को पौधा भेंट कर अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने शर्मा के प्रशासनिक कौशल की सराहना की और कवर्धा में उनके नए एवं उच्च दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशीए अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव की पहल पर जगतू माहरा स्कूल के जीर्णोद्धार के लिए डेढ़ करोड़ की मंजूरी

0

किरण देव ने मुख्यमंत्री साय एवं शिक्षा मंत्री यादव का माना आभार

अब जल्द बदलेगा विद्यालय का स्वरूप

जगदलपुर जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय (बस्तर हाई स्कूल) जगदलपुर के जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 50 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव की पहल पर राशि स्वीकृत हुई है।

विद्यालय के शताब्दी वर्ष पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने राशि की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। विद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए राशि स्वीकृत होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया है।

विधायक किरण देव ने बताया कि कुछ माह पूर्व उन्होंने जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से विद्यालय के जीर्णोद्धार व उन्नयन कार्य हेतु राशि की मांग की थी। इस विद्यालय में बस्तर संभाग के अनेक विद्यर्थियो ने अध्धयन कर आज बहुत बड़े बड़े मुकाम पर पहुंच कर बस्तर का नाम रौशन किया है। स्कूल के विकास एवं जीर्णोद्धार के लिए मांग पर प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 1 करोड़ 50 लाख की राशि स्वीकृत की है। इसके लिए बस्तरवासियों व छात्रों की ओर से किरण सिंह देव मुख्यमंत्री श्री साय एवं शिक्षा मंत्री श्री यादव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। किरण देव ने कहा स्वीकृत राशि से जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय का बहुत ही बेहतर रुप से जीर्णोद्धार व विकास कार्य कराए जाएंगे।

बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, घेरा बिजली दफ्तर

0

विद्युत अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन

चंदन कश्यप का साय सरकार पर हमला

जगदलपुर प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली की दरों और आम जनता पर लादे जा रहे आर्थिक बोझ के विरोध में भानपुरी ब्लॉक युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भानपुरी बिजली कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरें तत्काल वापस लेने की मांग की है।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार आम जनता और गरीब परिवारों की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है। सरकार ने बिजली की दरों में बेतहाशा वृद्धि करके आम नागरिक का जीना मुहाल कर दिया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट और गैर घरेलू व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 25 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोत्तरी की गई है। हद तो यह है कि सरकार ने अन्नदाताओं को भी नहीं बख्शा है। कृषि विद्युत दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट की भारी वृद्धि कर दी गई है, जिससे आम जनता और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम और युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी ने कहा कि महंगाई के इस दौर में बिजली दरों में की गई यह वृद्धि पूरी तरह से जनविरोधी है। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस जनविरोधी फैसले को वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में सड़क से सदन तक और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। घेराव और प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी, जिला उपाध्यक्ष जीतेन्द्र जैन,निलय कश्यप ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष, जीवन सेठिया महामंत्री, श्याम दीवान, वरिष्ठ कांग्रेसी, श्यामसुंदर पांडे, मोसू बघेल, सत्यकांत कश्यप, पुनऊ कश्यप, श्यामकुमारी ध्रुव, अभिषेक बाजपेयी, अनिल बघेल, बलराम मौर्य भानपुरी ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दो गंभीर बीमारियां बना रही हैं बस्तर वासियों को अंधा

0

समय पर इलाज होने से बच सकती है रोशनी

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर के निवासियों के एक बड़ी बुरी खबर सामने आई है। यहां दो ऎसी गंभीर बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं, जो लोगों को तेजी से अंधा बना रही हैं। हालांकि समय रहते ईलाज कराने पर अंधत्व से बचा जा सकता है, मगर गरीब तबके के लोगों और प्रशासन के लिए ये दोनों बीमारियां गंभीर चुनौती बन सकती हैं। बस्तर संभाग के एकमात्र बड़े मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल डिमरापाल के नेत्र विभाग में अध्ययनरत छात्रों ने इन बीमारियों का पता लगाया है। इस खोज के अनुसार आंखों की ये दो गंभीर बीमारियां कोर्निया अल्सर और यूवाइटिस तेजी से लोगों की दृष्टि को प्रभावित कर रही हैं। मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में अध्ययनरत दो मेडिकल छात्रों द्वारा किए गए शोध में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। शोध के अनुसार इन बीमारियों से ग्रसित सैकड़ों मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

शोध के मुताबिक समय पर इलाज नहीं मिलने से दृष्टिहीनता का खतरा बढ़ जाता है।

महिलाएं ज्यादा प्रभावित

शोधकर्ता डॉ. श्रुति कंवर ने बताया कि यूवाइटिस के मरीजों में महिलाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाई गई है। यूवाइटिस आंख के अंदर स्थित यूविया परत में होने वाली सूजन है, जो संक्रमण, चोट या शरीर की अन्य बीमारियों से जुड़ी हो सकती है। इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में आंखों में दर्द, रोशनी से परेशानी, धुंधला दिखाई देना तथा दृष्टि कमजोर होना शामिल है। शोध के दौरान बस्तर क्षेत्र में यूवाइटिस के 103 मरीज पाए गए, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं। विशेषज्ञों के अनुसार महिलाओं के शरीर की संरचना और प्रतिरक्षा तंत्र से जुड़े कारणों के चलते 30 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में यह बीमारी अधिक देखी जाती है।डॉ. कंवर ने बताया कि समय पर जांच और उपचार नहीं होने पर यह बीमारी स्थायी दृष्टिहीनता का कारण बन सकती है। कई मामलों में दवा का पूरा कोर्स नहीं लेने पर बीमारी दोबारा लौटने की संभावना भी बनी रहती है।

चोट है कोर्निया अल्सर की वजह

एक अन्य शोधकर्ता डॉ. विनीत कौशिक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी और जंगल आधारित कार्यों के दौरान आंखों में लगने वाली चोटें कोर्निया अल्सर का प्रमुख कारण बन रही हैं। धान की बालियां, लकड़ी की टहनियां, घास-फूस और अन्य वन उत्पादों के संपर्क में आने से आंखों में चोट लग जाती है, जो बाद में संक्रमण का रूप लेकर कोर्निया अल्सर में बदल जाती है। शुरुआती लक्षणों में आंख लाल होना, दर्द होना, पानी आना और धुंधला दिखाई देना शामिल हैं। अधिकांश लोग इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती है। शोध में 85 मरीजों को शामिल किया गया था। इनमें से 7 दिनों के भीतर इलाज कराने वाले लगभग 60 प्रतिशत मरीजों की दृष्टि वापस लौट आई, जबकि 30 प्रतिशत मरीजों की दृष्टि आंशिक रूप से प्रभावित हुई। वहीं 5 से 10 प्रतिशत मरीजों में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उनकी दृष्टि पूरी तरह समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई।

बचें झाड़-फूंक और घरेलू उपचार से

मेडिकल कॉलेज की नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. छाया शोरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग आंखों की समस्या होने पर पहले घरेलू नुस्खों, झाड़-फूंक या बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं का उपयोग करते हैं। कई मामलों में आंखों में तेल, जड़ी-बूटी या अन्य पदार्थ डाल दिए जाते हैं, जिससे संक्रमण और अधिक गंभीर हो जाता है।उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों में चोट लगने, दर्द होने या धुंधला दिखाई देने जैसी किसी भी समस्या को हल्के में न लें और तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। शुरुआती चरण में उपचार मिलने पर कोर्निया अल्सर और यूवाइटिस दोनों का सफल इलाज संभव है, लेकिन देरी होने पर ऑपरेशन या जटिल उपचार की आवश्यकता पड़ सकती है तथा कई बार दृष्टि वापस लाना संभव नहीं हो पाता।

डॉक्टरों की सलाह

डॉक्टरों इन बीमारियों से बचने के लिए एडवाजरी भी जारी की है। इसके मुताबिक खेती या जंगल में काम करते समय सुरक्षात्मक चश्मे का उपयोग करें, आंख में चोट लगने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें, बिना डॉक्टर की सलाह के कोई आई ड्रॉप या दवा का उपयोग न करें, घरेलू उपचार और झाड़-फूंक से बचें और आंख लाल होने, दर्द या धुंधलापन महसूस होने पर तुरंत जांच कराएं। इस शोध से स्पष्ट हुआ है कि बस्तर में कोर्निया अल्सर और यूवाइटिस केवल सामान्य आंखों की बीमारियां नहीं हैं, बल्कि दृष्टिहीनता का बड़ा कारण बन सकती हैं। जागरूकता, समय पर जांच और सही उपचार ही आंखों की रोशनी बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

MOST POPULAR

HOT NEWS