मिठाइयों पर निर्माण एवं एक्सपायरी डेट अंकित करने, दुकानों की जांच और मिलावटखोरों पर कठोर कार्रवाई की मांग
बालोद। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका को देखते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला बालोद ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला संयोजक मदन माइती के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर जिला बालोद के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई।ग्राहक पंचायत ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों, नमकीन, दूध उत्पादों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग अत्यधिक बढ़ जाती है।

बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों द्वारा बासी, पुरानी अथवा गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री बेचने की आशंका बनी रहती है। कई बार खाद्य पदार्थों के निर्माण की तारीख, उपयोग की अंतिम तिथि तथा उनकी गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती। ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है।ज्ञापन में कहा गया है कि प्रत्येक उपभोक्ता को यह जानने का अधिकार है कि वह जो खाद्य सामग्री खरीद रहा है, उसका निर्माण कब हुआ है तथा उसका सुरक्षित उपयोग कब तक किया जा सकता है। विशेषकर खुली मिठाइयों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखे खाद्य पदार्थों के संबंध में उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। संगठन ने प्रशासन से खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में रखी गईं सात प्रमुख मांगेंअखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने प्रशासन से मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों पर निर्माण अथवा तैयारी की तारीख तथा Best Before, Expiry Date और Use By की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की है। मिठाई की दुकानों एवं कंटेनरों में रखी मिठाइयों के सामने उपयोग की सुरक्षित अवधि अंकित कराने, पैकेज्ड खाद्य सामग्रियों पर निर्धारित लेबलिंग नियमों का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया गया है।इसके अलावा दीपावली पर्व के दौरान मिठाई दुकानों, डेयरियों, बेकरी एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाने, बासी, मिलावटी, दूषित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है। खाद्य सामग्री तैयार करने एवं रखने के स्थानों पर स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संबंधित विभाग की शिकायत एवं हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने का आग्रह भी किया गया है।मदन माइती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल रहा उपस्थितज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मदन माइती के साथ जिला सचिव निर्मल पटेल, मनोज, मधुकर सिंह,विनय साहू, खिल्लेद्र दास, विरेन्द्र साहू एवं देवेन्द्र साहू दिपांशु उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए दीपावली से पूर्व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश देने का आग्रह किया।ग्राहक पंचायत का कहना है कि त्योहार की खुशियां मिलावटखोरी और लापरवाही के कारण किसी परिवार के लिए स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में नहीं बदलनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक खाद्य कारोबारी की भी जिम्मेदारी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को भी प्रेषित की गई है।




















