City Media - Page 58 of 1804 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 58

राशन वितरण में धांधली; ग्रामीणों ने जड़ा दुकान पर ताला, बैठे धरने पर

0
  •  कैका चेरबहार ग्राम पंचायत का मामला
  • शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया अधिकारियों ने

जगदलपुर जनपद पंचायत जगदलपुर के अंतिम छोर पर स्थित और नक्सल प्रभावित ग्राम पंचायत कैका चेरबहार के ग्रामीणों के हिस्से का सरकारी राशन दुकान संचालक हजम कर रहा है। ग्रामीणों को किसी भी माह पूरा राशन नहीं दिया जाता और दुकान संचालक अपनी मर्जी एवं सुविधा के अनुसार दुकान खोलता है। इसे लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आज फूट पड़ा। उन्होंने दुकान में ताला जड़ दिया। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण राशन दुकान के सामने ही धरने पर बैठ गए।

ग्राम कैका चेरबहार अति नक्सली प्रभावित क्षेत्र में आता है वहां के सरकारी राशन दुकान में चावल, शक्कर, गुड़, चना आदि खाद्यान्न कालाबाजारी खुलकर की जा रही है। ग्राम के उप सरपंच और दर्जनों ग्रामीण इस मामले की लिखित शिकायत बस्तर सांसद महेश कश्यप और एसडीएम से कई दफे कर चुके हैं, मगर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वर्षों से परेशान होते आ रहे ग्रामीणों ने आज दुकान में ताला लगा दिया है। ग्राम पंचायत कैका चेरबहार में लगातार 5 साल से शिकायत होने के बाद भी महीने के 15 दिन बाद चावल व अन्य खाद्यान्न का वितरण किया जाताहै। यहां चावल एवं अन्य खाद्यान्न लेने 5-6 किलोमीटर दूर स्थित गांवों के ग्रामीण आते हैं। इनमें ज्यादातर लोग महिलाएं और बुजुर्ग होते हैं। चावल व खाद्यान्न का वितरण समय पर नहीं होता है। वितरण करने वाले 12 बजे के बाद राशन दुकान में पहुंचते हैं। कई लोग मजदूरी करने जाना होता है समय पर चावल वितरण नहीं होने के कारण ये लोग मजदूरी करने नहीं जा पाते। शिकायत यह भी है कि अशिक्षित लोगों को कम राशन दिया जाता है। SDM और खाद्य विभाग में शिकायत करने के बाद भी दुकान संचालक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामवासियों द्वारा सामूहिक निर्णय लेकर राशन दुकान में ताला लगा दिया गया। ग्रामीणों ने एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारियों से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द राशन दुकान संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को सौंपी जाए। इस राशन दुकान का संचालन वर्तमान में उर्मिला सेठिया और अजंबर सेठिया द्वारा किया जा रहा है, जो दूसरी ग्राम पंचायत के निवासी हैं।

शिरोमणि माथुर की कविता में छलका बस्तर का दर्द

0
  •  नक्सलवाद और पिछड़ेपन का दंश झेल रहे बस्तर की वेदना है कविता में

जगदलपुर बस्तर संभाग नक्सलवाद से बुरी तरह ग्रस्त है। अब तक लाखों निरीह लोग इसके कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। यहां नक्सलवाद से लड़ते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों के हजारों जवान और अधिकारी अपने प्राणों का बलिदान दे चुके हैं। इस व्यथा और वेदना पर दल्ली राजहरा की वरिष्ठ कवियित्री एवं समाजसेविका श्रीमती शिरोमणि माथुर ने एक ऎसी कविता रची है, जो खूब सुर्खियां बटोर रही है।

बस्तर की त्रासदी को लेकर बस्तर की आवाज शीर्षक वाली कविता में अपने दिल की वेदना व्यक्त डॉ. शिरोमणि माथुर ने व्यक्त की है। बस्तर में पनपते माओवाद और बस्तर के सामाजिक जीवन पर उसके दुष्प्रभाव को करीब 50 वर्ष से देखती, सुनती और पढ़ती आईं डॉ. शिरोमणि माथुर ने इस पर अपनी वेदना कविता के रूप में प्रस्तुत की है। बस्तर की आवाज शीर्षक उमकी कविता की पहली पंक्ति- “बहुत तड़पते बस्तरवासी, सुनिए अब उनकी आवाज” से ही जाहिर हो जाता है कि बस्तर के बाशिंदों को इन वर्षों के दौरान कितनी मुसीबतें झेलनी पड़नी हैं और ऐसे हालातों को देखकर डॉ. शिरोमणि माथुर का मन किस कदर व्यथित हो उठा है। उनकी कविता कुछ इस तरह है –

बस्तर की आवाज

बहुत तड़पते बस्तरवासी, सुनिए अब उनकी आवाज

न्याय मांगते बस्तर वासी, उनको भी करिए आजाद

अपनी ही मस्ती में नाचें लोकनृत्य से करते प्यार

सुविधाओं से वंचित रहते

भरें शासन का भंडार

कोई आकर बचाए, कहते रहते हैं हम बारंबार

नक्सलवादी हमें सताते

बना रहे हैं हमें औजार

कीट पतंगे हमें न समझो

हम भी हैं इंसान की औलाद

तड़प तड़प कर हम मरते

अभी हटाओ नक्सलवाद

जीवन भय में बीत रहा है, मौत कभी भी आ जाती है

रक्त फैलता है धरती पर

लाशें बिछती जाती हैं

भीख में हमको जीवन दे दो

करिए अब सार्थक संवाद

जंजीरों में जकड़े हम हैं

करिए अब हमको आजाद

जरा देखिए मेरी पीड़ा

नहीं दबाओ अब आवाज

खून की होली बंद करिए

होने बस्तर को आबाद

कितने घाव सहे हैं हमने

कितनी लाशें गईं बिछाई

गिनती करना मुश्किल है

अंतहीन सी हो गाई लड़ाई

मानवता का पाठ पढ़ाते मानववादी कहां गए हैं?

नक्सलवाद बंद करो अब

बस्तरवासी बहुत ठगे गए हैं

बहुत तड़पते बस्तरवासी, सुनिए अब उनकी आवाज

न्याय मांगते बस्तरवासी, उनको भी करिए आजाद।

डॉ. शिरोमणि माथुर की यह रचना निसंदेह हर बस्तरवासी की पीड़ा को महसूस कराती है। यह कृति अब बस्तर में लोकप्रिय होती जा रही ह और जन जन की आवाज भी बनती जा रही है।

पिकअप एवं मोटरसाइकिल टक्कर युवक गंभीर रूप से घायल

0

दल्लीराजहरा पिकअप और मोटरसाइकिल में भिड़ंत जिससे मोटरसाइकिल सवार घायल सूत्रों से जानकारी के अनुसार आज शाम 6 बजे के आस पास डौंडी मथाई चौक में मोटरसाइकिल ओर पिकअप में टक्कर हो गया जिससे मोटरसाइकिल सवार को गंभीर चोट आयी हैं मोटरसाइकिल सवार को प्राथमिक उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले जाया गया वहां से उसकी स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है घायल युवक ग्राम पर्रकोड़ो का रहने वाला है युवक का नाम भीरा राम कावड़े बताया जा रहा है मौके पर पुलिस पहुंच आगे की कार्रवाई कर परिजनों को भी सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

एचडीएफसी बैंक के कामकाज से ग्राहक नाखुश

0
  •  खाता खोलने के लिए भी घुमाया जाता है शाखा में

बकावंड एचडीएफसी बैंक शाखा बकावंड के अधिकारियों की कार्यप्रणाली से ग्राहक परेशान हो उठे हैं। यहां ग्राहकों को खाता खोलने के नाम पर चक्कर कटवाए जाते हैं, जिससे बैंक के ग्राहक मानसिक रुप परेशान होते हैं।

बैंक शाखा में खाता खोलने के लिए उलझाया जाता है। अलग अलग प्रकार के खाते खुलवाने के लिए दबाव डाला जाता है। कोई फर्म या ग्राहक कंरट खाता खोलने के लिए जाता है, तो एचडीएफसी बैंक शाखा में पहले बचत खाता खुलवाने के लिए कहा जाता है इस प्रकार ग्राहकों को मानसिक रुप से परेशान किया जाता है।ग्राहक ओमप्रकाश रजक बकावंड की एचडीएफसी बैंक शाखा में 8 अक्टूबर को कंरट खाता खुलवाने के लिए गया था, लेकिन बैंक के डिप्टी मैनेजर ने कहा कि सबसे पहले आपको हमारे बैंक में बचत खाता खोलना होगा तभी कंरट खाता खोला जाएगा। ओमप्रकाश रजक ने बैंक में बचत खाता खुलवा लिया और करंट खाता के लिए कागजात जमा कर दिए। उसके बाद बैंक के डिप्टी मैनेजर कह दिया कि आपका करंट खाता निरस्त हो गया है। यह बैंक का नियम है, या बैंक द्वारा ग्राहकों को गुमराह करने का तरीका?

गागड़ा अपनी सरकार की नाकामी पर पर्दा डाल रहे: ताटी

0
  •  गागड़ा के सड़क के गड्ढे भरने पर तीखी प्रतिक्रिया

भोपालपटनम पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा द्वारा राष्ट्रीय राज मार्ग क्रमांक 63 के गड्ढों को भरने वाली तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उस पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं।

पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बसंत राव ताटी ने कहा कि भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री द्वारा अपनी ही डबल इंजन सरकार में सड़क के गड्ढों को भरना अत्यंत दुर्भाग्यजनक है। यह दृश्य देख कर ऐसा प्रतीत होता है कि इस सुशासन की सरकार में भाजपा नेताओं की बात सुनने वाला कोई नहीं है। ताटी ने कहा है कि पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर हों या फिर पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, भाजपा के इन कद्दावर नेताओं को किस तरह अपनी ही सरकार में जलील होना पड़ रहा है, यह सर्वविदित है। पूर्व ज़िला पंचायत सदस्य  ताटी ने कहा कि एक तरफ पूर्व वन मंत्री स्वयं ट्रेक्टर ट्रॉली पर सवार होकर सड़क के गड्ढे भरने का काम कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ संबंधित विभाग के ज़िम्मेदार अधिकारियों का इस ओर से आंख मूंदकर आराम फरमाना साय सरकार की नाकामी को दर्शाता है।

यहां सियासी खाई पाटने की जरूरत है नेताजी

0
  •  सड़क के गड्ढे तो सरकार पाट लेगी, आप खाई पाटने पर ध्यान दीजिए
  • ट्रैक्टर पर बैठे पूर्व मंत्री महेश गागड़ा का वीडियो हुआ वायरल

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भाजपा गहरी खाई में घिरी हुई है। बीजापुर विधानसभा सीट दस साल पहले भाजपा की हुआ करती थी, जो अब कांग्रेस की झोली में जा चुकी है। दस साल पहले यहां से दो बार विधायक चुने गए महेश गागड़ा डॉ. रमन सिंह की सरकार में मंत्री हुआ करते थे। तब वे कारों और सुरक्षा कर्मियों के काफिले के साथ घूमा करते थे आज वे ट्रैक्टर की सवारी करते नजर आने लगे हैं। ट्रैक्टर की ट्राली पर बैठे महेश गागड़ा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे चलते ट्रैक्टर से सड़क के गड्ढे पर गिट्टी मिट्टी गिराते नजर आ रहे हैं। इस पर तरह तरह की चर्चाएं और टिप्पणी भी सामने आने लगी हैं। लोग कह रहे हैं कि नेताजी को अभी सड़क के गड्ढे भरने की नहीं, बीजापुर में भाजपा के लिए जो खाई बन चुकी है, उसे पाटने की जरूरत है, वरना यह सीट हमेशा के लिए भाजपा के हाथों से निकल जाएगी।

दरअसल बीजापुर विधानसभा सीट में दस साल से भाजपा के लिए सूखे जैसे हालात हैं। इसके पहले के दस सालों तक भाजपा के महेश गागड़ा लगातार दो बार विधायक चुने गए और डॉ. रमन सिंह की सरकार में मंत्री भी बनाए गए। उस दौरान संगठनात्मक और प्रशासनिक कामकाज में जो लापरवाही बरती गई उसका खामियाजा अब भाजपा को बीते दस सालों से वनवास के रूप में भोगना पड़ रहा है। बीते दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के विक्रम शाह मंडावी जीतते आ रहे हैं। लगातार जिले की जनता के बीच सक्रिय रहने वाले विक्रम मंडावी ने बीजापुर की सियासी जमीन पर भाजपा के लिए ऎसी खाई खोद कर रख दी है, जिसे पाट पाना भाजपा के लिए आसान नहीं है। आलम यह है कि सत्ता का मजा ले चुके पूर्व मंत्री महेश गागड़ा अब ट्रैक्टर की सवारी और सड़क के गड्ढे पाटने का उपक्रम करते नजर आने लगे हैं। जब भरी बारिश में बाढ़ आई तब गागड़ा जी गोवा में मजे ले रहे थे। एक दिन आए कंबल और राशन बांट दिया। फोटो सेशन हुआ और राशन पाने वाले मजबूर 4 लोगों ने बांटने आए 40 लोगो के साथ फोटो खिंचाई। वाह रे सेवक! 2023 में भाजपा की सरकार बनी वो भी डबल, कहीं-कहीं पर ट्रिपल। आज 2 साल अपने अंतिम पड़ाव पर है, तब ये गड्ढे नही दिखे? मोदी जी आए, अमित शाह आए, मुख्यमंत्री आए, तब भी सड़क नहीं सुधरी।आज चिंता हो रही सड़को में लोगों की जान जाने की। लोग पूछ रहे हैं कि तब ये फिक्र कहां खो गई थी गागड़ा जी, जब 2 सालों तक लोग इस सड़क पर बेमौत मारे जाते रहे? यह वीडियो देखकर पहले मन मे एक भाव उठा, ऐसी सेवा, संवेदना और जनता के ऎसी प्रति सहानुभूति, काबिले तारीफ है। गौर से देखने पर पता चला कि ये जनाब तो पूर्व मंत्री महेश गागड़ा हैं। वे रमन सिंह सरकार में वन मंत्री थे। दो बार विधायक, मंत्री रहते अपनी तथाकथित सक्रियता, जनता से अलगाव और कार्यकर्ताओं से टेबल मीटिंग में अनुपस्थिति के कारण आज अलोकप्रिय छवि बना चुके हैं। बस अपनी सरकार, वो भी डबल इंजन की निष्क्रियता का भार उठा रहे हैं। यह मेहनत अब फिर से टिकट पाने की है, ना कि जनता की सेवा के लिए? यह हम नहीं आम लोग कह रहे हैं। लोग कह रहे हैं गागड़ा साहब रायपुर में छुट्टी मनाकर बोर हो गए होंगे, सोचा अब राजनीति चमका लेते हैं। ये सड़क के नहीं भाजपा अपनी करनी के गड्ढे भर रहे हैं।

फरसा गुड़ा में पोषण माह पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन, प्रतियोगिताओं और स्वास्थ्य शिविर से बढ़ा उत्साह

0

जगदलपुर :- केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा बस्तर जिले के फरसा गुड़ा ग्राम में आज 11 अक्टूबर 2025 को पोषण माह के अवसर पर विशेष लोकसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, ग्राम सरपंच श्री गणेश कश्यप तथा महिला एवं बाल विकास विभाग, बस्तर की परियोजना अधिकारी श्रीमती सावित्री बघेल की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए दो वर्गों में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे ग्राम की महिलाओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में पोषण आहार विषय पर प्रश्न मंच का भी आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती माताओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न हुई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण पारिवारिक और प्रेरणादायक बना रहा।

स्वास्थ्य विभाग, फरसा गुड़ा द्वारा इस अवसर पर एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें हीमोग्लोबिन (HB) टेस्ट सहित अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। शिविर में लगभग 100 ग्रामीणों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त, पोषण संबंधी जानकारी देने के लिए पोषण जागरूकता स्टॉल भी लगाया गया, जहां ग्रामीणों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद  दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप और ग्राम सरपंच  गणेश कश्यप ने संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सही पोषण न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए, बल्कि समाज की समग्र प्रगति के लिए भी आवश्यक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में जनभागीदारी को और अधिक प्रभावशाली बनाया गया। बस्तर लोक कला समिति, नानगुर के कलाकार श्री धीरनाथ बघेल ने लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं सुपरवाइजर श्रीमती सुनीता रामटेक ने पोषण आहार पर जनजागरूकता गीत प्रस्तुत किया। सुपरवाइजर श्रीमती सुधा श्रीवास्तव ने पोषण माह की अवधारणा और उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के श्री शशांक शेण्डे ने किया।

कलेक्टर, सीईओ ने पैदल नापी 5 किलोमीटर की दूरी, नदी पार कर पहली बार पहुंचे अबूझमाड़ क्षेत्र में

0
  •  ग्राम बेलनार, बंगोली के ग्रामीणों में जगाई विकास की उम्मीद
  • नव स्थापित सुरक्षा कैंप का लिया जायजा, ग्रामीणों से की बातचीत

-अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर का अबूझमाड़ क्षेत्र, जहां पहुंचने से सूरज की किरण भी घबराती है। ऐसे क्षेत्र में विकास और प्रशासनिक अमले के पहुंचने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। मगर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ की जीवटता ने इस असंभव को संभव कर दिखाया है। अपने जिले के इन दोनों सीनियर अफसरों ने पांच किलोमीटर लंबा रास्ता पैदल नापते और बाढ़ग्रस्त नदी नालों को पार करते हुए अबूझमाड़ क्षेत्र में अपने कदम रख ही दिए। ये अधिकारियों के कदम नहीं, विकास की नई पदचाप है, संकटों से झूझते अबूझमाड़ी ग्रामीणों की उम्मीद की किरण है।

असंभव को संभव को कर दिखाने वाले अफसर हैं बीजापुर जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे। एक दौर था जब बस्तर संभाग के बीजापुर और नारायणपुर जिलों तक फैला अबूझमाड़ क्षेत्र नक्सलियों का सुरक्षित पनाहगाह हुआ करता था। मगर अब इस गढ़ को सुरक्षा बलों ने भेद डाला है। अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों के कई कैंप स्थापित हो चुके हैं और वहां के गांवों में भी विकास का उजियारा धीरे धीरे बिखरने लगा है। बड़ी बात तो यह है कि अबूझमाड़ में अब तक जिला स्तर का कोई भी अधिकारी नहीं पहुंच पाया था। बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे इस अबूझ धरती पर कदम रखने वाले पहले अधिकारी बन गए हैं। इन दोनों अधिकारियों ने बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक में इंद्रावती नदी के उस पार स्थित सुदूर गांव बेलनार तक पांच किलोमीटर लंबा सफर पैदल तय किया, उफनती नदी को पार करने का बड़ा जोखिम उठाया। दोनों अफसरों ने बेलनार गांव में हाल ही में स्थापित नवीना सुरक्षा कैंप का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थिति पर उनसे चर्चा की। साथ ही ग्रामीणों से मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए शासन प्रशासन की प्रतिबद्धता से अवगत कराया और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। बेलनार में सुरक्षा कैंप की स्थापना से नियद नेल्ला नार योजना के तहत शामिल गांवों में विकास की रफ्तार तेज होगी। और शासन की योजनाएं अब इन क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगी। इससे माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा से वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संबित मिश्रा और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने ग्रामीणों को ग्रामीण विकास की योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के छत का आशियाना बनाने प्रेरित किया। नवीन आंगनबाड़ी भवन बन जाने से जिससे स्थानीय बच्चों को पोषण आहार और प्रारंभिक शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हजरत बाबा कमलीशाह (र.अ.) का 46 वां उर्स मुबारक

0

सुकमा, 11 अक्टूबर . हजरत बाबा कमलीशाह (र.अ.) का 46 वां उर्स पाक बड़े शानी शौकत के साथ दिनांक 14.10.2025 को मनाया जा रहा है। जिसमे सरकार के चाहने वाले दिवाने अपने मज्जूबे कामिल की बारगाह में खेराजे अकीदत पेश करने वाले है। उर्स कमेटी की ओर से गुजारिश है कि सरकार कि बारगाह में तशरीफ लाकर नजरानाए अकीदत पेश करें दीनी व दुनयावी दौलत से मालामाल हों, बारगाह में अपने दामन को फैलाकर अपनी मुरादो को पेश करें सरकार के फैजान से अपने घरो को मुनव्वर व मुजल्ला करें। अपनी तमाम दुःख एंव परेशानी आफत बलाईयात बारगाह में आकर फैजयाब हों। दरगाह शरीफ एक आस्था का केन्द्र है, जहाँ सभी धर्म के लोग श्रद्धा के साथ आते हैं। उर्स के आयोजन में अंजुमन कमेटी मस्ताना उर्स कमेटी अशर्फियां कमेटी एंव ताजिया कमेटी सुकमा की सहयोग से आयोजन किया जाता है।

दिनांक 14.10.2025 दिन मंगलवार को चादर संदल शहर का गश्त करते हुए दरगाह पहुंचेगी। शाम 6:30 बजे संदल गुशल चादर पोशी सलातो सलाम फातिहा एंव लंगर का एहतमाम किया गया है।

आत्मनिर्भर भारत – हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी  मंडल स्तरीय कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई

0

दल्लीराजहरा मंडल स्तरीय कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत आत्म निर्भर भारत के मंडल संयोजक सुरेश जायसवाल जी ने की। मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया।मुख्य वक्ता के रूप में जितेन्द्र साहू जी उपस्थित रहे।उन्होंने कहा कि –

भारत पहले विश्व का 33% उत्पादन करने वाला देश था, परंतु गुलामी की जंजीरों ने स्वदेशी भावना को कमजोर किया। आज भारत फिर से आत्मनिर्भर बन रहा है, क्योंकि सरकार अपने वैज्ञानिकों और युवाओं पर भरोसा कर रही है — यही कारण है कि आज हम ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइल तक का निर्यात कर रहे हैं। मुख्य रूप से उपस्थित रहे:मुख्य वक्ता जितेन्द्र साहू जी, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया जी,प्रदेश उपाध्यक्ष शीतल नायक जी, पालिका अध्यक्ष तोरण साहू जी, पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे जी, मंडल संयोजक सुरेश जायसवाल जी एवं मंडल पदाधिकारी , पार्षदगण एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रमेश गुजर जी ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

MOST POPULAR

HOT NEWS