City Media - Page 640 of 1859 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 640

बीत गए दिन गिन -गिन, नेता अब गिनने लगे हैं पल क्षिन

0
  • चुनावों और मतदान में नेता रहे हैं मस्त, अब नतीजे को लेकर होने लगी हालत पस्त

अर्जुन झा

जगदलपुर पूरे विधानसभा चुनावों में जमकर भागदौड़ करने के बाद भी जिन नेताओं के माथे पर पसीने की एक बूंद नजर नहीं आती थी, होठों पर हरदम मुस्कुराहट छाई रहती थी, अब उन्हीं नेताओं की ललाट पर पसीने की सैकड़ों बूंदें झिलमिला रही हैं, होठों से मुस्कान गायब हो चुकी है। वजह है चुनावी नतीजे और तमाम एग्जिट पोल में आए हैरान करने वाले आंकड़े।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनावी मास में दोनों प्रमुख दलों के साथ ही जनता कांग्रेसछत्तीसगढ़ (जे) और प्रवासी दल आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी जमकर भागदौड़ की थी। हर प्रत्याशी पर लाखों करोड़ों रुपए फूंके गए। लाख करोड़ फूंकने में नेता जरा भी गुरेज नहीं करते। उन्हें अच्छे से मालूम है कि रजनीति ही एक ऐसा धंधा है, जिसमें जितना अधिक इन्वेस्ट करो, उससे लाख गुना ज्यादा रिटर्न मिलता है। चुनाव के दौरान माह – डेढ़ माह भागदौड़ और मेहनत करने में क्या जाता है, जीतने के बाद तो करोड़ों के वारे न्यारे तो होने ही हैं, आराम ही आराम रहना है। खैर ये सब तो चलता है। अब मुद्दे की बात। चुनाव में जमकर पसीना और पैसा बहाकर भी जो नेता आकुल – व्याकुल नहीं हुए थे, वे चुनावी नतीजे की चिंता में दुबले हुए जा रहे हैं। गिन गिन बीतते जा रहे हैं दिन, करीब आ गया है नतीजे का दिन। अब सारे उम्मीदवार गिन रहे हैं पल -पल, क्षिन -क्षिन। वे पहले मतगणना वाली तारीख को पहले माह, फिर हफ्ते, फिर दिन में गिनते थे। अब घंटे और पलों में करने लगे हैं। इस खबर को तैयार किए जाते वक्त तक मतगणना को 32 घंटे 28 मिनट बाकी रह गए थे और प्रकाशित होते तक 21- 22 घंटे ही शेष रह जाएंगे। कुछ इसी अंदाज में विधानसभा के रण के सारे के सारे महारथी भी कयामत की रात के गुजरने का इंतजार कर रहे होंगे।

एग्जिट पोल ने दे दी बड़ी टेंशन

छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम एकसाथ 3 दिसंबर को आने हैं। आखिरी दौर में तेलंगाना विधानसभा के चुनाव निपटे। वहां मतदान प्रक्रिया खत्म होते ही एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियों का खेल शुरू हो गया। तमाम एग्जिट पोलों में बताए गए संभावित नतीजों का प्रसारण देश के सभी प्रमुख टीवी चैनलों में होने लगा। तख्त और ताज बदलने की तस्वीर पेश करते इन एग्जिट पोलों ने नेताओं के मुंह का जायका बिगाड़ दिया है, उनके तेवर बदल दिए हैं। उनके माथे पर पसीने की बूंदें लरजने लगी हैं। जो भाजपा नेता विपक्षी दल को उखाड़ फेंकने और बदल के रहिबो का दम भरते थे, वे भी अब सिटपिटा से गए हैं। वहीं जो कांग्रेस नेता अबकी बार 75 पार हुंकार भरते आ रहे थे, उनकी भी सांस इन एग्जिट पोलों ने फुला डाली है।अब किसी के सामने सरकार बचाने की, तो किसी के सामने सरकार बनाने की चुनौती है। जोड़तोड़, ऑपरेशन लोटस और ऑपरेशन पंजा की संभावना बढ़ गई है। इससे बचने और खेल करने के लिए राजनैतिक दलों ने खेल भी शुरू कर दिया है।

अर्ध वार्षिक परीक्षा से पहले कोर्स पूरा कराएं शिक्षक : बीईओ

0
  • बीईओ यादव ने घाटी के स्कूलों का किया निरीक्षण

लोहंडीगुड़ा विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, खंड स्रोत समन्वयक रोमांचल ठाकुर एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों के साथ लोहंडीगुड़ा विकासखंड के दूरस्थ अंचल की शालाओं की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया।

दुर्गम बिनता घाटी से नीचे बसे ग्राम कोरली की प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान 34 दर्ज बच्चों में से 21 बच्चों की उपस्थिति व मध्यान्ह भोजन व्यवस्था सुचारु पाई गई। संस्था में साफ सफाई एवं रखरखाव व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। निरीक्षण दल ने संस्था के शिक्षकों एवं बच्चों की एफएलएन की जानकारी का आकलन किया।शासन द्वारा दी जाने वाली पीएफएमएस राशि के बारे में संस्था प्रभारी से जानकारी लेकर उन्हें निर्देशित किया गया कि नियमानुसार राशि वेंडर के माध्यम से ही आहरण व व्यय किया जाना है। व्यय राशि का लेखा-जोखा भी संधारित करने के निर्देश दिए गए। संस्था के शौचालय की साफ सफाई की सराहना करते हुए खंड स्त्रोत समन्वयक रोमांचल ठाकुर ने पीएफएमएस की राशि से भवन में आवश्यक रंग रोगन कराने व प्रकाश व्यवस्था हेतु सभी कमरों में पर्याप्त एलईडी ट्यूब लाइट लगाने हेतु कहा। बीईओ चंद्रशेखर यादव ने उपस्थित संकुल शैक्षिक समन्वयक गुणसागर जोशी, कृपासिंधु कुरसोराम को निर्देश दिया कि सभी अपने- अपने संकुल क्षेत्र में समय-समय पर शैक्षणिक संस्थाओं का निरीक्षण करें। यू डाइस का कार्य समय सीमा में पूर्ण करने का पूर्ण दायित्व संकुल शैक्षिक समन्वयक का होगा। इसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से सभी संस्थाओं से संपर्क करेंगे। जाति प्रमाण पत्र के लिए विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि प्रति सप्ताह जाति प्रमाण पत्र की अद्यतन स्थिति के बारे में कार्यालय को अवगत कराएं। श्री यादव ने संस्था प्रभारियों को अर्द्ध वार्षिक परीक्षा की तैयारी और पाठ्यक्रम पूर्ण रखने के निर्देश दिए। पाठ्यक्रम की अपूर्णता की स्थिति में अतिरिक्त कालखंड में पूर्ण कराने की जवाबदेही संस्था प्रमुख व कक्षा शिक्षक की होगी।

हार के बहाने तलाशने में जुट गई है भाजपा : दीपक बैज

0
  •  बार बार चुनाव आयोग में जाना बताता है कि हार से बुरी तरह डर गई है बीजेपी

जगदलपुर भाजपा द्वारा शिकायतें लेकर बार- बार चुनाव आयोग की शरण में जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा चुनाव हार रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि भाजपा अपनी तय हार के लिये अभी से बहाना तलाश कर रही है। इसीलिये भाजपा के नेता रोज नए बहाने लेकर चुनाव आयोग पहुंचते हैं। भाजपा कभी निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाती है, तो कभी जिलों के अधिकारियों को धमकाती है, तो कभी स्ट्रांग रूम में गड़बड़ी के मनगढंत आरोप लगाती है। भाजपा की यह बौखलाहट बताती है कि भाजपा चुनाव में बुरी तरह से पराजित हो रही है।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा लगातार बयानों के जरिए और चुनाव आयोग में गलत शिकायतें कर अधिकारियों को धमका रही है। चुनाव में तय हार की खीझ से भाजपाई अधिकारियों को डराने धमकाने और पर उतर आए हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाएगी। भाजपा के नेता सरकार बनाने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। राज्य में कांग्रेस की सरकार दो तिहाई बहुमत के साथ वापस आएगी। छत्तीसगढ़ में भाजपा मुद्दाविहीन थी। चुनाव के बीच भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का जमकर दुरूपयोग किया। जनता ने भाजपा के सारे षड़यंत्रों को नकार कर उसके खिलाफ मतदान किया है।

पूरी तरह वेंटीलेटर पर चली जाएगी भाजपा : दीपक बैज

0
  •  छग में नहीं चलने वाला है बीजेपी का ऑपरेशन लोटस
  • दिसंबर को हो जाएगा भाजपा का सूपड़ा साफ

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने कहा है कि 3 दिसंबर को छत्तीसगढ़ से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा और वह पूरी तरह वेंटीलेटर पर चली जाएगी। वह यह भी भूल जाएगी कि ऑपरेशन लोटस किस बला का नाम है?

पड़ोसी राज्य तेलंगाना में चुनाव प्रचार करके लौटे कांग्रेस के स्टार प्रचारक दीपक बैज ने गुरुवार को जगदलपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस की बैठक लेने पहुंचे थे। बैठक शुरू होने से पहले उन्हें पत्रकारों ने घेर लिया। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में निपटे विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की स्थिति और भाजपा से ऑपरेशन लोटस जैसे खतरे के बारे में पत्रकारों ने उन पर सवालों की बौछार कर दी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सभी सवालों के बड़े ही व्यंग्यात्मक लहजे में और सटीक जवाब दिए। इन सभी राज्यों के चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन की स्थिति के सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में तो प्रचंड जीत हासिल कर ही रही है, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में भी ऐतिहासिक बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। छत्तीसगढ़ में हम 75 प्लस के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेंगे। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भाजपा दहाई के आंकड़े से कतई आगे नहीं बढ़ पाएगी तेलंगाना में तो भाजपा दौड़ में ही नहीं है। वहां वह तीसरे चौथे क्रम पर रहेगी। तेलंगाना में कांग्रेस की आंधी मैंने स्वयं देखी है। तेलंगाना के सत्तारूढ़ दल बीआरएस के प्रति वहां के लोगों में गहरी नाराजगी है। बीआरएस को तेलंगाना के मतदाताओं ने नकार दिया है। वहां के आदिवासियों, अनुसूचित जाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों, महिलाओं और युवाओं साफ जता दिया है कि वे बीआरएस को बिदाई देने तथा भाजपा का डब्बा गोल करने जा रहे हैं। तेलंगाना वासियों ने कांग्रेस पर भरोसा जता दिया है। इस सवाल पर कि नंबर गेम में पिछड़ने के बाद चारों राज्यों में भाजपा से कहीं कांग्रेस को ऑपरेशन लोटस का खतरा तो नहीं रहेगा और इस खतरे से बचने के लिए कांग्रेस क्या एहतियात बरतने जा रही है, दीपक बैज ने व्यंग्य भरे लहजे में कहा कि छत्तीसगढ़ में तो भाजपा सन 2018 से कोमा में है और 3 दिसंबर को वह पूरी तरह से वेंटीलेटर पर चली जाएगी। बाकी के तीनों राज्यों में वह अपाहिज बनकर रह जाएगी। अपाहिज और मरणासन्न पार्टी से भला क्या खतरा हो सकता है। मतगणना से जुड़े सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि हमारे शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, अन्य पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता पूरी तरह मुस्तैद रहकर मतगणना पर नजर रखेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू और शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य भी श्री बैज के साथ मौजूद थे।

राजहरा मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली शाबासी

0
  •  समीक्षा बैठक में पार्टीजनों के योगदान की हुई सराहना
  • मंडल समेत समूचे डौण्डी लोहारा क्षेत्र रहेगी बढ़त

दल्लीराजहरा भाजपा दल्ली राजहरा मंडल में विधानसभा चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक एवं शक्ति केंद्र प्रभारी संयोजक सह संयोजक एवं बूथ अध्यक्षों की बैठक स्थानीय गायत्री मंदिर परिसर में हुई।

बैठक का प्रारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद वार्ड 26 की पार्षद टी. ज्योति ने सत्यम शिवम सुंदरम गीत गाकर बैठक में भक्ति की धारा बहा दी। बैठक में मंडल भाजपा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा व अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी व सदस्य तथा दल्ली राजहरा नगर पालिका के भाजपा पार्षद उपस्थित थे। बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों व सह संयोजकों ने विधानसभा चुनाव के दौरान वार्ड व बूथ स्तर पर किए गए कार्यों की समीक्षा की। जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार एवं डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राजेश ताम्रकार, जिला कोषाध्यक्ष सुदेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजू कुकरेजा, सुरेश जयसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष संतोष देवांगन, महेंद्र पिपरे, किरण सिंन्हा, मुस्ताक अहमद, भूपेंद्र श्रीवास एवं मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी मचंस्थ थे। संचालन करते हुए राकेश द्विवेदी ने कहा कि दल्ली राजहरा मंडल के वार्डों एवं बूथों में सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा ईमानदारी से डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी देवलाल ठाकुर के पक्ष में चुनाव प्रचार किया है। इसका परिणाम हमें दल्ली राजहरा में भारतीय जनता पार्टी की जीत के रूप में अवश्य देखने को मिलेगा।कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के आधार पर हम दावा कर सकते हैं कि दल्ली राजहरा मंडल में पार्टी की जीत के साथ विधानसभा क्षेत्र डौंडीलोहारा के प्रत्याशी देवलाल ठाकुर को विजयी बनाने में हम सभी की अहम भूमिका निभा है। विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राजेश ताम्रकार ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं उनके समर्पण को देखकर हमें विधानसभा सीट में जीत स्पष्ट दिखाई पड़ती है। भाजपा बालोद जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बीच भी कार्य कर हमारी पार्टी के कार्यकर्ता सदैव डटे रहते हैं। यह उनकी निष्ठा का ही परिणाम है कि दल्ली राजहरा में भाजपा पार्टी की सदैव बढ़त रहती है। आपसी सामंजस्य का परिणाम इस बार दल्ली राजहरा में इतिहास रचेगा एवं रिकॉर्ड मतों से भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलेगी। इस अवसर पर पार्टी के महामंत्री महेंद्र सिंह एवं मदन मायती, रामेश्वर साहू, अंजू साहू, मनजीत कौर, रमेश जैन, लीलावती साहू, नीलेश श्रीवास्तव, सोनू ठगेल, शंकर साहू, सुमीत जैन, सुखवंतीन ठाकुर, पार्षद राजेश कांबले, सोहद्रा ठाकुर, हेमंत गौतम, टी ज्योति, ताम्रध्वज सुधाकर, प्रमिला पारकर, ममता नेताम, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष संजीव सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मरकाम, सुरेंद्र बेहरा, दमनदीप सिंह, मेवा पटेल, श्याम जायसवाल, आरके माने, तरुण साहू, हुकुम सिंह ठाकुर, गंगा रावटे, रमणी बाघ, कुमारी रावटे, उषा साहू,

ललिता विश्वकर्मा, भूषण निर्मलकर श्रीजीत, मनन गुप्ता, राकेश कोसरे, मनीष पाठक, पंकज गंजीर, दुर्गेश साहू, रंजीत गुप्ता, भगवान जायसवाल, विक्टर, वीरेंद्र साहू, राहुल शर्मा, विजय साहू उपस्थित थे।

ग्राम पंचायत राजनगर में बेखौफ चल रहा है भ्रष्टाचार का राज

0
  •  स्कूल जतन योजना में भी अवैध कमाई का जतन
  • पूरी राशि आहरित करने के बाद भी निर्माण आधे अधूरे

अर्जुन झा

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत राजनगर -2 में भ्रष्टाचार और मनमानी का राज चल रहा है। विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत पूरी राशि आहरित कर लेने के बाद भी कार्य आधा अधूरा करने की परंपरा इस ग्राम पंचायत में चल पड़ी है। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना में भी सरपंच, सचिव, ठेकेदार और अधिकारी कमाई का जतन कर रहे हैं।

ग्राम पंचायत राजनगर -2 में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत शाला भवन के अतिरिक्त कक्ष के निर्माण में जमकर अनियमितता बरती गई है। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा ठेकेदार के जरिए कराए गए अतिरिक्त कक्ष के निर्माण में भी गड़बड़ी उजागर हुई है। निर्माण कार्यों में अनियमितता की शिकायत ग्रामीण कई बार कर चुके हैं। कार्रवाई तो दूर की बात, आज तक जांच भी नहीं कराई जा सकी है। अतिरिक्त कक्ष के निर्माण में गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया है। घटिया छड़, रॉड, सीमेंट, बजरी, गिट्टी, ईंट, रेत का इस्तेमाल किया गया है। गारे में सीमेंट कम, रेत की मात्रा ज्यादा रखी गई। दीवारों की मोटाई भी कम रखी गई है। कमरों में क्यूरिंग तक नहीं कराई गई। निर्माण स्थलों पर निर्माण से संबंधित बोर्ड नहीं लगाए गए। ताकि अनियमितता उजागर न होने पाए। अतिरिक्त कक्ष को पूरी तरह बनाए बगैर आनन फानन में फ्लोर की छबाई, दीवारों की पोताई का कार्य करा दिया गया। अतिरिक्त कक्ष की गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया। आज तक काम पूरा नहीं किया जा सका है। जबकि स्वीकृत पूरी रकम निकली जा चुकी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना से खिलवाड़ करने में पंचायत के प्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी कोई कसर बाकी नहीं रख रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों में सरकार के प्रति गलत संदेश जा रहा है। बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत राजनगर- 2 की शासकीय प्राथमिक शाला में भी ऐसा ही खेल चला है। यहां प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए वित्त वर्ष 2022- 23 में 13 लाख 94 हजार रु. की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। निर्माण की जिम्मेदारी जिला निर्माण समिति बस्तर को दी गई थी। समिति ने निर्माण का काम ठेकेदार ओंकार गागड़ा के हवाले कर दिया।

शिक्षा विभाग ने भी किया खेला

इसी तरह विकासखंड शिक्षा विभाग ने भी एक अन्य अतिरिक्त कक्ष का निर्माण ठेकेदार से कराया है। कार्य स्थल पर लगाए गए बोर्ड के मुताबिक निर्माण कार्य 14 फरवरी 2023 से शुरू कर 20 अप्रैल 2023 तक पूर्ण करना था। स्वीकृत पूरी राशि तो आहरित कर ली गई है, मगर कई माह गुजर जाने के बाद भी निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है। अतिरिक्त कक्ष का निर्माण पूरी तरह कराए बिना ठेकेदार को कथित रूप से राशि का भुगतान कर दिया गया है। ठेकेदार ने भवन की दीवारों की पानी से तराई नहीं कराई है। छत ढलाई और प्लास्टर का काम भी बड़ी जल्दबाजी में कराकर अनियमितता पर पर्दा डालने का प्रयास किया गया है।

तंग जगह में भविष्य निर्माण

पुराने शाला भवन में जगह की तंगी हो रही है। वहां पांच कक्षाओं के लिए महज दो कमरे हैं। एकसाथ सभी कक्षाओं में अध्यापन अध्ययन मुश्किल हो रहा है। तंग जगह में कक्षा पहली से पांचवी तक के बच्चे एक दूसरे पर लदकर बैठने मजबूर हैं। इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत अतिरिक्त कक्ष निर्माण की स्वीकृति मिली है, लेकिन वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। ग्राम पंचायत की यह पहली करतूत नहीं है। स्वयं पंचायत द्वारा और ठेकेदार के माध्यम से कराए गए सभी कार्यों में इसी तरह की भर्राशाही और मनमानी की गई है। इसके खिलाफ ग्रामीण कई दफे शिकायत कर चुके हैं, लेकिन न जाने किसके दबाव में सरपंच, सचिव और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। ठेकेदार ओंकार गागडा ने निर्माण में बरती गई अनियमितता के सवाल का कोई जवाब ही नहीं दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने भी जवाब देने में आनाकानी कर दी।स्कूल भवन नहीं होने के कारण एक ही रूम में पांच कक्षाएं संचालित हो रही हैं। इस संबंध में भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिश्रा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

हैप्पी बर्थडे टू यू अनु के अल्फाजों से गूंज उठा कांग्रेस भवन

0
  • शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में मना अनुराग महतो का जन्मदिन

जगदलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर के युवा एवं ऊर्जावान अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पार्टीजनों के बीच प्रेम, भाईचारा और परस्पर सौहार्द बनाए रखने के लिए एक शानदार परंपरा की शुरुआत की है। वह है कांग्रेस से जुड़े लोगों का जन्मदिन समारोह पूर्वक मनाने की अनूठी परंपरा। पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्त्ता और बड़े से बड़े नेता का भी जन्मदिन जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़ी आत्मीय माहौल में मनाया जाता है। इसी कड़ी में बुधवार 29 नवंबर को संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन हैप्पी बर्थडे टू यू अनु अल्फाजों से गूंजता रहा। अवसर था कांग्रेस के युवा नेता अनुराग महतो के जन्मदिन का।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आईटी- सोशल मीडिया सेल के प्रभारी एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज के सोशल मीडिया सेल इंचार्ज अनुराग महतो का जन्मदिन 29 नवंबर को था। शहर जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर के अध्यक्ष सुशील मौर्य को इसकी जानकारी पहले से थी, लिहाजा उन्होंने अनुराग के बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारी पहले ही कर ली थी। अनुराग को सरप्राइज देने के लिए सुशील मौर्य ने उन्हें सेलिब्रेशन की भनक तक नहीं लगने दी। अनुराग महतो को पार्टी संबंधी कार्य के बहाने जिला कांग्रेस कार्यालय बुलाया गया। उन्हें कुर्सी पर बिठाकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अचानक केक उनके सामने रख उन पर पुष्प वर्षा शुरू कर दी। तब जाकर अनुराग को माजरा समझ आया और वे भौचक्के रह गए। सुशील मौर्य ने अनुराग महतो के हाथों से केक कटवाया और खिलाया।केक से अनुराग का मुंह मीठा कराते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने उन्हें जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं दी। इसके बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बारी बारी अनुराग महतो का मुंह मीठा कराते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं दी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोजविन दास, नरेंद्र तिवारी, शहर जिला महामंत्री ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी,असीम सुता, पार्षद कमलेश पाठक, पल्लव यादव, जॉर्ज टोप्पो, आकिब रज़ा, नीलम कश्यप, सुलो कश्यप, निकेत झा, रजत जोशी, हर्षल, साहिल हियाल, राहुल तिवारी, विकास, सुरेश बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

अनुराग महतो पर उमड़ा पीसीसी चीफ दीपक बैज का ‘अनुराग

0
  •  सांसद ने कराया अनुराग महतो का मुंह मीठा दी जन्मदिन की बधाई

लोहंडीगुड़ा चुनाव प्रचार खत्म कर तेलंगाना से लौटे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने लोहंडीगुड़ा स्थित निज निवास पर अपने मीडिया प्रतिनिधि अनुराग महतो का बर्थडे सेलिब्रेट किया। उन्होंने केक कटवाकर युवा नेता अनुराग महतो का मुंह मीठा कराते हुए उन्हें हैप्पी बर्थडे कहा और बधाई एवं शुभकामनाएं दी। दीपक बैज ने अनुराग महतो के दीर्घायु होने की कामना की और उन्हें उपहार भी दिया।

अनुराग महतो के बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए बुधवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज के स्थानीय निवास में जश्न का आयोजन किया गया था। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। अपने अनुज तुल्य अनुराग महतो के प्रति सांसद श्री बैज का अनुराग देखते ही बन रहा था। उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का भी उत्साह देखते बन रहा था। सभी लोग अनुराग पर विशेष अनुराग और स्नेह बरसा रहे थे। केक कटने के बाद श्री बैज का निवास परिसर हैप्पी बर्थडे टू यू अनुराग के संदेश से गूंज उठा। पार्टीजनों के बीच अनुराग को बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए होड़ सी मच गई थी। कोई महतो के गालों पर केक मल रहा था तो कोई उन पर फूलों की वर्षा कर रहा था और कोई गुब्बारे फोड़ने में मशगूल नजर आ रहा था। निवास परिसर के बाहर रंगीन आतिशबाजी भी काफी देर तक चलती रही। अपनों के इस निस्वार्थ अनुराग से अनुराग महतो भावविव्हल हो उठे थे।उपस्थित सभी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकाओं ने भी अनुराग महतो को जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी। इस दौरान बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, लोहंडीगुड़ा जनपद अध्यक्ष महेश कश्यप, उपाध्यक्ष योगेश बैज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोजविन दास, शहर जिला महामंत्री ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, असीम सुता, जॉर्ज टोप्पो, नीलम कश्यप, निकेत झा, रजत जोशी, हर्षल, राहुल तिवारी, विकास, सुरेश आदि मौजूद थे।

हत्या, मारपीट, अपहरण में शामिल नक्सली महिला गिरफ्तार

0
  • गंगालूर अस्पताल परिसर में हुई महिला की गिरफ्तारी

बीजापुर जिले के थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत विभिन्न माओवादी घटनाओं में शामिल महिला माओवादी के गंगालूर में देखे जाने की सूचना पर थाना गंगालूर के बल एवं महिला टीम ने एक महिला माओवादी को गंगालूर अस्पताल परिसर से पकड़ा है। पकड़ी गई महिला माओवादी रूखनी पूनेम ऊर्फ नमिता गायता जनमिलिशिया सदस्य है। वह गंगालूर थाना क्षेत्र में घटित अनेक घटनाओं में लिप्त रही है।

पुलिस के मुताबिक महिला नक्सली 27 अगस्त 21 को पुसनार गोरगेपारा निवासी आयतू पूनेम के घर से राशन एवं मवेशी लूटने, 8 अप्रैल 21 को धुरवापारा पुसनार के ग्रामीण सोमलू पोटाम से मारपीट एवं घर से राशन सामग्री व मवेशी लूटने, 21जुलाई 21 को धुरवापारा पुसनार के 3 ग्रामीणों की हत्या, 8 अगस्त 21 को धुरवापारा पुसनार निवासी सुदरू पूनेम एवं परिवार से मारपीट करने व घर से राशन सामग्री, मवेशी लूटने की घटनाओं में शामिल रही है।पकड़ी गई महिला माओवादी के विरूद्ध थाना गंगालूर में 4 स्थाई वारंट लंबित हैं। महिला माओवादी के विरूद्ध थाना गंगालूर में वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया।

विस्फोटक और पर्चा बैनर के साथ नक्सली गिरफ्तार

0
  •  ग्रामीण की हत्या और वाहन में आगजनी में था शामिल

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में एक नक्सली को विस्फोटक और नक्सल प्रचार सामग्री के साथ पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक यह नक्सली एक ग्रामीण की हत्या और वाहन में आगजनी की घटना में शामिल रहा है।

बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत 28 नवंबर को कुटरू थाने से जिला बल की टीम दरभा, केतुलनार की ओर निकली थी। इस दौरान केतुलनार-दरभा मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगा। सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम दीवाड़ पोयाम जनताना सरकार अध्यक्ष होना बताया। उसके पास रखे थैले की चेकिंग करने पर उसमे एक टिफिन बम, छह नग जिलेटिन स्टीक, सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर, प्रतिबंधित माओवादी संगठन का माओवादी साहित्य एवं माओवादी पर्चा, बैनर आदि बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए केतुलनार- दरभा मार्ग पर आईईडी लगाने की तैयारी थी। पकड़ा गया माओवादी थाना कुटरू क्षेत्रअंतर्गत 10 जनवरी 22 को केतुलनार गढ़मेरीपारा के एक ग्रामीण की हत्या, 4 फरवरी 22 को गिट्टी परिवहन करने वाले हाइवा वाहन में आगजनी की घटना में शामिल था । उसके विरूद्ध थाना कुटरू में 2 स्थाई वारंट लंबित हैं। पकड़े गए माओवादी के विरूद्ध थाना कुटरू में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं विधि विरूद्ध क्रिया कलाप निवारण अधिनियम 1967 की सुसंगत धाराओं में वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया।

MOST POPULAR

HOT NEWS