City Media - Page 560 of 1856 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 560

जबसे बनी है डबल इंजन की सरकार, छत्तीसगढ़ में मचा हाहाकार: दीपक बैज

0
  • फेल हो गई है प्रधानमंत्री मोदी की हर गारंटी : बैज

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व बस्तर के सांसद दीपक बैज ने संभाग मुख्यालय जगदलपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर केंद्र की मोदी व छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश में बढ़ रही मंहगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह फेल हो चुकी है। 100 दिन में महंगाई कम करने का झांसा देकर जनता के प्रति जवाबदेही से मोदी सरकार ने मुंह मोड़ लिया है। भुखमरी के इंडेक्स पर भारत लगातार नीचे जा रहा है।

दीपक बैज ने कहा कि देश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। 45 करोड़ युवा वर्ग केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के चलते नौकरी की तलाश ही बंद कर चुके हैं बेरोजगारी ऐतिहासिक रूप से शिखर पर है। मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा चुकी है। जीडीपी लगातार गिर रहा है। देश पर कर्जभार तीन गुना बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 2014 की तुलना में 20 परसेंट कम होने के बावजूद डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं। मोदी सरकार का ध्यान सिर्फ पूंजीपतियों को मुनाफा देने पर केंद्रित है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को एमएसपी नही दे रही है। उल्टे अपने हक के लिए आंदोलनरत किसानों को कील की दीवार खड़ी कर उन्हें रोक रही है और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। 100 स्मार्ट सिटी बनाने का दम भरने सरकार अभी तक आवासहीनों को चिन्हाकित नही कर पाई है। मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। इसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

महतारी वंदन में छल क्यों?

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की साय सरकार ने महतारी वंदन योजना में सबको बराबर लाभ देने की बात कही थी। वह भी सिर्फ चुनावी जुमला निकला। प्रदेश की महिलाओं से साय सरकार ने धोखा किया है। जब योजना का लाभ सभी को मिलना था तो चुनाव पश्चात इस योजना में विभिन्न नियम व शर्ते क्यों लागू की गईं? दीपक बैज ने कहा कि मोदी व प्रदेश की साय सरकार आरक्षण पर मुहर लगाए और इसका लाभ सभी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट का निजीकरण न होने देने की बात कहना सिर्फ चुनावी जुमला था। केंद्र सरकार जल्द ही इसका निजीकरण करने वाली है। यदि नहीं तो सरकार स्पष्ट जवाब दे। दीपक बैज ने कहा कि बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार आते ही शांति का माहौल भंग हो चुका है। महिलाओं, बहनों पर अत्याचार की घटना बढ़ रही है। बीजेपी राज आते ही शांत छत्तीसगढ़ अब अशांति की ओर बढ़ रहा है।

साधराम मामले पर चुप्पी क्यों

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आगे कहा कि बिरनपुर मामले पर साय सरकार जब सीबीआई जांच करवा रही है, तो साधराम यादव की हत्या की क्यों नहीं करवाती ? सिर्फ राजनीतिक फायदे देखने? उन्होंने कहा कि सरकार को साधराम यादव की हत्या की भी सीबीआई जांच अवश्य करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बैगा जनजाति के तीन व्यक्तियों की नृशंस हत्या पर भी पर्दा डालने का कार्य यह प्रदेश सरकार कर रही है। सिलेंडर फटने के नाम पर हुई मौत का हवाला देकर शासन प्रशासन इस हत्या को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। क्या छत्तीसगढ़ के आदिवासी मुख्यमंत्री होने के नाते इस नृशंस हत्या की जांच करवाएंगे? प्रेसवार्ता में शहर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलराम मौर्य,पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महापौर सफीरा साहू, सभापति कविता साहू, हनुमान द्विवेदी, अंगद प्रसाद त्रिपाठी, भुवन झा आदि भी मौजूद रहे।

प्रशासन की पहल पर अब जन सहभागिता से हर हफ्ते होगा न्योता भोजन

0
  • कलेक्टर और सीईओ ने भी ग्रहण किया न्योता भोजन
    जगदलपुर नगर के टाउन हाल में विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को न्योता भोजन का आयोजन किया गया। कलेक्टर विजय दयाराम के. जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पत्रकारों तथा समाज के प्रबुद्धजनों ने भी न्योता भोजन में भोजन ग्रहण किया।
    इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के. कहा कि न्योता भोजन की अवधारणा सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है। मुख्यमंत्री की पहल पर समाज, वरिष्ठ नागरिक या सामान्य जनों द्वारा स्कूली बच्चों के साथ भोजन करने का कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह विभिन्न त्यौहारों या अवसरों जैसे वर्षगांठ, जन्मदिन, विवाह और राष्ट्रीय पर्व आदि पर बड़ी संख्या में लोगों को भोजन प्रदान करने की भारतीय परम्परा पर आधारित है। समुदाय के सदस्य ऐसे अवसरों, त्यौहारों पर अतिरिक्त खाद्य पदार्थ या पूर्ण भोजन के रूप में बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन प्रदान कर सकते हैं। यह पूरी तरह स्वैच्छिक है और समुदाय के लोग अथवा कोई भी सामाजिक संगठन या तो पूर्ण भोजन का योगदान कर सकते हैं या अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार हर व्यक्ति को नसीब नहीं होता है इसलिए अन्न का महत्व समझते हुए अनाज को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा इस प्रकार का आयोजन समाजों और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता से प्रत्येक सप्ताह करने का प्रयास किया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्टर विजय दयाराम के. एवं जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे ने स्कूली बच्चों को भोजन परोस कर कर स्वयं समाज के लोगों और पत्रकारों के साथ न्योता भोजन किया। शहर के टाउन हॉल में न्योता भोजन प्रशासन के साथ- साथ मैत्री संघ और बौद्ध समाज के पदाधिकारियों के सहयोग से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में समाजों के प्रतिनिधियों ने भी अपना वक्तव्य दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, बीईओ एम. भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले गर्म भोजन को सामुदायिक भागीदारी की बदौलत और अधिक पोषक बनाने की अभिनव पहल की गई है। शाला अवधि में विद्यार्थियों को भोजन प्रदाय करने के लिए संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना गाईड लाईन में सामुदायिक आधार पर तिथि भोजन के प्रावधान के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य में इसे ‘न्योता भोजन’ के नाम से लागू करने का निर्णय लिया गया है। न्योता भोजन का उद्देश्य समुदाय के बीच अपनेपन की भावना का विकास, भोजन के पोषक मूल्य में वृद्धि तथा सभी समुदाय वर्ग के बच्चों में समानता की भावना विकसित करना है। न्योता भोजन की अवधारणा सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है। यह पूरी तरह से स्वैच्छिक है और समुदाय के लोग अथवा कोई भी सामाजिक संगठन स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पूर्ण भोजन का योगदान कर सकते हैं अथवा अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकेंगे। न्योता भोजन, स्कूल में दिए जाने वाले भोजन का विकल्प नहीं होगा, बल्कि यह विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन का पूरक होगा।

शिक्षक के फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामले में कमिश्नर -कलेक्टर आए एक्शन मोड में

0
  • प्रभारी प्राचार्य के. रामा यशवंत पर होगी कार्रवाई
  • फर्जी जाति प्रमाण पत्र से नौकरी पाने पाने का आरोप
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले के एर्राबोर हायर सेकंडरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य के जाति प्रमाण पत्र का मामला अब बस्तर संभाग के कमिश्नर तक पहुंच गया है। इसे लेकर कमिश्नर और सुकमा के कलेक्टर अब एक्शन मोड में आ गए हैं। कमिश्नर कार्यालय से प्राप्त निर्देश के तहत कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी सुकमा को निर्देश दिया है कि प्रकरण की जांच कर एक हफ्ते में रिपोर्ट पेश करें।
    आरोप है कि के. रामा यशवंत ने फर्जी जाति प्रमाण पत्र बनवाकर उसके जरिए शिक्षा विभाग में नौकरी पा ली है। वे पहले शिक्षक थे और प्रमोशन पाते हुए प्रभारी प्राचार्य के पद तक पहुंच गए हैं। वर्तमान में वे सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला एर्राबोर में प्रभारी प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। बीजापुर जिले के निवासी के. रामा यशवंत के जाति प्रमाण पत्र का मामला जिला स्तरीय जाति प्रमाण पत्र छानबीन समिति के समक्ष भी विचाराधीन है। जिला स्तरीय छानबीन समिति के. रामा यशवंत को उनकी वंशावलि, पटवारी मिसल रिकॉर्ड, कोटवार रजिस्टर पंजीयन आदि की प्रतियों के साथ उपस्थित होने के लिए कई बार नोटिस जारी कर चुकी है। उक्त शिक्षक कभी मेडिकल अनफिट, तो कभी जरूरी कार्य का बहाना बनाकर समिति के समक्ष उपस्थित होने से बचते आ रहे हैं। जिस दौरान के. रामा यशवंत ने खुद को मेडिकल अनफिट बताकर समिति के समक्ष उपस्थित होने में असमर्थता जताई थी, उस समय वे अपनी शाला में ड्यूटी करते देखे गए थे। उनकी बहानेबाजी को देखते हुए लगता है कि दाल में कुछ तो काला है।

अब कौन बचाएगा…?
ताजा मामला इस प्रकार है कि कोंटा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 4 निवासी नागेंद्र ओलेम ने बस्तर संभाग आयुक्त कार्यालय में शिकायती आवेदन प्रस्तुत कर के. रामा यशवंत को फर्जी जाति प्रमाण पत्र के मामले में पद से बर्खास्त कर उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने की मांग की है। इस पर संज्ञान लेते हुए संभाग आयुक्त के निर्देश पर उप आयुक्त ने सुकमा के कलेक्टर को पत्र जारी कर जांच के लिए कहा है। कलेक्टर ने सुकमा के जिला शिक्षा अधिकारी को आदेशित किया है कि मामले की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। वहीं पता चला है कि के. रामा यशवंत को पिछले कई साल से कथित फर्जीवाड़ा करने के बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी सुकमा और पूर्व मंत्री के कुछ सिपहसालार लेनदेन के चलते बचाते आ रहे हैं। अब मामले पर संभाग आयुक्त और कलेक्टर के के एक्शन मोड में आ जाने से शिक्षक का बचना असंभव हो गया है।

अवैध रूप से शराब तस्करी करने वाले 3 कोचिया गिरफ्तार

0
  • अवैध शराब बेचने वाले 01 कोचिया गिरफ्तार, कब्जे से एक मोटर सायकल, 5 लीटर से अधिक शराब जप्त एवं सार्वजनिक स्थल पर शराब सेवन करने वाले 03 व्यक्ति गिरफ्तार

दल्लीराजहरा  पुलिस अधीक्षक एस.आर. भगत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सुषील कुमार नायक के निर्देषन में जिले में अवैध व्यवसाय जुआ, सट्टा अवैध शराब के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक (मुख्या) बालोद सुश्री नवनीत कौर के मार्ग दर्शन मे थाना डौण्डीलोहारा पुलिस द्वारा आज दिनांक 22.02.24 को प्राप्त मुखबीर सूचना की तस्दीक करते हुए आरोपी (1) सुखित राम गायकवाड पिता गांधी राम उम्र 35 वर्ष, साकिन दुबचेरा थाना डौण्डीलोहारा जिला बालोद के कब्जे से अवैध रूप से 18 पौवा देषी प्लेन शराब, 06 नग अध्धी देषी प्लेन शराब जुमला 5.490 लीटर किमती 2400 रूपये, शराब बिक्री रकम 600 रूपये एवं शराब परिवहन करने में उपयोग किये उक्त मो.सा. क्र. सीजी 07 आई क्यू 6921 कीमती 6,000/रू. जप्त कर आरोपी के विरूद्ध अप. क्र. 43/24 धारा 34(2) आब. एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपियो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय पेष किया गया है। एवं इसी प्रकार डौण्डीलोहारा में आम जगह बैठ कर शराब पीने की षिकायत पर कार्यवाही करते हुए आरोपी (1) धन सिंह कोलियारे पिता हिरामन सिंह उम्र 55 वर्ष साकिन रेंघई थाना बालोद (2) मनेश कुमार पिता चैनूराम करैत उम्र 32 वर्ष साकिन टटेंगा थाना देवरी (3) यषवंत कुमार उर्वषा पिता सुखुराम उर्वषा उम्र 35 वर्ष, साकिन कोरगुडा षिकारीपारा थाना बालोद जिला बालोद (छ.ग.) के विरूध्द अप.क्र. 41/24, 42/24, 44/24 धारा 36(च)1 आब.एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना डौण्डी लोहारा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा में संलिप्त व्यक्तियो के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही जारी है।

कर्मचारियों व अधिकारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

0
  •  अधिकारी- कर्मचारी फेडरेशन ने खोला मोर्चा
    जगदलपुर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आव्हान पर प्रदेश के कर्मचारियों व अधिकारियों की लंबित मांगों के समाधान के लिए 23 फरवरी को भोजन अवकाश के दौरान बस्तर विकास खंड के अधिकारी कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री एव
    एवं मुख्य सचिव के नाम एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
    बीते 11 फरवरी को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के साथ हुई बैठक में शासन के उपेक्षा पूर्ण रवैये के विरोध एवं मांगों के समाधान हेतु शासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए यह ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार की अनुपस्थिति में रीडर घनश्याम जैन को सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों के लिए मोदी की गारंटी अनुसार केंद्र के समान चार प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि देने, प्रदेश के कर्मचारियों के लिए मोदी की गारंटी अनुसार जुलाई 2019 से समय- समय पर देय महंगाई भत्ते की लंबित एरियर्स राशि का समायोजन जीपीएफ खाते में करने, वेतन विसंगति एवं अन्य मुद्दों के लिए गठित पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, सातवें वेतनमान की एरियर्स की अंतिम किस्त का भुगतान जल्द करने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के ब्लॉक संयोजक प्रदीप मिस्त्री , कैलाश जैन, शैलेंद्र तिवारी, योगेश हरदाहे, लेखराज बघेल, चैतेंद्र पाणिग्रही, अनिता कश्यप, माधुरी मोरला, सर्वानी साहू, नरेंद्र ठाकुर, महेश कश्यप, लिखेश जोशी, नोहर सिंह देहारी, सुखराम, अमित कुंडू आदि कर्मचारी उपस्थित थे।

सुकरी बाई का निधन

0

बकावंड प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य की सासु मां सुकरी बाई का 82 वर्ष की आयु में गुरुवार की रात्रि 11 बजे निधन हो गया। वे अस्वस्थ चल रही थीं और हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। सुकरी बाई ने अपने गृहग्रान धनपूंजी में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार 23 फरवरी को गृहग्राम धनपूंजी में किया गया।

बस्तर संभाग में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बहुत कुछ करने की है दरकार

0
  • चित्रकोट, तीरथगढ़ में सस्ते कॉटेज बनाने की जरूरत
  •  ग्रामीणों द्वारा संचालित होम स्टे पड़ रहे हैं भारी
  • पर्यटन मंडल के कॉटेज हैं महंगे, नहीं रुक पाते पर्यटक
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग के पर्यटन स्थल बाहर से आने वाले सैलानियों को भारी पड़ रहे हैं। पर्यटन स्थलों में रुकने खाने की सुविधाen बड़ी महंगी हैं। आम पर्यटक यहां कुछ दिन बिताने का साहस नहीं जुटा पाते। लिहाजा पर्यटकों को बस्तर की ओर आकर्षित करने के लिए अभी शासन स्तर पर बहुत कुछ करने की दरकार है।
    बस्तर संभाग में पर्यटन और धार्मिक आस्था के लिहाज से अपार संभावनाएं हैं। यहां चित्रकोट वाटर फॉल, तीरथगढ़ वाटर फॉल, दंतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा, केशकाल घाटी, कोरली का इंद्रावती व्यू पॉइंट, विशाल गणेश प्रतिमा, सुकमा जिले का रामा राम मंदिर जैसे दर्जनों दर्शनीय स्थल हैं। इन स्थलों पर आम पर्यटकों के ठहरने के लिए सुविधापूर्ण और सस्ती आरामगाह नहीं है। चित्रकोट, तीरथगढ़ में पर्यटन मंडल के कॉटेज तथा स्थानीय ग्रामीणों द्वारा संचालित होम स्टे हैं, मगर ये इतने महंगे हैं कि आम सैलानी यहां ठहर ही नहीं सकते। कॉटेज और निजी होम स्टे का किराया बहुत ज्यादा है और वहां भोजन भी महंगा है। ऐसे में जिला पंचायत के माध्यम से हर दर्शनीय स्थल पर सुविधापूर्ण और सस्ते कॉटेज बनाए जाने की जरूरत है, ताकि इन स्थानों पर ज्यादा से ज्यादा पर्यटक आ सकें।

सस्ते सुलभ इंतजाम जरुरी
बस्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आम सैलानियों को सुविधा उपलब्ध कराना पहली आवश्यकता है। बस्तर के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों के ठहरने और भोजन के लिए सस्ती और सुलभ व्यवस्था नहीं है। जो निजी व्यवस्थाएं हैं, वे काफी महंगी हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के कॉटेज और ग्रामीणों द्वारा संचालित होम स्टे का किराया बहुत ज्यादा है। भारी भरकम किराया वहन कर पाना मिडिल क्लास और लोवर मिडिल क्लास के बूते की बात नहीं है। इस संदर्भ में जिला प्रशासन को सुझाव दिया गया है कि हर दर्शनीय स्थल पर कम से कम 10 -15 कमरों वाला विश्राम स्थल बनवाया जाए। वहां पार्किंग व्यवस्था भी हो। इन विश्राम स्थलों में सोलर एनर्जी का उपयोग कर बिजली की व्यवस्था की जा सकती है। सोलर एनर्जी से मोटर पंप चलाकर वहां जलापूर्ति भी की जा सकती है। ऐसा करके इन विश्राम स्थलों पर अतिरिक्त खर्च से बचा जा सकता है। सस्ता विश्राम बनाने से जहां आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं बस्तर के पर्यटन स्थलों तक ज्यादा से ज्यादा सैलानी पहुंच रात्रि विश्राम भी कर पाएंगे। बस्तर का पारंपरिक बाजार और व्यंजनों का कारोबार बढ़ेगा। परिवहन सुविधा का विस्तार होगा। स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा तथा क्षेत्र विशेष की पारंपरिक वस्तुओं काष्ठ शिल्प, टेराकोटा शिल्प, बांस शिल्प की वस्तुओं की बिक्री भी बढ़ेगी। इन विश्रामस्थली का संचालन का दायित्व महिला स्व सहायता समूहों को दिया जा सकता है। इससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

युवाओं को मिलेगा रोजगार
सस्ते और सुलभ विश्रामस्थल बनने से बाहरी पर्यटक यहां ज्यादा दिन ठहर पाएंगे और बस्तर के ज्यादा से ज्यादा दर्शनीय स्थलों का आनंद उठा पाएंगे। युवकों को गाइड का काम मिलेगा। यहां के नए पर्यटन स्थलों की पूछ परख बढ़ेगी। जैसा ढोलकल के बाद अब लोग कोरली और तिरिया पहुंचने लगे हैं। नागरिकों का सुझाव है कि इस दिशा में जिला पंचायत को काम करना चाहिए।

नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में दो निरीह ग्रामीणों को मार डाला, दो और ग्रामीण टारगेट पर

0
  • सुरक्षा बलों के कैंप खुलने से बौखला गए हैं नक्सली
  • पामेड़ एरिया कमेटी संगठन ने ली हत्या की जिम्मेदारी
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले में नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए दो ग्रामीणों की हत्या कर दी। इसके साथ ही दो अन्य ग्रामीणों को भी नक्सलियों ने सजा देने की चेतावनी देते हुए अपने टारगेट पर ले लिया है। कहा जा रहा है कि नक्सली वर्चस्व वाले इलाकों के गांवों में सुरक्षा बलों के कैंप स्थपित होने की बैखलाहट के नक्सलियों निरीह ग्रामीणों की हत्या कर उन इलाकों में दहशत फैलाने की कोशिश की है।
    उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार बस्तर संभाग में नक्सली समस्या के उन्मूलन और नक्सल प्रभावित इलाकों के समग्र विकास के लिए संकल्पित भाव से काम कर रही है। इसी के तहत नक्सल गढ़ में सुरक्षा बलों के कैंप स्थापित किए जा रहे हैं। राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी केबिनेट द्वारा लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की गति तेज कर दी गई है। केंद्र सरकार की योजनाओं का भी लाभ ऐसे इलाकों के ग्रामीणों तक सफलता पूर्वक पहुंचाया जा रहा है। इसमें पुलिस और सुरक्षा बलों का अहम योगदान है। कैंप स्थापना भी इसी उद्देश्य को लेकर की जा रही है। केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ मिलने तथा पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों के गांवों में आ जाने के बाद सुरक्षा, विकास और विश्वास का भरोसा ग्रामीणों में जाग उठा है। कई दशकों से अभावों, समस्याओं और बदहाली के बीच जीवन गुजारते आ रहे ग्रामीणों में उम्मीद की नई किरण जाग उठी है। ग्रामीणों का नक्सलियों से मोहभंग होता जा रहा है। यही बात अब नक्सलियों को चुभने लगी है। इसी वजह से वे निरीह ग्रामीणों को मुखबिरी का आरोप लगाकर मौत के घाट उतारने लगे हैं।दो को मारा, दो और निशाने पर
    सुकमा जिले में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी। जिले और बीजापुर जिले की सरहद पर स्थित गांव कायर दुल्लेड़ निवासी ग्रामीण सोड़ी हूंगा और माड़वी नंदा की हत्या की गई है। नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। नक्सलियों ने एक पर्चा जारी कर कहा है कि सोड़ी हूंगा और माड़वी नंदा पुलिस के संपर्क में रहते थे और सुरक्षा बलों के कैंप में मछली, मुर्गा, सूअर आदि पहुंचाने तथा ग्रामीणों को पुलिस से पिटवाने का काम कर रहे थे। गांव के ग्रामीण मड़काम सुला की पुलिस से पिटाई करवा कर उसका कान कटवा देने कस आरोप भी नक्सलियों ने लगाया है। इसीलिए उन्हें मौत की सजा दी जाने की बात पर्चे में कही गई है। इसके अलावा नक्सलियों ने कायर दुल्लेड़ गांव के ही अड़मा (पंगाल डेंगाल) और देवे को भी पुलिस का मुखबिर बताते हुए उन्हें भी चेतावनी दी है।

    गृहमंत्री विजय शर्मा की गजब दिलेरी
    छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा की दिलेरी की दाद देनी होगी, जिन्होंने नक्सली मांद में घुसकर सुरक्षा बलों के जवानों की हौसला अफजाई करते रहे हैं। कुछ दिनों पहले सुकमा जिले के ही एक कैंप में तैनात दो जवान नक्सली हमले में शहीद हो गए थे। इस घटना के तुरंत बाद गृहमंत्री विजय शर्मा सुकमा के धुर नक्सल प्रभावित गांव में स्थापित कैंप में पहुंच गए थे। वहां श्री शर्मा काफी देर तक रुके रहे और सुरक्षा जवानों का मनोबल बढ़ाते रहे। गृहमंत्री विजय शर्मा ग्रामीणों से भी मिले और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार आपके साथ खड़ी है। विजय शर्मा दो दफे नक्सल प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं। संभवतः छत्तीसगढ़ के इतिहास में विजय शर्मा पहले गृहमंत्री हैं, जिन्होंने नक्सली मांद में घुसने का साहस दिखाया है।

    तिवारी ने भी लांघी लक्ष्मण रेखा
    नक्सलियों ने सुकमा जिले के पहुंच विहीन गांवों में जो लक्ष्मण रेखा खींच रखी थी, उसे अब जिले के शीर्ष अधिकारी भी लांघने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। इन्हीं अधिकारियों में सुकमा जिला पंचायत के युवा सीईओ लक्ष्मण तिवारी भी शुमार हैं। 21 फरवरी को सीईओ लक्ष्मण तिवारी नक्सलियों द्वारा खींची गई लक्ष्मण रेखा को लांघते हुए कोंटा विकासखंड के अति संवेदनशील ग्राम पूवर्ती, टेकलगुड़ा, कुंदेड़ और सिलगेर जा पहुंचे। वहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। जिला पंचायत सीईओ लक्ष्मण तिवारी ने ग्राम पूवर्ती में आगनबाड़ी, पीडीएस भवन, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्यों की भौतिक प्रगति का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने पूवर्ती में स्वीकृति हेतु प्रस्तुत कार्यों के लिए प्रस्तावित स्थल का भी जायजा लिया। श्री तिवारी ने ग्रामीणों और अधिकारियों से कार्य की आवश्यकता व मूलभूत विकास से होने वाले लाभ के बारे में चर्चा कर  प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष प्रभाव के संबंध में जानकारी ली। सीईओ ने अधिकारियों को कार्यों की स्वीकृति के संबंध में निर्देश दिए। सीईओ श्री तिवारी के साथ निरीक्षण के दौरान साथ जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

पीड़िया व इतावर के जंगल में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़

0
  • नक्सलियों के सुरक्षित पहुंच विहीन क्षेत्र पीड़िया, इतावर की पहाड़ियों पर धावा
  • पहाड़ी में नक्सली कैंप ध्वस्त, भारी मात्रा में नक्सल सामाग्री बरामद

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सीमावर्ती इलाके में सर्चिंग पर निकले जवानों की नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ हो गई। सुरक्षा बल भारी पड़ गया और नक्सली भाग निकले। मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के बुरी तरह घायल होने की संभावना है।. सुरक्षा जवानों ने घटना स्थल से भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की है।

संभाग के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर व दंतेवाड़ा के सरहदी क्षेत्र पीड़िया, इतावार के पहाड़ियों में गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर 20 फरवरी को डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ, कोबरा 202, 210 बटालियन एवं डीआरजी दंतेवाड़ा का संयुक्त बल विशेष नक्सल विरोधी अभियान के लिए निकला था। अभियान के दौरान 21 फरवरी को जवान सर्चिंग करते हुए इतावार की पहाड़ी के पास पहुंचे थे कि 70- 80 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को जान से मारने एवं हथियार लूटने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों द्वारा भी फायरिंग की गई। नक्सली खुद को कमजोर पड़ता देख जंगल- पहाड़ी की आड़ लेकर मौके से भाग खड़े हुए। अभियान के दौरान वापसी के समय 21 फरवरी को डीआरजी बीजापुर की टीम सर्चिंग करते हुए लेंड्रा- कोरचोली के जंगल में पहुंचे थे, कि पूर्व से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दिये। डीआरजी की टीम ने सुरक्षित आड़ लेकर जवाबी कार्रवाई की। वहां भी नक्सली खुद को कमजोर पड़ता देख जंगल-पहाड़ की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। अभियान के दौरान पहाड़ी में सर्च करने पर नक्सली कैंप मिला, जिसे जवानों द्वारा मौके पर ध्वस्त कर दिया गया। मौके व आसपास के स्थल से नक्सली वर्दी, पिट्ठू, बर्तन, सोलर प्लेट, पॉलीथिन, बड़े- बड़े जर्किन, दवाईयां व भारी मात्रा में दैनिक उपयोगी का सामान बरामद किया गया। क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान जारी है ।

भाजपा जिलाध्यक्ष रुप सिंह मंडावी को मातृशोक

0

जगदलपुर भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी की माता श्रीमती कनक लता मंडावी का निधन 22 फरवरी को शाम 4 बजे रायपुर के एमएमआई हॉस्पिटल मे इलाज के दौरान हो गया।उनका पार्थिव शरीर निवास स्थान फरसागुड़ा आज रात पहुंची। उनकी अंतिम यात्रा 23 फरवरी शुक्रवार को सुबह 11 बजे गृहग्राम फरसागुड़ा स्थित निवास से निकलेगी और गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव ने कनक लता मंडावी के निधन पर शोक जताते हुए मंडावी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। किरण देव ने श्रीमती मंडावी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय और नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने भी मृतात्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS