- यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन
- शहर में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई कार्रवाई
-अर्जुन झा-
जगदलपुर अगर आप बिना हेलमेट लगाए बाईक चलाते हैं, नशे की हालत में गाड़ियां चलाते हैं। बिना सीट बेल्ट बांधे कार ड्राइव करते हैं, आपके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, तो सावधान हो जाइए। वरना बहुत पछताना पड़ेगा।बस्तर में अब यह ढर्रा नहीं चलने वाला है, क्योंकि बस्तर पुलिस जाग उठी है। पुलिस फुल एक्शन मोड में दिख रही है। यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जगदलपुर समेत बस्तर जिले के अन्य शहरों व कस्बों में अब तक सब चलता है की तर्ज पर काम चलता रहा है। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी चलना, नाबालिगों का फर्राटे से बाईक और कार दौड़ाना, हेलमेट को घर की खूंटी पर टांगकर सड़कों पर बाईक चलाना, प्रेशर हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण फैलाना, ड्राइविंग लाइसेंस को आलमारी में सहेजकर रख बाईक कार लेकर निकल पड़ना, वाहनों का बीमा न कराना बस्तर में आम बात रही है। अब कोई बहानेबाजी नहीं चलने वाली है, क्योंकि हम फिर कह रहे हैं – जाग उठी है बस्तर पुलिस।शहर में वाहन चालकों द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने व यातायात नियमों का पालन न करने वाले बाईकर्स और कार ड्राइव करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। ये अलग बात है कि यह मुहिम भी चार दिन की चांदनी साबित हो सकती है।ऐसा ही अभियान कोतवाली पुलिस ने शुरू किया गया है। अभियान के तहत पहले दिन कुल 26 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, 6 प्रकरणों में 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस्तगाशा पेश किया गया और 11 हजार 500 रू. का जुर्माना वसूला गया। नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों तथा कानून से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी तारतम्य में शहर में शराब सेवन कर वाहन चलाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।शहर के अलग अलग क्षेत्रो से चार पहिया व दोपहिया वाहन चालकों द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन न कर वाहन चलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने निर्देशित किया है।पहले दिन 32 लोगों पर गिरी गाज
पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग व नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कार्रवाई हेतु टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों ने शहर के अनेक चौराहों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर चार पहिया व दोपहिया वाहन चालकों द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, बिना लाइसेंस के वाहन चलाने, बिना इंश्योरेंस के वाहन चलाने वाले कुल 32 लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस्तगाशा व चालानी कार्रवाई की गई है। जिसमें शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 6 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। 185 एमवी एक्ट तथा 26 प्रकरण एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।11,500 रू. का शमन शुल्क वसूला गया। साथ ही तेज आवाज निकालने वाले 20 से अधिक दुपहिया वाहनों के साइलेंसर को मौके पर निकलवाने की कार्रवाई की गई। सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में बताया गया और नियमों का पालन करने की समझाईश दी गई।
ट्रैफिक रूल तोड़ने वाले सावधान हो जाएं, जाग उठी है पुलिस
चिखली की छात्रा 67वी राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता फुटबॉल मैच में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी
दल्लीराजहरा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिखली कक्षा आठवीं की छात्रा कुमारी प्राची पोर्ते पिता नरेश पोर्ते का चयन फुटबॉल 14 वर्ष जो कि रांची झारखंड में 16 जनवरी से 21 जनवरी 2024 के लिए हुआ है। बालोद जिले से एकमात्र बालिका प्राची इस 67वीं राष्ट्रीय शालेय कीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रशिक्षक चंद्रशेखर पवार ने बताया प्राची को फुटबॉल सीखते हैं डेढ़ वर्ष हो गए हैं और अपनी मेहनत के बल पर वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खैरागढ़ में बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, वहां पर राष्ट्रीय स्तरीय फुटबॉल 14 वर्ष के लिए प्राची का चयन हुआ। प्राची आदिवासी परिवार से है इनके पिता मधुबन जनरल स्टोर दल्ली राजहरा में कार्य करते हैं परंतु अपनी बिटिया को खेल के लिए हर सुविधा देने को तैयार रहते हैं प्रशिक्षक ने बताया कि प्राची 2 घंटे सुबह और 2 घंटे शाम को गांव के अन्य बच्चों के साथ अभ्यास करती है शुरुआत में प्राची के पास जूते नहीं थे तब खाली पैर अभ्यास करती थी जिसे देखकर जगप्रीत संधू व अभिनव झा ने बच्ची को जुता व मोजा प्रदान किए थे । प्राची के 67वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता फुटबॉल 14 वर्ष के लिए चयन होने पर एसडीएम सुश्री प्राची ठाकुर जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी साव,जनपद सीईओ डीडी मांडले, प्राचार्य विनीता सैनी, बोईओ जयसिंग भारद्वाज, जिला खेल अधिकारी किशोर मेहरा, सपन जेना देवराज मलिक, ग्राम पंचायत चिखली के सरपंच अहिल्याबाई रावटे , चंपालाल सागर, संकुल के समस्त शिक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है
नारंगी नदी की रेत से खड़ी हो रही है भ्रष्टाचार की ईमारत
- कोंडागांव जिले में रेत के अवैध खनन व परिवहन को खनिज विभाग की खुली छूट
- बिना रायल्टी पटाए बड़े पैमाने पर रेत की निकासी
-अमरेश झा-
कोंडागांव जिले में रेत माफिया और खनिज विभाग का जंगल राज कायम हो गया है। नारंगी नदी की रेत से भ्रष्टाचार की ईमारत खड़ी की जा रही है। रेत माफिया को प्रशासन और खनिज विभाग ने खुली छूट दे रखी है। यही वजह है कि रेत घाटों से अवैध खनन का कार्य निर्बाध चल रहा है।
रेत माफिया बिना रायल्टी पटाए रेत बेचकर शासन को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम रेत परिवहन में लगे वाहनों को जब्त कर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभा रही है। जबकि रेत घाटों में खनन में लगे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।कोंडागांव जिले की एकमात्र मुख्य नदी नारंगी नदी के रेत घाटों को रेत खनन के लिए ठेके पर दिया गया है, लेकिन रेत घाटों के ठेकेदार ने खानापूर्ति करते हुए घाटों से माफियाओं के द्वारा रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। नदी का सीना चीरकर सालभर तक रेत माफिया बिना रायल्टी के रेत खनन कर सरकार को लाखों रुपये का चूना लगा चुके हैं। यह खेल अभी भी अनवरत जारी है। जिले में रेत माफिया जिला प्रशासन के अधिकारियों पर भारी पड़ रहे हैं।काली रात में चलता है काला धंधा
अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई केवल दिखावे के लिए की जा रही है। जिसके कारण बेखौफ होकर रेत माफिया खनन और परिवहन कर रहे हैं। पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों का तो यहां तक कहना है कि रोजाना इन घाटों से रात में भी बड़ी मात्रा में रेत खनन कर परिवहन किया जा रहा है। रात जब गहरा कर स्याह काली हो जाती है, तब रेत खनन एवं परिवहन का काला धंधा और भी तेज हो जाता है। खुलेआम हो रहे रेत खनन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की जाने से साफ जाहिर होता है कि रेत खनन और परिवहन खनिज विभाग के अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है।कलेक्टर को भी रखते हैं अंधेरे में
कलेक्टर के निर्देश के बाद पिछले दिनों रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर को जब्त कर कार्रवाई की औपचारिकता निभाई गई थी। खनिज विभाग के अधिकारी कार्रवाई में दोहरा मापदंड अपना रहे हैं। वे कलेक्टर को भी अंधेरे में रखने का दुस्साहस करने लगे हैं। रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने में अधिकारियों के हाथ कांप रहे हैं। रेत ठेकेदार यदि बिना रायल्टी के नदी से उत्खनन कर रेते बेचेंगे ही नहीं, तो परिवहन भी नहीं होगा। रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि बंद रेत घाटों से रेत का खनन किया जा रहा है। वहीं खनिज व राजस्व विभाग के अधिकारी जानकारी के बाद भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में खनिज विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता है।
शिव संस्कार धाम के शिव भक्तों के द्वारा अयोध्या में रामलला की स्थापना का आमंत्रण पत्र बांटा गया
दल्लीराजहरा अयोध्या भव्य मंदिर में भगवान श्री रामचंद्र जी की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर को विशेष बनाने के लिए शिव संस्कार धाम सेवा समिति के सदस्यों के द्वारा घर-घर जाकर अक्षत एवं आमंत्रण बांटा गया और साथ ही दल्ली राजहरा में भी भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए श्री संस्कार धाम में विशेष तैयारी की जा रही है l
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के धर्म नगरी अयोध्या में स्थापना के अवसर पर निमंत्रण देने के लिए दल्ली राजहरा में शिव संस्कार धाम से अक्षत वितरण और निमंत्रण पत्र देने के लिए यात्रा निकल गई l जिसके तहत शिव संस्कार धाम से वार्ड क्रमांक 4 से लेकर जैन भवन चौक से मार्केट से होते हुए गुप्ता चौक मां शीतला मंदिर होते हुए वार्ड 26 वार्ड 22 सभी जगह अक्षत का वितरण किया गया l भगवान राम के नवनिर्मित मंदिर का प्रतीकात्मक फोटो और आमंत्रण पत्र बांटा गया है l

लोग भगवान राम की जयकार करते हुए , मेरे घर राम आए हैं सजा लो फिर से थाली जैसे राम भक्ति गीत गाकर अक्षत बांट रहे थे l तो अक्षत लेने वाले भी इसे भगवान राम की नगरी अयोध्या का निमंत्रण पत्र मानकर अपने सिर पर लगाकर स्वीकार कर रहे थे l शिव संस्कार धाम के अध्यक्ष निलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जब भगवान राम 14 वर्ष की वनवास काट कर अयोध्या वापस लौटे थे l तब जन- मानस के द्वारा अपने घरों में दिवाली मनाई गई थी l तब घरों में मिट्टी के दिये से उजाला किए गए थे और घरों में मीठे पकवान बने थे lअब भगवान राम फिर से 500 वर्ष के बाद अयोध्या में विस्थापित हो रहे हैं l तब राजहरा में भव्यता से दिवाली मनाया जाना चाहिए l हर हिंदुओं का कर्तव्य है कि उस दिन अपने घरों में दीप जलाएं और विद्युत झालर से सजाए कि हमारे आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम अयोध्या में विराजमान हो गए हैं l जिसके स्थापना के लिए हमारे पूर्वज अनगिनत बलि दे चुके हैं माताएं त्रासदी झेली हैं l अब भारतीय जनता पार्टी के सरकार जिसमें महानायक के रूप में मोदी जी का आगमन हो चुका हैl l अब फिर हम जय श्री राम के नारे के उद्बोधन के साथ राम राज्य की कल्पना कर सकते हैं l शिव संस्कार धाम के कोषाध्यक्ष हेमशंकर साहू ने कहा कि
यह समय है उन लोगों के लिए है l जिनके पूर्वज या वह स्वयं जो डर भय और लालच में अपने सनातन धर्म को छोड़कर अन्य धर्म अपना लिए थे l मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पुनर्स्थापना के साथ आप अपने धर्म को आत्मसात कर हिन्दुत्व में वापस लौटने का सुनहरा मौका पा सकते है l अक्षत वितरण में शिव भक्त हेमशंकर साहू सुशील गुप्ता जे.आर यादव जी प्रदीप कुमार साहू परदेसी राम देवांगन पांडे जी मदन देवांगन सोनिया सिंह और शिव भक्त मौजूद थे
एक भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा मोदी सरकार की योजनाओं से
- विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची गांवों में
- भाजपा नेता ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
बकावंड केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं से लोगों को अवगत कराने एवं लाभान्वित करने विकसित भारत संकल्प यात्रा बकावंड ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में भी पहुंच रही है। ग्राम पंचायत कौड़ावंड, उड़ियापाल बकावंड, राजनगर -1 में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कौड़ावंड में अतिथि प्रदेश भाजपा सदस्य बनवासी मौर्य व पूर्व सांसद प्रतिनिधि मोहन जोशी, मंडल महामंत्री दामोधर बघेल,अ जजा मोर्चा मंत्री खगेश्वर कर्मा का ग्रामीणों ने बाजेगाजे के साथ भव्य स्वागत किया।
मौर्य ने ग्रामीणों को मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हितैषी योजनाओं को जनता तक सीधे पहुंचाने और हर पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाने के लिए निकाली गई है। मोदीजी की गारंटी का मतलब है कोई भी व्यक्ति विकास में पीछे न रहे। हर व्यक्ति आर्थिक रूप से उन्नति करे, सबकी सेहत अच्छी रहे। जो ग्रामीण मोदी सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है। उड़ियापाल में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए मनीराम कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं। आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला सहित अन्य योजनाओं का लाभ ग्रामीण उठाएं। ये सभी योजनाएं जनता के लाभ के लिए ही बनाई गई हैं। 14 जनवरी को बकावंड और राजनगर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। स्कूली बच्चों ने नृत्य का प्रदर्शन किया। उन्हें अतिथियों द्वरा पुरुस्कार दिया गया।

मोदी केकट आउट साथ ली सेल्फी
मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के पास जमा होकर उसे अपलक निहारते हैं। युवा वैन में लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट आउट के साथ सेल्फी लेने लग जाते हैं। इन संकल्प शिविरों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सम्मिलित हुए। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विकसित भारत बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में राजस्व, खाद्य, कृषि, स्वास्थ्य, पशुधन विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सहकारी बैंक द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प संदेश को ग्रामीणों ने ध्यान पूर्वक सुना। इस मौके पर स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवाई वितरित की गई। हितग्राहियों ने विभिन्न योजनाओं के तहत मिले लाभ से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों के साथ साझा की। इस दौरान जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बकावंड मंडल अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, जोगेंद्र चंद्राकर, बंशी बाबा, सुनील सेठिया, बंशी निषाद, अनिल बिसाई, महामंत्री दामोदर बघेल, महेंद्र कश्यप, धमती बिसाई, बैजयंती कश्यप, तुलसा, अनिल बिसाई, सुनील बिसाई, नारायण बिसाई, खगेश्वर कर्मा, क्षेत्र के पंचायत पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राधाकृष्ण गुप्ता को शौंडिक समाज ने दी श्रद्धांजलि
जगदलपुर बस्तर संभाग शौंडिक समाज ने 14 जनवरी सामाजिक भवन में शोकसभा का आयोजन कर समाज के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी राधाकृष्ण गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। गुप्ता का निधन 3 जनवरी को हो गया। राधाकृष्ण गुप्ता ने समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्यों व योगदान को याद किया गया। शोकसभा में समाज के संभागीय अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, संस्थापक सदस्य अनिल प्रसाद गुप्ता, राजेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, सत्यप्रकाश गुप्ता, राजकिशोर गुप्ता, सुनील गुप्ता, प्रेमचंद गुप्ता, सुनील प्रसाद गुप्ता, अभय मिश्रा, रोहित त्रिवेदी,अभय मिश्रा पंडित, साव सहित संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।
मंदिर में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को दबोचा पुलिस ने
- महज 24 घंटे के भीतर पकड़े गए तीनों आरोपी जगदलपुर मंदिर का ताला तोडकर पूजा सामग्री, त्रिशूल, घंटी,कलश, बर्तन, दानपेटी, व नकद रकम चोरी करने वाले तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर धर दबोचा। आरोपियों से सारी सामग्री 3 सौ रू. नकदी रकम बरामद कर ली गई है।
ग्राम हल्बा कचोरा के हनुमान मंदिर में 13 जनवरी की रात चोरी हुई थी। प्रार्थी शुभम कुमार देवांगन और मुरलीधर देवांगन रात 9 बजे पूजा पाठ के बाद मंदिर में ताला लगाकर घर चले गए थे। रात्रि करीब 1 बजे पवन नामक व्यक्ति ने फोन से सूचना दी कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। जाकर देखा तो दरवाजा की कुंडी टूटी मिली और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर रखे तांबा के दो लोटे, पीतल की एक घंटी, तांबे से निर्मित दो सर्प, 2 नग पीतल के दीपक स्टेंड, 1 नग पीतल का जलाधारी लोटा, 1 नग तांबे का गुंडी, 2 नग तांबे की कटोरी, 1 नग कांस की कटोरी, तांबा व पीतल की दो प्लेटें, पीतल का एक घंटा, पीतल का एक अगरबत्ती स्टेंड, पीतल का एक त्रिशूल, पीतल की एक गिलास, पीतल का एक आरती दीपक, दानपेटी व नकद रकम करीब 300 रूपए समेत 7 हजार रूपए का सामान चोरी हो गया था। प्रार्थी के रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई।प्रार्थी व गवाहों की निशानदेही के आधार पर तीन संदेहियों को पकड़ कर पूछताछ की गई। आरोपी अजय सेवक, रवि बघेल एवं विधि से संघर्षरत बालक ने जुर्म कबूल कर लिया। ये तीनों जगदलपुर के निवासी हैं। आरोपियों ने सामान और रकम को आपस में बांटकर अपने -अपने घर में छुपा दिया था। सारा सामान उनसे पृथक पृथक जप्त कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर व धनंजय बघेल का योगदान रहा।
भाजपा के लोगों ने शुरू किया मंदिरों की सफाई का अभियान
- तमाम नेता- कार्यकर्ता जुट गए देवालयों की सफाई में
जगदलपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक आह्वान पर मंदिरों की साफ सफाई के लिए भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत रविवार को श्रीराम जानकी मंदिर से की गई।
अयोध्या के श्रीराम जन्म स्थान पर निर्माणाधीन मंदिर 22 जनवरी को प्रभु रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। पांच सौ वर्षों बाद रामलला टेंट से निकलकर भव्य मंदिर के गर्भगृह में विराजेंगे। इसे लेकर सनातन धर्मावलंबियों में जबरदस्त उत्साह है। कोई प्रभु श्रीराम के दर्शन करने पैदल अयोध्या जा रहा है, तो कोई सायकल से। गांव – गांव में श्रीराम चरित मानस का पाठ चल रहा है। बस्तर संभाग के कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी अपने संसदीय क्षेत्र में श्रीराम चरित मानस (रामायण) की पचास प्रतियां वितरित कर गोल्डन बुक ऑफ रिकार्ड्स में नाम दर्ज कराने जा रहे हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन दिन पहले अपने नासिक (महाराष्ट्र) प्रवास के दौरान काला राम मंदिर में पूजा अर्चना कर मंदिर परिसर की सफाई की थी। वहीं से श्री मोदी ने देशवासियों से अपने अपने गांव शहरों और मोहल्लों के मंदिरों की साफ सफाई एवं रंग रोगन करने का आह्वान किया था। इस आह्वान का व्यापक असर हुआ है और लोग इस पवित्र कार्य में जुट गए हैं। जगगदलपुर में भी भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस दिशा में कदम बढ़ाए हैं। शहर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय के नेतृत्व में रविवार को मंदिरों की साफ सफाई का शुभारंभ श्रीराम जानकी मंदिर से किया गया। गुप्ता, पाण्डेय तथा अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे मंदिर परिसर की सफाई की। सुरेश गुप्ता और संजय पाण्डेय ने कहा है कि एक – एक कर शहर के सभी मंदिरों की सफाई की जाएगी। नेताद्वय ने समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और धर्म अनुरागियों से रामकाज में योगदान की अपील की है। उल्लेखनीय है कि इन दोनों नेताओं के नेतृत्व में कुछ दिन पहले ही शहर के घर घर जाकर लोगों को श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण दिया गया था।
छत्तीसगढ़ के दक्षिण में कौन घोल रहा है पश्चिम का यह जहर
- नशीली दवाओं की गिरफ्त में आ चुके हैं बस्तर के युवा
- गांजा, विलायती शराब के बाद अब ड्रग एडिक्ट बन रहे हैं भोलेभाले आदिवासी
अर्जुन झा
जगदलपुर हमारे बस्तर को न जाने किसकी नजर लग गई है कि यह खूबसूरत चमन तबाह होता जा रहा है। छत्तीसगढ़ के इस दक्षिणी हिस्से में न जाने कौन पश्चिम का जहर घोल रहा है कि मेरे बस्तर के भोले भाले युवा खोखले हुए जा रहे हैं। शहीद गुंडाधुर की कर्मभूमि के वीर आदिवासी युवा ड्रग एडिक्ट बनते जा रहे हैं। बस्तर की शांत, शीतल और सौम्य धरती पर बर्बादी की इबारत लिखी जा रही है। ऐसे खतरनाक हालातों से निपटने के लिए जनप्रतिनिधि और समाज के कर्णधार कोई पहल नहीं कर रहे हैं। यह और भी चिंता का विषय है।
बस्तर के युवाओं में जिस तरह से नशीली दवाओं के उपयोग का चलन बढ़ता जा रहा है, वह बस्तर के भविष्य के दारुण दृश्य की ओर इंगित कर रहा है। बस्तर के लोग शुरू से महुआ शराब, लांदा और सल्फी के शौकीन रहे हैं। ये नशीली होती हैं और मगर प्रकृति प्रदत्त हैं, पर इनके साइड इफेक्ट नुकसानदेह नहीं हैं। सल्फी एवं लांदा को भूख बढ़ाने में सहायक एवं पाचक तथा महुआ शराब को थकान मिटाने वाला माना जाता है। जन्म से मरण तक बस्तर के आदिवासियों का महुआ शराब, लांदा और सल्फी से नाता बना रहता है। हर तीज त्यौहार, संस्कार में इनकी उपयोगिता रहती है। मगर आज के बस्तरिहा युवा अपने इन परंपरागत पेय पदार्थों को तिलांजलि देकर नशीली गोलियों, कैप्सूल्स, सिरप, विलायती शराब, गांजा, मधुर मुनक्का जैसे घातक नशे के सामानों को अपना रहे हैं। नाइट्रोवेट 10 टेबलेट, अल्प्राजोलम टेबलेट, कैप्सूल, कफ सिरप आदि का नशा करने लगे हैं। कहने को तो ये दवाइयां हैं, मगर इनके दुष्परिणामों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इनके क्रय – विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। न्यूरो पेशेंट्स को ही इनकी हल्की डोज दी जाती है। यहां के युवा इन प्रतिबंधित दवाओं की ज्यादा डोज लेने लगे हैं और ये उन्हें घर पहुंच सेवा के जरिए आसानी से उपलब्ध भी हो रही हैं। इन प्रतिबंधित दवाओं को दूसरे जिलों और पड़ोसी राज्यों से लाकर यहां खपाया जा रहा है। पांच रुपए कीमत वाली टेबलेट और कैप्सूल पंद्रह रुपए में बेची जाती है। शराब से सस्ती और टिकाऊ नशे वाली होने के कारण युवा इन्हें खरीदने में जरा भी संकोच नहीं करते और दो -दो गोलियां निगलकर नशे की लत पूरी करते हैं। इन दवाओं की तस्करी और बिक्री में भी स्थानीय लोग ही शामिल हैं। हाल के दिनों में जगदलपुर पुलिस ने एक महिला को माड़िया चौक कुम्हार पारा सुलभ के पास पकड़ा था। इस महिला के पास से 554 नग नशीली कैप्सूल बरामद हुई थी। इसी तरह आसना रोड पर 2400 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ आरोपी सूरज मंडावी कुम्हारपारा कोसा सेंटर के पीछे जगदलपुर और आशीष जार्ज को पुलिस टीम ने वाहनों की चेकिंग के दौरान पकड़ा था। उनके पास से 2400 नग अवैध नशीली अल्प्राजोलम टेबलेट आईपी 0.5 एमजी पाई गई। इसके पहले भी लगभग डेढ़ दर्जन मामले पकड़े जा चुके हैं।शरीर को खोखला बनाती हैं ये दवाएं
रसायन शास्त्र के जानकारों के मुताबिक ऐसी नशीली दवाएं मनो मस्तिष्क पर बेहद घातक असर डालती हैं। इनके लंबे समय तक उपयोग से शरीर खोखला हो जाता है, नपुंसकता आ जाती है, मस्तिष्क काम नहीं करने लगता और आदमी पागलपन का शिकार बन जाता है। नाइट्रोवेट -10 टेबलेट तो व्यक्ति को बड़ा ही खतरनाक बना देता है। इस टेबलेट को खाने वाला इंसान अपने ही शरीर को ब्लेड या चाकू से बुरी तरह खरोच डालता है और दूसरे व्यक्तियों पर हमले करने के लिए भी उद्द्त हो जाता है। कुछ ऐसा ही हाल बस्तर के नशेड़ी युवाओं का होने लगा है। ऐसे भटके युवाओं को साइकोलॉजिस्ट और मनोरोग विशेषज्ञ के पास उपचार एवं परामर्श के लिए ले जाना जरुरी हो जाता है।ओड़िशा से गांजा की तस्करी
ऐसा नहीं है कि बस्तरिहा युवा सिर्फ ड्रग एडिक्ट हो रहे हैं, गांजे की लत भी उनके शरीर को घुन की तरह खाए जा रही है। बस्तर में गांजा ओड़िशा से तस्करी कर लाया और खपाया जाता है। नगरनार और बकावंड थाना क्षेत्रों की सीमाएं ओड़िशा से लगी हुई हैं। उन्हीं रास्तों से यहां गांजा लाया जाता है। नगरनार, जगदलपुर सिटी कोतवाली और बकावंड पुलिस गांजा तस्करी के पचासों मामले पकड़ चुकी है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश आदि राज्यों के लिए भी बस्तर जिले के रास्ते ओड़िशा से गांजा की तस्करी होती रहती है। मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तरप्रदेश के अनेक गांजा तस्कर हाल के दिनों में गिरफ्तार किए गए हैं। गांजे के मामले में भी बस्तर हॉट स्पॉट के रूप में पहचान बना चुका है। छत्तीसगढ़ के कई भिलाई, दुर्ग, रायपुर समेत कई जिलों में बस्तर से होकर ही ओड़िशा का गांजा खपाया जाता है।आईपीएस विकास कुमार ने कसी नकेल
बस्तर में नशीली दवाओं और गांजा तस्करी पर नकेल कसने में आईपीएस विकास कुमार ने शानदार भूमिका निभाई है। प्रशिक्षु आईपीएस विकास कुमार ने जबसे जगदलपुर में सीएसपी के पद पर कार्यभार सम्हाला है, तबसे नशीली गोलियों, कैप्सूल्स, सिरप, गांजा तस्करी के मामले धड़ाधड़ पकड़े जा रहे हैं। युवा पुलिस अधिकारी विकास कुमार की कार्यशैली भले ही कुछ सियासतदानों को नागवार गुजरती हो, मगर युवा पीढ़ी को बर्बादी से बचाने के लिए उनके द्वारा उठाए जा रहे कदमों की शहर व अंचल के बुद्धिजीवी सराहना ही कर रहे हैं। ऐसे बुद्धिजीवियों का कहना है कि विकास कुमार भटक रही युवा पीढ़ी को समाज एवं विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बेहतरीन काम कर रहे हैं।
हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान भाजपाई जुडे मोदी जी के आहवान पर 22 तक प्रतिदिन चलेगा ये अभियान
- आयोध्या में श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी को घर-घर जलाएं दीप प्रज्ज्वलित करने आमजन से की गई अपील
नारायणपुर 14 जनवरी 2024/नारायणपुर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सुबह जिला मुख्यालय नारायणपुर के पुराना बस स्टैंड में स्थित हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ने मंदिर पहुंचकर सबसे पहले बजरंगबली के दर्शन किये और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ने हाथों में झाड़ू लेकर मंदिर परिसर में सफाई की। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर देश भर के मंदिरों, तीर्थस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
भाजपा के पदाधिकारी ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान के बाद चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर हनुमान मंदिर परिसर में हम लोगों ने साफ-सफाई की है। हम जिले के नागरिकों से अपील करते है की वे भी मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को आयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी वह दिन पूरी दुनिया के लिए महापर्व होगा। प्रभु श्री राम प्रदेश के कण-कण और जन-जन में बसे हुए हैं। छत्तीसगढ़ वही कोसल है जिसकी बेटी, माता कौशल्या ने भगवान राम को जन्म दिया। राम ने दंडकारण्य को अपनी चरण रज से पवित्र किया हमारा नारायणपुर जिला भी इसी दंडकारण का हिस्सा है। मॉ शबरी के बेरो की मिठास अभी तक छत्तीसगढ़ में घुली हुई है। हमारे राज्य से रामलला के भोग के लिए सुगंधित चावल, फल सब्जियां इत्यादि भेजे गए हैं। राम भक्तों की सेवा के लिए छत्तीसगढ़ के डॉक्टरों की टीम भी आयोध्या गई हुई है। हम सभी आपसे अपील करते हैं कि 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सभी लोग अपने घरों को फूलों से सजाएं और दीप प्रज्जवलित करें।
स्वच्छता अभियान के अवसर पर भाजपा के बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, मरण शील, मँगडू राम नुरेटी, जय प्रकाश शर्मा, दिलीप पींचा, संजय तिवारी, जैकी कश्यप, गुड्डा सोनी, अशोक कर्मकार, प्रीतेश जैन, संजय नंदी, नरेन्द्र मेश्राम, संदीप झा, संतोष सुराना, अख़्तर अली एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


