City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

अवैध शराब विक्रय के खिलाफ आमरण अनशन की तैयारी

0

दल्ली राजहरा के वार्ड 4 में अशांति का माहौल

श्रमिक नेता संजय सिंह और सुखचैन सिंह ने दी अनशन की चेतावनी

दल्ली राजहरा नगर के वार्ड क्रमांक 4 एकलव्य नगर में अमित नामक व्यक्ति द्वारा संचालित अवैध शराब कारोबार से वार्ड में अशांति का माहौल बन गया है। वार्ड के बिगड़ते माहौल को देखते हुए अवैध शराब विक्रय को 15 दिनों में बंद न कराए जाने और संबंधित व्यक्ति के खिलफ कार्रवाई न होने पर वार्ड 3 निवासी श्रमिक नेता संजय सिंह और एकलव्य नगर के निवासी समाजसेवी सुखचैन सिंह ने तहसील कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस बाबत कलेक्टर और एसपी को आवेदन दिया गया है।

संजय सिंह और सुखचैन सिंह ने आवेदन में बताया है कि दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 04 मेंअमित नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बेचने का काला कारोबार चलाया जा रहा है। इस अवैध कृत्य के कारण वार्ड का माहौल पूरी तरह अराजक और डरावना हो चुका है। स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि: महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। अमित के ठिकाने पर सुबह से देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। शराब पीकर ये तत्व वार्ड की महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते हैं और अभद्रता करते हैं, जिससे महिलाओं का घर से निकलना और सुरक्षित महसूस करना असंभव हो गया है।शराबियों की गाली-गलौज, आपसी मारपीट और अश्लील व्यवहार का सीधा असर वार्ड के स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चे डर के साये में स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं और उनका शैक्षणिक माहौल पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार आपत्ति जताने के बावजूद अमित के हौसले बुलंद हैं। उसे तथाकथित स्थानीय राजनीतिक नेता का संरक्षण प्राप्त है। इसी के चलते प्रशासनिक शिथिलता और कानून के भय के अभाव देखा जा रहा है। आवेदन में कथित अवैध शराब माफिया अमित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे तुरंत जेल भेजने की मांग की गई है। 15 दिनों के भीतर अमित का यह अवैध कारोबार स्थायी रूप से बंद नहीं कराए जाने पर दोनों आवेदकों ने 25 जुलाई से जिला मुख्यालय या स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।

कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट के दौरान युवक खाई में गिरा, सिर में गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज रेफर

0

डौंडी/बालोद। कोकान पहाड़ी पर फोटोशूट के दौरान एक युवक का पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 12:47 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर रेस्क्यू दल एवं 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि तीन युवक फोटोशूट के लिए पहाड़ी पर चढ़े थे।

इसी दौरान फोटो खिंचवाते समय एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।घटनास्थल पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम तथा मौजूद लोगों ने संयुक्त प्रयास से घायल युवक को पहाड़ी से सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।घायल युवक की पहचान धीरज यादव के रूप में हुई है। घटना के दौरान 108 एंबुलेंस के चालक तथा टीम बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।

कंडम हो गया है खैरगुड़ा का आंगनबाड़ी भवन

0

मंडरा रहा है बच्चों की जान पर खतरा

न बाउंड्री, न शौचालय में पानी, सांसद और विभाग से मांगी मदद

जगदलपुर बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा के खैरगुड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भवन की बदहाल स्थिति बच्चों और कार्यकर्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है। भवन के जर्जर होने के साथ ही परिसर में बाउंड्री वॉल और शौचालय में पानी की व्यवस्था न होने से केंद्र का संचालन प्रभावित हो रहा है। आंगनबाड़ी भवन कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। दीवारों पर दरारें आ चुकी हैं। स्थिति को गंभीर देखते हुए महिला बाल विकास बस्तर परियोजना अधिकारी सावित्री बघेल ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर इस भवन में बच्चों को बैठाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने केंद्र को तत्काल किराए के भवन में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग को इस संबंध में अवगत कराया गया है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण रात में असामाजिक तत्व परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और शौचालय को गंदा कर देते हैं। सुबह केंद्र खुलने पर कार्यकर्ताओं को पहले सफाई करनी पड़ती है। शौचालय में ताला नहीं है और पानी भी उपलब्ध नहीं है। इससे 3 से 6 वर्ष के बच्चों और स्टाफ दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए बोरिंग और बाल्टी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर हाल ही में खैरगुड़ा पहुंचे बस्तर सांसद महेश कश्यप के समक्ष आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने केंद्र की स्थिति रखी और नए भवन की स्वीकृति की मांग की थी। मधोता सेक्टर पर्यवेक्षक भारती बघेल ने बताया कि केंद्र की स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। नए भवन के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा चुका है। सुशासन तिहार के दौरान भी इस संबंध में आवेदन दिया गया था। ग्राम पंचायत कुंडगुड़ा के सरपंच ईस्पर मंडावी ने कहा कि भवन की स्थिति से प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि गांव में नल-जल योजना शुरू होने के बाद आंगनबाड़ी के शौचालय में पानी की व्यवस्था कर दी जाएगी।ग्रामीणों और अभिभावकों ने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खैरगुड़ा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए जल्द नए भवन की स्वीकृति दी जाए। साथ ही परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण और शौचालय में नियमित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।आईसीडीएस नियमों के अनुसार प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में सुरक्षित भवन, पेयजल और शौचालय की सुविधा होना अनिवार्य है। बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र स्वास्थ्य और शिक्षा की पहली कड़ी माने जाते हैं। ऐसे में खैरगुड़ा केंद्र की स्थिति चिंता का विषय है।

महापौर संजय पांडे ने किया मंत्री टंकराम वर्मा का स्वागत

0

जगदलपुर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी आज एकसाथ जगदलपुर पहुंचे। यहां मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर महापौर संजय पांडेय, योगेंद्र पांडे, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, परिस बेसरा, अभिलाष यादव, निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह, आर्येंद्र सिंह, रामाश्रय सिंह, गोविंद ईनाणी, आशुतोष पांडे, राकेश तिवारी, रोशन झा, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

धंसी सड़क की मरम्मत में जुटे सरपंच धरमू कश्यप

0

क्रशर प्लांट संचालक करा रहे हैं टिकनपाल की सड़क की मरम्मत

जगदलपुर ग्राम पंचायत टिकनपाल में क्रशर खदानों ने निकलने वाहनों के दबाव से सड़क पर हुए गढ्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। स्वयं सरपंच धरमू कश्यप मौके पर मौजूद रहकर कार्य करा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि टिकनपाल और आसपास के गांवों में संचालित क्रशर खदानों में गिट्टी, बोल्डर लेने आने वाले वाहनों के कारण टिकनपाल की सड़क की बड़ी दुर्दशा हो गई है है।

सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो गई हैं और बरसात की वजह से जल जमाव तथा कीचड़ भर गया है। इसके चलते दोपहिया, चार पहिया वाहन चालकों, राहगीरों तथा विद्यार्थियों को आवाजाही में बड़ी दिक्कत हो रही है। इस समस्या को देखते हुए टिकनपाल के जागरूक एवं सक्रिय सरपंच धरमू कश्यप ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने क्रशर प्लांट संचालकों से चर्चा कर उन्हें सड़क की मरम्मत कराने कहा। क्रशर प्लांट संचालक इस बात के लिए राजी हो गए। अब ग्राम पंचायत के सहयोग से सड़क की मरम्मत क्रशर संचालकों द्वारा कराई जा रही है। स्वयं टिकनपाल सरपंच मौके पर उपस्थित रहकर मरम्मत कार्य पर नजर रख रहे हैं। क्रशर खदान संचालकों ने वादा किया है कि सड़क पर जब जब गढ्ढे होंगे, हम मरम्मत कराते रहेंगे। वहीं सरपंच धरमू कश्यप ने बताया कि सड़क की पूरी तरह मरम्मत होने में 3-4 दिन का समय लग सकता है।

दीपक बैज को लेकर बदले टीएस बाबा के सुर

0

पीसीसी चीफ दीपक बैज के कामकाज की जमकर तारीफ की सिंहदेव ने

कहा बाबा ने-बहुत बढ़िया काम कर हैं बैज

अर्जुन झा

जगदलपुर अगर बड़े बुजुर्ग नेताओं का रुख ऐसा ही रहा, तो छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के और भी अच्छे दिन आने वाले हैं, यह पक्का है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कामकाज, कार्यकाल, सक्रियता और व्यवहार की उनके धुर विरोधी माने जाने वाले छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव बाबा ने खुलकर तारीफ की है। बाबा ने कहा है कि दीपक बैज ने राज्य में कांग्रेस केनेटवर्क को जमीनी स्तर पर बेहद मजबूत कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल के तीन साल पूरे हो गए हैं। इन तीन सालों में कांग्रेस ने कई उतार चढ़ाव देखे हैं। पार्टी में आंतरिक विरोध सार्वजनिक होते रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा समेत कुछेक बड़े नेता गाहे बगाहे दीपक बैज का विरोध करते रहे हैं। कांग्रेस के ही कुछ लोगों को आदिवासी नेतृत्व सुहा नहीं रहा था। खुद श्री सिंहदेव युवा नेतृत्व की दुहाई देकर एक तरह से दीपक बैज के विरोध में आवाज उठा चुके हैं, जबकि दीपक बैज अभी पूर्णतः युवा हैं और ऊर्जा एवं जोश से लबरेज भी हैं। दिल्ली से लौटने के बाद अब अचानक बाबा के सुर बदल गए हैं। उन्होंने पीसीसी चीफ दीपक बैज के परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि दीपक बैज जमीनी स्तर पर पार्टी का काम कर रहे हैं। संगठन सृजन अभियान को उन्होंने छत्तीसगढ़ में बेहद कामयाब बनाया है। बूथ, गांव, ब्लॉक लेवल से लेकर जिला स्तर तक कांग्रेस के नेटवर्क को उन्होंने बड़ा ही मजबूत बना दिया है। दीपक में नेतृत्व क्षमता, व्यवहार कुशलता, सबको साथ लेकर चलने की उत्कृष्ट भावना है। उनके नेतृत्व में कई बड़े और सफल आंदोलन हुए। हमने देखा है कि कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों पर होने वाली प्रशासनिक एवं राजनैतिक ज्यादती के विरोध में दीपक बैज तुरंत खड़े हो जाते हैं।

उनकी इस शानदार कार्यशैली के कारण कार्यकर्ता जहां पूरे समर्पण भाव से पार्टी हित में काम करने लगे हैं, वहीं आम नागरिकों में कांग्रेस के प्रति लगाव बढ़ा है। कुल मिलाकर पार्टी की स्थिति अब काफी मजबूत हो चली है। वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव बाबा ने तीन वर्ष के सफल कार्यकाल के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दिल से बधाई और शुभकामनाएं दीं।

छग पर दिल्ली में कोई हलचल नहीं

पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने ये बातें तब कही, जब मीडिया ने उनसे दीपक बैज के तीन वर्ष के कार्यकाल के बारे में उनकी प्रतिक्रिया जानना चाही। बाबा ने कहा कि दीपक बैज ऊर्जावान हैं, नेतृत्व क्षमता के धनी नेता हैं।. उनके कार्यकाल, कामकाज, संगठन क्षमता और व्यवहार पर उंगली नहीं उठाई जा सकती। कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही गतिविधि को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री सिंहदेव ने साफ कहा कि मैं अभी अभी दिल्ली से लौटा हूं। दिल्ली में ऎसी कोई हलचल दूर दूर तक दिखाई नहीं दी और न ही ऎसी कोई संभावना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस हाई कमान अभी पंचाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान जैसे चुनावी राज्यों पर फोकस कर रहा है। इसके बाद 2028 में छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। टीएस सिंहदेव बाबा की इन बातों से साफ संकेत मिल रहा है कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व भी दीपक बैज के परफॉर्मेंस से पूरी तरह संतुष्ट है और छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी चुनाव उनके ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा। बाबा की बातों से यह संदेश भी निकला है कि जब प्रतिद्वंदी ही आपके कार्य की तारीफ करे तो राजनीति में अधिक गहराई में उतर कर सोचना चाहिए कि अक्सर तारीफ के पुल बांधना भी एक राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की ओर इशारा करता है।

मिशन गांव चलो अभियान के तहत कांग्रेस का नानगुर बाजार में जनसंपर्क एवं चाय पर चर्चा

0

किसानों,युवाओं और व्यापारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी

जगदलपुर/नानगुर आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे कांग्रेस के “मिशन गांव चलो अभियान” के अंतर्गत आज जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य जी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नानगुर बाजार में किसानों, युवाओं, छोटे व्यापारियों एवं आम नागरिकों के साथ चाय पर चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट, शिक्षा व्यवस्था और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के समक्ष सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनेक समस्याएं रखीं। कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या को गंभीरता से संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा तथा समाधान के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य से चर्चा के दौरान आम नागरिकों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं से लेकर खाद्य सामग्री तक के बढ़ते दामों ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। इस सरकार के द्वारा कई लोगों ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय पर सरकार के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।बिजली व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने भारी नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों ने कहा कि एक ओर बिजली के बिल लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से आम जनजीवन और किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। लोगों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था में सुधार के बजाय उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।किसान खाद और बीज की अनुउपलब्धता की गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर खाद-बीज नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है।

सरकार की नीतियों के कारण कृषि क्षेत्र संकट का सामना कर रहा है और किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।शिक्षा व्यवस्था पर भी अभिभावकों और विद्यार्थियों ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि कई विद्यालयों में समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हैं तथा अनेक स्कूल एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लोगों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। जो कि यह सरकार नहीं कर रही है..!* *इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बड़े-बड़े वादों और जुमलों तक ही सीमित होकर रह गई है। सत्ता में आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। जिन मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी, उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांव, गरीब, किसान और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। मिशन गांव चलो अभियान का उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को जानना, उनके बीच संवाद स्थापित करना और उनकी आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाना है। कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी तथा प्रत्येक ग्रामीण की समस्याओं को पूरी प्राथमिकता के साथ उठाकर सरकार की आंखें खोलने का कार्य करेगी।इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज़ को लगातार अनसुना किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी जन-जन के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता बदलाव का मन बना चुकी है!**इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद्र जैन,जिला उपाध्यक्ष नीलू राम बघेल, महामंत्री विजय सिंह, जिला सचिव हीरा लाल ध्रुव,मंडल अध्यक्ष गणेश सेठिया,विजय ध्रुव,लोकेश सेठिया आदि उपस्थित रहे।

सक्षम के नए जिला अध्यक्ष बने शुभम गुप्ता संतोष भदौरिया, संगठन मंत्री

0

जगदलपुर. सक्षम के संगठन मंत्री संतोष भदौरिया ने बताया धार्मिक एवं सामाजिक संगठन सक्षम के वर्तमान जिला अध्यक्ष अजय सेठिया का सफल दो वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अजय सेठिया ने संगठन के अगले जिला अध्यक्ष के रूप में शुभम गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया, जिसके पश्चात शुभम गुप्ता को सक्षम का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।इस अवसर पर सक्षम के पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सेठिया ने कहा कि सक्षम एक सक्रिय धार्मिक एवं सामाजिक संगठन है, जो समाज में सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, जनजागरण तथा राष्ट्रहित के विभिन्न कार्यों के लिए निरंतर कार्यरत है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि शुभम गुप्ता के नेतृत्व में सक्षम अपनी गतिविधियों का और अधिक विस्तार करेगा तथा समाजहित के कार्यों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शुभम गुप्ता ने संगठन के सभी वरिष्ठजनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन की विचारधारा के अनुरूप धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएंगे।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने अजय सेठिया के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया तथा शुभम गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

बिलोरी गांव में पंचायत प्रतिनिधियों पर सरकारी जमीन बेचने का आरोप

0

बाहरी व्यक्ति ने हथिया ली 1 एकड़ नजूल जमीन

ग्रामीण ने तहसीलदार से की मामले की शिकायत

जगदलपुर शहर से लगी ग्राम पंचायत बिलोरी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित एक एकड़ नजूल सरकारी भूमि पर बाहरी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत तहसीलदार जगदलपुर से की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ जनप्रतिनिधियों ने मोटी राशि लेकर जमीन बेच दी है। ग्रामीण प्रदीप कुमार ने शिकायत में बताया है कि गांव में सड़क किनारे स्थित एक एकड़ सरकारी नजूल भूमि को सात माह पूर्व क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा रायपुर के किसी व्यक्ति को मौखिक तौर पर सौदा कर बेच दिया गया है।उक्त भूमि पर बॉउंड्री वॉल बनाकर अवैध रूप से भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। अतिक्रमणकर्ता द्वारा उक्त भूमि पंचायत वालों से 15 लाख रुपए में क्रय करने का दावा भी किया जा रहा है। ग्रामीण ने तहसीलदार से अतिक्रमण रोकने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सरपंच बिरनाख बघेल ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है, क्षेत्र के जनपद सदस्य नरेंद्र बघेल इस विषय में जानकारी रखते हैं। पंचायत ने किसी को जमीन पर कब्जे करने की अनुमति नहीं दी है।

पटवारी की भूमिका संदिग्ध

शहर वह आसपास की सरकारी भूमि पर भू माफियाओं द्वारा कब्जा कर खरीद फरोख्त का खेल तो काफी लंबे समय से चल रहा है. अब आसपास के गावों में भी नजूल भूमि महफूज नहीं है. पंचायत के कुछ जिम्मेदार तत्व लालच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करवा कर बेचने का गोरख धंधा कर रहे हैं। इसमें पटवारियों की भी भूमिका संदिग्ध है।

वर्सन

पार्किंग के लिए दी थी अनुमति

रायपुर के व्यापारी ने गांव की रिक्त भूमि पर वाहन रखने के लिए अनुमति मांगी थी, अस्थाई तौर पर गाड़ियां रखने के लिए मौखिक अनुमति दी गई थी। जमीन बेचने का आरोप सही नहीं है।

नरेंद्र बघेल

जनपद सदस्य वर्सन

करवा रहे हैं मामले की जांच

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने आरआई को निर्देशित किया गया है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

बालोद को मिले नए पुलिस कप्तान, चव्हाण किरण गंगाराम संभालेंगे जिले की कमान

0


बालोद, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों की तबादला सूची में बालोद जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिला है। आईपीएस चव्हाण किरण गंगाराम (2018 बैच) को पुलिस अधीक्षक, जिला बालोद के पद पर पदस्थ किया गया है। इससे पहले वे पुलिस अधीक्षक, जिला सुकमा के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।


वहीं बालोद के वर्तमान पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (आईपीएस) का तबादला पुलिस अधीक्षक, जिला सूरजपुर किया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में कुल 24 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों, पुलिस उप महानिरीक्षकों (डीआईजी) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के पदस्थापना आदेश भी शामिल हैं।


बालोद जिले में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में चव्हाण किरण गंगाराम की नियुक्ति से कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए जिले में अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग, यातायात प्रबंधन तथा जनशिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिए जाने की संभावना है। जिले के नागरिकों ने भी नए पुलिस कप्तान के आगमन का स्वागत करते हुए बेहतर पुलिस व्यवस्था की उम्मीद व्यक्त की है।

MOST POPULAR

HOT NEWS