City Media - Page 742 of 1865 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 742

सवारी वाहन पलटा, देवदूत बन पहुंचे सीआरपीएफ के जवान

0
  • फौरी मदद कर बचा ली वाहन में फंसे आधा दर्जन ग्रामीणों की जान
  • लोहंडीगुड़ा के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है सात घायलों को

लोहंडीगुड़ा नक्सली समस्या से निपटने के लिए बस्तर संभाग में तैनात सुरक्षा बल मुसीबत में फंसे ग्रामीणों की मदद के लिए देवदूत मसीहा बन जाते हैं। मुसीबत से उबार कर ग्रामीणों की जान बचाने का भी अनुकरणीय कार्य इन बलों के जवान करते हैं। ऐसा ही एक वाकिया नारायणपाल रोड पर देखने को मिला। सवारी लेकर जा रहा एक वाहन पलट गया और उसमें सवार सभी लोग वाहन के नीचे दब गए। इन ग्रामीणों की जान पर बन आई थी, तभी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान जरुरी संसाधन लेकर देवदूत की तरह वहां पहुंच गए। इन जवानों ने फंसे ग्रामीणों को समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया। अन्यथा कुछ ग्रामीणों की जान भी जा सकती थी। वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए थे। सीआरपीएफ के जवानों ने घायल ग्रामीणों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बुरी तरह घायल सात ग्रामीणों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका ईलाज चल रहा है।14 जुलाई को शाम करीब 5 बजे नारायणपाल मार्ग पर ग्राम परिपथ पारा के पास क्रूजर सवारी वाहन सीजी 17 सी 3342 अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में ड्राईवर समेत 10 -12 लोग सवार थे और सभी पलटे हुए वाहन के अंदर फंस गए थे तथा कुछ लोग नीचे भी दब गए थे। हादसे की खबर मिलते ही नजदीकी ग्राम पुसपाल घाट स्थित सीआरपीएफ की एफ 188 बटालियन के कमांडेंट भवेश चौधरी के मार्गदर्शन में कंपनी कमांडर प्रवीण कुमार अपने साथी जवानों के साथ जरूरी चिकित्सा सामग्री, पानी आदि लेकर मौके पर पहुंच गए। जवानों ने सभी फंसे व दबे लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला तथा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद पुलिस चौकी गोटिया के इंचार्ज इंस्पेक्टर राकेश राठौर के मार्गदर्शन में चौकी का पुलिस स्टाफ घटना स्थल पर पहुंच गया। पुलिस टीम ने सभी घायलों की 112 एम्बुलेंस से लोहंडीगुड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीआरपीएफ की टीम के समय पर पहुंच जाने से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया और कोई अप्रिय हालात नहीं बन पाए। मौके पर उपस्थित नागरिकों के और सिविल पुलिस के जवानों ने सीआरपीएफ जवानों की इस सेवा भावना की दिल खोलकर प्रशंसा की।

दुर्घटना में ये लोग हुए हैं घायल

क्रूजर वाहन पलटने से घायल जिन ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा में भर्ती कराया गया है, उनमें एक महिला तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का एक जवान भी शामिल है। घायलों के नाम रायधर नाग 32 वर्ष ग्राम कोड़ेनार, रमेश बघेल 27 वर्ष ग्राम चंदेला, सुमित्रा बाई 28 वर्ष ग्राम कोड़ेनार, बोधाराम 35 वर्ष ग्राम अमलीपदर, मायाराम 50 वर्ष ग्राम अमलीपदर, चिंडूराम 35 वर्ष ग्राम चंदेला और ई -11 बटालियन सीएएफ का 30 वर्षीय आरक्षक किशन लाल बघेल पिता श्याम लाल बघेल ग्राम कटावास हैं।

दतैल हाथी वापसी से लोगों के मन में डर

0

दल्लीराजहरा :- डौंडी क्षेत्र में फिर से पुनः आगमन दतैल हाथी वापस डौंडी क्षेत्र के जंगल और बस्ती के आसपास उत्पात मचा रहा है। शाम 7:00 बजे की स्थिति में डौंडी क्षेत्र के लोकेशन लेनकसा गांव में है। गांव के गाली में घूमते नजर आ रहे हैं ।बताया जा रहा हैं दिनभर आज हाथी कुंजकन्हार सुरडोंगर कांडे के आसपास घूम रहा था। लोगो के मन में दहसद में हैं । हाथी के डर के दहशत में रात गुजार रहे हैं ग्रामीण। पिछले बार हाथी ने कुंजकन्हार एक महिला को कुचल कर मौत का घाट उतार दिया था । फिरहाल लोगो को वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी कर लोगों को सचेत कर रही है।

एक बार फिर झूम उठा बस्तर, गूंज उठी शहनाई, दीपक की लौ जगमगाई

0

(अर्जुन झा)

जगदलपुर हजारों साल नरगिस अपनी बेनूरी पे रोती है, मुश्किल से होता है चमन में दीदावर पैदा बस्तर की वादियों में ऐसी ही नरगिस का नूर जिस दीदावर का मुंतजिर था, वह उसे मिल गया है। इस दीदावर का नाम है दीपक बैज। बस्तर के नूर को धरती की जन्नत की हूर बना देने की जिद पूरी करने का हौसला रखने वाले बस्तर सांसद दीपक बैज का आज जन्मदिवस है। बस्तर दोहरी खुशी मना रहा है। बस्तर सांसद दीपक बैज को जन्मदिन का अग्रिम उपहार देकर कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उन्हें आज आशीर्वाद दिया तो बीते रोज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आशीर्वाद उन्हें हमेशा से प्राप्त है।पिछले साल कांग्रेस ने उन्हें अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस का वाइस चेयरमैन बनाकर जन्मदिन पर अनमोल उपहार दिया था। झूम उठा बस्तर, गूंज उठी शहनाई,अंधियारे में दीपक की लौ जगमगाई… ऐसा माहौल एक बार फिर दिखाई दे रहा है। बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के कई दशक के कब्जे को बेदखल करने वाले दीपक बैज बस्तर के ऐसे यंग टाइगर हैं जो राजनीति के जंगल में राजसी शान के साथ चहलकदमी करते हैं और बस्तर के साथ ही छत्तीसगढ़ के हक में, आदिवासी समाज से लेकर देश के किसान, मजदूर, युवा, महिला, बुजुर्ग, बच्चों की खातिर जब जहां जैसी जरूरत होती है, आक्रामक तेवर भी दिखाते हैं। राजनीति के जंगल में जैसे शेर की जरूरत होती है, वे सारे गुण दीपक के व्यक्तित्व में समाहित हैं इसलिए उनके कृतित्व का जादू बस्तर की पगडंडियों से लेकर देश की संसद तक देखा जा सकता है। दीपक बैज संसद में बहस के दौरान तार्किक तरीके से आक्रामक तेवर दिखाकर अपनी ओर ध्यान आकर्षित करने में निपुण हैं। वे छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार की नीतियों को देश की सबसे बड़ी पंचायत में रेखांकित करते हैं, परिभाषित करते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य की नीतियों और कार्यक्रम को उभारते हुए केंद्र सरकार को इनसे जनता के हित में सीखने का आग्रह करते हैं। वे पूरी मुखरता के साथ संसद में छत्तीसगढ़ और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रतिनिधित्व करते हैं। यहां खास बात यह है कि दीपक बैज संसद में वह भावना प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हैं, जिसकी अपेक्षा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को केंद्र सरकार से होती हैं। जहां सौम्यता की जरूरत है तो वहां आक्रामकता कैसी? दीपक का काम है प्रकाश देना। दीपक विनम्रता के साथ बस्तर और छत्तीसगढ़ की जरूरतों पर प्रकाश डालते हैं और केंद्र के मंत्रियों से जनता के हित में योजनाओं की मंजूरी हासिल कर लेते हैं। जिस तरह कभी फिरोज गांधी, चंद्रशेखर और अटलबिहारी वाजपेयी जैसे युवा नेता आम जनता से लेकर गंभीर राष्ट्रीय मसलों पर बेबाकी से तथ्यात्मक बात रखा करते थे, आज उसी परंपरा को दीपक बैज आगे बढ़ा रहे हैं। बस्तर के लिए दीपक जो कर रहे हैं, उसका सपना तो बस्तर सदा सदा से देख रहा था। अब बस्तर का सपना साकार हो रहा है। राज्य सरकार के स्तर पर बस्तर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्राथमिकता में है और केंद्र सरकार के स्तर पर बस्तर की बेहतरी के लिए जो हो सकता है, उसके लिए दीपक बिना रुके, बिना थके जुटे हुए हैं। रायपुर से जगदलपुर फोरलेन सड़क की मंजूरी वे केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिलवा चुके हैं। यह काम हो रहा है। प्रधानमंत्री रायपुर आकर शिलान्यास कर चुके हैं। रेलमंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री से भी बस्तर के लिए वे निरंतर प्रयास करते हुए संवाद स्थापित कर रहे हैं। बस्तर में रेल सेवा की बहाली और वायुसेवा का विस्तार दीपक का वह काम है, जो अपेक्षित था। अब उनकी कोशिश है कि रायपुर से बस्तर तक सीधी रेलसेवा जल्द शुरू हो। बस्तर को भरोसा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन में पीसीसी चीफ सांसद दीपक बैज बस्तर की इस बड़ी जरूरत को जल्द पूरा कराएंगे।

बीजेपी के नेता झूठ बोलकर भ्रम फैलाने में हैं एक्सपर्ट : बेंजाम

0
  • सेवा सहकारी समिति की आमसभा में शामिल हुए चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम

लोहंडीगुड़ा चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम 14 जुलाई को लोहंडीगुड़ा विकासखंड की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित द्वारा आयोजित आमसभा में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विधायक राजमन बेंजाम ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मैं भी एक किसान का बेटा होने के नाते किसानों का दर्द समझता हूं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार किसानों एक भी दाना बेकार नहीं जाने देगी। किसान भाईयों द्वारा मेहनत से उपजाए गए पूरे धान की खरीदी करेगी। इस वर्ष से हमारी सरकार ने 2600 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदना शुरू किया है।आने वाले समय में हमारी सरकार 2800 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी।

बेंजाम ने कहा कि बीजेपी के नेता आज धान खरीदी के लिए केंद्र सरकार पैसा दे रही है कहकर किसानों के बीच भ्रम फैला रहे हैं।किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदने पर भी इनको परेशानी होती है। हमारी कांग्रेस सरकार अपने पैसों से किसानों का एक एक दाना खरीद रही है। श्री बेंजाम ने कहा कि बिना केंद्रीय मदद के भूपेश बघेल सरकार किसानों के हित में काम करती आ रही है। एक भूपेश बघेल सरकार ही है, जो सीधे किसानों तक पैसा पहहुंचाने का काम कर रही है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का पैसा वापस मांगकर किसानों को अपमान कर रही है। इस दौरान अध्यक्ष लोहंडीगुड़ा सोसाइटी लक्ष्मण पटेल, बलराम मांझी, संतोष कश्यप, टंकेश्वर भारद्वाज, घनश्याम खापर्डे, भालू बघेल, सुकालू राम, पीलू राम ,बावड़ा, बोला एवं अन्य किसान उपस्थित थे।

अवैध शराब बिकी परिवहन करने वाले 03 आरोपी के विरूध्द कार्यवाही

0

बालोद देशी शराब दुकान से अवैध रूप से अधिक मात्रा में देशी शराब अवैध रूप से लाभ कमाने के उद्देश्य से ले जा रहे हैं कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस अधीक्षक महोदय जितेन्द्र कुमार यादव, के मार्गदर्शन श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी बालोद नवीन बोरकर के नेतृत्व में टीम गठित कर थाना बालोद के स्टॉफ के द्वारा दिनांक 11.07.2023 को अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे आरोपी साहिल खान पिता सफी खान उम्र 23 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 11 जवाहर पारा बालोद थाना व जिला बालोद के कब्जे से घटना स्थल ग्राम भेड़िया नवागांव बाजार चौक के पास से 35 पौवा देशी प्लेन शराब कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर कीमती 2800 रू एवं घटना में प्रयुक्त मो.सा. सुपर स्पेलेण्डर क्रमांक सीजी 24 आर 6937 व आरोपी प्रमोद ईसाई पिता मुकेश ईसाई उम्र 21 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 07 गंजपारा बालोद थाना व जिला बालोद घटना स्थल ग्राम भेड़िया नवागांव तालाब के पास मेनरोड पर आरोपी के कब्जे से 35 पौवा देशी प्लेन शराव कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर कीमती 2800 रू तथा दिनांक 13.07.2023 को आरोपी चैनसिंग साहू पिता कंवल सिंह साहू उम्र 33 वर्ष साकिन निपानी थाना व जिला बालोद के कब्जे से घटना स्थल निपानी बाजार चौक पुल के पास 116 पौवा देशी प्लेन शराब कुल मात्रा 20.880 बल्क लीटर कीमती 9280 रू जप्त कर तीन प्रकरण में उक्त तीनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 34 (2) आबकारी एक्ट का कार्यवाही कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया हैं ।

मशीन की कीमत अदा करेंगे और जुर्माना भरेगें व्यापारी व ट्रासंपोर्टर

0
  • जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर ने रायपुर के व्यवसाई के खिलाफ सुनाया अहम फैसला

जगदलपूर जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर ने एक प्रकरण में पारित आदेश में मशीन विक्रेता को मशीन की कीमत 13500 रु. क्रेता को अदा करने एवं 10 हजार रु. का जुर्माना भरने और ट्रांसपोर्टर को लापरवाही हेतु 5000 का जुर्माना भरने का फैसला सुनाया है। ग्राम आसना निवासी देवकृष्ण पाणिग्रही ने रायपुर स्थित एक मिल स्टोर्स से कुछ सामान मंगवाए थे। उसे 13500 रु. कीमत वाली हैंड प्रेस मशीन प्राप्त नहीं हो सकी थी। विक्रेता ने उक्त सामग्री कांकेर स्थित गैरेज के माध्यम से भेजी गई थी।सामान प्राप्त नहीं होने पर आवेदक द्वारा इसकी शिकायत जिला उपभोक्ता आयोग में की गई थी‌। जिला उपभोक्ता आयोग ने माना है कि विक्रेता द्वारा आवेदक से राशि प्राप्त करने के बाद निर्धारित समय के भीतर उक्त सामग्री को आवेदक को प्रदान न कर और गैरेज संचालक द्वारा सामान आवेदक को न दिए जाने पर विक्रेता को वापस न करने को सेवा में कमी, लापरवाहीपूर्वक कृत्य एवं व्यावसायिक कदाचरण किया है। इस हेतु दोनों फर्मों को दंडित किया गया है। जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल, सदस्य आलोक कुमार दुबे और सीमा गोलछा की संयुक्त खंडपीठ ने यह आदेश जारी किया है।

मांगों को लेकर लामबंद हो गए प्रदेश के सभी शिक्षक संगठन

0
  • संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों ने बनाया छग संयुक्त शिक्षक महासंघ=
  • 3 सूत्रीय मांगों को लेकर 24 जुलाई को होगा बड़ा आंदोलन

जगदलपुर सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के सभी प्रमुख शिक्षक संगठन लामबंद हो गए हैं। इन संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों ने एकमत होकर छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक महासंघ का गठन किया है। महासंघ के बैनर तले 24 जुलाई को रायपुर में बड़ा और निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। 13 जुलाई को राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश के एलबी संवर्ग शिक्षकों का नेतृत्व करने वाले अधिकतर बड़े शिक्षक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सर्व सम्मति से छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक महासंघ का गठन किया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में गवर्नमेंट एम्पलॉइज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष कृष्ण कुमार नवरंग, प्रांताध्यक्ष राजनारायण द्विवेदी, छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शंकर साहू ने बताया कि 24 जुलाई सोमवार को सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, सभी संवर्गो के शिक्षकों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने, पंचायत विभाग में प्रथम नियुक्ति तिथि से किए जाने तथा पदोन्नति में आरक्षण रोस्टर का पालन करने की मांग को लेकर राजधानी रायपुर में एक दिवसीय मौन सत्याग्रह आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। बैठक को संगठनों के प्रांताध्यक्षों ने संबोधित करते हुए सभी शिक्षक संवर्गो से एक सूत्र में बंधकर कार्य करने और अपनी मांगों को शासन से मनवाने एकजुट होने का आह्वान किया। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अयोजित मौन सत्याग्रह में प्रदेश के सभी संगठन महासंघ के बैनर तले अंदोलन करेंगे। सभी को एकजुटता से शामिल होने की अपील की गई है। बैठक में प्रमुख रूप से कृष्ण कुमार नवरंग प्रांताध्यक्ष गवर्नमेंट एम्पलॉइज वेलफेयर एसोसिएशन, राजनारायण द्विवेदी प्रांताध्यक्ष छग शिक्षक महासंघ, शंकर साहू प्रांताध्यक्ष छग प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन, विक्रम राय प्रांताध्यक्ष छग शैक्षिक संकुल समन्वयक, शिक्षक उन्नयन कल्याण संघ, चेतन बघेल प्रांताध्यक्ष प्रदेश शिक्षक सेवी कल्याण संघ, धरमदास बंजारे प्रांताध्यक्ष प्रदेश शिक्षक अधिकार संघ, उत्तम कुमार देवांगन प्रांतीय संगठन मंत्री छग सर्व शिक्षक कल्याण संघ, कमलदास मुरचले प्रांताध्यक्ष संयुक्त प्रधान पाठक कल्याण संघ छग, शिव सारथी प्रांताध्यक्ष व प्रदेश संयोजक छग सहायक शिक्षक संघर्ष मोर्चा, प्रेमचंद सोनवानी प्रदेश उपाध्यक्ष छग प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन, रेखराज साहू संरक्षक प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन, तेजराम कामाड़िया प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन, पवन कुमार चांदले जिला संयोजक, हुलसी राम साहू प्रदेश महासचिव, दिनेश कुमार निर्मलकर, बसंत कुमार बंजारे, होलीराम चंद्रवंशी आदि उपस्थित थे। यह जानकारी छत्तीसगढ़ प्रदेश शासकीय शिक्षक फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर साहू ने दी।

कल पदभार ग्रहण करेंगे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज

0
  • मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष दीपक बैज 15 जुलाई को रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं अन्य वरिष्ठ नेता इस पल के साक्षी बनेंगे। बस्तर के सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज फिलहाल नई दिल्ली में हैं। उन्होंने शुक्रवार को वहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। परसों श्री बैज ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणु गोपाल से भी भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता जताई थी। चारों शीर्ष नेताओं से मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर दीपक बैज 15 जुलाई को दोपहर 1.45 बजे रायपुर लौटेंगे। अपरान्ह 3 बजे श्री बैज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचेंगे, जहां पदभार ग्रहण समारोह होगा। नए अध्यक्ष दीपक बैज निवर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम से पदभार ग्रहण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, अhभा कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं सह छ्ग प्रभारी विजय जांगिड़, भूपेश बघेल सरकार के सभी मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रवि घोष ने कांग्रेस के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों व पदाधिकारियों, निगम, मंडलों के अध्यक्षों व सदस्यों, महापौरों, सभापतियों, एमआईसी मेंबर्स, पार्षदों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अध्यक्ष- उपाध्यक्षों, पार्षदों, जिला व जनपद पंचायतों के पदाधिकारी – सदस्यों, सरपंचों, कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठों, महिला विंग एवं विभागों के पदाधिकारियों को पत्र भेजकर उनसे पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थिति की अपील की है।

प्रियंका गांधी से मिले छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज

0

नई दिल्ली छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रमुख सांसद दीपक बैज ने शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा से दिल्ली स्थित निवास में मुलाकात कर उनसे मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रीमती प्रियंका गांधी ने श्री बैज को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए नवीन जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने श्री बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। कांग्रेस हमेशा वरिष्ठ नेताओं के अनुभव को अहमियत देते हुए युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करती है। कांग्रेस संगठन पीढ़ियों का संगम है।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद दीपक बैज ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस विजय अभियान जारी रखेगी। राष्ट्रीय नेताओं के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक जीत हासिल होगी। श्री बैज ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी भेंट की। गुरुवार को उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से भेंट की थी।

जन्मदिन पर दीपक बैज को मिला सोनिया- राहुल का आशीर्वाद

0
  • छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष ने की राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात

नई दिल्ली जगदलपुर बस्तर सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज ने आज कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष यूपीए चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी तथा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके दिल्ली स्थित आवास में भेंट कर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सांसद दीपक बैज ने श्रीमती गांधी तथा राहुल गांधी को विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता का क्रम दोहराते हुए छत्तीसगढ़ राज्य में कांग्रेस की गौरवशाली विजय यात्रा को जारी रखेगा। इस संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता समस्त राष्ट्रीय नेताओं, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने प्रतिबद्ध हैं। विदित है कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सांसद दीपक बैज ने गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे एवं संगठन महासचिव श्री वेणुगोपाल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया था। आज शुक्रवार को श्री बैज ने कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी तथा राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सांसद दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान सौंपे जाने पर पहले ही प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कह चुके हैं कि दीपक बैज युवा नेता हैं और उन्हें छत्तीसगढ़ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने से युवाओं सहित सभी वर्गों में उत्साह है।पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी दीपक बैज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपक बैज छत्तीसगढ़ कांग्रेस को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से ऐसे प्रयास करेंगे, जो उनसे अपेक्षित हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विशेष तौर पर सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी से आमतौर पर इतनी जल्द मुलाकात का समय नहीं मिल पाता है क्योंकि यह नेता बहुत व्यस्त हैं। इन्हें पूरे देश के पार्टी मामले देखना होते हैं लेकिन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष युवा सांसद दीपक बैज को पार्टी के सभी नेताओं का सहज आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। संसद में सांसद दीपक बैज के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व पहले से ही परिचित है और संसद में उनके जोशीले भाषण से, उनके द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए उठाए गए मुद्दों से प्रभावित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उन्हें प्रोत्साहित करते रहे हैं तथा राहुल गांधी का मार्गदर्शन उन्हें मिलता रहा है। आज सारा बस्तर अपने सांसद और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष दीपक बैज के जन्मदिन पर दोहरी खुशियां मना रहा है और वहां दिल्ली में अपने जन्मदिन के अवसर पर दीपक बैज ने कांग्रेस के आला नेताओं श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आशीर्वाद प्राप्त किया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS