जगदलपुर पांचजन्य के संपादक हेमशंकर जी और स्वदेश के संपादक जयप्रकाश मिश्र जी बस्तर प्रवास पर आए। दोनों वरिष्ठ पत्रकारों से विश्व हिंदू परिषद के नेता अनिल कुमार अग्रवाल एवं जगदलपुर के वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन झा ने भेंट की। बस्तर के भानपुरी में तीनों वरिष्ठ पत्रकारों और विहिप नेता ने बैठ कर विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की। बस्तर सहित अन्य जनजातीय इलाकों में आदिवासियों के ईसाई धर्म में धर्मांतरण पर गहन मंथन हुआ। कहा गया कि धर्मांतरण से आदिवासी संस्कृति, प्रथाओं, परंपराओं और रीति रिवाजों के विलोप होने का खतरा बढ़ रहा है।आदिवासी समुदाय हमारे देश की उत्कृष्ट पहचान और आन बान शान है। धर्मांतरण से हमारी पहचान मिटने लगी है। इस दिशा में आदिवासी समाज के नेताओं और पढ़े लिखे वर्ग की खामोशी पर चिंता व्यक्त की गई। विहिप नेता और पत्रकारों ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस से जुड़े आदिवासी नेताओं को राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर आदिवासी समुदाय के संरक्षण के लिए काम करना चाहिए। पत्रकारों ने बस्तर में नक्सल प्रभाव तथा नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की और केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा उठाए जा रहे प्रभावी कदमों तथा सुरक्षा बलों के उच्च मनोबल की प्रशंसा पत्रकारों ने की। रायपुर से आए दोनों वरिष्ठ पत्रकार नगर के युवा महापौर संजय पांडे से भी मिलना चाहते थे, लेकिन महापौर से मुलाकात नहीं हो पाई। पत्रकारों ने महापौर संजय पाण्डेय की प्रखर सनातनी हिंदूवादी छवि की सराहना की।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का जगदलपुर दौरा: सेवाभाव, संवाद और दिशा का संगम
जगदलपुर रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के प्रांतपाल रोटेरियन अखिल मिश्रा अपने आधिकारिक दौरे पर सोमवार को जगदलपुर पहुंचें। यह दौरा न केवल रोटरी क्लब के लिए एक विशेष अवसर है,बल्कि स्थानीय समाज को रोटरी की वैश्विक सेवाओं से जुड़ने का आमंत्रण भी है।
डिस्ट्रिक्ट 3261 में पूरा छत्तीसगढ़, आधा मध्यप्रदेश और आधा ओडिशा क्षेत्र सम्मिलित हैं। हर वर्ष डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का यह दौरा क्लब के लिए मार्गदर्शन, मूल्यांकन और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण क्षण होता है। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अखिल मिश्रा क्लब द्वारा किए गए सेवा प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण करेंगे, रोटरी सदस्यों से संवाद करेंगे और एक सार्वजनिक सभा में स्थानीय नागरिकों को रोटरी इंटरनेशनल तथा डिस्ट्रिक्ट 3261 की गतिविधियों, उद्देश्यों और सेवा संकल्पों से अवगत कराएंगे। अखिल मिश्रा जबलपुर निवासी हैं और उनके साथ डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी जनरल रोटेरियन सारंग भिड़े भी इस दौरे में सम्मिलित हैं।
दशापाल गांव में विद्युत सब स्टेशन की बाउंड्री में बाधक बनी अनाधिकृत सड़क
- सब स्टेशन निर्माण का कार्य अटका, विद्युत विभाग ने जताई चिंता
- जनहित के महत्वपूर्ण कार्य में अड़ंगेबाजी से ग्रामीण भी नाराज
बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम दशापाल में क्षेत्र की विद्युत समस्या के समाधान के लिए स्थापित किए गए 33/11 किलोवाट सब स्टेशन के बाउंड्री निर्माण कार्य में अनाधिकृत अतिक्रमण बाधा बन गया है। विद्युत विभाग ने इस संबंध में प्रशासन से दखल देने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दशापाल में कुल 2.360 हेक्टेयर भूमि विद्युत विभाग के सब स्टेशन निर्माण हेतु चिन्हांकित की गई थी, जिसमें से 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र राजस्व वन भूमि (छोटे झाड़ के जंगल) के रूप में भी शामिल है। इस भूमि का आवंटन पत्र 27 दिसंबर 2022 को ही विद्युत विभाग को सौंपा दिया गया था। विभाग द्वारा यहां 33/11 केवी क्षमता वाला आधुनिक सब स्टेशन स्थापित कर लिया गया है। हालांकि अब जबकि बाउंड्री वॉल का निर्माण शेष है, एक व्यक्ति द्वारा सब स्टेशन से लगे क्षेत्र में बिना अनुमति के सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस वजह से विभाग को सब स्टेशन की सुरक्षा और सीमांकन कार्य में गंभीर अड़चनें आ रही हैं। विद्युत विभाग का कहना है कि यह सब स्टेशन ग्रामीण अंचल के सैकड़ों परिवारों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया है, और इसमें किसी भी प्रकार की बाधा जनहित के खिलाफ है। विभागीय अधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि अनाधिकृत निर्माण को तत्काल रोका जाए और विद्युत अधोसंरचना की सुरक्षा हेतु बाउंड्री निर्माण में सहयोग प्रदान किया जाए।स्थानीय ग्रामीणों ने भी मांग की है कि इस परियोजना में किसी तरह की रुकावट न आने दी जाए, क्योंकि यह पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।जनपद सदस्य अनिल बिसाई से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि सब स्टेशन बना हुआ है यह तो मालूम है, लेकिन कौन रोड बना रहा है इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने अपनी शादी की वर्षगांठ पिल फाउंडेशन भिलाई में निराश्रित पुरुषों एवं महिलाओं के साथ मनाया
पिल फाऊंडेशन भिलाई में बेसहारा और मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को भोजन रहने एवं दवाई की व्यवस्था कर परमार्थ का कार्य किया जाता है l वर्तमान में इस संस्था में 84 महिला एवं पुरुष रह रहे हैं l संजय बैस ने बताया कि उनकी पत्नी श्रीमती मंजू संजय बैस वर्तमान में कुसुम कसा जनपद सदस्य के रूप में कार्यरत हैं l उन्होंने कहा कि शादी की वर्षगाँठ व्यक्ति के वैवाहिक जीवन का एक यादगार पल होता है ,क्यों ना हम इस यादगार पल को इन माता और पिता समान इन बेसहारा लोगों के साथ मनाएं उनकी बातों का मैं समर्थन करते हुए परिवार सहित बिल फाउंडेशन में वहां के सभी महिला एवं पुरुषों के साथ हम लोगों ने अपनी शादी की वर्षगांठ के अवसर पर एक साथ भोजन कर इस दिन को यादगार बनाया l

मैं और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी निवेदन करता हूं कि अपने वैवाहिक जीवन के इस पल को यादगार बनाने के होड में पैसे की बर्बादी ना करें l इन बेसहारा और असहाय लोगों के साथ दो पल गुजार कर भी आप अपने सुनहरे पल को यादगार बना सकते हैं l इस अवसर पर राम जानकी सेवा समिति के अध्यक्ष संतोष जैन उप सरपंच दीपक यादव राम जानकी के पूर्व अध्यक्ष गौरी शंकर साहू पुष्पजीत बैंस बरखा ठाकुर दीपक ठाकुर योगी साहू सौम्य बैंस समर्थ बैंस उपस्थित रहेl

डीएपी खाद न मिलने पर साल्हे में किसानों ने किया चक्काजाम
- डीएपी खाद की भारी किल्लत से किसान त्रस्त
भानुप्रतापपुर हर साल की तरह इस साल भी सरकार किसानों के लिए खाद की पूर्ति करने में नाकाम नजर ना आ रही है। खाद न मिलने से नाराज किसानों ने भानुप्रतापपुर- दल्ली राजहरा मार्ग पर आज जाम लगा दिया। किसानों को मनाने तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा पहुंचे, मगर किसान टस से मस नहीं हुए।

खरीफ सीजन में किसान धान की फसल के लिए खेती में जुट गए हैं, लेकिन भानुप्रतापपुर क्षेत्र की सरकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है। इसके चलते किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है,किसानों को बुवाई के लिए डीएपी खाद की सख्त जरूरत है, लेकिन खाद वितरण केंद्र से डीएपी गायब हो गई है। किसानों को मांग के मुताबिक डीएपी खाद नहीं मिल रही है। ऐसे में किसान मंहगे दामों में बाजार से खाद खरीदने को मजबूर हैं। कच्चे क्षेत्र के किसानों ने खाद न मिलने के कारण साल्हे ग्राम में भानुप्रतापपुर से दल्ली राजहरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सुबह से चक्कजाम कर दिया।किसानों का कहना हैँ कि मई माह से डीएपी खाद के लिए समिति में नंबर लगाकर रखे हैं। अभी तक खाद प्राप्त नहीं हो पाई है। अभी ही खेतो में खाद डालने का समय है पर सरकार ने खाद उपलब्ध नहीं करवाई है। बाजार में डीएपी खाद मिल रही है पर महंगी होने के कारण खरीद नहीं सकते।
कच्चे सरपंच कांति हिड़को ने बताया कि साल्हे, कच्चे, इरागांव, भैसा कन्हार, टेड़ाई कोंडल,दाबकट्टा के सभी गांवों के किसान खाद के लिए परेशान हैं। सभी प्रभावित गांवों के सरपंचों ने भानुप्रतापपुर के एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर डीएपी खाद न मिलने से हो रही परेशानी से अवगत कराया था और बता दिया था कि खाद न मिलने पर 30 जून को दल्ली राजहरा भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर साल्हे में आक्रोशित किसानों द्वारा चक्काजाम कर आवागमन बाधित किया जायगा, परन्तु प्रशासन द्वारा आज तक खाद की कोई व्यवस्था नहीं की गई। जिसके चलते किसानो ने आज चक्कजाम कर दिया। तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा पहुचे किसानो को मानाने पहुंचे थे।
राजहरा पुलिस द्वारा किया जा रहा है स्कूल कालेजों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम
- सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के बारे में छात्र/छात्राओं को किया गया जागरूक ।
- यातायात नियमों का उलंग्घान करने वालों के उपर किया जा रहा निरंतर कार्यवाही ।
- 5 दिवस में अब तक 80 वाहन चालको पर किया गया 33,300 रूपये की कार्यवाही ।
- आदतन निगरानी एवं गुण्डा बदमाश को थाना लाकर दिया गया समझाईश ।
- शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने तथा अपराध न कर सही तरीके जीवन यापन करने का दिया गया
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल पुलिस के निर्देशन पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में , नगर पुलिस अधीक्षक डा0 चित्रा वर्मा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा एवं थाना प्रभारी राजहरा निरीक्षक रवि शंकर पाण्डेय के नेतृत्व में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लोने एवं आम जनों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से याताताया नियमों का पालन करवाने हेतू विशेष अभियान चलाया गया है । उक्त अभियान में राजहरा के स्कूल कालेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर वाहन चालकों से अपील किया जा रहा है कि शराब सेवन कर खतरनाक तरिके से वाहन चलाते हुए अपने तथा अन्य व्यक्तियों की जान जोखिम में न डाले हमेशा यातायात के नियमों को पालने करें, माल वाहक वाहन में सवारी भरकर परिवहन न करे, रात्री में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाए , वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग न करे, नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने न देंवें, संयमित गति से वाहन चलाएं एवं वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट अवश्य लगावें व वाहन चलाते समय वाहन के दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखे इसके साथ ही राहवीर योजना एवं नगदी रहीत उपचार स्कीम की भी जानकारी दिया गया ।

राजहरा पुलिस के द्वारा यातायाता जगरूकता कार्यक्रम के तहत राजहरा नगर में मुख्य चौक चौराहों, बाजार एवं मुख्य मार्गों में अभियान चलाकर नो पार्किक, तेज रफ्तार , हेलमेट नही लगाने, बिना कागजात के वाहन चलाने, माल वाहक पर यात्री परिवहन करने वाले के तथा यातायात के नियमों का उलंग्घन करने वालें वाहन चालकों के विरूद्ध 5 दिवस में कुल 80 वाहन चालकों के विरूद्ध 33300 रूपये चालानी कार्यवाही की गयी है एवं आम जनो से अपील किया गया है कि यातायाता नियमों का कडाई से पालन करें एवं स्वयं व अन्य लोगो की जान की सुरक्षा करें । राजहरा पुलिस के द्वारा यातायात नियमों का उलग्घन करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही किया जावेंगा ।

थाना राजहरा पुलिस क्षेत्रांतर्गत आदतन निगरानी एवं गुण्डा बदमाशों को थाना लाकर शहर में शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने दिया गया निर्देश इसके साथ किसी प्रकार के अपराध में संलिप्तता न रहने तथा सही तरीके से जीवन यापन करने की समझाईश दिया गया है ।

शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप व चित्रकोट विधायक विनायक गोयल
- 80 लाख के नए हाईस्कूल भवन का किया लोकार्पण
- गुणवत्ता युक्त शिक्षा देना हमारी प्राथमिकता: महेश
लोहंडीगुड़ा विकासखंड लोहंडीगुड़ा में आज शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि चित्रकोट विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर व पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया तथा उन्हें सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र, पाठ्यपुस्तकें व शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। तत्पश्चात् एक पेड़ माँ के नाम के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर ककनार ग्राम में 80 लाख की लागत से निर्मित नवीन हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। इस भवन के निर्माण से आसपास के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा शिक्षा ही समृद्ध समाज की नींव होती है। बेहतर स्कूल भवन और गुणवत्ता युक्त शिक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और प्रत्येक बच्चे तक इसका लाभ पहुंचाना हमारा संकल्प है।चित्राकोट विधायक विनायक गोयल ने अपने संबोधन में कहा बालकों का उज्ज्वल भविष्य हमारे विकास का आधार है। आज का शाला प्रवेश उत्सव न केवल बच्चों के लिए उत्सव है, बल्कि पूरे समाज के लिए नई शुरुआत का प्रतीक है। हम मिलकर शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने हेतु कटिबद्ध हैं।कार्यक्रम में पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, जनपद अध्यक्ष पदमा कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा पर्व को एक उत्सव के रूप में मनाया और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उत्कल समाज की कार्यकारिणी का विस्तार
- महिला विंग की शुभ्रा व युवा विंग के पवन अध्यक्ष
जगदलपुर उत्कल समाज बस्तर संभाग के प्रथम नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेश दास की अनुशंसा पर पदाधिकारियों की उपस्थिति में समाज की नई कार्यकारिणी और महिला एवं युवा विंग का गठन किया गया।
पदाधिकारियों ने सर्व सम्मति से महिला विंग एवं युवा विंग का सर्वसम्मति से मनोनयन किया। महिला विंग की अध्यक्ष शुभ्रा दास एवं सचिव निरुपमा दास मनोनित हुईं। जेडयुवा विंग में पवन मिश्रा अध्यक्ष व आशीष दास सचिव मनोनीत किए गए। वहीं समाज के कार्यों व आयोजनों के प्रचार प्रसार के लिए रवींद्र दास मीडिया प्रभारी नियुक्त किए गए। बैठक में अध्यक्ष सचिव के साथ उपाध्यक्ष मथुरा प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष मनोज महापात्र, संगठन सचिव रमेश नंद, सांस्कृतिक सचिव मनीष श्रीवास्तव व कार्यालयीन सचिव अच्युत सामंत एवं अन्य उपस्थित रहे।

कार्यकारिणी में 2 महिलाएं
प्रथम नव निर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा आगामी कार्यकाल के लिए सर्वसम्मति से मुख्य कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा की गई। सदस्यों मे दीनबंधु रथ, असीम दास, रितेश पट्टजोशी, मनीष मिश्रा, अतुल दास, रितेश पाढ़ी, सविता आचार्य, सरला रथ, प्रदीप महापात्र, राकेश रथ, अशोक दास व सीमांचल दास मनोनीत किए गए। नव निर्वाचित अध्यक्ष राजेश दास एवं सचिव सुमीत महापात्र ने बताया कि समस्त पदाधिकारियों की सहमति व विशेषाधिकार से पूर्व में गठित सभी समितियों एवं विंग को भंग कर दिया गया है। अध्यक्ष राजेश दास ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि समाज में आगामी जितने भी कार्यक्रम होगें वे सब नवगठित उत्कल समाज बस्तर संभाग के बैनर तले किए जाएंगे जिसमें समाज के सभी सम्मानित सदस्य व पूर्व में गठित समितियों के सदस्य भी आमंत्रित होंगे।
सड़क का हाल बेहाल,आम नागरिक परेशान
दल्लीराजहरा से मात्र 3 किलोमीटर कुछ दूरी पर स्थित 1200 आबादी वाली नाला ग्राम पंचायत खम्हारटोला के सड़के केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना से आज भी पर्यन्त वंचित है।

खम्हारटोला से चिखलाकसा को जोडने वाली सडक काफी जर्जर हो गया हैं सडक पर जगह जगह बडें बडे गडडे हो बन चुके है। अब बरसात का सीजन होने के कारण इन गडडों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती हैं। सडक की स्थिति से आम नागरिक काफी नाराज है बार -बार गुहार लगाने के बावजूद भी सडक नही सुधर पाई है। वर्तमान में इस सडक का हालत यहां है। कि स्थान पर सडक है या नहीं इसका पता नहीं चलता सडक पर बडें बडे गडडे दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। इस मार्ग पर लोग रोजी मजदुरी करने के लिए अपने जान को जोखिम में डालकर मजदूरी करने के लिए दल्लीराजहरा पर निर्भर हैं।

लोग कच्ची सडक से आवागमन करते है।बारिश के समय इस रास्ते साईकिल, गाडी से जाना तो दूर पैदल चलना भी मुमकिन हो जाता है। आज तक ना तो सड़क सुधरने और ना ही लोगों को राहत मिली । जिसके कारण क्षेत्र के ग्रामीण व्यस्थित हैं। सडक की उपेक्षा से यहां साबित हो जाता हैं कि उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों की आंखों में पट्टी बंधी है।
वनों से समृद्धि की ओर : छत्तीसगढ़ में आधुनिक आयुर्वेदिक प्रसंस्करण इकाई जमगांव एम में
- फॉरेस्ट टू फार्मेसी, छग में 36.47 करोड़ की आयुर्वेदिक इकाई
- वोकल फॉर लोकल को साकार करती छत्तीसगढ़ की आयुर्वेदिक प्रसंस्करण परियोजना
जगदलपुर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित द्वारा निर्मित अत्याधुनिक आयुर्वेदिक औषधि प्रसंस्करण इकाई का लोकार्पण दुर्ग जिले के ग्राम जामगांव (एम) में हॉगा। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद दुर्ग विजय बघेल, स्थानीय विधायक, राज्य वनौषधि बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम और वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में श्री श्री 1008 डॉक्टर स्वामी कैलाशनंद गिरी महाराज महा मंडलेश्वर, हरिद्वार उत्तराखंड विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे
वन और विज्ञान का संगम
आयुर्वेदिक प्रसंस्करण इकाई छत्तीसगढ़ की समृद्ध वन संपदा को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़कर फॉरेस्ट टू फार्मेसी मॉडल को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। 27.87 एकड़ क्षेत्र में रू. 36.47 करोड़ की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक प्रसंस्करण इकाई से प्रतिवर्ष लगभग 50 करोड़ रुपए के उत्पाद तैयार किए जाने का अनुमान है। यह इकाई प्रदेश में वनों में पाई जाने वाली औषधीय और लघु वनोपज जैसे महुआ, साल बीज, कालमेघ, गिलोय, अश्वगंधा आदि का संगठित एवं वैज्ञानिक प्रसंस्करण कर चूर्ण, सिरप, तेल, टैबलेट एवं अवलेह जैसे गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उत्पादों का निर्माण करेगी। यह इकाई छत्तीसगढ़ हर्बल्स ब्रांड के तहत प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने का प्रमुख केंद्र भी बनेगी।
1 हजार लोगों को रोजगार
परियोजना के अंतर्गत 1000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की प्राथमिक प्रसंस्करण कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित होगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। वहीं युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त होने से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए द्वार खुलेंगे। प्रसंस्करण इकाई में आधुनिक वेयरहाउस की 20,000 मीट्रिक टन की संग्रहण क्षमता विकसित की गई है, जिससे सीजनल वनोपजों के दीर्घकालीन संरक्षण एवं गुणवत्ता नियंत्रण में सहायता मिलेगी।
आत्मनिर्भर भारत का विजन
यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन को मूर्तरूप देती है। यह न केवल वन उत्पादों के स्थानीय मूल्य संवर्धन का उदाहरण प्रस्तुत करती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन, आर्थिक विकास और सामाजिक समावेशिता को भी सशक्त बनाती है।उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के नेतृत्व में प्रदेश एक नए हरित औद्योगिक युग की ओर अग्रसर हो रहा है, जिससे वनवासियों और ग्रामीणों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित हो रहा है।












