जगदलपुर नगर के पुराने बस स्टेंड में सीजी मार्ट के सामने स्थित आस्था के प्रतीक बरगद के पेड़ को सुखाकर मार डालने की कोशिश निगम द्वारा की जा रही है। कभी बिजली तार को बचाने पेड़ की शाखाओं एवं टहनियों छंटाई करके, तो कभी नाली को बचाने के नाम पर सैकड़ों साल पुराने इस पेड़ को सुखाने का प्रयास किया जा रहा है। निगम के कर्मी इतनी लापरवाही से कटाई करते हैं कि पेड़ का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। पेड़ की शाखाओं और टहनियों को काटने के बाद नगर निगम के कर्मी लकड़ी, डंठल सब वहीं छोड़ देते है, जिससे गंदगी फैल गई है। देवतुल्य इस पेड़ की यह दुर्दशा अब शहर के लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही है।
आईईडी ब्लास्ट में आईटीबीपी के दो जवान शहीद
जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में आज नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस के दो जवान शहीद हो गए तथा जिला पुलिस बल नारायणपुर दो जवान घायल हो गए हैं। शहीद जवानों में एक महाराष्ट्र के सतारा और दूसरे जवान आंध्रप्रदेश के कड़प्पा जिले के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक ओरछा, मोहंदी एवं ईरकभट्टी से आईटीबीपी, बीएसएफ एवं डीआरजी की संयुक्त पार्टी अभियान हेतु धुरबेड़ा की ओर रवाना हुई थी। आज 19 अक्टूबर को अभियान से वापसी के दौरान सुबह 11. 30 से 12 बजे के बीच ग्राम कोडलियर के समीप जंगल में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से आईटीबीपी के दो जवान शहीद हो गए और नारायणपुर जिला पुलिस बल के दो जवान घायल हो गए हैं। आईटीबीपी 53वीं बटालियन के दो जवान 36 वर्षीय अमर पंवार निवासी जिला सतारा महाराष्ट्र और 36 वर्षीय के. राजेश
निवासी जिला कड़प्पा आंध्रप्रदेश शाहीद हो गए।नारायणपुर जिला पुलिस के अन्य दो घायल जवानों की हालत सामान्य है।
नक्सलियों ने बीजापुर के उसूर में दिनदहाड़े कर दी कांग्रेस नेता की हत्या
- राशन दुकान में धारदार हथियार से की गई हत्या
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के उसूर में नक्सलियों ने कांग्रेस नेता और पूर्व उप सरपंच तिरुपति भंडारी की हत्या कर दी। तिरुपति ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रहे हैं।
जानकारी के अनुसार घटना आज शाम 4 बजे के आसपास उसूर के राशन दुकान में हुई है। नक्सलियों की इस वारदात से उसूर में दहशत का माहौल है। सूत्रों ने बताया कि पहले भी तिरूपति भंडारी नक्सली धमकी मिलने से वह अपना गांव छोड़कर बीजापुर में रहने लगे थे। कांग्रेस नेता तिरूपति भंडारी उसूर ब्लाक के मारुड़बाका के निवासी थे। शनिवार दोपहर हुई घटना की जानकारी मिलते ही उसूर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर कर तिरुपति भंडारी के शव को अपने कब्जे में ले लिया। बीजापुर एसपी कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार अज्ञात लोगों ने तिरुपति भंडारी की धारदार हथियार से हत्या की है। इस घटना की उसूर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। इस घटना को नक्सलियों द्वारा अंजाम दिये जाने की संभावना जताई गई है।
मित्र उद्योगपतियों के लिए बंदूक की नोक पर ग्रामीणों की आवाज दबा रही है सरकार: दीपक बैज
- परसा और केंते क्षेत्र के प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज
अर्जुन झा
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज शनिवार को परसा-केंते क्षेत्र में जंगलों की कटाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और प्रभावितों से से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें अपने उद्योगपति मित्र के हित संवर्धन के लिए ग्रामीणों और आदिवासी समुदाय का दमन करने बंदूक का सहारा ले रही है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धंनेंद्र साहू ने जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों और अन्य ग्रामीणों से भेंट कर उन्हें भरोसा दिलाया कि हक एवं इंसाफ की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आप लोगों के साथ खड़ी है। भाजपा की सरकारें चाहे जितना भी जुल्म ढाए आपको डरने की जरूरत नहीं है। प्रदर्शनरत लोगों से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया के लोगों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और हसदेव अरण्य क्षेत्र के आदिवासियों की बातों को अनसुना कर केंद्र सरकार मनमानी पर उतर आई है। कोल ब्लॉक का आवंटन अपने मित्र उद्योगपति के नाम पर करने के लिए क्षेत्र के आदिवासियों के साथ अत्याचार सरकार करवा रही है। फर्जी ग्रामसभा के अनुमोदन पर कोल ब्लॉक आवंटन की जांच के सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि हमारी सरकार ने इसकी जांच कराई थी। उन्होंने कहा कि यह सरकार आदिवासी समुदाय पर जुल्म ढा कर अपने मित्र के हितों की रक्षा करने में लगी है। प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों को बंदूक के दम पर डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामसभा और क्षेत्र के आदिवासियों एवं ग्रामीणों की मंशा के अनुरूप कोल खनन की अनुमति दी जाती है तो हमें कोई आपत्ति नहीं है, मगर धमकी चमकी और बंदूक की नोक पर ऐसा किया गया, तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी।
धान खरीदी पर झलक रही है सरकार की नीयत में खोट: दीपक बैज
- विलंब से धान खरीदी शुरू करना किसानों के हित में नहीं: पीसीसी चीफ
–अर्जुन झा-
जगदलपुर धान खरीदी के मसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने साय सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि विलंब से धान खरीदी करने के फैसले के पीछे साय सरकार की नीयत में खोट साफ झलक रही है। सरकार किसानों से छल कर रही है।
इस संवाददाता से विशेष बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस वर्ष खरीफ फसल के अनुकूल वर्षा हुई है और धान फसल का रकबा भी बढ़ा है। भले ही खेती में लागत ज्यादा आई है, मगर इस बार धान का बंपर उत्पादन होने वाला है। किसानों ने फसल की कटाई और मिंजाई का काम भी शुरू कर दिया है। इसे देखते हुए धान खरीदी 1 नवंबर से ही शुरू कर देना चाहिए थी। ऐसा न करके 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का फैसला सर्वथा गलत और मेहनतकश किसानों के साथ नाइंसाफी है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि देरी से धान खरीदी शुरू करने के फैसले के पीछे भाजपा सरकार का किसानों के प्रति दुराग्रह निहित है। दरअसल भाजपा शुरू से किसान विरोधी रही है। दिल्ली का किसान आंदोलन इसका प्रमाण है। दीपक बैज ने कहा कि धान की बंपर पैदावार की संभावना को देखते हुए ही भाजपा सरकार ने 15 दिन बाद यानि 14 नवंबर से किसानों का धान खरीदने का फैसला किया है। इसके पीछे साय सरकार की मंशा यही है कि किसान अपनी पूरी उपज बेच न सकें और सरकार को ज्यादा राशि का भुगतान करना न पड़े। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि किसानों को उनका पूरा धान खरीदने का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई भाजपा अब किसान विरोधी अपना असली चेहरा दिखाने लगी है। उन्होंने साय सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के साथ छल करने से बाज आएं, वरना अन्नदाता भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे। दीपक बैज ने कहा कि अत्याचार का दंश झेलती आ रही प्रदेश की मातृशक्ति की आह तो साय सरकार को लग ही चुकी है, अब वह अन्नदाता की भी आह लेने आतुर हो चली है। श्री बैज ने कहा कि सत्ता आती जाती रहती है, इसका घमंड किसी को भी नहीं करना चाहिए। सत्ता को सेवा का साधन मानकर काम करना चाहिए।
भोपाल की सुरक्षा कंपनी के खिलाफ श्रम पदाधिकारी से पूर्व सांसद प्रतिनिधि ने की शिकायत
- परपा थाने में भी शिकायत की भाजपा नेता शुक्ला ने
जगदलपुर सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि कौशिक शुक्ला ने बाम्बे सुरक्षा कंपनी भोपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए श्रम पदाधिकारी से उसके खिलाफ लिखित शिकायत की है।

पूर्व सांसद प्रतिनिधि कौशिक शुक्ला ने अपने पत्र में कहा है कि जगदलपुर के डिमरापाल में संचालित मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल हेतु अधिष्ठाता एवं चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज द्वारा 26 सितंबर 2024 से बाम्बे सुरक्षा कंपनी भोपाल को सुरक्षा एवं सफाई कार्य का कार्यादेश जारी किया गया है। इस सुरक्षा कंपनी के संचालक और उनके मातहतों द्वारा पुराने, अनुभवी कौशल प्रमाण पत्रधारी पात्र सुरक्षा कर्मियों को अमानवीय, अवैधानिक तरीके से जबरन हटाकर उनके स्थान पर नए, अकुशल, अपात्र लोगों को सरक्षा गार्ड की नौकरी पर रखा गया है। इन लोगों से नियुक्ति के नाम से 30-35 हजार रू. की अवैध वसूली की गई है। श्री शुक्ला ने आगे लिखा है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित निर्णय के अनुसार छग राज्य पसारा अधिनियम 2008 के नियम 5 की धारा 10 के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा ऐसे किसी भी अकुशल व्यक्ति को काम पर नही रखा जा सकता, जिसने कौशल प्रशिक्षण पूरा नहीं किया है। बावजूद इसके विपरीत मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन डिमरापाल में वर्ष 2014 से 25 सितंबर 2024 तक कार्यरत रहे अनुभवी, मुख्यमंत्री कौशल प्रमाण सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण पत्रधारी 50 से अधिक पुराने सूरक्षा कार्मियों को जबरदस्ती अमानवीय तरीके से हटाकर अकुशल, अपात्र, कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र विहीन 100 से अधिक नए व्यक्तियों से 30 -30 हजार रुपए की अवैध वसूली की वसूली कर सुरक्षा गार्ड की नौकरी दी गई है।प्रभावित सुरक्षा कर्मियों की शिकायतों के निराकरण हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं डीन प्रशासन से मांग की जाती रही है। कौशिक शुक्ला ने आगे लिखा है कि बस्तर जिले के आदिवासी गरीब, दिहाड़ी महिला मजदूरों- जगदलपुर एवं ग्रामीण क्षेत्र की निवासियों से 1 लाख 65 हजार रुपए एवं ग्रामीण गरीब पुरुष मजदूरों पुरुषों से भी 50-50 हजार रुपए की अवैध वसूली के प्रमाणित साक्ष्य सहित अवैध उगाही की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक जगदलपुर से भी की गई है। कौशिक शुक्ला ने शिकायत के साथ नोटरी द्वारा सत्यापित शपथ पत्र, बेरोजगारों से वसूली के प्रमाणित दस्तावेज संलग्न किए हैं। उन्होंने बाम्बे सुरक्षा कम्पनी भोपाल के संचालक और उनके अधिकृत वसूलीबाजों पर कार्रवाई करने तथा पुराने अनुभवी, कौशल प्रमाण वाले प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की नौकरी यथावत रखने की मांग की है।
*CamScanner 10-18-2024 16.05.45*
परपा थाने में भी आवेदन
निर्वासित सुरक्षा कर्मियों ने परपा पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल डिमरापाल में विगत वर्षों से हम सभी सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत थे तथा वर्तमान में बाम्बे सुरक्षा कंपनी भोपाल द्वारा हम सभी आवेदकों को नौकरी से जबरदस्ती, अकारण हटाकर गैरकानूनी, अमानवीय कृत्य किया गया है। 30 -30 हजार की अवैध वसूली लेकर अपात्र एवं अप्रशिक्षित नए लोगों को सुरक्षा गार्ड की नौकरी देने का प्रमाणित आपराधिक कृत्य किया गया है। अवैध वसूली के प्रमाण के रूप में ऑडिओ और वीडियो होने की भी बात कही गई है। इस तरह हाईकोर्ट के निर्णय के विपरीत जाकर प्रशिक्षित अनुभवी सुरक्षा कर्मियों को जबरन नौकरी से हटाने की अमानवीय कार्यवाही की गई है। वहीं 30- 30 हजार की अवैध वसूली कर अपात्र एवं अप्रशिक्षित नए व्यक्तियों को सुरक्षा गार्ड की नौकरी पर रखने का प्रमाणित आपराधिक कृत्य बाम्बे सुरक्षा कंपनी भोपाल के अधिकृत व्यक्तियों द्वारा
किया गया है। बाम्बे सुरक्षा कम्पनी भोपाल के अधिकृत व्यक्तियों में बुधरू नाग बड़े मारेंगा, सरोज डेंगल हाल निवासी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने डिमरापाल द्वारा अवैध वसूली की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ली दक्षिण विधानसभा सीट की चुनावी तैयारी बैठक
- बूथ प्रभारियों की व वरिष्ठ नेताओं की ली बैठकें
रायपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी जरिता लेफतलांग, एआईसीसी के सह सचिव एवं सह प्रभारी विजय जांगिड़ की उपस्थिति में दक्षिण विधानसभा सीट के उप चुनाव के संबंध में दो महत्वपूर्ण बैठकें ली। पहली बैठक बूथ कमेटियों के प्रभारियों की तथा दूसरी बैठक दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं की हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि दक्षिण विधानसभा चुनाव में बदलाव की हवा चल रही है। यह चुनाव कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिये अवसर है। हम सबको मिलकर इस बार दक्षिण विधानसभा के कांग्रेस को विजयी बनाना है। 20 अक्टूबर को दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन है। हमें हर बूथ में पूरी ताकत से भिड़ना है। भाजपा सरकार की 11 माह की नाकामी इस चुनाव में हमारा सबसे बड़ा मुद्दा है। हमें पूरी एकजुटता से चुनाव लड़ना है और जीतना है। बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री गुरू रूद्र कुमार, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, महापौर एजाज ढेबर, पारस चोपड़ा, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित थे।
जगदलपुर वालों को जमकर नचा गए हंसराज रघुवंशी
- मेरा भोला है भंडारी भजन पर झूम उठे दर्शक श्रोता
- बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
जगदलपुर बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला के अवसर पर लालबाग मैदान में गुरुवार की शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मशहूर भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने अपनी सुरमयी प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति से जगदलपुर वालों को नचा गए हंसराज रघुवंशी। हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों ने इस कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।

हंसराज रघुवंशी जिनकी गाथा गीतों और भजनों के लिए विशेष पहचान है, ने अपनी धुनों और भक्ति रस से सराबोर गीतों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध शिव स्तुति “मेरा भोला है भंडारी” के साथ एक के बाद एक लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए, जिनमें जय शिव शंकर, मेरे भोलेनाथ और अन्य कई प्रसिद्ध गीत शामिल थे। रघुवंशी ने अपनी प्रस्तुति के दौरान दर्शकों से गीत में सहयोग और तालियों से सहभागिता की अपील की, तो दर्शकों ने भी बराबर सहायता की। कार्यक्रम में नारायणपुर के प्रसिद्ध अबुझमाड़ मलखंभ अकादमी के हुनरबाज मलखंभ प्रदर्शन, बादल अकादमी की प्रस्तुति सहित स्थानीय लोकनृत्य दलों ने भी प्रस्तुति दी। दर्शकों की हजारों की संख्या में पहुंचने वाले बस्तरवासियों के साथ ही समीपवर्ती जिलों और ओड़िसा राज्य के भी लोग पहुंचे थे। राज्य शासन और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बस्तर मड़ई और सरस मेला क्षेत्र भी चहल- पहल से भरा रहा, जहां विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी तथा स्व-सहायता समूहों के उत्पाद और हस्तशिल्प के स्टॉल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मेला में आई भीड़ ने न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया, बल्कि बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति और शिल्प का भी अनुभव किया। बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला का यह आयोजन प्रदेश एवं अन्य राज्य की संस्कृति, परंपरा और कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। हंसराज रघुवंशी जैसे कलाकारों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।

आज मोनाली ठाकुर का कार्यक्रम
शुक्रवार 18 अक्टूबर की शाम को दायरा बैंड की प्रस्तुति और 19 अक्टूबर को ‘मोह मोह के धागे’ गीत से राष्ट्रीय फिल्म पुरुस्कार से सम्मानित पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर और गायक शबाब साबरी की प्रस्तुति होगी। साथ ही स्थानीय लोकनृत्य दलों द्वारा भी शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने हंसराज रघुवंशी को अपनी प्रस्तुति के लिए धन्यवाद दिया और आयोजक छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन को इस अद्भुत सांस्कृतिक उत्सव के आयोजन के लिए सराहा। जिला प्रशासन द्वारा गायक श्री रघुवंशी को स्मृति स्वरूप बस्तर मड़ई का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
बस्तर संभाग में अब होगी नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक और आर -पार लड़ाई
- नक्सलियों की मांद में पहुंचे शीर्ष अधिकारी
- डीजीपी अशोक जुनेजा और अनीस दयाल सिंह पहुंचे नक्सल क्षेत्र में
–अर्जुन झा-
जगदलपुर बस्तर संभाग में जारी नक्सलियों के खिलाफ जंग में पुलिस और सुरक्षा बल लगातार कामयाबी हासिल करते जा रहे हैं। अब खबर है कि इस जंग को निर्णायक मोड़ पर ले जाने और आर पार का फैसला करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। छत्तीसगढ़ पुलिस और सीआरपीएफ के शीर्षस्थ अधिकारियों के नक्सल मांद तक पहुंचने के बाद ऎसी संभावनाओं को बल मिल रहा है।
दरअसल छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अशोक जुनेजा एवं सीआरपीएफ के महानिदेशक अनीस दयाल सिंह, सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक वितुल कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद नक्सल अभियान, राजेश अग्रवाल महानिरीक्षक सीआरपीएफ एवं सुंदरराज पी. पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज दो दिवसीय विशेष दौरे पर बीजापुर एवं सुकमा जिले में पहुंचे थे। बीजापुर में पुलिस महानिदेशक एवं महानिदेशक सीआरपीएफ ने पुलिस तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों स्थानीय पुलिस अधिकारियों, सुरक्षा बलों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर वर्तमान परिस्थितियों, नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अधीनस्थ थानों, चौकियों और कैंपों में सावधानी बरतते हुए सतर्कता पूर्वक कर्तव्य निर्वहन करने एवं भविष्य में समन्वय स्थापित करते हुए नक्सल विरोधी अभियान को प्रभावी रूप से कार्य करने के दिशा निर्देश दिए गए। दूसरे दिन 17 अक्टूबर को सुकमा जिले के पूवर्ती कैंप में पहुंचकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों का सैनिक सम्मेलन लिया गया। उपस्थित सभी अधिकारी, जवानों से रूबरू होकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही आगामी समय पर नक्सल अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने एवं परस्पर समन्वय स्थापित करते हुए लगातार कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। डीजीपी अशोक जुनेजा ने बीजापुर में डीआरजी, बस्तर फाइटर्स एवं अन्य स्थानीय कमांडर्स की बैठक लेकर वर्ष 2024 में संचालित विभिन्न नक्सल अभियानों की समीक्षा की तथा आगामी समय की कार्यवाही हेतु मार्गदर्शन दिया। इस बैठक में एडीजीपी विवेकानंद नक्सल अभियान, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. एवं बीएस ध्रुव पुलिस महानिरीक्षक नक्सल अभियान, राजेंद्र नारायण दास पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, कमलोचन कश्यप उप पुलिस महानिरीक्षक, दंतेवाड़ा रेंज, जितेंद्र यादव पुलिस अधीक्षक बीजापुर व किरण चव्हाण पुलिस अधीक्षक सुकमा सहित स्थानीय पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। दो दिवसीय बस्तर संभाग के प्रवास के दौरान पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाग अंतर्गत स्थानीय पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त रूप से मिलकर किए जा रहे नवीन सुरक्षा कैंप स्थापना, सड़क सुरक्षा, निर्माणाधीन पुल-पुलियों, सामुदायिक पुलिसिंग, सहित ‘नियद नेल्ला नार कार्य योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्य, क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों व नागरिकों की सुरक्षा, वर्तमान परिस्थितियों सहित एवं नक्सल विरोधी अभियान के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुये प्रभावी रूप से कार्य करने हेतु स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए
तैयार की गई बड़ी रणनीती
इन शीर्ष अफसरों के दौरे के बाद इस बात को बल मिल रहा है कि अब नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक और आर पार की लड़ाई होगी। नारायणपुर के अबूझमाड़ में एकसाथ 35 नक्सलियों के खात्मे के बाद उच्च अधिकारियों के घोर नक्सल प्रभावित बीजापुर एवं सुकमा जिलों के दौरे के बीच बड़ी रणनीति बनाई गई है, ऎसी जानकारी सूत्रों ने दी है। खबर है कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश की पुलिस वहां नक्सल मोर्चे पर तैनात सुरक्षा बलों और ओड़िशा पुलिस से तालमेल बनाकर चारों ओर से नक्सलियों को घेर कर मारने की योजना बनाई गई है। राज्यों की सीमाओं पर ऎसी तगड़ी नाकेबंदी करने की प्लानिंग है कि नक्सली कहीं भाग नहीं पाएंगे।
राज दशहरा में शामिल हुए सीएम के निज सलाहकार तकौशिक; कहा -जितना सुंदर युवराज हैं, उतना ही सुंदर उनका स्वभाव
- क्षेत्र के ग्रामीणों ने सीएम के सलाहकार से राजभवन में की मुलाकात
- क्षेत्र के विकास से होता है व्यक्ति का विकास: लाल निवेंद्र सिंह टेकाम
डौंडीलोहारा नगर में राज दशहरा का कार्यक्रम राज परिवार के सानिध्य में संपन्न हुआ। राजकुमार लाल निवेंद्र सिंह टेकाम के आमंत्रण पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निज सलाहकार तुलसी कौशिक शामिल हुए। उनका पारंपरिक रीति रिवाज से राजभवन में सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम के सलाहकार तुलसी कौशिक ने जनसभा को संबोधित करते हुए सदियों से चली आ रही परंपरा को सहेजे रखने के लिए नगरवासियों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा और संस्कृति ही हमारी पहचान है। उन्होंने युवराज लाल निवेंद्र सिंह टेकाम की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजकुंवर जितने सुंदर हैं, उतना ही सुंदर उनका स्वभाव भी है। पीढ़ियों से चली आ रही जनसेवा की भावना को युवराज बखूबी से आगे बढ़ा रहे हैं। जो बेहद प्रशंसा योग्य है।
हर त्योहार उत्साह के साथ मनाएंगे:निवेंद्र सिंह टेकाम
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे युवराज लाल निवेंद्र सिंह टेकाम ने कहा कि डौंडी लोहारा क्षेत्र में हर त्योहार उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस बार मंडई का आयोजन भी भव्य तरीके से होगा। उन्होंने कहा कि हर आयोजन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी होना आवश्यक है। तब समाज आगे बढ़ेगा और समाज के आगे बढ़ने से ही क्षेत्र का विकास होगा। क्षेत्र के विकास से ही व्यक्ति का विकास संभव हो पाता है।

लोकरंग के संचालक आनंद चंद्राकर का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नूतन दुर्गाउत्सव समिति और अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोककला मंच लोकरंग अर्जुन्दा के संचालक आनंद दीपक चंद्राकर का सम्मान किया गया। इस दौरान अनूपचंद त्रिलोक चंद ज्वेलर्स के संचालक त्रिलोकचंद बरडिया, एसपी सरजू राम भगत, एडिशनल एसपी अशोक जोशी एवं राजभवन के सहयोगी अरुण उपाध्याय, निखिल शर्मा, सतीश विश्वकर्मा, संजय सोनी, देव पटेल, विशाल मोटवानी, महावीर सिंह, सोमेंद्र देशमुख, थानेश यादव, मोहन निषाद, मनीष राजपूत, प्रणव साहू, हीरा छेदाम, चंदन पटेल, उत्तम छेदाम, भूपेंद्र, रिखी, प्रेमप्रकाश यादव, फग्गन मंडावी, नितिन यादव, गिरीश देवांगन, आदित्य साहू, जय सिंह मरकाम एवं नगर के प्रमुख समाजसेवी मौजूद रहे।












