City Media - Page 4 of 1838 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 4

नेताजी सुभाषचंद्र बोस तरणताल हो गया शुरू

0

महापौर संजय पांडेय और जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना कर स्वीमिंग पूल का किया शुभारंभ

जगदलपुर शहरवासियों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस तरणताल (स्वीमिंग पूल) की सुविधा अब मिलने लगेगी। तैराकी के शौकीनों ने सोमवार से इसका आनंद उठाना शुरू कर दिया है।

दो बार निविदा आमंत्रित करने के बाद भी किसी संस्था एवं फर्म ने निविदा में भाग नहीं लिया। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि स्वीमिंग पूल का संचालन नगर निगम स्वयं करेगा। स्वीमिंग पूल के निरीक्षण के साथ ही आज महापौर संजय पाडेय व जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम द्वारा संचालित स्वीमिंग पूल का शुभारंभ किया। इस दौरान महापौर संजय पांडेय ने स्विमिंग पूल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कहा। इसके अलावा विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, चेंजिंग रूम, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी देखा। मालूम हो कि उपलब्ध संसाधनों के आधार पर इसे शुरू किया गया है।

साथ ही महिलाओं एवं युवाओं के लिए अलग अलग ट्रेनर की व्यवस्था भी की गई है। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि गर्मी के मौसम में स्वीमिंग पूल शुरू होने से शहरवासियों विशेषकर युवाओं और बच्चों को राहत मिलेगी एवं मनोरंजन का बेहतर साधन मिलेगा। नगर निगम द्वारा तय की गई निर्धारित शुल्क और समय के आधार पर लोग स्वीमिंग पूल पहुंचकर इसका आनंद ले सकते हैं। शुभारंभ अवसर पर नगर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, राणा घोष, श्वेता बघेल, गायत्री कश्यप, उर्मिला यादव, संतोष गौर, पितामह नायक, पारुल बोथरा, श्याम सुंदर बघेल, खगेंद्र ठाकुर, दिलीप दास, राकेश झलके सहित निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

बकावंड ब्लॉक के आश्रम छात्रावास बेहाल, संकटों के बीच रह रहे हैं विद्यार्थी: हेमंत कश्यप

0

युवा कांग्रेस नेता कश्यप ने उठाया छात्रावासों की बदहाली का मुद्दा

अपर कलेक्टर बस्तर और सहायक आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

बकावंड विकासखंड बकावंड में आदिम जाति कल्याण एवं विकास विभाग द्वारा संचालित आश्रमों एवं छात्रावासों की बदहाली के खिलाफ बस्तर जिला युवा कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। हेमंत कश्यप ने छात्रावासों और आश्रमों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने की जानकारी देते हुए बस्तर के अपर कलेक्टर एवं विभाग के सहायक आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।

विकासखंड के आश्रम, छात्रावासों का दौरा करने के बाद युवा कांग्रेस बस्तर के पूर्व उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने छात्र छात्राओं को राहत पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की है। युवा नेता हेमंत कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने आज आदिम जाति विकास विभाग बस्तर के सहायक आयुक्त और अपर कलेक्टर बस्तर सीपी बघेल को ज्ञापन सौंपकर बकावंड विकासखंड अंतर्गत संचालित आश्रमों एवं छात्रावासों की जर्जर स्थिति तथा वहां व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र के अनेक आश्रमों एवं छात्रावासों में भवनों की स्थिति अत्यंत खराब है। छात्र-छात्राओं को पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। आगामी शैक्षणिक सत्र एवं वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए इन संस्थानों में तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने की आवश्यकता है। हेमंत कश्यप ने कहा कि आदिवासी अंचल के छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करने के लिए आश्रमों एवं छात्रावासों पर निर्भर हैं। यदि समय रहते आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य नहीं किए गए तो विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि बकावंड विकासखंड के सभी आश्रमों एवं छात्रावासों का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की मरम्मत तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध हो सके।अपर कलेक्टर सीपी बघेल ने ज्ञापन प्राप्त कर विषय पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीण एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विजय भारती, सुनील बिसाई, रामदास बघेल, हादमो कश्यप, सुदर कश्यप, सुखदेव कश्यप, तोरका बघेल, रामलाल मंडावी, देवनाथ ठाकुर, एकादशी बघेल, रामचंद्र बघेल एवं मुकेश देवागन उपस्थित रहे।

वन विभाग में जवाबदेही का दौर शुरू, मंत्री केदार कश्यप ने लंबित विभागीय जांचों पर दिखाई सख्ती

0

तीन माह में पुराने जांच प्रकरणों के निराकरण के दिए गए निर्देश

देरी करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: केदार कश्यप

जगदलपुर छत्तीसगढ़ शासन के वन विभाग में सुशासन का दौर शुरू हो गया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने विभाग में वर्षों से लंबित विभागीय जांच प्रकरणों को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए आगामी तीन माह के भीतर सभी पुराने मामलों का अनिवार्य रूप से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद यदि पुराने प्रकरण असामान्य अथवा अत्यधिक विलंब से प्रस्तुत किए जाते हैं, तो संबंधित जांचकर्ता एवं प्रस्तुतकर्ता अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, वन विभाग को विस्तृत निर्देश जारी किए गए हैं।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विभागीय जांच मामलों में अनावश्यक देरी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को कमजोर करती है और कर्मचारियों को वर्षों तक मानसिक, सामाजिक तथा सेवा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शासन व्यवस्था में निर्णयहीनता और अनावश्यक विलंब के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अनेक मामलों में विभागीय जांच प्रस्ताव 4 से 5 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद प्रस्तुत किए जाते हैं, जबकि कुछ प्रकरण संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने के बाद भेजे जाते हैं। यह स्थिति सुशासन, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन की भावना के विपरीत है।उन्होंने कहा कि लंबे समय तक प्रकरण लंबित रहने से अभिलेखों और साक्ष्यों के परीक्षण में कठिनाई आती है तथा विभागीय कार्यवाही की गंभीरता और प्रभावशीलता भी प्रभावित होती है। कई कर्मचारी वर्षों तक बिना किसी निर्णय के अनिश्चितता की स्थिति में कार्य करने को विवश रहते हैं, जिससे उनके सेवा हित, पदोन्नति, पेंशन और व्यक्तिगत जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।वन मंत्री कश्यप ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी दोषी है तो उसके विरुद्ध समय पर कार्रवाई होनी चाहिए और यदि वह निर्दोष है तो उसे अनावश्यक उत्पीड़न एवं अनिश्चितता से शीघ्र राहत मिलनी चाहिए। न्याय में विलंब, न्याय से वंचित करने के समान है।

उन्होंने निर्देश दिए हैं कि एक माह के भीतर विभाग में पूर्व से लंबित सभी विभागीय जांच प्रकरणों की जानकारी संकलित की जाए तथा सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जवाबदेही तय किए बिना प्रशासनिक सुधार संभव नहीं है। विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध निर्णय और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करना सुशासन की मूल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुशासन, समयबद्ध निर्णय और जवाबदेह कार्यसंस्कृति पर दिए जा रहे विशेष बल के अनुरूप वन विभाग में भी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणाममुखी बनाया जा रहा है।*वर्सन**कर्मियों को मिले त्वरित न्याय*शासन का उद्देश्य केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करनाभी है, जिसमें कर्मचारियों को समय पर न्याय मिले, निर्णय प्रक्रिया पारदर्शी हो और जवाबदेही स्पष्ट रूप से तय हो।

साडरापाल में धर्मांतरण को लेकर बवाल, हिंसा में कई ग्रामीण घायल

0

ईसाई संगठन ने प्रार्थना सभा पर हमले का लगाया आरोप, पुलिस ने बताया मामला जमीन विवाद का

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले में कथित धर्मांतरण को लेकर ग्रामीण और ईसाई समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हो गया। हिंसा में कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईसाई समुदाय के लोग प्रार्थना सभा में हमले का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस इसे जमीन विवाद से जुड़ा मामला बता रही है। मामला सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के ग्राम साडरापाल का है। यहां रविवार को हुई हिंसक झड़प के बाद विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। गांव में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान हुए विवाद में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है।

घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ईसाई संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना कर रहे लोगों पर ग्रामीणों के एक समूह ने हमला कर दिया। संगठन का दावा है कि घटना में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।स्थानीय स्तर पर इस घटना को कथित धर्मांतरण गतिविधियों से भी जोड़ा भी जा रहा है। क्षेत्र में पूर्व से मतांतरण को लेकर विवाद और सामाजिक तनाव की स्थिति समय-समय पर निर्मित होती रही है। हालांकि पुलिस का पक्ष इससे अलग है। तोंगपाल थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला भूमि संबंधी एवं आपसी विवाद का सामने आया है। प्रार्थी हिडमा कवासी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जमीन को लेकर विवाद हुआ था और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पलारी नगर पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड मतदान, शाम 5 बजे तक 97 प्रतिशत वोटिंग; भाजपा-कांग्रेस ने जताया अपनी जीत का दावा

0

गुरूर/बालोद बालोद जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत पलारी नगर पंचायत आम निर्वाचन में सोमवार को मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 8 बजे से सभी मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से मतदान प्रारंभ हुआ। दिनभर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और शाम 5 बजे तक लगभग 97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत को देखते हुए इस बार रिकॉर्ड मतदान होने की संभावना जताई जा रही है।मतदान केंद्रों में पहुंचने वाले मतदाताओं का स्वागत करते हुए उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। सुबह से ही महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्रों में देखी गईं। दोपहर 1 बजे तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जिसके बाद भी मतदान का सिलसिला लगातार जारी रहा।

उधर, भारी मतदान के बाद राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार और स्थानीय विकास कार्यों के प्रति जनता के विश्वास के कारण मतदाताओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।वहीं कांग्रेस नेताओं का दावा है कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी है। कांग्रेस का कहना है कि अधिक मतदान परिवर्तन की इच्छा का संकेत है और इसका लाभ उनके प्रत्याशी को मिलेगा।मतदान के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना और परिणामों पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक दलों के समर्थक अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला मतपेटियों में बंद मतों की गिनती के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पलारी नगर पंचायत चुनाव में हुए रिकॉर्ड मतदान ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज के समक्ष दो दर्जन से ज्यादा युवाओं ने थामा कांग्रेस का दामन

0

शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृव में शामिल हुए युवा

जगदलपुरसंभाग मुख्यालय जगदलपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की जनहितैषी विचारधारा, संगठन की रीति-नीति एवं प्रदेश नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए दो दर्जन से अधिक युवाओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने नवप्रवेशित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, भाईचारे एवं जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करती रही है। युवाओं की बढ़ती भागीदारी संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा आम जनता की आवाज को मजबूती प्रदान करेगी। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनता के हित में किए जा रहे संघर्षों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह कांग्रेस संगठन की मजबूती और जनता के बीच पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है। सुशील मौर्य ने सभी नवप्रवेशी साथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल्स के साथ दो गिरफ्तार

0

करीब 1 लाख रुपए की नशीली कैप्सूल्स बरामद

जगदलपुर स्थानीय बोधघाट थाना पुलिस ने करीब एक लाख रुपए कीमत की प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल्स के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों को अदालत ने जेल भेज दिया है। बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशे के सौदागरों तथा अपराधी तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य मे प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल्स बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे दो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है।बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटगुड़ा की डोंगरी में दो व्यक्ति प्रतिबंधित कैप्सूल रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना प्रभारी बोधघाट एवं थाना स्टाफ की टीम बनाकर मौके के लिए रवाना की गई। मेटगुड़ा डोंगरी के पास आरोपी आकाश पोया पिता बिहारी लाल पोया उम्र 21 वर्ष निवासी महारानी वार्ड जगदलपुर और रोड्रिक सोमा पिता स्व. एरिक्शन उम्र 42 वर्ष निवासी मदर टेरेसा वार्ड जगदलपुर को पकड़ा गया। उनके बैग की तलाशी लेने पर प्रतिबंधित नशीली केप्सूल पीवॉन स्पेस प्लस ट्रामडोल एचसीएल कुल 30 पत्ते कुल 240 नग बरामद की गई। इन कैप्सूल्स की कीमत 96 हजार रुपए बताई गई है।आरोपियों के खिलाफ धारा 21 (B) एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों न्यायायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित नेगी, लोकेश्वर नाग, एएसआई दिनेश उसेंडी, इंदु शर्मा, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, व्यास नारायण, डोलामनी भोई, लखेश्वर बघेल, आरक्षक दीपक मिंज, राम ठाकुर, युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, मानकू कोर्राम, थानेंद्र सिन्हा, होरीलाल आर्यों, विपिन मिंज, राम ठाकुर, परमानंद भोयर व संदीप राणा का योगदान रहा।

दूसरे का सोना गिरवी रख हजम कर लिए डेढ़ लाख

0

जगदलपुर कोतवाली पुलिस ने दूसरे का सोना कहीं और गिरवी रखकर डेढ़ लाख रुपए हजम कर लेने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपिया को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक, शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन में एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शहर के गरीब लोगों से सोने के आभूषण गिरवी रख कर पैसे न देने और बेइमानी करने के आरोप में एक महिला को पकड़ा गया है।

थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना प्राप्त हुई थी कि वर्ष 2024 में प्रार्थी की बेटी का स्वास्थ्य खराब होने से पैसे की आवश्यकता पड़ने पर सूरज नागवानी को सोने के झुमके प्रार्थी ने दिए थे। सूरज नागवानी में अपनी मां नीतू नागवानी के साथ मिलकर प्रार्थी के सोने के झुमकोंको किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रखकर मिली रकम हड़प ली। प्रार्थी द्वारा झुमके वापस मांगने पर झुमके के संबंध में कोई जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए पैसे भी नहीं दिए। रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना में आरोपियों से सोने के झुमके के संबंध में पूछताछ की गई, मगर आरोपी लगातार आनाकानी करते रहे। उन्होंने पुलिस जांच में सहयोग न कर और सोने के झूमके के रखने के संबंध में सही जानकारी नहीं दी। इस पर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, एएसआई बिजेंदर सिंह, आरक्षक रीना अनंत, ललिता तारम, पुनीता मांडवी, वरुण बघेल और सोमालू ने इस मामले को सुलझाया।

घरेलू विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक

0

दल्लीराजहरा। दल्ली राजहरा के समीप स्थित ग्राम पथराटोला में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पथराटोला के निचेपारा तालाब के पास रहने वाले 26 वर्षीय हेमंत कुमार पिस्दा, पिता सूरजभान पिस्दा, ने रविवार रात कथित रूप से बेर के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक रविवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच घर से प्लास्टिक की नेवाड़ रस्सी लेकर निकला था।

इसके बाद रात लगभग 8 से 9 बजे के बीच उसने गांव के समीप स्थित बेर के पेड़ पर फांसी लगा ली।सूत्रों के अनुसार घटना से पहले युवक का घरेलू विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह घर से निकल गया और कुछ समय बाद उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक हेमंत कुमार पिस्दा अविवाहित था। उसके परिवार में पिता सूरजभान पिस्दा हैं, जो राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, जबकि छोटा भाई ट्रैक्टर चालक है। उसकी माता का पूर्व में ही निधन हो चुका है।समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद पंचनामा कार्रवाई और आगे की जांच की जाएगी। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

वनमंत्री केदार कश्यप के हाथों अबूझमाड़ में स्मार्ट पुलिसिंग की नई शुरुआत

0

नारायणपुर के सभी 14 थानों में शुरू हुआ ई मालखाना 2.0, डिजिटल पुलिसिंग को मिली गति

वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ई -मालखाना 2.0’ सॉफ्टवेयर शुभारंभ

नारायणपुर अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ अंचल में भी तकनीक आधारित सुशासन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने थाना कोहकामेटा में ई-मालखाना 2.0’ सॉफ्टवेयर का शुभारंभ किया। इस डिजिटल व्यवस्था के शुरू होने के साथ ही नारायणपुर जिले के सभी 14 थानों में आधुनिक एवं स्मार्ट मालखाना प्रबंधन प्रणाली लागू हो गई है। इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन के अनुरूप तकनीक आधारित नवाचार शासन और प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने नारायणपुर पुलिस की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता को नई मजबूती मिलेगी। ई-मालखाना 2.0’ के तहत अब प्रत्येक जप्त संपत्ति एवं कैश प्रॉपर्टी को यूनिक बारकोड आधारित डिजिटल पहचान प्रदान की जाएगी। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जप्ती विवरण, जमा तिथि और वस्तु की वर्तमान स्थिति जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां तत्काल उपलब्ध होंगी। इससे मालखाना प्रबंधन अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगा। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में डिजिटल व्यवस्थाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। इस प्रकार की तकनीकी पहलें न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाती हैं बल्कि आम नागरिकों का विश्वास भी बढ़ाती हैं।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि ‘ई -मालखाना 2.0’ को नारायणपुर पुलिस द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक कागजी प्रक्रियाओं को डिजिटल स्वरूप देकर मालखाना प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे अभिलेखों का संधारण सरल होगा और पुलिस अधिकारियों को कार्यों के बेहतर निष्पादन में सहायता मिलेगी। उल्लेखनीय है कि नारायणपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। ‘ई -मालखाना 2.0’ उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो अबूझमाड़ सहित पूरे जिले में स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन को नई दिशा प्रदान करेगा।

MOST POPULAR

HOT NEWS