City Media - Page 450 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 450

नहीं थम रहा है मुरुम के अवैध खनन का सिलसिला

0
  •  सड़क ठेकेदार तालाब में करा रहा है अवैध खनन 

अर्जुन झा-

बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत राजनगर में अवैध रूप से मुरुम खनन और परिवहन का खेल जमकर चल रहा है। इस मुरुम का उपयोग एक ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में किया जा रहा है। दूसरी ओर खनिज विभाग इस खेल से बेखबर बना हुआ है या यह भी कहा जा सकता है कि इस खेल में खनिज विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हों? अब तक हजारों ट्रैक्टर मुरुम यहां से निकाली जा चुकी है।

बकावंड ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत राजनगर के फूटा मुंडा तालाब में लंबे समय से मुरुम की अवैध खोदाई बिना अनुमति लिए की जा रही है। खनिज विभाग के स्थानीय कर्मियों के संरक्षण में ठेकेदार अरोड़ा कंस्ट्रक्शन और जेसीबी मलिक द्वारा तालाब के एक हिस्से की बेतहाशा खोदाई जेसीबी से कराई जा रही है। वहां से निकलने वाली मुरुम को ट्रैक्टर में भरकर बाहर ले जाया जा रहा है। मुरुम को राजनगर और किंजोली पांच चौक तक बन रही डमरीकृत रोड के निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है। मुरुम को रोड की पटारियों पर डाला जा रहा है। सरकारी तालाब से मुरूम का अवैध खनन और परिवहन सरकारी सड़क निर्माण के लिए किया जा रहा है। इसके एवज में ग्राम पंचायत और खनिज विभाग को रायल्टी राशि भी नहीं दी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक राजनगर के फुटा मुंडा तालाब से लगभग 10 हजार ट्रैक्टर मुरूम निकाल कर राजनगर से किंजोली पांच चौक के बीच बन रही सड़क पर डाली जा चुकी है। मुरुम खोदाई के परमिशन के लिए माइनिंग विभाग में जानकारी दी गई है। वहीं ठेकेदार अरोड़ा कंस्ट्रक्शन का दावा है कि उनके पास मुरुम खोदाई का परमिशन है। परमिशन की प्रति का अवलोकन आप हमारे कार्यालय में आकर कर सकते हैं। वहीं अरोड़ा कंस्ट्रक्शन के मुंशी ने कहा कि 7 हजार ट्राली मुरम ढुलाई का पीट पास हमारे पास है। इस मामले पर जैसे ही संवाददाता ने मुरुम का परिवहन करा रहे चर्चा करनी चाही तो ठेकेदार के लोगो द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर को वहा से निकाल कर गांव में छुपा दिया गया।

वर्सन:

खनिज विभाग को भेजेंगे पत्र

राजनगर के सरकारी तालाब से मुरुम के अवैध खनन की जानकारी मिली है। इस संबंध में खनिज विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई करने कहा जाएगा।

गगन शर्मा,  एसडीएम, बकावंड

जिला शिक्षा अधिकारी ने किया स्कूलों का निरीक्षण

0
  • कई स्कूलों में दस्तक दी बीईओ बलिराम बघेल ने

जगदलपुर नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होते ही राज्य से प्राप्त दिशा निर्देश एवं कलेक्टर विजय दयाराम के. तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे के मार्गदर्शन के अनुरूप बस्तर जिले में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु स्कूलों की सघन मॉनिटरिंग जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर बलिराम बघेल द्वारा की जा रही है।

डीईओ बघेल ने पीएम आदर्श स्कूल कंगोली, माध्यमिक शाला नेगानार, प्राथमिक शाला मगनर, हायर सेकंडरी स्कूल नेगानार, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दरभा, माध्यमिक शाला दरभा का निरीक्षण किया तथा बच्चों से चर्चा की। कक्षाओं अवलोकन भी बघेल के द्वारा किया गया। स्कूलों में जो भी कमियां दिखाई दीं, उन्हें तत्काल दूर करने हेतु प्रधान अध्यापकों व प्राचार्य को निर्देशित किया। उन्होंने जो बच्चे स्कूल में अनुपस्थित हैं,उनके पालकों से संपर्क कर उनकी उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही पाठ्य पुस्तक, गणवेश वितरण की स्थिति की जानकारी भी ली गई। सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश प्राप्त हो चुके हैं। शिक्षकों को अप्रवेशी एवं शाला त्यागी बच्चो को तत्काल प्रवेश दिलाकर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। श्री बघेल ने कहा कि पालकों से निरंतर संपर्क रखें जिससे बच्चे अप्रवेशी और शाला त्यागी न रह जाएं। स्कूलों में प्रत्येक कक्षा में विषयवार एवं कक्षावार विद्यार्थी सूचकांक की अनिवार्यता निश्चित की गई है, जिससे निरीक्षण कर्ता द्वारा बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता का आंकलन किया जा सके l शिक्षकों को अध्यापक दयनंदानी प्रतिदिन लिखने के भी निर्देश दिया गया है जिससे कार्ययोजना अनुरूप कक्षा अध्यापन किया जा सके । FLN का प्रशिक्षण सभी प्राथमिक शाला के शिक्षकों ने प्राप्त किया है प्रशिक्षण में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की क्वालिटी पूर्वक शिक्षा किस प्रकार दी जा सके यह अवगत कराया गया है इसका शत प्रतिशत पालन शिक्षक स्कूलों में करें और एलिमेंट्री एजुकेशन बच्चों को रचनात्मक ढंग से देवें ।

बलवाड़ी में निर्धारित लक्ष्य के बच्चों को शत प्रतिशत प्रवेश देते हुए उन्हें दो घंटा अध्यापन कराने हेतु अधिकृत शिक्षकों से भी चर्चा कर रचनात्मक ढंग से अध्यापन हेतु प्रेरित किया गया है ।

सभी शिक्षक को शाला समय का कड़ाई से पालन करने एवं मध्यान भोजन मीनू अनुसार उपलब्ध कराने हेतु स्व सहायता समूह को अवगत कराया गया। किचन गार्डन न बनाने तथा बच्चों की उपस्थिति कम होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापकों को शत प्रतिशत उपस्थिति बच्चों की सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर प्रत्येक स्कूल में वितरित किया गया है उसका उपयोग कर शैक्षणिक गुणवत्ता में कसावट लाने का भी निर्देश दिया गया।

बीजापुर के छात्रावासों में टूटा मलेरिया का कहर, 30 घंटे के भीतर चली गई दो छात्राओं की जान

0
  • पोटा केबिन तारलागुडा़ व संगमपल्ली में फैला मलेरिया, तीन और छात्राएं भर्ती 

अर्जुन झा-

जगदलपुर मलेरिया और बस्तर संभाग का पुराना नाता रहा है। “मच्छर रहेगा, मलेरिया नहीं” का नारा सुनते दशकों बीत गए, मच्छर भी मौजूद हैं और मलेरिया भी लगातार कहर बरपाते आ रहे हैं। बस्तर संभाग में मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण है। लिहाजा मच्छर और मलेरिया बारहों माह संभाग में कहर ढाते रहते हैं। इन दिनों बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में मलेरिया ने कोहराम मचा रखा है। बीजापुर जिले की आवासीय संस्था पोटा केबिनों और छात्रवासों में मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मलेरिया की चपेट में आकर जिले की दो छात्राओं की जान जा चुकी है और तीन अभी अस्पताल में भर्ती हैं। इनके अलावा अभी और कई पीड़ित हो सकते हैं, क्योंकि छात्र छात्राओं की नियमित जांच होती नहीं है और न ही उनका मलेरिया टेस्ट होता है। इसे लेकर बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे को श्री मंडावी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पुरजोर तरीके से उठाने की तैयारी में हैं।

बीजापुर जिले के तारलागुड़ा कन्या पोटा केबिन की एक छात्रा दीक्षिता की मौत गुरुवार को हो गई। वहीं संगमपल्ली की एक अन्य छात्रा वेदिका जव्वा की मौत शनिवार की आधी रात जिला अस्पताल में हुई। ये दोनों छात्राएं मलेरिया से पीड़ित थीं। मिली जानकारी के अनुसार कन्या पोटा केबिन संगमपल्ली की तीन छात्राओं को‌ मलेरिया बुखार होने पर बीजापुर लाया गया है। इस तरह जिले के आवासीय संस्थाओं में शिक्षा सत्र के शुरूआती माह में ही छात्र छात्राओं पर मलेरिया के साथ साथ साथ अन्य मौसमी बीमारियों का हमला शुरू हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बच्चों के लिए पर्याप्त सुविधाओं के अभाव के अलावा बिस्तरों की गंदगी से भी बच्चों को दो चार होना पड़ रहा है। आवासीय संस्थाओं में विद्यार्थियों नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की भी व्यवस्था नहीं है। यह भी विद्यार्थियों के रोगग्रस्त होने का बड़ा कारण है। कलेक्टर अनुराग पांडे ने छात्राओं की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग को तीन दिन में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर सभी बच्चों का इलाज करने के निर्देश दिए हैं।

विधायक विक्रम हमलावर

बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि आवासीय संस्थाओं का अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण न किया जाना सिस्टम की बहुत बड़ी कमजोरी है। विभागीय अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति और टीए, डीए बिल बनाने के लिए दौरे करते हैं। यहां आदिवासी बच्चों की देखभाल, सेहत और खानपान की व्यवस्था के प्रति कोई गंभीर नहीं है। विधायक विक्रम मंडावी ने तारलागुड़ा व संगमपल्ली पोटा केबिन में दो छात्राओं की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।विधायक विक्रम मंडावी ने यह भी कहा कि इन बच्चों की मौत के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। क्योंकि दोनों छात्राओं की मौत के लिए विभागीय अधिकारी ही जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा है कि जिले में आदिवासी बच्चों की मौत बहुत ही दुखद घटना है। और जो बच्चे अस्पताल में भर्ती है प्रशासन उन बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। श्री मंडावी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद आदिवासी बच्चों की मौत व आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। बीजापुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई है। इन सब मामलों को विधानसभा में प्रश्न उठाया जाएगा।

कानून व्यवस्था को लेकर साय सरकार पर जमकर बरसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज

0
  • रायपुर गोलीकांड पर घेरा सीएम और गृहमंत्री को
  • 24 जुलाई को विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस

अर्जुन झा

जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के पूर्व सांसद दीपक बैज छत्तीसगढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आज राज्य की विष्णुदेव सरकार पर जमकर बरसे। रायपुर में हुए गोलीकांड को लेकर आग बबूला पीसीसी चीफ दीपक बैज ने साफ शब्दों में कहा कि साय सरकार के हाथ से कानून व्यवस्था पूरी तरह निकल चुकी है, गृहमंत्री अपने विभाग को ही नहीं समझ पा रहे हैं और न सम्हाल पा रहे हैं। उन्होंने सीएम साय और होम मिनिस्टर को आड़े हाथ लेते हुए खूब खरी खोटी सुनाई है।

इस संवाददाता से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ अशांत और असुरक्षित हो चला है। इस बहरी सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस 24 जुलाई को विधानसभा का घेराव करेगी। दीपक बैज ने कहा कि रायपुर की सड़कों पर दिन दहाड़े गोलियां चल रही हैं, जगदलपुर में तलवार लहराई जा रही है, कांकेर के छात्रावास में नाबालिग के साथ दुराचार हो रहा है, कोरबा में टुकड़ों में लाश मिल रही है, रायगढ़ में कोयला व्यवसायी गैंगवार पर उतर आए हैं। एके-47 चलाई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से कहा है कि अगर कुर्सी सम्हल नहीं रही तो उतर क्यों नहीं जाते?उन्होंने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था, अमानक खाद बीज, बिजली दर बढ़ोतरी और अघोषित बिजली कटौती जैसे मामलों पर हिसाब लेने आ रही है कांग्रेस। 24 जुलाई को विधानसभा घेराव के माध्यम से बहरी सरकार के कानों तक जनता की आवाज पहुंचाना है। दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को असहाय छोड़ दिया है, लेकिन कांग्रेस जनता को बेसहारा नहीं छोड़ सकती।. जनता के हित में हम लगातार संघर्ष करते रहेंगे।

पुलिस को मिली बड़ी सफलता 3 महीना पहले हुए अंधे हत्याकांड का खुलासा प्रेमी ने की महिला की हत्या

0
  • बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता अमलीडीह में हुए अंधे हत्याकांड का खुलासा। मृतिका के चेहरे व शरीर को जलाकर उसके टुकड़े कर दो बोरी में भर कर एक बोरी जंगल और दूसरा बोरी नहर किनारे फेक दिया था।
  • बालोद जिला के अलावा धमतरी, दुर्ग,कांकेर,मानपुर, राजनांदगांव, के कई गुम इंसान महिला का की जानकारी लेकर किया तस्दीक।
  • मृतिका के पीएम रिपोर्ट से मिली नसबंदी की जानकारी मितानिन, कोटवार की मीटिंग लेकर किया गया महिला की पहचानका प्रयास।
  • मृतिका की पहचान व हत्या के अज्ञात आरोपी की पता साजी हेतु थाना बालोद एवम साइबर सेल से बयाना गया था विशेष टीम।
  • बालोद पुलिस द्वारा लगातार तीन माह से घटना स्थल के आस पास गांव में किया कैंप तब जाकर मिला एक गुम महिलाकी सूचना।
  • मृतिका के पहचान के बाद तकनीकी डाटा से मिला आरोपी का सुराग।
  • सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे पुलिस।

 

घटना की सूचनाः–  दिनांक 13.04.2024 को सूचना मिली कि थाना बालोद क्षेत्र के ग्राम अमलीडीह के नहर किनारे एक जली कटी लाश है जिसका सिर ,हाथ पैर एक बोरी में मिला l दूसरे दिन ग्राम अमलीडीह के जंगल में एक बोरी में जली कटी लाश का धड़ मिला, उस लाश का चेहरा जल गया था जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी । थाना बालोद में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया। मामला हत्या का होने से थाना बालोद में अपराध क्रमांक 223/2024 धारा302,201 भादवी कायम कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देश:-घटना कि सूचना वरिष्ठ अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग, रेंज दुर्ग श्री रामगोपाल गर्ग को देकर उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक बालोद श्री एस आर भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अशोक जोशी , एसडीओपी श्री देवांश सिंह राठौर व फारेंसिक टीम के द्वारा घटना स्थल जाकर घटना का बारीकी से निरीक्षण किया गया एवं थाना प्रभारी बालोद ,साइबर सेल प्रभारी को अज्ञात महिला के शव की पहचान एवं अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु एसडीओपी बालोद के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया ।

टीम द्वारा किया गया प्रयास:- घटना स्थल पर मिले लाश महिला का होने से टीम द्वारा गांव में कैंप कर आस पास एवं सरहदी जिलों दुर्ग, धमतरी, कांकेर, राजनांदगांव, मानपुर मोहला के पुलिस से संपर्क कर वहां के महिला गुम इंसान की जानकारी प्राप्त कर उसे तस्दीक किया गया। पीएम रिपोर्ट में मृतिका का नसबंदी होना पाया गया था जिसके आधार पर गठित टीम द्वारा बालोद जिला के सभी थाना क्षेत्रों में मितानीन के माध्यम व ग्राम कोटवार का मिटिंग लेकर मृतिका के पहचान के लिए प्रयाय किया गया। इसके अलावा बालोद शहर से अमलीडीह की ओर आने जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर उसका बारीकी से एनालिसिस किया गया ।

घटना स्थल का तकनीकी डाटा लेकर उसका एनालिसिस किया गया। टीम द्वारा लगातार आसपास के गांव जाकर एवं कोटवार की मीटिंग लेकर गुम महिला की जानकारी प्राप्त किया गया।

मुखबिर से मिली सूचना:-

मुखबिर से सूचना मिली की डौण्डीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बकलीटोला में एक महिला कई दिनों से लापता है और वह अपने मायके ग्राम बाघमार में भी नही है कि सूचना पर तत्काल थाना बालोद से प्रभारी रवि पांडेय अपनी थाना टीम व साइबर सेल टीम को लेकर थाना लोहारा के ग्राम बकलीटोला जाकर लापता महिला के संबध में पतातलाश कर रही थी कि गांव में स्वरूप धुर्वे की पत्नी गांव में नही है। जिस पर स्वरूप धुर्वे से मिलकर उससे उसकी पत्नी के बारे में पूछने पर बताया कि उसकी पत्नी प्रमिला धु्रवे कुछ दिनो से घर पर नही है, कहां गई है इसकी जानकारी हमारे परिवार में किसी को नही है। वापस आ जायेगी सोच कर हम लोग थाना में रिपोर्ट दर्ज नही कराये है। और वह बताया कि वह दिनांक 10.04.2024 काम करने के लिए केशकाल गया था। उस दिन उसकी पत्नी प्रमिला धु्रवे अपने मायके ग्राम बाघमार में थी उसके बाद दूसरे दिन से उसका मोबाइल फोन नही लग रहा है और आज तक वह घर नही आई है। टीम द्वारा बाघमार जाकर गुम महिला की मां से पूछताछ किया गया। गुम महिला के मोबाईल का तकनीकी डाटा हेतु सायबर सेल को लगाया गया।

कैसे हुई मृतिका का पहचानः-गुम महिला प्रमिला धु्रवे के संबध में उसकी मां बुधनतीन बाई से पूछताछ करने पर बताई कि दो जोड़ी पायल अपने दोनो बेटियों के लिए ली थी जिसका एक जोड़ी मेरे पास है। टीम द्वारा घटना के फोटोग्राफ दिखाने पर बुधनतीन बाई ने नाक की फूली , अंगूठी, पायल और नेलपालिश का पहचान कर अपनी बेटी का होना बताया। और घर में रखे नेलपालिस को दिखाते हूए बताई कि प्रमिला एक हाथ में नेलपालिश लगाती थी। बुधनतीन बाई के द्वारा दिखाए गए पायल एवं बताये पहचान को विश्लेषण करने पर मृतिका की पहचान प्रमिला के रूप मे हुई।

मुख्य लीड:– मृतिका की पहचान प्रमिला के रूप में होने से मृतिका के कॉल डिटेल के आधार पर लगभग 15 से 20 लोगों से पूछताछ करने पर अततः जानकारी मिली कि मृतिका के घर से जाने का दिनांक 10.04.2024 से डारागांव निवासी दीपक साहू के साथ थी। जिसकी सूचना पर दीपक साहू का तकनीकी डाटा व मृतिका का तकनीकी डाटा एंव घटना स्थल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दीपक साहू से घटना एवं गुम महिला के संबध में बारिकी से पूछताछ करने पर शुरूआत वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। लेकिन टीम द्वारा साक्ष्यो के आधार पर बार बार पूछताछ करने पर अपना अपराध करना स्वीकार कर बताया कि मेंरा 05 साल पूर्व मेरी पत्नि से तलाक हो जाने से मै अपने मामा गांव बकलीटोला जाने लगा उस दौरान प्रमिला से पहचान हुई जो प्रेम संबध में बदल गया। और प्रमिला मेरे घर डारागांव आने जाने लगी थी। जो मुझे शादी कर अपने पास रखने दबाव बना रही थी और घटना को अंजाम देने के संबध में बताया।

घटना को ऐसे दिया अंजाम:-आरोपी द्वारा दिनांक 10.04.2024 प्रमिला धु्रवे को अपने घर ग्राम डारागांव में लाकर संबंध बनाये फिर शाम को उसके घर प्रमिला को छोड़ दिया वापस आते समय दीपक ने पूनः प्रमिला को अपने घर से बाहर आने बोल कर अंधेरा होने के बाद अपने मोटर सायकल में बैठाकर उसे अपने डारगंाव घर पर लाया। रात में दोनेा शराब पीकर सोये थें तभी अचानक दीपक की नींद खुली तब उसने सुना कि प्रमिला किसी से मोबाईल में बात कर रही है। तब दीपक ने प्रमिला को इतनी रात को किससे बात कर रही हो कहने पर दोनो के बीच वाद विवाद हुआ। दीपक ने प्रमिला को हाथ घुसे से मारा और हत्या करने की नियत से सिर को पकड़कर चौखट में पटक दिया जिससे प्रमिला बेहोश होकर नीचे गिर गई। जिसे दीपक ने प्रमिला के पहने हुए साड़ी को गले में लपेटकर खिचते हुए घर के पीछे की बाड़ी में ले जाकर रख दिया। पहचान छुपाने की नियत से घर में रखे पेट्रोल को प्रमिला के चेहरे एवं शरीर में डालकर उसे जला दिया। घर में रखे हसिया से उसके सिर, पैर, हाथ को काटकर दो अलग अलग बोरियो में भर कर अपने मोटरसायकल से अमलीडीह तरफ गोंदली नहर के पास अलग अलग 100 मीटर की दूरी में दोनो बोरियों को फेक कर अपने घर आ गया। आरोपी दीपक साहू के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल, रस्सी, बोरी एवं हसिया को गवाहो के समक्ष जप्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

उक्त अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर, थाना प्रभारी बालोद रविशंकर पाण्डेय, उनि कमला यादव, सउनि धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक हरिशचंद सिन्हा, आरक्षक भेाप सिंह साहू , बनवाली साहू, मोहन कोकिला, अविनाश सिंह, नागेश साहू, लोकेश ठाकुर, लता सोनवानी।

सायबर सेल टीम प्रभारी उनि जोगेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, आरक्षक पूरन देवांगन ,विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, आकाश दुबे, आकाश सोनी, संदीप यादव, मिथलेश यादव, योगेश पटेल, योगेश गेडाम, गुलझारी साहू, रवि गंधर्व, मनीष ठाकुर।

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने जुटे बीईओ अजय शर्मा

0
  •  स्कूलों की मॉनिटरिंग लगातार कर रहे हैं बीईओ 

लोहंडीगुड़ा नवीन शिक्षा सत्र प्रारंभ होते ही राज्य से प्राप्त दिशा निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मिशन समन्वयक के मार्गदर्शन के अनुरूप लोहंडीगुड़ा विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु स्कूलों की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में खंड शिक्षा अधिकारी अजय शर्मा ने स्कूलों का निरीक्षण किया।

स्कूलों में जो भी कमियां दिखाई दीं, उन्हें बीईओ श्री शर्मा ने तत्काल दूर करने हेतु प्रधान अध्यापक को निर्देशित किया। जो बच्चे स्कूल में अनुपस्थित हैं, उनके पालकों से संपर्क कर उनकी स्कूल में उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही पाठ्य पुस्तक, गणवेश के वितरण स्थिति की जानकारी ली गई। सभी बच्चों को पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश प्राप्त हो चुके हैं । शिक्षकों से कहा गया कि अप्रवेशी एवं शाला त्याग बच्चों को तत्काल प्रवेश देकर जानकारी उपलब्ध कराएं। पालकों से निरंतर संपर्क रखें जिससे बच्चे शाला त्यागी न हो सकें।स्कूलों में प्रत्येक कक्षा में विषय वार कक्षावार विद्यार्थी सूचकांक की अनिवार्यता निश्चित की गई है। इससे निरीक्षण कर्ता द्वारा बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया जा सकेगा। शिक्षकों को अध्यापक दयनंदानी प्रतिदिन लिखने के भी निर्देश दिया गया है। ताकि कार्ययोजना अनुरूप कक्षा अध्यापन किया जा सके। एफएलएन का प्रशिक्षण सभी प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने प्राप्त किया है। प्रशिक्षण में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की क्वालिटी पूर्वक शिक्षा किस प्रकार दी जा सके, यह अवगत कराया गया। इसका शत प्रतिशत पालन शिक्षक स्कूलों में करें और एलिमेंट्री एजुकेशन बच्चों को रचनात्मक ढंग से देवें।

बलवाड़ी में निर्धारित लक्ष्य के बच्चों को शत प्रतिशत प्रवेश देते हुए उन्हें दो घंटा अध्यापन कराने हेतु अधिकृत शिक्षकों से भी चर्चा कर रचनात्मक ढंग से अध्यापन हेतु प्रेरित किया गया है। सभी शिक्षकों को शाला समय का कड़ाई से पालन करने एवं मध्यान्ह भोजन मीनू अनुसार उपलब्ध कराने हेतु स्व सहायता समूह को अवगत कराया गया। किचन गार्डन बनाने तथा स्कूल के आंतरिक विद्युतीकरण को दुरुस्त करने का भी निर्देश शिक्षकों को दिया गया। निरीक्षण के दौरान खंड स्त्रोत समन्वयक पीलाराम सिन्हा, संकुल समन्वयक अमित अवस्थी, गुण सागर जोशी, श्याम पांडे उपस्थित रहे।

ट्रक यूनियन ने रायपुर के परिवहन विभाग कार्यालय में अवैध वसूली के विरोध में किया प्रदर्शन

0
  • विरोध प्रदर्शन होता भागा फिटनेस कंपनी का मैनेजर

रायपुर राजधानी रायपुर के आरटीओ के एटीएस फिटनेस सेंटर में 50 से ज्यादा परिवहन व्यवसायियों ने प्रदर्शन किया। आरटीओ ऑफिस में वाहन मालिकों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।

परिवहन व्यवसायियों का कहना है कि गाड़ियों की फिटनेस चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। फिटनेस चैक करने वाली कंपनी द्वारा वाहन चालकों से पैसे मांगे जा रहे हैं। पैसे नहीं देने पर गाड़ियों को घंटो खड़े कर दिया जाता है। जिससे गुस्साए वाहन चालकों द्वारा परिवहन विभाग के अधिकारियों को शिकायत करने पर कंपनी का मैनेजर मौके से फरार हो गया है।जिले के सभी ट्रेलर, डाला बॉडी, फट्टा ट्रेलर वाहन संचालकों द्वारा आज मोटर साइकिल रैली निकालकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आरटीओ ऑफिस पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की। उन सभी ने एक स्वर में आरोप लगाते हुए कहा कि फ़िटनेस के समय लगाया जाने वाले रेडियम की वास्तविक क़ीमत केवल लगभग 500 रुपये से 600 रुपए है, जबकि कुछ ख़ास लोगों को इसकी ऐजेंसी देकर 3500 रुपए वसूले जा रहे हैं, जो कि नाजायज है। उन सभी ने मांग की है कि जिस तरह पहले रेडियम वाहन मालिक लगवाते थे, उसी प्रकार पुनः उन्हें किसी भी दुकान से लेकर लगाने दिया जाए। और जिन गाड़ियों में पहले से स्पीड गवर्नर लगा है उसे माना जाए तथा नए गवर्नर के नाम पर 4500 रुपये की वसूली तत्काल प्रभाव से बंद की जाए। इसके अलावा वाहन चालक- मालिकों ने अन्य मांगों में कहा है कि वराज्य सरकार के नियमानुसार परमिट का नवीनीकरण तत्काल तिथि से किया जाए न कि पुरानी तिथि से। चेकिंग के दौरान चौक चौराहों पर गाड़ी का पेपर ले के चले जाने की वजह से मालिक को पूरे दिन परेशान होना पड़ता है तथा गाड़ी भी खड़ी रहती है और वाहन मालिक को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। यदि वाहन में किसी प्रकार का अनैतिक कार्य किया जा रहा है जिससे कि आप के विभागीय अधिकारियों को उससे पेपर लेने की आवश्यकता महसूस होती है तो तत्काल स्पॉट पर ही कार्रवाई की जाए। न कि उन्हें बेवजह परेशान करते हुए उनके पेपर को लेकर वाहन संचालकों को अनावश्यक ऑफिस के चक्कर लगवाया जाए।

बस्तर की लोक संस्कृति की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हो उठा केंद्रीय वित्त आयोग का दल

0
  • बस्तरिहा कलाकारों ने जीत लिया सबका दिल

जगदलपुर केंद्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में बस्तर पहुंचे आयोग के सदस्यों के सम्मान में जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार की शाम बस्तर के लोकगीतों और लोक नृत्यों पर रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुति देखकर वित्त आयोग के अध्यक्ष डा पनगढ़िया और आयोग के सदस्य अजय नारायण झा, एनी जॉर्ज मैथ्यू, डा मनोज पाण्डा, डॉ. सौम्यकांति घोष मंत्रमुग्ध हो उठे। उन्होंने बस्तर की लोक संस्कृति और कलाकारों की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने गौर नृत्य, परब गीत और नृत्य, बादल अकादमी की प्रस्तुति, दोरला नृत्य, बस्तर बैंड की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के दौरान अतिथियों ने बस्तर के प्रसिद्ध गौर नृत्य में उपयोग की जाने वाले गौर मुकुट को पहनकर फोटो लेते हुए लम्हों को यादों में संजोया। इस अवसर पर कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., संचालक कोष लेखा एवं पेंशन महादेव कावरे, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता सहित वित्त आयोग के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बस्तर की नायाब खूबसूरती और बेमिसाल संस्कृति दिल में समा गई दिल्ली से आए अफसरों के

0
  • केंद्रीय वित्त आयोग के दल ने देखी चित्रकोट जलप्रपात की अनुपम छटा
  • जलप्रपात के अप्रतिम सौंदर्य से हुए अभिभूत

अर्जुन झा-

जगदलपुर अपने बस्तर की कोई सानी नहीं है। जो भी बस्तर आता है, वह यहां की नायाब कुदरती खूबसूरती और बेमिसाल संस्कृति का दीवाना बन जाता है। बनें भी क्यों न? ऊपर वाले ने नेमतें जो बख्श रखी हैं अपने प्यारे बस्तर को। बस्तर की खूबसूरती का कुछ ऐसा ही जादू केंद्रीय वित्त आयोग सदस्यों पर भी चला है। दिल्ली से आए अधिकारी सचमुच बस्तर को अपना दिल दे बैठे हैं। बस्तर की खूबसूरती और संस्कृति की अप्रतिम छटा उनके दिलों में समा गई है। ये अधिकारी वाह, वाह करते लौटे हैं।

केंद्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में आयोग के सदस्यों और अधिकारियों का दल शुक्रवार को जगदलपुर पहुंचा था। इस दौरान दल ने बस्तर के विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के दूसरी छोर तीरथा पहुंचकर जलप्रपात की नैसर्गिक खूबसूरती को करीब से देखा। चित्रकोट जलप्रपात के तीरथा स्थित वॉच टॉवर पर जाकर सभी सदस्य काफी देर तक जलप्रपात से झर झर गिरती विशाल जलधारा को अपलक निहारते और उसकी प्रशंसा करते रहे। इस दौरान वित्त आयोग के सदस्य अजय नारायण झा, एनी जॉर्ज मैथ्यू, डॉ. मनोज पांडा, डॉ. सौम्यकांति घोष मौजूद थे। कलेक्टर विजय दयाराम के दल के सदस्यों को चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कुटुमसर गुफा समेत बस्तर के अन्य पर्यटन स्थलों के बारे में बताते रहे।टीम के सदस्य अजय नारायण झा ने नदी के उद्गम और संगम स्थल के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक और नैसर्गिक खूबसूरती बस्तर में देखने को मिल रही है जहां प्राकृतिक वातावरण बेहद सुंदर है, जो अपने आप में बेमिसाल है। श्री झा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के बारे में जितना सुना था, उससे भी कहीं ज्यादा बेहतरीन है। उन्होंने यहां के भोले भाले आदिवासी ग्रामीणों द्वारा की गई पारंपरिक आवभगत की मुक्तकंठ प्रशंसा की। आयोग के दल ने चित्रकोट जलप्रपात की खूबसूरती को अपने कैमरों में कैद किया। इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे भी उनके साथ थे।

महारानी अस्पताल में किया गया मितानिनों का सम्मान

0
  • नवा सौगात कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार महारानी अस्पताल के शहीद गुंडाधुर सभागार में नवा सौगात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका थीम मितानिन दीदी बर मुख्यमंत्री के नया सौगात, पइसा आही झटपट देरी न कोनो गोठबात की तर्ज पर किया गया।

आपका बता दें कि मितानिन प्रोत्साहन राशि के वितरण में प्रदेशभर में एकरूपता लाने हेतु छत्तीसगढ़ शासन ने मितानिनों को नई सौगात दी है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदव साय ने वर्चुवल तौर पर एक बटन दबाकर प्रदेश के मितानिनों के खाते में प्रोत्साहन राशि अंतरित कर किया। जगदलपुर के जिला स्तरीय नवा सौगात कार्यक्रम शहीद गुंडाधुर सभागार में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। सांसद ने सभी मितानिनों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। केंद्र व राज्य सरकार निरंतर जमीनी स्तर के लोगों तक लाभ पहुचाने हेतु योजनाएं चला रही हैं एवं उनका सफल क्रियान्यवन भी कर रही हैं। इस कार्यक्रम को उन्होने प्रदेश सरकार की प्रमुख योजना कहा, जो जमीनी स्तर पर मितानिनों को लाभान्वित करेगी। मितानिनों को सही समय पर प्रोत्साहन राशि मिल सकेगी। उन्होने मितानिनों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी मितानिन बहनें शासकीय कर्मचारी न होते हुए भी पूरी ईमानदारी के साथ सामुदायिक कार्य करती हैं, ये सच्चे समाजसेवी हैं । ये निरंतर समुदाय में रहकर गर्भवती माता से लेकर बच्चों के टीकाकरण के साथ साथ शिक्षा व जागरूकता का कार्य सफलता पूर्वक कर रही हैं। इसके लिए सांसद श्री कश्यप ने मितानिनों को धन्यवाद ज्ञापित किया और समुदाय में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हे प्रोत्साहित किया। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाली मितानिनों में अनुकुल देव वार्ड क 31 से दीयाबती बघेल, महारानी वार्ड 14 से कमलेश तम्बोली, बलीराम कश्यप वार्ड 43 से ऋतु साहू, गंगा नगर वार्ड 23 से जुबेदा बेगम, जवाहर नगर वार्ड 24 से मीना ठाकुर, लोकमान्य तिलक वार्ड 37 से नंदा ठाकुर, लता मिलिंद प्रवीरचंद वार्ड, त्रिवेणी रंधारी भैरमदेव वार्ड, रेवती बत्रा वीर सावरकर वार्ड और मनीषा चौधरी शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि आज इसी तरह का आयोजन समस्त ब्लाक मुख्यालयों एवं सेक्टर स्तर पर भी आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम सन 2002 से शुरू हुआ है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को घर घर तक पहुंचाना, सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का निदान करना आदि है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी मैत्री, सुरेश गुप्ता नगर भाजपा अध्यक्ष, सूर्यभूषण सिंह, गजेंद्र पगारे, पोषा टाटी, जिला डाटा प्रबंधक कुवरदीप मरकाम, अस्पताल सलाहकार नीरज ओझा, कविता बघेल डीपीएच एनआर नईम कुरैशी मितानिन कोऑर्डिनेटर शीला सार्वा, रजंती कश्यप, जिला मितानिन समन्यवक, उमाशंकर साहू साइकोलॉजिस्ट, प्रशांत श्रीवास्तव, नरेश मरकाम मितानिन प्रशिक्षक और मितानिनें उपस्थित थीं।

MOST POPULAR

HOT NEWS