City Media - Page 619 of 1856 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 619

छ्ग कांग्रेस के बिगड़े प्लेन को कैसे उड़ा पाएंगे पायलट…?

0
  •  हार के बाद पार्टी में उपजे हालात पर काबू कर पाना बड़ी चुनौती
  • खड़गे ने खेला बड़ा दांव, किए एक तीर से कई शिकार
    अर्जुन झा
    जगदलपुर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी संगठन में बड़ी सर्जरी कर भले ही एक तीर से कई निशाने साध लिए हों, लेकिन अनेक प्रदेशों में पार्टी के भीतर जो अंतर्कलह मची हुई है, उसकी आग को बुझाने में खड़गे को थोड़ी कड़ी मशक्कत और करनी पड़ेगी। इसी तरह छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त प्रभारी सचिन पायलेट के लिए छत्तीसगढ़ में बिगड़े कांग्रेसी प्लेन को सफलता पूर्वक उड़ाना बड़ी चुनौती है। विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी ने बड़े बदलाव करने शुरू कर दिए हैं। सबसे पहले पार्टी ने छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी शैलजा को हटाकर राजस्थान के युवा तुर्क सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी हैे। यह लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पार्टी का बड़ा फैसला है। अब सबसे बड़ा यह उभर आया है कि आखिर कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से मुक्त क्यों किया गया? आखिर इसके पीछे क्या वजह रही है ? कहा जा रहा है कि कुमारी शैलजा राज्य में भाजपा की आंधी को रोक पाने में नाकाम रही हैं।छत्तीसगढ़ में कुमारी शैलजा, तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया था। राज्य में 71 सीटें रखने वाली कांग्रेस पार्टी को इतनी करारी हार मिली की 9 मंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी अपनी सीट नहीं बचा पाए। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी 15 सीटों से उछाल मारते हुए 54 सीटों पर पहुंच गई। इसलिए कांग्रेस पार्टी अब लोकसभा चुनावों में रिस्क लेना नहीं चाहती है। राजस्थान के बड़े दिग्गज और यूथ के बीच मोस्ट पॉपुलर नेता सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ राज्य की जिम्मेदारी दे दी है। अब पायलट के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्लेन उड़ान भरेगी और पार्टी छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

इन नियुक्तियों के बाद यह देखने के मिला है कि छ्ग और राजस्थान में हुई हार के लिए कांग्रेस ने इन दोनों नेताओं को जिम्मेदार माना है। जिसकी वजह से पार्टी नेतृत्व ने अपने इन दोनों बड़े नेताओं को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है।राजस्थान कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है। एक है गहलोत गुट और दूसरा पायलट गुट। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोनों गुटों को साधने की कोशिश की है। दोनों ही नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय किया है। सियासी जानकारों का कहना है कि राजस्थान में किसी नए चेहरे को नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है। सचिन पायलट टोंक सीट से विधायक चुने गए हैं। पायलट का राजस्थान से बाहर जाना उनके समर्थकों के लिए एक बड़ा झटका है। साथ ही राजस्थान में कांग्रेस के लोगों के बीच यह मैसेज भी पहुंचाने की कोशिश की गई है कि गहलोत चुनाव से पहले कांग्रेस में जितने पावरफुल थे, उतने ही पावरफुल वे अब भी हैं।

नेता प्रतिपक्ष की रेस से पायलट आउट
राजस्थान कांग्रेस में अब विधानसभा के लिए नेता प्रतिपक्ष की लड़ाई चल रही थी। सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाए जाने के बाद अब वे इस रेस से बाहर हो गए ऐसे आसार नजर आ रहे हैं। उधर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी हार ने सबकों चौंका दिया था। चुनाव परिणाम आने से पहले कहा जा रहा था कि कांग्रेस यहां सरकार बना सकती है, लेकिन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। हारे हुए प्रत्याशी, बड़े नेता और टिकट से वंचित कर दिए गए कई पूर्व विधायक हार का ठीकरा प्रदेश के बड़े नेताओं पर फोड़ रहे हैं। टिकट से चूके कई पूर्व विधायकों का तो आरोप है कि कांग्रेस द्वारा कराए गए कथित फर्जी सर्वे के आधार पर जिताऊ स्टैंडिंग विधायकों को टिकट से वंचित कर पार्टी की दुर्गति करा दी गई है। अगर टिकट वितरण ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया गया होता, तो राज्य में फिर से कांग्रेस सरकार बन जाती। कांग्रेस से कई नेता और पूर्व विधायक इस्तीफा दे चुके हैं और विवाद की स्थिति अभी बनी हुई है। ऐसे में प्रभारी के तौर पर सचिन पायलट के सामने कई चुनौतियां होंगी।

शैलजा के खिलाफ उठी थी आवाज
बता दें कि कुमारी शैलजा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रहते कई विवादों में घिरी रहीं। चुनाव से पहले तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और कुमारी शैलजा के बीच अनबन की खबरें आती रहती थीं। एक वक्त तो ऐसा भी आया जब प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम द्वारा की गई नियुक्तियों को कुमारी शैलजा ने एक झटके में रद्द कर दिया था। इसके बाद मोहन मरकाम की जगह बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज को पार्टी की कमान सौंपी गई। वो भी चुनाव के ठीक पहले, लेकिन तब भी कुमारी शैलजा का विवादों से नाता नहीं छूटा। चुनाव के दौरान टिकट वितरण में 22 स्टैंडिंग विधायकों का टिकट काटे जाने पर भी इनमें से अधिकतर विधायकों ने कुमारी शैलजा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बने कमलेश

0
  •  राहुल गोरखेड़े महासचिव, कोंडागांव जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ एवं महासचिव बने संदीप

जगदलपुर भारतीय बौद्ध महासभा युवा प्रकोष्ठ बस्तर जिला इकाई के अध्यक्ष कमलेश रामटेके व महासचिव राहुल गोररखेड़े को बनाया गया है। कोंडागांव जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ महाजन एवं महासचिव संदीप वासनिकर नियुक्त किए गए हैं। इनकी नियुक्ति रास्ट्रीय ट्रस्टी सदस्य एस आर कांडे, प्रदेश अध्यक्ष बीएस जागृति एवं महासचिव भोजराज गौरखेड़े, की अनुशंसा पर बस्तर क्षेत्र में उनकी निरंतर सामाजिक कार्य में सक्रियता को देखते हुए की गई है। प्रदेश स्तरीय कार्य समिति में मुख्यतः 16 जिलों के सक्रिय सदस्यों को बुलाकर अध्यक्षो महासचिवों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

ये अपने जिलों में जल्द ही अपनी कार्यकरणी का विस्तार करेंगे व समाज के युवा वर्ग को आगे लाकर समाज में आर्थिक व सांस्कृतिक गतिविधि को बढ़ावा देने हेतु कार्य करेंगे। छग में पहली बार बौद्ध युवा वर्ग की बैठक रायपुर में रखी गई। युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश रावत, महासचिव संदीप डोंगरे, विजय गजघाटे के प्रयास से यह संभव हो सका।

भाजपा पार्षदों ने किया किरण और केदार का भव्य स्वागत

0

जगदलपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव सिंह एवं केबिनेट मंत्री व नारायणपुर के विधायक केदार कश्यप का नगर के स्टेट बैंक चौक के पास नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा पार्षद दल और नगर मंडल भाजपा के प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं महिला पार्षदों द्वारा सजाई गई, रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा माड़िया सींग पहनाकर, स्मृति चिह्न भेंटकर व विशाल गजमाला पहनाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता और नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय, नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।

देव – किरण’ और केदार की धरा पर देवताओं की आभा सा उजास

0
  •  देर रात जगह जगह हुआ दोनों नेताओं का स्वागत
  • बिखरी आतिशबाजी और रंगोली की अद्भुत छटा
    अर्जुन झा
    जगदलपुर जिस तरह देवताओं के आभा मंडल से ओजस्वी प्रकाश प्रष्फुटित होता है, वैसा ही उजास बीती देर रात देव किरण (किरण देव) एवं बाबा केदारनाथ (केदार कश्यप) की धरा पर बिखरता रहा। इन दोनों नेताओं के नगर आगमन पर उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा। आतिशबाजी की रंगीन रौशनी से मां दंतेश्वरी के दरबार का यह आंगन नहा उठा, रंगोली की अनुपम रंगीन छटा बिखर पड़ी और बस्तरिहा लोक संगीत से शहर का वातावरण मधुरिम हो उठा।
    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद जगदलपुर के विधायक किरण देव सिंह और मंत्री बनने के बाद नारायणपुर के विधायक केदार कश्यप के प्रथम नगर आगमन पर उनके स्वागत के लिए आतुर भाजपा, भाजयुमो, महिला मोर्चा व विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बस्तर संभाग की सीमा में प्रवेश करते ही दोनों नेताओं का चारामा, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, भानपुरी से लेकर जगदलपुर तक जगह – जगह अभूतपूर्व स्वागत हुआ। दोनों नेताओं का काफिला देर रात जगदल पहुंचा। रात गहरा चुकी थी, आसमान से टपकती ओस की बूदें और सर्द हवाएं शरीर में ठिठुरन पैदा कर रहीं थीं, फिर भी लोगों का जोश उबाल मार रहा था। अपने नेताओं के स्वागत के लिए बेताब लोगों को ठंड की जरा भी परवाह नहीं थी। सैकड़ों महिलाएं अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ पहुंची थीं। किरण देव और केदार कश्यप का शहर कई जगह भव्य स्वागत हुआ। महिलाओं ने मार्ग पर दर्जनों जगह आकर्षक रंगोली सजा रखी थी। आतिशबाजी की रंगीन रौशनी से पूरा शहर बार बार नहा उठता था। भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में नगर के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तथा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय के नेतृत्व में पार्षदों और नागरिकों ने तथा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में महिलाओं ने श्री देव और श्री कश्यप का ऐतिहासिक स्वागत किया। महिला पार्षदों द्वारा सजाई गई रंगोली की छटा देखते ही बनती थी। किरण देव और केदार कश्यप को बस्तर के पारंपरिक परिधान का हिस्सा माड़िया सींग और गजमाला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया गया।
  • दोनों को तौला गया लड्डुओं से
    नगर के लालबाग चौक पर भी दोनों नेताओं का भव्य स्वागत हुआ। यहां उन्हें लड्डुओं से तौला गया। जगह-जगह चौक चौराहों पर जबरदस्त आतिशबाजी भी हुई। विभिन्न समाजों के द्वारा भी किरण देव और केदार कश्यप का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नगर मंडल द्वारा स्टेट बैंक चौक पर भव्य स्वागत किया गया। बस्तर के पारंपरिक नृत्य दलों द्वारा छेड़ी जा रही बस्तरिहा लोक संगीत की मधुरिम स्वर लहरी के बीच लोग झूमते नाचते नजर आए। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और केबिनेट मंत्री केदार कश्यप के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ अभूतपूर्व रही।

केशकाल घाटी में घंटों लगे रहे जाम का झकझोर देने वाला मंजर

0
  • फंसे लोग फोन कर परिजनों से मदद की गुहार लगाते रहे
  •  केशकाल थाने के अधिकारी कर्मचारी बने रहे बेपरवाह

अर्जुन झा
जगदलपुर बस्तर संभाग में केशकाल के पास घने जंगलों के बीच स्थित घाट इन दिनों वाहन चालकों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। आए दिन इस घाट में जाम लगने की समस्या पैदा हो जाती है। 24 व 25 दिसंबर की दरम्यानी रात भी ऐसा ही हुआ। रात में घंटों जाम लगा रहा। बसों व कारों में सवार महिलाएं अपने दूधमुहे बच्चों को दूध और पानी के लिए तड़पते देख व्याकुल होती रहीं। बीमार यात्री परेशान होते रहे। आलम यह था कि परेशानहाल लोग अपने सेलफोन से मैसेज और कॉल कर परिचितों व परिजनों से मदद की गुहार लगाते रहे।
जगदलपुर – रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित केशकाल घाट की वादियां भले ही प्राकृतिक सुंदरता से आच्छादित हैं, लेकिन यह घाट लोगों को अक्सर परेशानी में भी डाल देता है। घाट में जाम लगने की समस्या कोई नई बात नहीं है। छिटपुट ऐसे हालात शुरू से बनते रहे हैं, मगर जबसे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग ने इस मार्ग पर संधारण और पेंचवर्क का काम शुरू किया है तबसे लंबा जाम लगने की समस्या हद से ज्यादा बढ़ गई है। लगभग दो माह हो चुके हैं, फिर भी कार्य अब तक पूरा नहीं कराया जा सका है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी और केंद्र सरकार के पीडब्ल्यूडी के स्थानीय अधिकारियों व ठेकेदार की उदासीनता का खामियाजा इस राष्ट्रीय राजमार्ग से सफर करने वाले सभी आम एवं खास लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बीती रात छत्तीसगढ़ सरकार के केबिनेट मंत्री केदार कश्यप और जगदलपुर के विधायक एवं नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह को भी काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों नेताओं का काफिला जाम से मुक्त होकर आगे बढ़ सका। बताते हैं कि 24 व 25 दिसंबर की दरम्यानी रात भी केशकाल घाट पर कई घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। घाट के बीचोंबीच मंदिर से लेकर रायपुर तथा जगदलपुर की ओर वाले दोनों हिस्सों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सैकड़ों यात्री बसें, ट्रक, कारें और अन्य छोटे बड़े वाहन फंसे रहे। बसों और कारों में कई ऐसी महिलाएं शामिल थीं, जिनकी गोद में दूधमुहे बच्चे थे। ये बच्चे भूख और प्यास से बिलखते रहे और माताएं अपने बच्चों को तड़पते देख बेबसी के आंसू बहाती बैठी रहने पर मजबूर थीं। विभिन्न रोगों से ग्रसित यात्रियों का भी बड़ा बुरा हाल था। परिजन यह कहते हुए उन्हें दिलासा दिलाते रहे कि बस थोड़ी देर में हालात सामान्य हो जाएंगे। मगर हालात को सामान्य बनाने वाला किसी मसीहा को दूर – दूर तक कोई अता पता नहीं था। कम उम्र के बच्चे भी भूख और प्यास से बेहाल हुए जा रहे थे और रोने बिलखने लगे थे।

भ्रष्टाचार ने लगाया यह जाम
जगदलपुर – रायपुर नेशनल हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने का काम लंबे समय से चल रहा है। इस कार्य की स्वीकृति बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज के लगातार प्रयासों से मिल पाई है। इसी के तहत इस नेशनल हाईवे के केशकाल घाट वाले हिस्से में मार्ग के दोनों किनारों की पेंच के मजबूतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने इस कार्य का ठेका एक ठेकेदार को दे रखा है और कार्य पर नजर रखने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर है। बताते हैं कि विभाग के जिम्मेदार इंजीनियर और अधिकारी कार्य का मुआयना करने कभी नहीं पहुंचते। एक मैदानी कर्मचारी के भरोसे ही सब कुछ छोड़ दिया गया है और सुपरविजन का काम यही कर्मचारी कर रहा है। अफसरों के संरक्षण में ठेकेदार द्वारा कार्य को मनमाफिक अंजाम दिया जा रहा है। कार्य में भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। इसी लापरवाही और कार्य की धीमी गति के चलते घाट पर जाम लगने की समस्या कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है।

एक परेशान यात्री की गुहार
बीती रात केशकाल घाट पर जाम में घंटों फंसे रहे एक पीड़ित यात्री ने अपने तथा अन्य यात्रियों के साथ बीत रही त्रासदी का बखान करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मदद के लिए मार्मिक गुहार लगाई। यह पोस्ट इस संवाददाता के सेलफोन पर भी आई। इस यात्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में जो कुछ लिखा है, वह इस तरह है – यही करीब तीन घंटे से जाम लगा हुआ है। रायपुर से जगदलपुर की ओर जाने वाले वाहन घंटों से जाम में फंसे हुए हैं। वहीं जगदलपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को धीरे धीरे आगे रवाना किया जा रहा है। हाईवे का पेट्रोलिग वाहन और केशकाल पुलिस का एक भी जवान घाट के आसपास नहीं है। मै करीब दो घंटे से घाट के बीच के मंदिर के आसपास जाम में फंसा हुआ हूं और दूसरी तरफ से आते वाहनों को देख रहा हूं। जो कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मेरी इस पोस्ट को पढ़े, तो इस जाम से मुक्ति दिलाने में मदद करे, बड़ी मेहरबानी होगी।

गुजरा मे कोसरिया राउत ( यादव ) समाज द्वारा गीता जयंती समारोह का आयोजन किया

0

दल्ली राजहरा — ग्राम गुजरा मे कोसरिया राउत ( यादव ) समाज द्वारा गीता जयंती समारोह का आयोजन किया गया। भाजपा नेता एवम प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर के ग्राम गुजरा पहुचने पर समाज के लोगो द्वारा बाजे-गाजे के साथ स्वागत करते हुए पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक ले गए।

ग्राम गुजरा में आयोजित गीता जयंती समारोह के समापन समारोह के मुख्यअतिथि प्रदेश प्रवक्ता भाजपा देवलाल ठाकुर रहे,अध्यक्षता जिला अध्यक्ष यादव समाज चंद्रहास यादव ने किया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य संजय बैस,प्रदेश कार्यकरणी सदस्य शोमेश साहू, जिला मंत्री भाजपा जयेश ठाकुर ,जिला कार्यकरणी सदस्य भाजपा जसराज शर्मा ,भाजपा नेता हितेश साहू,अध्यक्ष गुजरा पंचायत कार्तिक राम यादव ,घुरऊ राम साहू, रमेश कुमार उइके ,रोशन लाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
गीता जयंती समारोह में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पहार एवम बुके से स्वागत सम्मान किया गया।

स्वागत उपरांत आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि यादव समाज के अराध्य भगवान कृष्ण के द्वारा कुरुक्षेत्र में गीता का उपदेश दिया गया था जो आज पर्यंत भारत देश ही नही बल्कि सम्पूर्ण विश्व मे माना जा रहा है। सभी समाज एवम वर्ग में गीता के उपदेश आज सार्वभौमिक है ।
भाजपा नेता ने कहा कि आज सभी समाज का दायित्व है कि हम अपने- अपने समाज के लोगो को शिक्षित बनाये तथा देश के विकास की धारा में शामिल करें। हमने देखा है कि शिक्षित समाज ही तेजी से आगे बढ़ता है इसलिए समाज के लोगो को शिक्षित करना बहुत ही आवश्यक हो गया और यह समय की मांग भी है की समाज के सभी जिम्मेदार लोग अपने-अपने समाज को शिक्षित करने की दिशा में कार्य करे।
भाजपा नेता देवलाल ठाकुर ने कहा कि मैंने अपने जिला पंचायत अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान गाय पालन योजना में यादव समाज को अन्य समाज की अपेक्षा योजना में ज्यादा अनुदान या सहायता देने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा था। क्योंकि यादव समाज गाय पालन जैसे कार्यो में अनुवभी तथा विशेषज्ञ की तरह है अगर शासन यादव को गाय पालन जैसी योजनाओं में ज्यादा सहूलियत देगी तो शासन की गाय पालन योजना तेजी से आगे बढ़ेगा तथा सफल भी होगा।इस संबंध में यादव समाज इस संबंध में प्रदेश शासन के सामने इस तरह की योजनाओं के संबंध में चर्चा करना चाहेगा तो मैं सदैव यादव समाज के साथ आने-जाने के लिए उपस्थित रहूंगा।
भाजपा नेता देवलाल ठाकुर ने यादव समाज के लोगो से आग्रह किया कि समाज के जिम्मेदार लोग समाज मे शिक्षा को आगे बढ़ाए और एक मजबूत समाज की निर्माण करें।

नये साल से पहले थाना बालोद पुलिस के द्वारा 04 गुम इंसान का पता तलाश कर परिजनों से मिलवाया

0

पुलिस अधीक्षक महोदय बालोद डॉ० जितेन्द्र यादव, अति० पुलिस अधीक्षक बालोद  सुशील कुमार नायक के मार्ग दर्शन

व अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना बालोद पुलिस के द्वारा नये साल से पहले गुम इंसान पतासाजी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिस परिपेक्ष्य में दिनांक 23.12.2023 को अलग- अलग टीम बनाकर गुम इंसान पता तलाश अभियान चलाया गया जिसके तहत थाना बालोद के गुम इंसान कमांक 51/2022 के गुमशुदा, गुम इंसान कमांक 98/2023 के गुमशुदा, गुम इंसान कमांक 104/2023 के गुमशुदा, गुम इंसान कमांक 102/2023 के गुमशुदा नाबालिक को दस्तयाब कर गुमशुदा के परिजनों से मिलवाया गया जो परिजन अपने परिवार के सदस्य से मिलकर खुश हुये।

उक्त पता तलाश टीम में थाना प्रभारी रवि शंकर पाण्डेय् एवं थाना स्टाफ उप निरीक्षक राधा बोरकर, सहा० उप निरीक्षक इसरार अहमद खान, प्र०आर० भगवान सिंह ध्रुव, विरेन्द्र साहू, आर० भोपसिंह साहू, लवन राजपूत, मनीष राजपूत, विवेक धीर सराहनीय भूमिका रहा

पिग आयरन की अफरा तफरी, आरोपी ड्राईवर यूपी से गिरफ्तार

0
  •  अब तक पांच आरोपी भेजे जा चुके हैं सलाखों के पीछे
    नगरनार धोखाधड़ी कर एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट से एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर के दो ट्रकों से पिग आयरन की अफरा तफरी के मामले में संलिप्त आरोपी ड्राईवर को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है।
    आरोपी ड्राईवर अरविंद पाल पिता दीनबंधु पाल उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम मोहम्मदपुर पोस्ट हतिगाहा थाना नवाबगंज जिला प्रयागराज उत्तरप्रदेश को यहां लाकर न्यायालय में पेश किया गया। मामले अब तक पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। प्लांट के सहायक प्रबंधक आशीष दास ने 7 दिसंबर को नगरनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि स्टील प्लांट से धोखाधडी पूर्वक एक ही नंबर प्लेट के दो ट्रकों सीजी 04 एमके. 9383 व सीजी 04 एम 6058 में लगाकर 6 दिसंबर को पिग आयरन ओवर लोड कर निकासी की गई है। रिपोर्ट पर फरार वाहन चालको के विरूद्ध नररनार थाने में धारा 420 , 468, 471 के तहत जुर्म कायम कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना दिनांक से फरार आरोपी वाहन चालकों की तलाश पुलिस कर रही थी। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के आदेश पर पुलिस टीम उत्तरप्रदेश आरोपियों की तलाश करने गई थी। आरोपी वाहन चालक अरविंद पाल को उत्तर प्रदेश के मऊ से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे आज 24 दिसंबर को न्यायालय जगदलपुर के समझ पेश किया गया। प्रकरण में अब तक 5 आरोपियों को पकड़कर जेल दाखिल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की खोजबीन जारी है।

टिकनपाल में माता लक्ष्मी जगार उत्सव और कबड्डी का रोमांच

0
  •  समापन समारोह में पहुंचे विधायक लखेश्वर बघेल

बकावंड ग्राम टिकनपाल में माता लक्ष्मी जगार उत्सव और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल थे। विधायक बघेल ने कबड्डी खेल का लुत्फ उठाया और खिलाड़ियों का उत्सावर्धन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए लखेश्वर बघेल ने कहा कि कबड्डी का खेल हमारे ग्रामीण क्षेत्रों का महत्वपूर्ण खेल है। ग्रामीण युवाओं से लेकर वरिष्ठजन भी इस खेल को बड़ी दिलचस्पी से देखते हैं और इसका लुत्फ बड़ी तल्लीनता के साथ उठाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रतिभा दिखाने के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। प्रत्येक वर्ष के भांति इस वर्ष भी माता लक्ष्मी जगार उत्सव कबड्डी का आयोजन रखा गया था। कबड्डी का फाइनल मुकाबला कोटियागुड़ा और झारतरई के मध्य हुआ। कोटियागुड़ा ने 5 पॉइंट से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि मनुष्य के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल बेहद जरूरी है। लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से खेल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। इस दौरान बालेश दुबे, आशीष मिश्रा, रियाज खान, राजेश कुमार, डूमर कश्यप, तातूदास, छविश्याम, गेंदलाल, हरिराम, गजराज, जैनसिंह, सुकमन बघेल, गणपत, धरमूराम, मोहन कश्यप, जयसिंह, टिकेश्वरी, अमरदास, तोमेश, मुन्ना एवं बड़ी संख्या ग्रामवासी उपस्थित थे।

मून स्टोन स्कूल के लिटिल स्टार्स ने बांधा गजब का समां

0
  • वार्षिक उत्सव में दिखाया लिटिल चेंप्स ने जलवा
    जगदलपुर नगर के धरमपुरा स्थित मून स्टोन स्कूल में 5 वर्षों में तीसरा वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। स्कूल के नाम से मून (चांद) जुड़ा है, तो वहां पढ़ने वाले बच्चे भी सितारों से कतई कम नहीं हैं। इन लिटिल स्टार्स ने अपने स्कूल के वार्षिक उत्सव में गजब का समां बांधा। डांस, सिंगिंग, नाटिकाओं से ऐसी महफिल सजाई कि पैरेंट्स और स्कूल स्टॉफ भी मंत्रमुग्ध होकर देखते रहे। छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य नाटिका के जरिए इन नन्हें सितारों ने मिशन चंद्रयान-3 की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को सलामी देकर जहां देश की ऊंची छलांग पर विज्ञान के प्रति अपने ज्ञान कौशल का परिचय दिया, वहीं बाल मजदूरी पर रोक, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रस्तुति देकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका भी अदा की। इसके साथ ही अपने माता- पिता के प्रति अपनी जिम्मेदारी व योग द्वारा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देकर छात्र-छात्राओं ने अपनी समृद्ध संस्कृति के प्रति अपने जुड़ाव को भी दर्शाया। कार्यक्रम श्रीनिवास मद्दी, बीएनआर नायडू व श्रीमती हितेश चंदेल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। इस दौरान कई अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस स्कूल में दाखिला लेने के बाद अपने बच्चों में उन्होंने कई सकारात्मक बदलाव महसूस किए हैं। इसके लिए पैरेंट्स ने शिक्षक -शिक्षिकाओं व शाला स्टाफ की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। वार्षिक उत्सव में जहां छात्र-छात्राओं ने बढ़ -चढ़कर हिस्सा लिया, वहीं पालक भी काफी संख्या में अपने बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहे। कार्यक्रम शाला की प्राचार्य जॉली मूर्ति के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। प्राचार्य श्रीमती मूर्ति ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक शिक्षिकाओं व शाला स्टाफ ने काफी परिश्रम किया। उन्होंने कहा कि शाला परिवार विद्यार्थियों के शारीरिक, बौद्धिक व सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहेगा।

MOST POPULAR

HOT NEWS