- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रिहाई के लिए सीएम साय को लिखी चिट्ठी
अर्जुन झा
जगदलपुर विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुके छत्तीसगढ़ की कोरवा जनजाति के करीब डेढ़ दर्जन युवाओं को योगी आदित्यनाथ के यूपी में बंधक बना लिया गया है। वहां के किसी बड़े आदमी ने उन्हें जबरिया रोक रखा है और उनसे वह बिना मेहनताना दिए बंधुआ मजदूरी करा रहा है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर पहाड़ी कोरवा जनजाति के बंधक युवाओं की जल्द रिहाई हेतु पहल करने की मांग की है।
योगी बाबा के उत्तरप्रदेश में बुलडोजर चाहे जितना भी गरजे, माफिया को चाहे मिट्टी में मिला दिया जाए, लेकिन वहां से सामंतवाद शायद अभी खत्म नहीं हुआ है। आज भी उत्तरप्रदेश में ऐसे बड़े जमींदार और धनपति मौजूद हैं, जो गरीबों और मजदूरों के साथ अमानवीय बर्ताव करने से बाज नहीं आ रहे हैं। खासकर रोजी रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों से पहुंचने वाले निरीह मजदूरों को उत्तरप्रदेश के ईंट भट्ठा मालिक, बड़े किसान और दूसरे धन संपन्न लोग गुलाम बनाकर रख लेते हैं। ये रसूखदार लोग शुरू शुरू में तो बाहरी मजदूरों को अच्छी खासी मजदूरी देते हैं फिर धीरे धीरे उनके साथ अमानवीय व्यवहार करने लग जाते हैं। ऐसा ही हुआ है छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से खाने कमाने उत्तरप्रदेश गए लगभग सत्रह पहाड़ी कोरवा युवाओं के साथ। इन युवाओं को उत्तरप्रदेश के बागपत जिले में किसी रसूखदार व्यक्ति द्वारा बंधक बनाकर रखे जाने की खबर आई है। जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के मैनपाट इलाके के सुपलगा, परपटिया, चिरगा आदि गांवों के ये युवा कुछ माह पहले रोजी रोटी की तलाश में उत्तरप्रदेश गए थे। वहां वे किसी भट्ठे में काम कर रहे थे। बताया जाता है कि भट्ठा मालिक ने उन्हें बंधक बना लिया है और बिना पगार दिए उनसे बंधुआ मजदूर बनाकर काम लिया जा रहा है। पता चला है कि इनमें से किसी पहाड़ी कोरवा युवक ने अपने गांव तक अपनी आपबीती की खबर पहुंचाई। इसके बाद यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज तक पहुंची और फिर दीपक बैज तुरंत एक्शन मोड में आ गए। श्री बैज स्वयं जनजातीय समुदाय से आते हैं, लिहाजा कोरवा जनजाति के युवाओं के प्रति उनकी चिंता लाजिमी है। श्री बैज ने बिना देरी किए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर पहाड़ी कोरवा युवाओं की रिहाई और वापसी के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
राष्ट्रपति के ‘दत्तक पुत्र’ पहाड़ी कोरवा युवा योगी के यूपी में बंधक
बस्तर में और तेज किया जाएगा नक्सल विरोधी अभियान
- एडीजी विवेकानंद ने पुलिस और सुरक्षा बलों के अफसरों की नारायणपुर में ली बैठक
जगदलपुर बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज किया जाएगा। नक्सली गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद ने बस्तर संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न सुरक्षा बलों के अफसरों की बैठक लेकर रणनीति पर मंथन किया।
हाल के कुछ दिनों में बढ़ी नक्सली घटनाओं के मद्देनजर पुलिस भी हरकत में आ गई है। सुकमा जिले में हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक अधिकारी की शहादत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एडीजी एंटी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद द्वारा 18 दिसंबर को नक्सल विरोधी अभियान के संबंध में नारायणपुर जिला मुख्यालय में समीक्षा सह समन्वय बैठक ली गई। बैठक में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार, कांकेर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव, कांकेर के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा तथा आईटीबीपी और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि आगामी दिनों में बस्तर संभाग के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रो में बेहतर तालमेल के साथ संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान को संचालित करने हेतु यह संयुक्त बैठक आयोजित की गई थी। नक्सल अभियान को और भी बेहतर रणनीति के साथ आक्रामक तरीके से अंजाम देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन दिए गए। नारायणपुर जिले के भ्रमण के पूर्व सोमवार को प्रातः अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल अभियान विवेकानंद, के साथ आईजी सुंदरराज पी., सीआरपीएफ के महानिरीक्षक साकेत कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुकमा जिले के ग्राम बेदरे में स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचकर स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के अधिकारियों के साथ बैठक कर बेदरे एरिया में हुई मुठभेड़ पर चर्चा की। मुठभेड़ में शामिल रहे अधिकारियों, जवानों से रूबरू चर्चा कर अभियान की समीक्षा की गई। आगामी समय में नक्सल विरोधी अभियान को तेज करते हुए प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
सड़क हादसे में दो की मौत
जगदलपुर बीती रात नगर में हुए सड़क हादसे में दो की मौत हो गई। इसके अलावा अन्य कई सड़क दुर्घटनाएं भी आसपास हुई हैं। बीती रात 12 बजे शहीद पार्क के पास हादसे में सदर वार्ड ठाकुर रोड निवासी राहुल पवार और वैभव गुप्ता की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक ये लोग रात करीब 12 बजे कुम्हार पारा की ओर से कार में सवार हो अपने निवास की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान शहीद पार्क के पास हादसा हुआ। थाना प्रभारी के अनुसार कुल चार लोग वाहन में सवार थे। इनमें से दो लोग घायल हुए हैं। कार अनियंत्रित हो गई, जिससे यह घटना घटित हुई।
जनमुक्ति मोर्चा ने किया भव्य शहीद वीर मेले का आयोजन
- कई गांवों के मेलों में जुटे हजारों मजदूर और किसान
जगदलपुर शहीद वीर नारायण सिंह के शाहदत दिवस पर साप्ताहिक शहीद वीर मेला का आयोजन जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ द्वारा अनेक गांवों में किया गया। इन मेलों में हजारों मजदूर, किसान और ग्रामीण जुटे।
14 दिसंबर को जनमुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ की ब्लाक इकाई दनगढ़ के ग्राम सुंदरनगर व लेडिजोब में कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में शहीद वीर नारायण सिंह मेला का आयोजन किया गया। जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ की दनगढ़ ब्लाक इकाई के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, श्रमिक, किसान व ग्रामीण पहुंचे। 15 दिसंबर को धोबेदंड ब्लाक के ग्राम अरमुरकसा में, 16 दिसंबर को चार जगहों पर मेले का आयोजन किया गया।

मुकादाह ब्लाक अंगारा, अछोली ब्लाक के आलीखुंटा, व रेंगाड़बरी में, रायगढ़ ब्लाक के ग्राम हितापठार में शहीद मेला व कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। 17 दिसंबर को जनमुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ के मरकामटोला ब्लाक के ग्राम भर्रीटोला में मेला एवं कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। शहीद वीर मेला का समापन 18 व 19 दिसंबर को जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ द्वारा कृषि कार्यालय के पास कॉमरेड मंगतू लटिया मैदान दल्ली राजहरा में शहीद वीर मेला मड़ई के रूप में हुआ। इसमें आसपास के 14 गांवों के गायता, पटेल, परगना, के साथ ही जनमुक्ति मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन में बुद्धिजीवियों छात्र- छात्राओं , युवाओं बेरोजगारों, मजदूरों, किसानों व ग्रामीणों की भीड़ देखते ही बन रही थी।

समानता और सात्विक जीवन का संदेश दिया बाबा ने : जैन
- गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए पूर्व विधायक रेखचंद जैन
जगदलपुर सतनाम पंथ के संस्थापक बाबा गुरु घासीदास की 267वीं जयंती शहर के दंतेश्वरी वार्ड में धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर उपस्थित जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने मुख्य अतिथि की आसंदी से गुरु घासीदास के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा ने मनखे – मनखे एक समान का संदेश देकर सामाजिक समानता का जो मंत्र दिया है, वह आज अत्याधिक प्रासंगिक है। गुरु घासीदास ने समानता के साथ सात्विक जीवन जीने का संदेश भी दिया है।
जैन ने कहा कि बाबा अपने जीवन काल में बस्तर भी आए थे। अपने सच्चे, सरल व स्पष्ट संदेशों के कारण वे समाज के बड़े हिस्से में लोकप्रिय हुए। जैन ने कहा कि मनखे – मनखे एक समान इन चार शब्दों में ही मानव जीवन की सच्चाई और पुरुषार्थ निहित है। अमृततुल्य इन चार शब्दों का भावार्थ यही है कि सभी मनुष्य एक समान हैं, इसलिए किसी से भी भेदभाव नहीं करना चाहिए।पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के आयोजन की दिल खोलकर प्रशंसा की और समाज के प्रतिभावन बच्चों, युवाओं और वरिष्ठजनों को पुरस्कृत व सम्मानित भी किया। इस दौरान पीडी मेश्राम, संरक्षक इंदर प्रसाद बंजारे, समाज अध्यक्ष हीरालाल चंदेल, डॉ. केएल आजाद, किशोर कुर्रे, रुपेश नागकर, विजय चंदेल, पीडी मेश्राम, बनकुंवर बंजारे, वार्ड पार्षद राजपाल कसेर, विक्रम लहरे, डॉ. रमेश खुंटे, निर्मल चंदेल, अनिल खूंटे, अनुपमा नाग, बिंदेश जोगी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमजीत जसवाल, हेमू उपाध्याय, हेमंत ओगर, निर्मल चंदेल, अनिल खुंटे, अनुपमा नाग, मनीष ओगर, आसमन चंदेल, रोहित चंदेल, सिद्धार्थ चंदेल, धर्मेंद्र बघेल, इशांत कुर्रे, आकाश चंदेल समेत समाज के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।

किसान विरोधी है बीजेपी, चौथी किस्त न देना अन्याय : कांग्रेस
- कांग्रेस सरकार ने न्याय योजना की चौथी किस्त को दे दी थी मंजूरी : दीपक बैज
रायपुर भाजपा द्वारा न्याय योजना की चौथी किस्त किसानों को नहीं देने का कांग्रेस ने विरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा आदतन किसान विरोधी है। इसीलिए किसानों को न्याय योजना की चौथी किस्त से वंचित कर रही है और न्याय योजना की चौथी किस्त की राशि का दूसरे मद में इस्तेमाल करने का षड्यंत्र रच रही है। यह प्रदेश के 27 लाख से अधिक किसानों के साथ अन्याय है। भाजपा किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में असमर्थ साबित हो रही है, इसीलिए अभी तक किसानों से 21 क्विंटल धान प्रति एकड़ और 3100 रुपए क्विंटल की दर पर खरीदी करने का आदेश जारी नहीं किया गया है। अब न्याय योजना की चौथी किस्त की स्वीकृत राशि को भी अन्य मद में खर्च कर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार करने में लगी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा है कि राज्य सरकार को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त की राशि तत्काल किसानों के खातों में जमा करना चाहिए। कांग्रेस सरकार ने बीते खरीफ वर्ष में न्याय योजना के माध्यम से 24 लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन किस्तों में 3704 करोड़ की राशि जमा करवा चुकी है और चौथी किस्त की राशि की व्यवस्था भी कर रखी थी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सिर्फ बटन दबाकर उस राशि को किसानों के खातों में ट्रांसफर करना है। कांग्रेस की सरकार ने धान की खरीदी प्रति क्विंटल 2500 रू से अधिक में कर 5 वर्षों में न्याय योजना के माध्यम से 23803 करोड़ रुपए का किसानों को अतिरिक्त लाभ दिया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार पूर्व सरकार द्वारा संचालित जन कल्याण की योजनाओं को बंद करने का षड्यंत्र कर रही है। बिजली बिल हाफ योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बेरोजगारी भत्ता जैसी अनेक योजनाएं कांग्रेस सरकार ने चलाई थी। इससे हर वर्ग को लाभ हुआ था। इन योजनाओं को बंद कर प्रदेश की जनता को महंगाई, गरीबी, अराजकता और शोषण की ओर धकेलना चाहती है। कांग्रेस इसका कड़ा विरोध करेगी और जनता के हक में सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी।
सामाजिक आडंबर दूर किए गुरु घासीदास ने : सुशील मौर्य
- शहर जिला कांग्रेस ने मनाई गुरु घासीदास की जयंती
जगदलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर द्वारा संभाग मुख्यालय राजीव भवन में बाबा गुरु घासीदास की जयंती गरिमा और सादगी के साथ मनाई गई।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने बाबा गुरु घासीदास के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौर्य ने गुरु घासीदास की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब लोग ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी जातिवादी सामाजिक समस्या से घिरे थे, ऐसे समय में इस महान पुरुष ने लोगों को एकता और भाईचारा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा और सामाजिक कार्य में बिता दिया। बाबा ने अपना जीवन बड़े ही सादगी से बिताया। उन्होंने एक वृक्ष के नीचे तपस्या के माध्यम से अपनी शिक्षा ली थी। उनके महान उपदेशों ने समाज से छुआछूत, मूर्ति पूजा, जात पात जैसी कुप्रथाओं को दूर किया। बाद में उनकी तप स्थली को एक पुष्प वाटिका के रूप में निर्मित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल शर्मा ने किया। इस दौरान महापौर सफीरा साहू, सत्तार अली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतपाल शर्मा, अंगद प्रसाद त्रिपाठी, नरेंद्र तिवारी, जोहन सुता, पार्षद लता निषाद, ललिता राव, कमलेश पाठक, शहर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र महापात्र, महामंत्री ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अनुराग महतो, अभिषेक नायडू, कोषाध्यक्ष असीम सुता, अभिषेक गुप्ता, आदर्श दलाई, शहनाज़ बेगम, बबली भाई, हनुमान द्विवेदी, दुर्योधन कश्यप, रविशंकर तिवारी, राजा कश्यप, मनोज यादव, किशन यादव, सलीम जाफर अली, एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल खंबारी आदि मौजूद थे।

धैर्य, एकता व अनुशासन की सीख देती है कबड्डी: दीपक बैज
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद ने किया संभाग स्तरीय कबड्डी स्पर्धा का शुभारंभ
लोहंडीगुड़ा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने सोमवार को लोहंडीगुड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुख्यालय बेलर में आयोजित संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। पीसीसी चीफ व सांसद बैज के आगमन पर स्पर्धा के आयोजकों व खिलाड़ियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
आरंभ में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख एवं सांसद दीपक बैज ने भी पंक्तिबद्ध खिलाडियों से एक एक कर परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात सिक्का उछालकर उन्होंने खेल की शुरुआत की। पीसीसी चीफ व सांसद दीपक बैज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कबड्डी पहले भारत के ही कुछ राज्यों में खेली जाती थी, लेकिन अब यह खेल पूरे विश्व में प्रसिद्ध हो चुका है। यह खेल धैर्य, एकता व अनुशासित रहकर खेला जाने वाला खेल है। एक तरह से यह खेल धीरज बनाए रखने, एकता के साथ और अनुशासित रहने की भी सीख देता है। श्री बैज ने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए।किसी भी खेल को खेलने से शारीर और बुद्धि दोनों का व्यायाम होता है और शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा कई बीमारियां दूर होती हैं। उन्होंने ग्राम बेलर के युवाओं को संदेश दिया कि वे ऐसे खेलों से उभरकर निकलने वाले खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करें, जिससे कि वे आगे बढ़कर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें और साथ ही अपने गांव का नाम रौशन कर सकें। इस दौरान जनपद अध्यक्ष लोहंडीगुड़ा महेश कश्यप, जनपद सदस्य प्रेमवती बाकड़े, सरपंच बेलर बोदा मंडावी, प्रवीण राणा, उप सरपंच,पंचगण, खिलाड़ियों सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

तरूण खटवानी का चुनावी बिगुल पुरे शहर में
- जनसंपर्क ने मचाया धमाल
दल्लीराजहरा दल्लीराजहरा में राजहरा व्यापारी संघ चुनाव के प्रत्याशी तरुण खटवानी के जनसंपर्क से मचा हुआ है धमाल। राजहरा व्यापारी संघ अध्यक्ष पद के तरुण खटवानी के चुनावी बिगुल से सभी व्यापारियों में खुशी भरा माहौल दिख रहा है तरूण खटवानी ने बताया कि मेरा उद्देश्य है कि व्यापारी संघ को मजबूत बनाना और शांत भाव से व्यापारियों के हित में काम करना। तरुण खटवानी के पंद्रह साल के अनुभव से लगता है कि इस बार राजहरा व्यापारी संघ में अध्यक्ष पद पर आसीन तरुण खटवानी होंगे। वहीं कुछ व्यापारियों का कहना है कि हमें लगता है कि तरुण खटवानी के अध्यक्ष बनने से दल्लीराजहरा में व्यापारियों की समस्या का निदान निश्चित तौर से होगा वहीं दूसरी ओर नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष देवांगन का कहना है कि व्यापारियों के हित के लिए तरुण खटवानी को अध्यक्ष बनना चाहिए और नाली सड़क व नगर की समस्या के लिए नगरपालिका अध्यक्ष शीबू नायर और नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष देवांगन को याद करना चाहिए। वहीं राजहरा के अमित मुंदड़ा का कहना है कि परिवर्तन की लहर के चलते तरुण खटवानी को ही अध्यक्ष पद पर आसीन करना चाहिए बरहाल जो भी हो पर राजहरा व्यापारी संघ चुनाव जनसंपर्क के माहौल से लगता है कि निश्चित तौर से तरुण खटवानी अपनी जीत दर्ज करायेंगे।

हमर सुघ्घर पंडर दल्ली सेवा समिति ने बांटे गरम कपड़ा
दल्लीराजहरा के हमर सुघ्घर पंडर दल्ली सेवा समिति के सदस्यों के द्वारा गत दिनों दल्ली राजहरा के आम जनता से अपील की गई थी कि ठंड का मौसम आ रहा है l हमर सुघ्घर पंडर दल्ली सेवा समिति के माध्यम से बुजुर्ग और असहाय लोगों को गरम कपड़ा बांटा जाएगा l उनके अपील पर दल्ली राजहरा के निवासियों के द्वारा बढ़ चढ़कर सहयोग किया गया l नगद राशि के रूप में समिति का 16000 रुपए प्राप्त हुए तथा एक दुकानदार ने गरम जैकेट बच्चों के लिए स्वेटर तथा एक दुकानदार ने छोटे बच्चों के लिए कपड़े दिए l जिसे तय तारीख अनुसार समिति के सदस्यों ने आज 18 दिसंबर को संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा के जयंती एवं गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर समिति के सदस्यों ने दल्ली राजहरा के विभिन्न वार्डों में घूम-घूम कर कंबल 80 नग ,उन की बनी गरम मंकी टोपी 80 नग, 21 नग टु इन वन जैकेट 20 नग बच्चों के स्वेटर एवं 25 जोड़े बच्चों के कपड़े दिए हैं l समिति के सदस्यों का कहना है कि कोई मां इस ठंड के मौसम में ना ठिठुरे l इसलिए हम लोग निर्धन और असहाय व्यक्ति महिला और पुरुष दोनों को गर्म कंबल और मंकी टोपी जिसे दोनों समय दिन और रात में पहना जा सकता है ,सहयोग स्वरूप दिए हैं l हमारे इस अभियान के लिए दानदाताओं का बहुत बड़ा सहयोग रहा उनके विश्वास और सहयोग के कारण ही हम लोग इतनी बड़ी कदम उठा पाए हैं l जिसे हम लोग हृदय से आभार व्यक्त करते हैं l गरम कपड़ा वितरण के अभियान में समिति के सदस्य जीवनलाल साहू , भोज राम साहू ,बच्चीतर सिंह संधू रोहित कुमार साहू मिलाप कुर्रे जी शिव प्रसाद साहू सुश्री ममता नेताम श्री विकास गजभिए उपस्थित थे |














