ढहते मकान जैसी हालत हो गई कांग्रेस की : केदार कश्यप

0
43
  • प्रदेश भाजपा महामंत्री ने पूछा – क्या पुनिया की सर्वे रिपोर्ट को ख़ारिज कर टिकट देंगे बघेल ?

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के महामंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए सलाह दी है कि बघेल भाजपा की चिंता में दुबले न हों। भाजपा अपने फैसले लेने के लिए सक्षम और स्वतंत्र है। हमें उस कांग्रेस से ज्ञान लेने की कोई जरूरत नहीं है, जो देशभर में समाप्ति की ओर है और अगले साल सत्ता से सौ फीसदी बेदखल हो जाएगी। भूपेश बघेल अपना घर देखें जिसकी चार साल में ही बुनियाद से लेकर कंगूरे तक जर्जर हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस का मुख्यालय कुरुक्षेत्र का मैदान बन गया है और कांग्रेस में महाभारत चल रही है।

केदार कश्यप ने कहा है कि गुजरात में कांग्रेस की स्थिति उत्तर प्रदेश के चुनाव जैसी होने वाली है, जहां कांग्रेस नेतृत्व ने भूपेश बघेल को कमान सौंपी थी। कश्यप ने कहा है कि भूपेश बघेल को हर वक्त भाजपा का डर सताते रहता है। उन्हें पूर्वाभास हो गया है कि कांग्रेस की महाभारत का परिणाम अगले साल उनका राजपाट समेट देगा। राज्य की जनता तो पहले ही कांग्रेस का तख्त पलटने तैयार बैठी है। जनता अगले जाड़े में कांग्रेस को सन्निपात की हालत में पहुंचाने के लिए अवसर का इंतजार कर रही है। केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल कांग्रेस सरकार की विफलता और कांग्रेस में चल रहे गृहयुद्ध से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जो पैंतरे आजमा रहे हैं, वह उन पर ही भारी पड़ने वाले हैं। मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए पंचायत मंत्री का पद त्याग दिया। कांग्रेस के विधायकों और भूपेश बघेल के मंत्रियों की क्या स्थिति है, यह कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को भी पता है। रही बात कांग्रेस संगठन की, तो वह तो औचित्यहीन हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ जो कुछ भी हो रहा है, वह सबको पता है। इधर भूपेश की टीम की हकीकत कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया की उस रिपोर्ट ने उजागर कर दी है, जिसमें छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के 40 विधायकों की परफॉर्मेंस को खराब बताया गया है। भूपेश के मंत्री जयसिंह अग्रवाल कांग्रेस प्रभारी की सर्वे रिपोर्ट को खारिज कर रहे हैं। तब भूपेश बघेल बताएं कि क्या वे कांग्रेस के सभी मौजूदा विधायकों और मंत्रियों को अगले चुनाव में टिकट दिलाएंगे? यदि हां है तो भाजपा की उन्हें खुली चुनौती है कि यह ऐलान करें कि कांग्रेस के सभी विधायकों को फिर से जनता की अदालत में पेश करेंगे।