City Media - Page 12 of 1803 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 12

सर्व आदिवासी समाज की बैठक में स्व शासन और युवाओं की भागीदारी पर जोर

0

ग्रामसभाको ताकतवर बनाने की उठी मांग

जगदलपुर बस्तर जिले# की जनपद पंचायत तोकापाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत रान सरगीपाल, चित्रधारा में सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बस्तर क्षेत्र के आदिवासी समाज में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना, सामाजिक सशक्तिकरण पर चर्चा करना तथा ऐतिहासिक भूमकाल दिवस को प्रभावी और संगठित रूप से मनाने के लिए रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा प्रतिनिधियों एवं महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिली।बैठक के दौरान प्रकाश ठाकुर ने सामाजिक सर्वेक्षण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समाजिक सर्वे अब डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, जिससे समाज की वास्तविक स्थिति, जरूरतों और समस्याओं का सटीक आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीक का सही उपयोग समाज को संगठित करने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है। इस सर्वेक्षण में युवाओं की भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए उन्होंने युवाओं से आगे आने का आह्वान किया, ताकि भविष्य की योजनाओं को ठोस आधार मिल सके। सामाजिक कार्यकर्ता तुलसी ठाकुर ने ग्रामसभा की भूमिका पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा को स्व शासन की दिशा में एक स्पष्ट और व्यावहारिक रोडमैप तैयार करना चाहिए। बस्तर क्षेत्र में सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक स्तर पर कई चुनौतियां मौजूद हैं, जिनका समाधान तभी संभव है जब ग्रामसभा सशक्त और आत्मनिर्भर होगी। उन्होंने कहा कि स्वशासन के माध्यम से समाज अपने निर्णय स्वयं ले सकेगा और विकास की दिशा तय कर पाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता अनुभव सोरी ने समाज में सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वराज की कल्पना केवल विचारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे व्यवहारिक रूप से लागू करना होगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप चलकर ही ग्राम सभा को स्वशासन की ओर ले जाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने, आपसी एकता बनाए रखने और सामाजिक बदलाव के वाहक बनने का आग्रह किया। युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष बसंत कश्यप ने संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था एवं सहयोग राशि एकत्रित करना आवश्यक है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करना चाहिए, ताकि सामाजिक गतिविधियाँ निरंतर और प्रभावी रूप से चलती रहें। बैठक में संतु मौर्य ने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि युवाओं को सामाजिक स्तर पर एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि युवा संगठित होकर लक्ष्य निर्धारित करें और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, तो समाज को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। युवाओं की ऊर्जा और सोच समाज के भविष्य की दिशा तय कर सकती है। बैठक के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एकजुट होकर समाज के उत्थान, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्वशासन को मजबूत करने तथा भूमकाल दिवस को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यह बैठक बस्तर के आदिवासी समाज के लिए एक सकारात्मक, प्रेरणादायक और दिशा देने वाली पहल के रूप में देखी जा रही है। इस अवसर पर प्रकाश ठाकुर, तिमोती लकड़ा, गंगा नाग, संतू मौर्य, बसंत कश्यप, लक्ष्मीनाथ कश्यप, तुलसी मंडावी, हेमराज बघेल, लंबोदर बघेल, किरण मौर्य, प्रज्ञा मंडावी, साहदई गोयल, संतोषी नाग, बामदेव भारती, कमलेश कश्यप, लखेश्वर कश्यप, बानसिंह मौर्य, रूपचंद्र नाग, पूरन सिंह कश्यप सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

बजट को सराहा चैंबर ऑफ़ कॉमर्स प्रदेश मंत्री स्वाधीन जैन ने

0

दल्ली राजहरा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के प्रदेश मंत्री व भाजपा नेता स्वाधीन जैन ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को ऐतिहासिक बजट के लिए बधाई दी। बजट में मध्यम वर्ग को टैक्स में राहत और एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने के कदमों की सराहना की गई। 12 लाख तक की आय पर टैक्स छूट और व्यापार के नए अवसरों से हर वर्ग को फायदा होगा, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

व्यापम द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शीपूर्ण तरीके से परीक्षा सुनिश्चित कराने हेतु जारी किया गया आवश्यक दिशा-निर्देश

0

01 फरवरी को आयोजित की जाएगी छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा

बालोद, 30 जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शीपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने व्यापम द्वारा 01 फरवरी 2026 को आयोजित छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होेने वाले जिले के सभी अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सफलतापूर्वक परीक्षा के आयोजन में सहयोग करने को कहा है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के अंतर्गत परीक्षार्थी, परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन करे। जिससे उन्हें परीक्षा दिवस को कोई असुविधा न हो। परीक्षार्थी, परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 02 घंटा पूर्व परीक्षा केन्द्र में पहुँचे ताकि उनका फ्रिस्किंग एवं फोटो युक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके। जारी दिशा निर्देश में बताया गया है कि परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। चूंकि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ होगी अतः मुख्य द्वार सुबह 09 बजे तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 03 बजे प्रारंभ होगी अतः दोपहर 02.30 बजे बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देना अनिवार्य है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना अनिवार्य है। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। परीक्षार्थी फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आए। उल्लेखनीय है कि व्यापम द्वारा 20 जिलों में 01 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन दो पाली में किया जाएगा। जिसमें प्रथम पाली (प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 01 लाख 19 हजार तथा द्वितीय पाली (माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन हेतु) में लगभग 02 लाख 05 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

धार्मिक आयोजनों से होता है परंपराओं का संरक्षण: किरण सिंह देव

0

भागवत कथा और हरिनाम संकीर्तन में शामिल हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

जगदलपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव शुक्रवार शाम ग्राम पंचायत आड़ावाल में आयोजित भागवत कथा एवं बंगीय समाज के अष्ट प्रहरी श्री श्री हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर विधिवत पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने ग्राम पंचायत आड़ावाल के दुर्गा मंडप में आयोजित भागवत कथा में शामिल होकर भागवत कथा का श्रवण किया।

देव ने वहां बंगीय समाज द्वारा आयोजित हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर पूजा अर्चना की। बंगीय समाज द्वारा तीन दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। जिसमें शुक्रवार को हरिनाम संकीर्तन का विधिवत पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव शामिल होकर पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों से भेंट मुलाकात कर चर्चा भी की। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से संस्कारों और परंपराओं का संरक्षण होता है तथा नई पीढ़ी में धर्म के प्रति निष्ठा बढ़ती है। देव के साथ इन कार्यक्रमों में महापौर संजय पांडे, संग्राम सिंह, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सेठिया, सुब्रतो विश्वास भी शामिल हुए।

जीवन में खेल का जीवन में विशेष महत्व: किरण देव

0

उलनार में क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में शामिल हुयें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव

जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के ग्राम उलनार में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने शामिल होकर टूर्नामेंट में विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया ।

टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं आप सभी खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में खेले हैं, यह गर्व की बात है। उलनार में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। आप सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन से खेल को खेला। जीवन में खेल अनुशासन लाता है ।

पढ़ाई के साथ जीवन में खेल का भी होना जरूरी है। खेल हमें बहुत कुछ सीखने की प्रेरणा देता है। आप सभी खिलाड़ी ने मेहनत और लगन से खेला। क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में डिमरापाल की टीम विजयी रही। डिमरापाल ने देवड़ा की टीम को हराकर ट्राफी पर कब्जा किया। अतिथियों ने विजेता व उप विजेता टीमों को ट्राफी देकर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष निलांबर सेठिया, मंडल अध्यक्ष हरि मंडावी, चंद्रकांत सेठिया, सुब्रतो विश्वास, शरद श्रीवास्तव, सतीश सेठिया एवं आयोजन समिति के सदस्य व जनमानस उपस्थित थे।

बजट विकसित भारत के सपने के लिए मिल का पत्थर: श्याम जायसवाल

0

पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष की प्रतिक्रिया

दल्लीराजहरा भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा बालोद जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल ने आम बजट 2026 की सराहाना करते हुए कहा है कि मोदी सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति” की समृद्धि के लिए समर्पित बजट है। श्याम जायसवाल ने बजट में ओबीसी समुदायों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिए जाने की सराहना की। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

श्याम जायसवाल ने बजट में युवाओं के लिए इंटर्नशिप योजनाओं और शिक्षा ऋण में रियायतों का स्वागत किया है, जिससे देश भर के युवाओं को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कहा कि बजट में अधोसंरचना और रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए किए गए प्रावधानों से छत्तीसगढ़ में कनेक्टिविटी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। बजट में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए आवंटन में वृद्धि और भंडारण सुविधाओं के निर्माण के प्रस्तावों को किसानों के हित में बताया। कुल मिलाकर यह बजट देश हित में है। मोदी जी ने जो सपना देखा है विकसित भारत 2047 का उस सपने को साकार करने में यह बजट मिल का पत्थर साबित होगा।

बजट में मोटर एक्सीडेंट क्लेम पर ब्याज को टैक्स मुक्त करना छग के पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत: परिवहन मंत्री केदार कश्यप

0

केंद्र सरकार का मानवीय फैसला, पीड़ितों को लाभ

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रीय बजट 2026-27 में मोटर एक्सीडेंट क्लेम से जुड़े ब्याज को आयकर से पूर्णतः मुक्त किए जाने तथा उस पर टीडीएस समाप्त करने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। कश्यप ने इस मानवीय एवं जन-कल्याणकारी फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। मंत्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में, जहाँ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते हैं, पीड़ित परिवारों को मुआवजा प्राप्त करने में लंबा समय लग जाता है। इस दौरान मुआवजे पर मिलने वाला ब्याज उनके लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा होता है, लेकिन अब तक उस पर कर एवं टीडीएस की कटौती से उन्हें वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता था।

छत्तीसगढ़ को इस निर्णय से ये लाभ

मंत्री कश्यप ने कहा है कि एक्सीडेंटल केसेस में मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल द्वारा दिए जाने वाले ब्याज पर अब कोई इनकम टैक्स नहीं लगेगा।टीडीएस पूरी तरह समाप्त होने से छत्तीसगढ़ के पीड़ितों को क्लेम की पूरी राशि सीधे प्राप्त होगी। यह प्रावधान 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और उसके बाद मिलने वाला ब्याज पूरी तरह कर मुक्त रहेगा। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह निर्णय उन परिवारों के लिए विशेष राहत है जो दुर्घटना में कमाने वाले सदस्य को खो देते हैं या गंभीर रूप से घायल होते हैं। टैक्स-मुक्त ब्याज से उन्हें इलाज, पुनर्वास और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में सीधी सहायता मिलेगी। श्री कश्यप ने कहा कि बजट 2026-27 में जहां कुल कर अनुमान लगभग 34 लाख करोड़ रखा गया है, वहीं मोटर एक्सीडेंट क्लेम पर दी गई छूट यह दर्शाती है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता केवल राजस्व जुटाना नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक न्याय भी है। मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा, दुर्घटना पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

आम आदमी का नहीं औद्योगिक घरानों का है यह बजट: दीपक बैज

0

बजट में छत्तीसगढ़ की घोर उपेक्षा: पीसीसी चीफ

जगदलपुर केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट देश की जनता को निराश करने वाला तथा कारपोरेट घरानों को समर्पित बजट है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए बजट में कुछ नहीं है। छत्तीसगढ़ की घोर उपेक्षा की गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ को ठगा है। छत्तीसगढ़ के कोयला और खनिज संसाधनों के दोहन के लिए कॉरिडोर बनाने की बात की गई है, लेकिन छत्तीसगढ़ के विकास के लिए राज्य को कुछ नहीं मिला। देश को सर्वाधिक कोयला, आयरन ओर तथा बाक्साईट देने वाले छत्तीसगढ़ की इस बार भी मोदी सरकार ने उपेक्षा की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई कम करने, नए रोजगार सृजन और करों पर छूट देने में यह बजट नाकाम साबित हुआ है। बजट से युवा और छोटे व्यापारी निराश हैं। दीपक बैज ने कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में एक बार फिर झूठा दावा किया कि 25 करोड़ लोगों को इन्होंने गरीबी रेखा से बाहर निकाला है, जबकि आज भी देश की आबादी का 61 प्रतिशत हिस्से यानि 81 करोड़ लोगों को सरकार 5 किलो राशन देने का दावा करती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मोदी के हर साल 2 करोड़ रोजगार के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। लघु उद्योगों के लिए मात्र 10 हजार करोड़ का प्रावधान बजट में है। यह ऊंट के मुंह में जीरा है। बजट में कृषि क्षेत्र की उपेक्षा की गई है। पहले किसानों की आय दुगुनी करने की बात करने वाली सरकार ने इस बजट में दुगुना करने के लिए कोई प्रावधान नहीं किया, अब किसानों की आय बढ़ाने की बात कर रहे हैं।

डौण्डी पेट्रोल पंप से चोरी ट्रक किमती 43 लाख

0

दिनांक 30.01.2025 पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल (भा0पु0से0) के निर्देषन में बालोद पुलिस को मिली बड़ी सफलता ।

डौण्डी पेट्रोल पंप से चोरी हूई थी ट्रक किमती 43 लाख ।

सीसीटीवी फुटेज में मिला महत्वपूर्ण सुराग।

टीम द्वारा ट्रक को नागपुर महाराष्ट्र से किया गया बरामद।

प्रार्थी ही निकला आरोपी।

आरोपी व ट्रक के पतासाजी में सायबर सेल व थाना डौण्डी टीम की रही विशेष भूमिका।

दिनांक 26.01.2026 को प्रार्थी थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उका ट्रक क्र सीजी 21 जे 7111 किमती 43 लाख को दिनांक 22.01.2026 की रात्रि 10-11 बजे करीबन को कोई अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डौण्डी में अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल (भा0पु0से0) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर निर्देषन में व नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के पर्यवेक्षण में चोरी के ट्रक व आरोपी के पतासाजी हेतू सायबर सेल व थाना डौण्डी से विशेष टीम गठित गया था।

टीम द्वारा त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी कैमरा फुटेज का बारीकी से एनालिसिस करने पर चोरी हूए ट्रक को चिन्हांकित कर आगे रास्ते में मौजूद सीसीटीवी फुटेज को प्राप्त करते हुए टीम डौण्डी, लोहारा देवरी, राजनांदगांव से सकोली ,देवरी ,नागपुर के सैकड़ो सीसीटीवी कैमरों का फुटेज को प्राप्त कर बारीकी से एनालिसिस किया गया । तकनीकी साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम द्वारा नागुपर महाराष्ट्र के आसपास कैम्प कर ट्रक को चिन्हांकित कर उसे ट्रक को खरीदी करने वाले ट्रांसपोर्टर से उसे बरामद कर उससे पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी नरेन्द्र जायसवाल व मनेन्द्र जायसवाल द्वारा स्वयं ट्रक को नागपुर एक दलाल के माध्यम से उस ट्रांसपोर्टर के पास बेचने के लिए आया था। प्रकरण में आरोपी नरेन्द्र जायसवाल व मनेन्द्र जायसवाल को हिरासत मे लेकर बारीकी से पूछताछ करने पर वह अपने कथन में बताया कि व अपने बुआ के बेटा मनोज जायसवाल के नाम पर 2013 मे एक ट्रक क्रमांक सीजी 21 जे 7111 किमती 43 लाख लोन के माध्यम से खरीदा था। मांइस में गाड़ी नही लगने से किस्त नही पटा पा रहे थे। जिससे फायनेंस कंपनी द्वारा लगातार किस्त की रकम पटाने दबाव बनाया जा रहा था। जिससे आरोपी द्वारा अपने भाई ,पिता और एक दलाल के साथ मिलकर ट्रक की चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने व बीमा की राशि से ट्रक का किस्त न पटाना पडे़ करके उसे नागपुर महाराष्ट्र में बेचने की साजिश रची।

दोनो भाई दिनांक 22.01.2026 को रात्रि 10 बजे करीबन ट्रक को ड्राईव कर डौण्डी से राजनांदगांव होते हुए दलाल के साथ नागपुर गये वंहा एक ट्रांसपोर्टर कलवंत सिंह से मिले और ट्रक का सौदा कर वाहन का पेपर कलर कापी मे उसे दिये । ट्रांसपोर्टर से पूछताछ पर आरोपी द्वारा ट्रक अपने बूआ के बेटे का होना एवं उसकी सहमति से ट्रक को विक्रय करने संबधि झूठ बोला जाना बताया गया।आरोपियो को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। आरोपियों का नाम व पता-1

नरेन्द्र जायसवाल पिता लखन लाल जायसवाल उम्र 39 साल पता वार्ड क्र 13 बस स्टैण्ड डौण्डी थाना डौण्डी जिला बालोद (छ.ग.)

2. मनेन्द्र जायसवाल पिता लखन लाल जायसवाल उम्र 34 साल पता वार्ड

क्र 13 बस स्टैण्ड डौण्डी थाना डौण्डी जिला बालोद (छ.ग.)

3. लखन लाल जायसवाल पिता हिंगू राम जायसवाल उम्र 71 साल पता

वार्ड क्र 13 बस स्टैण्ड डौण्डी थाना डौण्डी जिला बालोद (छ.ग.) पूर्व

आपराधिक रिकार्ड- नरेन्द्र जायसवाल व मनेन्द्र जायसवाल के खिलाफ

आबकारी एक्ट का मामला दर्ज है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है

जिसकी पतासाजी की जा रही है।जप्त मशरूका-

आरोपियो के कब्जे से ट्रक क्रमांक सीजी 21 जे 7111, किमती 43 लाख। उक्त प्रकरण में आरोपियों के पतासाजी, गिरफ्तारी व ट्रक बरामदगी में विषेष भूमिकाः-थाना डौण्डी से सउनि दुर्जन रावटे, सायबर सेल से प्रभारी स0उ0नि धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक ज्ञानेश चंदेल ,भुनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, रूमलाल चुरेन्द्र ,आरक्षक विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे ,भोपसिंह साहू,, पुकेश्वर साहू, पूरन देवांगन ,आकाश सोनी, आकाश दुबे, मिथलेश यादव, गुलझारी साहू,योगेश गेडाम, योगेश पटेल, म.आर.अंबिका उसारे का विशेष भूमिका रहा।

दलपत सागर दीपोत्सव 2026 :- सामूहिक सहभागिता से रचा गया ऐतिहासिक आयोजन, संजय पाण्डेय ने जताया आभार

0

दलपत सागर दीपोत्सव 2026 का शुभारंभ दिनांक 25 दिसंबर 2025 को हुआ, जो निरंतर 32 दिनों तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि स्वच्छता, वंदे-मातरम, जनसहभागिता एवं सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम बनकर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने में सफल रहा।दलपत सागर बचाव एवं दलपत सागर दीपोत्सव समिति के साथ वी.डी.एस. संस्था तथा स्वच्छता एंबेसडरों के सहयोग से भिन्न-भिन्न निर्धारित तिथियों में पृथक-पृथक समाज-संघ, चैतन्य मंडली, स्वदेशी जागरण मंच, युवोदय की टीम, गेल्वे टीम ब्रदर्स एसोसिएट, यातायात पुलिस एवं 5वीं बटालियन कंगोली, बादल टीम द्वारा सहभागिता करते हुए 31 दिनों तक प्रतिदिन 101 दीपों का प्रज्वलन किया गया।दीपोत्सव के 32वें दिन, दिनांक 25 जनवरी 2026 को आयोजित समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के माननीय उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं माननीय मंत्री केदार कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, बेवरेज कार्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डे, पूर्व महापौर सफ़ीरा साहू, जिला प्रशासन के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, एवं जिला उपाध्यक्ष, भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी, सम्मानित जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी, स्वच्छता एंबेसडर सहित अन्य शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न संघ-समाज संगठन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।दलपत सागर दीपोत्सव 2026 के आयोजन कार्य सभी के सहयोग राशि एवं दान सामग्री से पूर्ण हुआ।*नगद राशि के रूप में सहयोग प्रदान करने वाले दानदाता एवं संस्थाएँ:-*बस्तर परिवहन संघ द्वारा 01 लाख रुपये, क्षत्रिय सभा बस्तर, सिख समाज द्वारा 51-51 हजार, ब्रह्म (खत्री) क्षत्रिय समाज, संजय बाजार व्यापारी कल्याण संघ, बस्तर डिस्ट्रिक्ट आंध्रा एसोसिएट द्वारा 21-21 हज़ार, पंजाब सनातन धर्म सभा, 360घर आरण्यक ब्राह्मण समाज, झरिया साहू समाज, अग्रवाल समाज जगदलपुर, विश्वकर्मा समाज उत्थान समिति, बस्तर जिला मिथिला मंडल, उमर वैश्य समाज, देवांगन समाज, गायत्री परिवार महिला मंडल, सर्व हिन्दू समाज, गुजराती समाज, मैत्री संघ, मुकेश कुमार सिंह (सी.जी. सुलभ), उत्कल समाज, सम्पत झा, आशिष कोडोपी द्वारा 11-11 हजार, महेश्वरी समाज, कायस्थ समाज, मनोहर लुनिया 51-51 सौ रुपये, न्यू गुप्ता टेड्रर्स, सत्य प्रकाश यादव, उमेश साव, शंकर राम 5-5 हजार, श्रीमती अनिता राज 3100 रुपये, राधिका माइंस रु.7500, तनीस गोयल रु.2100, गेल्वे टीम ब्रदर्स एसोसिएट, छ.ग. अधिकारी एवं कर्मचारी संघ रु.15-15 सौ रुपए, चन्द्रशेखर झा 11 सौ रुपए, श्रीमती विभा सिंह सिंगल, राजेश मिश्रा रु.501-501, प्रेम श्रीवास रु.500, तेजपाल शर्मा, पी.के.वर्मा रु.101- 101 रुपए की सहयोग राशि प्राप्त हुई।

दीप, बाती एवं तेल सामग्री के रूप में सहयोग:-

चैतन्य संर्कितन मण्डल ( शनि मंदिर) – 1500 लीटर तेल, राजपाल केशर – 3000 नग दीया, श्रीमती झरना महंती – 101 दीया एवं बाती, साहू समाज, तेतरखुटी – 01 टीन तेल, 1001 बाती, 1000 दीया, पतंजलि (मनोज पानीग्राही) – 1,31,000 बाती, 02 लीटर तेल, 50 दीया, नगर पश्चिम मंडल भाजपा – 05 टीन तेल, 101 दीया, संतोष राव – 196 बाती, श्रीमती शारदा मंडावी – 101 दीया, 102 पैकेट बाती, छ.ग. भोजपुरी परिषद समाज – 1,00,001 बाती, मैत्री संघ, विद्या निकेतन – 301 दीया, श्रीमती पारुल, नवीन बोथरा – 11,111 दीया, 11,111 बाती, सौम्या एवं प्रिया (द्वारा नगर गुड़ी) – 04 बोतल तेल, 12 पैकेट बाती, श्रीमती मोती बाई सेठिया – 853 दीया, श्रीमती ललिता कश्यप – 100 बाती, राहुल राय (संजय बाजार) – 100 कैरेट, जैन बंधु – मोमबत्ती, अनिल लुक्कड़ द्वारा प्रतिभागियों हेतु प्राईज/मोमेंटों, अमित ट्रेडर्स – चाक एवं मोमबत्ती, सरयुपारी ब्राहम्ण सामाज – माचिस, चाक, मोमबत्तीदीपोत्सव की तैयारी में जुटे सहयोगियों/कर्मचारी के नाश्ता, भोजन की व्यवस्था रोटरी क्लब एवं बस्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स तथा भवन- सिंधी समाज द्वारा निःशुल्क प्रदान कर सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।नगर निगम जगदलपुर के पार्षद श्रीमती पारुल बोथरा, श्रीमती रोशन सिसोदिया एवं कुबेर देवांगन द्वारा अपने पार्षद निधि से 50-50 हजार राशि प्रदान करने की घोषणा की|उपरोक्त सभी सम्माननीय जनप्रतिनिधियों, अतिथिगणों, सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं, संस्थाओं, संघ-समाज संगठनों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं समस्त नगरवासियों के सामूहिक योगदान से ही दलपत सागर दीपोत्सव 2026 का आयोजन ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं पूर्णतः सफल हो सका।नगर निगम जगदलपुर की ओर से इस पुनीत आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी सम्मनीय जनप्रतिनिधि , अतिथिगण, सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं, संस्थाओं, संघ समाज-संगठनों एवं शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सभी नगरवासियों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विधुशेखर झा, बृज धुर्वे द्वारा किया गया।

MOST POPULAR

HOT NEWS