City Media - Page 249 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 249

विनोबा एप के साथ शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन हेतु बस्तर जिले के खंड शिक्षा अधिकारियों एवं मास्टर्स ट्रेनर्स की हुई कार्यशाला

0
  • विनोबा एप को लागू करने के लिए जिला प्रशासन एवं ओपन लिंक्स फाउंडेशन के मध्य हुआ एमओयू

जगदलपुर, 19 मार्च 2025/ जिले में शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन के लिए कलेक्टर  हरिस एस एवं सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहायक कार्यक्रम लागू करने के लिए बुधवार को जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। इस दौरान जिले के सभी विकासखण्डों के खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं मास्टर्स ट्रेनर्स को विनोबा ऐप के बारें में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर जिले में विनोबा एप को कारगर ढंग से क्रियान्वयन करने हेतु जिला प्रशासन और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के मध्य एमओयू साइन किया गया। इस दौरान कलेक्टर  हरिस ने कहा कि जिले में आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत शैक्षणिक कार्यक्रमों में विनोबा एप के माध्यम से शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर करने में मदद मिलेगी। साथ ही समुचित मॉनिटरिंग के लिए यह एप कारगर साबित होगा। उन्होंने उक्त शैक्षणिक एप के सम्बंध में सभी स्कूलों के प्रत्येक शिक्षक-शिक्षिकाओं को 20 अप्रैल तक गहन प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।

इस कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत में जिला शिक्षा अधिकारी  बलीराम बघेल एवं जिला मिशन समन्वयक  अखिलेश मिश्रा द्वारा अवगत कराया गया कि आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहायक कार्यक्रम के अंतर्गत विनोबा ऐप यह ओपन लिंक्स फाउंडेशन की एक अभिनव पहल है, विनोबा ऐप शिक्षक समुदाय के लिए एक ऐसा डिजिटल मंच है जहां शिक्षकों के कार्यों की पहचान और सराहना होती है, शिक्षकों को प्रेरणा मिलती है। साथ ही इसके उपयोग के फलस्वरूप शिक्षकों के बहुमूल्य समय की बचत होगी। जिले में शिक्षकों का समय बचाने सहित शैक्षणिक गतिविधियों की पहचान एवं सीखने सिखाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, साथ ही गतिविधियों का आदान प्रदान हेतु व्हाट्सएप का उपयोग कम करने के उद्देश्य से जिले में विनोबा एप की शुरुआत की गई है। जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा में नवाचार, शिक्षकों के कार्य सरल करने के लिए, शैक्षणिक गतिविधियां सभी से साझा करने के लिए शेयर एंड लर्न, तथा शिक्षकों के नवनवीन उपक्रम, शिक्षण पाठ्य सामग्री और शिक्षकों को शैक्षणिक सहायता तथा मार्गदर्शन मिलने के लिए जिले में विनोबा ऐप को जिले में सक्रिय किया है। इसका उपयोग करने से शिक्षक, प्रधानपाठक, सीएसी को एक ही जानकारी बार-बार नहीं मांगी जाएगी। वहीं बचत समय का अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उपयोग किया जा सकेगा।इसी के साथ व्हाट्सएप ग्रुप में आदेश, प्रपत्र, गतिविधियों के फोटो, वीडियो और मैसेजेस से मोबाइल का स्टोरेज भरने से मोबाइल हैंग होने की समस्या अब नहीं आयेगी, सारा कंटेंट एवं पत्र, आदेश प्रपत्र में सूचनाओं का आदान प्रदान के साथ-साथ गतिविधियों के पोस्ट विनोबा ऐप पर सभी देख पाएंगे।

कार्यशाला में ओपन लिंक्स फाउंडेशन के छत्तीसगढ़ डिवीजनल मैनेजर डॉ. जितेन्द्र सिंह, प्रोग्राम मैनेजर श्री भारत सिन्हा एवं प्रोजेक्ट ऑफिसर  सागर गजभिये सहित शिक्षा विभाग के सहायक परियोजना समन्वयक एवं खण्ड स्रोत समन्वयक भी उपस्थित थे।

राजवंश के समाधि स्थलों की सुध ली महापौर संजय पांडे ने, राजा प्रवीरचंद्र भंजदेव की पुण्यतिथि 25 को

0
  • प्राचीन मठों की साफ सफाई के दिए निर्देश 

जगदलपुर बस्तर राजवंश के समाधि स्थल को धरोहर के रूप में सहेजने संवारने की ओर नए महापौर संजय पांडे ने कदम बढ़ाए हैं। 25 मार्च को बस्तर के महाराज प्रवीर चंद्र भंजदेव की पुण्यतिथि मनाई है। उसके पहले ही राजपरिवार के पूर्वजों के मठों की मरम्मत और साफ सफाई के निर्देश निगम अमले को मेयर संजय पांडे ने दिए हैं।

जगदलपुर के विजय वार्ड में इंद्रावती नदी के किनारे कई प्राचीन राज मठ हैं। ये की बस्तर राज परिवार के दिवंगत सदस्यों के समाधि स्थल हैं। इंद्रावती नदी किनारे बस्तर राजपरिवार एवं कुंवर परिवार के पूर्वजों के कई मठ हैं जो अलग अलग काल में बनाए गए हैं। इनमें महाराजा रूद्रप्रताप देव, महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी, महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव, महाराजा विजयचंद्र भंजदेव महाराजा भरतचंद्र भंजदेव आदि के मठ भी शामिल हैं। इन मठों के समीप 22 सीढ़ियां बनी हुई हैं जो इंद्रावती नदी में जाने के लिए उपयोग की जाती रही हैं। इन मठों के निकट राज परिवारों से इतर लोगों के मठों का निर्माण किया गया था, इनका निर्माण राजा भैरम देव द्वारा कराया गया है। इन मठों का निर्माण वर्तमान राजमहल की उत्तरी दिशा में अलग अलग स्थानों पर किया गया है।

स्व. राजा प्रवीरचंद्र भंजदेव का मठ भी वहीं पर स्थित है। महापौर संजय पांडे आज निगम अमले के साथ उक्त स्थल का दौरा एवं निरीक्षण किया। उन्होंने निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन और आयुक्त के साथ मिलकर राजपरिवार के मठ को बस्तर की धरोहर के रूप में जल्द संवारने और सहेजने के निर्देश दिए। वार्ड और समाधि स्थल की साफ सफाई पर पुण्यतिथि के बाद भी नियमित रुप से कराने हेतु कहा। महापौर संजय पांडे आज सुबह से ही इस व्यवस्था में जुटे रहे। महापौर संजय पांडे की मंशा है कि महराज प्रवीरचंद्र भंजदेव की पुण्यतिथि को एक ऐतिहासिक पर्व के रूप में मनाया जाए।

कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी एवं वरिष्ठ नेताओं की बैठक संपन्न

0

19 मार्च 2025। कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी एवं वरिष्ठ नेताओं की बैठक छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं प्रभारी सचिव एस.ए. संपत कुमार, जरिता लेतफलांग, विजय जांगिड़ की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक में एआईसीसी द्वारा संगठनात्मक मजबूती के लिए दिये गये दिशा-निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आगामी माह की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गयी।

केंद्रीय एजेंसियों-सीबीआई, ई.डी., आई.टी. के दुरुपयोग के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गयी।

राज्य भाजपा सरकार के 15 माह के कार्यकाल की विफलताओं, वादाखिलाफी को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गयी।

बैठक में पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी, एआईसीसी सचिव एवं विधायक देवेन्द्र यादव, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सांसद पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री गुरू रूद्र कुमार, पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, अमरजीत भगत, उमेश पटेल, अमितेश शुक्ल, पूर्व सांसद छाया वर्मा, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक अरूण वोरा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय, कांग्रेस सेवादल प्रमुख अरूण ताम्रकार उपस्थित थे।

चौहान के बेटे बहुओं को किरण देव ने दी बधाई

0

जगदलपुर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्रों कार्तिकेय एवं कुणाल के विवाह उपरांत नई दिल्ली में आयोजित आशीर्वाद समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव भी शामिल हुए। किरण सिंह देव ने नव विवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

रायपुर के युवाओं को जगदलपुर में मिला करियर गाइडेंस

0
  • करियर विशेषज्ञ शर्मा ने यंगस्टर्स को दिए टिप्स 

जगदलपुर रायपुर से बस्तर आए युवाओं को नेहरू युवा केंद्र जगदलपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चल रहे पांच दिवसीय अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के दूसरे दिन करियर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया।

नेशनल करियर सर्विस श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के युवा पेशेवर करियर मार्गदर्शक कोंडागांव निवासी रविशंकर शर्मा ने युवक युवतियों को सही करियर का चुनाव करने तथा किस तरह वे अपने स्किल के अनुसार अपने रोजगार का चयन कर सकते हैं इस बारे में मार्गदर्शन दिया। रवि शर्मा ने बताया कि जागरूकता के अभाव के कारण युवा अक्सर चांसेस मिस कर देते हैं। कई लोग ऐसे हैं जिन्हें छत्तीसगढ़ के रोजगार वेबसाइट या एप के बारे में ही पता नहीं है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का यदि सही उपयोग किया जाए, तो आप बहुत सी जानकारियां खुद जुटा सकते हैं। इसके अलावा अपने जिले के रोजगार विभाग में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने प्राइवेट और गवर्नमेंट सेक्टर के रोजगार अवसर तथा उनके पक्ष विपक्ष के बारे में भी बताया। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र भी रखा गया जिसमें जिज्ञासु युवाओं ने आदर्श करियर के चुनाव के संबंध में अपने सवाल रखे जिनका उत्तर दिया गया। अंतर जिला युवा आदान- प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य युगमित जिलों की संस्कृति, साहित्य, खेल, पर्यटन आदि के माध्यम से युवाओं के बीच गहरी समझ को बढ़ावा देना और सुव्यवस्थित गतिविधियों और बातचीत के माध्यम से अनुभव और कौशल साझा करने के लिए मंच प्रदान करना है।

कवासी लखमा से जेल में मिले पायलट और बैज

0

जगदलपुर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट व छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कवासी लखमा से रायपुर सेंट्रल जेल में भेंट की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत जी, प्रभारीगण व कांग्रेसजन भी साथ रहे।

प्रधानमंत्री मोदी के विजन को जगदलपुर में आगे बढ़ा रहे हैं महापौर संजय पांडे

0
  •  स्वच्छता को लेकर चौकस हैं मेयर, कर रहे हैं लगातार मॉनिटरिंग 
  • महापौर ने शहर में चलाया विशेष सफाई अभियान 

जगदलपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्शे कदम पर चलते हुए जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डे शहर की सफाई व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने लगातार अभियान चला रहे हैं।

सोमवार को शहीद पार्क की अव्यवस्था देख महापौर ने कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए थे, उसके बाद मंगलवार सुबह दोबारा संजय पाण्डे वस्तुस्थिति का जायजा लेने शहीद पार्क जा पहुंचे। सफाई उनके चुनावी एजेंडे का मुख्य हिस्सा रहा है और इस दिशा में उन्होंने काम भी शुरू कर दिया है। महापौर संजय पाण्डे ने आज सुबह इस विषय को लेकर निगम कर्मचारियों के साथ काफी देर तक मंथन किया। मालूम हो कि विपक्ष में रहते हुए संजय पाण्डे शहर की सफाई व्यवस्था एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर हमेशा मुखर रहते थे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर चलते हुए वे स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते आए हैं। संजय पांडे का मानना है कि गंदगी ही सभी बीमारियों की मुख्य जड़ होती है। इसे ध्यान में रखते हुए संजय पाण्डे अपने वार्ड के साथ ही अन्य वार्डों की साफ सफाई के लिए काफी गंभीर रहे हैं। अब महापौर बनने के बाद उन्होंने पहला कदम साफ सफाई की ओर ही बढ़ाया है। महापौर संजय पाण्डे ने शहीद पार्क में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के 48 वार्डो में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश भी उन्होंने कर्मचारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी स्थानों से गंदगी पूरी तरह हट जानी चाहिए। जल्द ही सफाई व्यवस्था को लेकर सभी समाजों की बैठक भी निगम कार्यालय में होनी है। महापौर के साथ निरीक्षण में निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, पार्षद निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, हरीश पारख, उर्मिला यादव सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका की पीआईसी का गठन

0

नगर पालिका की पीआईसी का गठन हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने प्रेसिडेंट इन काउंसिल (पीआईसी) के सदस्यों की घोषणा कर दी है।

सभापति बनाए गए पार्षदों में से पांच पहली बार पार्षद बने हैं। दो पहले भी पार्षद रह चुके हैं। काउंसिल में सात विभागों की समीक्षा होगी। पीआईसी यानी प्रेसीडेंट इन काउंसिल अध्यक्ष द्वारा गठित की जाती है। इसमें निर्वाचित पार्षदाें को शामिल किया जाता है। सचिव सीएमओ होते हैं।

नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 43 धारा 70 के अंतर्गत कार्य का संचालन तथा प्राधिकारियों की शक्तियों एवं कर्तव्य नियम 1998 में निहित प्रावधानों के तहत प्रेसिडेंट इन काउंसिल का गठन कर पार्षदों को जिम्मेदारी सौपा गया l

प्रेसिडेंट इन काउंसिल के अध्यक्ष तोरण साहू एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी सचिव होंगे l

7 प्रेसिडेंट काउंसिल सदस्यों के नाम –

1. संजीव सिंह- आवास पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग

2. सुरेश जयसवाल- जल कार्य विभाग

3. श्रीमती अरुणा रामटेके -स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग

4. विशाल मोटवानी- राजस्व तथा बाजार विभाग

5. भूपेंद्र कुमार श्रीवास- खाद्य, नागरिक आपूर्ति,पुनर्वास तथा नियोजन विभाग

6. श्रीमती शिवांगी ध्रुव- शिक्षा महिला तथा बाल कल्याण विभाग

7. मनोज दुबे- विधि तथा सामान्य प्रशासन विभाग

आवास पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग प्रभारी का नाम संजीव सिंह सदस्यों का नाम 1 श्री मेवालाल पटेल, 2 बिरेन्द्र कुमार साहू, 3 श्री तरूण साहू, 4 श्रीमती मोनिका, 5 श्री प्रदीप बाघ,

02 जल कार्य विभाग प्रभारी का नाम- सुरेश जायसवाल सदस्यो का नाम1 श्रीमती रेखा बाई सहारे 2 श्रीमती पुनम सोरी 3  बिरेन्द्र कुमार,4 सूरज विभार 5 निर्मल पटेल,

03 स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग प्रभारी का नाम – अरूणा रामटेके,1 बिरेन्द्र कुमार साहू,2 श्रीमती सुमरीत उर्वशा,3 श्रीमती मोनिका,4 श्रीमती-प्राची,5 प्रमोद कुमार,

04 राजस्व तथा बाजार विभाग प्रभारी का नाम  विशाल मोटवानी,1 श्रीमती पुनम सोरी,2 श्रीमती टी. ज्योति,3  रोशन पटेल, 4सूरज दिभार,5 प्रमोद कुमार

05 खाद्य नागरिक आपूर्ति, पुर्नवासप्रभारी सदस्य तथा नियोजन विभाग सदस्य, भूपेन्द्र कुमार श्रीवास1 श्रीमती मालती निषाद2 श्री प्रमोद कुमार 3 श्रीमती अनिता बाई 4 श्रीमती टी. ज्योति5 श्री प्रदीप बाध

शिक्षा महिला तथा बाल कल्याण विभाग प्रभारी श्रीमती शिवांगी ध्रुवश्रीमती रेखा बाई सहारे

2 श्रीमती पुराई बाई3 श्रीमती कालिन्दी तिवारी4 श्रीमती मालती निषाद

7 विधि तथा सामान्य प्रशासन विभाग सदस्य श्री बिरेन्द्र कुमार साहू मनोज दुबे1  निर्मल पटेल2  मोईनुददीन मोहम्मद 3 श्री तरूण साहू 4 श्रीमती सुमरीत उर्वशा5 श्री पर्वेन्द्र कुमार कोडप्पा

नहावन घाट निर्माण के लिए आगे आई छाया पार्षद भुनेश्वरी यादव

0
  • चुनाव हार गई, हिम्मत नहीं हारी है भुनेश्वरी ने 

दल्लीराजहरा नगर के वार्ड क्र.10, 13, 15, 18, 19 और 20 के सीमाओं से लगे सुप्रसिद्ध मेला स्थल घोड़ा मंदिर के बीच में कभी बारहमासी नाला बहता था। एक जमाने में वार्डवासी अपने निस्तारी के सभी कार्य इसी नाले में करते थे, यहां तक कि वार्डवासी परिजनों की मृत्यु पश्चात नहावन कार्यक्रम भी इसी नाले में संपन्न करते रहे हैं। किंतु दल्ली राजहरा रावघाट रेल परियोजना के आकार लेने के साथ ही उक्त बारहमासी नाला भी लगभग पूरी तरह पट चुका है, जो थोड़ा बहुत नाले का अस्तित्व बचा है वो झाड़ियों और समतलीकरण के कारण अप्रासंगिक हो चुका है। इसके बावजूद वार्डवासी उक्त कठिनाइयों के बाद भी जैसे तैसे मृत्यु संस्कार से संबंधित नहावन कार्यक्रम को पूर्ण करते है। पिछले 25 वर्षों से वार्डवासियों के द्वारा अपने पार्षदों से लेकर नगर पालिका अधिकारी तक को कई बार अपनी परेशानियों और आवश्यकताओं से अवगत करा चुके है, किंतु आज पर्यंत तक नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधि उदासीन ही रहे है। जबकि उक्त नाले को नहावन घाट लायक बनाने में कोई विशेष खर्च नहीं है। वार्ड पार्षद चाहें तो अपनी एक वर्ष की निधि से भी आधी राशि से नहावन घाट बना सकते थे। किंतु जनप्रतिनिधियों में कुछ अच्छा करने के भाव और इच्छा की कमी के कारण आज तक उपरोक्त वार्डवासी बेहद आवश्यक सुविधा से वंचित हैं। नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू और वार्ड क्र.20 की भाजपा प्रत्याशी रही भुनेश्वरी यादव अपने चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय जनता को चुनाव जीतने पर नहावन घाट बनाने का आश्वासन दिया था जिसे भुनेश्वरी यादव द्वारा पार्षद नहीं बन पाने के बावजूद मन में कोई मलाल नहीं रखते हुए जिन्होंने उन्हें समर्थन दिया उनके अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वार्ड में घूम घूम कर आवेदन पत्र में वार्डवासियों से हस्ताक्षर कराए साथ ही संबंधित वार्ड के पार्षदों से मिलकर वार्डवासियों की आवश्यकता से अवगत कराकर उनका भी समर्थन लिया। विदित हो दल्ली राजहरा में नाले, तालाब अब लगभग पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। जिसके कारण बस्ती क्षेत्र से संबंधित अधिकांश वार्डों में नदी नाले और तालाब किनारे संपादित किये जाने वाले मृत्यु संस्कार से संबंधित कर्मकांडो को पूरा करने में अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए दल्ली राजहरा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष तोरण लाल साहू को मालती निषाद पार्षद वार्ड क्र.10, तरुण साहू पार्षद वार्ड 15, अरुणा रामटेके पार्षद वार्ड 18, नोईमुद्दीन खान पार्षद वार्ड 19 और भुनेश्वरी यादव छाया पार्षद वार्ड 20 ने

मिलकर आवेदन पत्र के माध्यम से अतिशीघ्र वार्डों में नहावन घाट निर्माण करने का अनुरोध किया है ।

बकावंड में बस्तर पंडूम की मची धूम; झूम उठे लोग

0
  •  बकावंड में ब्लॉक स्तर पर हुआ भव्य आयोजन 

बकावंड जनपद पंचायत बकावंड में बस्तर पंडूम का भव्य आयोजन हुआ।आदिवासी संस्कृति और लोक कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों को नाचने झूमने पर मजबूर कर दिया। आनंद से सराबोर लोग नाचने गाने लगे।

आदिवासियों की संस्कृति के साथ-साथ बस्तर संभाग में निवासरतविभिन्न जनजातीय समूह अपनी मूल जनजातीय परंपराओं और संस्कृति को पीढ़ी दर पीढ़ी मानते संजोते आ रहे हैं। इन्हीं परंपराओं और संस्कृति का संगम बस्तर पंडूम में देखने को मिला। इसका आयोजन आदिवासी संस्कृति, लोक कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति को देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। शासन के निर्देशानुसार बस्तर संभाग के अंतर्गत आदिकाल से निवासरत जनजातीय समूहों की कला संस्कृति, मान्यताओं और प्रथाओं को जीवंत बनाए रखने के लिए बस्तर पंडूम का आयोजन किया जा रहा है। बस्तर संभाग में निवासरत मूल निवासी अपनी संस्कृति, परंपराओं, रीति- रिवाज, प्रथाओं तथा मान्यताओं पर चलते हुए जीवन निर्वाह करते हैं। बस्तर पंडूम का आयोजन

जनजातीय बहुल राज्य होने से छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिवासियों की कला संस्कृति व परंपरा से परिपूर्ण बस्तर अंचल की लोककला, शिल्पकला, तीज, त्यौहार, खान-पान, बोली भाषा, रीति रिवाज वेशभूषा, आभूषण वाद्य यंत्र पारंपरिक नृत्य, संगीत नाटक, व्यंजनों के मूल स्वरूप को संरक्षण संवर्धन एवं कला समूहों के विकास तथा जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से बस्तर पंडूम का आयोजन किया गया। आज जनपद पंचायत बकावंड के हाई स्कूल ग्राउंड पर बस्तर पंडूम का आयोजन किया गया।

इस दौरान प्रतियोगिताओं का आयोजन भी शासन के निर्देशानुसार किया गया। जनजातीय लोकनृत्य, जनजातीय लोकगीत, जनजातीय लोकनाट्य, जनजातीय वाद्य यंत्रों के वादन की प्रतियोगिताएं हुईं।जनजातीय पेय पदार्थ, जनजातीय शिल्पकला चित्रकला का प्रदर्शन, आभूषण वेशभूषा का प्रदर्शन किया गया।मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बेदवती कश्यप थीं। अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनवारी, जिला पंचायत सदस्य सरिता जितेंद्र पाणिग्रही, बनवासी मौर्य, ललित कश्यप, ग्राम पंचायत के सरपंच पंच और विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे

MOST POPULAR

HOT NEWS