जन्मदिन पर रिकॉर्ड संख्या में ग्रामीणों को जोड़ा भाजपा से
जगदलपुर बस्तर लोकसभा के सांसद महेश कश्यप ने 1 अक्टूबर को अपने जन्मदिवस पर जिले में आयोजित अनेक कार्यक्रमों में शिरकत की। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर सांसद ने सपरिवार माता के दर्शन एवं पूजा अर्चना की।
धरमपुरा कीड़ा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। नानगुर मंडल के हाटपदमुर में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने अपने जन्मदिवस के अवसर रिकार्ड तोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रामीणों को दिलाई। आपको बता दें कि बस्तर क्षेत्र में सदस्यता अभियान को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप बेहद गंभीर नजर आ रहे हैं। वे लगातार खुद मॉनिटरिंग कर बस्तर संभाग में भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं को काम करने हेतु प्रेरित कर रहे हैं। अपने जन्मदिवस पर 1 दिन में हजारों लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराकर बस्तर में सांसद ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके जन्मदिन पर उनके निवास पहुंचकर सैकड़ों क्षेत्रवासियों, सभी समाजों के सदस्यों, ग्रामीणों, शुभचिंतकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।जन्मदिवस पर लोगों से मिले अपार प्रेम व आशीर्वाद और बधाई संदेश हेतु सांसद ने सभी का आभार प्रकट किया है।
बकावंड ब्लॉक बकावंड में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बकावंड, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकावंड एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतगिरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करपावंड की राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े छात्र-छात्राओं के माध्यम से मेगा स्वच्छता इवेंट चलाया जा रहा है। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। एनएसएस के छात्र छात्राओं ने नारे और रैली के जरिए ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। जल स्त्रोतों के आसपास, गली मोहल्लों जलाशयों की साफ सफाई की गई। लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई।इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, प्राचार्य हेमंत देवांगन, मौसमी विश्वास, चंद्रकांत देशमुख, मानसिंह भारती, जालंधर बघेल, रामवती मौर्य, ज्योति बेक विनायक सिंह व अन्य सदस्य उपस्थित थे।
जगदलपुर कवर्धा जिले के लोहारीडीह हत्याकांड में दिवंगत हुए शिवप्रसाद साहू एवं प्रशांत साहू के परिजनों ने ग्राम सेमरिया पहुंचकर छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा को अपना समर्थन दिया।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने उनके साथ भोजन कर उनके साथ चर्चा की। इस दौरान बैज ने साहू परिवार की बेसहारा बच्ची को गोद में बिठाकर उसे दुलारा। परिजनों से उन्होंने कहा कि
लोहारीडीह की घटना सरकार की हिटलरशाही का वो नमूना है जो ये दिखाता है कि भाजपा और विष्णु देव साय का शासन जनता को कुचलने के लिए किस स्तर तक जा सकता है।
बकावंड गांवों के विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मद के 15वें वित्त की राशि का ग्राम पंचायतों में गजब घोटाला किया जा रहा है। इस मद के करोड़ों रुपयों की बंदरबांट सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत के अधिकारी कर रहे हैं। इस मद की राशि के आहरण की भी गजब तोड़ इस तिकड़ी ने निकाल ली है। कहा जाता है कि सरकारी धन हड़पने का ऐसा खेल एक अकेले बकावंड विकासखंड या बस्तर संभाग में ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ग्राम पंचायतों में चल रहा है। यही वजह है कि अधिकांश सरपंच खाक से फलक तक जा पहुंचे हैं।
15वें वित्त की राशि में हेराफेरी का एक बड़ा मामला बकावंड जनपद की ग्राम पंचायत मरेठा में सामने आया है, जहां बिना कोई काम कराए तीन महीने में 20 लाख रुपए का आहरण कर लिया गया है। 15वें वित्त की इस राशि से पंचायत में एक रुपए का भी काम नहीं हुआ है। 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग और आहरण के लिए सरकार की गाइड लाइन के अनुसार यदि किसी को 50 हजार से ऊपर का भुगतान करना है तो उसके लिए तकनीकी स्वीकृति जरूरी होती है। इससे बचने के लिए लेकिन हमारे चालक सचिवों और जनपद के अफसर ने गजब तोड़ निकाल ली है। इस तोड़ के अनुसार 49 हजार, 45 हजार रुपए का आहरण किया जाने लगा है। इस योजना में एक विशेष बात यह भी है कि जीओ टैग जरूरी होता है, लेकिन यहां इस फार्मूले पर भी धता बताया जा रहा है। 50 हजार के नीचे की राशि में न तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होती है न ही जीओ टैग की। सचिव सरपंच अपनी मनमानी से मनचाहे हिसाब से खर्च दर्शाकर राशि का गबन कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि बकावंड ब्लॉक की मरेठा ग्राम पंचायत में अप्रैल से जुलाई महीने तक 15वें वित आयोग के लगभग 20लाख रुपयों का सरपंच,सचिव एवं जनपद सदस्य ने बंदरबाट की है। ग्रामीणों का आरोप है की सड़क निर्माण, नाली सफ़ाई, मुरूम डलवाने, हैंडपंप के पास सोख्ता गड्ढा निर्माण, आंगनबाड़ी भवन मरम्मत जैसे कार्यों के नाम पर मूलभूत निधि और 15वें वित्त की राशि आहरण कर के हजम कर ली गई है और तो और इन सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन 26 सितंबर को होने के बाद भी आज तक दोषियों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई है।
बच्चों के नाम पर 20 हजार हजम
हमने मरेठा ग्राम पंचायत में ग्राउंड जीरो पर एक भी कार्य नजर नहीं आया। मगर एक चौंकाने वाली यह बात जरूर सामने आई कि बीते 15 अगस्त के दिन 20 हजार रूपए का एक बिल लगाकर उसका भुगतान भी प्राप्त कर लिया गया है। यह रकम ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को बूंदी और सेव मिक्चर का वितरण करने का बोगस बिल लगाकर निकाली गई है। इस बाबत जब हमने ग्रामीणों से पूछा तो उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्कूल की ओर से 3 किलो लाई और बूंदी लाकर बांटी गई थी। इसी से पता चलता है कि केंद्रीय और राज्य मद की राशि की किस कदर बंदरबाट हो रही है। सोचने वाली बात है कि 20 लाख रुपए की हेराफेरी तीन महीने के अंदर हो जाती है और प्रशासन के लोगों के कानों में जूं तक नहीं रेंगती है।
ग्रामसभा का अनुमोदन नहीं
15वीं वित्त योजना में प्रावधान है कि सरपंच सचिव को ग्रामसभा में अनुमोदन कराकर ग्राम पंचायत विकास कार्यक्रम में चयनित कार्य को 60 -40 के रेसियो में कराना होता है। इसके तहत स्वच्छता में 30, शिक्षा में 30, अधो संरचना में 40 प्रतिशत प्लान के तहत केंद्रीय सहायता राशि 15वें वित्त से ग्राम पंचायत का विकास करना होता है लेकिन जीपीडीपी कुछ और बनाते हैं और खर्च कुछ और करते हैं। यह पूरे छत्तीसगढ़ पूरे देश में से प्लान बनाई जाती है। लेकिन ग्राम पंचायत में सरपंच सचिव ही ग्रामसभा में अनुमोदन कराए बिना राशि का दुरुपयोग करते हैं। केंद्रीय जांच एजेंसियां अगर जांच करती हैं तो पूरे देश में अरबों रुपयों का घोटाला सामने आ जाएगा।
कुसुमकसा:- ग्राम पंचायत कुसुमकसा में ग्राम पंचायत अपने 15वे वित्त की राशि से सीसी रोड के लिए पांच लाख रुपए की लागत से बनने वाले सीसी रोड का भूमिपूजन जनपद सदस्य संजय बैंस ग्राम के सरपंच शिव राम सिंदरामे ने किया इस अवसर पर पूजा अर्चना कर संजय बैंस ने कहा की बाजार परिसर की गलियों में सीमेंटीकरण होने से बाजार परिसर स्वच्छ और सुंदर दिखेगा कुसुम बजार इस क्षेत्र का बड़ा बाजार है आस पास के ग्रामीण जन भी इस बजार में आते है बजार स्वच्छ और सुंदर दिखे इस उद्देश से हमारे सरपंच जी काम करा रहे है इस सीसी सड़क बनने से दुकान लगाने वालो के साथ राहगीरों की भी समस्या का समाधान होगा सरपंच शिव राम सिंदरामे ने कहा की हमने हमारे पंचायत निधि से बजार परिसर के लिए राशि स्वीकृति किए है हमारा उद्देश्य बजार को स्वच्छ बनाने के लिए हम ये पहल किए है सीसी सड़क बनने से हम सबको अच्छा लगेगा इस कार्यक्रम में सभी अतिथियों का आभार उप सरपंच दीपक यादव जी ने किया इस अवसर पर पंच निर्मला जगनाएक राजेंद्र पोटाई कृपा राम सिन्हा मोती राम सिन्हा आत्मा राम चुरेंद्र लोकेश सिन्हा सुरेंद्र मंडावी गोल्डी धनकर के साथ ग्रामीण जन उपस्थित रहे
जगदलपुर चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है, आया मोचो दंतेश्वरी जैसे लोकप्रिय स्तुति गीत बजने लगे हैं। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का दरबार सजकर तैयार हो गया है।मातारानी का आंगन जगमगा उठा है। 3 अक्टुबर से शारदीय नवरात्रि प्रारंभ हो रही है और माता के दरबार में रंग-बिरंगे विद्युतीय झालरों और फूलों की लड़ियों से रंगीन आभा बिखर उठी है। छत्तीसगढ़ की अनेक शक्तिपीठों में से एक मां दंतेश्वरी देवी के नाम पर कई मंदिर हैं और इसमें जगदलपुर के दंतेश्वरी मंदिर भी एक है।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जगदलपुर में स्थित मां दंतेश्वरी देवी का दरबार जगमगा रहा है और इसके साथ ही बस्तर दशहरा की तैयारी भी पूरे चरम पर है। मां दंतेश्वरी देवी बस्तर की आराध्य देवी है तो बस्तर राजपरिवार की कुल देवी भी है। सच्चे मन से मां की पूजा अर्चना करने पर भक्तों की मुराद पूरी होती है। साल वृक्ष से तैयार विशालकाय रथ पर रथारुढ़ होकर मातारानी भक्तों को दर्शन दें गी। टेम्पल स्टेट कमेटी के अधीन बस्तर दशहरा समीति इसके लिए जी जान से जुटी हुई है। आश्विन शुक्ल द्वितीया से सप्तमी तिथि तक मां दंतेश्वरी रथारुढ़ होंगी और श्रद्धालुओं को दर्शन लाभ देंगी।
जगदलपुर एक शेर है – मैं चला था अकेले कारवां बनता गया। यह शेर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा निकाली गई छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के साथ फिट बैठ रहा है। दीपक बैज का कारवां इतना लंबा हो चला है कि उसे देख पीसीसी चीफ का जोश हाई है। बिना थके, बिना हारे न्याय की राह का यह पथिक आगे बढ़ता ही चला जा रहा। उसने इंसाफ की लड़ाई जो छेड़ रखी है। लड़ने वाला कभी थकता नहीं, हार जीत की परवाह कभी करता नहीं, क्योंकि वह अब अकेला नहीं है। उसकी आवाज में अब लाखों आवाजें शामिल हो गई हैं।
छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा के पांचवे दिन का आगाज सारागांव से हुआ। दीपक बैज का कारवां सारागांव के कस्तूरबा गांधी आश्रम से सुबह 9 बजे निकल पड़ा।शुरू में सेवादल के लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।यात्रा शुरू करने से पहले अध्यक्ष दीपक बैज सरागांव में मीडिया के साथियो से घिर गए। उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए प्रदेश के बिगड़े हालात, कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और भाजपा सरकार को हर दृष्टि से फेल करार दिया। दीपक बैज ने कहा कि यह महज यात्रा नहीं, इंसाफ की लड़ाई भी है। इसके बाद पीसीसी चीफ दीपक बैज का काफिला विभिन्न गांवों से गुजरता हुआ दोपहर को डीपीएस स्कूल के पास सेमरिया गांव पहुंचा। जहां साहू समाज भवन में दोपहर भोजन और विश्राम की व्यवस्था थी।पांचवे दिन की यात्रा का अंतिम पड़ाव सड्डू है। चार दिन से पैदल चलते रहने के बाद भी दीपक बैज जरा भी थके नजर नहीं आ रहे हैं। उल्टे यात्रा में उमड़ रही भीड़ और मिल रहे जन समर्थन से उनका जोश हाई नजर आ रहा है। वे दोगुने नहीं बल्कि चार गुना ज्यादा जोश से लबरेज होकर लगातार अपने कर्म पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी के अन्य बड़े नेता भी गाहे बगाहे न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचते रहते हैं।
जगदलपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की सजगता से बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले में बड़ी अनहोनी टल गई। अगर जरा सी भी चूक हुई होती तो सुरक्षा बलों को बड़ी क्षति पहुंच सकती थी।
नारायणपुर जिले के थाना कोहकामेटा क्षेत्रान्तर्गत कस्तूरमेटा- मोहंदी के मध्य ग्राम होकपाड़ रोड पर बीचों-बीच 03 नग प्रेशर आईईडी बरामद किए गए हैं। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी प्लांट कर रखे थे। सुरक्षा बलों की मदद से बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से आईईडी का नष्टीकरण किया गया।बरामद तीनों प्रेश र आईईडी का अनुमानित वजन 5-5 किग्रा था। जिला पुलिस बल एवं आईटीबीपी 53वीं वाहिनी ने यह बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस द्वारा सशक्त नक्सल मुक्त बस्तर की कल्पना को साकार रूप देने हेतु लगातार क्षेत्र में सघन नक्सल विरोधी ‘माड़ बचाओ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोहकामेटा से जिला पुलिस बल, आईटीबीपी एवं बीडीएस की संयुक्त टीम एडीपी ड्यूटी पर ग्राम होकपाड़ की ओर रवाना हुई थी। सुरक्षा बल के जवान एडीपी ड्यूटी के दौरान कस्तूरमेटा-मोहंदी एवं आसपास क्षेत्र की सर्चिंग करते बढ़ रहे थे। सर्चिंग के दौरान ग्राम होकपाड़ मुख्य मार्ग में बिजली वायर दिखने पर सावधानी पूर्वक सर्चिंग करते हुए आगे बढ़ने पर रोड के बीचों-बीच 3 नग प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुए। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षा बलों की मदद से बीडीएस टीम द्वारा उक्त आईईडी को नष्ट कर दिया गया। ये आईईडी नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के नीयत से लगाए गए थे। उक्त बरामद तीनों प्रेसर आईईडी का अनुमानित वजन करीब 5-5 किग्रा था। सुरक्षा बलों की सजगता और सतर्कता से आईईडी को बरामद कर नष्टीकरण की कार्यवाही सुरक्षित तरीके से की गई। उक्त नष्टीकरण की कार्यवाही में जिला पुलिस बल एवं आईटीबीपी 53वीं वाहिनी एवं बीडीएस टीम की विशेष भूमिका रही है।
जगदलपुरबस्तर संभाग के बीजापुर जिले में दो नक्सलियों को नक्सली प्रचार सामग्री के साथ पकड़ा गया है।
बीजापुर जिले के थाना जांगला का बल थाना 29 सितंबर को थाना क्षेत्र के बड़े तुंगाली, पोटेनार, बरदेला की ओर एरिया डॉमिनेशन पर निकला थी। अभियान के दौरान बरदेला एवं बड़े तुंगाली के मध्य जंगल के कच्चे रास्ते पर 2 संदिग्ध व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर छिपने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए जोगो माड़वी और सोनीलाल उरसा मिलिशिया सदस्य हैं। उनके कब्जे से प्रतिबंधित भाकपा नक्सल संगठन द्वारा आम जनता को बरगलाने एवं दहशत फैलाने के उद्देश्य से लिखे गए पैंपलेट बरामद किए गए। पकड़े गए नक्सलियों के विरुद्ध छग विशेष जन सुरक्षा अधिनियम 2005 की धाराओं में प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
उड़ीसा बार्डर के पास पेंगोलिन के साथ धराए उड़ीसा के आरोपी
–अर्जुन झा–
बकावंड वनमंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग एक्टिव मोड में आ गया है। लकड़ी तस्करी के साथ ही वन्य प्राणियों की तस्करी पर भी प्रभावी कार्रवाई की जाने लगी है। इसी कड़ी में संरक्षित वन्य प्राणी पेंगोलिन की तस्करी करते अंतर राज्यीय गिरोह को पकड़ा गया है। गिरोह से एक पेंगोलिन बरामद किया गया है।
वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छग वन बल प्रमुख एवं प्रधान मुख्य वन सरंक्षक श्रीनिवास राव एवं मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर आरसी दुग्गा के मार्गदर्शन में बस्तर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के निर्देशन में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर उप वन मंडलाधिकारी बस्तर, परिक्षेत्र अधिकारी करपावंड सौरभ रजक एवं अन्य वन अधिकारियों की टीम ने करपावंड कोलावल मार्ग पर घेराबंदी कर 2 मोटर सायकल से जूट के थैले में लेकर एक जीवित वन्य जीव पेंगोलिन को लेकर जा रहे चार आरोपियों को पकड़ा। यह चारों व्यक्ति वन्य जीव को बेचने के फिराक में उड़ीसा से छग आकर ग्राहक तलाश कर रहे थे। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त वन्य प्राणी को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर चारों आरोपियों को उनके मोटर सायकल हीर डीलक्स ओडी 10 टी 3001 और हौंडा शाइन एसपी एपी 31 ईएम 7882 के साथ करपावंड वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया एवं भारतीय वन अधिनियम 1927 तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में देवलाल दुग्गा, उप वन मंडलाधिकारी जगदलपुर, योगेश कुमार रात्रे, उप वन मंडलाधिकारी चित्रकोट, सूर्यप्रकश ध्रुव वन परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट, प्रकाश ठाकुर वन परिक्षेत्र अधिकारी चित्रकोट, देवेंद्र वर्मा वन परिक्षेत्र अधिकारी जगदलपुर, जयराज पात्र वनरक्षक, श्रीधर स्नेही सीएफओ जगदलपुर एवं वन परिक्षेत्र करपावंड के बनसिंह कर्मा उप वन क्षेत्रपाल, सुखपाल यादव वनपाल, कलमू देवा वनरक्षक, तुलेश बघेल वनरक्षक, मंगल कश्यप वनरक्षक, रघुनाथ नाग वनरक्षक, सोनाधर मौर्य वनपाल, कमलोचन बघेल वनपाल का योगदान सराहनीय रहा।
वर्सन
गठित की है रेस्क्यू टीम
संकटग्रस्त वन्यप्राणियों के बचाव एवं सुरक्षा हेतु जगदलपुर वन वृत्त स्तरीय रेपिड रेस्क्यू टीम का गठन किया गया है। जो वन्य प्राणियों के बचाव हेतु लगातार सूचना तंत्र स्थापित कर वन्यप्राणियों की तस्करी पर लगाम लगाने का प्रयास कर रही है।
–आरसी दुग्गा,
मुख्य वन संरक्षक वृत्त जगदलपुर
वर्सन
शेड्यूल-1 में है पेंगोलिन वन्य प्राणी पेंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत शेड्यूल्ड-1 में दर्ज है। जिसको मारना एवं उसकी खरीद फरोख्त करना अपराध है।