City Media - Page 643 of 1860 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 643

बीच बस्ती में नक्सलियों का तांडव, फूंक दिए 14 वाहन

0
  • वाहनों में की आगजनी, चौकीदार की कनपटी पर टिका दी थी बंदूक
  • सड़क निर्माण और रेलवे के कार्यों में लगे थे ये वाहन

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के संवेदनशील जिलों में नक्सली एकबार फिर आक्रामक रुख अख्तियार कर चुके हैं। बीती देर रात करीब 70 नक्सलियों ने दंतेवाड़ा जिले के एक गांव में पहुंचकर खूब तांडव मचाया। सड़क निर्माण और रेलवे लाईन के कार्य में लगे 14 वाहनों में आग लगा दी और रेलवे लाईन दोहरीकरण के कार्य को भी नुकसान पहुंचाया। नक्सलियों ने निर्माण एजेंसियों के कर्मियों, मजदूरों और चौकीदारों को गन पॉइंट पर लेकर वारदात को अंजाम दिया। बीच बस्ती में और पुलिस थाने से महज एक किमी दूर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को खुली चुनौती दे दी है।

नक्सली इन दिनों शहीदी सप्ताह मना रहे हैं और इस दौरान लगातार छिटपुट वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले के भांसी नामक गांव में नक्सलियों ने रविवार रात बीच बस्ती में जमकर उत्पात मचाया। नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी एनसी नाहर कंपनी के हार्टमेंट में पहुंकर वहां खड़े वाहनों में आगजनी की। नाहर कंपनी द्वारा भांसी बंगाली कैंप में गाड़ियां रखने और अपने मजदूरों के रहने के लिए कैंप बनाया गया है। उसी कैंप में रविवार सोमवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे करीब 70 नक्सलियों ने पहुंचकर वाहनों में आगजनी शुरू कर दी। रेलवे लाईन दोहरीकरण कार्य मे लगी एक अन्य कंपनी के हाईवा वाहन में भी नक्सलियों ने आग लगा दी। वारदात के समय मौके पर मौजूद रहे कुछ लोगों ने बताया कि नक्सलियों ने लौटते वक्त रेलवे दोहरीकरण के कार्य में भी आगजनी की। नक्सलियों ने 4 हाईवा ट्रकों, 2 शिफ्टरों, 2 पानी टंकियों, 1मिक्सर मशीन, 1 एजाक्स, 1पिकअप वाहन, 3 हाइड्रा और एक डीज़ल गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। एक घंटे तक नक्सली वहां उत्पात मचाते रहे।

 दो चौकीदारों को बनाया बंधक

भांसी में नक्सलियों ने पहुंचते ही कंपनी के दो चौकीदारों मुद्दा भास्कर और बुधराम मरकाम को बंधक बना लिया, उनके मोबाईल फोन छीनकर अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद मुद्दा एवं बुधराम की कनपटी पर बंदूक टिका दी और उन्हें धमकाते हुए चुपचाप खड़े रहने को कहा। चौकीदारों ने बताया दूसरे कर्मचारियों के मोबाईल फोन को भी नक्सलियों ने अपने कब्जे में ले लिया था। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली मोबाईल फोन लौटाकर जंगलों की ओर भाग गए। 60 से 70 के करीब पहुंचे नक्सलियों में कुछ काली वर्दीधारी व हथियारों से लैस थे। ये नक्सली भांसी में वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

अरनपुर ब्लास्ट के बाद बड़ी वारदात

अप्रैल माह में दंतेवाड़ा के अरनपुर में बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद जिले के भांसी थाना में दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। अरनपुर में नक्सलियों ने ब्लास्ट करके बड़ी बड़ी जनहानि पहुंचाई थी। वहीं 26 एवं 27 नवंबर की दरम्यानी रात ग्राम भांसी में थाने से महज एक किलोमीटर की दूरी पर नक्सली करीब एक घंटे तक उत्पात मचाने के बाद लौट गए। राजा बंगला के रास्ते से नक्सली भांसी मुख्य सड़क के किनारे वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। दंतेवाड़ा जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सली सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से गंभीर एवं जानलेवा वारदात को अंजाम देने में सफल नही हो पाए थे। अब एक बार फिर वारदात को अंजाम देकर नक्सलियों ने लोगों में दहशत पैदा करते हुए सुरक्षा बलों को सीधी चुनौती दे दी है।

भैरमगढ़ एरिया कमेटी का हाथ

भांसी में रविवार देर रात आगजनी के बाद नक्सलियों ने मौके पर पर्चे भी फेंके। पर्चे पर भैरमगढ़ एरिया कमेटी लिखा हुआ है। नक्सलियों ने इन दिनों बंद का आह्वान कर रखा है, जिसकी वजह से किरंदुल विशाखापटनम पैसेंजर ट्रेन को भी सुरक्षागत कारणों से बंद किया गया है। भांसी थाना क्षेत्र में नक्सली दर्जनों बार रेलवे को नुकसान पहुंचा चुके हैं। वहीं सड़क और पुल, पुलिया बनाने वाली निर्माण एजेंसियां भी नक्सलियों के निशाने पर रहती हैं।

तालाब में मिला छात्र का शव, पिता को हत्या का अंदेशा

0
  • बीजापुर कॉलेज में फर्स्ट ईयर का छात्र था मृतक
  • ईलमिड़ी निवासी छात्र चंदन हॉस्टल में रहकर पढ़ता था

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। वहां एक महाविद्यालयीन छात्र की लाश तालाब में संदिग्ध हालत में बरामद हुई है। चंदन नाम वाला यह छात्र ईलमिड़ी गांव का निवासी था और आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास में रहकर बीजापुर के कॉलेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। मृतक के कान से खून बहने का हवाला देते हुए मृतक के पिता ने अपने बेटे की हत्या का अंदेशा जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बीजापुर जिले के ग्राम ईलमिड़ी निवासी 19 वर्षीय छात्र चंदन ककेम का शव रविवार को तालाब में मिला।मौ चंदन बीजापुर महाविद्यालय के छात्रावास में रहकर फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र चंदन ककेम रविवार को मछली पकड़ने जैतालुर तालाब में अपने दोस्तों के साथ गया हुआ था। जिस तालाब में डूबने से छात्र की मौत हुई है, वह महाविद्यालय के समीप ही है। आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त सहायक केएस मशराम ने बताया कि जिस छात्रावास में रहकर छात्र अध्ययन करता था वहां के अधीक्षक ने जानकारी दी है कि एक छात्र की डूबने से मौत हो गई है। फिर उसके बाद मैं स्वयं आश्रम अधीक्षक, मंडल संयोजक और नगर सेना की टीम के साथ आधी रात तक छात्र की तलाश करता रहा। सोमवार को सुबह छात्र का शव तालाब के किनारे मिला पुलिस को मैंने इस घटना की जानकारी दे दी है।

कान से बह रहा था खून

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता व अन्य परिजन भी पहुंच गए थे। छात्र के पिता लिंगैया ककेम ने कहा है कि मेरे पुत्र की तालाब में डूबने से मौत हुई है या इसकी हत्या हुई है ? इसकी जांच होनी चाहिए। छात्र के लिंगैया ने कहा मुझे शक है कि मेरे पुत्र की हत्या की गई है। मेरे बेटे के कान से खून बह रहा था। ऐसे में मौत की असली वजह सामने आनी चाहिए। वहीं बीजापुर थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि घटना रविवार की है। सूचना मिली थी कि कालेज के छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस ने युवक के शव को बरामद कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और युवक की मौत डूबने से हुई है या कोई अन्य कारण है इसकी जांच की जा रही है।

दीपक बैज ने जीत लिया तेलंगाना के आदिवासियों का दिल

0
  • धुंआधार प्रचार कर रहे हैं छ्ग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
  • तेलंगाना के मेडक जिले में बैज को सुनने उमड़ पड़ी आदिवासियों की भीड़

अर्जुन झा

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज अब तेलंगाना के विधानसभा चुनावों में भी जलवा बिखेर रहे हैं। वहां आदिवासियों की भारी भीड़ कांग्रेस के आदिवासी नेता दीपक बैज की सभाओं में उमड़ रही है। श्री बैज आदिवासियों का दिल जीतने में कामयाब हो रहे हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव निपटने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीसीसी चीफ एवं पार्टी के स्टार प्रचारक दीपक बैज को तेलंगाना के विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए भेजा है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी की आदिवासी विंग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक बैज प्रखर वक्ता और तमाम विषयों व मुद्दों पर अच्छी पकड़ रखने वाले राजनेता माने जाते हैं। कांग्रेस पार्टी दीपक बैज की सेवाएं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी ले चुकी है, जहां उन्होंने कई विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में गजब का माहौल बना दिया था। वहां मिली जीत में उनका भी अहम योगदान रहा है। दीपक बैज की काबिलियत को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मिशन तेलंगाना पर भेजा है। श्री बैज वहां भी कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भरोसे पर खरे उतर रहे हैं। बीती रात दीपक बैज ने हजारों आदिवासियों की भीड़ वाली चुनावी सभा को संबोधित किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने बताया कि तेलंगाना में भी कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त माहौल बन गया है। अपने चुनावी प्रवास के दौरान छग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज अपने तेलंगाना के मेडक विधानसभा क्षेत्र की चुनावी सभा में उपस्थित आदिवासी समुदाय के हजारों लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासियों, अनुसूचित जाति, ओबीसी, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के अधिकारों एवं हितों की रक्षा सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। दीपक बैज ने कहा कि मैं स्वयं भी आदिवासी समुदाय से हूं और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे छत्तीसगढ़ में पार्टी की बागडोर सौंप रखी है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी एकजुट होकर कांग्रेस के साथ खड़े हो चुके हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने राज्य के आदिवासियों, अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रखी हैं। उन योजनाओं के दम पर इन वर्गों के लोग आर्थिक रूप से समृद्ध होकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

समाज की शान बढ़ा रहे युवा

दीपक बैज ने कहा कि छ्ग की भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के आदिवासी बहुल इलाकों में अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खुलवाए हैं। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बच्चे फर्राटे से अंग्रेजी बोलने लगे हैं, आदिवासी युवाओं को नेशनल लेवल की कोचिंग मुफ्त दी जा रही है। इसके चलते छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवा आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर राज्य व देश की सेवा कर रहे हैं। दीपक बैज ने आगे कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ में आदिवासियों की संस्कृति, परंपराओं, पूजा पद्धति, आराधना स्थलों एवं तीज त्योहारों के संरक्षण संवर्धन के लिए भी बहुत काम किए हैं। छत्तीसगढ़ में अंतर राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का सफल आयोजन किया गया था। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो आदिवासियों का भला कर सकती है, इसलिए आप सभी तेलंगाना में भी कांग्रेस की सरकार बनाएं।

बुढ़ा चुके भवन में बच्चों के भविष्य को युवा बनाने की कवायद

0
  • 52 साल पुराने और जर्जर भवन में हो रही है पढ़ाई
  • ऐसे में कैसे मजबूत होगी समृद्ध भारत की बुनियाद

अर्जुन झा

लोहंडीगुड़ा विकासखंड लोहंडीगुड़ा में ऐसे कई स्कूल हैं, जिनके भवन खस्ताहाल हो चुके हैं और जहां महज एक दो शिक्षक ही पदस्थ हैं, जिन पर आठ कक्षाओं के बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है। कुछ ऐसी ही दास्तां है ग्राम कोरली की शालाओं की। यहां पूरी तरह बूढ़ा हो चुके भवन में बच्चों के भविष्य को युवा बनाने की कवायद दो शिक्षक कर रहे हैं।

व्यवस्थित शाला और सुघड़ सड़क विकास का पैमाना होती हैं। स्कूल बढ़िया होता है, तो बच्चों का मन पढ़ाई में लगता है तथा शिक्षक भी पूरे मनोयोग से अध्यापन सेवा देते हैं और तब फिर बच्चों का भविष्य निश्चित रूप से संवरता है। इसी तरह सड़क अच्छी होती है, तो गांव तक तमाम सुविधाएं भी पहुंचती हैं। लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत बिनता घाटी में स्थित ग्राम कोरली भी ऐसे ही अभागे गांवों में शुमार है। कोरली के जिस शाला भवन में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं की आठ कक्षाओं और आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन हो रहा है, उसका निर्माण सन 1971 में कराया गया था। लगभग 53 साल पुराना हो चुका यह शाला भवन बुरी तरह जर्जर हो चला है। खंडहर में तब्दील होते जा रहे इस भवन में प्राथमिक शाला के 21 एवं मिडिल स्कूल के 12 विद्यार्थियों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के 41 बच्चों का भविष्य गढ़ा जा रहा है। वर्ष 1971 में बिनता ग्राम पंचायत द्वारा बनवाया गया यह शाला भवन अब तक पांच दशक से भी ज्यादा समय तक बसंत, बरसात, गर्मी, आंधी तूफान के दौर से गुजर चुका है। इतनी आयु में तो भगवान द्वारा सृजित इंसान भी लगभग असक्त हो जाता है। फिर तो इंसान द्वारा निर्मित भवन इतनी लंबी आयु तक भला किस कदर साथ दे सकता है ?कोरली का शाला भवन भी कृशकाय हो चला है और धरती में समा जाने की स्थिति में है कि यह कभी भी गिर सकता है। बच्चों को यहां भेजना ग्रामीणों को जोखिम भरा लगता है। परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण नया स्कूल भवन और आंगनबाड़ी की मांग कर रहे हैं।

जिला मुख्यालय से लगभग 82 किमी दूर कोरली ग्राम पंचायत भेजा का आश्रित ग्राम है। यह गांव इंद्रावती नदी के किनारे बसा है। गांव की आबादी 300 के आसपास है। वर्ष 1971 से संचालित यहां की प्राथमिक शाला में 21 तथा मिडिल स्कूल में 12 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। प्राइमरी स्कूल में अटैक शिक्षक ही 13 वर्षों से बच्चों को पढ़ रहा है, वहीं मिडिल की तीन कक्षाओं के 12 बच्चों को एक शिक्षक ही पढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घाटी के नीचे आकर कोई पढ़ाना नहीं चाहता इसलिए घाटी के लगभग सभी स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इधर स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से कोरली में नया स्कूल बनाने की मांग की है।

स्कूल में ही आंगनबाड़ी

बस्ती में आंगनबाड़ी भवन नहीं है इसलिए यहां के 41 बच्चे भी स्कूल में बैठते हैं। 10 साल से गांव वाले आंगनबाड़ी भवन की मांग कर रहे हैं किंतु यह मांग भी अधूरी है। स्कूली और बाड़ी के बच्चों का आहार एक ही शेड में पकता है।

नया भवन स्वीकृत

विकासखंड लोहंडीगुड़ा अंतर्गत भेजा पंचायत के आश्रित ग्राम कोरली के जर्जर स्कूल को देखते हुए ही नया स्कूल भवन स्वीकृत हो स्वीकृत हो चुका है। भवन निर्माण हेतु निविदा की प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही वहां नया स्कूल भवन बनाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

– चंद्रशेखर यादव, खंड शिक्षा अधिकारी, लोहंडीगुड़ा।

चुनावी चर्चा के दौरान युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला

0
  •  एक हमलावर गिरफ्तार, शेष की सरगर्मी से तलाश जारी

जगदलपुर बस्तर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार नकेल कस रही है। इसी तारतम्य में फूड कोर्ट चैपाटी शहीद पार्क जगदलपुर में धारदार चाकू से एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।

25 नवंबर को फूड कोर्ट चैपाटी शहीद पार्क जगदलपुर में दीपक अमोलिक, मनोज शुक्ला एवं अन्य लोगों ने प्रार्थिया शीबा कालेट के पति अभिषेक कालेट पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। अभिषेक कालेट की जांघ, हिप, घुटने, कलाई तथा सीने में गंभीर चोतेन पहुंचाई गईं। आरोपियों पर कोतवाली थाने में अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र सिंह मीणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर, आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही थी। इसी बीच आरोपी दीपक अमोलिक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दीपक ने पूछताछ में बताया कि 25 नवंबर की रात्रि 8.30 बजे मिशन कम्पाऊंड में वह मनोज शुक्ला, अभिषेक और गुरूविंदर मिले चुनाव को लेकर बातचीत कर रहे थे, किसी बात पर उसका अभिषेक से बहस हो गई। तब वह और मनोज शुक्ला नाराज होकर वहां से चले गए। उसके बाद उसने गुस्से से अभिषेक को फोन करके फूड कोर्ट के बुला लिया और अन्य के साथ वह भी पहुंच गया। मनोज शुक्ला कार सीजी 17 केएल 9728 से वहां पहुंचा। जहां सभी ने मिलकर अभिषेक कालेट की हाथ मुक्के से पिटाई शुरू कर दी और उसने अपने पास रखे चाकू से अभिषेक कालेट की जांघ, हिप, घुटने व कलाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी से चाकू एवं घटना में प्रयुक्त वाहन को बरामद कर लिया गया। उसे न्यायालय ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है। इस मामले को सुलझाने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद सिंह ठाकुर, लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक भूपेंद्र नेताम, युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार, भृगु कश्यप, विनोद खेस की अहम भूमिका रही।

दीपक की रोशनी से तेलंगाना का मेडक भी जगमगाया

0

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने राज्य में कांग्रेस की ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास के बाद मिशन तेलंगाना के लिए निकल पड़े, यह तो सर्वविदित है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज ने देर रात तेलंगाना के मेडक विधानसभा में प्रत्याशी के पक्ष में सभा की और समां बांध दिया।

तेलंगाना में भी कांग्रेस के प्रति जबरदस्त माहौल है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद बैज की चुनावी सभा में उपस्थित जन सैलाब ने जाहिर कर दिया कि बस्तर का लाल और छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान दीगर राज्य में भी कांग्रेस की विजय पताका फहराने में सक्षम है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने चुनावी दौरे पर तेलंगाना में हैं। जहां उन्होंने आज देर रात मेडक विधानसभा के चुनावी सभा में उपस्थित हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

संविधान का पालन करके ही पा सकते हैं अधिकार : देवांगन

0
  • काकतीय कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर
    जगदलपुर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश मनीष कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में शासकीय काकतीय स्नात्तकोत्तर महाविधालय जगदलपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। आरंभ में माता सरस्वती एवं संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
    विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और प्राचार्य से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रथम अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश डीआर देवांगन ने विधि छात्र छात्राओं को संविधान के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्य के अनुपालन से अवगत कराया।

 

उन्होंने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर रौशनी डालते हुए कहा कि संवैधानिक दायरे में रहकर तथा संविधान का पालन करते हुए ही अधिकारों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक सेवा योजनाओं की भी जानकारी दी। जगदलपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुपनारायण पठारे ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब न्याय पाने में गरीबी बाधक नहीं है। द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वर्ग -1 अनिता ध्रुव ने विद्यार्थियों को संविधान, राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता की रक्षा व संवैधानिक मूल्यों के पालन के लिए प्रेरित करते हुए मूलभूत अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. के. इंदिरा ने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों को उन अधिकारों से अवगत कराने पर जोर दिया। इस दौरान विधि के छात्र छात्राओं ने गौर नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कॉलेज के विधि विभाग के प्राध्यापक मोहन सोलंकी, सभी प्राध्यापक, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मुंदीप्रसाद जोशी, चुन्नीलाल पाणिग्रही, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स जगन्नाथ भारती एवं कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

दल्ली राजहरा में व्योवृद्ध बीएसपी की पूर्व नर्स एवं समाज सेविका श्रीमती विधावती राम का 90 वर्ष की आयु में निधन

0

दल्लीराजहरा बड़े दुख के साथ आप सभी को यह सूचित किया जाता है कि श्रीमती विद्यावती राम 90 वर्ष निवासी इंदिरा कालोनी दल्ली राजहरा जो श्री न्युटन/अजय/नितिन/नलिनी राम (राजहरा पैथोलॉजी) की माता जी थी का,आज दिनांक 26/11/2023 को देहांत हो गया,उनका अंतिम संस्कार(funeral) कल दिनांक 27/11/2023 दिन सोमवार दोपहर 1 बजे जरागावं मुंगेली में होना तय हुआ है। आपने ने बीएसपी हॉस्पिटल दल्ली राजहरा में 30 वर्ष से ऊपर अपनी सेवाए दी अपने सरल सहज एवं सेवा भाव के कारण सभी की प्रिय थी

नेहरू नगर में महायज्ञ 2 को

0

भिलाई छत्तीसगढ़ में सुख, समृद्धि, खुशहाली, और उन्नति हेतु महायज्ञ का आयोजन नेहरू नगर भिलाई के कालीबाड़ी दशहरा मैदान पर 2 दिसंबर को किया जा रहा है। वैशाली नगर सीट के निर्दलीय विधायक प्रत्याशी इंजीनियर जयप्रकाश यादव ने बताया कि इस महायज्ञ में शिवशक्ति सिद्धेश्वर अखाड़ा अमृतेश्वर महादेव मंदिर मुंबई के गुरुदेव रुद्रनाथ पूजन अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। श्री यादव ने बताया कि महायज्ञ में संपूर्ण छत्तीसगढ़ की अनेक विभूतियों की उपस्थिति रहेगी। यज्ञ में आम नागरिक, युवा, माताएं समस्त परिवार उपस्थिति दर्ज कराकर पुण्य लाभ ले सकते हैं। आयोजन समिति के संयोजक जयप्रकाश यादव ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में उपस्थिति की अपील की है।

ओड़िशा निर्मित बियर की तस्करी कर रहा युवक पकड़ाया

0

बकावंड ओड़िशा से अंतर्राज्यीय मार्ग के जरिए होने वाली अवैध वस्तुओं और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देश पर पुलिस कड़ी नजर रखकर काम कर रही है। इसी कड़ी ने एक व्यक्ति को मोटर साईकिल से बियर की तस्करी करते पकड़ा गया।
एसएसपी एवं एएसपी के दिशा निर्देश पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भानपुरी घनश्याम कामड़े के सुपरविजन में 24 नवंबर को ओडिसा से एक बिना नंबर की पल्सर मोटर सायकल में अवैधअंग्रेजी शराब को छुपाकर छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहे युवक को बकावंड थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ नलपावंड नाका पर नाकाबंदी कर पकड़ा। जब संदिग्ध बाईक को रूकवाने का प्रयास किया गया तो चालक ने गाड़ी सहित भागने का प्रयास किया। पुलिस के जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।संदिग्ध व्यक्ति ने पूछताछ करने पर अपना नाम बलिराम कश्यप पिता कुमोराम कश्यप उम्र 30 वर्ष, निवासी किंजोली थाना बकावंड बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ओड़िशा निर्मित हंटर बियर की 12 बोतलों की पेटी बरामद की गई। बियर की कीमत रुपया 1800 रु बताई गई है। इसके अलावा नगद रकम 3050 रुपए भी उसके पास से मिली। बियर, रकम और मोटर सायकल को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय भेजकर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप, नीलाधर बघेल, आरक्षक बलिराम भारती, भोलाराम बघेल, जगतराम कश्यप, राहुल नेताम की भूमिका सराहनीय रही।

MOST POPULAR

HOT NEWS