City Media - Page 20 of 1840 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 20

लाखों की निविदा से जुड़ा स्पीड पोस्ट रहस्यमयी ढंग से गायब

0

जगदलपुर नगर निगम को भेजे थे निविदा प्रपत्र

दो लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट भी था लिफाफे में

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर से जुड़ी एक महत्वपूर्ण निविदा प्रक्रिया के तहत स्पीड पोस्ट से भेजे गए निविदा दस्तावेजों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। रायपुर स्थित राघव एडवरटाइजिंग ने इस संबंध में प्रधान डाकघर जगदलपुर के डाक अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया निविदा दस्तावेज निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंच पाया, जिससे निविदा प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

शिकायत पत्र के अनुसार राघव एडवरटाइजिंग रायपुर द्वारा 6 मई को रायपुर एनएसएच से स्पीड पोस्ट आर्टिकल क्रमांक ईसी 461174536 आईएन के जरिए आयुक्त नगर पालिक निगम जगदलपुर को मिनी स्मार्ट पीपीपी मॉडल के तहत स्थापना एवं संचालन हेतु रुचि की अभिव्यक्ति से संबंधित निविदा दस्तावेज भेजे गए थे। दस्तावेजों के साथ 2 लाख रुपए की डिमांड ड्राफ्ट सहित अन्य जरूरी कागजात भी संलग्न थे।डाक विभाग की ऑनलाइन ट्रैकिंग रिपोर्ट में यह स्पीड पोस्ट 8 मई 2026 को सुबह 8 बजकर 53 मिनट पर जगदलपुर डाकघर पहुंचना दर्शाया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में डाक सामग्री के जगदलपुर पहुंचने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित कार्यालय तक उसकी डिलीवरी नहीं हुई। लगातार संपर्क और जानकारी जुटाने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उक्त स्पीड पोस्ट वर्तमान में डाकघर में उपलब्ध नहीं है। इसके बाद दस्तावेजों के गुम होने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा है कि इसमें महत्वपूर्ण निविदा दस्तावेज और बड़ी राशि का डिमांड ड्राफ्ट शामिल था। राघव एडवरटाइजिंग ने आशंका जताई है कि स्पीड पोस्ट को जानबूझकर गायब या गुम किया गया है, ताकि उनकी संस्था निविदा प्रक्रिया में भाग न ले सके। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इस पूरे घटनाक्रम में विभागीय कर्मचारी, बाहरी व्यक्ति अथवा अन्य कोई संबंधित पक्ष शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले को गंभीर और आपराधिक प्रकृति का बताते हुए शिकायतकर्ता ने विस्तृत जांच की मांग उठाई है। शिकायत पत्र की प्रतिलिपि सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग रायपुर, कलेक्टर जगदलपुर और आयुक्त नगर निगम जगदलपुर को भी भेजी गई है। आवेदन में डाक विभाग से आग्रह किया गया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अब यह मामला सामने आने के बाद डाक विभाग की कार्यप्रणाली और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

दल्लीराजहरा में दर्दनाक हादसा: नाली खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत

0

बालोद जिले के दल्ली राजहरा स्थित डीएवी स्कूल के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार लंबे समय से चल रहे नाली खुदाई कार्य के दौरान अचानक गड्ढे की दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे तीन मजदूर मिट्टी में दब गए। हादसे में तीनों मजदूरों की मौत होने की खबर सामने आ रही है।बताया जा रहा है l

कि नाली निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर बाहर निकल नहीं पाए और मलबे में दब गए। घटना लगभग आधा घंटे पहले की बताई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसे पुलिस द्वारा दूर हटाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बना हुआ है।फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है मृत मजदूरों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

घटना स्थल पर सांसद भोजराज नाग भी पहुंच गए हैं।बीएसपी के सिवरेज लाइन में पाइप बिछाने के दौरान दुर्घटना तीन व्यक्ति की मिट्टी खिसक जाने के कारण दबकर कर मौत। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों में 2 पुरुष किशुन कुमार, राकेश कुमार है तथा एक महिला जिसका नाम बैशाखिन बताया जा रहा है । बिना किसी सुरक्षा के 10 फीट गहरे में घुसकर काम करना एक जांच का विषय है

कांकेर लोक सभा सांसद भोजराज नाग मौके पर डटे रहे जिससे प्रशासन को निर्देशित किया एवं बीएसपी प्रबंधन एवं प्रशासन के लोगों को तत्काल राहत कार्य की निर्देशित करने से तीन मशीन मौके पर पहुंची उन्होंने कहा दूसरे ढाई घंटा के बाद भी आप लोगों के द्वारा संतोषप्रद काम नहीं किया जा रहा है मौके पर बीएसपी के अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश साहू तहसीलदार नेताम जल्द अपने दिशा निर्देश पर कार्य करने के आग्रह किया

बस्तर जिला भाजयुमो की कार्यकारिणी की घोषित

0

मौर्य, तिवारी, झा और पात्रो बने जिला उपाध्यक्ष

13 मंडलों में भाजयुमो अध्यक्षों के नाम घोषित

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने की घोषणा

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी ने भाजपा युवा मोर्चा बस्तर जिला की नवीन जिला कार्यकारिणी टीम की घोषणा कर दी है। साथ ही जिले के सभी तेरह मंडलों के भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्षों के नाम भी घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय की अनुमति और भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगीराज टिकरिया की अनुशंसा से भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा बस्तर जिला की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की। भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव एवं जिला महामंत्री रामप्रसाद मौर्य व सत्यम झा की घोषणा पूर्व में ही हो गई थी। भाजयुमो जिला कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष जीवनाथ मौर्य, आलेखराज तिवारी, आनंद झा,अभिषेक तिवारी, विकास पात्रो व भरत ठाकुर बनाए गए हैं। जिला मंत्री विनोद पांडेय बंटू, अमित कपूर, डिकेश नाग, मयंक दीवान,विमल पाण्डेय, सोमप्रकाश जोशी व अनुष्का साहू बने हैं। कोषाध्यक्ष कृष्णा निषाद,सह कोषाध्यक्ष राहुल सोनी नियुक्त हुए हैं। मीडिया प्रभारी रोहन घोष,सह मीडिया प्रभारी मोरध्वज सेठिया, सोशल मीडिया प्रभारी तमिश नायडू व सह सोशल मीडिया प्रभारी पंकज राठौर को बनाया गया है। कार्यालय मंत्री विवेक साहू, प्रशिक्षण प्रमुख परेश ताटी, स्वास्थ्य प्रमुख प्रतीक नायडू, विक्रम सिंह ठाकुर व दीपक पांडेय, कन्या शक्ति नुपुर समदार, काजल वर्मा, तेजस्वी घोष को बनाया गया है। आईटी सेल प्रभारी मुकेश शर्मा,जशवंत जोशी, जितेंद्र बाकड़े, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मनी विक्रम नायडू व राज देवांगन, विधि विधायी प्रभारी आदर्श ठाकुर व सुवेंद्र भदौरिया, नीति एवं अनुसंधान रवि शर्मा व रवि नेताम, खेल एवं कला प्रभारी शरद श्रीवास्तव और मन की बात प्रभारी प्राचीन तिवारी बनाए गए हैं।

भगत सोनी बकावंड के अध्यक्ष

बस्तर जिले के तेरह मंडलों में भाजयुमो के घोषित मंडल अध्यक्षों में बस्तर मंडल में योगेश चंदेल, करपावंड मण्डल में तुलसीराम भारती, बकावंड मंडल में भगत सोनी, तोकापाल मंडल में शिव सूर्यवंशी, बास्तानार मंडल में रुपाराम मुचाकी, नानगुर मंडल में नरेंद्र पांडेय, सरगीपाल मंडल में खगेश्वर कर्मा, भानपुरी मण्डल में ओम कश्यप, दरभा मंडल में दिनेश पांडेय, जगदलपुर पश्चिम मंडल में अनिमेष सिंह चौहान, जगदलपुर पूर्वी मंडल में रमेश नायडू, लोहंडीगुड़ा मंडल में अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़ व महामंत्री लखन ठाकुर और नगरनार मंडल के अध्यक्ष रुपेश समरथ व महामंत्री सुनील नाग को बनाया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने जिला युवा मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों व कार्यकारिणी से संगठन को मजबूत बनाने व पार्टी की रीति नीति को आगे बढ़ाते हुए सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा की है।

संजय बाजार में सब्जी विक्रेता किसानों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने धरना

0

किसान संघ ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर भारतीय किसान संघ बस्तर द्वारा जगदलपुर के संजय बाजार में फुटकर व्यापारियों की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु धरना प्रदर्शन किया गया। नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया।

ज्ञापन में बाजार स्थल पर महिला किसानों को सब्जी बेचने के लिए साफ सुथरी जगह, पेयजल उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य परीक्षण, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, सफाई व पार्किंग व्यवस्था करने, मटन मछली के दुकानदारों के लिए बाहर दुकान की व्यवस्था करने की मांग की गई है। सभी मांगों को आयुक्त ने स्वीकार किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष नील कुमार बघेल, कोषाध्यक्ष नंद किशोर पाण्डेय, महिला प्रमुख जयंती नेताम, पर्यावरण प्रमुख रमेश ठाकुर, विद्युत प्रमुख नरेंद्र सेठिया, सह मंत्री लखमी बघेल, उपाध्यक्ष सुनीता दास, सहकारिता प्रमुख वासुदेव कश्यप, तहसील अध्यक्ष श्याम सुंदर बघेल, मंत्री फाल्गुनी पटेल, बकावंड से चुन्नू लाल ठाकुर, महिला प्रमुख दुतिका नाग, बस्तर तहसील से कमल सिंह ठाकुर तहसील अध्यक्ष जगदलपुर व संजय बाजार के किसानों की उपस्थिति रही।

बस्तर में स्थानीय आरक्षण समाप्त करने से आदिवासी युवाओं में आक्रोश, युवा प्रभाग ने खोला मोर्चा

0

लखेश्वर कश्यप बोले- अब भीख नहीं, छीन कर लेंगे अधिकार

जगदलपुर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर 100 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण समाप्त किए जाने से बस्तर संभाग के आदिवासी युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग जिला बस्तर के अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने बयान जारी कर शासन व प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। जारी बयान में लखेश्वर कश्यप ने कहा है कि बस्तर आज एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। हमारे पुरखों ने जिस जल, जंगल और जमीन के लिए हूल और भूमकाल जैसे बलिदान दिए, आज उसे छीनने की साजिश हो रही है। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर हमारा 100 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण खत्म होना सीधे हमारे भविष्य पर हमला है। उन्होंने चिंता जताई कि आरक्षण खत्म होने से बस्तर के अनुसूचित क्षेत्रों की सरकारी नौकरियों पर बाहरी लोगों का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर आज हम चुप रहे, तो हमारा पढ़ा-लिखा युवा बेरोजगार भटकेगा और आने वाली पीढ़ियां मजदूरी करने को मजबूर होंगी।

दरी बिछाने के लिए नहीं हैं हम

युवा प्रभाग अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने युवाओं से भावुक अपील करते हुए सवाल उठाते हुए कहा है कि बस्तर के युवाओं, क्या हम केवल दरी बिछाने और झंडे उठाने के लिए हैं? अब चुप रहने का वक्त नहीं है।” उन्होंने इसे केवल नौकरी ही नहीं बल्कि अस्मिता और वजूद की लड़ाई भी बताया। लखेश्वर कश्यप ने हुंकार भरते हुए कहा कि उठो, एकजुट हो जाओ, शासन और प्रशासन को बता दो कि बस्तर का युवा अब हक की भीख नहीं मांगेगा। अपना अधिकार छीनकर लेना जानता है। जब तक हमारा हक नहीं मिलता, हमारा संघर्ष नहीं थमेगा।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ की तत्कालीन सरकार ने 2019 में बस्तर और सरगुजा के अनुसूचित क्षेत्रों के लिए तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर 100 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण का प्रावधान किया था। इसका उद्देश्य स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देना था। हालांकि, 2023 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इस प्रावधान को सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय 50 प्रतिशत आरक्षण की अधिकतम सीमा का उल्लंघन मानते हुए रद्द कर दिया था। कोर्ट के फैसले के बाद से ही बस्तर में इसका कड़ा विरोध हो रहा है। आदिवासी संगठनों का तर्क है कि अनुसूचित क्षेत्रों के लिए संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून, 1996 के तहत विशेष प्रावधान किए जा सकते हैं।सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही इस मुद्दे पर संभाग स्तरीय बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। संगठन का कहना है कि वे संवैधानिक दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखेंगे, लेकिन हक मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे।

संजय बैंस की पहल पर किसान को मिली 38 हजार की लंबित राशि, 5 महीने बाद खिले चेहरे पर आई मुस्कान

0

एक बार फिर पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस क्षेत्र के किसानों के लिए देवदूत बनकर सामने आए हैं। चिपरा गांव के किसान शत्रुघ्न पिता बनऊ राम को 5 महीने से अटकी किसान उन्नति योजना की अंतर राशि आज उनके खाते में मिल गई, और इसका श्रेय जाता है संजय बैंस की तत्परता और पहल को।मामला 23 दिसंबर 2025 का है। शत्रुघ्न ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कुसुमकसा में 54 क्विंटल धान बेचा था। धान का मूल भुगतान तो समय पर मिल गया, लेकिन किसान उन्नति योजना के तहत मिलने वाली अंतर राशि उनके खाते में नहीं पहुंची। इसके बाद शत्रुघ्न बार-बार कुसुमकसा की समिति और दल्ली राजहरा के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के चक्कर काटते रहे। समिति प्रबंधक का जवाब बस यही रहता कि विभागीय त्रुटि के कारण पैसा नहीं आया, जबकि उनके स्तर से राशि भेज दी गई है।

12 किलोमीटर की दूरी तय कर समिति और बैंक के बीच दौड़ते-भागते किसान थक गए। अंत में उन्होंने गांव के भाजपा कार्यकर्ता संदीप साहू से अपनी व्यथा साझा की। संदीप साहू ने तत्काल यह मामला संजय बैंस तक पहुंचाया।किसान की स्थिति देखकर संजय बैंस ने कहा कि अन्नदाता को अपनी ही मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, यह देखकर सिस्टम पर गुस्सा आता है। उन्होंने तुरंत सहकारिता सीईओ मनोज नेताम और बैंक प्रबंधक से संपर्क किया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता समझते हुए तुरंत कार्रवाई की और किसान के खाते में 38,394 रुपये की अंतर राशि जमा कर दी।संजय बैंस ने बैंक प्रबंधक और समिति प्रबंधक की संवेदनशीलता के लिए आभार जताते हुए कहा कि मेरे क्षेत्र की जनता चाहे किसान हो या मजदूर, उनके चेहरे की मुस्कान ही मेरी असली कमाई है। जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा एक ही मकसद है कि मेरे क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति समस्या में न रहे।पैसा मिलने के बाद किसान शत्रुघ्न की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन ही नहीं था कि इतने दिनों बाद पैसा मिलेगा। संजय बैंस जी और संदीप साहू के प्रयास से आज मेरी समस्या हल हुई। हमारे क्षेत्र में जब भी कोई संकट आता है, संजय बैंस जी ही सहारा बनते हैं। वे सच में हमारे लिए देवदूत से कम नहीं हैं।

शादी का प्रस्ताव नहीं माना, तो किशोरी पर कर दिया जानलेवा हमला

0

करपावंड थाना क्षेत्र के पोटियावंड का मामला

बकावंड करपावंड थाना क्षेत्र के ग्राम पोटियावंड में एक 17 वर्षीय किशोरी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने थाना करपावंड में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पोटियावंड निवासी गोविंद राम कश्यप ने थाने में दिए गए शिकायत पत्र में बताया है कि उनकी बेटी रत्ना कश्यप कक्षा 11वीं की छात्रा है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि संध करमरी निवासी बनमाली सोनी द्वारा पूर्व में शादी का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे लड़की की कम उम्र होने के कारण परिवार ने अस्वीकार कर दिया था। बताया गया है कि रविवार रात करीब 10 बजे रत्ना किसी फोन कॉल के बाद घर के बाहर गई थी। कुछ देर बाद चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां युवती घायल अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि आरोपी बनमाली सोनी ने धारदार हथियार से हमला किया और मौके से फरार हो गया।हमले में युवती के सिर, सीने, गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बस्तर को फिर से सुलगाने की “जिद”, टाकरागुड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाने पर विवाद

0

हिंदुओं के श्मशान घाट में शव दफनाने की जिद

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर में मतांतरित व्यक्तियों के शवों को दफनाने को लेकर विवादों का सिलसिला लगातार जारी है। खुद का कब्रिस्तान रहते हुए भी गांव के सार्वजनिक श्मशान में शव दफनाने की जिद इस बार भी विवाद की वजह बनी है। इस जिद को बस्तर में सामाजिक सदभाव बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा और “जिद” माना जा रहा है।

ताजा मामला जिला मुख्यालय जगदलपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर मुख्य मार्ग पर स्थित बड़ाजी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत टाकरागुड़ा के झिटकापारा का है। इस गांव के एक ईसाई मतांतरित व्यक्ति की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। झिटकापारा निवासी माड़िया जनजाति के पंडरी नाग की मृत्यु के बाद उसके शव दफनाने को लेकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों के अनुसार पंडरी नाग ने कई वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था और तभी से वह उस धर्म का पालन करते आ रह था। पंडरी नाग की मृत्यु के बाद ईसाई समुदाय के कुछ लोगों ने उनका शव गांव के पारंपरिक हिंदू मरघट में दफनाने की मांग रखी। जैसे ही इसकी सूचना गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर मरघट स्थल पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि शव को जगदलपुर के करकापाल स्थित ईसाई कब्रिस्तान में ही दफनाया जाए, जो इस प्रयोजन के लिए चिन्हित है।

पुजारी ने बताई परंपरा

मौके पर मौजूद ग्राम पुजारी ने कहा कि हमारा गांव आदिकाल से सत्य सनातन धर्म और प्रकृति पूजा को मानने वाला है। हमारे पूर्वज पीढ़ियों से देवी देवताओं और धरती की पूजा करते आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों से कुछ लोग अपनी मूल संस्कृति और रूढ़ी परंपरा को छोड़कर विदेशी पाश्चात्य संस्कृति अपना रहे हैं। ये लोग गांव के गुड़ी जतरा जैसे पारंपरिक पूजा आयोजनों में शामिल नहीं होते, बल्कि उनका विरोध करते हैं। इससे गांव में आपसी टकराव की स्थिति बनती है। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच बंगाराम बघेल ने कहा कि गांव में इस तरह के मामलों के लिए ग्रामसभा में नियम पारित हैं। साथ ही सुप्रीम कोर्ट का भी स्पष्ट आदेश है कि प्रत्येक धर्म के अनुयायियों के अंतिम संस्कार के लिए सरकार द्वारा अलग स्थान आवंटित किए गए हैं। हम उसी आदेश का पालन कर रहे हैं। ईसाई समुदाय के लिए करकापाल में कब्रिस्तान आवंटित है, इसलिए शव वहीं दफनाया जाना चाहिए।

विहिप-बजरंग दल का विरोध

घटना की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिशनरियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि हम ईसाई मिशनरियों के मंसूबों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने देंगे। ये लोग शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर हमारे भोले भाले आदिवासी भाई बहनों को बरगलाते हैं और उनका धर्मांतरण करा लेते हैं। इसके बाद उनकी ही जमीन पर चर्च बनाते हैं। उनके पट्टे पर लोन निकलवाकर उन्हें कर्ज में फंसा देते हैं। यह अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिस भाषा में समझेंगे, बजरंग दल उसी भाषा में समझाएगा। वहीं विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री घनश्याम नाग ने कहा कि बस्तर जैसा शांतिप्रिय क्षेत्र अब आए दिन विवादों में घिर रहा है। आदिवासी बेटियों को लव जिहाद में फंसाने, लैंड जिहाद करने, गांव गांव में अवैध चर्च बनाकर सामाजिक रीति नीति को तोड़ने का काम हो रहा है। मानव तस्करी भी बड़ी चालाकी से की जाती है। कुछ माह पहले नारायणपुर से दिल्ली ले जाई जा रही बच्चियों को हमारे संगठन के कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। जिला सह संयोजक योगेश रैली ने ग्रामीणों से अपील की कि सभी एकजुट रहें और सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में आता है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें। इससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकेगा। इस दौरान सरपंच बंगाराम बघेल, कमला बघेल, मिकेश्वर, जनपद सदस्य हिड़मा राम मंडावी, बदरू राम, रैयतू राम, लच्छिन राम, अनिल बघेल, सुंदर लाल समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

नई नहीं है यह “जिद

बस्तर संभाग में मतांतरित हो चुके लोगों के शवों को हिंदुओं के मुक्तिधामों में दफनाने की जिद का यह मामला नया नहीं है। इससे पहले भी संभाग के पचासों गांवों में एक समुदाय विशेष की “जिद” के मामले आते रहे हैं। तीन दिन पहले ही बस्तर जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम करंदोला में इसी तरह की घटना हुई थी। यहां धर्म परिवर्तन कर चुकी सेवानिवृत शिक्षिका रुक्मणि कुर्रे के शव को वन विभाग की भूमि पर दफनाने की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि वन विभाग की तार फेंसिंग और बाड़ को तोड़ कर करीब 5 डिसमिल जमीन को कब्रगाह में तब्दील करने की कोशिश की जा रही थी। बता दें कि करकापाल में मसीही कब्रिस्तान रहते हुए भी सरकारी जमीन और हिंदुओं के श्मशान घाटों में मतांतरित लोगों के शवों को दफनाने की ऎसी जिद से जाहिर होता है कि बस्तर को फिर से सुलगाने की साजिश रची जा रही है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के 8,631 प्रतिभावान विद्यार्थियों को वितरित की 12.26 करोड़ की छात्रवृत्ति

0

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा मजबूती की बड़ी पहल: कश्यप

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार वनांचल एवं तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत 8,631 प्रतिभावान विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से 12 करोड़ 26 लाख से अधिक की छात्रवृत्ति राशि वितरित की।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दिशा-निर्देश में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और शिक्षा का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वनांचल के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य केवल लघु वनोपज संग्रहण तक सीमित नहीं है, बल्कि वनाश्रित परिवारों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना भी है। छात्रवृत्ति योजनाएं तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को आत्मविश्वास, अवसर और नई दिशा प्रदान कर रही हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जब तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार का एक युवा भारतीय वन सेवा जैसी प्रतिष्ठित सेवा में चयनित होता है, तो यह शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सार्थकता एवं प्रभावशीलता को भी प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में गंभीरता से कार्य कर रही है, जिसका सीधा लाभ वनवासी एवं श्रमिक परिवारों को मिल रहा है।

अजय गुप्ता बने रोल मॉडल

तेंदूपत्ता संग्रहण से भारतीय वन सेवा तक का सफर तय करने वाले अजय गुप्ता आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनकी शिक्षा यात्रा को निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने स्कूल एवं कॉलेज की शिक्षा पूरी की और आगे चलकर भारतीय वन सेवा जैसी प्रतिष्ठित सेवा में चयनित होकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।यह योजनाएं केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वनाश्रित एवं संग्राहक परिवारों के बच्चों के सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।

चार श्रेणियों में छात्रवृत्ति

छात्रवृत्ति योजना तहत विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में लाभान्वित किया गया, जिनमें मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, प्रतिभाशाली छात्रों हेतु शिक्षा प्रोत्साहन योजना, व्यावसायिक शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति योजना और गैर व्यावसायिक शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ व्यावसायिक एवं गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

श्रेणीवार लाभार्थियों एवं राशि का विवरण मेधावी योजना के 1,639 लाभार्थियों को 44.85 लाख रुपए, प्रतिभाशाली योजना में 6,133 लाभार्थियों को 11.39 करोड़ रुपए, व्यावसायिक शिक्षा छात्रवृत्ति योजना में 71 लाभार्थियों को 6.15 लाख रुपए और गैर व्यावसायिक शिक्षा छात्रवृत्ति योजना में 788 लाभार्थियों को 35.72 लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी गई। इस प्रकार कुल 8,631 विद्यार्थियों को 12 करोड़ 26 लाख 7 हजार 500 रुपए की राशि वितरित की गई।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रुपसाय सलाम, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रबंध संचालक अनिल कुमार साहू, विभागीय अधिकारी, सहकारी संघ के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं वनाश्रित एवं तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि संघ द्वारा संचालित ये योजनाएं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।

डीबी ग्रुप को रेड क्रॉस सोसाइटी जिला बालोद द्वारा उत्कृष्ट समाज सेवा हेतु सम्मान

0

बालोद, दिनांक: 11 मई 2026 रेड क्रॉस सोसाइटी जिला बालोद द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डीबी ग्रुप को आज स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम बालाजी रिसॉर्ट, बालोद में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी के राज्य चेयरमैन श्री तोमन साहू* रहे। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। डीबी ग्रुप की उपलब्धि:डीबी ग्रुप द्वारा विगत 11 वर्षों में 7000 से अधिक यूनिट रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। समूह द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान एवं आपदा राहत कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई जाती रही है।मुख्य अतिथि श्री तोमन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “डीबी ग्रुप का कार्य युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। 7000 यूनिट रक्तदान का अर्थ है हजारों जिंदगियों को बचाना।” जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने डीबी ग्रुप के समस्त सदस्यों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा करते रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम में डीबी ग्रुप के प्रतिनिधियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS