जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर आई है। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के चलते नक्सली भाग खड़े हुए। सुरक्षा बलों ने नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया और मौके से भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की है।
नक्सली संगठन गंगालूर एरिया कमेटी के सचिव दिनेश मोड़ियम, गंगालूर एलओएस कमांडर दुला कारम, गंगालूर एरिया आरपीसी कमलू पूनेम एवं अन्य 15- 20 सशस्त्र माओवादियों की कोरमा- मुनगा के जंगलों में उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी, बस्तर फाइटर, एसटीएफ एवं कोबरा 202 व 210 बटालियन टीम ने घेराबंदी कर संयुक्त कार्यवाही की। इस दौरान सुरक्षा बलों को देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई की। सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख नक्सली ज़गलों की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। यह मुठभेड़ शनिवार सुबह लगभग 7 बजे कोरमा के जंगलों में हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों द्वारा माओवादियों के अस्थाई कैम्प को ध्वस्त कर दिया गया। सर्चिंग करने पर कैंप से भारी मात्रा में विस्फोटक, दवाईयां, माओवादी वर्दी, प्रतिबंधित माओवादी संगठन की प्रचार-प्रसार सामग्री, माओवादी साहित्य एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। क्षेत्र में सघन गश्त अभियान जारी है। बीजापुर एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने इस घटना की पुष्टि की है।
जल जीवन मिशन ने बदल दी सौतपुर के ग्रामीणों की जीवन -धारा
सौतपुर पंचायत के हर घर को नल से मिल रहा है पानी
अर्जुन झा
बकावंड शासन की योजनाओं का ईमानदारी से क्रियान्वयन हो, तो आम आदमी के जीवन की दशा और दिशा बदल जाती है। बशर्ते अधिकारियों की नीयत साफ हो, उनमें अपने कर्तव्य के प्रति संवेदनशीलता हो। केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन ने एक गांव के ग्रामीणों की जीवन -धारा ही बदल कर रख दी है। यह कहानी है सौतपुर की, जहां की महिलाओं के लिए पानी की समस्या सौतन की तरह खटक रही थी। सौतपुर की महिलाओं को अब इस सौतन से छुटकारा मिल गया है।
बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सौतपुर के ग्रामीण अब खुश हैं कि उनके गांव के हर घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल कनेक्शन लग गया है। नल से हर घर में भरपूर पानी पहुंच रहा है। घर में ही पानी की सुविधा मिल जाने से गांव की महिलाएं सबसे ज्यादा खुश नजर आ रही हैं। उन्हें अब पानी के लिए हैंडपंप जाना नहीं पड़ता। और न ही नदी नाले में झिरिया खोदने की जहमत उठानी पड़ती है। इस बारे में ग्राम पंचायत सौतपुर के युवा सरपंच मैना कश्यप बताती हैं कि गांव के प्रत्येक पारा मोहल्ले में सभी घरों को पानी मिल रहा है। इससे पूरे गांव में खुशहाली का माहौल है। घर के कामकाज और भोजन तैयार करने से लेकर पानी के इंतजाम में दिनभर खटने वाली महिलाएं विशेष तौर पर उत्साहित हैं। महिला सरपंच मैना कश्यप ने जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों में नल कनेक्शन लगाने हेतु सरकार के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए बताया कि अभी हाल ही में जल सभा कर सरपंच एवं सचिव को हर घर नल से जल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर उपस्थित पंचायत पदाधिकारियों सहित ग्रामीणों और गांव के पेयजल प्रबंधन से जुड़े जल वाहिनी के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस गांव के सभी 400 घरों में जल जीवन मिशन के तहत नल लगाए गए हैं। सौतपुर ग्राम पंचायत की जनसंख्या 2025 है। पंचायत में कुल 19 वार्ड में हैं। ग्राम पंचायत में 5 प्राथमिक शालाएं एक माध्यमिक शाला, सात आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। जल जीवन मिशन द्वारा इन सभी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को भी नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। साथ ही ग्राम पंचायत में भी नल कनेक्शन दिया गया है, जिससे कि पानी की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। सरपंच मैना बताती हैं कि यहां के ग्रामीणों का मुख्य व्यवसाय खेती है। सुबह उठ कर खेती में जाना। दिनभर वहां काम करके शाम को घर आने पर यह सुकून रहता है कि पानी लेने दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस बात से गांव की सभी महिलाएं सर्वाधिक खुश हैं। महिलाओं को अब पानी के लिए पसीना नहीं बहाना पड़ता। पहले घर की जरूरत के लिए पानी का इंतजाम करने में महिलाओं की सारी ऊर्जा खप जाती थी, उनका समय भी जाया होता था। अब घर बैठे पानी मिल जाने से गांव की माता -बहनों को मेहनत मशक्कत नहीं करनी पड़ती और उनके समय की भी बचत हो रही है। इस समय और ऊर्जा को महिलाएं घर के दूसरे कार्यों में लगाने लगी हैं।
स्वछता और जल संरक्षण पर भी ध्यान
सौतपुर ग्राम पंचायत में आयोजित जल सभा के मौके पर सभी प्राथमिक स्कूलों सहित माध्यमिक शाला में स्वच्छता एवं साफ-सफाई और सोख्ता गड्ढे के महत्व को समझाया गया तथा इससे संबंधित विषय पर निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने सक्रियता दिखाई। वहीं इन स्कूली बच्चों का पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहवर्धन किया। ग्राम पंचायत द्वारा पेयजल योजना को चलाने के लिए रखे गए पंप ऑपरेटर उमेश कुमार का कहना है कि गांव के सभी घरों में पानी आ रहा है। घर में पानी आने से लोग बहुत खुश हैं। गांव को मूलभूत सुविधा को उपलब्ध कराने वह पूरे मन से काम कर रहा हैै। वहीं ग्रामीण डमरू का कहना है कि घरों में नल नहीं था, तब पानी लेने दूर जाते थे। जिससे बहुत थकान हो जाती थी और समय भी बहुत लगता था। अब घर में पानी सुलभ होने से समय बच रहा है।
झूठे वादों से ऊब चुकी जनता अब छुटकारा चाहती है भाजपा से : दीपक बैज
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस छत्तीसगढ़ में भाजपा से बेहतर प्रदर्शन करेगी। भाजपा मुगालते में है कि राज्य में विधानसभा चुनावों की पुनरावृत्ति होने वाली है। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और नरेंद्र मोदी ने जो वादे देश की जनता से किए थे उन वादों का क्या हुआ? मोदी सरकार के 10 वर्ष भाजपा की वादाखिलाफी के स्मारक के रूप में याद किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में जनता मोदी सरकार से छुटकारा पाने मतदान करेगी। मोदी ने वायदा किया था अच्छे दिन आएंगे। मोदी के जाने के दिन आ गए, लेकिन अच्छे दिन नहीं आए। विदेश से कालाधन लाने का वादा किया। विजय माल्या, ललित मोदी, नीरव मोदी सरकार की मिलीभगत से देश का धन लेकर फरार हो गए, मोदी सरकार देखती रह गई। विदेशों से कालाधन नहीं आया। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख आने का वादा कर वोट ले लिया 15 लाख की बात तो दूर एक पैसा नहीं आया। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा चुनाव के पहले जनता को ठगने के लिए झूठे वादे करती है तथा चुनाव जीतने के बाद उसको जुमला बता देती है। यह भाजपा का असली चरित्र है। 2014 में भी मोदी ने देश की जनता से 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया था। हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। हर नागरिक के खाते में 15 लाख आने का वादा किया था। किसानों की आय दुगुनी करने का भी वादा था लेकिन 10 साल सरकार में रहने के बाद भी कोई वादा पूरा नहीं हुआ। अब छत्तीसगढ़ की जनता को ठगने के लिए नए जुमले फेंक कर मोदी की गारंटी बता दिया गया। लेकिन जनता भाजपा और मोदी दोनों के चरित्र को समझ चुकी है। राज्य में भाजपा बुरी तरह चुनाव हार रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की सिर्फ बात की, राफेल रक्षा सौदे में खुद मोदी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी। यूपीए के कानून के अनुसार लोकपाल पद पर नियुक्ति करने में मोदी सरकार विफल रही। अडानी के भ्रष्टाचार की मोदी सरकार संरक्षक बनी हुई है। हर साल दो करोड़ युवाओं का रोजगार का वादा किया था लेकिन जीएसटी, नोटबंदी से करोड़ों का रोजगार छीना, दो करोड़ रोजगार जो हर साल आने वाले थे, उनका क्या हुआ? 5 वर्षो में 10 करोड़ लागो को रोजगार मिलना था लेकिन बेरोजगारी बढ़ गई। महिला आरक्षण बिल लागू करने में छलावा किया गया। वन रैंक वन पेंशन विफल हो गई। महंगाई पर लगाम नहीं लगा पाए। गैस, पेट्रोल, डीजल के दाम मोदी राज में बढ़ गए। स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार किसान को लागत का दुगुना दाम नहीं दे पाए।
तीन लोगों ने ट्रांसपोर्टर शंभू की बेदर्दी से की थी पिटाई
गुप्तांग और सिर पर चोट, लोगों ने किया बीच बचाव
जगदलपुर बस्तर जिले के एक ट्रांसपोर्टर के साथ बस्तर परिवहन संघ कार्यालय के सामने अध्यक्ष सहित तीन लोगों ने मारपीट कर दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में बोधघाट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
बोधघाट पुलिस के मुताबिक 18 व 19 फरवरी की दरम्यानी रात ट्रांसपोर्टर शंभू के साथ मारपीट की घटना हुई। बस्तर परिवहन संघ अध्यक्ष प्रदीप पाठक एवं उनके साथी अनूप तिवारी ऊर्फ कुक्कू एवं जीतू यादव ने मां बहन की अश्लील गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। तीनों एक राय होकर हाथ, मुक्के और लात घूंसों से शंभू की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान बीपीएस के पूर्व सचिव कन्हैया झा एवं अमित तिवारी अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। प्रार्थी शंभू के अनुसार उसके गुप्तांग एवं सिर में चोट लगी है। इस मामले में बोधघाट थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जगदलपुर आदिवासी हल्बा समाज 18 गढ़ महासभा मुख्यालय बड़े डोंगर के तत्वावधान में संभाग बड़ांजी के पालीग्राम बड़ांजी में समाज की वार्षिक महासभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की आराध्य देवी माई दंतेश्वरी एवं ग्राम देवी आया जलनी की सेवा अर्जी कर समाज के वीर शहीद सुखदेव पातर, शहीद हरचंद नाईक, वीर शहीद गैंदसिंह एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व समाज प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।युवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित युवा महोत्सव सह करियर मंडई “हम होंगे कामयाब” में समाज के युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, राजनीति के क्षेत्र में अभिरुचि, सामाजिक संस्कृति के संरक्षण, संवैधानिक सरंक्षण पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। विभिन्न उच्च पदों पर पदस्थ समाज के कार्यरत और रिटायर्ड अधिकारियों एवं सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दिया। 18 गढ़ हल्बा समाज युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विश्वनाथ मांझी एवं युवा प्रकोष्ठ महासचिव रूपेंद्र मांझी ने समाज के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हल्बा समाज का इतिहास बहुत ही प्राचीन है। समय समय पर जब भी देश एवं समाज पर विपत्ति आई है, तब तब समाज के लोग अपना सर्वस्व न्यौछावर करने में पीछे नहीं रहे। देश के स्वतंत्रता संग्राम हो या देशहित का कार्य, सभी में समाज का योगदान सर्वोच्च रहा है। समाज के उन सपूतों को आदर्श मानते हुए हमे देशहित एवं समाजहित के क्षेत्र में योगदान देना है। आज भारत विश्व में विभिन्न क्षेत्रों में अपना वर्चस्व स्थापित कर रहा है। इसमें युवाओं का योगदान महत्वपूर्ण है। युवा ही समाज के रीढ़ हैं। अतः समाज के युवाओं को आज प्रगति में अपना योगदान सुनिश्चित करना है। समाज के रीति रिवाज एवं संस्कृति, सामाजिक उत्थान ,सामाजिक विकास के लिए व्यापक चर्चा की गई। 18 गढ़ महासभा अध्यक्ष लतेल राम नाईक, उपाध्यक्ष लोकनाथ गागड़ा, महासचिव कृष्णपाल राणा एवं पूर्व अध्यक्ष शिवकुमार पात्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले 18 लोगों को समाज गौरव पुरस्कार से समाज नवरत्न के रूप में सम्मानित किया गया।शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। छोटेडोंगर क्षेत्र के समाज के वैद्यराज हेमचंद मांझी को देश के दूसरे सर्वोच्च पुरस्कार पद्म भूषण पुरस्कार के लिए नामित होने पर सम्मानित किया गया।
वार्षिक महासभा 2024 एवं युवा महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं युवक युवतियां एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। यह जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी वरुण साहनी ने दी।
पूर्व विधायक ने कहा चित्रकोट के ग्रामीणों के सुख- दुःख हमेशा रहूंगा साथ
लोहंडीगुड़ा चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजमन बेंजाम सोमवार को छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम कोडरीपाल पहुंचे। वहां वे जलनी माता देवगुड़ी में जलनी माता के स्थापना समारोह में शामिल हुए। माता की पूजा अर्चना कर बेंजाम ने ग्राम पुजारी सहित क्षेत्र की सुख व समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।
इस दौरान पूर्व विधायक राजमन बेंजाम कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने बस्तर की संस्कृति को बचाने के उद्देश्य से देवगुगुड़ियों का जीर्णोद्धार करने का कार्य किया था। आज चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की लगभग सभी ग्राम पंचायतों में देवगुड़ियों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने आगे कहा मैं पद पर रहूं या ना रहूं, क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में हमेशा साथ रहूंगा। इस दौरान पूर्व विधायक राजमन बेंजाम के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीरसिंग मांझी, सांसद प्रतिनिधि महादेव नाग, बलिराम कश्यप, रीका कर्मा, जीतू चौहान, परदेशी बघेल, राजू चौहान एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को अब लेना होगा कठोर निर्णय
यहां पाई हुई सत्ता कांग्रेस को सौंप देते हैं भाजपाई
दल्लीराजहरा बालोद जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा में कांग्रेसी अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षदों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त हो गया। भाजपा की यह हार पार्टी के स्थानीय नेतृत्व के लिए आत्मचिंतन और केंद्रीय नेतृत्व के लिए कड़े फैसले लेने का संदेश दे गई है।
2019 में बालोद जिले की सबसे बड़े नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के 27 वार्डो के लिए पार्षद पद के चुनाव में भाजपा को मतदाताओं ने 13 पार्षद दिए। एक निर्दलीय पार्षद जो भाजपा का कट्टर समर्थक था को मिलाकर 14 पार्षद भाजपा के पास थे। कांग्रेस अपनी हार को दोहराते हुए और सिमटे-सिमटते नौ सीटों तक सिमट गई थी। भाजपा जैसे मजबूत संगठन के स्थानीय कमजोर नेतृत्व व जीते हुए पार्षदों के आपसी खींचतान तथा आपसी फूट का लाभ उठाते हुए नौ पार्षदों वाली कांग्रेस पार्टी ने अपने स्थानीय संगठन के मजबूत नेतृत्व, सटिक राजनीतिक रणनीतिक कौशल व एकता के बल पर हारी हुई बाजी को पलटकर अध्यक्ष पद हथिया लिया था। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छत्तीसगढ़ की सत्ता में जोरदार वापसी की। सत्ता में आने के बाद छत्तीसगढ़ की बहुत सारी नगर पंचायतों, जिला पंचायतों, नगर पालिकाओं, जहां कांग्रेसी अध्यक्ष या कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष आसीन थे वहां भाजपा, निर्दलियों व असंतुष्ट कांग्रेसी पार्षदो द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की एक लहर ही चल पड़ी थी। बहुत सी जगहों पर भाजपा को लाभ भी हुआ और उसके अध्यक्ष भी बन गए, लेकिन दल्ली राजहरा में बहुमत होने के बाद भी भाजपा फिर हार गई। ऐसे में निश्चित तौर कहा जा सकता है की जहां -जहां पर भाजपा को अविश्वास प्रस्ताव लाकर लाभ मिला, हुआ वहां पर उसका सारा श्रेय भाजपा के स्थानीय संगठन के कुशल नेतृत्व, बेहतर राजनीतिक रणनीति, कूटनीति व संगठनिक एकता को दिया गया है, किंतु राजहरा नगर पालिका में शुरु से बहुमत में होने के बाद भी भाजपाई आपसी खींचतान, पार्टी हित की अपेक्षा स्वहित को प्राथमिकता देने के कारण अपनी सत्ता कायम न कर सके। लेकिन राज्य की सत्ता पर वापसी और उसके बाद अनेक जगहों के स्वशासी निकायो में एकता के साथ किये गये सफल प्रयास से पुन: वापसी से भी दल्ली राजहरा के भाजपा पार्षद, नेनृत्वकर्ता, रणनीतिकार कोई प्रेरणा और पूर्व की गलतियों से सबक न ले सके और अपनी गलतियों को दोहराते नजर आए। इसका परिणाम बहुमत की संख्या होने के बावजूद अविश्वास प्रस्ताव में हार के रुप में पुन: सामने है। जहां भाजपा सत्ता प्राप्ति का कोई अवसर जाने नहीं देती, मगर दल्ली राजहरा में उल्टा होता आया है। यहां की जनता भाजपा को स्थानीय निकाय की सत्ता सौंपती है और भाजपाई पाई हुई सत्ता को कांग्रेस के हवाले कर देती है। स्थानीय संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच मजबूत आपसी तालमेल का अभाव, कमजोर स्थानीय संगठन व नेतृत्व, कुशल राजनीतिक-कूटनीतिकार की कमी, आपसी विश्वास में कमी, संवादहीनता, पार्टी हित की जगह स्वहित को प्राथमिकता, अनुशासनहीनता व केंद्रीय नेतृत्व का भय न होना जैसे गंभीर कारणों से भाजपा पिछले 15 वर्षो से पराभव झेल रही है। आज के अविश्वास प्रस्ताव में मिली हार पर भाजपा के स्थानीय नेतृत्वकर्ताओं को आत्मचिंतन करना चाहिए, अन्यथा इतिहास का दोहराव ऐसी ही हार के रूप में होता रहेगा।
जगदलपुर सोमवार को सुकमा के राजबाड़ा से माता की डोली रामाराम मंदिर के लिए रवाना हुई। भव्य डोली जात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव शामिल हुए।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने डोली जात्रा में विधिवत माता की पूजा अर्चना कर जिलेवासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मनोज देव, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विदित हो कि डोली यात्रा रामाराम मेले के एक दिन पहले निकलती है। रामाराम मेला आयोजन के बाद सुकमा मेला और इसके तत्पश्चात जिले में मेले मड़ई का सिलसिला शुरू हो जाता है।
जगदलपुर भारतीय पुलिस सेवा संवर्ग 2021 बैच के अधिकारी उदित भास्कर जगदलपुर के नए नगर पुलिस अधीक्षक होंगे। वे पूर्व में प्रशिक्षु के तौर पर रायगढ़ जिले के नगर पुलिस अधीक्षक के रुप में सेवा दे चुके हैं। बस्तर में पदस्थ रहे प्रशिक्षु आईपीएस रविंद्र सिंह मीणा का कोरबा तबादला हो गया है। इनके पूर्व नगर पुलिस अधीक्षक पद पर विकास कुमार बतौर प्रशिक्षु सेवा दे चुके हैं। उनका तबादला हो गया है। उनकी जगह अजाक एसडीओपी संभाल रहे थे।
नाले के गंदे पानी और खुले में नहाने मजबूर थीं कन्या आश्रम सोरगांव की छात्राएं
अर्जुन झा
जगदलपुर बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से 60 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सोरगांव के 100 सीटर आदिवासी कन्या आश्रम की छात्राओं की पुकार बस्तर के सहृदय कलेक्टर विजय दयाराम के. और आदिम जाति विकास विभाग के संवेदनशील सहायक आयुक्त अमित भाटिया ने अंततः सुन ली है।. कन्या आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रही बेटियों को अब न तो नाले के गंदे पानी में नहाना पड़ेगा और न ही खुले में शौच जाना पड़ेगा। कलेक्टर और सहायक आयुक्त की पहल पर आश्रम में पानी की व्यवस्था के लिए बोर करा लिया गया है। बोर सफल रहा है और उसमें मोटर पंप असेंबल कर दिया गया है।
सोरगांव कन्या आश्रम ड्राई जोन में स्थित है। पहले वहां कई जगह बोर कराए गए, लेकिन पानी नहीं निकला। नतीजतन आश्रम परिसर में बाथरूम और टॉयलेट रहने के बाद भी छात्राओं को नहाने और शौच के लिए आश्रम से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित नाले में जाना पड़ता रहा है। नाले में पानी बहुत ही कम रह गया है और वह पानी काफी गंदा भी हो चला है। फिर भी मजबूर छात्राएं उसी पानी में नहाती रही हैं, दातौन ब्रश करती रही हैं। शौच भी उन्हें नाले के आसपास की झाड़ियों में जाना पड़ता रहा है। छात्राओं के इस दर्द श्रमबिंदु ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित कर जिला प्रशासन तक पहुंचाया था। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सहृदयता दिखाते हुए तत्काल सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास विभाग अमित भाटिया को कन्या आश्रम सोरगांव जाकर हालात का पता लगाने और छात्राओं की तकलीफ दूर करने निर्देशित किया। विभाग के स्कूलों, आश्रमों,छात्रावासों के विद्यार्थियों के हितों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहने वालेसहायक आयुक्त अमित भाटिया बिना पल भी गंवाए सीधे सोरगांव पहुंच गए। वहां उन्होंने आश्रम अधीक्षिका और छात्राओं से चर्चा की। इसके बाद जिला प्रशासन एवं आदिम जाति विकास विभाग ने रिंग मशीन भेजकर आश्रम से कुछ दूर बोर कराया। सौभाग्यवश बोर सफल रहा और वहां पर्याप्त पानी निकला है। बोर में मोटर पंप भी असेंबल करवा लिया गया है। अब बोर से कन्या आश्रम तक पाईप लाईन बिछाकर आश्रम में पानी की आपूर्ति की जाएगी। अब मासूम बेटियों को खुले में न स्नान करना पड़ेगा और न ही शौच जाना पड़ेगा। सोरगांव के ग्रामीणों, आश्रम की छात्राओं और उनके पालकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इन सभी ने कलेक्टर विजय दयाराम के. और सहायक आयुक्त अमित भाटिया के प्रति आभार व्यक्त किया है।
तीसरी आंख के ऑपरेशन की जरूरत
सौ सीटर कन्या आश्रम सोरगांव में 7 वर्ष से 14 वर्ष आयु वर्ग की 78 छात्राएं रह रही हैं। सहायक आयुक्त ने उनकी सबसे बड़ी दिक्कत तो दूर कर दी है। अब एक और दिक्कत दूर हो जाए, तो छात्राओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो जाएगी। दरअसल बाहरी तत्वों की आवाजाही और छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आश्रम में शासन ने तीसरी आंख की व्यस्था कर रखी है, लेकिन यह तीसरी आंख भी दृष्टि दोष का शिकार हो गई है। कन्या आश्रम में सुरक्षा गार्ड, चौकीदार तैनात किए गए हैं।सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है, लेकिन एलईडी स्क्रीन नहीं लगाई गई है। इस वजह से सीसीटीवी कैमरा (तीसरी आंख) किसी काम का नहीं रह गया है। कैमरे में कैद होने वाली तस्वीरों को देख पाना संभव नहीं हो पा रहा है। अगर वहां एलईडी स्क्रीन लगा दी जाए, तो बेहतर होगा।
अब नहीं होगी छात्राओं को दिक्कत:भाटिया
सहायक आयुक्त अमित भाटिया ने कहा है कि आश्रम में पानी की व्यवस्था के लिए बोर करा लिया गया है, जो सक्सेस रहा है। बोर में मोटर पंप लगाया जा रहा है। बोर से पाईप लाईन के जरिए सीधे कन्या आश्रम में पानी पहुंचेगा। अब बेटियों को दिक्क़तों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि अमित भाटिया अपनी संवेदनशीलता के चलते आदिवासी विद्यार्थियों के बीच मसीहा के रूप में प्रतिष्ठित हो चुके हैं। कुछ दिनों पहले ही दरभा के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्र खराब भोजन परोसे जाने को लेकर सड़क पर उतर आए थे। तब भी आदिम जाति विकास विभाग बस्तर के सहायक आयुक्त अमित भाटिया तुरंत हरकत में आ गए थे। उन्होंने अधीक्षक और प्रिंसिपल को पदमुक्त कर दिया। वहींं बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. नेश्री भाटिया के प्रतिवेदन के आधार पर अधीक्षक को निलंबित भी कर दिया। सहायक आयुक्त अमित भाटिया का कहना है कि आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रमों में रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भोजन से लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत यदि आती है तो संबंधित कर्मचारी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अमित भाटिया ने आगे कहा यदि बच्चों को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे व्यक्तिगत रूप से उनके मोबाइल नंबर 9479258222 पर कॉल कर सकते या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दे सकते हैं।