City Media - Page 567 of 1857 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 567

राजभवन में लंबित सर्व समाज के आरक्षण विधेयक पर स्थिति स्पष्ट करे साय सरकार :दीपक बैज

0
  •  भाजपा का चरित्र है आरक्षण विरोधी: बैज

जगदलपुर बस्तर के लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की बदनीयती के चलते ही पूर्ववर्ती सरकार द्वारा पारित 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक विगत 14 माह से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी राजभवन में लंबित है। भाजपाइयों के षड्यंत्र के चलते ही छत्तीसगढ़ की बहुसंख्यक अबादी को उसके शिक्षा और रोजगार के अधिकार को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले प्रावधान के 76 प्रतिशत आरक्षण से वंचित रखा गया है।

दीपक बैज ने कहा है कि भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 32 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए उनकी आबादी के अनुरूप 13 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान आरक्षण विधेयक 2022 में किया है। सभी वर्गो के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले ईडब्ल्यूएस के लिए भी 4 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था उस विधेयक में है। भाजपा नेताओं के षडयंत्र और दुर्भावना के चलते आरक्षण विधेयक को लंबित रखा गया है। अब तो प्रदेश में तथाकथित डबल इंजन की सरकार है, राजभवन में लंबित छत्तीसगढ़ नवीन आरक्षण विधेयक पर अपनी स्थिती स्पष्ट करे विष्णुदेव साय सरकार। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सामाजिक न्याय विरोधी है। विष्णुदेव साय सरकार नहीं चाहती कि स्थानीय आबादी को उनका अधिकार मिले। आरक्षण विरोधी भाजपाइयों के इशारे पर ही जन सरोकारों के महत्वपूर्ण 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक को राजभवन में लंबित रखा गया है। सरकार बनते ही अडानी के मुनाफे के लिए तत्परता से हसदेव में जंगल कटवाने वाले भाजपा नेता आरक्षण विधेयक का अनुमोदन करने की अपील राजयपाल से करें, अन्यथा अपने राजनैतिक पाखंड के लिए पौने तीन करोड़ छत्तीसगढ़िया जनता से माफी मांगे। आरक्षण विधेयक के संदर्भ में भाजपा से रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बताएं कि महामहिम से 76 प्रतिशत आरक्षण विधेयक पर शीघ्र हस्ताक्षर करने की अपील कब करेंगे?

नई बसाहटों में पोल, स्ट्रीट लाइट, विद्युतीकरण सुविधा जल्द हो: सुरेश गुप्ता

0
  • भाजपा नेता गुप्ता ने बिजली कंपनी के असिस्टेंट इंजीनियर से की चर्चा

जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर की सीमा में मिलाए गए 11गांवों की बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता से मुलाकात की। श्री गुप्ता ने इन बस्तियों में बिजली पोल लगाने, स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था करने और विद्युतीकरण कराने की मांग रखी।

गुप्ता ने कहा है कि जगदलपुर को नगर निगम बनाने के वक्त नगर निगम में सीमावर्ती 11 गांव जोड़े गए थे। ये 11 गांव वर्तमान में शहर के किनारे के वार्ड हैं। इन वार्डों में तेजी से बसाहट और आबादी का विस्तार होने से लगातार मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता बढ़ रही है। इन वार्डों में से विद्युत सुविधा विस्तार की सख्त जरूरत है। कई स्थानों पर नए मकान बनने से नई आबादी के विस्तार होने से वहां विद्युत की समस्या, स्ट्रीट लाइट की परेशानी जैसे विषय को लेकर भाजपा नेताओं ने धरमपुरा विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय में प्रभारी असिस्टेंट इंजीनियर भद्रे से मुलाकात की। इन वार्डों में नए खंभे लगाने और स्ट्रीट लाइट हेतु विद्युत विस्तार की बात रखी। चर्चा के दौरान अस्सिटेंट इंजीनियर विद्युत वितरण कंपनी श्री भद्रे ने कहा कि हम यथाशीघ्र विद्युत विस्तार हेतु प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री शहरी विद्युत योजना के अंतर्गत लोगों को सुविधा मुहैया करवाएंगे। जहां खंबे लग चुके हैं, वहां पर हम जल्द ही स्टीट लाइट हेतु विद्युत लाईन का विस्तार करेंगे।

लाते हैं विधायक के संज्ञान में भी

सुरेश गुप्ता ने कहा कि पांच सालों में जगदलपुर का विकास ठहर गया था। अब डबल इंजन की सरकार बनते ही विधायक किरण देव के नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता लोगों की आकांक्षा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने हेतु संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में समस्याओं को ला रहे हैं और निराकरण करवा रहे हैं।और ऐसे कार्य जो सीधे शासन पर निर्भर हैं, उनके मांग पत्र बनवाकर विधायक किरण देव को सौंप रहे हैं। विद्युत अधिकारी से भेंट के दौरान सुरेश गुप्ता के साथ सुधा मिश्रा, लक्ष्मी कश्यप, भुवनेश ध्रुव, उपस्थित थे।

जिला स्तरीय शिशु संरक्षण माह का किया गया शुभारंभ

0

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकत्सा स्वास्थ आधिकारी डॉ. आरके चर्तुवेदी के निर्देशन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर भैरमदेव वार्ड में जिला स्तरीय शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ किया गया। वार्ड की पार्षद व मीतानिन त्रिवेणी रंगारी ने विटामिन ए की दवा पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिशु संरक्षण माह 16 फरवरी से 22 मार्च तक मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम स्वास्थ, स्वच्छता और पोषण दिवस पर मनाया जा रहा है। जिला टीकाकरण आधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बताया कि 9 माह से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ए की दवा 6 माह के अंतराल में पिलाई जा रही है। विटामिन ए के पिलाने के साथ ही बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया जा रहा है। छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण शिशु संरक्षण माह में किया जाएगा। 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन लिया जाएगा। इस मौके पर स्वास्थ विभाग से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, डॉ. निशांत बागड़े चिकत्सा अधिकरी, डॉ.रीना लक्ष्मी डीपीएम, संजीव दुबे सीपीएम, बी. संतोष संभागीय एनसीडी सलहकार, नईम कुरैशी मितानिन कोऑर्डिनेटर, एमटी नीलमणि साहू, रजनी मलगांवकर, नरेश मरकाम, सुंदर मरकाम, अमित पटेल, मितानिन कमला जंघम के अलावा वार्ड की महिलाएं और बच्चे उपस्थित थे।

रोजगार गारंटी योजना: काम लेने की गारंटी है, मगर मजदूरी भुगतान की नहीं

0
  • सालभर से मजदूरी राशि के लिए भटक रहे हैं श्रमिक
  • डबरी निर्माण में लगे मजदूरों के साथ हुआ घोर अन्याय

अर्जुन झा

बकावंड ग्राम पंचायत बकावंड में एक और बड़ा कारनामा उजागर हुआ है। मनरेगा मजदूरों को सालभर से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। अपनी मेहनत की कमाई के लिए गुहार लगाते लगाते थक चुके मजदूरों को जनपद पंचायत के अधिकारी भी टरकाते चले आ रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि रोजगार गारंटी योजना के कार्यों में रोजगार मिलने की तो गारंटी है, मगर पगार मिलने की नहीं। जब विकासखंड मुख्यालय के मजदूरों का इस तरह शोषण हो रहा है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायतों में क्या हाल होगा?

विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत बकावंड में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत सालभर पहले बकावंड डबरी निर्माण का कार्य कराया गया था। ग्राम पंचायत के माध्यम से कराए गए डबरी निर्माण में जमकर पसीना बहाने वाले मजदूरों को आज तक मजदूरी राशि का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूर ग्राम पंचायत के कर्ता धर्ताओं से लाख बार मिन्नतें कर चुके हैं। पंचायत प्रतिनिधि मजदूरों को संतोषजनक जवाब नहीं देते। वहीं जब मजदूर जनपद पंचायत कार्यालय में जाते हैं, तो वहां के अधिकारी कहते हैं कि कल भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन अधिकारियों का यह कल 1 साल बाद भी नहीं आ पाया है। कड़ी मेहनत कर डबरी बनाने वाले मजदूर हताश और परेशान हो चले हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वे घर की जरूरत का सामान नहीं खरीद पा रहे हैं। इसके चलते उनमें भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

कलेक्टर – सीईओ से गुहार

डबरी निर्माण में काम करने वाले मजदूर रमिया, गिरधर, गोपीनाथ, पुष्पा, भगवती, सोना, विमला, गणपति, सुब्बती, सुमित्रा, कमलू, भगवती, परसों, फूलो, दयामणि, नीला आदि ने कहा है कि सालभर बाद भी मजदूरी का भुगतान न किए जाने से उन्हें लगने लगा है कि मजदूरी राशि डकार ली गई है। मजदूरों का कहना है कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना में काम करा लेने की तो गारंटी है, मगर मजदूरी मिलने की गारंटी नहीं है। अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि केंद्र और राज्य की सरकारों की छवि धूमिल करने में लगे हैं। मजदूरों ने बस्तर के संवेदनशील कलेक्टर विजय दयाराम के. और जागरूक जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे से आग्रह किया है कि वे मजदूरी दिलाने के लिए जनपद सीईओ को तत्काल निर्देशित करें।

बकावंड जनपद पंचायत में डोलने लगा है कांग्रेस का सिंहासन

0
  • 19 सदस्यों ने लायाा अविश्वास प्रस्ताव, कलेक्टोरेट में सौंपा गया पत्र
  • कांग्रेसी उपाध्यक्ष रामानुजन हो गए भाजपा में शामिल

अर्जुन झा

बकावंड जनपद पंचायत बकावंड की अध्यक्ष की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। कांग्रेस का सिंहासन डोलता हुआ नजर आ रहा है। जनपद पंचायत से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है। सात कांग्रेसी जनपद सदस्यों ने अध्यक्ष सुखदेई बघेल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं कांग्रेस के ही जनपद उपाध्यक्ष आचार्य रामानुजन ने भाजपा का दामन थाम लिया है। जनपद पंचायत में मचे भागम भाग के हालात को भाजपा ने लपक लिया है। बागी हुए कांग्रेसी जनपद सदस्यों के साथ मिलकर भाजपा ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दे दिया है। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कलेक्टर कार्यालय में पत्र सौंपा जा चुका है।

भाजपा ने बड़ा खेल करते हुए बकावंड जनपद पंचायत राजनीतिक उलटफेर की स्थिति पैदा कर दी है। दरअसल जनपद अध्यक्ष सुखदेई बघेल की कार्यशैली से कांग्रेस के ही कई जनपद सदस्य नाराज चल रहे हैं। आरोप है कि जनपद अध्यक्ष अपनी ही पार्टी के जनपद सदस्यों को साथ लेकर नहीं चलतीं, उनकी एक भी नहीं सुनतीं। अध्यक्ष के खिलाफ असंतोष के स्वर काफी पहले से उभर रहे थे। राज्य में कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद कांग्रेसी जनपद सदस्यों के निर्वाचन क्षेत्रों में सदस्यों की मंशा के अनुरूप काम नहीं हो रहे थे। तब पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए ये असंतुष्ट सदस्य मन मारकर बैठे हुए थे। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद इन सदस्यों का आक्रोश फूट कर बाहर आ ही गया। सात कांग्रेसी सदस्य खुलकर मैदान में आ गए हैं। सत्ता छीनने के खेल में माहिर भाजपा ऐसे में भला चुप कैसे बैठी रह सकती थी। भाजपा ने तुरंत मौके को लपक लिया। इन सदस्यों के बगावती तेवर को देखते हुए भाजपा ने बड़ा खेल खेला है।भारतीय जनता पार्टी ने बकावंड जनपद पंचायत में बड़ा राजनीतिक उलटफेर की योजनाबद्ध रणनीति बना ली है। भाजपा की इस रणनीति के तहत कांग्रेस समर्थित बकावंड जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखदई बघेल के खिलाफ 19 जनपद सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। शुक्रवार की शाम जगदलपुर कलेक्टोरेट जाकर 19 जनपद सदस्यों ने कलेक्टर की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर सीपी बघेल को बकावंड जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास व्यक्त करते हुए हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपा। इन सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए जल्द से जल्द जनपद पंचायत का सम्मेलन बुलाने मांग की है। अविश्वास प्रस्ताव में कांग्रेस समर्थित जनपद उपाध्यक्ष आचार्य रामानुजन सहित उनके 7 जनपद सदस्यों ने भी हस्ताक्षर किए हैं, जो भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों के साथ अविश्वास प्रस्ताव की आवाज बुलंद करने कलेक्टोरेट पहुंचे थे।

आचार्य- भारती बीजेपी में शामिल

बकावंड जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र सौंपने के बाद सभी जनपद सदस्य सीधे भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। वहां कांग्रेस समर्थित जनपद उपाध्यक्ष आचार्य रामानुजन और जनपद सदस्य तुलाराम भारती ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र पांडेय, महामंत्री वेदप्रकाश पांडेय, जिला मंत्री नरसिंह राव व बकावंड भाजपा मंडल अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप ने भगवा गमछा, फूल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इन सदस्यों के हैं हस्ताक्षर

बकावंड जनपद पंचायत अध्यक्ष सखदई बघेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले जनपद सदस्यों में जगरनाथ सूर्यवंशी, गंगा ठाकुर, कमल बघेल, ज्योति कश्यप, जयमनी भारती, प्रतिमा भारती, ललिता कश्यप, सत्यभामा कश्यप, गीता हिकमी, किजेश्वर बघेल, सोनवारी भद्रे, सुनील सेठिया, बेनूराम कश्यप, धनुर्जय कश्यप, रेवती पटेल, तुलाराम भारती, अनंत राम बघेल, भोलानाथ शामिल हैं। ये सभी जनपद सदस्य कलेक्टोरेट पहुंचे थे। अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु कलेक्टर के नाम सौपे गए पत्र में बकावंड जनपद अध्यक्ष की कार्यशैली, भ्रष्टाचार, सदस्यों की अनदेखी व जनपद में नियंत्रण न होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कही गई है।अविश्वास प्रस्ताव का पत्र सौंपने के दौरान पुरूषोत्तम जोशी, सत्यनारायण गुप्ता, रोहित त्रिवेदी, वीरेंद्र ठाकुर, मधु कश्यप, जगदलपुर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, योगेश ठाकुर, सतीश वाजपेयी आदि मौजूद थे।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी बाइक सवार को टक्कर 2 की मौत

0

दल्लीराजहरा दल्ली-डोंडी मुख्य मार्ग पर मनकुवर चौक के पास ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर जिससे 2 लोगों की मौत वहीं एक घायल सूत्रों के जानकारी के अनुसार माइन्स की ट्रक ने मोटर साइकिल सवार तीन लोगों को जबरदस्त ठोकर मार दी। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाई की मौत हो गई। घायल तीसरे व्यक्ति चोरहापड़ाव निवासी राजेन्द्र प्रधान का इलाज जारी है। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि कच्चे माइंस जा रही हाइवा ट्रक क्र सीजी 19 बीएफ 3882ने मन कुवर चौक के पास बाइक सवार तीन लोगों को अपने चपेट में ले लिया। जिससे मोके पर एक व्यक्ति मनकुवर निवासी सोमनाथ तारम की मौत हो गई। वही एक अन्य घायल व्यक्ति हरिराम तारम ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।आगे कार्यवाही जारी है।

मासूम वेद के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग

0
  • तालिबानी अंदाज में गला रेतकर मारा गया था वेद को
  • प्रबुद्धजनों ने सीएम और गृहमंत्री को लिखा पत्र

लोहंडीगुड़ा विकासखंड लोहंडीगुड़ा के ग्राम उसरीबेड़ा निवासी गौतम वर्मा के 9 वर्षीय पुत्र वेद वर्मा के हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग प्रबुद्धजनों ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से की है।

ज्ञात हो कि बीते 13 फरवरीको रात 7 शाम बजे गौतम वर्मा के पड़ोस में रहने वाले नितेश कुशवाहा ने गौतम वर्मा के बेटे वेद वर्मा का अपहरण कर उसे ग्राम परपा जगदलपुर ले गया था। परपा के डोगरीपारा जंगल में नितेश ने अपने साथियों के साथ मिल गला रेतकर वेद की निर्मम हत्या कर दी थी। इस जघन्य घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश और शोक की लहर है। आरोपियों के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ रहा है। उसरीबेड़ा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, उसरीबेड़ा निवासी बस्तर के सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर वेद वर्मा की हत्या के सभी आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने तथा अंचल में नशे के बढ़ते चलन पर रोक लगाने एवं अपराधी प्रवृत्ति वालो के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने का की मांग की है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति में किया जा रहा है बड़ा खेल

0
  •  दूसरी ग्राम पंचायत से कार्यकर्ता नियुक्ति की तैयारी
  • विरोध में उतरे ग्राम पंचायत छिंदगांव-1 के ग्रामीण
  • स्थानीय योग्य अभ्यर्थी की ही नियुक्ति की उठाई मांग

-अर्जुन झा-

बकावंड जनपद पंचायत बकावंड की ग्राम पंचायत छिंदगांव -1 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति का मामला तूल पकड़ चुका है।खबर है कि कार्यकर्ता नियुक्ति में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है।इसमें करपावंड की परियोजना अधिकारी और पर्यवेक्षक की भूमिका पर उंगली उठ रही है।ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बाहरी की नियुक्ति के खिलाफ जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन करने की चेतावनी दे दी है।

जानकारी मिली है कि बकावंड विकासखंड की ग्राम छिंदगांव के आश्रित पारा आमागुड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा की जा रही है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी करपावंड द्वारा आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बताया गया है कि छिंदगांव ग्राम पंचायत की कई पढ़ी लिखी महिलाओं और युवतियों ने परियोजना अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कराए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय योग्य आवेदिकाओं को नजर अंदाज करते हुए दूसरी ग्राम पंचायत की उम्मीदवार को छिंदगांव पंचायत के आमागुड़ा पारा के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियुक्त करने की तैयारी कर ली गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लेनदेन करके बाहरी उम्मीदवार को नियुक्त करने का प्रयास चल रहा है। छिंदगांव -1 ग्राम पंचायत के सरपंच, उप सरपंच लैखन भद्रे, पंच संतोषी, अंति, फगनू, कनक समेत अन्य ग्रामीणों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दूसरी ग्राम पंचायत की आवेदिका को छिंदगांव आमागुड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियुक्त किए जाने का विरोध किया है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि आमागुड़ा पारा के आंगनबाड़ी केंद्र में छिंदगांव ग्राम पंचायत की ही कम से कम12वीं पास युवती या महिला को कार्यकर्ता नियुक्त किया जाए। अन्यथा बाहरी की नियुक्ति होने पर जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन किया जाएगा।

ऐसे चल रहा है फर्जीवाड़ा

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के आवेदन फार्म के साथ ग्राम पंचायत के प्रमाण पत्र को भी संलग्न किया गया है। जबकि ग्राम पंचायत छिंदगांव -1 द्वारा किसी बाहरी महिला या युवती को ऐसा कोई प्रमाण पत्र जारी ही नहीं किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक लक्ष्मी साहू एवं महिला बाल विकास अधिकारी करपावंड की मिलीभगत से ऐसा किया गया है। चर्चा है कि जिस बाहरी महिला को नियुक्त करने का प्रयास किया जा रहा है, उससे मोटी रकम ली गई है। आवेदन फार्म और ग्राम पंचायत के प्रमाण पत्र का फार्म करपावंड की एक मोबइल एवं फोटोकॉपी दुकान से खरीदे गए हैं। इसकी पुष्टि स्वयं दुकान संचालक युवक ने की है। इस मामले में ग्राम पंचायत छिंदगांव के सरपंचों ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। उन्होंने कहा कि विवाहित महिला को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता न नियुक्त कर 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण किसी युवती को नियुक्ति दी जाए।

कलेक्टर ने एसएलआरएम सेंटर का कामकाज और बेहतर करने के दिए निर्देश

0
  • पूर्व निरीक्षण के निर्देश पर अमल का लिया जायजा

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. शुक्रवार को शहर के लालबाग अवंतिका कालोनी स्थित एसएलआरएम सेंटर की गतिविधियों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अपने पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश पर सेंटर में हुए अमल का जायजा लिया।

सेंटर की व्यवस्थाओं में हुए सुधार को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्व सहायता समूह द्वारा घरों से कचरा एकत्र करने के दौरान रहवासियों से गीले और सूखे कचरे को अलग- अलग देने पर जोर देने के लिए कहा।कलेक्टर ने एसएलआरएम सेंटरों से सूखा कचरा, सिंगल उपयोग प्लास्टिक, थर्माकोल, शू- मटेरियल, टायर आदि को गाड़ियों के माध्यम से उठाव करवाकर एमआरएफ सेंटर (समृद्धि) भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सेंटरों से रूटीन में वाहनों से सामग्रियों का उठाव करवाने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी सहित नगर निगम के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे।

सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत 5 कार्यों के लिए 71 लाख स्वीकृत

0
  • सांसद दीपक बैज की अनुशंसा पर मंजूरी

जगदलपुर सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सांसद बस्तर दीपक बैज की अनुशंसा तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के तकनीकी स्वीकृति के आधार पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में 5 निर्माण कार्यों के लिए 70 लाख 98 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

ग्राम पंचायत गढ़िया में मारीगुड़ा से पारापुर तक सड़क उन्नयन कार्य हेतु 15 लाख रुपए एवं मारीगुड़ा से कोकड़ीगुड़ा तक सड़क उन्नयन कार्य हेतु 15 लाख रुपए, ग्राम पंचायत बड़ांजी-2 के अंतर्गत कामरान तरई से बच्चूराम घर तक पहुंच मार्ग उन्नयन कार्य के लिए 15 लाख रुपए, दाबपाल मुख्यमार्ग से झकाड़ी लाड़ी पहुंच मार्ग उन्नयन कार्य हेतु 19 लाख 98 हजार रुपए और बड़ांजी में लालो घर से सोमारू घर तक सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए 6 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। इन स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा की ओर से संबंधित ग्राम पंचायतों को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। इन सभी निर्माण कार्यों को योजना की मार्गदर्शिका में निहित प्रावधानों का परिपालन कर आगामी 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से करने के निर्देश संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों को दिए गए हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS