City Media - Page 611 of 1859 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 611

धान का उठाव नहीं होने से परेशान हैं सहकारिता कर्मचारी

0
  • संघ ने विधायक लखेश्वर बघेल को सौंपा ज्ञापन
  • 72 घंटे में धान के उठाव के प्रावधान का पालन नहीं

जगदलपुर धान का उठाव नहीं होने से सहकारिता कर्मचारी परेशान हैं। जिला सहकारी कर्मचारी संघ बस्तर ने बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को ज्ञापन सौंपकर मदद की गुहार लगाई है।

धान का उठाव न होने से खरीदी में हो रही अव्यवस्था से कर्मचारी और किसान परेशान हैं। धान उठाव के लिए समितियों द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों से बार बार पत्राचार किया जा रहा है, परंतु निराकरण के लिए कोई कदम नही उठाया जा रहा है। ज्ञापन में बस्तर ज़िला सहकारी कर्मचारी संघ ने कहा है कि जिले के अल्प वेतनभोगी समिति कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। विधायक लखेश्वर बघेल ने उनसे चर्चा में कहा कि धान के उठाव में सरकार रुचि नही दिखा रही है, वह काफी संवेदनहीनता को प्रदर्शित कर रही है। कर्मियों से जानकारी मिलते ही विधायक बघेल ने त्वरित रूप से शासन को पत्र लिखा। कार्यवाही न होने की स्थिति में कर्मचारियों व किसानों की लड़ाई की रूपरेखा बनाई जाएगी।

अब नप जाएंगे पंचायत सचिवों से चुनावी फंड लेने वाले सीईओ

0
  • भाजपा नेताओं ने जनपद सीईओ मंडावी के खिलाफ खोला तगड़ा मोर्चा
  • कांग्रेस के चुनावी फंड के लिए वसूले गए थे लाखों रू.

अर्जुन झा

बकावंड विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के लिए चुनावी फंड उपलब्ध कराने के आरोप से घिरे जनपद पंचायत बकावंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी के खिलाफ क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने तगड़ा मोर्चा खोल दिया है। सीईओ की कुर्सी खतरे में पड़ गई है और बकावंड से उनकी रुखसती तय मानी जा रही है। संभव है कि उनके खिलाफ कदाचार का मामला भी चले।

बकावंड जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी पर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए चुनावी फंड उपलब्ध कराने व कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में पंचायत सचिवों को लगाने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि सीईओ ने अपने कुछ चहेते सचिवों को विकासखंड के सभी 93 पंचायत सचिवों से चुनावी फंड वसूलने के लिए लगाया था। बीस लाख रू. से भी अधिक रकम उगाही गई, मगर वह रकम संबंधित कांग्रेस नेता तक पहुंचाई ही नहीं गई। इससे उक्त कांग्रेस नेता भी अब सीईओ से नाराज हो उठे हैं। कांकेर के एक बड़े कांग्रेस नेता के इशारे पर यह रकम जमा की गई थी। मंडल भाजपा करपावंड के प्रभारी एवं बस्तर जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य नारायण बिसाई का कहना है कि सीईओ एसएस मंडावी ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए काम किया था। उन्होंने पंचायत सचिवों से रकम एकत्रित कर कांग्रेस को चुनावी फंड उपलब्ध कराया। पंचायत सचिवों से कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार भी कराया गया। ग्राम पंचायतों में निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि में से कमीशन लेकर सचिवों और सरपंचों को भ्रष्टाचार करने की खुली छूट देने का भी आरोप सीईओ पर है। श्री बिसाई ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर से श्री मंडावी खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

जमा किए गए थे लाखों रुपए

पता चला है कि बकावंड जनपद की 93 ग्राम पंचायतों के सचिवों से बीस लाख रुपए से ज्यादा रकम की उगाही की गई थी। बताते हैं इस खेल में पर्दे के पीछे कांकेर जिले के एक बड़े कांग्रेस नेता का हाथ रहा है। इसी नेता के इशारे पर सीईओ ने फंड जमा करवाया था। रकम उगाही की खबर सार्वजनिक हो जाने के बाद पंचायत सचिवों में हड़कंप मच गया है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं से विशेष लगाव रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बकावंड जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी भी भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं। श्री मंडावी पर केंद्र व राज्य मद की योजनाओं के कार्यों में व्यापक भ्रष्टाचार करने का आरोप है। कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में उन पर अकूत धन और अन्य संपत्तियां अर्जित करने का आरोप भाजपा नेताओं ने लगाया है। नारायण बिसाई ने कहा है कि कांग्रेस शासनकाल में जनपद क्षेत्र के गांवों में विकास एवं निर्माण कार्यों में जमकर अनियमितता बरती गई है। इन कार्यों की गुणवत्ता को पूरी तरह नजर अंदाज करते हुए भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित किया गया। इस कृत्य में क्षेत्र के कांग्रेस जनप्रतिनिधि भी सीईओ को पूरी मदद करते रहे हैं। बिसाई का यह भी आरोप है कि सीईओ ने सभी पंचायत सचिवों को चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में काम करने के लिए दिन रात लगा दिया था।

फंड जुटाने में लगाए गए थे 9 सचिव

इस मामले में अब एक नया खुलासा हुआ है कि 9 सचिवों को फंड जमा करने के काम में लगाया गया था। भानपुरी के समीप स्थित एक जलाशय में बैठक भी हुई। इसके बाद तय हुआ कि वसूली किस तरह की जाएगी।वसूली करने वाले सचिवों को भरोसा दिलाया गया था की फिर से कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें पूरा सहयोग किया जाएगा। उनके सारे अनैतिक कार्यों पर पर्दा डाल दिया जाएगा, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनी नहीं और सचिवों से वसूली गई रकम को सीईओ ने संबंधित कांग्रेस नेता तक पहुंचाई भी नहीं। अब दोनों दल के क्षेत्रीय मुखिया सीईओ की इस हरकत से काफी नाराज हैं। नाजायज वसूली की खबर सामने आते ही बीजेपी के नेताओं ने सीईओ को उनकी करतूत की सजा दिलाने के लिए ठान लिया है। चर्चा कहा है किविकसित भारत संकल्प यात्रा के समापन के तुरंत बाद, इस सीईओ के खिलाफ भाजपा तगड़ा एक्शन ले सकती है। किसी राजनैतिक दल के लिए काम करना लोक सेवक अधिनियम का भी उल्लंघन है। ऐसे में सीईओ की नौकरी भी खतरे में पड़ सकती है।

इंद्रावती नदी में बह गया पिकनिक मनाने गया कालेज छात्र

0
  • कॉलेज करीब 15 छात्रों के साथ पहुंचा था नदी में
  • लापता छात्र का नहीं मिल पाया अब तक सुराग

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले से एक दुखद खबर आई है। साथियों के साथ पिकनिक मनाने गए एक महाविद्यालयीन छात्र के नदी में बह गया। नदी के तेज बहाव में बहे छात्र की तलाश में गोताखोरों, नगर सेना और एसडीआरएफ की टीमों की मदद ली जा रही है।

यह दुखद हादसा बीजापुर जिले के अंदरूनी गांव मट्टीमारका के पास इंद्रावती नदी में हुआ है।भोपालपटनम कॉलेज के 12 -15 छात्र पिकनिक मनाने के लिए इंद्रावती नदी के मट्टी मारका तट पर गए हुए थे। इन छात्रों में से एक छात्र मुकेश कविराज नदी में उतरा और पानी के तेज बहाव के साथ बह गया। मिली जानकारी के अनुसार इंद्रावती नदी में बहा 22 वर्षीय छात्र मुकेश कविराज भोपालपटनम कालेज में बीएससी अंतिम वर्ष में अध्ययनरत रहा है। मुकेश कविराज ग्राम चेरपल्ली भोपालपटनम का निवासी है। मुकेश को बहते देख साथी छात्रों ने चीख पुकार मचाना शुरू कर दिया, मगर फौरी मदद नहीं मिल पाई और मुकेश बहते हुए दूर निकलते चला गया। छात्रों ने भोपाल पटनम लौटकर घटना की सूचना थाने में दी। पिकनिक से वापस लौटे छात्र – छात्राओं से पुलिस द्वारा पूछताछ कर बयान लिए गए हैं। मट्टीमरका गांव से लगी इंद्रावती नदी की दूरी भोपालपटनम से लगभग 18 किमी है। पुलिस को जब सूचना मिली तब तक रात हो चुकी थी। आज सुबह गोताखोरों ने छात्र मुकेश की खोजबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी जांगड़े के अनुसार सुबह बीजापुर से नगर सैनिक व एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। ये जवान भी मुकेश की तलाश में जुट गए हैं।

धान के अवैध परिवहन के नौ मामले दर्ज, सात वाहन जप्त

0
  • अवैध धान संग्राहकों पर करें कड़ी कार्रवाई : कलेक्टर
  • सात जांच नाका में की जा रही है सतत निगरानी

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा है कि जिले के किसानों के हितों को कोई बाहरी व्यक्ति प्रभावित नहीं करें। इस हेतु जिले में अवैध धान परिवहनकर्ताओं और संग्राहकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के किसानों का धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचने और शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि उपज मंडी कार्यालय जगदलपुर से प्राप्त जानकारी अनुसार अवैध धान परिवहन के कुल 9 प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 314 क्विंटल धान और 7 वाहन को जप्त किए गए हैं। जिले में एक जनवरी तक धान का अवैध परिवहन करते हुए 6 लाख 64 हजार 726 रुपए अनुमानित मूल्य का धान जप्त किया गया है। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अवैध धान परिवहन एवं संग्रहण के विरूद्ध कई प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। जगदलपुर के तहसीलदार द्वारा दिसंबर माह में ओड़िशा राज्य की सीमा में 340 बोरी और 4 जनवरी 2024 को 683 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। इसके अलावा बकावंड तहसील कार्यालय द्वारा भी अवैध धान परिवहन संबंधी प्रकरण दर्ज किया गया है।

धान उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों में विक्रय करने की आशंका रहती है। अतः शासन के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती जांच नाकों में अवैध धान के आवक पर विशेष निगरानी रखने हेतु जांच नाका धनपूंजी, भेजापदर, कोलावल, नलपावंड, तारापुर, बदलावंड और पोटियावंड में स्थापित किए गए हैं। जांच नाकों में अधिकारियों को सीमावर्ती राज्य से अवैध रुप से बगैर दस्तावेज के धान के परिवहन होने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। छग शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में नवंबर 2023 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।

विधायक कवासी लखमा पर गुंडागर्दी का आरोप, थाने में शिकायत

0
  • सड़क छाप गुंडे जैसी हरकत कर लोकतंत्र को किया शर्मसार धनीराम बारसे
  • पूर्व मंत्री के खिलाफ ग्रामीण ने की एसपी से शिकायत

सुकमा भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कोंटा विधायक एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर सड़क छाप गुंडे की तरह व्यवहार कर लोकतंत्र को शर्मसार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता जाते ही पूर्व मंत्री का असली चेहरा उजागर हो गया है।

बारसे ने आरोप लगाया है कि विधायक लखमा ने एक ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देकर विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपमान किया है। उन्होंने कहा कि सुकमा पुलिस प्रशासन पीड़ित की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कवासी लखमा के खिलाफ न्यायोचित कार्रवाई करे। सुकमा जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कुकानार थाना क्षेत्र में कोंटा के विधायक पूर्व मंत्री कवासी लखमा के खिलाफ गाली गलौज एवं धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति द्वारा एफआईआर दर्ज कराने को लेकर लखमा पर तीखा प्रहार किया है। धनीराम बारसे ने करके कोंटा के विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि सड़क छाप गुंडे की तरह कोंटा के विधायक के व्यवहार से लोकतंत्र शर्मसार हुआ है। सत्ता जाते ही कवासी लखमा का असली चरित्र सबके सामने आ गया। सत्ता जाने के सदमे और बौखलाहट में कोंटा विधायक मानसिक संतुलन खो चुके हैं। जिस जनता ने उन्हें 6 बार विधायक बनाया और जिस जनता जनार्दन के बलबूते पर वे 5 साल मंत्री रहे, उसी जनता के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी का संस्कार ही है जनता को अपना गुलाम समझना। इसी कुसंस्कार से ग्रसित होकर अपने ही विधानसभा क्षेत्र के व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार कवासी लखमा द्वारा किया गया। बारसे ने कहा कि भाजपा के विधायक एवं सांसद स्वयं को जनता का सेवक मानते हैं, वहीं कांग्रेस के विधायक कवासी लखमा जनता को अपना गुलाम समझते हैं। कोंटा के विधायक के लिए यह कोई नई बात नहीं है। मंत्री रहते हुए भी कवासी लखमा लोगों को अपना गुलाम समझते थे। विधानसभा चुनाव के समय भी लोगों को डरा धमका के बाहुबल का सहारा लेकर चुनाव जीते एवं चुनाव के दो दिन पहले स्थानीय जनप्रतिनिधि से गाली गलौज करते तथा आदिवासियों का अपमान करने का उनका वीडियो वायरल हुआ था। सिर्फ पैसे एवं बाहुबल से लोगों को डरा धमकाकर वे इस बार विधायक तो बन गए हैं, लेकिन अब जनता उनसे डरने वाली नहीं है। जनता विधायक की गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठाने लगी है। अब उनका दमन तय है। और आज कुकानार थाने में एक व्यक्ति द्वारा गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी की शिकायत की जाने से सिद्ध होता है कि कवासी लखमा अपनी जनता का सम्मान नहीं करते।

इस मामले में वायरल हो रही एफआईआर के मुताबिक विधायक कवासी लखमा एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देकर यह कहा कि मैंने कितनों को मौत के घाट उतारा है। इस तरह के गंभीर शिकायत पर पुलिस प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। श्री बारसे ने कहा कि विधायक नैतिकता खो चुके हैं। नैतिकता के आधार पर उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। और कांग्रेस पार्टी को भी अपने पद के मद में चूर विधायक पर कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा कवासी लखमा के इस कृत्य की निंदा करती है।

थानेदार को दिए हैं जांच के आदेशः एसपी

सुकमा पुलिस अधीक्षक  चौहान ने बताया कि एक ग्रामीण द्वारा विधायक कोंटा के खिलाफ शिकायत की है। मामले की जांच के लिए कुकनार के थानेदार को आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंद मिला लखमा का फोन

एक ग्रामीण द्वारा की गई शिकायत एवं सुकमा जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे द्वारा लगाए गए आरोप के संबंध में कोंटा विधायक से प्रतिक्रिया लेने उनके मोबाईल फोन पर संपर्क किया गया। तो उनका मोबाईल फोन बंद होने के कारण विधायक की प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी।

बांटे गए क्रिसमस गिफ्ट

0

जगदलपुर शहर के सबसे पुराने एवं बड़े चर्च होने के कारण लालचर्च में गरीबों, अनाथों, निशक्तों, विधवाओं व बुजुर्गों को क्रिसमस एवं नए साल की खुशी में विशेष रूप से क्रिसमस गिफ्ट दिए और भोजन कराया। चंदैया मेमोरियल मेथाडिस्ट एपिस्कोपल लालचर्च के प्रांगण में मसीह समाज के सभी गरीब विधवा अनाथ निशक्तजनों को महिला समिति की ओर से क्रिसमस गिफ्ट बांटा गया। गिफ्ट पाकर लोग प्रसन्न हुए और अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि निश्चित ही प्रभु हमारे उद्घार के लिए इस दुनिया में आए। सभी लोगों ने चर्च के प्रमुखों के साथ भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर बिशप डॉ. एस. सुना, पास्टर लारेंस दास प्रापर्टी कमेटी के अध्यक्ष रत्नेश बेंजामिन विशेष अतिथि थे। महिला समिति की अध्यक्ष प्रवीणा पौलूस, शिखा नादन, सुलभा चौधरी, सुषमा बाघ, नैरिस विवेकानंद, वेरोनिका दानी, शीला राव आदि उपस्थित थीं।

छग में इतिहास रचते गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा : कांग्रेस

0
  • राहुल गांधी से मिले पीसीसी चीफ दीपक बैज और डॉ. चरणदास महंत
  • छग में यात्रा के रोडमैप पर की गई विस्तृत चर्चा

जगदलपुर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली जाने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में नया इतिहास रचते और उम्मीद की किरण बिखेरते हुए गुजरेगी। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता डॉ. चरणदास महंत का। ये दोनों ने कल यात्रा के सिलसिले में नई दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिले। तीनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में यात्रा के रोड मैप और तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इस संवाददाता से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि राहुल गांधी देश की एकता, अखंडता और सौहार्द की लड़ाई लड़ रहे हैं।उन्होंने पहले चरण me जो भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसे देशवासियों का भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिला था। श्री बैज ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस परिवार देश के हित के लिए तपस्या कर रहे हैं। देशवासी इस तपस्या के अग्निकुंड में बढ़ चढ़कर आहुति देते आए हैं। पहले चरण में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान साढ़े तीन हजार किलोमीटर से भी अधिक दूरी की पैदल यात्रा कर राहुल गांधी ने नया इतिहास रचा था।अब निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी नया इतिहास रचेगी। दीपक बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेसजन भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ अपने चहेते नेता राहुल गांधी के राज्य की धरती पर आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं और इस गौरवशाली यात्रा का सहचर बनने के लिए लालायित भी हैं। उम्मीदों की नई किरण साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने बताया कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक के लिए शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। यात्रा छत्तीसगढ़ के 7 जिलों से गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर का सफर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। छत्तीसगढ़ में यात्रा को अविस्मरणीय और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।

13 जिलों से चयनित 18 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने इस प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

0
  •  मानव अधिकार के प्रति बेहतर जागरूकता उत्पन्न करने बालाजी रिसॉट में हुआ राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन ।

 

वाद-विवाद प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने मानव अधिकार को लेकर विभिन्न पहलुओं पर पक्ष-विपक्ष रखकर अपना विचार किया व्यक्त, बेहतर पक्ष विपक्ष रखने वाले प्रतिभागी अधिकारी कर्मचारी रहें विजेता।

विजेता अधि/कर्मचारी को मुख्य अतिथी द्वारा पुरूस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित।

दिनांक 04.01.2024 को पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक  बद्रीनारायण मीणा दुर्ग रेंज दुर्ग के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव के मागर्दशन व अति. पुलिस अधीक्षक  सुशील कुमार नायक के पर्यवेक्षण में एवं मुख्य अतिथी  आर. एस नायक भा.पु. से (भूतपूर्व डीआईजी) के उपस्थिति में सिवनी बालाजी रिसॉर्ट पर मानव अधिकार के प्रति बेहतर जागरूकता हेतु बालोद पुलिस के तत्वाधान मे राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 13 जिले सुरजपुर, कोरिया, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, नारायणपुर, कोण्डागांव कांकेर से 18 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। पूर्व में इन प्रतिभागियों का जिला एवं संभाग स्तर पर क्रमशः दो चरणों में प्रतियोगिता हुई थी जिसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित होकर बालोद पहुंचे। कार्यक्रम की शुरूआत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव तथा अन्य विशेष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बालोद पुलिस कप्तान द्वारा पुलिस जीवन और मानवाधिकार के मध्य महीन रेखा के संबंध में प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि रिटायर्ड डीआईजी  आर.एस.नायक जी ने मानव अधिकार और मानव कर्तव्यों के बारे में अपनी राय रखी। तत्पश्चात प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने मानव अधिकार को लेकर बेहतर तरीके से पक्ष-विपक्ष रखकर अपना विचार व्यक्त किया।

मानव अधिकार के पक्षधरों ने शासन प्रशासन को निरंकुश होने से बचने के लिए, इतिहास मे हुए शोषण से बचाने के लिए मानवाधिकार की भूमिका के संबंध में अपना तर्क रखा। वही विपक्ष की ओर से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में होने वाली समस्याओं के बारे में अपनी राय रखी गयी। बेहतर पक्ष विपक्ष रखने वाले तीन प्रतिभागी अधिकारी कर्मचारी विजेता हुए जिसमें प्रथम स्थान पर प्रधान आर. संदीप देशमुख जिला राजनांदगांव, द्वितीय स्थान- उप निरीक्षक उमाशंकर पाण्डे, तृतीय स्थान पर प्रधान आर. निर्मल बड़ा जशपुर जिला रहें। मानवाधिकार पर किताब लिखने वाले प्रधान आरक्षक हुलेश्वर जोशी को भी विशेष पुरस्कार से नवाजा गया ।विजेताओं को पुरूस्कार तथा सभी अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मुख्यअतिथि श्री आर. एस नायक भा.पु.से (भूतपूर्व डीआईजी),श्री अनिल योगी अधिवक्ता बालोद, श्री एल. के. गवेल प्रोफेसर पी.जी. कॉलेज रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार हरबंस अरोड़ा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल दुबे मौजूद रहे । कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक जिला मुख्यालय सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री प्रतीक चतुर्वेदी, बालोद रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, थाना प्रभारी बालोद रविशंकर पाण्डे, यातायात प्रभारी राकेश ठाकुर एवं पुलिस के अन्य अधिकारी कर्मचारी और बालोद शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के लिए उम्मीद की किरण : बैज

0
  •  छत्तीसगढ़ में 7 जिलों से गुजरेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा
  • राज्य में 536 किमी पैदल चलेंगे राहुल गांधी
    रायपुर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देशवासियों के उम्मीदों की नई किरण साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि 14 जनवरी 2024 को मणीपुर से मुंबई तक शुरू होने जा रही न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर का सफर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। भुखमरी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, सांप्रदायिक विद्वेष के दौर में राहुल गांधी की न्याय पदयात्रा लोगों के जख्मों पर मरहम साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। जनाधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले से ही सत्याग्रह को एक मजबूत हथियार मानती आई है और भारत जोड़ो न्याय पदयात्रा आजादी के बाद देश का सबसे विशाल और परिवर्तक सत्याग्रह साबित होगा।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने देश में सत्याग्रह के जरिए जनता के महत्वपूर्ण मसलों को हल किया है। यह सत्याग्रह उस विचारधारा को उखाड़ फेंकेगा, जो मृत्यु के समय भी राम का नाम लेने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को आदर्श मानता है। आज बर्बादी और वैमनस्यता की ओर बढ़ते देश को भारत जोड़ो पदयात्रा की जरूरत है।
    दीपक बैज ने कहा कि देश के वर्तमान हालात में जब क्षेत्र धर्म सांप्रदायिकता के नाम पर देश की सत्ता में बैठे हुये लोग राजनीति कर रहे है वैसे में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के लोगों के सामने एक नई उम्मीद लेकर सामने आई है। जब देश चलाने वाला दल, सत्ताधीश और हुक्मरान आम आदमी की जरूरतों शिक्षा, रोजगार को परिदृश्य पीछे धकेल कर धार्मिक आधार पर ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हों तब उस समय कांग्रेस जैसी जन सरोकार वाली पार्टी का यह नैतिक और राजनैतिक कर्तव्य हो जाता है कि वह देश को बचाने, देश की एकता और अखंडता को बचाने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा जैसा महाअभियान चलाए भारत जोड़ो यात्रा का यही उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल आएंगे बस्तर, तैयारी में जुटी भाजपा

0
  • कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शरीक होंगे सीएम साय
  • मंत्री केदार कश्यप ने शहर को सजाने व आयोजन को भव्य बनाने का रखा लक्ष्य

जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 जनवरी शनिवार को बस्तर प्रवास पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय जगदलपुर में आयोजित होने वाले भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार गठन के बाद यह मुख्यमंत्री श्री साय का प्रथम बस्तर प्रवास है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत को लेकर भाजपा भव्य तैयारियों में जुट गई है। पूरे शहर में साज सज्जा करने की योजना बनाई गई है।

धरमपुरा काॅलेज के समीप विशाल मैदान पर भाजपा का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित होगा। वन, जल संसाधन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज भाजपा जिला कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर आगमन व संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने जिला व मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसके पूर्व वन मंत्री केदार कश्यप ने सम्मान समारोह कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया और तमाम व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा करने निर्देश दिए। शनिवार को पहले पहर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसमें बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भव्य स्वागत अभिनंदन की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पहला बस्तर आगमन हो रहा है। सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी से काम में जुट जाएं व सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर्मठता से करें। मुख्यमंत्री साय देवतुल्य कार्यकर्ताओं का सम्मान करने बस्तर आ रहे हैं, यह हम सभी के लिए गौरव का क्षण होगा। बैठक व निरीक्षण के दौरान संभागीय सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, विधायक विनायक गोयल, योगेंद्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, गोदावरी साहू, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, संजय पाण्डेय, नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, सुरेश गुप्ता, आर्येन्द्र आर्य, मनोहर तिवारी, संग्राम सिंह राणा, अविनाश श्रीवास्तव, सुधा मिश्रा, बाबुल नाग, राजपाल कसेर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS