बजट में की गई घोषणाएं युवा भारत के निर्माण का संकल्प का प्रतीक : तेजपाल शर्मा
- भाजपा सोशल मीडिया सेल सदस्य शर्मा की प्रतिक्रिया
जगदलपुर लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वरा पेश मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले बजट का प्रदेश भाजपा सोशल मीडिया सेल के सदस्य तेजपाल शर्मा ने स्वागत करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सबका साथ सबका विकास के लक्ष्य को समर्पित यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देने वाला है। यह गांव, गरीब, किसान को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला बजट है।
तेजपाल शर्मा ने कहा है कि बजट में युवाओं को रोजगार देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रावधानों से युवाओं में एक नया आत्मविश्वास पैदा होगा। तेजपाल शर्मा ने कहा है कि सरकार ने युवाओं को रोजगार मुहैया कराने पर खास फोकस रखा है। वित्त मंत्री ने युवाओं को रोजगार देने के लिए अपने पिटारे से कई घोषणाएं की हैं। युवाओं को टॉप 500 कंपनियों में इंटर्नशिप दी जाएगी। साथ ही 5 हजार रुपए के मासिक भत्ता के साथ 12 महीने की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का ऐलान किया गया है। इसके अलावा बजट में निर्मला सीतारमण ने 2024-25 में हर साल 25 हजार छात्रों की मदद के लिए मॉडल कौशल ऋण योजना में संशोधन का प्रस्ताव किया है। इससे रोजगार सृजन होगा साथ ही करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलेंगे।
नहीं हो पाया स्कूलों का जतन, अब नहीं हो पा रहा है नौनिहालों का भी जतन, मध्यान्ह भोजन पर फिरा पाना
- प्राथमिक शाला की रसोई में छत से टपक रहा पानी
- कई दिनों से भूखे रहकर पढ़ाई कर रहे हैं बच्चे
–अर्जुन झा-
बकावंड नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले विकासखंड बकावंड की शालाओं का जतन नहीं हो पाया और अब स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भी जतन नहीं हो पा रहा है।नौनिहाल स्कूलों में भूखे रहकर पढ़ाई करने मजबूर हैं।इस ओर देखने की फुरसत विकासखंड शिक्षा अधिकारी को शायद नहीं है और न ही ग्राम पंचायत के कर्ता धर्ता कोई ध्यान दे रहे हैं। सभी ने बच्चों और स्कूल स्टॉफ को भगवान भरोसे छोड़ दिया है।
हम बात कर रहे हैं बकावंड विकासखंड की ग्राम पंचायत राजनगर की शासकीय प्राथमिक शाला की। इस स्कूल में मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए शेड वाला रसोई घरतो बनाया गया है, मगर उसकी समय समय पर आवश्यकता अनुसार मरम्मत नहीं कराई जाती। इसका नतीजा बरसात के इस मौसम में देखने को मिल रहा है। रसोई घर के अंदर छत से पानी टपक रहा है। अंदर रखा चावल, आटा, नमक, जलावन लकड़ी, मसाले आदि भीग कर नष्ट हो रहे हैं। टपकते पानी में गीली हो चुकी लकड़ी सुलगती नहीं, वहीं भीगे चावल को पकाना तथा छत से गिरे गंदे पानी से गीले हो चुके आटे से रोटी बनाना मुश्किल हो गया है। चूल्हा फूंकते फूंकते रसोईये का दम निकलने लगता है। वहीं ख़राब हो चुके अनाज से भोजन तैयार करना भी उनके लिए बड़ा मुश्किल काम साबित हो रहा है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में कई दिनों से मध्यान्ह भोजन तैयार नहीं किया जा सक रहा है। बच्चे घर से बिना खाए पीये इस उम्मीद से स्कूल पहुंचते हैं कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन तो मिलेगा ही। मगर भोजन बने तब न मिले? लिहाजा स्कूल के 40 छात्राओं और 46 छात्रों को पूरे दिन भूखे रहकर भजन यानि पढ़ाई करनी पड़ती है।

कहां गई स्कूल जतन की रकम
राज्य शासन ने नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से काफी पहले ही स्कूल जतन योजना के तहत शाला भवनों और मध्यान्ह भोजन किचन शेड की आवश्यक मरम्मत के लिए जनपद पंचायत और शिक्षा विभाग को फंड आवंटित कर दिया था। बावजूद इस राशि से बकावंड जनपद की ज्यादातर शालाओं की मरम्मत नहीं कराई गई। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण ग्राम पंचायत राजनगर की यह प्राथमिक शाला है। पालक और ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि स्कूल जतन योजना की रकम आखिर किसकी जेब की शोभा बन गई है? मध्यान्ह भोजन न बन पाने के कारण इस स्कूल के बच्चों क भी जतन नहीं हो पा रहा है।

लूट के दो आरोपियों को भानपुरी पुलिस ने किया गिरफ्तार
- सोनारपाल और देवड़ा के रहने वाले हैं आरोपी
- तीसरे आरोपी की की जा रही है तलाश और पहचान
जगदलपुर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व मेें बस्तर पुलिस अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना भानपुरी में अमित कुमार पात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की दरमियानी रात जगदलपुर से वह दोस्त के साथ मोटर साइकिल से बड़े आमाबाल जा रहा था। सम्राट ढाबा में कुछ देर रुककर वह दोस्त विजय वैष्णव के घर के लिए रवाना हुआ। इसी बीच तीन लोग मोटर साइकिल से पीछा करते हुए बड़े उसे आमाबाल मोबाइल दुकान के पास रोक लिया और मारपीट करते हुए अमित की बाईक, मोबाइल फोन और तीन हजार रुपए लूटकर भाग गए। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी घनश्याम कामड़े के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भानपुरी राकेश राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर के नेतृत्व में टीम को रवाना किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से लूटी गई मोटर साइकिल, मोबाइल फोन 2950 रुपए घटना में प्रयुक्त आरोपी की मोटर साइकिल, लोहे का कड़ा जप्त किया गया। आरोपी दिनेश नायक पिता मधु राम नायक निवासी सोनारपाल और पूरन यादव पिता तुलाराम यादव निवासी देवड़ा पानारापारा भानपुरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक राकेश राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, शत्रुहन नाग, प्रधान आरक्षक सुंदर बघेल, उमेश चंदेल, भूपेंद नेताम तथा आरक्षक छबि सोम, ओम प्रकाश सिंह, प्रदीप कश्यप, सरोज सेठिया ने अहम भूमिका निभाई।
सेना की बनाई सड़क की निजी वाहनों ने उड़ाई धज्जियां
बकावंड रक्षा के क्षेत्र में रिसर्च का काम करने वाले संस्थान डीआरडीओ द्वारा बस्तर जिले में बनाई गई एक सड़क की बड़ी दुर्गति निजी वाहनों ने कर डाली है।जगदलपुर से गिरोला तक करीब 40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण डीआरडीओ द्वारा किया गया है। दरअसल गिरोला गांव में डीआरडीओ की महत्वपूर्ण इकाई वहा स्थित है। सेना और डीआरडीओ के अधिकारियों व कर्मचारियों के यूनिट तक सुगम आवागमन के लिए इस सड़क का निर्माण कराया गया है। मगर इस सड़क पर दर्जनों निजी मिनी बसें और मुरुम, गिट्टी, बोल्डर लदे असंख्य ट्रक इस सड़क पर बेधड़क दौड़ रहे हैं। ट्रकों और बसों ने इस सड़क की बुरी गत बना डाली है। सड़क पर अनगिनत छोटे बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसके चलते वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इस सड़क से उड़ीसा हेतु जब से परिवहन शुरू हुआ है, तब से रोड की यह हालत हुई है इस मार्ग का अंतिम ग्राम गिरोला बस्तर क्षेत्र के विधायक का गृहग्राम भी है। फिर भी इस सड़क की यह दयनीय हालत है। वर्तमान में इस सड़क पर आएदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बजट में दल्ली राजहरा से जगदलपुर रेल लाइन के लिए राशि का प्रावधान स्वागत योग्य: मंत्री केदार कश्यप
- कृषि, ग्रामीण विकास , शिक्षा और स्वास्थ्य पर ज्यादा फोकस
- पीएम आवास योजना में 3 करोड़ नए आवास
जगदलपुर केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज प्रस्तुत बजट पर छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बजट में किए गए प्रावधानों का स्वागत किया है।


मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के तीसरे कार्यकाल का यह पहला बजट देश के विकास को गति देने वाला बजट है। इस बजट में कृषि योजनाओं को और अधिक गति देने के लिए जो प्रावधान किए गए हैं उनका लाभ हमारे किसान भाइयों को मिलेगा। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने बजट सर्वस्पर्शी और बस्तर के लिहाज से सौगात भरा बताया है। श्री कश्यप ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की वित्त मंत्री की दूरगामी सोच ने बजट को सर्वस्पर्शी बनाया है। इस बजट में बस्तर संभाग की महत्वपूर्ण मांग दल्ली राजहरा से जगदलपुर 233 किलोमीटर रेल लाइन के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया है। यह हम सभी के लिए बड़ी खुशी की बात है। इस बजट में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर ज्यादा फोकस किया गया है। ग्रामीण विकास के लिए अधिक बजट का प्रावधान करके ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास सराहनीय है।

युवा बनेंगे आत्मनिर्भर
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने के प्रधानमंत्री का फैसला युवाओं को रोजगार देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब 3 करोड़ और मकान बनाए जाने को बजट में शामिल करना गरीबों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
बच्चों के पोषण आहार में विभागीय सेंध, नौनिहालों को नही मिल रहा है संतुलित पोषण आहार
- करपावंड परियोजना क्षेत्र में बच्चों को पुष्ट बनाने की योजना हो रही विफल
–अर्जुन झा-
बकावंड बस्तर जिले की जनपद पंचायत बकावंड के करपावंड में पदस्थ महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी की अनदेखी की भेंट चढ़ गई है छोटे बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने की योजना। इस क्षेत्र के प्रायः सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों को मैन्यू के हिसाब से पोषण आहार का वितरण नही किया जा रहा है। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा लापरवाही पूर्वक मनमाने तरीके से आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। उनके द्वारा शासन की गाइड लाइन के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन नही किया जा रहा है।
.महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के चलते करपावंड क्षेत्र में सुपरवाईजर भी आंगनबाड़ी केंद्रों का सुपरविजन करते कभी नजर नही आते हैं। विशेष मीटिंग, आमसभा या जनसभा होने पर ही सुपरवाईजर की उपस्थिति दिखाई देती है ।
प्राप्त सूत्रों के अनुसार करपावंड मुख्यालय में किसी सुपरवाईजर की उपस्थिति नही रहती है। सभी के घर शहर जगदलपुर शहर में होने के कारण वे वहां से रोज आने -जाने में असमर्थ दिखाई देते हैं। अधिकतर सुपरवाईजर जगदलपुर स्थित विभाग के जिला कार्यालय तथा निवास में ही समय गुजारते रहते हैं।
वही आंगनबाड़ी केंद्रों में उनके न पहुंचने से मनमानी का आलम है। ग्राम पंचायत कोमार के आंगनगबाड़ी केंद्र में मैन्यू के हिसाब से पोषण आहार का वितरण नही किया जाता है। वहीं छोटे-छोटे बच्चों को पोषण आहार पर्याप्त मात्रा में भी नही दिया जाता है। यहां कभी-कभी खिचड़ी, सोयाबीन, आलू को ही उच्च पौष्टिक आहार का आधार बताकर बच्चों को यही चीजें खिलाई जाती हैं। सभी कम मात्रा में पौष्टिक आहार का वितरण कर अपना खर्चा-पानी चलाने में व्यस्त रहते हैं। वहीं ग्राम पंचायत में मध्यान्ह भोजन के लिए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन सामग्री वितरण का कार्य समितियों को दिया गया है, लेकिन समितियों द्वारा मध्यान्ह भोजन और पौष्टिक आहार की सामग्री सही वितरण नही किए जाने की चर्चा है। वर्तमान में करपावंड परिक्षेत्र में कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में यह देखने को मिला है कि कार्यकर्ता उपस्थित रहती है, तो सहायिका उपस्थित नही रहती है और सहायिका उपस्थित रहती है, तो कार्यकर्ता गायब रहती है। कभी-कभी टीकाकरण व मुख्यालय जाने के बहाने कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी अपने कार्य पर उपस्थित नही रहती हैं। वही इन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लापरवाही से बच्चों को पौष्टिक आहार का वितरण नही किए जाने पर कुछ ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर राज्य सरकार विशेष ध्यान दे। क्योंकि यह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं समाज की मजबूत नींव तैयार करने का काम करती हैं।
स्कूल में मनाई चंद्रशेखर आजाद की जयंती
बकावंड विकासखंड बकावंड- अंतर्गत ग्राम पंचायत बकावंड की प्राथमिक साला पटेलपारा में चंद्रशेखर आजाद की जयंती धूमधाम से मनाई गई। स्कूल के बच्चों को चंद्रशेखर आजाद के जन्म परिचय, स्वतंत्रता की लड़ाई में उनके अभूतपूर्व योगदान के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीण ओमप्रकाश रजक, देवराज यादव और स्कूल के शिक्षक शिक्षिका लीला ध्रुव, धामू बागडे ने चंद्रशेखर के चित्र पर माल्यार्पण किया।
राज्य स्तरीय आवासीय हॉकी एकेडमी में जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन
बालोद राज्य स्तरीय आवासीय हांकी अकादमी मे बालोद जिले के तीन खिलडियो क्रमश कु प्रतिमा ठाकुर पिता खूब लाल ठाकुर उम्र 14 वर्ष कक्षा – 9 वी कु नीलम पिता हेमलाल लोहले उम्र 14 वर्ष कक्षा 9 वी कु गारिमा पिता भारत लाल यादव उम्र 13 वर्ष कक्षा 9 वी का चयन हुआ है उलेखनीय है कि ज़िला हॉकी संघ एवं शबरी स्पोर्ट्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम कन्नेवाडा हाई स्कूल मैदान में १०० से अधिक बच्चों को कोच तोरण सिन्हा द्वारा हॉकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है , जिसमे से ३ बच्चों का रविशंकर विश्वविद्यालय स्थित राज्य आवासीय ट्रेनिंग अकादमी में चयन हुआ है जहाँ वहा रहा कर हॉकी की बारीकियाँ सीखेगे भविष्य में यह खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी का प्रतिनिधित्व करेंगे l

आज खिलाड़ियों के जिला कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पर जिला हॉकी संघ के अध्य्क्ष तोमन साहू और जिला के कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी , इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने जिले में हॉकी के विस्तार के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया ताकि अच्छे खिलाड़ी इस जिले का नाम रोशन कर सके कलेक्टड में खिलाड़ियों की स्वागत के दौरान संघ के अध्यक्ष तोमन साहू सचिव एवं कोच तोरण सिन्हा युवा व्यवसायी व समाजसेवी दिनेश तापड़िया, दीपक तारम
, हॉकी संघ के सदस्य राम कुमार सिन्हा दुनेश साव एवं खिलाड़ियों के के पालकगण भारत लाल यादव हेमलाल लोहले खूब लाल ठाकुर उपस्थित रहे
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मेहरबान, तो ठेकेदार पहलवान, नल जल योजना के सैकड़ों कार्य अटके
- अकेले चित्रकोट क्षेत्र में नल जल के 249 कार्य अपूर्ण
–अर्जुन झा-
जगदलपुर सरकार की छिछालेदारी कराने में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी कोई कसर नहीं छोड़ते। भ्रष्टाचार, स्वार्थ लिप्सा और लापरवाही की हदें पार करने में विभाग के अधिकारी जरा भी गुरेज नहीं करते। और तो और ये अधिकारी सरकार को गलत जानकारी देने तक का दुस्साहस कर बैठते हैं। ऐसा ही दुस्साहस जगदलपुर बस्तर में पदस्थ रहे पीएचई के कार्यपालन अभियंता को भारी पड़ गया है। बस्तर में पदस्थ रहे कार्यपालन यंत्री पर शासन को गलत रिपोर्ट देने के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई है। अब इस बात की पुष्टि हो गई है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित मैदानी अधिकारी -कर्मचारी ठेकेदारों के जर खरीद गुलाम बन गए हैं। तीन- चार वर्ष पूर्व से स्वीकृत कार्य अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। अकेले बस्तर संभाग में नल जल योजना और जल जीवन मिशन के सैकड़ों कार्य लटके हुए हैं। कार्य आधे अधूरे करा कर छोड़ दिए गए हैं।
चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में नल जल योजना के स्वीकृत पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की अद्यतन की जानकारी मांगी थी। विधायक विनायक गोयल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से पूछा है कि चित्रकोट विधान सभा क्षेत्र अंतर्गत नलजल योजना 2021-22 से अब तक कितने कार्य प्रारंभ कराए गए, इनमें से कितने कार्य पूर्ण एवं कितने अपूर्ण हैं, इनमें से कितने कार्यों में गुणवत्ताहीन होने की शिकायत प्राप्त हुई है, विभाग द्वारा अब तक शिकायत प्राप्त एजेंसियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है? इसके जवाब में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री अरूण साव ने जो जानकारी दी है वह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की उदासीनता व नकारेपन को उजागर करता है। मंत्री द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में नल जल योजना योजना के 270 कार्य वर्ष 2021-22 से अब तक प्रारंभ कराए गए हैं। इनमें से 21 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और एवं 249 कार्य अपूर्ण हैं।
ज्ञात हो कि तकनीकी व प्रशासकीय स्वीकृति के आधार पर किसी भी कार्य को पूर्ण करने के लिए एक वर्ष से डेढ़ वर्ष की मियाद रहती है लेकिन चार -चार वर्षों तक कार्यों को पूर्ण नहीं करना ढिठाई ही कही जाएगी।
बीजापुर में 85 कार्य अपूर्ण
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से बीजापुर के विधायक विक्रम सिंह मंडावी ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र की जानकारी मांगी है। इस पर मंत्री ने लिखित जवाब देते हुए कहा है कि विगत तीन वर्षों में जल जीवन मिशन योजनांतर्गत स्वीकृत कार्यों में 229 कार्य पूर्ण हो चुके हैं एवं 85 कार्य अपूर्ण हैं। मंत्री साव ने कहा है कि अपूर्ण कार्यों को वर्ष 2024 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है। ज्ञात हो कि विगत दिनों लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कई ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी कलेक्टर द्वारा दी गई है जिसमें रायपुर सहित बीजापुर जिले के छोटे -छोटे ठेकेदार भी शामिल हैं जिन्होंने कार्य लेकर उन्हें अंजाम तक नहीं पहुंचाया है।


