City Media - Page 490 of 1854 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 490

कलेक्टर ने दो कामचोर और लापरवाह पंचायत सचिवों को कर दिया निलंबित

0
  •  जनपद पंचायत सीईओ का अंकुश नहीं सचिवों पर
    अर्जुन झा-
    बकावंड बस्तर के कलेक्टर विजय दयाराम के. कामचोर एवं कर्तव्य के प्रति लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों को तत्काल सजा देने में जरा भी देर नहीं करते। कलेक्टर की सजगता का प्रमाण आज बकावंड में देखने को मिला, जब कलेक्टर ने ऐसे ही दो पंचायत सचिवों को ऑन स्पॉट सस्पेंड कर दिया। कलेक्टर विजय दयाराम के. की इस सख्त कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
    बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. शनिवार को बकावंड के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत बकावंड के सभा कक्ष में जनपद क्षेत्र के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायय सचिवों की उपस्थिति में शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायत दशापाल में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्य तथा अन्य कार्यों की प्रगति बेहद निराशा जनक पाए जाने पर पंचायत सचिव हेमकरण सिंह ठाकुर को तत्काल निलंबित कर दिया। इसी तरह ग्राम पंचायत कोलावल के सचिव जयदेव सिंह ठाकुर को भी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड कर दिया गया है।

सीईओ को छुट्टी पर जाने निर्देश
बताते हैं कि बैठक में कलेक्टर विजय जनपद पंचायत बकावंड के सीईओ एसएस मंडावी पर जमकर बरसे और उन्हें खूब फटकार भी लगाई। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के लिए सीधे तौर पर सीईओ को जिम्मेदार ठहराते हुए सीईओ पर बरस पड़े। कलेक्टर ने उन्हें साफ तौर पर कहा कि आप छुट्टी पर चले जाएं और बकावंड एसडीएम को तुरंत कार्यभार सौंप दें। यहां यह बताना जरूरी है कि सीईओ मंडावी की पंचायत सचिवों पर जरा भी पकड़ नहीं है। सीईओ ने सचिवों को योजनाओं और निर्माण कार्यों की आड़ में कमाई की खुली छूट दे रखी है। जनपद में सरपंचों, पंचों और ग्रामसभा की कोई अहमियत ही नहीं रह गई है। सारे कार्य सीईओ, इंजीनियर और सचिव की तिकड़ी ही कराती है। कमीशनखोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान कांकेर के एक बड़े नेता के कहने पर सीईओ एसएस मंडावी द्वारा जनपद क्षेत्र के तमाम पंचायत सचिवों से कांग्रेस के लिए फंड जुटाए जाने का मामला सुर्खियों में था। तब सीईओ ने फंड जुटाने की जिम्मेदारी अपने तीन चार विश्वस्त पंचायत सचिवों को दे रखी थी। यही वजह है कि बकावंड जनपद के अधिकतर पंचायत सचिव मूल कार्य छोड़कर अवैध कमाई करने और अपने अधिकारी तक कमीशन पहुंचाने में लगे हुए हैं। जनपद सीईओ मंडावी का यहां से तबादला भी हो चुका था। सूत्र बताते हैं कि धनबल के दम पर उन्होंने अपना तबादला रुकवा लिया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण जिले के ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कलेक्टर से सीईओ को बकावंड से तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बकावंड और बस्तर जनपद की ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रगतिरत आवास निर्माण कार्यों को 31 मई तक पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अप्रारंभ और अपूर्ण आवासों को गति देते हुए 30 जून तक पूर्ण कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु दी गई राशि का उपयोग नहीं करने, बार-बार आग्रह करने पर भी आवास निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों से आरआरसी के द्वारा वसूली की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही हितग्राहियों से आवास नहीं बनाने पर उनसे लिखित में जानकारी लेकर पंचायत प्रस्ताव के आधार पर कार्य को निरस्त करवाएं। शनिवार को कलेक्टर ने बकावंड और बस्तर के सद्भावना भवन में पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक, पीओ, आरईएस के सब इंजीनियरों का पंचायतवार समीक्षा कर योजना के क्रियान्वयन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत बकावंड और बस्तर जनपद में 15-15 हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार के अवसर देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बकावंड जनपद की 93 पंचायतों और बस्तर जनपद की 88 पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तीसरे किस्त प्राप्त निर्माणाधीन आवास की प्रगति, अप्रारंभ आवास, अपूर्ण आवास की स्थिति, आवासहीन हितग्राहियों के आवास निर्माण की प्रगति, मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति, आवासों की जिओ टैगिंग की स्थिति, मनरेगा के प्रगतिरत कार्य में मजदूरों की स्थिति, मस्टर रोल की स्थिति, ब्लॉक में श्रमिकों को निकालने की स्थिति, अकुशल श्रमिकों की आधार सीडिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि वर्किंग सीजन के बचे दिनों का अच्छे से उपयोग किया जाना चाहिए।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना कार्य और मनरेगा के कार्य में लापरवाही बरतने वाले एवं बैठक में अनुपस्थित रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत सचिव को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकावंड, बस्तर जनपद के सीईओ को कार्यों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा से कन्वर्जेंस कर किया जा रहा आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस दुकानों के निर्माण काम को 31 मई तक पूर्ण करवा लिया जाए। काम पूर्ण नहीं होने स्थिति में संबंधित कर्मचारियों से राशि वापसी की कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा ग्राम सचिव आवास कार्य में आरआरसी प्रकरण का प्रत्येक सप्ताह पेशी कर राशि वसूली करवाएं। आवास के हितग्राही की मृत्यु होने की स्थिति में उनके वारिसों को आवास नामांतरण की कार्यवाही 25 मई तक करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, एसडीएम बकावंड गगन शर्मा, एसडीएम बस्तर एआर राणा, जनपद पंचायत सीईओ बकावंड एसएस मंडावी, जनपद पंचायत सीईओ बस्तर श्री चुरेंद्र सहित अन्य संबंधित शाखा के अधिकारी उपस्थित थे

भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का नाम बदलकर भाजपा ने की घटिया राजनीति: दीपक बैज

0
  • योजनाओं का नाम बदलना मानसिक दिवालियेपन का प्रतीक
    जगदलपुर साय सरकार द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना का नाम बदले जाने का कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ा विरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह भाजपा की स्तरहीन राजनीतिक सोच है।
    दीपक बैज ने कहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के खेतिहर भूमिहीन मजदूरों तथा पौनी पसारी का काम करने वाले ग्रामीणों के कल्याण के लिए राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना शुरू की थी। इसके तहत भूमिहीन ग्रामीणों को पहले 7 हजार रुपए वार्षिक बाद में 10 हजार वार्षिक दिए जाते थे। दुर्भाग्यजनक है कि साय सरकार 5 माह में जनकल्याण की कोई नई योजना शुरू नहीं कर पाई पुरानी सरकार की योजना का नाम बदलकर दीनदयाल भूमिहीन मजदूर न्याय योजना कर दिया। इस योजना से पौनी पसारी के लोगों को अलग करने का भी षड्यंत्र किया जा रहा है। योजनाओं का नाम बदलना सरकार के मानसिक दिवालियेपन को दर्शाता है।दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद कल्याणकारी योजनाएं दम तोड़ चुकी हैं। किसानों को मिलने वाली राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त नहीं दी गई। गौठानों को बंद कर दिया गया जिससे 27 लाख से अधिक बहनें स्व-सहायता समूह के माध्यम से गौठानों में काम करती थी, बेरोजगार हो गईं। 13800 से अधिक राजीव युवा मितान क्लबों को बंद कर दिया गया जिससे युवाओं के सर्वागीण विकास के लिए मिलने वाली एक लाख रू. की सहायता बंद हो गई। बेरोजगार युवाओं को मिलने वाला बेरोजगारी भत्ता को बंद कर दिया गया। गोधन न्याय योजना और गोबर खरीदी बंद कर दी गई। ग्रामीण रोजगार योजना के लिये चलाई जाने वाली रीपा रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि आदतन किसान विरोधी डिप्टी सीएम विजय शर्मा सहित भाजपा के तमाम प्रत्याशी चुनाव प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ करने का वादा करते दिखे लेकिन सरकार बनते ही भाजपा नेताओं ने यू टर्न ले लिया। धान और किसान का विषय भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के लिए केवल चुनावी है, चुनाव खत्म मुद्दा खत्म। भाजपाई अब छत्तीसगढ़ के किसानों के प्रति अपने दायित्व से भाग रहे हैं। दीपक बैज ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा 1600 करोड़ रू. का बजट पास करके रखा था। साय सरकार ने किसानों को भुगतान नहीं किया। जिसके कारण किसानों को मिलने वाली किसान न्याय योजना की चौथी किस्त की बजट राशि 31 मार्च को लेप्स हो गई। यह भारतीय जनता पार्टी की किसान विरोधी सोच का नतीजा है। किसानों ने अपना धान 2680 रू. में सरकार के पास बेचा था यह छत्तीसगढ़ सरकार और किसानों के बीच का अनुबंध था। सरकार चलाने वाला दल भले ही बदल गया हो किसानों से सरकार द्वारा किया गया अनुबंध तो यथावत रहता है। किसान न्याय योजना का पैसा किसानों का हक है उन्हें मिलना ही चाहिए। साय सरकार किसानों को उनके धान का पैसा तत्काल भुगतान करें।

सीने में हाथ डाल महिला के साथ छेड़छाड़ और गाली -गलौज

0
  • पिछा करने वाले सरफिरे आशिक पर जुर्म दर्ज
    जगदलपुर बस्तर जिले में अलग-अलग घटनाओं में कोतवाली व बोधघाट पुलिस ने छेड़छाड़ की विभिन्न धाराओं के तहत चार लोगों के खिलाफ अपराध कायम किया। पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी अनुसार कलेक्ट्रेट सड़क मार्ग पर संतोषी वार्ड के सरफिरे आशिक साहिल हाबिल के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 354( घ) के तहत् एफआईआर दर्ज किया गया तथा निजी मुचलके पर रिहा किया गया। वहीं नगर के बोधघाट थाना क्षेत्र में एक महिला के सीने में हाथ डाल कर छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है और उक्त आरोपी के साथ तीन लोगों ने यह कृत्य को अंजाम दिया। बोधघाट पुलिस ने बताया कि लाल चर्च ग्राउंड के पास किसी विवाहिता महिला के सीने में शांति नगर के राजू में हाथ फेर दिया तो इस मामले में राजू की रिश्तेदार नर्मता व एक साथी ऩे गाली गलौज व अभद्रता किया। तीन लोगों के खिलाफ धारा 354 (ख),294,323 व 34 के तहत अपराध कायम किया है।

 

एनएमडीसी कोल डिवीजन के सलाहकार अरूण कुमार शुक्ला पहुंचे किरंदूल

0

किरंदूल – एनएमडीसी बचेली के पूर्व कार्यकारी निदेशक अरूण कुमार शुक्ला का दो दिवसीय प्रवास पर किरन्दुल आगमन हुआ। अरुण कुमार शुक्ला, जो कि एनएमडीसी बचेली के उपरांत हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड में अध्यक्ष एवं कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी सेवायें दी। अरुण शुक्ला वर्ष 2021-22 में देश की प्रतिष्ठित एमजीएमआई पुरस्कार से सम्मानित भी हुए हैं, और देश की विभिन्न संस्था जैसे इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियर्स, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ मेटल्स, एमईएआई, आईसीसी, फिक्की, आईसीडीसी इत्यादि श्रेष्ठतम संस्थाओं के सदस्य है या फिर संबंद्ध हैं। एचसीएल को वित्तीय संकट से उबार कर नॉन बैंकिंग सेक्टर में रू. 500 करोड़ का राजस्व अपने स्वयं के प्रयास से प्राप्त करवाने का श्रेय भी अरूण कुमार शुक्ला को ही जाता है और साथ ही इनके स्वयं द्वारा विकसित तकनीक जिसके द्वारा वेस्ट कॉपर को प्रस्संकृत किया जाता है, को आज देश विदेश की लगभग सभी कंपनी अपना कर लाभांवित कर रही है। कमांडर वी. के. जेटली द्वारा लिखित एवं एक्सेल पब्लिसर्श द्वारा प्रकाशित पुस्तक 100 ग्रेट आईआईटीयंस डेडीकेटेड टू द सर्विस ऑफ नेशन में अरुण कुमार शुक्ला को स्थान प्राप्त होना ही इनके देश के प्रति निष्ठा व देशभक्ति का प्रमाण है, जिन्होंने विदेशों में मिलने वाले भारी-भरकम पैकेज का मोह त्याग कर देश की सेवा करना ही अपना धर्म समझा और जिनका गुगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने भी प्रशंसा की है। देश विदेश में “माईनिंग विजार्ड” के रूप से पहचाने जाने वाले अरूण शुक्ला, एचसीएल से सेवानिवृत्ति उपरांत भी देश के विकास के प्रति उनका उन्माद व कर्तव्यनिष्ठा ही है जिसके फलस्वरूप वे वर्तमान में एनएमडीसी कोल डिवीजन में रांची में सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं।

इनके किरन्दुल प्रवास की जानकारी प्राप्त होने पर उ.प्र. बिहार सांस्कृतिक परिषद ने अपने सदस्यों के आग्रह पर इनके स्वागत समारोह का आयोजन किया जिसका आमंत्रण अपने व्यस्ततम कार्यक्रमों के बावजूद अरुण कुमार शुक्ला ने सहर्ष स्वीकार किया। गुरूवार को उ.प्र. बिहार सांस्कृतिक परिषद के सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। अपने मध्य देश के खनन विशेषज्ञ, साथ ही शिक्षाविद् तथा देश के गौरव को पाकर सभी सदस्य आत्मविभोर थे।

स्वागत समारोह के आरंभ में सर्वप्रथम अरुण शुक्ला के द्वारा दीप प्रज्जवलित की गई। इस स्वागत समारोह में अरुण कुमार शुक्ला के साथ पी. नाईक, सीजीएम विवेक डीजीएम माइनिंग, प्रशांत वर्मा, डीजीएम वित्त, अभिजीत घोष, एजीएम कार्मिक, राकेश रंजन एजीएम कार्मिक, तथा नवीन वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक आमंत्रित थे। सर्वप्रथम सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र सोनी, सचिव उपेन्द्र त्रिपाठी, अतुल सिह तथा अन्य के द्वारा आमंत्रित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। सांस्कृतिक परिषद की वरिष्ठ महिला सदस्य मीरा तिवारी व पुष्पा सिंह ने महिला सदस्यों के साथ आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति के साथ यूपी बिहार के वरिष्ठ नागरिक व राजनीतिज्ञ रामबाबू सिंह गौतम व बीटीओए अध्यक्ष राकेश सिंह गौतम तथा किरन्दुल के सर्वजनप्रिय शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और भव्यता प्रदान की । उपस्थित यूपी-बिहार के सदस्यों को आमंत्रित सभी सदस्यों ने संबोधित किया।अरूण कुमार शुक्ला ने अपने उद्‌द्योधन में यूपी-बिहार सामाजिक परिषद को धन्यवाद देते हुए परिषद के कार्यों की प्रशंसा की तथा अपनी ओर से आर्थिक योगदान भी दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशांत वर्मा ने अपने गायन से इस आयोजन में एक समां बांध दिया। अंत में सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम समाप्त किया गया। अरुण शुक्ला ने अपनी ओर से सामाजिक परिषद को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया तो उनको विदाई देते सामाजिक परिषद के सदस्यों के नेत्र सजल हो उठे ।

बालोद पुलिस द्वारा नवीन कानून पर आयोजित किया गया एकदिवसीय कार्यशाला

0

दिनांक 18/ 5/ 2024 को बालोद पुलिस द्वारा महेश्वरी भवन बालोद में पुलिस अधिकारियों को नवीन कानून के संबंध में हुए संशोधनों से अवगत कराने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया गया l

कार्यक्रम की शुरुआत माननीय पुलिस अधीक्षक महोदय एवं कार्यशाला में उपस्थित अन्य अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया l

कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य से अवगत कराने के लिए माननीय सीजेएम संजय सोनी, एडिशनल एसपी बालोद  अशोक जोशी, पुलिस अधीक्षक महोदय  एस आर भगत द्वारा उद्बोधन दिया गया ,आदरणीय आईजीपी दुर्ग रेंज श्री राम गोपाल गर्ग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़कर कार्यशाला में उपस्थित सभी लोगों को सारगर्भित रूप में नवीन कानून के संबंध में अवगत कराते हुए कार्यशाला के लिए शुभकामनाएं दिए l

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में कलिंगा विश्वविद्यालय के कानून विभाग से आए सहायक प्राध्यापक श्रीमती सलोनी त्यागी ने भारतीय न्याय संहिता पर विस्तार से चर्चा किया बाद सहायक प्राध्यापक सुरभि अग्रवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं सहायक प्राध्यापक सुश्री आकांक्षा चौधरी ने भारतीय साक्ष्य संहिता पर विस्तार से परिचर्चा किया l इस दौरान विवेचको के द्वारा सवाल करके अपना शंका समाधान भी किया गया l संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एसडीओपी बालोद देवांश सिंह राठौर द्वारा किया गया l

उक्त कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आईजीपी दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक एस आर भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद अशोक जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोद संजय सोनी, डीडीपी  पेमेंद्र बैसवाड़े , जिला अभीयोजन अधिकारी अजय सिंह, डीएसपी सुश्री नवनीत कौर, श्रीमती गीता वाधवानी , डॉक्टर चित्रा वर्मा , राजेश बागडे , बोनीफ़ास एक्का, दीपक भगत राजपत्रित अधिकारी गण एवं जिले के थानों एवं चौकी के थाना प्रभारी एवं विवेचक सम्मिलित हुए l

डौण्डी ब्लॉक मालकुंवर गांव में निकला खूबसूरत रंगीन अहिराज सांप

0
  • बेमौसम बरिश के चलते निकलने लगे हैं विषधर

दल्लीराजहर बेमौसम बरसात के चलते अब गांवों में विषैले सर्प निकलने लगे हैं।डौण्डी ब्लॉक के ग्राम मालकुवर के रिहायशी इलाके में भी जहरीला आहिराज सांप निकल आया। इस रंगीन सांप को देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सर्प को सांपों के रक्षक जगेंद्र भारद्वाज ने पकड़ कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

सर्प संरक्षक जगेंद्र भारद्वाज ने सांप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मालकुंवर गांव में पकड़ा गया सांप को छत्तीसगढ़ में अहिराज नाम से जाना जाता है। इसका इंग्लिश नाम बैंडेड करैत है और इसकी लंबाई 6 से 7 फी ट तक होती है। इसके शरीर पर बनी काली पीली पट्टी की वजह से इसे आसानी से पहचाना जा सकता है। इसे छत्तीसगढ़ में काफी सम्मान से देखा जाता है। वैसे यह केवल बारिश के मौसम में और केवल रात में निकलता है। पर बेमौसम बारिश होने पर यह सांप भ्रमवश बाहर निकल आया है। यह करैत प्रजाति का काफी विषैला सर्प है पर बहुत शर्मीला भी होता है।इसलिए इसके द्वारा आज तक किसी को डसे जाने की कोई खबर नही है। यह सांप खतरा होने पर आक्रमण करने के बजाय अपना सिर आपने शरीर में छुपा लेता है। यह नायाब सर्प इस इलाके में विलुप्ति के कगार पर है।जगेंद्र भारद्वाज ने सबसे अपील करते हुए कहा है कि अगर कोई सांप दिखे तो उसे मारें नहीं, बल्कि उसे निकल जाने के लिए रास्ता दें या फिर लंबे डंडे से उठाकर बाहर निकाल दें।

भगवान जगन्नाथ की धरती पर छत्तीसगढ़ के ‘देव’ की चल रही हो चुनावी लीला

0
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव जीत रहे हैं मतदाताओं का दिल
  • बरगढ़ में किया मेगा रोड शो, उमड़ा जन समूह

जगदलपुर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर के विधायक किरण देव की अप्रतिम चुनावी लीला महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ओडिशा में देखने को मिल रही है। किरण देव रोड शो और चुनावी सभाओं के जरिए ओड़िशा के मतदाताओं का दिल जीतने तथा भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में सफल साबित हो रहे हैं।

चुनाव के द्वितीय चरण में भाजपा के पक्ष में किरण देव ने शनिवार को बंदबहाल में लोकसभा सीट बरगढ़ के प्रत्याशी प्रदीप पुरोहित एवं विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी सुरेश पुजारी के पक्ष में रोड शो किया। ऐतिहासिक रोड शो में बरगढ़ की जनता उत्साह से प्रदेश के सभी सीटों पर कमल खिलाने का उद्घोष करती नजर आई। रोड शो के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बंदबहाल में भगवान श्री जगन्नाथ जी के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रदीप पुरोहित एवं विधानसभा प्रत्याशी सुरेश पुजारी के पक्ष में प्रचार कर भाजपा के पक्ष में लोगों से अधिकाधिक मतदान करने की अपील की। आयोजित रोड शो में जनता का अपार प्यार दिखा । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रोड शो में जनता से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। रोड शो के पश्चात समस्त उपस्थित देवतुल्य जनता को मोदी की गारंटी एवं सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन मॉडल की आवश्यकता के बारे में संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने आज ओडिशा के पंचगांव में आयोजित सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर ओडिशा के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। इस दौरान प्रत्याशी सुरेश पुजारी, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद प्रभात सिंह देव, बस्तर संभाग से पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप एवं देवतुल्य जनता उपस्थित रहे।

पेड़ों को बचाने पर्यावरण प्रेमी सुंदरलाल बहुगुणा की राह पर चल पड़े इतवारी बाजार के नागरिक

0
  •  ताजा हो गईं चमोली के चिपको आंदोलन की यादें
  • पेड़ों से चिपक कर कटाई का किया पुरजोर विरोध
  • मोहल्ले की संजीवनी हैं पेड़, इन्हें न काटें आनंद झा

अर्जुन झा-

जगदलपुर जो नजारा सन 1973 में अविभाजित उत्तरप्रदेश के चमोली में देखने को मिला था, वैसा ही दृश्य जगदलपुर शहर के इंदिरा वार्ड 16 के इतवारी बाजार में आज शनिवार को देखने को मिला। वार्ड के युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पेड़ों से चिपक कर खड़े हो गए। उन्हें काटने का विरोध कर रहे नागरिकों ने प्रशासनिक अमले को जमकर खरी खोटी सुनाई।

आज एकबार फिर जमकर इतवारी बाजार के मोहल्ले वासियों ने जिला प्रशासन का विरोध किया। इंदिरा वार्ड के इतवारी बाजार में प्रशासन द्वारा मल्टी लेवल पार्किंग प्लेस और दुकानें बनाई जा रही है। इन निर्माण कार्यों के लिए मोहल्ले के कई घरों को प्रशासन द्वारा तोड़ा जा चुका है। उस वक्त भी स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया था। अब वहां मौजूद पुराने और विशाल पेड़ों की कटाई करने प्रशासन द्वारा वन विभाग के कर्मचारियों को भेजा गया था, जिसका मोहल्ले वासियों ने जमकर विरोध किया। जानकारी देते हुए वार्डवासी आनंद झा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा विगत कुछ वर्षों में इतवारी बाजार के लोगों के सिर से उनकी छत का साया छीना गया था। जिसे लेकर अपनी हक के लिए हमने लड़ाई लड़ी थी। विगत कुछ माह पहले भी पेड़ की कटाई को लेकर हमने विरोध किया था। जिस पर प्रशासन द्वारा पेड़ न काटने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद आज एकबार फिर जिला प्रशासन के कहने पर वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा इतवारी बाजार पहुंचकर पेड़ों को काटने का काम प्रारंभ किया जा रहा था, जिसका मोहल्ले वासियों ने जमकर विरोध किया। मोहल्ले में मौजूद यह पेड़ सभी मोहल्लेवासियों का आसरा है। ये पेड़ मोहल्ले के लोगों के लिए देवतुल्य और आस्था के प्रतीक हैं। लोग इन पेड़ों की पूजा करते हैं। इन पेड़ों की कटाई से जन भावना और आस्था पर प्रहार हो रहा है।

एक ओर शहर में पेड़ों की कमी होती जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन मोहल्ले वालों के लिए संजीवनी स्वरूप इन पेड़ों को भी काटने का कार्य कर रहा है। एक ओर सरकार पर्यावरण के लिए पेड़ लगाने हेतु जनता को जागरूक कर रही है तो दूसरी ओर प्रशासन पेड़ों को काटने पर तुल गया है।

यह था चिपको आंदोलन

आज मोहल्ले के लोग विख्यात पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेवी सुंदरलाल बहुगुणा, चंडी प्रसाद और गौरादेवी की भूमिका में नजर आए। इन तीनों हस्तियों के नेतृत्व चमोली के लोगों पेड़ों की कटाई के विरोध को विशाल आंदोलन का स्वरूप दे दिया था। चमोली के नागरिक पेड़ों को अपनी बांहों में भरकर खड़े हो जाते थे। नतीजतन प्रशासनिक अमला बेबस होकर लौट जाता था। तब इसे चिपको आंदोलन का नाम दिया गया था और यह आंदोलन पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था। इतवारी बाजार के नागरिक भी आज पेड़ों पर हाथ रख खड़े होकर कटाई का विरोध करते नजर आए। इन दौरान वार्ड के सोनाधर, कृष्णा ठाकुर, कृष्णा, गनपत, बाबा खान, मधु, कुमति, उषा, राजमणि सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद थे।

मालगांव और रामपाल के वार्षिक मेले में पहुंचे भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य

0
  •  देवी देवताओं की पूजा कर मोदी सरकार बनने की प्रार्थना की मौर्य ने 

बकावंड बस्तर संभाग के गांवों में ग्राम देवी देवताओं की वार्षिक मेला जात्रा के आयोजन का सिलसिला जोर शोर से जारी है। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत मालगांव में वार्षिक मेला बड़ी धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्र के देवी देवताओं का आगमन भी जात्रा मेले में हुआ। 

        मेले में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता बनवासी मौर्य ने देवी देवताओं की पूजा अर्चना की। मौर्य ने देवी देवताओं से बस्तर वासियों की सुख समृद्धि और बस्तर संभाग की दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत और देश में फिर से मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बनवासी मौर्य के साथ बकावंड मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रोहित त्रिवेदी, युवा नेता रैपाल निषाद,नरेंद सेठिया आदि कार्यकर्ताओं ने भी पूजा अर्चना की। तपश्चात बनवासी मौर्य और अन्य नेता ग्राम रामपाल के वार्षिक चैत्रा गुड़ी मेला में पंहुचे। रामपाल में भी बड़ी संख्या में क्षेत्र के देवी देवताओं का आगमन मेले में हुआ था। इस अवसर पर पाकलू कश्यप, पूरन कश्यप, चंदन, दामोदर बघेल, रघु सेठिया, कमलेश त्रिवेदी, आदि मौजूद थे।

पुलिस के शिकंजे में आए बस्तर के बंडलबाज, ऑन लाईन पेमेंट के नाम पर दुकानदारों से करते थे ठगी

0
  • फर्जी ट्रांजेक्शन दिखाकर लगाया 35 हजार का चूना

-अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर के कुछ युवा भी बंडलबाज बन गए और दुकानदारों को ऑन लाईन ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे ही दो बंडलबाज युवक पुलिस के शिकंजे में आए गए हैं। इन युवकों ने अमेजन पे से फर्जी ट्रांजेक्शन दिखाकर दो दुकानदारों को हजारों रुपए का चूना लगाया था। सिरिसगुड़ा और गीदम निवासी इन बंडलबाजों ने अड़ावाल के दुकानों से 35 हजार रुपए के महंगे जूते और कपड़े खरीद कर फर्जी ऑन लाईन पेमेंट दिखाकर दुकानदारों को चूना लगाया था।

आरोपियों के खिलाफ जगदलपुर के बोधघाट थाना में मामला दर्ज हुआ था।

19 वर्षीय आरोपी किशन देवांगन पिता अनूप देवांगन निवासी गीदम जिला दंतेवाड़ा और 19 वर्षीय ओमप्रकाश बघेल पिता विमल बघेल निवासी सिरिसगुड़ा थाना बड़ाजी ने इस कारनामे को अंजाम दिया था। 16 मई को आडावाल स्थित न्यू सुंदर कलेक्शन कपड़ा दुकान में तीन युवक कपड़े खरीदने पहुंचे और शूट, टी शर्ट, जूता खरीदे। इसका बिल 15 हजार 800 रुपए का बना। युवकों ने क्यू आर कोड स्केन कर ऑनलाईन पेमेंट करने का झांसा देते हुए अपने मोबाइल फोन पर एक पेज दिखाया, जिसमें अमेजन पे से 15 हजार का ऑनलाईन पेमेंट न्यू सुंदर कलेक्शन के नाम पर शो हो रहा था। इसके बाद तीनों युवक दुकान से रफूचक्कर हो गए। इधर दुकान मालिक के अकॉउंट में रकम नहीं पहुंची और न ही दुकान संचालक के मोबइल फोन पर रकम जमा होने संबंधी कोई मैसेज आया। उसके बाद ये युवक राठी एंड संस में भी कपड़ा खरीदी करने पहुंच गए। वहां 19 हजार 500 रुपए की खरीदी कर क्यूआर कोड स्केन करके फर्जी पेज दिखाकर कुल 35 हजार 300 रु. का चूना दुकानदार को लगा दिया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक दिलीप कोशले के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी किशन देवांगन पिता अनूप देवांगन, ओमप्रकाश बघेल पिता विमल बघेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय भेजा गया। मामले को सुलझाने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक चोवादास गेंदले, आरक्षक विजय तिर्की व कामदेव की विशेष भूमिका रही।

MOST POPULAR

HOT NEWS