City Media - Page 528 of 1854 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 528

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई आशा व उमंग के साथ आगे बढ़ रहा भारत: श्रीनिवास राव मद्दी

0
  •  चुनाव में हम मोदी सरकार व साय सरकार के कार्यों के साथ जनता के बीच जाएंगे

जगदलपुर सकारात्मक मतों के लिए हम जनता के बीच जाएंगे। हमारा देश 2014 से 2024 तक नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नई आशा और उमंग के साथ आगे बढ़ रहा है। 2014 में जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने सत्ता संभाली, उस समय देश भ्रष्टाचारी, नीतिपंगुता, लचर व्यवस्था, मंहगाई, बेरोजगारी की परिचायक कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन की सरकार से त्रस्त और हताश हो चुका था। भारत की प्रगति थम गई थी। 2004 में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था में शामिल था और 10 साल के बाद जब जनता ने कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन को उखाड़ फेंका तब भी भारत के अर्थशास्त्री के प्रधानमंत्री होने के बावजूद भी 11वें नम्बर पर ही था।

उक्ताशय के विचार भाजपा के बस्तर लोकसभा क्षेत्र संयोजक एम. श्रीनिवास राव मद्दी ने व्यक्त किए हैं।उन्होंने कहा कि 2014 के पश्चात आज 2024 में भाजपानीत एनडीए गठबंधन की सरकार में भारत विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो चुका है। आज भारत विश्व स्तरीय आधारभूत संरचना के विकास, आधुनिक रेल्वे स्टेशन, वंदे भारत ट्रेन , स्टार्टअप, मेक इन इंडिया, सुदृढ़ सेना, समृद्ध किसान और नए भारत में युवाओं के साकार होते सपनों का देश बन चुका है। श्री मद्दी ने कहा कि 2004 से 2014 आते तक देश आएदिन की आंतकी, नक्सली घटनाओं से अजीज आ चुका था।पाकिस्तानी सेना हमारे जवानों के सर काट कर कर ले जाती थी। हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे दुर्दांत आतंकी आएदिन भारतीय सीमा के पास बैठकें ले रहे थे। इन विषम परिस्थितियों में भी कांग्रेसनीत यूपीए गठबंधन की सरकार ठोस कार्यवाही के बजाय केवल निंदा कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर रही थी। जबकि जनता पीड़ित और आक्रोशित थी। इसी तरह छत्तीसगढ़ की जनता ने पिछले पांच वर्ष कांग्रेसी कुशासन के दंश को भोगा था जब प्रदेश में विकास ठप्प और भ्रष्टाचार का बोलबाला था । कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की सत्ता से उखाड़ फेंकने के पश्चात जनता स्वयं सकारात्मक परिवर्तन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के विगत 3 माह में महसूस कर रही है । विकास की गति तेज होने के साथ ही महतारी वंदन योजना , किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत धान बोनस की राशि लगभग 917 रूपए प्रति क्विंटल खरीदी में एकमुश्त उपलब्ध कराई गई है। श्री मद्दी ने कहा कि आज देश में नक्सलवाद और आंतकवाद की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आ चुकी है। सीमा पार के दुर्दांत आंतकी बिलों में छिपने को मजबूर हुए है। आतंकी घटनाओं पर माकूल जवाब भाजपानीत एनडीए गठबंधन की सरकार द्वारा दिया जा रहा है। भारत अधिक सशक्त और सुरक्षित देश के रूप में जाना जा रहा है। उन्होेंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। मुद्दाविहीन विपक्ष जहां अनर्गल प्रलाप और गुमराहवादी राजनीति में व्यस्त है, वहीं भाजपा सकारात्मक और धनात्मक राजनीति को लेकर जन आशीर्वाद मांग रही है।

बस्तर को धर्मांतरण का गढ़ बना दिया है कांग्रेस ने: महेश कश्यप

0
  •  बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी का प्रचार
  • कांग्रेस समर्थक 40 लोग हुए भाजपा में शामिल

जगदलपुर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने शुक्रवार को अपना प्रचार अभियान बस्तर विधानसभा क्षेत्र के बस्तर मंडल से प्रारंभ किया। कुड़कनार, घाट कवाली, मुंडापाल, चोकर, मरलेंगा, करमरी, आडावाल, मावलीगुड़ा समेत डेढ़ दर्जन गांवों का दौरा एवं जनसंपर्क किया। कुड़कानार पहुंचने पर भाजपा प्रत्याशी का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर 40 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया। इसी प्रकार कई गांवों में महेश कश्यप ने छोटी छोटी सभाएं की।

इन सभाओं में कश्यप ने कहा कि मैं लोकसभा प्रत्याशी के रूप में आप सभी के बीच आया हूं। 3 माह पहले विधानसभा का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा की सरकार बनी है। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि बस्तर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत नहीं हो पाई है। मै छोटे से गांव का निवासी आप सभी के बीच मे आया हूं। चाय बेचने वाला एक व्यक्ति जब देश का प्रधानमंत्री बन सकता है, तो मुझ जैसे छोटा व्यक्ति भी आप सभी के सहयोग से सांसद बन सकता हूं। आप सभी का मुझे आशीर्वाद चाहिए। महेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ कांग्रेस लाओ गरीबी हटाओ बोलती रही, लेकिन कभी गरीबी नहीं हटाई। छत्तीसगढ़ की जनता ने डॉ. रमन सिंह को सत्ता में लाया और उनके कारण ही छत्तीसगढ़ के बस्तर के लोगों को पेट भरने के लिए योजना के तहत चावल मिलने लगा। आज गांव में जितनी भी डामर सड़क दिखती है, वह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। स्वच्छ भारत के तहत सभी घरों में शौचालय बनाने की योजना मोदी जी की देन है। ये सोने के बर्तन में खाना खाने वाले गांधी परिवार गरीबों का दुखड़ा क्या जानेंगे। ये लोग बस्तर क्षेत्र में मिशनरियों को प्रश्रय देने वाले लोग हैं, धर्मांतरण को बढ़ावा देने वाले लोग हैं। बस्तर को वामपंथ का गढ़ बनाने वाले लोग हैं।ऐसे लोगों से इस बार बस्तर को बचाना है और कमल खिलाना है। मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इस दौरान भाजपा नेता कमलचंद्र भंजदेव, सुभाऊ कश्यप, मनीराम कश्यप, आनंद मोहन मिश्रा, उद्धोराम नाग, ममता राणा, किरण सेन, किशन सेठिया, दयाराम बघेल, भुवनेश्वर ठाकुर, नारायण सिंह मौर्य, भरत कश्यप सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

शोक संदेश

0

अत्यंत दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि अटल बिहारी बाजपेई वार्ड बुथ के पालक एवं भाजपा नेता महेंद्र प्रताप सिंह के पिता ठाकुर खिलावन सिंह का निधन 87 वर्ष की आयु मे कल‌ रात 11.30 बजे हो गया।

आप जिला सहकारी बैंक के रिटायर्ड मैनेजर थे एवं भाजपा नगर महामंत्री आर्यन सिंह आर्य के भाभी के पिता थे।

अंतिम संस्कार आज हो गया

जब कलेक्टर ने करवाया राशन दुकान में चावल बोरी का वजन, तो कम निकला चावल

0
  •  कम चावल पाए जाने पर दिए कार्रवाई के निर्देश

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. शुक्रवार को मतदान केंद्रों के निरीक्षण पर निकले थे। इसी दौरान कापानार मतदान केंद्र के समीप संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में खाद्य सामग्री का भंडारण कार्य किया जा रहा था। कलेक्टर पीडीएस दुकान में भंडारण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। उन्होंने दुकान संचालक से भंडारण की सामानों की सूची दिखाने कहा और खाद्य सामग्री की मात्रा तथा वजन करवाने के निर्देश दिए। गुड, चना, शक्कर की मात्रा और वजन में कोई कमी नहीं मिली, लेकिन मौके पर चावल की बोरियों का तौल करवाने पर निर्धारित मात्रा से कम पाया गया। इसके लिए कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर कर एसडीएम और नायब तहसीलदार को पंचनामा करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर अपने साथ उक्त चावल बोरियों को लाकर केशलूर स्थित एफसीआई के गोदाम में दोबारा वजन का जांच करवाया। इसके लिए संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई हेतु खाद्य विभाग, नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किए साथ ही अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जांच करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, एसडीएम तोकापाल सुब्रत प्रधान सहित राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुरोबी वर्मा समेत कई महिलाएं भाजपा में शामिल

0
  1. मुख्यमंत्री के समक्ष पुरोबी ने किया भाजपा में प्रवेश

दल्लीराजहरा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुरोबी वर्मा सहित कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

डौण्डी लोहारा में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष कई महिला नेत्रियों ने बीजेपी में प्रवेश किया। इनमें एक महत्वपूर्ण महिला शख्सियत ने बीजेपी में शामिल होकर सबका ध्यान खींचा। वह थीं छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा की पूर्व नेता पुरोबी वर्मा, जो दो बार दल्ली राजहरा नगर पालिका की अध्यक्ष रही हैं। पुरोबी वर्मा लगातार दो बार शानदार ढंग से कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशी को चुनाव में मात देकर पालिका अध्यक्ष बनीं थीं। लोगों के बीच कयास चल रहा था कि पुरोबी वर्मा कांग्रेस में प्रवेश करेंगी, किंतु बीजेपी प्रवेश कर उन्होंने अब अपनी अगली राजनीतिक पारी का आगाज कर दिया है। बीजेपी में अक्सर पढ़े लिखे और विचारवान नेताओं का स्वागत होता है। इस अभियान में बीजेपी सफल रही, ठीक लोकसभा चुनाव से पूर्व डौण्डी लोहारा से ही बीजेपी को एक सुलझे हुई महिला नेत्री मिल गई है, जो शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा मजदूर बाहुल्य इलाके में भी अपनी अलग पहचान रखती हैं। भाजपा को पुरोबी वर्मा के रूप में अब बड़ी ताकत मिल गई है और भाजपा उनका उपयोग पार्टी हित में कर सकेगी। पुरोबी वर्मा और अन्य विचारवान महिलाओं के भाजपा से जुड़ जाने के बाद कांकेर लोकसभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम भी निश्चित रूप से प्रभावित होगा।

पुरोबी का सियासी करियर

पुरोबी वर्मा सन 2000 से 2009 तक लगातार दो बार दल्ली राजहरा नगर पालिका की अध्यक्ष रहीं हैं। राजहरा नगर पालिका की पहली अध्यक्ष बनने का गौरव भी उन्ही के खाते में दर्ज है।इनकी एक विशेषता यह है कि वे भले ही छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा की तरफ से पालिका अध्यक्ष रहीं, किंतु वे तत्कालीन सीएम रमन सिंह से काफी प्रभावित हैं। वे कहती हैं मैंने शहर विकास के लिए जब भी अपनी बात डॉ. रमन सिंह के समक्ष रखी उन्होंने बिना राजनैतिक भेदभाव किए भरपूर सहयोग किया। इसी प्रकार दुर्ग की तत्कालीन सांसद एवं महापौर सरोज पांडे भी अपने साथी महिला अध्यक्षों को काफी सम्मान देती रही हैं। दिए जाने की बात कही, मैडम पुरोबी वर्मा के बीजेपी प्रवेश अब ऐसे समय में हुआ है, जब नगरीय निकायों के चुनाव एक साल बाद होने हैं। आज तक बीजेपी दल्ली राजहरा नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव जीत नही पाई है। लेकिन इस बार सबकुछ ठीक ठाक रहा तो इस पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान बीजेपी नेत्री पुरोबी के अनुभव के साथ बीजेपी इस बार अध्यक्ष पद साध लेगी।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने अब्दुल इब्राहिम मिले मुख्यमंत्री से

0
  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने मुख्यमंत्री जी से की गई मांग

दल्लीराजहरा:–छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के प्रथम डौंडीलोहार आगमन पर नगर पंचायत चिखलाकसा उपाध्यक्ष अब्दुल इब्राहिम सैयद ने मुलाकात की और उन्होंने नगर पंचायत चिखलाकसा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधा की कमी से अवगत कराया ज्ञात हो की नगर पंचायत चिखलाकसा में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दल्लीराजहरा चिखलाकसा सहित आसपास के मरीज इलाज के लिए आते हैं लेकिन वास्तविकता में यहां सुविधाओं की भारी कमी है। जिसे मद्देनजर रखते हुए अब्दुल इब्राहिम सैयद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सोपा।अब्दुल इब्राहिम ने कहा की नगर पंचायत चिखलाकसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में केवल 10 बिस्तर अस्पताल है जो की मरीजो के लिए बहुत ही कम है चिखलाकसा के आस-पास के गांवो एवं दूरदराज से ईलाज हेतु मरीज आते है जिनकी सुविधा हेतु 50 बिस्तर अस्पताल की आवश्यकता है व उचित ईलाज हेतु डॉक्टर एवं ड्रेसर की अत्यंत ही आवश्यकता है ड्रेसर ना होने से मरीजों को छोटे-मोटे चोट लगने से मरहम पट्टी नही हो पाता है।

कवासी लखमा की ये कैसी मजबूरी, भाजपा से नजदीकी और कांग्रेस से क्यों है दूरी?

0
  • बस्तर का चुनाव हास परिहास तक सिमटा
  • बेटे के लिए बहू ढूंढने गया था पार्टी ने मुझे दुल्हन सौंप दी: लखमा

अर्जुन झा

जगदलपुर लोकसभा सीट बस्तर का चुनाव पार्टी द्वारा निर्धारित मापदंड से हटकर प्रत्याशी के किए प्रहसन पर ही आधारित हो रहा है। बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा जो कोंटा विधानसभा से एमएलए भी हैं उन्होंने कहा है कि मैंने अपने पुत्र हरीश कवासी के लिए संसद का टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने मुझे दे दिया।अब वर्तमान सांसद दीपक बैज का विरोध भी इसी क्रम में किया कि मैं एमएलए तो मेरा बेटा एमपी बने, इस समय कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप चरम सीमा पर है। शायद पार्टी ने यही सोचकर टिकिट मुझे ही दिया, अब भरी सभा में अपनी मजबूरी बताते हुए कवासी लखमा कह रहे हैं कि मेरे पुत्र को टिकिट नहीं दिया तो मुझे मजबूरी में लड़ना पड़ रहा है। अब क्या सवाल नहीं बनता कि कवासी लखमा मजबूरी में चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिताने के आरोप से घिरे रहे कवासी लखमा आखिर किस मजबूरी के चलते भाजपा से लगातार नजदीकी बढ़ाते जा रहे हैं और कांग्रेस से दूरी बनाते चले जा रहे हैं। जाहिर है छत्तीसगढ़ के बहु चर्चित आबकारी घोटाले के दाग कवासी लखमा के दामन पर भी लगे हैं।. जब यह तथाकथित घोटाला हुआ, तब कवासी लखमा ही आबकारी मंत्री थे। जनचर्चा है कि कवासी लखमा इस दाग से उबरने के लिए भाजपा से नजदीकियां बढ़ा रहे हैं। यानि बस्तर लोकसभा सीट को कांग्रेस के हाथ से फिसल जाने देने की पूरी पटकथा विधानसभा चुनाव के समय ही लिखी जा चुकी थी। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस के एक शीर्ष नेता के इशारे पर बस्तर में भाजपा को बंपर जीत दिला दी गई और अब अबकी बार 400 पार के भाजपाई लक्ष्य की पूर्ति में भी तथाकथित कांग्रेस नेता बड़ा योगदान देने में लग गए हैं। कोयला घोटाले में फंसे भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव को पैरशूट प्रत्याशी बनाकर बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में भेजा जाना भी इसी रणनीति का ही एक हिस्सा है।

एक तो कोयले का दाग, दूसरा बाहरी होने का तोहमत। ऐसे में बिलासपुर की जंग कांग्रेस के लिए आसान भला कैसे रह जाएगी? अब आते हैं बस्तर लोकसभा सीट की ओर। तो जनाब कवासी लखमा एक मसखरे नेता हैं, मगर राजनीति में मसखरापन कभी भी टिकाऊ नहीं होता। लोग ऐसे नेताओं की बातों को सीरियसली नहीं लेते। राजनेताओं का धीर गंभीर होना जरूरी होता है और हमारे लखमा जी में तो इस चीज की बड़ी कमी है। बस्तर सीट से दीपक बैज कांग्रेस के लिए जिताऊ प्रत्याशी साबित हो सकते थे, मगर उनकी दावेदारी का प्रबल विरोध कांग्रेस के ही एक गुट विशेष द्वारा किया गया। इसमें कवासी लखमा को मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया। अब वही लखमा दुहाई देते फिर रहे हैं कि टिकट मुझे नहीं, कांग्रेस के सबसे बड़े नेता दीपक बैज को देना था। अपने बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले कवासी लखमा ने एकबार फिर से मंच से बड़ा बयान दे दिया कि बस्तर लोकसभा से मुझे टिकट न देकर बस्तर के बड़े नेता दीपक बैज को देना चाहिए था। साथ ही कवासी लखमा ने यह भी जोड़ दिया कि मैं तो अपने बेटे के लिए दुल्हन खोजने गया था, लेकिन पार्टी ने तो मुझे ही दुल्हन थमा दी। बुधवार को कांग्रेस द्वारा जगदलपुर के लालबाग मैदान पर नामांकन रैली व सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए कवासी लखमा ने यह बातें कही। ज्ञात हो कि लोकसभा चुनाव के प्रबल दावेदार माने जा रहे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को टिकट न देते हुए बस्तर लोकसभा से कांग्रेस ने कोंटा विधानसभा क्षेत्र से 6 बार विधायक रह चुके कवासी लखमा को प्रत्याशी बनाया है। टिकट मिलने से पहले तक कवासी लखमा दिल्ली में डेरा डाले बैठे थे। कवासी लखमा का विचार था कि कांग्रेस पार्टी उनके बेटे सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी को लोकसभा चुनाव का टिकट दे। कवासी लखमा के इस बयान ने कांग्रेस के अंदर टिकट को लेकर चल रहे खींचतान को भी साफ कर दिया है। सभा को सम्बोधित करते हुए कवासी लखमा ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को पार्टी का सबसे बड़ा नेता बताया। दीपक बैज को लोकसभा का टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है। कवासी लखमा को इस बात का अंदाजा है कि अगर उन्हें लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करानी है तो उन्हें बस्तर से दीपक बैज के समर्थकों को भी साथ लेकर चलना होगा।

ठीकरा फोड़ने के लिए बैज हैं न

कवासी लखमा ने अपने बयान से यह स्पष्ट कर दिया है कि दीपक बैज पीसीसी अध्यक्ष है, साथ ही प्रदेश के सबसे बड़े नेता हैं और उनकी जिम्मेदारी 11 लोकसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की है। मतलब चित भी मेरी, पट भी मेरा। जीत गए, तो कहेंगे अपनी काबिलियत से जीते हैं और हार गए, तो ठीकरा फोडने के लिए दीपक बैज तो हैं ही। हार की जिम्मेदारी थोपने के लिए अभी से भूमिका बनाई जाने लगी है।

कवासी लखमा, महेश कश्यप समेत 11 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र पाए गए वैध

0
  •  बस्तर लोकसभा सीट पर फिलहाल 11 प्रत्याशी

जगदलपुर लोकसभा क्षेत्र क्रमांक -10 बस्तर के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में 11 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र विधि मान्य पाए हैं।

जांच के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। इस सूची के मुताबिक बस्तर सीट पर फिलहाल कवासी लखमा इंडियन नेशनल कांग्रेस, महेश कश्यप भारतीय जनता पार्टी, नरेंद्र बुरका हमरराज पार्टी, कंवलसिंह बघेल राष्ट्रीय जनसभा पार्टी, आयतूराम मंडावी बहुजन समाज पार्टी, फूलसिंग कचलाम सीपीआई, शिवराम नाग सर्व आदि दल, टीकम नागवंशी गोड़वाना गणतंत्र पार्टी, जगदीश प्रसाद नाग आजाद जनता पार्टी, प्रकाश कुमार गोटा, निर्दलीय और सुंदर बघेल निर्दलीय मैदान पर रह गए हैं। अब देखना यह होगा कि इनमें से कितने लोग मैदान छोड़ते हैं।

एनएमडीसी, बचेली ने जीता सीआईआई राष्ट्रीय एचआर उत्कृष्टता पुरस्कार

0

जगदलपुर बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स ने मुंबई में आयोजित 14वें सीआईआई राष्ट्रीय एचआर उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह 2023-24 में “स्ट्रॉन्ग कमिटमेंट टू एचआर एक्सिलेंस” पुरस्कार प्राप्त किया।

 

बीआईओएम, बचेली कॉम्प्लेक्स की ओर से यह पुरस्कार बचेली परियोजना के अधिशासी निदेशक बी वेंकटेश्वरलु एवं महाप्रबंधक (कार्मिक) धर्मेन्द्र आचार्य ने ग्रहण किया। इस उपलब्धि ने मानव संसाधन उत्कृष्टता के प्रति एनएमडीसी बचेली की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है।

शोक संदेश

0
  1. अत्यंत दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि स्वर्गीय सुख सागर देवी झा जो भाजपा के वरिष्ठ नेता व शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति कमल देव झा ( भोला झा ) की माता व भाजपा जगदलपुर मंडल के सदस्य रौशन झा की दादी का निधन कल शाम हो गया है। अंतिम यात्रा दिनांक 29 मार्च 2024 दिन -शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे आजाद चौक जगदलपुर स्थित निवास से निकलेगी।

MOST POPULAR

HOT NEWS