City Media - Page 379 of 1850 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 379

कुछ दिनों में ही धज्जियां उड़ गईं 159 करोड़ रुपयों की लागत से बनी इस नई नवेली सड़क की

0
  •  कच्चे से अंतागढ़ तक बनाई गई सड़क का हो गया बेड़ागर्क
  • ग्रामीणों के हल्ला मचाने के बाद भर रहे गड्ढों को
  • लोक निर्माण विभाग के अफसरों का कारनामा

जगदलपुर बस्तर संभाग में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और ठेकेदार जो न करें कम है। उन्हें न कार्रवाई का डर है और न अपनी ईमान के छिछालेदार होने की कोई चिंता। सरकारी धन को लूट कर अपना खजाना भरना इनका इकलौता मकसद होता है। इस मामले में बस्तर संभाग के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर डिवीजन में कार्यरत लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तो भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाने में लगे हैं। इनकी करतूतें गिनाई जाएं, हजारों पन्ने भर जाएंगे, फिर भी कहानी अधूरी ही रहेगी।

इन अधिकारियों की निगरानी में बनाई गई लगभग 159 करोड़ की सड़क तीन माह भी टिक नहीं पाई। अब अधिकारी और ठेकेदार लीपापोती में लग गए हैं। उनके इस कारनामे से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है।

लोक निर्माण विभाग के भानुप्रतापपुर उप संभाग के अंतर्गत कच्चे से अंतागढ़ तक बनाई जा रही सड़क की खराब गुणवत्ता और तीन माह में ही हो आए गड्ढों को देखने के बाद कहीं से नहीं लगता कि सड़क निर्माण ईमानदारी से किया गया है। 158.82 करोड़ की लागत से बन रही इस सड़क का ठेका हिल वो मेटेलिस एंड कंट्रक्शंस रायगढ़ को मिला हुआ है। इस सड़क पर तीन महीने पहले ही डामरीकरण का कार्य किया गया था, लेकिन सड़क चंद दिनों में ही जगह-जगह से उखड़ने व धंसने लग गई है। बारिश के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्‌ढे हो गए। निर्माण के शुरुआती दिनों से ही ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई जाती रही है, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं ठेकेदार की ऊंची पहुंच होने के चलते कोई अधिकारी भी मुंह पर ताला लगाए बैठे रहे उन्हें क्या, बस कमीशन मिलना चाहिए। ठेका कंपनी ने सड़क के अलावा पुलिया, नाली व सीसी रोड निर्माण में भी खूब खेल किया है। कच्चे से अंतागढ़ तक 43 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के साथ कई पुलिया, नाली व सीसी रोड भी इसी ठेका कंपनी ने बनवाई है।

कच्चे से अंतागढ़ तक बन रही सड़क में केवटी से पेवारी के बीच सड़क की गुणवत्ता बेहद ही खराब है। आसुलखार के आगे तो सड़क पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। करोड़ों की सड़क का तीन महीनों में ही उखड़ जाना व गड्ढे हो जाना विभाग के अधिकारियों की नीयत और कार्यप्रणाली पर भी बड़ा सवाल खड़ा करते नजर आ रहे हैं। अधिकारी तो ठेकेदार पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें लाभ पहुंचाने में लगे हुए हैं। जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान भारी लापरवाही बरती गई है। न तो ढंग से अर्थ वर्क हुआ है और न ही जीएसबी कार्य में गुणवत्ता है। ठीक से क्यूरिंग कर रोलर भी नहीं चलाया गया है, जिसके चलते बारिश में सड़क धंस गई। किसी भी सीसी रोड और आरसीसी वर्क में पानी की क्युरिंग नहीं कि गई है। लोक निर्माण विभाग के सुपरवाइजर व इंजीनियर की देखरेख में यह कार्य कराया जा रहा है। इसके बावजूद सभी मौन साधे हुए हैं। साल्हे से कच्चे के बीच बनी सीसी सड़क क्यूरिंग नहीं होने से कई जगहों पर उखड़ने लगी है। वहीं सड़क किनारे बनी नालियों व उसके ऊपर स्लैब ढलाई में भी क्युरिंग नहीं की जा रही है जिससे उनके ज्यादा दिनों तक टिके रह पाने की संभावना नहीं है। इसी तरह पुलिया की स्लैब में भी पानी नहीं डाला गया है और मटेरियल भी खराब गुणवत्ता का उपयोग हुआ है।

ग्रामीणों में पनपा आक्रोश

केवटी, पेवारी और आसुलखार क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा जब गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण को लेकर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई तब ठेकेदार ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। ठेकेदार द्वारा मनमर्जी से गुणवत्ताहीन सड़क का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण व स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ठेकेदार के कर्मचारियों तथा विभाग को सड़क निर्माण में गुणवत्ता लाने के लिए कई बार अवगत कराया गया है। लेकिन ठेकेदार अपनी ऊंची पहुंच की धौंस दिखाते हुए अधिकारियों पर दबाव बनाकर मनमर्जी से कार्य कर रहा है। कोई सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीण अब उग्र आंदोलन की तैयारी में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर अधिकारी व ठेकेदार गंभीर नहीं हैं। ग्रामीण धूल व खराब सड़क से परेशान है। ग्रामीण कहते हैं कि विभाग के अधिकारी हमसे हमारी पुस्तैनी जमीन ले रहे हैं, लेकिन बदले में ऐसी खराब सड़क देंगे, इसकी उम्मीद नहीं थी। हम तो उबड़ खाबड़ सड़क पर चलने के आदि हो चुके हैं। या तो विभाग हमारी जमीन छोड़ दे या फिर अच्छी गुणवत्ता वाली सड़क बना कर दे।

मंत्री से निकटता का दंभ

विदित हो कि भानुप्रतापपुर डिवीजन में पदस्थ ईई महेंद्र कश्यप करीब 10 साल से एक ही जगह पर जमे हुए हैं। पिछली सरकार में भी दखल रखने का दम भरते रहे ये जनाब इस सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री से अपनी निकटता का दावा भी करते हैं। ईई और उनके रिश्ते के साले उपयंत्री इस डिवीजन में कार्यरत सभी ठेकेदारों को अपनी पहुंच के आगे नतमस्तक कर देते हैं। गर्व से आदिवासी की परिभाषा समझाने वाले कश्यप इस जोन में शामिल सभी ठेकेदार को मिलकर चलने की साफ साफ नसीहत देते हैं। इस कार्य को देख रहे एसडीओ गणवीर वही अधिकारी हैं, जो कुछ माह पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। अब वे केवल अपनी अकूत संपत्ति को लेकर लगातार चिंतित रहते हैं कि इतनी सारी रकम को कैसे और कहां कहां इन्वेस्ट किया जाए? ये अधिकारी अपने नौकरी के अंतिम समय में विभाग के प्रति निष्ठा नही रख कर केवल धन अर्जन में ही लगे हुए हैं।

21KM हाफ मैराथन में 57 वर्षीय जग प्रसाद वर्मा तृतीय स्थान पर रहे

0

दल्लीराजहरा:- जल जगार महोत्सव की उपलक्ष्य में 6 अक्टूबर गंगरेल (धमतरी) मानसून ट्रायल रन 2024 हाफ मैराथन 21 किमी.का आयोजन किया गया जिसमें जग प्रसाद वर्मा व्याख्याता शा.उ.मा.वि.कोटागांव ने 50 प्लस आयु वर्ग में 2 घंटे 6 मिनट टाइमिंग से तृतीय स्थान प्राप्त किया lउन्हें मेडल सहित ₹5000 का चेक से सम्मानित किया गया l ये केवल 5 वर्ष के अभ्यास में नेशनल एवं 42 किमी.मैराथन पदक सहित आठवां मेडल प्राप्त किए हैं इसी माह 20 अक्टूबर को 42 किमी.मैराथन में भाग लेने श्रीनगर भी जा रहे हैं lआप अपनी सफलता का श्रेय मॉर्निंग 5:45 ग्रुप के सदस्य विष्णु प्रताप सिंह,अभिषेक ,अमित, सपन दादा,कन्हैया, तीरथ गुरुजी,डॉ.राजीव लोचन,मनोज,मुन्ना, कुमार साहब एवं अपने शाला परिवार को दिया है

धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू की जाए और खरीदी लक्ष्य हो 200 लाख मीट्रिक टन: दीपक बैज

0
  •  दिखने लगी है भाजपा सरकार की लचर व्यवस्था

जगदलपुर कांग्रेस ने मांग की है कि धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू की जाए और खरीदी लक्ष्य 200 मिट्रिक टन किया जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि प्रदेश में अमूमन 1 नवंबर से धान की खरीदी शुरू होती है। इस बार बारिश अच्छी हुई है, फसल भी अच्छी है और पैदावार भी अधिक होने की संभावना है इसलिए सरकार इस वर्ष धान खरीदी 1 नवंबर से चालू करे तथा खरीदी का लक्ष्य भी बढ़ाकर 200 लाख मीट्रिक टन किया जाए। ताकि किसानों की पूरी पैदावार की खरीदी हो सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी के लिए सरकार के द्वारा बनाई गई मंत्रीमंडलीय उप समिति ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। जिसके कारण किसानों में चिंता की लहर है। सरकार यदि 1 नवंबर से धान की खरीदी करती है तो उसके लिए अभी से तैयारी करनी पड़ेगी। तभी धान खरीदी सुचारू रूप से हो पाएगी।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि पिछले वर्ष खरीफ फसल 2023 के धान की खरीदी के दौरान ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार आ गई थी। कांग्रेस की सरकार के सुशासन के कारण प्रदेश के किसानों के द्वारा इतिहास का सर्वाधिक धान उत्पादन किया गया। इसीलिए समर्थन मूल्य पर अब तक की सर्वाधिक 144 लाख 92 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई। जो अनुमानित मात्रा 130 लाख मीट्रिक टन से 15 लाख मीट्रिक टन अधिक थी। राज्य सरकार द्वारा धान की इस मात्रा के भंडारण, मिलिंग तथा चावल के उपार्जन एवं भंडारण की कोई कार्ययोजना नहीं बनाई गई। भारतीय जनता पार्टी की लचर सरकार के कुशासन के कारण इस संपूर्ण धान की न तो समय पर मिलिंग हुई और न ही खरीदी केंद्रों तथा संग्रहण केंद्रों पर बचे हुए धान की सुरक्षा एवं रखरखाव की समुचित व्यवस्था की गई। इसका दुष्परिणाम यह हुआ है कि सितंबर 2024 की स्थिति में धान खरीदी केंद्रों से 4 लाख 16 हजार 410 क्विंटल धान का उठाव तथा संग्रहण केंद्रों से 21 लाख 77 हजार 470 क्विंटल धान का उठाव नहीं किया जा सका है। खरीदी केंद्रों पर जो 4 लाख 16 हजार 410 क्विंटल धान शेष दिख रहा है वह पूरी तरह से नष्ट हो चुका है, इस धान की कुल कीमत 166 करोड़ 56 लाख रूपए होती है। यह शुद्ध रूप से राष्ट्रीय क्षति है। संग्रहण केंद्रों में शेष धान 21 लाख 77 हजार 470 क्विंटल की कुल कीमत 870 करोड़ 99 लाख रूपए होती है, इसमें से भी अधिकांश धान पानी से डैमेज हो चुका है। इसलिए कस्टम मीलिंग के लिए राईस मिलर्स इसका उठाव नहीं कर रहे हैं। यदि उठाव नहीं होगा, तो इस वर्ष धान खरीदी में बाधा आएगी।

जनसेवा के कार्यों का विस्तार करेगा बस्तर चेंबर ऑफ़ कॉमर्स

0
  •  15 को शपथ ग्रहण में शामिल होंगे सीएम साय
  •  21 सूत्रीय कार्ययोजना तैयार: श्याम सोमानी 

जगदलपुर बस्तर चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं इंडस्ट्रीज जगदलपुर की प्रथम कार्यकारिणी की बैठक चेंबर सभागार में बुधवार को हुई। बैठक में 21 सूत्रीय कार्य योजना एवं चेम्बर के कार्य को सुचारु रूप से चलाने हेतु समिति का गठन किया गया।

समिति की कोर कमेटी में पूर्व अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मंडल को रखा गया है। मानस भवन निर्माण समिति, सदस्यता वृद्धि अभियान समिति, संविधान संशोधन समिति, शहरी विकास एवं राजस्व समस्या निवारण समिति, जीएसटी एवं आयकर सलाहकार समिति, सामूहिक बीमा योजना एवं सलाहकार समिति, ट्रांजिट हॉस्टल व्यवस्था समिति, मेडिकल कैंप समिति, चेंबर समाचार प्रकाशन समिति, वेबसाइट निर्माण कंप्यूटर प्रशिक्षण व्हाट्सएप ग्रुप निर्माण समिति, व्यक्तिगत विकास कार्यक्रम बिजनेस मैनेजमेंट एंड डेवलपमेंट प्रतिभा सम्मान और व्यापारिक सम्मान समिति, ट्रेड फेयर समिति, बिजनेस टूर प्रोग्राम समिति, सदस्यों की आवश्यकता अनुसार कर्मचारी नियुक्ति समिति, राष्ट्रीय पर्व धार्मिक एवं सामाजिक नशा मुक्ति अभियान, खेल एवं मनोरंजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग अभ्यास, कवि सम्मेलन आयोजन, प्याऊ संचालन, वृक्षारोपण कार्यक्रम समिति, गौशाला निर्माण एवं संचालन समिति, विवाद निवारण समिति, औद्योगिक विस्तार सहयोग समिति, एंबुलेंस शव वाहन, मरच्युरी संचालन समिति एवं न्यायालय और कर अधिवक्ताओं और विशेषज्ञों की पैनल समिति का गठन किया गया है।

चेंबर अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा नई सोच, दृढ़ संकल्प, सार्थक प्रयास के माध्यम से हमारी 21 सूत्रीय कार्य योजना तैयार की गई है। चेम्बर को शासन से प्राप्त भूमि पर एक बहुउद्देशीय भवन का निर्माण होगा, जिसका सामाजिक एवं अन्य कार्यों में उपयोग होगा। इसमें चेम्बर सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। बस्तर जिला और शहर जगदलपुर के भू स्वामियों की राजस्व समस्या के सरलीकरण हेतु समुचित प्रयास करना, ऑक्सीजन, वेंटीलेटर एवं अन्य उपकरणों से युक्त एम्बुलेंस की सेवा हेतु तैयारी पूर्ण कर ली गई है। उसे मूर्त रूप देंगे एवं संचालित शव वाहन, मरचूरी बॉक्स जैसी सुविधा का बेहतर संचालन सुनिश्चित करना, सदस्यों के लिए कर्मकार उपलब्ध कराने हेतु एक ऐसा प्लेटफॉर्म जहां आवश्यकता अनुसार कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे आंचलिक रोजगार भी उपलब्ध होगा और कर्मचारियों के स्थायित्व की स्थिति भी निर्मित होगी। चेंबर भवन में ही ट्रांजिट हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। आयकर एवं जीएसटी की समस्या एवं जानकारी हेतु स्थानीय स्तर एवं अन्य जिला मुख्यालयों और बड़े क़स्बाई क्षेत्र में सेमिनार, व्यक्तित्व विकास हेतु कार्यशाला आयोजित करने की योजना बनाई गई है। जिसमें विशेषज्ञों की उपस्थिति होगी। सेवाभावी संस्थाओं और अस्पतालों के सहयोग से चिकित्सा शिविरों का आयोजन होगा। बिजनेस टूर का आयोजन, शारीरिक मानसिक फिटनेस हेतु योगा, पौधरोपण, सांस्कृतिक आयोजन प्याऊ संचालन, प्रतिभा सम्मान, होली मिलन, दीपावली मिलन, राष्ट्रीय पर्वों पर विशेष आयोजन करना, वरिष्ठ सदस्यों की अगुवाई में विवाद निवारण समिति के गठन के साथ अन्य बहु आयामी समितियों का गठन करना और अधिक से अधिक सदस्यों की प्रतिभाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करना और उसको विस्तार देना, शासन पक्ष के सहयोग से औद्योगिकीकरण मे स्थानीय भागीदारी का विस्तार सुनिश्चित करना कार्य योजना में शामिल है। औद्योगिक क्षेत्र निर्माण हेतु भी प्रयास करना, व्यापार मेला का आयोजन, सदस्यता विस्तार के लिए विशेष कार्य योजना के साथ कार्य करना ताकि अधिकाधिक सदस्यों को चेंबर से जोड़ा जा सके। चेंबर की वेबसाइट का निर्माण जिससे सभी सदस्य वेबसाइट पर समस्त गतिविधियों की जानकारी हासिल कर सके, सभी सदस्यों को किफायती दर पर सामूहिक बीमा के माध्यम से लाभ दिलाना एवं व्यावसायिक बीमा का प्रशिक्षण, सदस्यों को आवश्यकतानुसार कंप्यूटर प्रशिक्षण की सुविधा, चेंबर द्वारा गौशाला का निर्माण एवं संचालन, चेंबर समाचार पत्रिका का प्रकाशन पुनः प्रारंभ करना, कार्यकाल में एक बार दो दिवसीय अधिवेशन का आयोजन जिसमे विभिन्न विषयों के विशेष योग्यता प्राप्त वक्ताओं का उद्बोधन, सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, सदस्यों की स्थानीय समस्याओं और बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए संभाग के सभी जिला मुख्यालयों में चेंबर की स्थानीय इकाई का गठन एवं चेंबर में महिला सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारी 21 सूत्रीय कार्य योजना में शामिल है। श्री सोमानी ने बताया कि कुल 149 सदस्यों में 127 सदस्य उपस्थित हुए। पहली बार महिला सदस्यों की उपस्थिति भी हुई जिसने शशि गुप्ता, आशा डोडिया, सुनीता बोथरा, छाया जैन, रजनी त्रिवेदी उपस्थित थीं। श्याम सोमानी ने आगे बताया कि चेंबर में सर्वसुविधा युक्त एम्बुलेंस जो कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ द्वारा प्रदत्त की जा रही है का संचालन भी प्रारंभ होने जा रहा है।

आगामी 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं अतिथियों का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। सोमानी ने बताया कि चेम्बर सदस्यता शुल्क में संशोधन हुआ है जो इस प्रकार है। तीन वर्ष हेतु 1500 रूपये , आजीवन 3500 रूपये, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग हेतु 7000 रूपये और मध्यम एवं वृहद उद्योग तथा प्राइवेट लिमिटेड एवं लिमिटेड कंपनियां के लिए 11000 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। जूनियर चेम्बर ऑफ़ कामर्श की सदस्यता की अधिकतम आयु सीमा जो पहले 32 वर्ष थी उसे बढ़ाकर 37 वर्ष की गई है।संविधान संशोधन समिति का गठन वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शुक्ला के नेतृत्व में किया जाएगा एवं चेंबर सदस्यों के विधिक सलाह हेतु ललित अग्रवाल को मनोनीत किया गया है। चेंबर वेबसाइट के लिए डॉ राम राकेश, चेम्बर पत्रिका के संपादक एवं चेम्बर मिडिया प्रभारी के लिये संग्राम सिंह राणा को नियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नव रतन जलोटा एवं आभार प्रदर्शन मंत्री गजेंद्र चांडक ने किया। बैठक में मुख्य रूप से रेखचंद जैन, संतोष बाफना, जतिन जायसवाल, दीपक भानुशाली, कमल सेट्टी, सतपाल शर्मा, संतोष जैन, राजकुमार दंडवानी, श्रीधर मद्दी, शैलेंद्र भदोरिया, श्रीपाल तातेड़, पुखराज बोथरा, भंवर बोथरा, किशोर पारख, ऋषि हेमानी,संपत झा, अशोक अरोरा, अनुराग अग्रवाल, सुरेंद्र चांडक, संजय शुक्ला, संग्राम सिंह राणा, मनीष पारख, गौतम लुक्कड़, नंदकुमार भदोरिया, धरमचंद शर्मा, परेश पांडेय, संजीव कुमार, अनिल मालवीय, धर्मेंद्र चौहान, लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित, राहुल पारख, अनूप जैन, निर्मल लोढा, सूरज कश्यप, अनिल लुक्कड़, शिव नारायण चांडक, केएस, राजपूत, पंकज सिंघल, सुनील दंडवानी, शिखर मालू, बृजेश शर्मा, शंकर लाल गुप्ता, रामचंद्र गुप्ता, जयेश संघाणी, महावीर लुक्कड़, विवेक जैन, वसीम अहमद, गुरदीप सिंह सूरी, नरेंद्र मोतीवाला, मनीष मूलचंदानी, संजीव कपूर, नरेंद्र जैन, जयंत राव नायडू, संपत झा, एनआर कर, जितेंद्र पाल सिंह अहलूवालिया, श्रीचंद लूनिया सहित चेंबर के सदस्य उपस्थित थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देव ने किया प्रसाद वितरण

0

जगदलपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव नवरात्रि पर नगर में कई स्थानों पर आयोजित भंडारा में शामिल हुए। इस दौरान देव ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरण किया। किरण देव ने दामोदर पैट्रोल पंप के सामने माता के भंडारा में और महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के सामने माता का भंडारा में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।

क्षेत्रीय सरस मेला का आयोजन 12 से 19 अक्टूबर तक लालबाग मैदान पर

0
  • वन मंत्री केदार कश्यप और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे उद्घाटन 

जगदलपुर जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्रीय सरस मेला-2024 का आयोजन 12 से 19 अक्टूबर तक जगदलपुर शहर के लालबाग मैदान पर किया जा रहा है। क्षेत्रीय सरस मेला बस्तर का उद्घाटन समारोह 12 अक्टूबर सुबह 11 बजे से होगा।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री केदार कश्यप होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा करेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक जगदलपुर किरण देव, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक बस्तर लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर सफिरा साहू होंगे।कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में आयोजित इस सरस मेले में कई आकर्षक गतिविधियां होंगी। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, और खो-खो जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक नृत्य दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मेले में विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी के साथ-साथ स्व सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो मेले का एक और खास आकर्षण होगी। क्षेत्रीय सरस मेला बस्तर की ग्रामीण और सांस्कृतिक धरोहरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों के व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

बिखरने लगा है बस्तर दशहरे का उल्लास; बेल न्यौता रस्म पूरी, कमलचंद भंजदेव और सांसद महेश कश्यप रहे मौजूद

0
  •  जगदलपुर पहुंचने लगे हैं विदेशी मेहमान, देश के कई राज्यों से भी आए सैलानी 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग और जगदलपुर शहर में बस्तर दशहरा का रोमांच बिखरने लगा है। बड़ी संख्या में विदेशी मेहमानों के साथ ही देश के अनेक राज्यों से सैलानियों की आमद जगदलपुर में हो चुकी है। होटलों के सारे कमरे लगभग बुक हो चुके हैं।

बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण पर्व रस्म बेल पूजा की अदायगी आज गुरुवार को की गई। इस रस्म में बेलवृक्ष और उसमें एक साथ लगने वाले दो फलों की पूजा का विधान है। ऐसे इकलौते बेलवृक्ष को बस्तर के लोग अनोखा और दुर्लभ मानते हैं। शहर से लगे ग्राम सरगीपाल में वर्षों पुराना एक बेल वृक्ष है, जिसमें सिंगल के अलावा जुड़वां फल भी एक साथ लगते हैं। आज बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव, बस्तर के सांसद व दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कुमार जयदेव, नवीन ठाकुर सहित मांझी , चालकी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों दशहरा समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों की मौजूदगी बेल न्योता रस्म पूरी की गई।

अनोखा है बेल वृक्ष

बस्तर दशहरा के दौरान अनोखे बेल की पूजा की जाती है। इस अनोखे बेलवृक्ष और जुड़वां बेल फल की पूजा- अर्चना परंपरा अनुसार की गई। इसी के साथ गुरुवार की दोपहर बेल न्योता विधान संपन्न हुआ। यहां के ग्रामीणों की मानें तो सरगीपाल के इस वृक्ष के आगे-पीछे दो और बेलवृक्ष हैं, लेकिन इन दोनों पेड़ों में केवल एक ही फल लगता है। आमतौर पर बस्तर दशहरा पर्व के प्रमुख विधानों की जानकारी ही आम लोगों तक पहुंचती रही है। बेल पूजा विधान की वास्तविकता के बारे में पता लगाने पर एक रोचक कहानी सामने आई। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल रहता है। बेल पूजा विधान रस्म के दौरान सरगीपाल में काफी उत्साह का माहौल बना रहता है। मानो किसी शादी का समारोह सम्पन्न किया जा रहा हो।लोग नाचते गाते हैं, बैंड बाजा की धुन में सभी वर्ग के लोग थिरकते हैं। छोटे बच्चे से लेकर सभी वर्ग के लोग इस दौरान शामिल रहते हैं। अपने घरों से निकलकर पूजा स्थल पहुंचते हैं।

फ्रांस के लुक हुए दीवाने

बस्तर दशहरे का रोमांच विदेशों तक में है। विदेशी भी बस्तर दशहरे का आनंद लेने बड़ी तादाद में पहुंचते हैं।विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरे को देखने के लिए फ्रांस से पहुंचे पर्यटक लुक ने कहा कि बस्तर में आकर उन्हें काफी अच्छा लगता है। वे इससे पहले भी बस्तर आ चुके हैं। वो बस्तर दशहरा की सभी रस्मों को देख रहे हैं। साथ ही अपने कैमरे में भी तस्वीरों को कैद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फ्रांस में भी कई त्योहार मनाए जाते हैं, लेकिन बस्तर दशहरा पर्व की तरह कुछ मनाया नहीं जाता। यही कारण है कि इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए बस्तर आए हैं।

जगदलपुर शहर के विकास कार्यों के लिए नहीं होगी राशि की कमी: किरण देव

0
  •  वार्डों में लाखों के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

जगदलपुर शहर के विभिन्न वार्डों में लाखों रुपए के विकास कार्यों का गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने विधिवत भूमिपूजन किया। विधायक निधि से शहर के अलग अलग वार्डो में सीसी सड़क कार्य का भूमिपूजन किया गया।

 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र में विकास से जुड़े कार्य प्राथमिकता से पूर्ण होंगे।भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर सफीरा साहू, एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव, योगेंद्र पांडे, भारती श्रीवास्तव, निर्मल प्रसाद पाणिग्रही, नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, श्वेता बधेल, दिगंबर राव, वरिष्ठ पार्षद श्री संजय पांडे, पार्षद त्रिवेणी रंधारी, नीलम यादव, ममता पोटाई, राजपाल कसेर, नेहा ध्रुव, सुनीता सिंह उपस्थित रहे। शहर के महेंद्र कर्मा वार्ड में सीसी सड़क निर्माण 11 लाख 58 हजार, विजय वार्ड में सीसी सड़क लागत 5 लाख कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड में सीसी सड़क लागत 8 लाख निर्माण जिसकी कुल लागत कुल 26 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में संबोधित करते विधायक किरण देव ने कहा कि जनता की मांग के अनुरूप शहर में चहुमुखी विकास कार्य होंगे विकास कार्य में समझौता नहीं किया जाएगा। जन मानस को मूलभूत सुविधा देना हमारा कर्तव्य है। विकास अनवरत जारी रहेगा। विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं होगी।

 

वार्डवासियों की मांग के अनुरूप निर्माण कार्य किए जाएंगे। श्री देव ने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में चहुमुखी विकास होगा। आज विधायक निधि से शहर मे लाखों के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सभी कार्य समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण होने चाहिए । महापौर सफीरा साहू ने भी अपनी बातें रखी। इस दौरान निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, राजेश श्रीवास्तव, निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

अबूझमाड़ में मारे गए हैं 34 नक्सली, जंगल में अपने 3 साथियों का दाह संस्कार किया नक्सलियों ने

0
  • मारे गए 29 नक्सलियों की हुई शिनाख्त, ईनाम राशि पहुंची 2 करोड़ के पार 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिलों के सीमाई इलाके के अबूझमाड़ के जंगलों में हुई मुठभेड़ में तीन और नक्सलियों के मारे जाने के संकेत मिले हैं। इन तीनों के शवों का दाह संस्कार नक्सलियों द्वारा जंगल में ही कर दिए जाने की खबर है। वहीं मारे गए ज्यादातर नक्सलियों की शिनाख्तगी के बाद ईनाम राशि दो करोड़ के पार पहुंच गई है।

ईनाम दंतेवाड़ा

अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों के पूर्वी बस्तर व अबूझमाड़ डिवीजन के नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 34 होने के पुख्ता इनपुट पुलिस को मिले हैं। खबर है कि मुठभेड़ के दौरान घायल कुछ नक्सली किसी तरह बचकर भाग निकलने में कामयाब रहे, लेकिन उचित इलाज के अभाव में कम से कम 3 नक्सलियों की मौत होने की जानकारी पुलिस को मिली है। इन तीनों नक्सलियों के शवों का दाह संस्कार उनके नक्सलियों द्वारा जंगल में किए जाने की खबर है। पुलिस इसकी तस्दीक करने में जुटी है। मौके पर मौजूद मोस्ट वांटेड डीवीसीएम नक्सली कमलेश के भी जख्मी होेकर भाग निकलने की खबर आ रही है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 31 शव बरामद किए थे, जिनमें 13 महिला व 18 पुरूष नक्सली शामिल थे। इन मृतकों में अब तक कुल 29 नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है, 2 की शिनाख्त अब तक नहीं हुई है। जिन नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है, उन पर घोषित कुल ईनामी राशि 2 करोड़ 15 लाख तक पहुंच चुकी है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि मुठभेड में 1 डीकेएसजेडसी, 1 सीवायपीसी कमांडर, 3 डीवीसीएम, 14 पीएलजीए कंपनी नंबर 6 के सदस्य, 2 डीकेएसजेडसी गार्ड, 6 एरिया कमेटी सदस्य व 2 एरिया कमेटी के पार्टी सदस्य कैडर की पहचान की जा चुकी है। उप पुलिस महानिरीक्षक दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप ने बताया कि शेष 2 नक्सलियों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय व पुलिस अधीक्षक नारायणपुर प्रभात कुमार ने बताया कि जिन 29 नक्सलियों की शिनाख्त हो चुकी है उनमें नीति उर्फ उर्मिला एसजेडसीएम पूर्व बस्तर डिवीजन इंचार्ज सचिव 25 लाख ईनामी, निवासी ग्राम हिरमागुंडा, जिला बीजापुर, नंदू मंडावी सीवायपीसी कंपनी नंबर 6 कमांडर 10 लाख ईनामी, निवासी ग्राम कोतराम, जिला बीजापुर, सुरेश सलाम उर्फ जानकू डीवीसीएम आमदई एरिया कमेटी 8 लाख ईनामी निवासी ग्राम छोटे फरसगांव, जिला नारायणपुर, मीना नेताम, डीवीसीएम, 8 लाख ईनामी निवासी ग्राम मोहंदी जिला नारायणपुर, महेश डीवीसीएम 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम घोटिया थाना मालेवाही, जिला दंतेवाड़ा, अर्जुन उर्फ रंजीत, पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी ग्राम डुंगा-पल्लेवाया, जिला नारायणपुर, सुंदर उर्फ कमलू पीएलजीए पीपीसीएम कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी ग्राम मदूम जिला बीजापुर, बुधराम मड़काम, पीपीसीएम पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी निवासी जिला बीजापुर, मोहन मंडावी, पीपीसीएम पीएलजीए 6 सदस्य ईनामी 8 लाख निवासी ग्राम बोदली थाना मालेवाही, बसंती पति साकेत, पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्या ईनामी 8 लाख निवासी कोयलीबेड़ा कांकेर, जगनी कोर्राम कंपनी नंबर 6 सदस्या ईनामी 8 लाख निवासी अडेंगपाल थाना बैंगलूर जिला नारायणपुर, अनिल पार्टी सदस्य पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम मदूम जिला बीजापुर, दशमती पोयाम पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी निवासी ग्राम रोताड, पोचावाड़ा थाना ओरछा नारायणपुर, मासे उर्फ शकीला पिता स्व. बुडता पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम तोयामेटा थाना छोटेडोंगर जिला नारायणपुर, सावन उर्फ लोकेश पोयाम पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम एरपुंड सालेपाल जिला दंतेवाड़ा, सोमरू मंडावी पिता बलधर मंडावी पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी निवासी ग्राम तोयामेटा थाना छोटेडोंगर जिला नारायणपुर, मड़कम मंगू पिता मड़कम पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी निवासी ग्राम बुड़जी, बीजापुर, मनोज उर्फ संपोर मंडावी पिता स्व. सोनारू पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम ताड़नार, नारायणपुर, सोमे पति टुगे उर्फ मानसिंग पीएलजीए कंपनी नंबर 6 सदस्य 8 लाख ईनामी, निवासी ग्राम रेखावट्टी थाना कोयलीबेड़ा जिला कांकेर, जनीला उर्फ बुधरी पद- नीति की गार्ड 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम कोटमेटा, थाना पुंगारपाल जिला कोंडागांव, मंगलदई कश्यप पिता स्व. जगन्नाथ, नीति की गार्ड, 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम कुधुर फुंगारपाल कोंडागांव, रामदेर पद -एसीएम बयनार एरिया कमेटी सदस्य 5 लाख ईनामी, निवासी ग्राम उसरी थाना मर्दापाल जिला कोंडागांव, सुक्कू यादव एसीएम बयानार एरिया कमेटी सदस्य 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम कानागांव नारायणपुर, सुकलू उर्फ विजय उर्फ पंडरू कोर्राम पद – एसीएम बयानार एरिया कमेटी सदस्य 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम कोंगेरा नारायणपुर, सोनू कोर्राम एसीएम आमदई एरिया कमेटी सदस्य, 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम सुलेंगा, जिला नारायणपुर, जमली, एसीएम आमदई एरिया कमेटी सदस्या, 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम मोडोनार छोटेडोंगर नारायणपुर, सोहन उर्फ रोहन पदम एसीएम आमदई एरिया कमेटी सदस्य, 5 लाख ईनामी निवासी ग्राम कुमुरगुंडा, कोयलीबेड़ा कांकेर, फुलो उर्फ सुंदरी आमदई एरिया पार्टी सदस्य, 2 लाख ईनामी निवासी भैरमगढ़, बीजापुर 2 लाख की ईनामी फूलमती पदामी पिता घसियाराम आमदई एरिया पार्टी सदस्य निवासी ग्राम ईरपानार जिला दंतेवाड़ा शामिल हैं।

सदयस्ता अभियान; केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने की कार्यकर्ताओं से भेंट, घर -घर प्रत्यक्ष संपर्क पर दिया जोर

0
  • मर्दापाल में कश्यप ने नई एंबुलेंस की लोकर्पित

जगदलपुर भारतीय जनता पार्टी में इन दिनों सदस्यता अभियान को गति दी जा रही है। केबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संगठन महापर्व के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच कर सदस्य बनाने के लिए आग्रह किया है।

केदार कश्यप सदस्यता अभियान को गति देने के लिए एक ओर जहां प्रत्यक्ष जनसंपर्क कर रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया के जरिए भी अभियान को गति दे रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के लिए एक उत्सव की तरह है। सदस्यता अभियान कार्यकर्ताओं से भेंट के दौरान ही उन्होंने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के मर्दापाल मंडल में स्वास्थ्य सेवा हेतु नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनसेवा के लिए लोकर्पित किया। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ हासिल करने में आसानी होगी। इस मौके पर भाजपा सदस्यता अभियान एवं आगामी पंचायत चुनाव के विषय पर चर्चा कर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व परिवारजनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आप सभी ऊर्जावान कार्यकर्ताओं के द्वारा ही भारतीय जनता पार्टी ने सदस्यता अभियान के एक बड़े लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है।

MOST POPULAR

HOT NEWS