बकावंड। बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत मालगांव में परंपरा के अनुरूप मालगांव परब मनाने की तैयारी जोर शोर से चल रही है। ग्रामीण एकजुट होकर आयोजन को भव्य रूप देने में लगे हुए हैं।
गांव के फूलमती माता ग्राम मंदिर में मालगांव परब हर साल आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम में मालगांव समेत आसपास के सभी गांवों के ग्रामीण उत्साह के साथ शामिल होते हैं। मंदिर में आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ किया गया है। पिछले तीन दिवस से यह कार्यक्रम आयेाजित किया जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामवासी एवं युवाओं ने बढ़- चढ़कर भाग लिया तथा फूलमती माता मंदिर के सामने परब मंदिर कोठार के पास मलागांव के युवाओं ने आगंतुकों को इस गर्मी के मौसम में ठंडी शरबत पिलाकर उनसे आशीर्वाद लिया। इस कार्यक्रम में ग्राम के ही निवासी जनपद सदस्य भोलाराम, बजरंग दल के ग्रामीण अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कवि, ईश्वर सेठिया, मंगतू सेठिया एवं मालगांव के अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
परंपरागत मालगांव परब की तैयारी हो रही जोर शोर से, ग्रामीणों ने आगंतुकों को पिलाई ठंडी शरबत
भाजपा नेता तिरूपति कटला एवं मोरमेड़ के सरपंच की हत्या में शामिल तीन नक्सली गिरफ्तार
- तोयनार पुलिस, डीआरजी और छसबल की कार्रवाई
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले की तोयनार थाना पुलिस, डीआरजी एवं छसबल 19 सी कैंप तोयनार की संयुक्त टीम ने भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य तिरुपति कटला और मोरमेड़ के सरपंच की हत्या में शामिल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम चिंतनपल्ली की ओर एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी। इसी साल 1 मार्च को भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य तिरूपति कटला की हत्या की गई थी। सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान तिरुपति कटला की हत्या में शामिल 3 आरोपियों को चिंतनपल्ली से पकड़ा। इन नक्सलियों में मिलिशिया कमांडर मुन्ना मुड़मा, डीएकेएमएस सदस्य राजू मुड़मा और भूमकाल मिलिशिया सदस्य लखमू मुड़मा शामिल हैं। पकड़े गए नक्सली वर्ष 2022 में मोरमेड़ सरपंच की हत्या में भी शामिल थे। मिलिशिया कमांडर मुन्ना मुड़मा के खिलाफ थाना तोयनार में 3 स्थाई वारंट लंबित हैं। इन नक्सलियों के विरूद्ध थाना तोयनार में वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
बारिश के कहर से नागरिकों को बचाने की कवायद में जुट गए नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी
- शहर के सभी बड़े नालों की चल रही है सफाई
-अर्जुन झा-
जगदलपुर नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी की पहल रंग लती नजर आ रही है। आने वाले बरसात के मौसम में नागरिकों को जल भराव का सामना करना नहीं पड़ेगा। नगर निगम प्रशासन इसके लिए बीते 6 माह से जमकर कवायद कर रहा है।सफाई कर्मचारियों की गैंग लगाकर छह माह से बड़े नालों और नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है, जिसके परिणाम स्वरूप वर्तमान में सफाई करने में कर्मचारियों को अपेक्षाकृत कम मेहनत करना पड़ रही है।

बारिश के पूर्व शहर के सभी बड़े नालों एवं वार्डो की सभी नालियों की साफ सफाई का कार्य गैंग लगाकर कार्य योजना के साथ किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी बड़े नालों एवं वार्डो की नालियों की सफाई को लेकर विगत 6 माह पूर्व से ही कार्ययोजना बनाकर लगातार सफाई कर्मचारियों की गैंग लगाकर नाले नालियों की सफाई नियमित रूप से करवा रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की गैंग शहर के वार्डों के हिसाब से जोन वाइज बनाई गई है। जिनके द्वारा लगातार बड़े नालों की सफाई की जा रही है आयुक्त द्वारा बनाई गई कार्य योजना का सार्थक परिणाम वर्तमान में दिख रहा है। पिछले 6 माह से गैंग के कर्मचारी लगातार सफाई कर रहे हैं। इसके परिणाम आज सभी नाले नालियों में कर्मचारियों को कम मेहनत करना पड़ रही है। साथ ही निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख बड़े नालियों में जेसीबी मशीन के माध्यम से भी सफाई कार्य किया जा रहा है। इससे बारिश में उन क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित नहीं होगी। कार्य योजना के साथ चरणबद्ध तरीके से सफाई कराई जा रही है।
बारिश के पहले हो जाएगी सफाई
आयुक्त हरेश मंडावी ने बताया कि निगम प्रशासन इस वर्ष बारिश के पूर्व शहर के सभी बड़े नालों और वार्डो की नालियों की साफ सफाई व्यवस्था को पूरा कर लेगा। शहर की साफ सफाई के लिए विगत 6 माह पूर्व से ही शहर में जोन के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की गैंग बनाकर प्रतिदिन अलग- अलग वार्डों में नालियों की सफाई कराई जा रही है। इसके हमें सार्थक परिणाम प्राप्त हुए हैं। लगातार गैंग के माध्यम से सफाई करने के कारण अभी कर्मचारियों को मेहनत कम लग रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम कार्ययोजना के साथ कार्य कर रहा है। इसी तरह सभी के सहयोग से जगदलपुर शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाएंगे ।
ग्राम पंचायत की बेपरवाही के चलते गंदगी के बीच जीवन गुजारने मजबूर हैं राजनगर के ग्रामीण
- नालियां बजबजा रही हैं गंदगी से, नहीं होती सफाई
- सरपंच, सचिव की लापरवाही उजागर
-अर्जुन झा-
बकावंड विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत राजनगर में ग्राम पंचायत द्वारा गंदे पानी और गंदगी की निकासी के लिए बनवाई गई नालियां खुद गंदगी का घर बन गई हैं। ग्रामीणों को गंदगी और बदबू के बीच जिंदगी गुजारने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत द्वारा लाखों रुपए खर्च कर राजनगर के माहरा पारा, सुंडी पारा से लेकर तालाब पारा तक नालियां बनाई गई हैं। नाली निर्माण में गुणवत्ता और बहाव का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया था। इसका दुष्परिणाम लंबे समय से देखने को मिल रहे हैं। नालियां ठीक से नहीं बनाई गई हैं। नतीजतन गंदे पानी और गंदगी का बहाव नहीं हो पा रहा है। नालियों में गंदे पानी, कचरा और कीचड़ का जमाव हो गया है। नालियों से उठती बदबू ने माहरा पारा, सुंडीपारा और तालाब पारा के ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। नालियों के आसपास के घरों के रहवासी ठीक से भोजन नहीं कर पाते, भोजन करते समय लोगों को उबकाई आने लगती है। वहीं नालियों में जमा पानी में मच्छरों की आबादी काफी बढ़ गई है। मच्छर रातभर ग्रामीणों को सोने नहीं देते। मलेरिया का प्रकोप फैलने का खतरा बढ़ गया है। नालियों के जाम रहने से बरसात के दिनों में नाली का पानी और कचरा घरों के अंदर घुसने लगता है और नाली का पानी सड़क पर बहते रहता है। सड़क से आने जाने वाले ग्रामीण परेशान होते रहते हैं। कीचड़ और गंदगी के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। घरों में बहुत ज्यादा मच्छर और मक्खी देखे जा सकते हैं। बदबू के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत की लापरवाही, सरपंच, सचिव की उदासीनता का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। नालियों की सफाई कराने की दिशा में पंचायत प्रतिनिधियों के ध्यान नहीं देने के कारण ऐसे हालात पैदा हुए हैं।
डेंगू के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शहर में चलाया विशेष अभियान
- नागरिकों को रोकथाम और बचाव के दिए टिप्स
जगदलपुर इस वर्ष भी कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन द्वार जगदलपुर शहर के जवाहर नगर वार्ड में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस वर्ष समुदाय की सहभागिता से डेंगू नियंत्रण की थीम पर राष्ट्रीय डेंगू दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डेंगू की रोकथाम एवं उससे बचाव के बारे में वार्डवासियों को विभाग द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि डेंगू के लार्वा साफ पानी में पनपते हैं। डेंगू के मच्छर दिन के समय कटते हैं।अपने घर के आसपास गमलों, टायरों, कूलरों टूटे- फूटे बर्तनों, नारियल की खोल, आदि में पानी एकत्रित न होने दें। नियमित तौर पर सफाई का कार्य करें। मच्छरदानी का उपयोग करने व हांथ-पांव को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने की सलाह दी गई।नुक्कड़ नाटक से भी संदेश
जानकारी को रोचक और मनोरंजक बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक का भी मंचन कर डेंगू की रोकथाम एवं बचाव के संबंध में नाटक के माध्यम से समुदाय को संदेश दिया गया। विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारियों ने अभिनय किया। मितानिनों द्वारा भी रोल प्ले किया गया। नुक्कड़ नाटक के पश्चात विभाग द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया जिसमें जन जन का यही है नारा,
डेंगू मुक्त हो शहर हमारा, अब की बार, डेंगू पर प्रहार, आमचो बस्तर, डेेंगू मुक्त बस्तर के अलावा अन्य नारों के साथ रैली के माध्यम से जागरूकता लाने की पहल की गई।डॉ. चतुर्वेदी ने दिलाई शपथ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने डेंगू मुक्त शहर और डेंगू मुक्त जिला बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई। शपथ कुछ इस तरह थी – हम अपने आस पास सफाई रखेंगे, घर के बर्तनों, कूलरों, गमलों, फ्रिज, पानी की टंकी आदि में पानी एकत्र नहीं होने देंगे और इनकी नियमित सफाई करेंगे। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करेंगे, पूरे शरीर और हाथ पांव को ढकने वाले कपड़े पहनेंगे। इस मौके पर
एसडीएम जगदलपुर भरत कौशिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी, जिला टीकाकरण अधिकारी डाॅ. सी.मैत्री, डीपीएम डाॅ. रीना लक्ष्मी, जिला व्हीबीडीbसलहकार बीके पंडा, आरएमएनसीएच सलहकार आर. प्रसन्ना, विशेष कलाकार में शिव नारायण पाण्डें, नरेश मरकाम, सुंदर मरकाम, शिवानी नायक, मुकेश्वरी शोरी, अदिति, पीलाराम, प्रशांत श्रीवास्तव, मितानिन काॅर्डिनेटर नईम कुरैशी, स्वच्छता समिति ब्रांड एंबेसेडर डीके पराशर, अजय पाॅल, आरएन पाण्डे, टूमेश्वर गजभिये, रजनीश आचार्य, के अलावा एमटी, मितानिन, महिला आरोग्य समिति के सदस्य, नर्सिंग छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में वार्डवासी रैली में शामिल हुए।
आरोपी द्वारा नाबालिक लड़की को शादी का प्रलोभन देकर करता रहा 01 माह से अनाचार
- परिवार वालों को पता ना चले इसलिए पीड़िता को अपने दोस्त के साथ भेज दिया रायपुर
- आरोपी व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
- 24 घण्टे के भीतर गुरूर पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किया
दिनांक 14.05.2024 को रिपोर्ट दर्ज कराया कि इसकी नाबालिक पुत्री को आरोपी मनोज निषाद द्वारा नाबालिक जानते हुए बहला फुसला कर शादी का प्रलोभन देकर दिनांक विगत 01 माह से लगातार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता रहा, तथा पीड़िता द्वारा उसे मना करने पर उसके फोटो को अपने दोस्तों को दिखा कर बदनाम करने तथा जान से मारने की धमकी देता था। दिनांक 14.05.2024 को पीड़िता से अनाचार करने के बाद अपने व पीड़िता के परिवार वालों के भय से उसे अपने दोस्त भेष कुमार पटेल को बोलकर उसके आल्टो कार से रायपुर में भेजवा दिया। पीड़िता द्वारा अपने परिवार वालों को पूरी आप बीती बताने के बाद उसकी मां के रिपोर्ट पर उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। अपराध की कायमी उपरांत पुलिस अधीक्षक एस. आर. भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक जोशी के निर्देशन तथा एसडीओपी राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण पर थाना गुरूर से विशेष पुलिस टीम गठित किया गया। कायमी उपरांत आरोपीगण दीगर राज्य भागने के फिराक में थे जिसे थाना गुरूर पुलिस द्वारा एक आरोपी को दुर्ग से तथा दूसरे आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया गया, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उक्त अपराधिक कृत्य में आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त आल्टो कार को भी जप्त किया गया है।
उक्त प्रकरण को सुलझाने व आरोपी की गिरफ्तारी एवं विवेचना में निरीक्षक दिनेश कुमार कुर्रे थाना प्रभारी गुरूर, सउनि कुलेश्वर यादव, म.प्र.आर. नर्मदा कोठारी, आरक्षक कोमल साहू, संजय साहू, पिताम्बर निषाद एवं सायबर सेल बालोद से आरक्षक मिथलेश यादव तथा अन्य अधिकारी/कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
बच्चियों की मौत की जांच करेगी कांग्रेस की टीम
जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में आईईडी की चपेट में आने से हुई दो बच्चियों की मौत के मामले की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जांच कमेटी का गठन किया है
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम बोड़गा में 13 एवं 11 साल उम्र वाली बालिकाओं की मौत विस्फोटक की चपेट में आने से हो गई थी। कांग्रेस के मुताबिक बम सुरक्षा बलों का था, या फिर नक्सलियों का इसकी जांच कांग्रेस की टीम करेगी। जांच कमेटी के अध्यक्ष दंतेवाड़ा के पूर्व विधायक प्रत्याशी छविंद्र कर्मा को बनाया गया है। सदस्य बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, कांग्रेस नेत्री नीना रावतिया, बीजापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, बीजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियाम, जिला पंचायत सदस्य बसंत ताती और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लच्छू मोड़ीयाम बनाए गए हैं।
सब कुछ सही, फिर भी नर्स भर्ती में अपात्र कर दिया आदिवासी अभ्यर्थी को
- कांकेर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में बड़ा खेल
बकावंड बस्तर संभाग के उत्तर बस्तर कांकेर के कार्यालय अधिष्ठाता, शासकीय चिकित्सा महाविद्यायल में विशेष कनिष्ठा कर्मचारी स्टाफ नर्स की सीधी भर्ती हेतु 93 रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस भर्ती में पात्र लोगों को अपात्र घोषित कर खास अभ्यार्थियों का चयन किया गया है।
स्टॉफ नर्स भर्ती हेतु नियमानुसार परीक्षा भी आयोजित की गई थी।
परीक्षा के उपरांत परीक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के स्थान पर अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई। जिसमें अभ्यर्थी राजेश्वरी कश्यप निवासी आसना जगदलपुर ने एसटी कैटेगरी में 83वीं रैंक हासिल की। चयन बोर्ड द्वारा उन्हें दस्तावेज परीक्षण हेतु बुलाया गया। सभी दस्तावेज जमा करने एवं जांच कर अधिकारियों द्वारा उन्हें सभी दस्तावेज परीक्षण उपरांत सही बताया गया। किंतु अंतिम सूची में राजेश्वरी कश्यप को अपात्र घोषित कर दिया गया। कारण पूछे जाने पर उन्हें नर्सिग पंजीयन का दस्तावेज पेश नही किया जाना बताया गया। चयन बोर्ड द्वारा दावा आपत्ति हेतु सामाचार प्रकाशित किया गया, जिसमें आवश्यक दस्तावेज जमा करने हेतु अवसर दिया गया। इसके बाद पुनः राजेश्वरी कश्यप ने कार्यालय पहुंचकर नर्सिग पंजीयन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए।
परन्तु अंतिम सूची में भी पुनः राजेश्वरी कश्यप को अपात्र घोषित कर दिया गया। कारण यही बताया गया कि अभ्यर्थी द्वारा नर्सिग पंजीयन दस्तावेज जमा नही किया गया है। इस संबंध में राजेश्वरी कश्यप ने कहा कि उक्त पद हेतु 93 पद की नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया था जिसमें मैने एसटी कैटेगरी में 83वीं रैंक हासिल की है। सभी दस्तावेज जमा करने के उपरांत भी अपात्र घोषित किया जाना संदेहजनक है।
राजेश्वरी कश्यप ने सरकार से निवेदन किया है कि उनके द्वारा भर्ती प्रक्रिया में सभी दस्तावेज जमा किए गए हैं।जिसकी पावती भी चयन बोर्ड द्वारा दी गई है। उनका कहना है कि चयन बोर्ड द्वारा पुनः सभी दस्तावेज की जांच पारदर्शिता के साथ करते हुए उसे न्याय दिलाया जाए।
चिल्लर की परेशानी को लेकर व्यापारी पहुंचे यूको बैंक
कुसुमकसा चिल्हर की समस्या को लेकर शाखा प्रबंधक,यूको बैंक कुसुमकसा को जनपद सदस्य व्यापारी संघ के उपाधक्ष्य संजय बैंस ने नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। जनपद सदस्य संजय बैंस ने प्रबंधक से चर्चा करते हुए बताया की हमारे व्यापारी भाईयो को बिना चिल्हर के व्यापार करने में समस्या हो रहा है रोज इधर उधर से चिल्हर रकम की व्यवस्था करना पड़ता है कई बार चिल्हर समस्या से ग्राहक के साथ भी समंंध खराब हो जाता है आप हमारे व्यापारियों के लिए शीघ्र चिल्हर नोट की व्यवस्था करे प्रबन्धक महोदय ने जल्द ही निराकरण करने की सहमति प्रदान की है ज्ञापन प्रेषित करने वाले श्री देवराज जैन दिनेश जैन मोती कुचेरियां कमलकांत साहू महावीर बाफना जी उपस्थित रहे|

बस्तर जिला प्रशासन ने छुड़वाए कर्नाटक में बंधक बनाकर रखे गए बस्तर जिले के 13 बंधुआ मजदूर
- मेहनताना के करीब छह लाख रुपए भी दिलवाए
- वापस आए मजदूरों ने कलेक्टर का माना आभार
जगदलपुर बस्तर के कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा है कि राज्य शासन द्वारा जनकल्याण की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है और पर्याप्त संख्या में रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं, इसका लाभ लें। रोजगार की तलाश में पलायन करके अन्य राज्य जाने की स्थिति में ग्राम पंचायत में स्थित पलायन पंजी में जानकारी दी जानी चाहिए। उक्त बातें कलेक्टर ने बुधवार को कर्नाटक से प्रशासन की मदद से वापस लाए गए कोलेंग क्षेत्र के 13 मजदूरों से मुलाकात के दौरान कही।
वापस लाए गए मजदूरों ने बताया कि अधिक मजदूरी की लालसा में वे सुकमा होते कर्नाटक राज्य के चित्रदुर्गा पहुंचे थे, जहां पर 5 लोग टेंट के कार्य और 8 लोग सुपारी के बगीचे में काम किया करते थे। लेकिन उन्हें तीन-चार महीने का मेहनताना नहीं दिया गया था। और अपने घर वापस आने के लिए रोका जा रहा था। मजदूरों का जिला प्रशासन बस्तर से संपर्क होने पर प्रशासन ने कर्नाटक राज्य के संबंधित जिले के प्रशासन और पुलिस से समन्वय कर श्रम विभाग के माध्यम से उन्हें वापस लाया गया। इसके अलावा मजदूरों को कर्नाटक राज्य की शासकीय दर 14 हजार 100 रूपए मासिक के हिसाब से नियोजक से मजदूरों को भुगतान करवाया गया। 13 श्रमिकों को 5 लाख 93 हजार 500 रूपए ठेकेदार से भुगतान की कार्यवाही करवाई की गई। मजदूरों ने कलेक्टर से मिलकर मजदूरी भुगतान और घर वापस लाने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल, संयुक्त कलेक्टर सुनील शर्मा, डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना, श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।












