City Media - Page 756 of 1860 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 756

मरकाम के आदेश को सैलजा ने किया रद्द अब पीसीसी में प्रशासन और संगठन का प्रभार रवि घोष देखेंगे

0

रायपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के द्वारा जारी आदेश को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने रद्द करने का आदेश जारी किया है। पीसीसी अध्यक्ष ने कल प्रदेश महामंत्रियों के प्रभार में परिवर्तन किया था। प्रभारियों के प्रभार में परिवर्तन किए जाने को लेकर प्रदेश प्रभारी से बिना अनुमति के ही आदेश जारी किया गया था। आदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी प्रतिमा चंद्राकर को रायपुर जिला प्रभारी के पद से हटाकर राजनांदगांव का प्रभार दिया गया था। रायपुर में अमरजीत चावला को प्रभारी बनाया गया था। आदेश जारी होने के बाद इस पर नाराजगी देखी गई थी।प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को जब इसकी जानकारी मिली कि प्रभारियों के प्रभार जिलों में परिवर्तन कर नए लोगों को प्रभार दिया गया था। उन्होंने मोहन मरकाम को पत्र लिखकर कहा है कि, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में रवि घोष को महामंत्री प्रभारी, प्रशासन एवं संगठन के पद का प्रभार दिया जाए। बताया गया है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला की शिकायत हाई कमान से की थी। शिकायत के बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया था। उन्हें प्रभारी महामंत्री के पद से हटाने के लिए कहा गया था। पिछले दिनों समन्वय की बैठक में यह बात फिर से उठाए जाने पर चावला को हटाने के निर्देश दिए गए थे। पीसीसी अध्यक्ष ने इसे देखते हुए पांच प्रभारियों के प्रभार में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया। जारी आदेश में राजनांदगांव जिला कांग्रेस के प्रभारी अरुण सिसोदिया का प्रभारी महामंत्री बनाते हुए प्रशासन और संगठन का प्रभारी बनाया गया। वहीं प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला को रायपुर जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया। जिले में प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर को राजनांदगांव का प्रभार दिया गया। मुख्यमंत्री के करीबी को हटाने के मामले को लेकर गंभीरता से लिया गया। प्रदेश प्रभारी से इसकी शिकायत की गई। कई नेताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई थी। शिकायत का असर यह हुआ की गुरुवार शाम को पीसीसी अध्यक्ष मरकाम का आदेश रद्द कर दिया गया।अब संगठन और प्रशासन देखेंगे घोषसंगठन के प्रभारी महामंत्री रवि घोष जिन्हें बस्तर संभाग का प्रभारी बनाया गया था, उन्हें अब पीसीसी में प्रशासन और संगठन का प्रभारी बनाया गया है। शेष प्रभारियों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया गया है। प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला का प्रभार भी छीन लिया गया है।मरकाम ने जारी किया था यह आदेशएक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के आदेश से प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों को नया प्रभार दिया गया था। जिसमें प्रभारी महामंत्री प्रशासन एवं संगठन की जिम्मेदारी अरुण सिसोदिया, महामंत्री रवि घोष बस्तर संभाग प्रभारी, महामंत्री अमरजीत चावला रायपुर शहर, यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई प्रभारी, उपाध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर राजनांदगांव प्रभारी, महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला मोहला मानपुर प्रभारी, महामंत्री यशर्वधन राव प्रशिक्षण प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। सैलजा ने इसे रद्द कर दिया है।

आईटीआई निरीक्षक परीक्षा में नकल कराने का मामला उजागर

0
  • मोबाइल फोन के जरिए प्रश्न हल कराने में लिप्त रहे प्राध्यापक

जगदलपुर व्यापम द्वारा आयोजित आईटीआई निरीक्षक परीक्षा में एक प्राध्यापक द्वारा नकल कराए जाने का मामला सामने आया है। इस प्राध्यापक को परिक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज सेंटर में व्यापमं द्वारा आयोजित आईटीआई निरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्राध्यापक द्वारा नकल कराए जाने को लेकर प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष से मामले की शिकायत की गई। शिकायत के बाद इंजीनियरिंग कॉलेज में हड़कंप मच गया है। फैकल्टी को परीक्षा ड्यूटी से बाहर कर दिया गया है। केंद्राध्यक्ष जैन ने नकल कराए जाने के मामले की पूरी जानकारी व्यापम को भेज दी है। व्यापमं द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज में 7 से 22 जून तक आईटीआई निरीक्षक एवं अन्य विभागों की परीक्षा आयोजित की गई थी। जानकारी के अनुसार 19 जून को वर्कशॉप कैलकुलेशन की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा कक्ष में चार फैकेल्टी (प्राध्यापक) की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा के दौरान एक प्राध्यापक ने परीक्षा कक्ष में प्रवेश किया, जिसकी कुछ दिन पहले ही कॉलेज में ज्वाइंनिग हुई है। ये प्राध्यापक अपने रिश्तेदार परीक्षार्थी सहित कई परीक्षार्थियों को मोबाईल के सहारे नकल कराने व प्रश्नपत्र हल कराने में जुटे रहे। खबर है कि कॉलेज के कुछ प्राध्यापकों के संरक्षण में नकल का खेल काफी दिनों से चल रहा था मामला उजागर होने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया है।

परीक्षार्थियों ने की शिकायत

प्राध्यापक द्वारा नकल कराए जाने की शिकायत कुछ परीक्षार्थियों ने केंद्राध्यक्ष से कर पेपर निरस्त करने की मांग की है। प्राचार्य खरे ने बताया कि नकल कराने की शिकायत मिलने के बाद उक्त प्राध्यापक को परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया है और मामले की स्पूर्ण जानकारी केंद्राध्यक्ष को दे दी गई है। केंद्राध्यक्ष द्वारा मामले की जांच की जा रही है जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वर्सन

व्यापम को भेज दी है जानकारी मामले की पूरी जानकारी व्यापम को भेजा दी गई है।

मितान’ के बैरी बन गए हैं कर्मचारी

0
  • मुख्यमंत्री की मितान योजना का सरेआम उड़ाया जा रहा मखौल
  • शुल्क पटाने के बाद भी बच्चे के आधार कार्ड ढाई माह में नहीं बना

अर्जुन झा

जगदलपुर मुख्यमंत्री के मितान के उनके ही सरकारी मुलाजिम दुश्मन बन बैठे हैं। ये कर्मचारी कामचोरी की हदें पार करते हुए बहु आयमी मितान योजना का मखौल उडाने पर आमादा हो गए हैं। इसके कारण सरकार की साख को बट्टा लग रहा है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की परेशानी से मुक्ति दिलाने के लिए मितान योजना शुरू की है। यह योजना बहु आयामी परिणाम देने वाली है, लेकिन सरकारी कर्मचारी इसको सफलता पूर्वक अमलीजामा पहनाने में बाधक बन रहे हैं। लोगों को राशन कार्ड, आधार कार्ड, जन्म – मृत्यु प्रमाण पत्र, निवास, जाति, आय प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज घर बैठे उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में मितान योजना आरंभ की है। पहले इन दस्तावेजों को बनवाने के लिए लोगों को एक सरकारी दफ्तर से दूसरे सरकारी दफ्तर के कई कई चक्कर लगाने पड़ते थे। इसके चलते लोगों के श्रम, समय और धन का अपव्यय होता था और मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती थी। इससे लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए ही मुख्यमंत्री ने मितान योजना शुरू की है। मितान योजना के काउंटर शहरों और गांव, कस्बों में खोले हैं, जहां कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है।काउंटर में महज 50 रु. का शुल्क जमा करने पर वांछित दस्तावेज घर पहुंचा कर दिए जाने का प्रावधान है। काउंटर में नियुक्त कर्मचारी अपना कर्तव्य और जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभा पा रहे हैं। इसका एक बड़ा उदाहरण राजधानी रायपुर में सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने परिवार के एक बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के लिए 50 रु. का शुल्क जमा किया था। प्रावधान के मुताबिक आधार कार्ड एक हफ्ते के अंदर बनाकर आवेदक के घर भेज देना चाहिए था, मगर ढाई माह बीत जाने के बात भी आधार कार्ड का कोई अता पता नहीं है।

ऑडियो सुनिए

शिकायत करने पर अभद्रता

रायपुर के एक मितान योजना काउंटर से जुड़ा एक ऑडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में बच्चे का आधार कार्ड बनाने के लिए आवेदन करने वाले शख्स और काउंटर की महिला कर्मचारी की बातचीत रिकार्ड है। इसमें शख्स कह रहा कि मैडम मैंने बच्चे के आधार कार्ड के लिए ढाई माह पहले 50 रु. शुल्क जमा किया था। आधार कार्ड अब तक नहीं मिला है। चॉइस सेंटर की मदद ली होती तो आधार कार्ड हफ्ते पंद्रह दिन में मिल जाता। इस पर महिला कर्मचारी रूखे अंदाज में जवाब देती है कि शुल्क दिए हो तो क्या हुआ, अभी कार्ड नहीं बना है, केंद्र सरकार की ओर से आधार कार्ड बनकर नहीं आया है तो हम क्या कर सकते हैं। आपको जहां शिकायत करनी है, कीजिए। मितान योजना का कुछ ऐसा ही हाल बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। यहां भी लोगों को वांछित दस्तावेजों के लोगों को घुमाया जाता है।

30 प्रतिशत से भी कम रहा बस्तर यूनिवर्सिटी का परीक्षा परिणाम

0
  • अभाविप के जिला संयोजक वरुण साहनी ने नतीजे पर जताई चिंता, शिक्षण व्यवस्था पर उठाए सवाल

जगदलपुर बस्तर विश्वविद्यालय के सत्र 2022- 23 का परीक्षा परिणाम लगभग सभी विषयों के घोषित हो चुके हैं। परीक्षा परिणाम का औसत 30 प्रतिशत से भी है। यह छात्रों के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बस्तर जिला संयोजक वरुण साहनी ने इस निराशाजनक परीक्षा परिणाम पर चिंता जताते हुए यूनिवर्सिटी कि शिक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वरुण साहनी ने परीक्षा कहा कि विश्वविद्यालय का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से भी कम रहना विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए बेहद ही निराशाजनक है। घोषित परीक्षा परिणाम को लेकर छात्र छात्राओं में व्यापक आक्रोश है। ऐसे स्तरहीन परीक्षा फल से उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है। वरुण ने राज्य सरकार की लचर शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बस्तर विश्वविद्यालय के अधीन महाविद्यालयों में नियमित प्रोफेसरों की कमी बनी हुई है। अधिकांश कॉलेजों में नियमित प्राचार्य भी नियुक्त नहीं हैं। सरकार आज नए शिक्षण संस्थान खोल रही है, किंतु उन संस्थानों के सुचारू रूप से संचालन के लिए पर्याप्त संसाधन की व्यवस्था करने में सरकार सक्षम साबित नहीं हो पा रही है। इसका खामियाजा छात्र छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। वरुण साहनी ने बताया है कि यूनिवर्सिटी के ज्यादातर विद्यार्थी या तो फेल हो चुके हैं, या फिर पूरक के पात्र बन गए हैं। हजारों विद्यार्थियों का पूरा साल बर्बाद हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इसके चलते विद्यार्थियों में पढ़ाई को लेकर शंका एवं भय का माहौल निर्मित हो रहा है।

हिंदी माध्यम सम्हल नहीं रहा, ख्वाब अंग्रेजी का

अभाविप के जिला संयोजक वरुण साहनी ने कहा कि प्रदेश सरकार से हिंदी माध्यम वाले महाविद्यालय तो सम्हल नहीं पा रहे हैं और वह राज्य में अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय खोलने का ख्वाब दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार हिंदी माध्यम महाविद्यालयों में शैक्षणिक स्टॉफ और संसाधनों की व्यवस्था करने में पूरी तरह असफल रही है। यह विद्यार्थियों के प्रति सरकार की संवेदनहीनता का परिचायक है।सरकार विद्यार्थियों को सिर्फ लॉलीपॉप थमाने का काम कर रही है।विश्वविद्यालय की मूल्यांकन पद्धति पर सवाल उठाते हुए वरुण साहनी कहा है कि एक ही वर्ष में परिणाम का प्रभावित होना कहीं ना कहीं मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी संदेह उत्पन्न करता है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए घोषित परिणामों और आने वाले परिणामों पर पुनर्विचार करने की जरूरत है।

विधायक बेंजाम ने छिंदगढ़ ब्लॉक में की सौगातों की बारिश

0
  • अनेक गांवों में किया निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
  • टैंकर देने और रंगमंच निर्माण की घोषणा भी की राजमन बेंजाम ने

लोहंडीगुड़ा चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड की अनेक ग्राम पंचायतों में सौगातों की बारिश कर दी। उन्होंने अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान बेंजाम ने कई गांवों में पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने तथा रंगमंच बनवाने की घोषणा भी की।विधायक राजमन बेंजाम 21 जून को छिंदगढ़ ब्लॉक में स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के दौरे पर थे। गांवों में लोगों ने उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। बैज ने ग्राम पंचायत सौतनार में बालक आश्रम नयापारा में 18.59 लाख रु. की लागत से 250 मीटर अहाता निर्माण, बड़े पुलिया से कमलू घर तक 10 लाख रु. की लागत से 250 मीटर सीसी सड़क निर्माण, नयापारा से चिउवाड़ा सड़क पर 5.75 लाख की लागत से 2 मीटर पुलिया निर्माण, ग्राम पंचायत इड़जेपाल के गाड़मरास में 10 लाख रु. की लागत से 250 मीटर सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। विधायक राजमन बेंजाम ने काचीररास सड़क पर 3.98 लाख रु. की लागत से निर्मित 1.50 मीटर पुलिया, खासपारा में आंगनबाड़ी भवन, कुपीडीह पारा में आंगनबाड़ी भवन, बोदा घर से प्राथमिक शाला कोदाभाटा तक 8.98 लाख रु. की लागत से निर्मित 220 मीटर सीसी सड़क, मुख्य मतंग से तेली घर तक 9.40 लाख की लागत से बनी 230 मीटर सीसी सड़क, ग्राम पंचायत कौकावाड़ा कुम्हारपारा में उमा घर के पास 5 लाख की लागत से निर्मित 1.50 मीटर स्पॉन पुलिया, नयापारा से जांगरपारा मार्ग पर 6 लाख की लागत से बने 2 मीटर स्पॉन पुलिया का लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक बेंजाम ने काचीररास व नामापारा में रंगमंच निर्माण हेतु 2 -2 लाख रुपए, कौकावाड़ा हाई स्कूल में सायकल स्टैंड निर्माण, ग्राम पंचायत इड़जेपाल में पानी टैंकर उपलब्ध कराने व रंगमंच निर्माण हेतु 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।

हम लॉलीपॉप नहीं थमाते : बेंजाम

विधायक राजमन बेंजाम ने कहा कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में भी हमारी कांग्रेस ने सरकार इस क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के लिए बेहतर काम किया। मेरे विधायक निर्वाचित होते ही मुझे एक चुनौती के रूप में सौतनार में पुलिया निर्माण कराने की जिम्मेदारी मिली। मैंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष के समक्ष प्रस्ताव रखा, मुख्यमंत्री बघेल ने तत्काल पुलिया निर्माण की स्वीकृति दे दी।उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में बीजेपी के लोग जूते, चप्पल बांटकर तेंदूपत्ता संग्राहकों को लॉलीपॉप थमाते थे। हमारी सरकार तेंदूपत्ता तोड़ने वालों को जूते चप्पल न बांटकर नकद राशि भुगतान करने का काम कर रही है। बीजेपी के शासन में सुकमा जिले के लगभग 300 स्कूल बंद पड़े थे। जब प्रदेश में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार आई तब बंद पड़े स्कूलों को फिर से खोलने के साथ ही कूकानार जैसे सुदूर अंचल में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं।इस दौरान विधायक राजमन बेंजाम के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बिरसिंग बघेल, जिला पंचायत सदस्य सोमाराम नाग, जनपद सदस्य सोमारी बघेल, विधायक प्रतिनिधि अशोक चौहान, देवा उइके, सरपंच सौतनार अर्जुन मरकाम, कोडरीपाल सरपंच, कौकावाड़ा सरपंच पति धनीराम, गाड़मरास सरपंच भीमाराम मरकाम, संजय मरकाम, देवलाल,राजू चौहान, सुनील यादव, जयपाल चौहान, जितेंद्र चौहान, शंकर दास, ज्ञानेंद्र चौहान, गोबरे सिंह, अनुज चौहान, आयतु राम, संतोष नाग, बबलू नाग, चेतन नाग, शंकर नाग, रमेश कुमार, सुकमन बघेल, रामकुमार, रामसिंग एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

बस्तर साँसद दीपक बैज पूरनतरई क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

0
  • विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरुष्कार देकर किया पुरुष्कृत
  • खेल जीवन का अभिन्न अंग,इससे व्यक्ति उच्च स्तर की क्षमता के साथ सक्षम बनता है-बैज

आज बस्तर साँसद दीपक बैज दंतेवाड़ा जिले के पूरनतरई बारसूर में दबंग टाइगर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन में बतौर अतिथि शामिल हुए तत्पश्चात साँसद बैज का दबंग टाइगर स्पोर्ट्स क्लब के आयोजनकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 22 टीमो ने भाग लिया आज का अंतिम मैच बालपेट एलेवन और रोंजे एलेवन के मध्य खेला गया जिसमें बालपेट एलेवन ने शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम किया इस अवसर पर खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए साँसद बैज ने कहा,आज खेल जीवन का अभिन्न अंग है

इससे व्यक्ति उच्च स्तर की क्षमता के साथ सक्षम बनता है खेल हम सभी के प्रतिदिन जीवन के लिए लाभदायक है क्योंकि ये हमें स्वस्थ्य वातावरण में सामान्य शारीरिक गतिविधियों में शामिल करता है। खेल का वातावरण खिलाड़ियों के लिए बहुत ही प्रतियोगी और चुनौतिपूर्ण होता है,खेल खेलना हमें पूरे जीवनभर बहुत से तरीकों से मदद करता है।आज खेल रोजगार का भी शशक्त माध्यम है हमारे मुख्यमंत्री भुपेश बघेल जी छत्तीसगढ़ में लगातार खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रहे हैं इस लिए उन्होंने युवा मितान का भी गठन किया है। खिलाड़ी खेल का बेहतर प्रदर्शन कर आगे बढे मेरी शुभकामनाएं है.. साथ ही मैं इस सफल आयोजन हेतु आयोजनकर्ताओ के समस्त सदस्यों को बधाई देता हूँ इस दौरान सरपंच श्रीमती संगीता मंडावी,सांसद प्रतिनिधि व युवा मितान बस्तर जिला संयोजक सुशील मौर्य, सांसद प्रतिनिधि प्रवीण राणा,राकेश मंडावी, उप सरपंच रामसिह कश्यप,पुजारी रूपराम कश्यप, पंच शिवराम कश्यप, डोंडाराम कश्यप, गणेश दुर्गा,विष्णु कश्यप,लिंगोराम तामो, मुन्नाराम, जितेंद्र वट्टी, मुन्नाराम वेको,चंपा मंडावी, झूली मंडावी, शिवराम मंडावी, कुन्ना मंडावी, विमल सलाम, दिनेश ठाकुर सहित ग्रामीणजन माता बहने एवम कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

योग है निरोगी रहने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम: विधायक रेखचंद जैन

0
  • संसदीय सचिव ने योग आयोग सदस्य, अतिथियों व अधिकारियों संग किया योग
  • अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ स्टेडियम में मुख्य आयोजन

जगदलपुर अंतर राष्ट्रीय योग दिवस पर बस्तर जिले में मुख्य आयोजन इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बुधवार सुबह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य राजेश नारा थे। प्रारंभ में विभिन्न मुद्राओं व आसनों के साथ सैकड़ों लोगों ने योग किया। इसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्ट जनों ने संबोधन दिया।

संसदीय सचिव तथा जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन ने संबोधन देते कहा कि वर्तमान काल में योग की महत्ता अत्यधिक बढ़ गई है। क्योंकि लोगों का जीवन जीने के तरीके में पहले की तुलना में बदलाव आ गया है। पिछले कुछ सालों में समाज में योग को लेकर उत्साह व ग्राह्यता बढ़ी है। श्री जैन ने कहा कि योग ही निरोग रहने का बेहतर माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान योग आयोग सदस्य व मुख्य अतिथि राजेश नारा, इंद्रावती विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष व शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजीव शर्मा, कलेक्टर विजय दयाराम के, एसपी बीएन मीणा, जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वैशाली मरडवार समेत अन्य जन प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी- कर्मचारी, स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे।

शासन की शह पर जंगलों की अवैध कटाई और कब्जे :रामाश्रय

0
  • भाजपा ने दी डीएफओ कार्यालय के घेराव की सख्त चेतावनी

जगदलपुर वन विभाग के जगदलपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले बड़े मुरमा, सुरंदवाड़ा, बिरनपाल, कवाली कला व नानगुर ग्राम पंचायतों में भूमाफियाओं द्वारा शासन की शह पर एवं प्रशासनिक लापरवाही व मिलीभगत से बड़े पैमाने पर जंगलों को काटकर जेसीबी व ट्रेक्टरों के जरिए इमारती लकडियों की तस्करी की जा रही है साथ ही जंगलों की जमीन पर अवैध कब्जा बाहरी लोगों द्वारा किया जा रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। इस समस्या से ग्रसित ग्रामीणों द्वारा बुलाए जाने पर भाजपा जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह अपने पार्टी के सहयोगियों के साथ ग्राम बड़े मुरमा पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी व्यथा को सुना। पश्चात तत्काल जगदलपुर रेंज के रेंजर देवेंद्र वर्मा को आक्रोशित ग्रामीणों के बीच बुलाया गया। उनसे चर्चा कर डीएफओ के नाम का एक ज्ञापन सौपा गया। भाजपा जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह ने ज्ञापन सौपते हुए उपस्थित रेंजर देवेंद्र वर्मा से कहा कि 15 दिवस के अंदर उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। समय रहते कार्रवाई न होने पर डीएफओ कार्यालय का घेराव भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान भाजपा नानगुर मंडल अध्यक्ष सतीश सेठिया, सरपंच बड़े मुरमा मनधर मौर्य, महामंत्री नीलाम्बर सेठिया, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रमेश सेठिया, पूर्व सरपंच दीनबंधु नाग, हेमकांत सेठिया, जितेंद्र, जयराम, मिटकू, लछमन, जगन्नाथ, फूलसिंह, जलन, सुधर, बट्टू, रामधर, तरुण सेठिया, कमलू, जितस, निलधर, रुदु, घेनुराम, सुदेश,नेहरू, गुड्डू, महेंद्र, रामधर,अर्जुन, जयराम, सुभाष, झुमकलाल सेठिया, सुकलाल, सोमारू, कुरसोराम, मेहतर, शंकर, कमलोचन, सोनसिग, जितेंद्र, जुगल, चैतमन, चैतन, नेहरू समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

रेंजर वर्मा पर हैं संगीन आरोप

जिस रेंजर देवेंद्र वर्मा के कार्यक्षेत्र के जंगलों में पेड़ों की अवैध कटाई एवं तस्करी हो रही है तथा जंगलों की जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं, वह ऐसे मामलों के लिए काफी बदनाम हैं। वर्मा जगदलपुर रेंज में वर्षों से पदस्थ हैं और जंगलों की अवैध कटाई लकड़ियों की तस्करी को खुलकर संरक्षण दे रहे हैं। जंगलों की जमीन पर अवैध कब्जों को भी वे खुला प्रश्रय दे रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीण उनके खिलाफ कई बार आवाज उठा चुके हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों और भाजपा नेताओं का कहना है रेंजर देवेंद्र वर्मा को हटाए बिना जंगलों की सुरक्षा संभव नहीं है, इसलिए उन्हें रेंज से तत्काल हटाया जाना चाहिए।

अमर सोनी की शौकसभा में शामिल हुए विधायक रेखचंद

0
  • दुखी परिजनों को ढाढ़स बंधाया संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने

जगदलपुर शहर के प्रतिष्ठित नागरिक बंशीलाल सोनी के पुत्र एवं राजीव युवा मितान क्लब महारानी वार्ड के कोषाध्यक्ष 32 वर्षीय अमर सोनी का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनकी शोकसभा में संसदीय सचिव एवं विधायक रेखचंद जैन शामिल हुए। जैन ने अमर सोनी को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार आपके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा की अमर सोनी बहुत ही ऊर्जावान खिलाड़ी थे तथा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनका आसमयिक निधन शहर के साथ साथ हमारे लिए भी अपूर्णीय क्षति है।

अधिवक्ता दास की माताजी को भी दी श्रद्धांजलि

शासकीय अभिभाषक अखिलेश्वर दास की माताजी के निधन पर आयोजित शोकसभा में भी संसदीय सचिव रेखचंद जैन शामिल हुए। संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया एवं मृत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक जगदलपुर एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन के साथ प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ पार्षद यशवर्धन राव, वरिष्ठ पार्षद राजेश राय, पार्षद सूर्या पाणी,शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गौरनाथ नाग, विधि विभाग के जिलाध्यक्ष अवधेश झा उपस्थित थे।

सुरक्षा बल के जवानों को डेंगू और मलेरिया से बचाने मुहिम

0
  • स्वास्थ्य मिशन ने बटालियन में लगाया स्वास्थ्य जांच उपचार शिविर

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आरके चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन जगदलपुर द्वारा 5वीं बटालियन कंगोली मे बुधवार सुबह 9 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 76 पुरुषों व 30 महिलाओं समेत कुल 106 लोगों की जांच की गई। शहरी कार्यक्रम प्रबंधक संजीव दुबे ने बताया कि यह शिविर विशेष तौर पर पुलिस के जवानों और उनके परिवारों को डेंगू से बचाने, जांच एवं रोकथाम के लिए आयोजितकिया गया था।

इस शिविर में डेंगू, मलेरिया, के साथ- साथ अन्य बीमारियों से बचाव के उपाय के बारे में जवानों को जानकारी दी गई तथा डेंगू व मलेरिया की जांच की गई। शिविर में 106 लोगों 76 पुरुष 30 महिलाओं ने लाभ लिया। इनमें से 55 लोगों की मलेरिया और डेंगू की जांच की गई सभी नकारात्मक पाए गए। 95 लोगों का बीपी और शुगर की जांच की गई। 33 लोगों का हीमोग्लोबिन टेस्ट किया गया। 10 लोग समान्य सर्दी खांसी से पीड़ित पाए गए। सभी का लक्षणों के आधार पर उपचार किया गया। शिविर के आयोजन में पुलिस प्रशासन के अलावा मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना की एमएमयू का विशेष सहयोग रहा। शिविर में डॉ. वीरेंद्र ठाकुर, नोडल आईडीएसपी जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना, राष्ट्रीय वेक्टर बोर्न डिसीज कंट्रोल सलाहकार बसंत कुमार पांडा, डॉ. विराट तिवारी, चिकित्सा अधिकारी नरेश मरकाम, प्रशांत श्रीवास्तव, पूजा विश्वास, अनुषा सिंह, तामेश्वरी मरावी, अमित पटेल,पीलाराम के अलावा अन्य कर्मचारियों ने योगदान दिया।

MOST POPULAR

HOT NEWS