City Media - Page 783 of 1862 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 783

कोंटा के घर घर में जगाई गई विहंगम योग साधना की अलख

0
  • नगर में सद्गुरु सदाफल देव के शिष्यों ने सात दिनों तक चलाया विशेष अभियान

बकावंड ब्रह्मविद्या विहंगम योग संस्थान क्षेत्रीय सद्गुरु सदाफल देव आश्रम से विहंगम योग के प्रचार प्रसार हेतु निकले दल का सुकमा जिले के कोंटा में आगमन हुआ। संस्थान के बस्तर जिला संयोजक शिवबालक कुंवर, क्षेत्रीय कार्यालय बस्तर संभाग के प्रभारी सुनील पिल्ले, संभागीय प्रचार प्रसार प्रभारी रमेश राव, सुकमा जिला संयोजक सुखनाथ जैन, बकावंड ब्लॉक प्रचारक सोनसिंह भारती, संभाग प्रचारक सोमारु राम पोयाम, तोंगपाल छिंदगढ़ की उपदेष्टा लच्छनदेई बघेल, तोंगपाल प्रचारक सोनाली बघेल, बस्तर ब्लॉक प्रचारक रामसाय मौर्य, बकावंड ब्लॉक प्रचारक कमलीवती कश्यप, सोनारु बघेल, दुरमनी बघेल, भगत बघेल व ढलेंद्र नाग, छिंदगढ़ ब्लॉक प्रचारक मेघनाथ व रामसिंह एवं राजा पोयाम का विहंगम योग के प्रचार प्रसार में सराहनीय योगदान रहा। सद्गुरु सदाफल देव महाराज ने ब्रह्मविद्या विहंगम योग के माध्यम से स्वयं को जानने की कला और परमात्म प्राप्ति का सरल व सहज विधि बताई है। संपूर्ण विश्व में सद्गुरु सदाफल देव महाराज ने विलुप्त ब्रह्मविद्या विहंगम योग का पुनः प्रतिस्थापन कर आत्म कल्याण के सहज सूत्र को लोगों तक पहुंचाने के काम पर अनुयायियों को लगाया है। विहंगम योग अद्वितीय है और दुर्लभ है। विहंगम योग सत्य सनातन मार्ग है। ब्रह्मविद्या विहंगम योग, आत्म व परमात्मा का एकमात्र मिलन मार्ग है। संस्थान द्वारा भारतीय संस्कृति के संरक्षण संवर्धन का उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। विहंगम योग की साधना पद्धति पर विश्व के अनेक देशों में वैज्ञानिक अनुसंधान हुए हैं, जिससे अद्भुत परिणाम प्राप्त हुए हैं। विहंगम योग साधना पद्धति के नियमित अभ्यास से जुड़कर लाखों लाख व्यक्ति अपने सर्वांगीण विकास कर रहे हैं । इस विलक्षण पद्धति के अभ्यास हेतु हमें कोई असामान्य जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता नहीं है । इसके अभ्यास से साधारण व्यक्ति भी अनेक उपलब्धियां प्राप्त कर लेता है। मानव कल्याण के लक्ष्य से प्रचार यात्रा कोंटा ग्राम पंचायत में सभी घरों तक विहंगम योग का प्रचार किया गया। इसमें सद्गुरु के 100 भक्तों व साधकों ने 10 मिनट की इस क्रियात्मक विधि को सीखने में उत्सुकता दिखाई। यह अभियान 15 से 25 मई तक चला। कोंटा में उपदेश के कार्यक्रम हुए घरों में ध्वाजारोहण किया गया। तथा शिव मंदिर प्रांगण में भी अ अंकित श्वेत ध्वाजा फहराया गया। यह कार्यक्रम सद्गुरु के शिष्य व साधक महेश्वरानंद नेताम एएसआई कोंटा थाना तथा शिव मंदिर के संस्थापक पी. विजय नायडू के सौजन्य से एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। महेश्वरानंद नेताम और आलोक गुप्ता ने प्रचार दल को टावेल भेंटकर विदाई दी। सद्गुरु प्रभु द्वारा रचित स्वर्वेद महाग्रंथ का वितरण भी किया गया। प्रत्येक सोमवार नियमित ब्रह्मविद्या विहंगम योग की स्वर्वेद कथामृत तथा सत्संग शिव मंदिर प्रांगण मे संध्या 6 बजे करने का निर्णय लिया गया। आलोक गुप्ता, मौसमी जया अध्यक्ष नगर पंचायत, पत्रकार नवीन व नरसिंह राव, श्री निर्मलकर, संकरी देवी, यतिन कोर्राम, निशिता, दुर्गा भवानी, नम्रता, नंदिनी एवं कोंटा के नए जिज्ञासुओं को विशेष आभार व्यक्त किया गया।

चित्रकोट क्षेत्र के जन जन के मन में राज कर रहे हैं राजमन बेंजाम

0
  • विधायक की कर्मशीलता और सजगता के कायल हुए ग्रामीण
  • अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हैं युवा विधायक

तोकापाल जैसा नाम वैसा ही गुण है अपने विधायक में। क्षेत्र के समग्र विकास, जनता के प्रति जवाबदेही और मातृसंस्था कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पण और अपने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के प्रति निष्ठा उनकी पहचान बन चुकी है। क्षेत्र की जनता के लिए उनके घर के द्वार चौबीसों घंटे खुले रहते हैं। तभी तो चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के जन – जन के मन में राज करने लगे हैं विधायक राजमन बेंजाम।अपने दामन में समेटे उफान मारते विहंगम जलप्रपात की ख्याति पूरे विश्व में होने के बावजूद चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र दशकों तक उपेक्षित रहा। बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय चित्रकोट में एशिया का सबसे ऊंचा वाटर फाल है, जिसकी प्रसिद्धि समूची दुनिया में है। इस निराले और मनभावन वाटर फाल को निहारने पूरी दुनिया से लोगों का चित्रकोट आना बारहों माह लगा रहता है। टूरिज्म सेक्टर के ग्लोबल इंडेक्स में चित्रकोट वाटर फाल श्रेष्ठतम स्थान रखता है। वैसे तो बस्तर संभाग में दर्शनीय पर्यटन स्थलों की कोई कमी नहीं है, लेकिन चित्रकोट के झरने के दीदार के बिना बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए बस्तर प्रवास अधूरा ही रह जाता है। पर्यटक सबसे पहले चित्रकोट में जाना पसंद करते हैं। उसके बाद ही तीरथगढ़ जलप्रपात, कोटमसर गुफा, सिकसार जलाशय, अभ्यारण पहाड़ी मैना आदि के दीदार के वे निकलते हैं। बस्तर की अर्थ व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में चित्रकोट जलप्रपात का सबसे बड़ा योगदान है। बस्तर का होटल व्यवसाय, ट्रेवलिंग सेक्टर चित्रकोट की बदौलत ही जिंदा हैं। इसके बावजूद चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में दशकों तक पिछड़ा रहा। इस सीट पर जबसे कांग्रेस के विधायक राजमन बेंजाम जीतकर आए हैं और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है, तबसे इस क्षेत्र में विकास की आभा बिखरनी शुरू हो गई है।

संवरने लगी है गांवों की तस्वीर

विधायक राजमन बेंजाम के प्रयासों तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक लखेश्वर बघेल, संसदीय सचिव एवं जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा आदि के सहयोग से आज चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास का नया आयाम रच रहा है। क्षेत्र के पहुंच विहीन गांव भी अच्छी और मजबूत सड़कों से जुड़ चुके हैं। प्रायः हर गांव में शाला भवन, आंगनबाड़ी भवन, ग्राम पंचायत भवन, खाद गोदाम बन चुके हैं। प्रमुख गांवों में धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं, गांव गांव में लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल रहा है, नजदीक में स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है, बिजली आपूर्ति व्यवस्था और भी बेहतर हुई है। स्कूल, कन्या आश्रम, छात्रावास आदि की सुविधा से बड़े गांव लैस हो चुके हैं। क्षेत्र के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए अब दूर के शहरों और कस्बों में जाना नहीं पड़ता। अधिकतर गांवों की गलियों में सीसी रोड बन चुकी है। अपने गांव की ऐसी तरक्की से लबरेज तस्वीर देख ग्रामीण फुले नहीं समा रहे हैं।

सहज सुलभ रहते हैं विधायक बेंजाम

क्षेत्र के ग्रामीण बताते हैं कि विधायक राजमन बेंजाम जनता का दुख दर्द सुनने और समस्याओं को दूर करने के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं। उनके घर के दरवाजे क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बारहों माह, चौबीसों घंटे खुले रहते हैं। उनके निवास में पहुंचने वाले किसी भी ग्रामीण को कभी भी निराश नहीं लौटना पड़ता। श्री बेंजाम क्षेत्र का दौरा भी सतत करते रहते हैं। हर ग्रामीण के सुख दुख में सहभागी बनते हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि राजमन बेंजाम को यह गुण विरासत में मिला है। छोटे से आदिवासी किसान परिवार में जन्मे होने के कारण श्री बेंजाम आदिवासियों, किसानों, अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की तकलीफों को भलीभांति समझते हैं, क्योंकि वे स्वयं इस तरह की तकलीफों के बीच पले बढ़े हैं। यही वजह है कि आज राजमन अपने क्षेत्र के जन – जन के मन में राज करने लगे हैं। उनकी एक आवाज पर हजारों की भीड़ जमा हो जाती है।

वरिष्ठ नेताओं का मिलता है आशीर्वाद

विधायक राजमन बेंजाम क्षेत्र के विकास के लिए अपने वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन और सहयोग लेते रहते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, जिले के प्रभारी मंत्री एवं छ्ग शासन के उद्योग मंत्री कवासी लखमा, बस्तर के सांसद दीपक बैज, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बस्तर जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव शर्मा आदि का आशीर्वाद उन्हें सदैव प्राप्त रहता है। जब भी ये नेता जिले के गांवों के दौरे पर आते हैं, तब वहां राजमन बेंजाम की मौजूदगी जरूर रहती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में जगदलपुर में आयोजित भरोसे का सम्मलेन में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से भी हजारों ग्रामीण श्री बेंजाम के नेतृत्व में पहुंचे थे। हाल ही में जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा और संसदीय सचिव रेखचंद जैन द्वारा ग्राम पंचायत कनकापाल में किए गए सड़क भूमिपूजन के कार्यक्रम तथा झीरम गांव में आयोजित स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शहादत दिवस कार्यक्रम में भी इन्हीं दोनों नेताओं के साथ विधायक राजमन बेंजाम ने भी मंच साझा किया था।*बॉक्स**

जनता की सेवा, पार्टी के प्रति निष्ठा मेरा धर्म : बेंजाम

विधायक राजमन बेंजाम का कहना है कि चित्रकोट की जनता ने जिन उम्मीदों और भरोसे के साथ मुझे चुना है, उन पर खरा उतरना तथा कांग्रेस पार्टी एवं अपने नेताओं के प्रति निष्ठा बनाए रखना मेरा धर्म है। कितनी भी विषम परिस्थितियां आ जाएं, मैं अपने इस धर्म से कभी विमुख नहीं होऊंगा। जब तक सांसें चलती रहेंगी, चित्रकोट की जनता की सेवा समर्पित भाव से करता रहूंगा।

जिला उपभोक्ता आयोग ने कृषक को दिलाया 7 लाख का मुआवजा

0
  • नक्सलियों ने जला दिया था किसान का ट्रेक्टर, बीमा कंपनी से दिलाई हर्जाना राशि

जगदलपुर जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर ने कृषक मंगलू कश्यप को बीमा कंपनी से 7 लाख रु. का मुआवजा दिलाया है। मंगलू के ट्रेक्टर व ट्राली को नक्सलियों ने जला दिया था। कृषक मंगलू कश्यप ने एक सोनालिका ट्रैक्टर, ट्राली क्रय किया था। इस ट्रेक्टर व ट्राली का बीमा दि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी द्वारा किया गया था। बीमा अवधि के दौरान ट्रेक्टर, ट्राली को दंतेवाड़ा के पास ग्राम कुपेर में नक्सलियों द्वारा आगजनी कर जला दी गई थी। इसके बाद मंगलू कश्यप ने इंश्योरेंस कंपनी के समक्ष बीमा दावा प्रस्तुत किया था। उसके दावे को बीमा कंपनी ने इस आधार पर निरस्त कर दिया था कि मंगलू कश्यप के ट्रैक्टर व ट्राली का बीमा कृषि प्रयोजन के लिए किया गया था और घटना के समय ट्रैक्टर का व्यवसायिक प्रयोजन हेतु उपयोग किया जा रहा था। बीमा दावा निरस्त होने के पश्चात मंगलू कश्यप ने जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष परिवाद प्रस्तुत किया था। मंगलू द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों, साक्ष्य और तर्कों के आधार पर जिला उपभोक्ता आयोग ने माना कि कृषक मंगलू कश्यप के द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज एवं साक्ष्य, सर्वेयर की रिपोर्ट, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की रिपोर्ट में यह उल्लेखित है कि उक्त वाहन किसान पैकेज पॉलिसी के तहत बीमाकृत न होकर कमर्शियल व्हीकल पैकेज पॉलिसी, काम्प्रेहिइंसिव पालिसी के तहत बीमित था। इस हेतु ट्रैक्टर ट्राली के नुकसान मद में 6 लाख रु., कृषक मंगलू कश्यप द्वारा ट्रैक्टर ट्रॉली देना बैंक से ऋण पर प्राप्त किया था जिस पर उसे ओवरड्यू के 1 लाख रु. की राशि आयोग द्वारा प्रदान की गई है। जिला उपभोक्ता आयोग द्वारा कृषक को मानसिक एवं शारीरिक पीड़ा हेतु 10 हजार रु. एवं वाद व्यय हेतु 3 हजार रु. साथ ही वाद प्रस्तुति दिनांक से 7 प्रतिशत साधारण ब्याज सहित उक्त राशि 1 माह के भीतर अदा करने का आदेश दिया गया है।जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल, सदस्य आलोक कुमार दुबे और सीमा गोलछा की खंडपीठ द्वारा यह आदेश जारी किया गया है।

दिव्यानी प्रापर्टी लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर वर्ष 2015 से फरार आरोपी को किया गया गिरफतार

0

छत्तीसगढ़ व अन्य राज्य के विभिन्न जिलो की पुलिस कर रही थी आरोपी की तलाश बालोदपुलिस को मिली सफलता ।उक्त कंपनी के विरूद्ध जिला दुर्ग, रायपुर, धमतरी, कोरवा, जांजगीर-चांपा में अपराध पंजीबद्ध है।• उक्त कंपनी के 08 डायरेक्टरो को किया जा चुका है गिरफतार। • उक्त कंपनी के विरुद्ध थाना बालोद में 02 अपराध पंजीबद्ध किया गया है- दिव्यानी प्रापर्टी लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर के द्वारा किया गया है करोड़ो की धोखाधड़ी। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थीयों ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि दिव्यानी प्रापर्टी लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी के संचालक के द्वारा एजेन्ट के माध्यम से कंम्पनी की लुभावनी स्कीम एवं अधिक ब्याज का लालच देकर वणयंत्र पुर्वक आम जनता से करोड़ों रूपया जमा कराकर परिपक्वता तिथि एवं समयावधी में राशि नहीं देकर निर्देशकों एवं प्रार्थी से धोखाधड़ी कर कंपनी को बंद कर भाग गये है की सूचना पर आरोपीयों के खिलाफ नामजद अपराध क्रमांक 140 / 15 व 319/2016 पारा 420, 467, 468, 471, 406, 34 भादवि 3,4,5 ईनामी चिटफंड एवं धन परिचालन स्कीम पाबंदी अधिनिय, चारा 10 छ.ग. निपेक्षकों के हितों का सरक्षण अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण के विवेचना में नामजद 08 डायरेक्टर पूर्व में गिरफतार कर जेल भेजा गयाअन्य आरोपीगण घटना के बाद से लगातार फरार होने से माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के मंशा अनुसार श्रीमान पुलिस पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज आनंद छाबड़ा के निर्देशन पर पुलिस अधीक्षक बालोद जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद हरीश राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद प्रतीक चतुर्वेदी के द्वारा चिटफंड के फरार आरोपी की पता तलाश हेतु पूर्व में विशेष टीम भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर (म.प्र.) टीम भेजा गया था, जिन्होंने पूर्व में आरोपी राजेश सिंह यादव के घर पर रेडकार्यवाही किया गया था, जो अपने सकुनत से फरार होने से उक्त आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया था।आज दिनांक 23/05/2023 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि आरोपी राजेश सिंह यादव जो गढ़पुरा भिण्ड (म.प्र.) जो थाना बालोद में पंजीबद्ध अपराध के सबंध में अग्रीम जमानत हेतु जिला न्यायालय बालोद में आकर जमानत हेतु वकील तलाश कर रहा है कि सूचना पर मौके पर दबिश देकर आरोपी राजेश सिंह यादव को पकड़कर थाना बालोद पुलिस के द्वारा बाना वालोद लाकर पुछताछ करने से अपना जुर्म स्वीकार करने दिनांक 23/05/2023 को गिरफतार किया गया।पुरे प्रकरण में विवेचना एवं आरोपियों के पतासाजी में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक नवीन बोरकर, सउनि कांता राम पिलेन्द्र प्र.आर.क 1515 हरीशचंद्र सिन्हा, आरक्षक भोपसिंह साहू, योगेश रात्रे, प्रहलाद कुरें, उमाशंकर सिन्हा, प्रवीण साहू एवं सायबर सेल बालोद से सउनि परम भुआर्य, का सराहनीय भूमिका रही है।

माता गंगादई शीतला मेले में शामिल हुए संसदीय सचिव जैन

0
  • आडावल गांव में पारंपरिक श्रद्धा के साथ आयोजित हुआ मेला मड़ई

जगदलपुर आड़ावाल के गंगादई शीतला व भैरी डोकरी माता मंदिर में आयोजित बाजार मेला में मंगलवार को संसदीय सचिव व जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन शामिल हुए। उन्होने मेला- मड़ई को बस्तर की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में बस्तर की आदिम संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन पर बेहतरीन ढंग से कार्य किया जा रहा है। देवगुड़ियों की मरम्मत का काम आडावाल सहित सभी जगह हो रहा है। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में 150 से अधिक देवगुड़ियों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है।

इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य की कांग्रेस सरकार इस मामले कितनी अधिक जागरूक और संवेदनशील है। इससे पूर्व मेला में सम्मिलित होने पंहुचे संसदीय सचिव व जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन का धूमधाम से स्वागत किया गया। विधायक रेखचंद जैन ने भक्तिभाव से समस्त देवियों की पूजा- अर्चना की। तत्पश्चात देवी- देवताओं, डोली, छत्र तथा लाट आदि का मान- सम्मान किया। इस दौरान सरपंच जयंती कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीलूराम बघेल, महेश राव, टुकमन सिंह ठाकुर, ज्योति राव, गुप्तेश्वर पटनायक, नगी राव, बिट्टू शर्मा, संजय गुप्ता, मन्नूलाल साहू, विजय सिंह, जगदलपुर नगर निगम के एमआईसी सदस्य राजेश राय, कांग्रेस नेता गौरनाथ नाग, संतोष सिंह, लोकेश सेठिया समेत बड़ी संख्या में पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद थे।

पीएससी परीक्षा में धांधली, अभाविप ने ठेला लगाकर किया प्रदर्शन

0
  • आंदोलन में शामिल हुए बस्तर के दर्जनों पीएससी परीक्षार्थी भी

जगदलपुर राज्य लोकसेवा आयोग ( पीएससी ) की परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्त्ताओं ने पीएससी परीक्षा में शामिल हुए दर्जनों युवाओं के साथ ठेला लगाकर प्रदर्शन किया।छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग चयन परीक्षा परिणाम ममें हुए के घोटाले का विरोध करते हुए छतीसगढ़ लोक सेवा आयोग, अभ्यर्थी नामक व छतीसगढ़ लोक सेवा आयोग की दुकान नामक ठेला लगाकर नाट्य प्रदर्शन करते हुए छतीसगढ़ पीएससी दफ्तर को घेरा। अभाविप प्रदेश सह मंत्री राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया की 11 मई 2023 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2021 का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। इस परिणाम की प्रावीण्य सूची के अध्ययन में ज्ञात होता है कि प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त अधिकांश अभ्यर्थी किसी ना किसी अधिकारी या नेता के परिवार से संबंध रखते हैं। साथ में इनमें ऐसे भी नाम शामिल हैं, जो नेताओं और अफसरों सगे भाई बहन और पति पत्नी हैं। इस सूची में लोकसेवा आयोग के चेयरमैन टॉमन सिंह सोनवानी के दत्तक पुत्र एवं अन्य सगे संबंधियों ने भी स्थान प्राप्त किया है। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि सामान्य छात्र जो घर छोड़ छात्रावासों या किराए के मकानों में रहकर पीएससी की तैयारी करते रहे हैं, वे अब क्या करेंगे? वह ठेला लगाएगा या मजदूरी करेगा। इस दौरान उपस्थित अभाविप बस्तर जिला संयोजक वरुण साहनी ने कहा कि आज हमारे युवा साथी वर्षो तक सीजीपीएससी जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी दिन रात करते हैं और शासन प्रशासन के भ्रष्ट लोग मुहमांगी रकम लेकर ग्रामीण युवाओं का भविष्य खराब कर रहे हैं। आज हमारे युवा सांकेतिक रूप से प्रदर्शन करते हुए सब्जी बेचकर 75 लाख रु. जमा करते एवं सीजीपीएससी की दुकान लगाकर विभिन्न पदों की बिक्री करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। वरुण साहनी ने बताया कि वर्तमान सरकार की सह पर आज अधिकारी कर्मचारी खुली लूट मचा रहे हैं। छ्ग की कांग्रेस सरकार में सब कुछ बिकाऊ हो गया है। सभी विभागों को चारागाह बना लिया गया है। ऐसी स्थिति में गरीब युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की आस रखना बेमानी हो गई है। गरीब के बच्चे मेहनत करेंगे और ये नेता तथा अधिकारियों के बच्चे मलाई खाएंगे। अभाविप ने प्रदर्शन करते हुए मांग उठाई कि पीएससी के परिणाम निरस्त हों, चैयरमेन को निलंबित किया जाए एवं जांच कर सभी दोषियों पर कार्यवाही की जाए। इस दौरान सरिता ठाकुर, शैलेश ध्रुव, अवनीश मिश्रा, शुभम मिश्रा, परिवेद दुबे, अमन झाड़ी, गजेंद्र बघेल, प्रिया विश्वास एवं अन्य कार्यकर्ता व युवा उपस्थित थे।

किरंदुल में म्यूजिकल नाईट की अनुमति निरस्त की प्रशासन ने

0
  • झीरम शहादत दिवस की पूर्व संध्या 24 की रात होना था यह कार्यक्रम
  • खबर का असर, जनभावना के आगे झुकना पड़ा प्रशासन को

जगदलपुर एनएमडीसी के किरंदुल बैलाडीला काम्प्लेक्स द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में 24 मई की संध्या आयोजित म्यूजिकल नाईट कार्यक्रम की अनुमति निरस्त कर दी गई है। यह कार्यक्रम झीरम घाटी शहादत दिवस की पूर्व संध्या होने वाला था। चूंकि झीरम घाटी नरसंहार से जनभावनाएं जुड़ी हुई हैं और इसके ठीक एक दिन पहले गीत संगीत की महफिल सजाए जाने का अंचल में पुरजोर विरोध शुरू हो गया था। इसे ध्यान में रखते हुए इस समाचार पत्र ने आयोजन की टाइमिंग पर सवाल खड़े करते हुए समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद ही प्रशासन ने आयोजन की अनुमति वापस ले ली है। झीरम घाटी में 25 मई को परिवर्तन यात्रा लेकर निकले कांग्रेस नेताओं के काफिले पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। यह हमला सुकमा से निकल कर आगे बढ़ रहे काफिले पर झीरम घाटी में किया गया था। इस हमले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नंद कुमार पटेल, बस्तर टाइगर महेंद्र कर्मा, राजनांदगांव के विधायक उदय मुदालियार समेत अनेक कांग्रेस नेता और सुरक्षा जवान मारे गए थे। तब की छ्ग सरकार ने इन सभी नेताओं और सुरक्षा बलों के जवानों को शहीद का दर्जा दिया था। इस घटना के बाद से कांग्रेस 25 मई को शहादत दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस वर्ष शहीद नेताओं को श्रद्धांजलि देने राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा अनेक मंत्री 24 मई से दो दिवसीय प्रवास पर बस्तर आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं और सुरक्षा बलों के जवानों की शहादत को नजर अंदाज करते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने 24 मई की रात्रि अपने किरंदुल बैलाडीला काम्प्लेक्स में म्यूजिकल नाईट का कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला ले लिया था। आयोजन में टीवी के नामी सिंगर्स और प्लेबैक सिंगर्स को मोटी रकम देकर आमंत्रित किया गया था। जिला प्रशासन से अनुमति लेकर आयोजन की पूरी तैयारी भी कर ली गई थी। शहादत दिवस की पूर्व संध्या गीत संगीत की महफिल सजाए जाने की बात जैसे ही सामने आई, इसका पुरजोर विरोध शुरू हो गया। बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी समेत अनेक कांग्रेस नेताओं ने आयोजन पर आपत्ति जताते हुए इसे शहादत का अपमान निरुपित किया था। वहीं सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सोशल मीडिया पर विरोध में कड़ी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दी थी। जनभावनाओं को देखते हुए इस समाचार पत्र ने आयोजन की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए विस्तृत समाचार प्रकाशित किया था। इसका असर यह हुआ कि बड़े बचेली के एसडीएम ने म्यूजिकल नाईट के लिए दी गई प्रशासनिक अनुमति को निरस्त कर दिया है।

आज जनपद सदस्य संजय बैंस ने विकास की एक और कदम की रखी नीव

0

आज जनपद सदस्य संजय बैंस ने वार्ड नम्बर 16 में नाली निर्माण का भूमिपूजन किया कार्यक्रम में सरपंच शिवराम सिंदरामे उप सरपंच दीपक यादव उपस्थित रहे कार्यक्रम के अधक्ष्यता कर रहे सरपंच शिवराम सिंदरामे ने कहा की नाली नही होने मोहल्ले वासियों को बहुत परेशानी और मैं भी इसी मोहल्ले में रहता हु मै आभार व्यक्त करता हु हमारी समस्या के निराकरण के लिए हमारे जनपद सदस्य संजय बैंस ने अपने निधि से छै लाख पचास हजार की निधि स्वीकृति कर गांव को विकास की ओर ले जा रहे है ।

उप सरपंच दीपक यादव ने कहा की में इस वार्ड का पंच हु मैने वार्ड की समस्या को देखते हुए हमारे जनपद सदस्य से निवेदन वार्ड वासियों के साथ किया था और हमारे उम्मीदों को पूरा किए मैं पूरे वार्ड वासियों के तरफ से धन्यवाद देता हु कार्यक्रम के मुख्यातिथि संजय बैंस ने उपस्थित लोगो को संबोधित करते हुए कहा की मैने वार्ड वासी की मांग पर नाली निर्माण के लिए छै लाख पचास हजार रुपए की राशि स्वीकृति प्रदान किए है इस बरसात में लोगो के घर पानी नहीं घुसेगा और ना ही गलियों में कीचड़ होगा मुझे खुशी है आप लोग हमारे क्षेत्र के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर चलना ही क्षेत्र का विकास की नया आयाम लिखेगा इस भूमिपूजन के कार्यक्रम में लोकेश सिन्हा इमरान खान रोहिदास पदमा बाई शशि कुलेश्वरी राजिम बाई सुरेंद्र मंडावी के साथ गांव के गणमान्य जन उपस्थित रहे।

घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें

https://36bestonlinesale.com/home

यह बदकिस्मती नहीं तो और क्या है बकावंड के ग्रामीणों के लिए

0
  • ब्लॉक मुख्यालय होते हुए भी पानी, बिजली, सड़क, साफ सफाई के लिए तरस रहे हैं कस्बे के लोग
  • सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हो गए हैं यहां के ग्रामीण

अर्जुन झा

बकावंड यह बदकिस्मती नहीं तो और क्या है बकावंड के ग्रामीणों के लिए ? यहां की अवाम आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए मोहताज हैं। ब्लाक मुख्यालय होते हुए भी इस कस्बे में पेयजल आपूर्ति, अच्छी सड़कों, साफ सफाई का सर्वथा अभाव है। बजबजाती गंदी नालियों से उठती बदबू, उबड़ खाबड़ सड़कों और रात ने घिर आने वाले अंधेरे के बीच जिंदगी बसर करने को मजबूर हो गए हैं बकावंड के रहवासी। ग्रामीणों के कल्याण के लिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभ से भी बकावंड के हकदार ग्रामीणों को पूरी तरह वंचित रखा जाता है। ऐसे में कांग्रेस और भाजपा के प्रति लोगों में आक्रोश पनपना तो लाजिमी ही है।बस्तर जिले में बकावंड विकासखंड मुख्यालय की अपनी विशिष्ट पहचान रही है। शैक्षणिक और सामाजिक जागरूकता के मामले में बकावंड ने शुरू से अपना लोहा मनवाया है। दशकों पहले तब के युवाओं द्वारा गठित संगठन बस्तर युवा जागृति समिति बकावंड ने जो कार्य कर दिखाए हैं, उनके दम पर यहां के युवाओं की अलग पहचान स्थापित हो चुकी है, लेकिन आज की पीढ़ी के युवा समस्याओं के बीच अपने भविष्य को लेकर छटपटाते प्रतीत हो रहे हैं। इस कस्बे में व्यवस्थित सड़कें नहीं हैं। सालों पहले बनी सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। इन्हीं उबड़ खाबड़ सड़कों पर यहां के बाशिंदों को आवागमन करना पड़ता है। कस्बे की अंदरूनी गलियों का हाल तो और भी बुरा है। छोटे – छोटे गांवों की गलियों में सीसी रोड बनाई जा चुकी हैं, मगर ब्लॉक मुख्यालय बकावंड की गलियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। बारिश के मौसम में गलियां कीचड़ से अटी पड़ी रहती हैं रही सही कसर यहां की टूटी फूटी नालियां पूरी कर देती हैं। ये नालियां भी कई साल पहले की बनी हुई हैं। नालियों की कभी सफाई नहीं कराई गई है। नालियों में गंदगी और कचरे का अंबार लगा हुआ है। वहां से असहनीय बदबू हमेशा उठती रहती है। गलियों की सफाई पर भी ग्राम पंचायत कोई ध्यान नहीं दे रही है।

93 ग्राम पंचायतों का है ब्लॉक मुख्यालय

कहने को तो बकावंड 93 ग्राम पंचायतों का ब्लॉक मुख्यालय है, मगर एक छोटी सी ग्राम पंचायत जैसी सुविधा भी यहां के लोगों को मयस्सर नहीं है। इस ब्लॉक मुख्यालय में क्षतिग्रस्त नालियां, बदहाल सड़कें, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, जगह जगह कूड़े कचरे का अंबार इस कस्बे की पहचान बन चुके हैं।

योजनाओं का नहीं मिलता लाभ

यहां के ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ नहीं दिलाया जा रहा है। आवासहीनों को आवास, नलजल योजना, नाली, उज्जवला योजना, स्ट्रीट लाइट, स्व रोजगार, उन्नत खेती, शिक्षा, व्यापार से जुड़ी योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। वंचित ग्रामीणों का कहना है कि जब भी हम ग्रामसभा में अपनी समस्या लेकर जाते हैं, तब आवेदन तो ले लिए जाते हैं, मगर अंततः निराशा ही हाथ लगती है। प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भोगना पड़ रहा है। सरपंच रटा रटाया जवाब देते हैं कि जो भी फॉर्म पंचायत में आते हैं, उन्हें भरकर जमा कर देते हैं। ऊपर से काम नहीं होने पर हम कुछ नहीं कर सकते।

ग्राम पंचायत के कार्यों की हो जांच

बकावंड ग्राम पंचायत में व ग्रामसभा के माध्यम से सरपंच सचिव को नाली पेयजल के विषय में आवेदन देने पर भी कोई काम सुचारू रूप से नहीं किया जाता। इन्हीं मसलों की शिकायत जनपद पंचायत में करने पर आवेदन दबा दिया जाता है। ग्रामीण चाहते हैं कि ग्राम पंचायत के माध्यम से जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, 15 वें वित्त आयोग की राशि, मूलभूत राशि, पंचायत निधि, निर्माण निधि, मनरेगा आदि से जितने भी कार्य सन 2000 से लेकर सन 2022 तक कराए गए हैं, उनकी बारीकी से जांच कराई जाए। ग्राम के लकी कश्यप सुरजो कश्यप समारो, लोकनाथ व अन्य ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से बकावंड की समस्याएं दूर करने की मांग की है।

जनप्रतिनिधि भी योजनाओं के अमल पर रखें नजर : लखेश्वर

0
  • प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो : लखमा
  • बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक पहली बार हुई सुकमा में

सुकमा बस्तर क्षेत्र विकास आदिवासी प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने कहा है कि बस्तर संभाग के सभी जिलों में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत वनाधिकार मान्यता पत्र, देवगुड़ियों को सामुदायिक वनाधिकार मान्यता पत्र देने में बहुत अच्छा कार्य किया गया है। हमारे जनप्रतिनिधियों को भी योजनाओं के क्रियान्वयन का सतत निरीक्षण करते रहना चाहिए। गोठानों में संचालित आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करें। श्री बघेल सोमवार को सुकमा के जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि सभी जिलों के कलेक्टरों ने अच्छा कार्य किया है। बस्तर की राजधानी के रूप में संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से सभी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद ज्यादा है। इसके लिए अधिक मेहनत की जरूरत होगी। शासन की प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर दिखना चाहिए। इस वर्ष सुकमा जिला प्रशासन की मेहनत के कारण बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे नतीजे आए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिला अस्पताल को राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। सभी विभाग ऐसा प्रयास करें, ताकि बस्तर का नाम सकारात्मक कार्यों के लिए विश्व पटल पर अंकित हो सके। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मंडावी और संतराम नेताम ने विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दें। व्यवसायिक परी़क्षाओं में सफल आर्थिक रूप से कमजोर एवं निर्धन बस्तर संभाग के छात्र-छात्राओं की मदद के लिए जिला खनिज न्यास निधि मद व सीएसआर मद से प्रति जिला दो करोड़ का प्रावधान करने पर सदस्यों ने सहमति दी।

हर जिले में लगेंगी शहीदों की प्रतिमाएं

संभाग के सभी जिलों में शहीद आदिवासी जन नायकों एवं नायिकाओं की प्रतिमा स्थापना के लिए 10 – 10 लाख रु. की स्वीकृति दी गई। नारायणपुर में वीरांगना रमौतिन माड़िया, लिंगो मुदियाल, जिला दंतेवाड़ा में शहीद हिड़मा मांझी व बारसूर में वीरांगना राजकुमारी मासक देवी नाग, बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा में वीरांगना राजकुमारी चमेली नाग, तोकापाल में शहीद हरचंद नाईक, बकावंड में शहीद जकरकन भतरा, केलाउर में मड़कामी मासा और जगदलपुर जिला पुरातत्व संग्रहालय में शहीद गेंदसिंह, जिला बीजापुर में शहीद धुरवाराम माड़िया और शहीद बाबूराव सड़मे की प्रतिमा स्थापना हेतु 10-10 लाख की स्वीकृति दी गई। बैठक में पेसा कानून के संबंध में मास्टर ट्रेनर द्वारा आवश्यक जानकारी दी गई। प्राधिकरण के सदस्य द्वारा जिलों की सीमा में प्रवेश द्वार बनाने के प्रस्ताव को मान्य करते हुए यह कार्य कलेक्टरों के माध्यम से करवाने की भी स्वीकृति दी गई? प्राधिकरण की बैठक में आईजी सुंदरराज पी. ने बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर कोंडागांव द्वारा मक्का प्रोसेसिंग यूनिट की प्रगति, कांकेर कलेक्टर द्वारा स्कूली बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही पहल की, कलेक्टर बस्तर द्वारा बादल अकादमी के सहयोग से संस्कृति संरक्षण व संवर्धन के लिए किए गए कार्य, दंतेवाड़ा कलेक्टर द्वारा मां दंतेश्वरी मंदिर कॉरिडोर एवं रिवर फ्रंट के तहत मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी गई।

एनएमडीसी के खिलाफ नाकेबंदी का ऐलान

एजेंडावार समीक्षा के दौरान एनएमडीसी द्वारा बनवाए जा रहे सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण में विलंब के पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की और अधिक विलंब होने की स्थिति में आर्थिक नाकेबंदी करने जैसे सक्त कदम उठाने पर जोर दिया। 12 जून से पहले प्रशासनिक स्तर पर हो रहे विलंब को दूर करने के निर्देश दिए गए। एजेंडा अनुसार आदिवासी संग्रहालय के लिए गीदम रोड में स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग की रिक्त जमीन को विकसित करने पर चर्चा की गई। दंतेवाड़ा जिले के लाल पानी प्रभावित ग्रामों में जल प्रदाय कार्य का आगामी बैठक से पूर्व निराकरण करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी को राजमार्ग से लगे शहरों में लाईटिंग की व्यवस्था को दुरूस्त करवाने और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। सदस्यों ने बैगा, सिरहा, गुनिया, मांझी, पुजारी का राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत पंजीयन कार्य जल्द पूर्ण करने कहा गया।

इन मुद्दों पर भी हुई वृहद चर्चा

बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन, प्राधिकरण मद से वर्ष 2004-05 से 2022-23 तक स्वीकृत कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा, 2022-23 में जिलावार अनुशंसित निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, शहीद वीर नारायण सिंह स्वालंबन योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा, अनुसूचित जनजाति वर्ग के कृषकों के असाध्य नलकूपों में ऊर्जीकरण की प्रगति की समीक्षा, अजजा वर्ग के कृषकों की भूमि पर ट्यूबवेल खनन एवं चैनलिंक फेंसिंग कार्य, वनोपज व कृषि उपज आधारित प्रसंस्करणा ईकाई स्थापना, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं सांस्कृतिक विधाओं के अभिलेखीकरण तथा देवगुड़ी, मातागुड़ी, घोटुल, प्राचीन मृतक स्मारक आदि की राजस्व अभिलेख में प्रविष्टि, संभाग में जारी व्यक्तिगत व सामुदायिक, वन संसाधन वनाधिकार पत्र की समीक्षा, देवगुड़ी, मातागुड़ी, घोटुल व प्रचीन मृतक स्मारकों को वन अधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत सामुदायिक वन अधिकार पत्र जारी करने की प्रगति, कृषक परिवारों एवं वनाधिकार पट्टाधारी कृषकों को प्रदाय केसीसी, समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले कृषकों, मनरेगा अंतर्गत एफआरए हितग्राहियों को व्यक्तिमूलक स्वीकृत कार्यों, जिलावार भवन विहीन उप स्वास्थ्य केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों, एवं आंगनबाड़ी भवनों, शिक्षा विभाग के सामाजिक प्रास्थिति प्रमाण पत्र, शाला त्यागी छात्र – छात्राओं को पुनः प्रवेश दिलाकर बेहतर शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने, मसाहती- सर्वेक्षण संबंधी जानकारी, पेसा अधिनियम 2022 के तहत ग्राम पंचायतों में शांति एवं न्याय समिति तथा संसाधन एवं प्रबंधन समिति (ग्राम सभा समिति) निर्माण की जानकारी और नरवा, गुरवा, घुरवा बाड़ी कार्यक्रम अन्तर्गत गोठान की प्रगति के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री के भेंट मुलाकात कार्यक्रम में की गई घोषाणाओं एवं निर्देशों पर पालन पर जिलों में किए गए क्रियान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष एवं केशकाल के विधायक संतराम नेताम, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी, संसदीय सचिव एवं जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष व विधायक नारायणपुर के विधायक चंदन कश्यप, दंतेवाड़ा की विधायक देवती कर्मा, चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी, सभी जिला पंचायत अध्यक्ष, प्राधिकरण के मनोनीत सदस्य, कमिश्नर और बस्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सदस्य सचिव श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., सातों जिलों के कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, वन मंडलाधिकारी, संभाग स्तरीय अधिकारी, एनएमडीसी के अधिकारी उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS