City Media - Page 647 of 1863 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 647

दीपक बैज ने जीत लिया तेलंगाना के आदिवासियों का दिल

0
  • धुंआधार प्रचार कर रहे हैं छ्ग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
  • तेलंगाना के मेडक जिले में बैज को सुनने उमड़ पड़ी आदिवासियों की भीड़

अर्जुन झा

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज अब तेलंगाना के विधानसभा चुनावों में भी जलवा बिखेर रहे हैं। वहां आदिवासियों की भारी भीड़ कांग्रेस के आदिवासी नेता दीपक बैज की सभाओं में उमड़ रही है। श्री बैज आदिवासियों का दिल जीतने में कामयाब हो रहे हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव निपटने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीसीसी चीफ एवं पार्टी के स्टार प्रचारक दीपक बैज को तेलंगाना के विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए भेजा है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी की आदिवासी विंग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक बैज प्रखर वक्ता और तमाम विषयों व मुद्दों पर अच्छी पकड़ रखने वाले राजनेता माने जाते हैं। कांग्रेस पार्टी दीपक बैज की सेवाएं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी ले चुकी है, जहां उन्होंने कई विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में गजब का माहौल बना दिया था। वहां मिली जीत में उनका भी अहम योगदान रहा है। दीपक बैज की काबिलियत को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मिशन तेलंगाना पर भेजा है। श्री बैज वहां भी कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भरोसे पर खरे उतर रहे हैं। बीती रात दीपक बैज ने हजारों आदिवासियों की भीड़ वाली चुनावी सभा को संबोधित किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने बताया कि तेलंगाना में भी कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त माहौल बन गया है। अपने चुनावी प्रवास के दौरान छग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज अपने तेलंगाना के मेडक विधानसभा क्षेत्र की चुनावी सभा में उपस्थित आदिवासी समुदाय के हजारों लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासियों, अनुसूचित जाति, ओबीसी, दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के अधिकारों एवं हितों की रक्षा सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। दीपक बैज ने कहा कि मैं स्वयं भी आदिवासी समुदाय से हूं और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे छत्तीसगढ़ में पार्टी की बागडोर सौंप रखी है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी एकजुट होकर कांग्रेस के साथ खड़े हो चुके हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने राज्य के आदिवासियों, अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रखी हैं। उन योजनाओं के दम पर इन वर्गों के लोग आर्थिक रूप से समृद्ध होकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

समाज की शान बढ़ा रहे युवा

दीपक बैज ने कहा कि छ्ग की भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के आदिवासी बहुल इलाकों में अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कॉलेज, आईटीआई और मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खुलवाए हैं। छत्तीसगढ़ के आदिवासी बच्चे फर्राटे से अंग्रेजी बोलने लगे हैं, आदिवासी युवाओं को नेशनल लेवल की कोचिंग मुफ्त दी जा रही है। इसके चलते छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवा आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर राज्य व देश की सेवा कर रहे हैं। दीपक बैज ने आगे कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ में आदिवासियों की संस्कृति, परंपराओं, पूजा पद्धति, आराधना स्थलों एवं तीज त्योहारों के संरक्षण संवर्धन के लिए भी बहुत काम किए हैं। छत्तीसगढ़ में अंतर राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का सफल आयोजन किया गया था। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो आदिवासियों का भला कर सकती है, इसलिए आप सभी तेलंगाना में भी कांग्रेस की सरकार बनाएं।

बुढ़ा चुके भवन में बच्चों के भविष्य को युवा बनाने की कवायद

0
  • 52 साल पुराने और जर्जर भवन में हो रही है पढ़ाई
  • ऐसे में कैसे मजबूत होगी समृद्ध भारत की बुनियाद

अर्जुन झा

लोहंडीगुड़ा विकासखंड लोहंडीगुड़ा में ऐसे कई स्कूल हैं, जिनके भवन खस्ताहाल हो चुके हैं और जहां महज एक दो शिक्षक ही पदस्थ हैं, जिन पर आठ कक्षाओं के बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है। कुछ ऐसी ही दास्तां है ग्राम कोरली की शालाओं की। यहां पूरी तरह बूढ़ा हो चुके भवन में बच्चों के भविष्य को युवा बनाने की कवायद दो शिक्षक कर रहे हैं।

व्यवस्थित शाला और सुघड़ सड़क विकास का पैमाना होती हैं। स्कूल बढ़िया होता है, तो बच्चों का मन पढ़ाई में लगता है तथा शिक्षक भी पूरे मनोयोग से अध्यापन सेवा देते हैं और तब फिर बच्चों का भविष्य निश्चित रूप से संवरता है। इसी तरह सड़क अच्छी होती है, तो गांव तक तमाम सुविधाएं भी पहुंचती हैं। लोहंडीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत बिनता घाटी में स्थित ग्राम कोरली भी ऐसे ही अभागे गांवों में शुमार है। कोरली के जिस शाला भवन में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शालाओं की आठ कक्षाओं और आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन हो रहा है, उसका निर्माण सन 1971 में कराया गया था। लगभग 53 साल पुराना हो चुका यह शाला भवन बुरी तरह जर्जर हो चला है। खंडहर में तब्दील होते जा रहे इस भवन में प्राथमिक शाला के 21 एवं मिडिल स्कूल के 12 विद्यार्थियों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के 41 बच्चों का भविष्य गढ़ा जा रहा है। वर्ष 1971 में बिनता ग्राम पंचायत द्वारा बनवाया गया यह शाला भवन अब तक पांच दशक से भी ज्यादा समय तक बसंत, बरसात, गर्मी, आंधी तूफान के दौर से गुजर चुका है। इतनी आयु में तो भगवान द्वारा सृजित इंसान भी लगभग असक्त हो जाता है। फिर तो इंसान द्वारा निर्मित भवन इतनी लंबी आयु तक भला किस कदर साथ दे सकता है ?कोरली का शाला भवन भी कृशकाय हो चला है और धरती में समा जाने की स्थिति में है कि यह कभी भी गिर सकता है। बच्चों को यहां भेजना ग्रामीणों को जोखिम भरा लगता है। परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण नया स्कूल भवन और आंगनबाड़ी की मांग कर रहे हैं।

जिला मुख्यालय से लगभग 82 किमी दूर कोरली ग्राम पंचायत भेजा का आश्रित ग्राम है। यह गांव इंद्रावती नदी के किनारे बसा है। गांव की आबादी 300 के आसपास है। वर्ष 1971 से संचालित यहां की प्राथमिक शाला में 21 तथा मिडिल स्कूल में 12 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। प्राइमरी स्कूल में अटैक शिक्षक ही 13 वर्षों से बच्चों को पढ़ रहा है, वहीं मिडिल की तीन कक्षाओं के 12 बच्चों को एक शिक्षक ही पढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घाटी के नीचे आकर कोई पढ़ाना नहीं चाहता इसलिए घाटी के लगभग सभी स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इधर स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से कोरली में नया स्कूल बनाने की मांग की है।

स्कूल में ही आंगनबाड़ी

बस्ती में आंगनबाड़ी भवन नहीं है इसलिए यहां के 41 बच्चे भी स्कूल में बैठते हैं। 10 साल से गांव वाले आंगनबाड़ी भवन की मांग कर रहे हैं किंतु यह मांग भी अधूरी है। स्कूली और बाड़ी के बच्चों का आहार एक ही शेड में पकता है।

नया भवन स्वीकृत

विकासखंड लोहंडीगुड़ा अंतर्गत भेजा पंचायत के आश्रित ग्राम कोरली के जर्जर स्कूल को देखते हुए ही नया स्कूल भवन स्वीकृत हो स्वीकृत हो चुका है। भवन निर्माण हेतु निविदा की प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही वहां नया स्कूल भवन बनाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

– चंद्रशेखर यादव, खंड शिक्षा अधिकारी, लोहंडीगुड़ा।

चुनावी चर्चा के दौरान युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला

0
  •  एक हमलावर गिरफ्तार, शेष की सरगर्मी से तलाश जारी

जगदलपुर बस्तर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार नकेल कस रही है। इसी तारतम्य में फूड कोर्ट चैपाटी शहीद पार्क जगदलपुर में धारदार चाकू से एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने वाले युवक को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।

25 नवंबर को फूड कोर्ट चैपाटी शहीद पार्क जगदलपुर में दीपक अमोलिक, मनोज शुक्ला एवं अन्य लोगों ने प्रार्थिया शीबा कालेट के पति अभिषेक कालेट पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। अभिषेक कालेट की जांघ, हिप, घुटने, कलाई तथा सीने में गंभीर चोतेन पहुंचाई गईं। आरोपियों पर कोतवाली थाने में अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र सिंह मीणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर, आरोपियों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही थी। इसी बीच आरोपी दीपक अमोलिक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दीपक ने पूछताछ में बताया कि 25 नवंबर की रात्रि 8.30 बजे मिशन कम्पाऊंड में वह मनोज शुक्ला, अभिषेक और गुरूविंदर मिले चुनाव को लेकर बातचीत कर रहे थे, किसी बात पर उसका अभिषेक से बहस हो गई। तब वह और मनोज शुक्ला नाराज होकर वहां से चले गए। उसके बाद उसने गुस्से से अभिषेक को फोन करके फूड कोर्ट के बुला लिया और अन्य के साथ वह भी पहुंच गया। मनोज शुक्ला कार सीजी 17 केएल 9728 से वहां पहुंचा। जहां सभी ने मिलकर अभिषेक कालेट की हाथ मुक्के से पिटाई शुरू कर दी और उसने अपने पास रखे चाकू से अभिषेक कालेट की जांघ, हिप, घुटने व कलाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी से चाकू एवं घटना में प्रयुक्त वाहन को बरामद कर लिया गया। उसे न्यायालय ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है। इस मामले को सुलझाने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक प्रमोद सिंह ठाकुर, लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक भूपेंद्र नेताम, युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार, भृगु कश्यप, विनोद खेस की अहम भूमिका रही।

दीपक की रोशनी से तेलंगाना का मेडक भी जगमगाया

0

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने राज्य में कांग्रेस की ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास के बाद मिशन तेलंगाना के लिए निकल पड़े, यह तो सर्वविदित है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज ने देर रात तेलंगाना के मेडक विधानसभा में प्रत्याशी के पक्ष में सभा की और समां बांध दिया।

तेलंगाना में भी कांग्रेस के प्रति जबरदस्त माहौल है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद बैज की चुनावी सभा में उपस्थित जन सैलाब ने जाहिर कर दिया कि बस्तर का लाल और छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान दीगर राज्य में भी कांग्रेस की विजय पताका फहराने में सक्षम है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने चुनावी दौरे पर तेलंगाना में हैं। जहां उन्होंने आज देर रात मेडक विधानसभा के चुनावी सभा में उपस्थित हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

संविधान का पालन करके ही पा सकते हैं अधिकार : देवांगन

0
  • काकतीय कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर
    जगदलपुर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश मनीष कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में शासकीय काकतीय स्नात्तकोत्तर महाविधालय जगदलपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। आरंभ में माता सरस्वती एवं संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
    विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और प्राचार्य से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रथम अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश डीआर देवांगन ने विधि छात्र छात्राओं को संविधान के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्य के अनुपालन से अवगत कराया।

 

उन्होंने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर रौशनी डालते हुए कहा कि संवैधानिक दायरे में रहकर तथा संविधान का पालन करते हुए ही अधिकारों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक सेवा योजनाओं की भी जानकारी दी। जगदलपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुपनारायण पठारे ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब न्याय पाने में गरीबी बाधक नहीं है। द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वर्ग -1 अनिता ध्रुव ने विद्यार्थियों को संविधान, राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता की रक्षा व संवैधानिक मूल्यों के पालन के लिए प्रेरित करते हुए मूलभूत अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. के. इंदिरा ने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों को उन अधिकारों से अवगत कराने पर जोर दिया। इस दौरान विधि के छात्र छात्राओं ने गौर नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कॉलेज के विधि विभाग के प्राध्यापक मोहन सोलंकी, सभी प्राध्यापक, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मुंदीप्रसाद जोशी, चुन्नीलाल पाणिग्रही, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स जगन्नाथ भारती एवं कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

दल्ली राजहरा में व्योवृद्ध बीएसपी की पूर्व नर्स एवं समाज सेविका श्रीमती विधावती राम का 90 वर्ष की आयु में निधन

0

दल्लीराजहरा बड़े दुख के साथ आप सभी को यह सूचित किया जाता है कि श्रीमती विद्यावती राम 90 वर्ष निवासी इंदिरा कालोनी दल्ली राजहरा जो श्री न्युटन/अजय/नितिन/नलिनी राम (राजहरा पैथोलॉजी) की माता जी थी का,आज दिनांक 26/11/2023 को देहांत हो गया,उनका अंतिम संस्कार(funeral) कल दिनांक 27/11/2023 दिन सोमवार दोपहर 1 बजे जरागावं मुंगेली में होना तय हुआ है। आपने ने बीएसपी हॉस्पिटल दल्ली राजहरा में 30 वर्ष से ऊपर अपनी सेवाए दी अपने सरल सहज एवं सेवा भाव के कारण सभी की प्रिय थी

नेहरू नगर में महायज्ञ 2 को

0

भिलाई छत्तीसगढ़ में सुख, समृद्धि, खुशहाली, और उन्नति हेतु महायज्ञ का आयोजन नेहरू नगर भिलाई के कालीबाड़ी दशहरा मैदान पर 2 दिसंबर को किया जा रहा है। वैशाली नगर सीट के निर्दलीय विधायक प्रत्याशी इंजीनियर जयप्रकाश यादव ने बताया कि इस महायज्ञ में शिवशक्ति सिद्धेश्वर अखाड़ा अमृतेश्वर महादेव मंदिर मुंबई के गुरुदेव रुद्रनाथ पूजन अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। श्री यादव ने बताया कि महायज्ञ में संपूर्ण छत्तीसगढ़ की अनेक विभूतियों की उपस्थिति रहेगी। यज्ञ में आम नागरिक, युवा, माताएं समस्त परिवार उपस्थिति दर्ज कराकर पुण्य लाभ ले सकते हैं। आयोजन समिति के संयोजक जयप्रकाश यादव ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में उपस्थिति की अपील की है।

ओड़िशा निर्मित बियर की तस्करी कर रहा युवक पकड़ाया

0

बकावंड ओड़िशा से अंतर्राज्यीय मार्ग के जरिए होने वाली अवैध वस्तुओं और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देश पर पुलिस कड़ी नजर रखकर काम कर रही है। इसी कड़ी ने एक व्यक्ति को मोटर साईकिल से बियर की तस्करी करते पकड़ा गया।
एसएसपी एवं एएसपी के दिशा निर्देश पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भानपुरी घनश्याम कामड़े के सुपरविजन में 24 नवंबर को ओडिसा से एक बिना नंबर की पल्सर मोटर सायकल में अवैधअंग्रेजी शराब को छुपाकर छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहे युवक को बकावंड थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ नलपावंड नाका पर नाकाबंदी कर पकड़ा। जब संदिग्ध बाईक को रूकवाने का प्रयास किया गया तो चालक ने गाड़ी सहित भागने का प्रयास किया। पुलिस के जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।संदिग्ध व्यक्ति ने पूछताछ करने पर अपना नाम बलिराम कश्यप पिता कुमोराम कश्यप उम्र 30 वर्ष, निवासी किंजोली थाना बकावंड बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ओड़िशा निर्मित हंटर बियर की 12 बोतलों की पेटी बरामद की गई। बियर की कीमत रुपया 1800 रु बताई गई है। इसके अलावा नगद रकम 3050 रुपए भी उसके पास से मिली। बियर, रकम और मोटर सायकल को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय भेजकर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप, नीलाधर बघेल, आरक्षक बलिराम भारती, भोलाराम बघेल, जगतराम कश्यप, राहुल नेताम की भूमिका सराहनीय रही।

किसे नसीब होगी फलक, कौन फांकेगा खाक : बस यही चर्चा

0
  •  मतदान के बाद जीत- हार का जनता लगा रही कयास
  • जीत पर लगाई जा रही हैं रकम की बाजियां भी

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव निपटने के बाद प्रत्याशियों की जीत- हार की समीक्षा शहर के चौक- चौराहों से लेकर गलियों व चौपालों तक में हो रही है। आम मतदाता अपने पसंदीदा दल की जीत का दावा कर रहे हैं। सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है, जो तीन दिसंबर को खुल जाएगी। दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा के समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत का दावा ठोक रहे हैं। वहीं जीत के लिए बाजियां भी लगाई जा रही हैं। दूसरी ओर मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ा दी है। जिस तरह प्रत्याशी पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान बस्तर जिले से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर खामोशी अख्तियार किए रहे, कुछ उसी अंदाज में मतदान करने के बाद अब मतदाताओं ने भी खामोशी की चादर ओढ़ ली है। सियासत से जुड़े किसी भी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाता इस बात की जरा भी भनक भनक नहीं लगने दे रहे हैं कि उन्होंने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। ऐसे में प्रत्याशियों और उनके झंडाबरदारों की बेचैनी बढ़ना तो लाजिमी ही है। वैसे लोकतंत्र में ये डर अच्छा है, वरना सियासी घोड़े बेलगाम हो जाते हैं।

जीत के दावों को ले बढ़ रहीं तल्खियां

जगदलपुर और बस्तर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होने के साथ ही जीत व हार पर मंथन का दौर शुरू हो गया है। इस बीच जीत के दावों को लेकर लोगों के बीच आपस में तकरार बढ़ गई है। बात बात में लोगों के सुर तेज हो जाते हैं। वहीं सामने वाला अपनी जिद पर अड़ा रहता है। नतीजतन जीत के दावे को लेकर आम लोगों के बीच तल्खियां बढ़ गई हैं। इस विधानसभा चुनाव ने लोगों के बीच की दूरियां बढ़ा दी है। क्योंकि नेता तो चुनावी जीत व हार के बाद कोई मजे करेगा, तो कोई मातम मनाएगा, लेकिन लोगों में हार जीत को लेकर बढ़ रहा मन मुटाव शायद जल्द दूर नहीं हो पाएगा। गांवों से लेकर शहर और कस्बों तक में अमूमन ऐसी ही स्थिति है। सभी जगहों पर जीत किसकी होगी वाली बहस विवाद का रूप ले रही है। समर्थक अपने मोबाइल से वोटों का आंकड़ा संग्रह कर रहे हैं। वहीं राजनीतिक पंडित गुणा -भाग निकाल रहे हैं कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा?

स्थानीय मुद्दों पर छाई रही खामोशी

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के बाद जहां एक ओर जीत- हार पर सर्वत्र चर्चा चल रही है, वहीं जन समस्याओं पर प्रत्याशियों की चुप्पी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आमजन इससे आहत भी हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी स्थानीय बड़े मुद्दे पर प्रत्याशियों ने चुनाव के दौरान चर्चा नहीं की। एक तरफ सत्ताधारी दल के समर्थक विकास की बात करते हैं, तो विपक्षी इसे ठीक से मतदाताओं को समझा नहीं पाए। जिसका लाभ सत्ताधारी दल को मिलने के हल्के संकेत मिल रहे हैं। अब सवाल तो भविष्य के गर्भ में है कि जनता ने किसके पक्ष में फैसला सुनाया है?

कलेक्टर के निर्देश पर सतत जारी है विशेष सफाई अभियान

0
  •  निगम आयुक्त श्री मंडावी ने लिया व्यवस्था का जायजा
  •  कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मी को किया सस्पेंड
    जगदलपुर नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने रविवार को शहर के एसएलआरएम सेंटरों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
    कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर 25 नवंबर से चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान के तहत आज शहर के एसएलआरएम सेंटरों का आयुक्त हरेश मंडावी ने द्वारा निरीक्षण किया। आयुक्त ने कचरा प्रबंधन, वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने की प्रक्रिया, सूखा एवं गीला कचरा पृथकीकरण प्रक्रिया अन्य सभी व्यवस्थाओं को बेहतर करने का निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि वेस्ट मटेरियल संग्रह के लिए अतिरिक्त समय देते जल्द व्यवस्थित करने के साथ उसका विक्रय कर स्वच्छता दीदियां अपनी आय बढ़ा सकती हैं।

एसएलआरएम सेंटरों की सारी व्यवस्था को व्यवस्थित करने का निर्देश आयुक्त ने दिया। आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान के तहत आज प्रवीर वार्ड एवं दलपत सागर रोड में चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। आयुक्त ने कुम्हारपारा स्थित वाहन यार्ड के निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते प्रभारी कर्मचारी विमल पांडे को निलंबित करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सजकता और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए स्वच्छता विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कार्यपालन अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, स्वच्छता विभाग के हेमंत श्रीवास, अजय बनिक, उप अभियंता अमर सिंह कश्यप, राजेश पांडे व अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS