आज दिनांक २०/०४/२०२२ को सामाजिक न्याय पखवाड़ा के अंतर्गत आजादी का अमृत महोत्सव गुमनाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद गुण्डाधुर के मूर्ति पर पुष्प अर्पित व श्रद्धांजलि कार्यक्रम हेतु मुख्य अतिथि आदरणीया श्रीमती रेणुका सिंह जी (केन्द्रीय राज्य मंत्री ) एवम जनजाति कार्य मंत्री जगदलपुर में इस कार्यक्रम में उपस्थित हुई। जिसमें भाजपा महिला मोर्चा महिलाओ द्वारा जगदलपुर दंतेश्वरी एयरपोर्ट में आदरणीया श्रीमती रेणुका सिंह जी का स्वागत किया गया। एवम सफलतापूर्वक कार्यक्रम की पुष्टि की गई।
क्लिन चिट नहीं मिली न्यायालय ने सिर्फ और सिर्फ दी जमानत आरटीओ कार्यालय में गुंडागर्दी इसका प्रत्यक्ष उदाहरण:पानीग्राही
जगदलपुर। भाजपा नेता व नगर निगम नेताप्रतिपक्ष संजय पांडे के बयान पर कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी योगेश पानीग्राही ने आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि भाजपाई खुद गुंडागर्दी कर रहें हैं और खुद सर्टिफिकेट बांटते घुम रहें हैं जोकि न्यायालय ने साबित कर दिया है कि भाजपाई गुनाहगार है। कांग्रेसी नेता पानीग्राही ने भाजपा नेता पांडे पर बड़ा आरोप लगाया कि यह नेता नैतिकता का पाठ पढ़ा रहें और खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की कहावत को चरितार्थ कर रहें हैं तथा कांग्रेस पर उलुल जुलूल आरोप लगाने से भी बाज नहीं आ रहें हैं। हमने देखा है कि भाजपा शासनकाल में एक मंत्री का रिश्तेदार की जगह दूसरा परीक्षा देता है कोई कार्रवाई नहीं होती है जबकि केंद्राध्यक्ष खार्पडे कार्यवाही होती है जबकि कांग्रेस सरकार में जांच के बाद पार्षद कोमल सेना को जेल हो जाती है।
सामाजिक न्याय पखवाड़ा के अंतर्गत पोषण अभियान के तहत आशा (मितानिन) एवम आगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला मोर्चा सदस्यों द्वारा किया गया अभिनंदन
आज दिनांक २०/०५/२०२२ को ग्राम पंचायत नगरनार एवम माडपाल में सामाजिक न्याय पखवाड़ा के अंतर्गत पोषण अभियान के तहत आशा (मितानिन) एवम आगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महिला मोर्चा सदस्यों द्वारा किया गया अभिनंदन । इस कार्यक्रम में नगरनार मंडल से महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष गीता मिश्रा , सुनीता बेसरा ( उपाध्यक्ष) , सविता सैनी ( कोसाध्यक्ष) , लक्ष्मी घरत माडपाल( महामंत्री ) , संगीता महाराणा ( मंत्री) , गीता पाढ़ी एवम नमिता प्रसाद ( सदस्य) इन सभी महिलाओं ने मिलकर ग्राम पंचायत नगरनार एवम माडपाल में आंगनबाड़ी में गर्भति महिलाओं को समानितपूर्वक नारियल , बिस्किट्स, हॉरलिक्स एवम सभी बच्चों को कॉपी , पेंसिल , रबर , स्लेट , कटर, बिस्किट वितरण किया।
सामाजिक न्याय पखवाड़ा समापन दिवस पर युवा मोर्चा जगदलपुर मंडल ने चलाया स्वच्छता अभियान
जगदलपुर:-भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा देश भर में सामाजिक न्याय पखवाड़ा दिवस का आयोजन कर रही है। जो दिनांक 7 अप्रैल से प्रारंभ हो कर 20 अप्रैल तक किया जाना सुनिश्चित किया गया था।
इसी तारतम्य में आज सामाजिक न्याय पखवाड़ा दिवस के समापन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जगदलपुर मंडल द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।
युवा मोर्चा के सदस्यों द्वारा जवाहर नगर वार्ड के डोंगरी में स्थित शंकर मन्दिर के प्रांगण की साफ- सफाई की।

इस दौरान युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोज पटेल, सह कोषाध्यक्ष आनंद झा, सोशल मीडिया प्रमुख अभिषेक तिवारी, भाजपा नगर मण्डल मीडिया प्रभारी रौशन झा, युवा मोर्चा नगर मण्डल अध्यक्ष श्रीश मिश्रा,योगेश मिश्रा,अनिमेष चौहान, जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, राज पांडे, लोचन सोनी, सूरज मिश्रा, जय पांडे सहित अन्य उपस्थित रहे……
तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है…चंदन के साथ दीपक फैला रहे विकास का प्रकाश
(अर्जुन झा)
जगदलपुर। बस्तर सांसद दीपक बैज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के विधायकों के साथ मिलकर सभी विधानसभा क्षेत्रों के विकास में जुटे हैं ताकि बस्तर लोकसभा क्षेत्र के किसी भी हिस्से के विकास में कोई कमी न रहने पाये। आम तौर पर सांसद और विधायक के बीच बेहतर तालमेल न होने से विकास बाधित होता है। सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में विधायक के भरोसे छोड़ देते हैं लेकिन दीपक बैज वह सांसद हैं जो बखूबी जानते हैं कि विधायक के साथ जब तक सांसद बराबरी से क्षेत्र के विकास में भागीदारी न निभाये तब तक विकास को वह गति नहीं मिल सकती, जिस पर जनता का हक है। पूर्व में बस्तर लोकसभा क्षेत्र में सांसद और विधायकों के बीच कभी ऐसा सामंजस्य स्थापित नहीं हो सका, जो अब देखा जा रहा है। यही कारण है कि बस्तर काफी कुछ बदल गया है और तेजी से बदल रहा है।
बस्तर सांसद दीपक बैज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की जनता के हित में अपने हिस्से की जिम्मेदारी संसद से लेकर सड़क तक निभा रहे हैं। वे सतत संघर्षशील हैं। उनके प्रयासों से बस्तर की वायुसेवा का विस्तार हुआ। रेल सेवा विकसित रूप में बहाल हुई। इसके विस्तार की संभावनाओं में तेजी आई तो रायपुर से जगदलपुर तक फोरलेन को मंजूरी मिलने के साथ ही अन्य सड़क परियोजनाओं के द्वार भी खुल रहे हैं। सांसद दीपक बैज बस्तर की वह आवाज हैं, जो दिल्ली में गरजती है। वे अच्छी तरह परिचित हैं कि जब तक राज्य सरकार की योजनाओं का तेज गति से जनता तक लाभ नहीं पहुंचेगा तब तक बस्तर के चप्पे चप्पे की तकदीर और तस्वीर नहीं बदल सकती। इसलिए वे बस्तर के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संवेदनशील मंशा के मुताबिक विकास की योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए विधानसभा स्तर पर विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं। वे बस्तर लोकसभा क्षेत्र के विधायकों के साथ मिलकर विकास की झड़ी लगा देने प्रयासरत हैं। बस्तर लोकसभा के अंतर्गत आने वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों के साथ मिलकर क्षेत्र विकास दीपक बैज की प्राथमिकता है। इन दिनों वे नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप के साथ नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने में जुटे हुए हैं।

ग्राम बावड़ी में सांसद दीपक बैज और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड अध्यक्ष नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप जात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी देवी देवता से क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए कामना की। नारायणपुर में सांसद दीपक बैज और विधायक चंदन कश्यप ने फीता काटकर नवीन रेस्ट हाऊस का शुभारंभ किया। नारायणपुर के साकड़ीबेड़ा में सी.सी रोड गार्ड वाल पुल पुलिया निर्माण कार्य लागत 2 करोड़ 2 लाख के भूमिपूजन में सांसद दीपक बैज और नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप ने शामिल होकर भूमिपूजन किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री रजनू नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामबती नेताम, जिला अध्यक्ष देवनाथ उसेंडी, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी एवंअन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इसी तरह सांसद दीपक बैज स्थानीय विधायकों के साथ मिलकर क्षेत्रीय विकास की यात्रा तय कर रहे हैं। बस्तर संसदीय क्षेत्र में विधायकों और सांसद की एकरूपता से प्रभावित जनता कह रही है कि तेरा साथ है तो मुझे क्या कमी है।
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में होंगे संगठन चुनाव, सदस्यता अभियान की लांचिंग
आज से 28 अप्रैल तक चार पदों के लिए नामिनेशन
ऑनलाइन मतदान के द्वारा पदाधिकारी चुने जाएंगे
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में संगठन चुनाव होने जा रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रभारी संतोष कोलकुंडा, सह प्रभारी एकता ठाकुर, छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्णचंद कोको पाढ़ी, प्रभारी महासचिव अशरफ हुसैन ने भारतीय युवा कांग्रेस के चुनाव समिति के सदस्यों के साथ मिल कर इसकी विधिवत लांचिंग की। भारतीय युवा कांग्रेस के इलेक्शन कमिश्नर कुणाल बैनर्जी एवं रिटर्निंग ऑफ़िसर ने इन चुनावों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार पूरी तरह ऑनलाइन मतदान के द्वारा पदाधिकारी चुने जाएंगे।
कोई भी व्यक्ति जिसकी आयु 18-35 वर्ष के भीतर है वह युवा कांग्रेस का सदस्य बनकर वोटिंग करेगा। एक सदस्य प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए वोट करेगा। कांग्रेस समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधित्व पर भरोसा करती है इसलिए इन चुनावों में अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछडा वर्ग, महिलाओं, दिव्यांगों, अल्पसंख्यक एवं ट्रांसजेंडर समुदायों के लिए भी पद आरक्षित किये गए हैं। प्रदेश स्तर पर लड़ने की चाह रखने वालों को हाई परफॉर्मर लिस्ट में अपनी जगह बनानी होगी। बताया गया है कि प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए अलग प्रक्रिया निर्धारित है। पार्टी में सक्रिय लोग ही चुनाव लड़ सकेंगे। चुनाव समिति इस संबंध में निर्णय लेगा। जिला एवं विधानसभा स्तर के लिए ऐसी कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। नामांकन, स्क्रूटनी, दावा आपत्ति के बाद 12 मई से 12 जून तक सदस्यता अभियान चलाकर मतदान कराई जाएगी, जिसके 15-20 दिनों बाद नतीजे घोषित किये जायेंगे।
ऐसा होगा चुनाव कार्यक्रम
युवा कांग्रेस के निए 20 से 28 अप्रैल तक सभी चार पदों के लिए नामिनेशन होगा। 30 अप्रैल तक दावा आपत्ति किए जा सकेंगे। 2 मई को नामिनेशन की स्क्रुटनी की जाएगी। 5 मई को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 12 मई से 12 जून तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। चुनाव के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है। सभी जोन के लिए एक प्रभारी की नियुक्ति की गई है। सदस्यता अभियान ऑनलाइन होगा जिसमें सदस्य बनाने पर लाइव फोटो और आधारकार्ड देने के बाद यह प्रक्रिया पूरी होगी। ऑनलाइन पेमेंट के बाद वोट डाला जा सकेगा।
परशुराम जी जन्मोत्सव समति में सर्व ब्राम्हण समाज की सहभागिता सर्व ब्राह्मण समाज जगदलपुर
सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा मंगलवार को स्थानीय जगन्नाथ मंदिर में आहूत बैठक में भगवान परशुराम जन्मोस्तव समिति गठन का निर्णय लिया गया। समिति में सर्व ब्राम्हण के अध्यक्ष समेत 2 अन्य सदस्यों को शामिल किया गया। इसके अलावा एक युवा समिति का गठन किया गया। बैठक में संचालन समिति की जिम्मेदारी तय की गई। भवगान परशुराम जन्मोस्तव आगामी 3 मई को भव्य रूप से मनाया जाएगा। शोभायात्रा में समस्त ब्राम्हण समाज के महिला,पुरुष,युवक,युवतियां,बच्चों की भागदारी सुनिश्चित हो यह चर्चा किया गया। बैठक में आत्माराम जोशी, संजीव शर्मा,अनिल सामन्त, बालकिशन शर्मा,रोशन झा,हिमांशु दुबे,लोकेश शुक्ला,कृष कुमार शर्मा,नलिन शुक्ला,नीलकंठ पांडये,अनिरुद्ध मिश्र,हेमंत पांडे,संतोष त्रिपाठी,अनूप तिवारी,योगेश शुक्ला,राजेश शर्मा,आनंद मिश्रा अरुण पाढ़ी शामिल थे।
आमचो बस्तर हेरीटेज सोसायटी के विभिन्न पदों पर होगी भर्ती
जगदलपुर 19 अप्रैल 2022/ आमचो बस्तर हेरीटेज सोसायटी के तहत बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट एण्ड लिटरेचर (बादल एकेडमी), बस्तर आर्ट गैलरी, बस्तर कलागुड़ी हस्तशिल्प निर्माता संगठन, टेक्नोलॉजी हब एंड इनोवेशन फॉर नॉलेज बस्तर (थिंक बी). ट्रेवल बस्तर एवं सोसायटी के विभिन्न अनियमित पदों पर वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती की जाएगी। इसकी विस्तृत जानकारी बस्तर जिले की अधिकृत वेबसाईट https://bastar.gov.inपर उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार 27 एवं 28 अप्रैल 2022 को सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक बादल एकेडमी आसना में संचालित कार्यालय आमचो बस्तर हेरीटेज सोसायटी कार्यालय में निर्धारित शुल्क जमा कर आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है।
खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की तर्ज पर बस्तर, सरगुजा और रायपुर में लोककला एवं संस्कृति महाविद्यालय
सतरेंगा, गंगरेल और चित्रकूट में खुलेंगे बजट होटल
मुख्यमंत्री ने पर्यटन और संस्कृति विभाग के कार्यो की प्रगति की समीक्षा की
ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों, पर्यटन स्थलों में पर्यटकों के लिए विकसित की जाएं सुविधाएं
रायपुर/मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की तर्ज पर बस्तर, सरगुजा और रायपुर में लोककला एवं संस्कृति महाविद्यालय प्रारंभ करने का प्रस्ताव तैयार करने संस्कृति विभाग को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से बस्तर और सरगुजा अंचल की लोककला और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक का एक सेंटर छत्तीसगढ़ में शुरू करने का प्रस्ताव केन्द्र को भेजने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री आज यहां अपने निवास कार्यालय में समीक्षा बैठकों के क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति विभागों के काम-काज की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में गृह एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी., मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक संस्कृति विवेक आचार्य, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक अनिल साहू, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव सौम्या चौरसिया सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा, लोककला दलों के माध्यम से आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि कला जत्थों के जरिए स्थानीय बोली-भाषाओं में कार्यक्रम तैयार कराए जाएं, जिससे उनका अच्छा प्रभाव हो। उन्होंने कहा कि इससे विशेष पिछड़ी जनजातियों-सरगुजा के पण्डो, कवर्धा के बैगा और गरियाबंद, सिहावा-नगरी और मगरलोड क्षेत्र की कमार जनजाति के लोगों में शासकीय योजनाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संचार होगा। उन्होंने कहा कि रामायण मंडली प्रोत्साहन योजना के तहत मानस प्रतियोगिता अगले वर्ष जनवरी में आयोजित की जाए।
दामाखेड़ा में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित किया जाए
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, वहां पर्यटकों के रूकने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी से होटलों की सुविधा सहित शौचालय, पेयजल, आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की जरूरत पर बल दिया। शिवरीनारायण, चंदखुरी, राजिम, सतरेंगा, चित्रकोट, चम्पारण, गंगरेल जैसे पर्यटन स्थलों में ये सुविधाएं विकसित की जाएं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों पर्यटन स्थलों में पर्यटन के दृष्टिकोण से सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिमगा तहसील के समीप स्थित ऐतिहासिक कबीरभूमि दामाखेड़ा में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि दामाखेड़ा (कबीर तालाब) को विकसित करने के लिए 22.43 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने पर्यटन विभाग के पुराने मोटल्स के निजी क्षेत्र की भागीदारी से सुचारू संचालन की कार्ययोजना की प्रगति की जानकारी ली। राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत विकसित किए जा रहे पर्यटन स्थलों की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे कार्य पूर्ण होते जाते हैं, उनका लोकार्पण किया जाए, जिससे लोगों को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अमरकंटक मार्ग के सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांधों और जलाशयों के समीप उपलब्ध शासकीय भूमि में निजी क्षेत्र की भागीदारी से वोटिंग, वाटर स्पोटर्स, पर्यटकों के ठहरने के लिए सुविधाएं विकसित की जाएं।
मोदी सरकार की मुनाफाखोरी और महंगाई दोनों बेलगाम -मरकाम
रायपुर19 अप्रैल । थोक महंगाई दर में हुई वृद्धि को लेकर मोदी सरकार को घेरते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि केंद्र में बैठी मुनाफाखोर मोदी सरकार की बदौलत देश में महंगाई और भी ज्यादा विस्फोटक होने लगी है। एक ओर खुदरा महंगाई में लगातार बढ़ोतरी के कारण आम आदमी अपनी रोजमर्रा के जरूरत की चीजों से दूर होते जा रहा है वही अब थोक महंगाई दर में 14.55 प्रतिशत का उछाल यह बताता है कि आम आदमी को अब खाने और पहनने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा। हर जगह महंगाई से हाहाकार मचा हुआ है,मगर देश की गूंगी-बहरी सरकार को कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। केवल आम जनता से लूटना और अपने उद्योगपति मित्रों की जेब भरना मोदी सरकार का मुख्य धंधा बना हुआ है।
श्री मरकाम ने कहा कि मोदी निर्मित महंगाई देश के आम आदमी पर चौतरफा अत्याचार कर रही है। ईंधन के दाम पिछले 20 दिनों में 11 प्रतिशत बढ़ चुके हैं। पिछले आठ सालों में केंद्र सरकार ने बार-बार पेट्रोल और डीजल पर करों में वृद्धि कर जनता से 26 लाख करोड़ रुपये वसूल लिए हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार के वसूली का सिलसिला थम नहीं रहा है। मोदी सरकार के चालचलन से साफ समझ आता है कि देश की पूंजीवादी सरकार चंद औद्योगिक घरानों की चाकरी और चौकीदारी कर रही है। देश में गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी ने उत्पात मचा रखा है, मगर जनता की चुनी केंद्र सरकार उद्योगपतियों को राहत देने में लगी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि देश में हर रोज गरीबों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, हर रोज किसी न किसी उपक्रम पर ताला लग रहा है, प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने की बात करने वाली सरकार में हर रोज सैकड़ों लोग बेरोजगार हो रहे हैं। देश के आजाद होने के बाद नई योजनायें बनाया। सिंचाई सुविधायें बढ़ाकर नये कल कारखाने लगाकर शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधायें बढ़ाकर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों ने भारत को मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा किया। मोदी सरकार की नीतियों से देश का आम आदमी बदहाल और कर्जदार हो रहा है। भाजपा देश को आजादी के तुरंत बाद वाली उस स्थिति में लाना चाहती है, जब लोगों के पास खाने के लिए अनाज और पहनने के लिए कपड़ा नहीं था। जनता को दाने-दाने का मोहताज करने वाली मोदी सरकार को सत्ता में रहने का बिल्कुल भी नैतिक अधिकार नहीं है।


