City Media - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog

दल्लीराजहरा में फिर मिला अजगर, रेलवे पुल के नीचे से किया गया रेस्क्यू

0

वार्ड क्रमांक 11 में अजगर मिलने से मचा हड़कंप, कुछ समय पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी किया गया था रेस्क्यू

दल्लीराजहरा। नगर में लगातार अजगर सांप के निकलने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 11 का है, जहां रेलवे पुल के नीचे लोगों के आवागमन वाले मार्ग पर एक अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना रेस्क्यू टीम को दी गई।सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़कर वहां से हटाया।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार अजगर का पेट असामान्य रूप से फूला हुआ और खुला-सा दिखाई दे रहा था, जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। आशंका जताई गई कि अजगर ने संभवतः कोई छोटा जानवर निगल लिया होगा। हालांकि, उसने वास्तव में क्या निगला था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।रेलवे पुल के नीचे से वार्डवासियों और अन्य लोगों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे स्थान पर अजगर के मिलने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। रेस्क्यू टीम की तत्परता से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।पहले वार्ड क्रमांक 2 में भी मिला था अजगरगौरतलब है कि कुछ समय पूर्व दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 2 में भी इसी तरह अजगर सांप का रेस्क्यू किया गया था। लगातार अलग-अलग वार्डों में अजगर के सामने आने से लोगों में चिंता के साथ-साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर नगर के आबादी वाले क्षेत्रों में बार-बार अजगर क्यों पहुंच रहे हैं।स्थानीय लोगों ने नगर के ऐसे क्षेत्रों में, जहां झाड़ियां और सुनसान स्थान हैं, साफ-सफाई तथा नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि लोगों को इस तरह के खतरों से बचाया जा सके।

बस्तर जिले में भरी वर्षा स्कूलों में आज अवकाश

0

जगदलपुर समूचे बस्तर जिले में इन दिनों लगातार भारी बरसात हो रही है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने बस्तर जिले की समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में आज 11 सितंबर के अवकाश की घोषणा की है।

हिंदू सेना की मांग – एक साथ हो गणेश विसर्जन, सनातन संस्कृति का हो सम्मान पितृ पक्ष से पहले हो गणेश विसर्जन,SDM और CSP को सोपा ज्ञापन

0

दल्ली राजहरा, बालोद आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर हिंदू सेना संगठन, जिला बालोद के पदाधिकारी ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) दल्ली राजहरा एवं पुलिस नगर अधीक्षक जिला बालोद को ज्ञापन सौंपा।संगठन के सदस्यों ने ज्ञापन में कहा कि दल्ली राजहरा में गणेश उत्सव हर वर्ष बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से देखा जा रहा है कि कुछ समितियों द्वारा गणेश विसर्जन में अनावश्यक विलंब किया जाता है और पितृ पक्ष के बाद विसर्जन किया जाता है। मान्यता के अनुसार पितृ पक्ष प्रारंभ होने से पहले विसर्जन करना आवश्यक है।

साथ ही संगठन ने इस बात पर चिंता जताई कि कई पंडालों में धार्मिक भजन-आरती की जगह अश्लील फिल्मी गाने बजाए जाते हैं, जो सनातन धार्मिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है।हिंदू सेना संगठन ने प्रशासन से दो प्रमुख मांगे की हैं -1. इस वर्ष नगर में एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए पितृ पक्ष शुरू होने से पहले ही सभी गणेश प्रतिमाओं का एक साथ सम्मानपूर्वक विसर्जन कराया जाए, जिससे शांति व्यवस्था भी बनी रहे।2. सभी पंडाल संचालकों को निर्देशित किया जाए कि पंडालों में केवल धार्मिक भजन, आरती एवं मंत्र ही बजाए जाएं, फिल्मी गानों पर पूर्णतः रोक लगाई जाए।संगठन ने कहा कि इस संबंध में SDM और पुलिस अधीक्षक एवं नगर अधीक्षक से चर्चा कर उचित आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है।इस अवसर पर हिंदू सेना संगठन के छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री निलेश श्रीवास्तव , जिला अध्यक्ष नंदा पसीने , संगठन संरक्षक आशा सिंह, नगर अध्यक्ष शंकर साहू, नगर मातृशक्ति अध्यक्ष संगीता रजक, नगर उपाध्यक्ष साक्षी खटवानी, नगर कोष अध्यक्ष पूजा तेजवानी ,सोनू मानिकपुरी उपस्थित रहे।

आवारा कुत्तों की समस्या पर नगर पालिका की कार्रवाई, डॉग स्क्वाड ने चलाया अभियान

0

दल्लीराजहरा। नगर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या और इनके कारण नागरिकों को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर पालिका दल्लीराजहरा ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। नगर के विभिन्न इलाकों में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष डॉग स्क्वाड की टीम बुलाई गई, जिसने अभियान चलाकर कई आवारा कुत्तों को पकड़ा।शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों के झुंड की समस्या बनी हुई थी। कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों में भय का माहौल देखा जा रहा था। वहीं, अचानक सड़क पर कुत्तों के आ जाने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। इस समस्या को लेकर नागरिकों द्वारा नगर पालिका से लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी।नागरिकों की शिकायतों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा विशेष डॉग स्क्वाड के माध्यम से कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें शहर के आबादी क्षेत्र से बाहर ले जाया गया।नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने नागरिकों की सुरक्षा और नगर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल की है। नागरिकों ने नगर पालिका की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आवारा कुत्तों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में एक बार की कार्रवाई के बजाय नियमित अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।

वृक्षारोपण अभियान आज

0

जगदलपुर पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा “एक पेड़ मां के नाम 3.0” अभियान के तहत हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 10 सितंबर को सुबह 8:30 बजे जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नगर पालिका निगम सभापति खेमेंसिंह देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहभागी बनेंगे।

एकलव्य विद्यालय में 10वीं के छात्र की मौत से सदमा, कमरे में मिला शव

0

बिग ब्रेकिंग-:एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र का शव मिलने से हड़कंप

कमरा नंबर 16 में फंदे पर लटका मिला छात्र का शव, पुलिस जांच में जुटी

डौंडी। नगर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत एक छात्र का शव कमरे में फंदे पर लटका मिलने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कमता राम, निवासी ग्राम रीवागहन खेरखा के रूप में हुई है। वह एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं का छात्र था। बताया जा रहा है

कि छात्र का शव कमरा नंबर 16 में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही सीएसपी विकास पाटले, तहसीलदार देवेंद्र नेताम एवं डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

संयोगवश आज विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस

गौरतलब है कि आज 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (World Suicide Prevention Day) मनाया जाता है। इसी दिन एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटना सामने आने से यह मामला और भी गंभीर हो गया है। हालांकि छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

दल्ली राजहरा” में बैंक ऑफ़ बड़ौदा की नई शाखा का उद्घाटन — ग्रामीण और अर्ध-शहरी विकास की दिशा में एक सशक्त पहल

0

“ग्रामीण और अर्ध-शहरी छत्तीसगढ़ में वित्तीय समावेश को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने 9 सितंबर 2026 को धमतरी क्षेत्र के दल्ली राजहरा में अपनी 62वीं शाखा का उद्घाटन किया। इस नई शाखा को दल्ली राजहरा और आसपास के गांवों के निवासियों को सुलभ और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। शाखा का औपचारिक उद्घाटन बालोद जिले के पुलिस अधीक्षक किरण जी. चौहान (आई.पी.एस.) ने किया। इस अवसर पर रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख दिवाकर पी. सिंह, धमतरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक बानाम्बर बेहेरा और उप-क्षेत्रीय प्रबंधक अमित सिंह पटेल के साथ-साथ बैंक ऑफ़ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी और कई निवासी/व्यवसायी, स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्य तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मेहमानों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद धमतरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री बानाम्बर बेहेरा ने स्वागत भाषण दिया और क्षेत्र की उपलब्धियों तथा बैंक ऑफ़ बड़ौदा की हालिया सफलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने दूरदराज और कम सेवा वाले क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के बैंक के संकल्प को दोहराया।रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख श्री दिवाकर पी. सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि नई शाखा खुलने से अब स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीणों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करना, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना और ऋण सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। उन्होंने बैंक के उत्पादों जैसे केंद्र सरकार के साथ सैलरी पैकेज, छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के साथ सैलरी पैकेज (MOU), छत्तीसगढ़ पुलिस सैलरी पैकेज आदि के बारे में भी जानकारी दी।

बालोद के पुलिस अधीक्षक किरण जी. चौहान (आई.पी.एस.) ने निवासियों से अपने परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खाते खुलवाने का आग्रह किया ताकि वे औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जुड़कर देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकें। उन्होंने ब्रांच के सुचारू कामकाज और विकास के लिए पूरा प्रशासनिक सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। साथ ही, उन्होंने लोगों को बढ़ते हुए फाइनेंशियल और साइबर फ्रॉड के मामलों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी और किसी भी तरह का फ्रॉड होने पर तुरंत नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की, ताकि नुकसान को कम किया जा सके और समय पर कार्रवाई हो सके।कार्यक्रम के आखिर में, उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री अमित सिंह पटेल ने वहां मौजूद सभी गणमान्य व्यक्तियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया और समाज के हर वर्ग को प्रभावी और बिना रुकावट वाली बैंकिंग सेवाएं देने के अपने संकल्प को दोहराया। यह उद्घाटन इस क्षेत्र में फाइनेंशियल पहुंच और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशा अनुसार सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा मंडल की कार्यशाला संपन्नसेवा, संगठन और समाज के प्रति समर्पण ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान : चंदूलाल साहू

0

दल्लीराजहरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दल्लीराजहरा मंडल की विस्तृत कार्यशाला का आयोजन उत्साह एवं संगठनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन विस्तार तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।कार्यशाला में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के कैबिनेट मंत्री दर्जा एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू जी, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा शीतल नायक,निवर्तमान जिला अध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख वक्ता पवन साहू जी, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, जिला कोषाध्यक्ष हरिश कटझारे, मंडल प्रभारी मनीष झा,नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, निर्वितमान मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी,प्रदेश महामंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा डॉ. देवेंद्र महाला सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्प प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम के प्रारंभ में मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया तथा सेवा संकल्प अभियान को मंडल स्तर पर प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख वक्ता पवन साहू जी ने अभियान के उद्देश्य, स्वरूप एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सेवा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता जीवन का संस्कार है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकता के समय साथ खड़ा होना ही इस अभियान की मूल भावना है।वहीं पूर्व सांसद एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त चंदूलाल साहू जी ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता की सक्रियता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है।कार्यशाला में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया।कार्यक्रम का मंच संचालन मंडल महामंत्री रमेश गुजर जी ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र बेहेरा जी द्वारा किया गया।कार्यशाला में भाजपा मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह, अनुशासन एवं संगठन के प्रति समर्पण का भाव दिखाई दिया।सेवा से समाज, संगठन से शक्ति और समर्पित कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण — यही सेवा संकल्प अभियान का मूल संदेश है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

0

बालोद। जिले के डौंडी क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परस पिस्दा के रूप में बताई जा रही है, जो महामाया क्षेत्र के कोटागांव का निवासी था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, परस पिस्दा अपनी हीरो होंडा डीलक्स मोटरसाइकिल से जा रहा था।

इसी दौरान शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, युवक की मौत की खबर से उसके गांव और परिचितों में शोक का माहौल है

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग का ऑक्शन संपन्न, 77 खिलाड़ियों पर लगी बोली

0

नारायणपुर पुलिस की पहल पर आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 के लिए खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया मंगलवार को डीआरजी ट्रेनिंग एरेना में संपन्न हुई। ऑक्शन में छह टीमों ने हिस्सा लिया और 110 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 77 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इस दौरान टीम मालिकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।लीग में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रहेगी। रायपुर के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष माखीजा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। वहीं एम.वी. अभिषेक, जसमीत सिंह, सुजय तांबोली और वेंकट गौरव को भी ऊंची बोली मिली।सीजन-3 में गारपा जायंट्स, हांडावाड़ा रैकेटियर्स, तुलार टाइटन्स, कच्चापाल ब्लास्टर्स, कुतुल नाइट राइडर्स और जनता डिफेंडर्स समेत छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता की एक विशेषता मिश्रित युगल वर्ग भी है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक साथ खेलते नजर आएंगे।लीग के मुख्य मुकाबले 10 से 12 सितम्बर तक रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में आयोजित होंगे। विजेता टीम को 1.21 लाख रुपये, उपविजेता को 85 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 59 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर प्रदान कर क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

MOST POPULAR

HOT NEWS