City Media - Page 298 of 1848 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 298

शिशु संरक्षण माह के शुभारंभ पर शिशुओं को पिलाई गई विटामिन ए और आयरन सिरप

0

जगदलपुर राज्य शासन के निर्देशानुसार 21 जनवरी से 21 फरवरी तक शिशु संरक्षण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के जगदलपुर शहरी क्षेत्र में शहरी स्वास्थ्य कल्याण केंद्र दलपत सागर वार्ड और पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में आज शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक द्वारा बच्चों को विटामिन ए की सिरप पिलाकर किया गया।

इससे पूर्व शुभारंभ कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीआर मैत्री और डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी द्वारा उपस्थित सभी पात्र बच्चों की माताओं को शिशु संरक्षण माह का महत्व और इसके अंतर्गत दिए जाने वाली दवाइयां जैसे कि विटामिन ए सिरप और आयरन सिरप के महत्व के बारे में अवगत कराया गया और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ उठाने की सलाह दी गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर प्रभारी डॉ. बेबीन सुनील चाको के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र के सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव और नरेश मरकाम एवं महेंद्र पांडे, एएनएम तामेश्वरी मरापी एवं रानू साहू सहित संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।

सुरक्षाबलों की अद्वितीय रणनीति और जीवटता ने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में नया इतिहास रचा: उपमुख्यमंत्री शर्मा

0
  •  मैनपुर के कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में बड़ा नक्सल ऑपरेशन, 14 नक्सली ढेर
  • मुठभेड़ में मारा गया सीसी मेंबर नक्सली जयराम

अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रविवार रात से अब तक चले जॉइंट ऑपरेशन में 14 नक्सलियों को मार गिराया गया है। इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि मुठभेड़ में उड़ीसा कैडर के सीसी मेंबर जयराम को भी ढेर कर दिया गया है। जयराम समेत करोड़ों रुपयों के इनामी नक्सली मार गिराए गए हैं। इस बड़ी कामयाबी पर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की बड़ी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों की अद्वितीय रणनीति और जीवटता की विजय करार दिया है।

यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़ और उड़ीसा पुलिस के जॉइंट प्रयास का नतीजा है, जो नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है। दो दिनों तक चले इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने कई ऑटोमेटेड हथियार भी बरामद किए हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए नियद नेलानार योजना लाई गई है। यह योजना नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने में प्रभावी साबित हो रही है और बस्तर के गांवों में बड़े बदलाव का प्रतीक बन रही है। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल में छत्तीसगढ़ सरकार ने नक्सल मोर्चे पर आक्रामक कदम उठाए हैं। तेलंगाना, महाराष्ट्र और उड़ीसा के साथ लगे छत्तीसगढ़ के सभी बॉर्डर्स पर जॉइंट ऑपरेशंस चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने नक्सलवाद उन्मूलन के लिए मजबूत कदम उठाए हैं। उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार ने मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद को देश से पूर्णतः समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। यह ऑपरेशन सुरक्षाबलों की अद्वितीय रणनीति और समर्पण का परिणाम है, जिसने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में एक नया इतिहास रच दिया है।

अब जेल की रोटी तोड़ेंगे शराब घोटाले के आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा

0
  •  ईडी की रिमांड खत्म, अब जेल भेजे गए लखमा
  • 14 जनवरी से थे ईडी की हिरासत में लखमा
  • तलब किया जा सकता है भूपेश बघेल को भी

अर्जुन झा

जगदलपुरकांग्रेस शासन काल में हुए छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले के आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा अब पंद्रह दिनों तक जेल की रोटी तोड़ेंगे। 7 दिन तक ईडी की कस्टडी में रहने के बाद कवासी लखमा आज 21 जनवरी को जेल भेज दिए गए।

कवासी लखमा शराब घोटाले की जांच कर रहे सेंट्रल जांच एजेंसी ईडी की कस्टडी में 14 जनवरी से थे। ईडी ने विशेष अदालत से कवासी लखमा की रिमांड 14 दिनों के लिए मांगी थी, लेकिन अदालत ने सात दिन की ही रिमांड दी थी। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद ईडी ने आज 21 जनवरी को कवासी लखमा को अदालत में पेश किया। अदालत ने कवासी लखमा को 4 फरवरी तक जेल भेजने का निर्देश दिया। सूत्र बताते हैं कि ईडी ने लखमा की और रिमांड नहीं मांगी क्योंकि इन सात दिनों में लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने काफी राज उगलवा लिए हैं। खबर है कि ईडी अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी पूछताछ के लिए कभी भी तलब कर सकती है। इसके अलावा पूर्व आईएएस विवेक ढांड को भी ईडी दफ्तर बुलाया जा सकता है। ईडी के वकील ने खुलासा किया था कि कवासी लखमा को शराब कार्टल से हर माह दो करोड़ रुपए मिलते थे। वकील का दावा है कि सुकमा में ईडी द्वारा की गई पड़ताल में कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी और सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष के ठिकानों से कई साक्ष्य मिले हैं। ईडी के वकील ने अरविंद सिंह के रिकॉर्डेड बयान के हवाले से बताया था कि शराब कार्टल से हर माह 50 लाख रुपए कवासी लखमा के पास जाते थे। इसके अलावा अरुणपति त्रिपाठी का बयान के मुताबिक इसके अलावा डेढ़ करोड़ शराब कार्टल से अलग जाते थे। इस तरह 36 माह में 72 करोड़ रुपए दिए गए। आबकारी अधिकारी इक़बाल खान और जयंत देवांगन ने भी इसकी पुष्टि की है और बताया है कि पूरे दो करोड़ रुपए हर माह सुकमा पहुंचाए जाते थे और यह रकम सुकमा में कन्हैया लाल कुर्रे कलेक्ट करते थे। इस धन को सफेद बताने के के लिए उसमें से काफी रुपए हरीश कवासी के मकान निर्माण और जिला कांग्रेस कार्यालय भवन बनाने में लगाए गए हैं। हरीश कवासी और जगन्नाथ साहू के घरों से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की जानकारी भी वकील ने दी थी और कहा था कि पूछताछ के लिए और भी कई लोगों को समन किया जाएगा। अब कयास लगाया जा रहा है कि कुछ और पूर्व मंत्री, नेता और अफसर ईडी की जांच के दायरे में आ सकते हैं।

दल्ली राजहरा में भाजपा के आधार हैं वरिष्ठ नेता बाबूलाल ऋषि व भगदराम देवांगन: जयदीप गुप्ता

0
  • दोनों वरिष्ठ नेताओं का गुप्ता ने किया सम्मान
  • भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी मोदी के मन की बात

दल्ली राजहरा खनिज नगरी दल्ली राजहरा के वार्ड नं 15 भगोली पारा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्त्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 118वां संस्करण सुना गया। यह इस साल का पहला संस्करण था। इसके उपरांत दल्ली राजहरा पुराना बाजार के सबसे पुराने वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल ऋषि व भगदराम देवांगन को भाजपा नेता जयदीप गुप्ता द्वारा शॉल-श्रीफल भेंट कर पार्टी के लिए उनके द्वारा निभाई गई अमूल्य महति भूमिका के लिए समानित किया गया।

भाजपा नेता जयदीप गुप्ता ने बताया कि जब पुराना बाजार क्षेत्र में हमारा कोई कार्यकर्ता नही था तब बाबूलाल जी व भगदराम जी ने ही पुराना बाजार मे भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी विचारधारा से लोगों को अवगत करवाया और लगातार प्रयास कर भाजपा का झंडा गाड़ा। फिर उनके साथ लोग जुड़ते चले गए और कारवां बनता गया।बाबूलाल व भगतराम हमारे आदर्श हैं। सम्मान समारोह में मुख्य रूप से जयदीप गुप्ता, मनोज दुबे, स्वाधीन जैन, आशीष लालवानी, तरुण कुमार साहू, डोमेश्वर साहू, सरल रामटेके, राज चक्रधारी, नेतराम, सोनू नायक, मिथलेश, रमेश दास, सुनील दास, राहुल, रितेश, अजयं मानिकपुरी, बिट्टू तिवारी, टिकेश कुमार, नकुल मेश्राम, ठीभूराम, उमेश साहू आदि उपस्थित थे |

किरण सिंह देव के प्रयास से बहु प्रतीक्षित भंगाराम चौक से माता मंदिर तक मार्ग एवं नाली का होगा निर्माण: संजय पाण्डेय

0

जगदलपुर भंगाराम चौक से माता मंदिर तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का आज भूमिपूजन महापौर सफीरा साहू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पार्षद संजय पांडे, दयावती देवांगन, रीना घोष एवं पार्षदों द्वारा किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के अथक प्रयास से जनता की बहु प्रतीक्षित मांग भंगाराम चौक से माता मंदिर पथरागुड़ा तक सड़क और नाली निर्माण कार्य के लिए 71.04 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इस दौरान मेयर सफीरा साहू ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के नेतृत्व में जगदलपुर नगर निगम एवं जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में चहुमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। देव के कुशल नेतृत्व में विकास कार्य हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बहा रही है। संजय पांडे ने कहा कि विधायक किरण देव की संवेदनशीलता एवं सक्रियता के चलते इस बहुप्रतीक्षित मार्ग के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई है।जिसका आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों के समक्ष भूमि पूजन किया गया। सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। संजय पांडे ने कहा डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश का चहुमुखी विकास हो रहा है। हमारे लोकप्रिय विधायक किरण देव जी के नेतृत्व में विकास अनवरत जारी है। संवेदनशील मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में चहुमुखी विकास हो रहे हैं। जिसके तहत जनता की मांग के अनुरूप भंगाराम चौक से पथरागुड़ा माता मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर सफीरा साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे, पार्षद दयावती देवांगन, रीना घोष, पूर्व पार्षद खेमसिंह, पूर्व पार्षद राणा घोष, निर्मल पाणिग्रही, दिगंबर राव, त्रिवेणी रंधारी, नीलम यादव, ममता पोटाई उमेश वानखेड़े, अनुराग ठाकुर, गोदावरी ठाकुर, अंकित घोष, राकेश विसोई, करण जैन, धर्मेंद्र चौहान, उतम साहू, प्रमिला तिवारी, मनीविक्रम नायडू, आशा गुप्ता, वार्डवासी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मुरुम निकालने सड़क ठेकेदार ने के खेत को बना दिया खाई, नहीं कराया समतलीकरण

0
  •  अब मुसीबत में पड़ गया है निरीह किसान, नहीं हो रही है उसकी सुनवाई 

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के कांकेर जिले में ठेका फर्म मेसर्स हिलब्रो मेटेलिक्स एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड रायगढ़ की एक बड़ी मनमानी सामने आई है। इस फर्म ने सड़क निर्माण के लिए मुरुम निकालने के फेर में सड़क किनारे के एक खेत को खाई में तब्दील करवा दिया है। किसान का खेत तो तबाह हुआ ही है, मवेशियों और किसान परिवार के सदस्यों की जान पर भी बन आई है।

 

उक्त फर्म ने कच्चे से अंतागढ़ सड़क के समतलीकरण के लिए पेवारी के किसान नारद पिता नरसिंह के खेत से मुरुम निकालने के नाम पर खनिज विभाग से परमिशन लेकर खेत की बुरी तरह खोदाई करवा दी है। ठेकेदार ने किसान नारद को भरोसा दिलाया था कि मुरुम निकालने के बाद खेत को समतल करा दिया जाएगा। ठेकेदार द्वारा बेतहाशा मुरुम निकालने के लिए बड़ी बेतरतीबी से खेत की खोदाई करवा दी गई है। खेत को आठ फीट गहरा बना दिया गया है। अब खेत को उसी हाल में छोड़ दिया गया है।

किसान परेशान है दर दर भटक रहा है, अधिकारियों ने मौन साध लिया है। किसान की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिम्मेदार विभाग द्वारा आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह 8 फीट का गड्‌ढ़ा आने वाले समय में पशुओं और किसान के परिवार के लिए घातक साबित हो सकता है।जानकारी के अनुसार मेसर्स हिलब्रो मेटेलिक्स एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड रायगढ़ का स्टाप पेवारी के ग्रामीण नारद पिता नरसिंह से उसके खेत से मुरूम निकालने के लिए बात की गई थी। उसके अनुसार मुरुम निकालने के बाद खेत को समतल कर देने की बात कही गई थी और समतलीकरण के लिए आदेश खनिज विभाग से भी जारी हुआ था। ठेकेदार ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए समतलीकरण के नाम पर लगभग 2 एकड़ के आसपास की भूमि पर लगभग 8 फीट तक के गहरे गड्‌ढे कर दिए गए हैं, जिसे देखकर तालाब जैसा मंजर नजर आ रहा है। ठेकेदार के द्वारा समतलीकरण का कार्य नहीं बल्कि मुरुम खनन करना मुख्य उद्देश्य था। समतलीकरण के नाम पर कई पुराने हरे भरे पेड़ों को जड़ के साथ धराशायी कर दिया गया है, जिसकी सुध लेने वाला कोई अधिकारी नहीं है। आश्चर्य की बात यह है कि यह कार्य किसी दूर दराज के क्षेत्र में नही बल्कि अंतागढ़ मेन रोड पर इस तरह का कार्य किया जा रहा है। इस मार्ग से एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और इस निर्माण कार्य के सब इंजीनियर और खनिज विभाग के अमले ने देखा है, परंतु आज तक किसी के द्वार कोई कार्यवाही नहीं किया गया है।

लोनिवि अफसरों ने साधा मौन

सड़क निर्माण का ठेका देने वाले वाले विभाग लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और सब इंजीनियर सहक बनने के दौरान इस गड्ढे को कई बार देखा होगा। इन सभी अधिकारियों को मालूम है कि इस तरह के गड्‌ढे करना गैर कानूनी है, परंतु इनके द्वारा भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई और न खनिज विभाग को किसी तरह का पत्र लिखा। नियमों का उल्लंघन करके काम करने वाले पर नकेल कसने की जिम्मेदारी हर विभाग की बनती है, मगर सभी के मौन साध लेने से संठगांठ की संभावना को बल मिल रहा है।मुरुम निकालने का परमिशन मिला है

तहसीलदार ने झाड़ा पल्ला

मेसर्स हिलबों मेटॅलिक्स एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड रायगढ़ के सुपरवाईजर विश्वकर्मा का कहना है कि हमारी कंपनी के द्वारा मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है और इसका उपयोग कच्चे से अंतागढ़ सड़क में किया गया है। हमारे पास मुरुम खोदने की खनिज विभाग से परमिशन है। भानुप्रतापपुर तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा से जानकारी लेने पर उनका जवाब था कि यह हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला है। आदेश खनिज विभाग द्वारा दिया गाया है उनके द्वारा ही इस पर कार्रवाई की जा सकती है। खनिज विभाग के अधिकारी के मोबाईल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु कई चार उनका मोवाईल आउट आफ कवरेज बताता रहा और घंटी बजी भी तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया नगरीय निकायों के 441 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

0
  •  दिए अनुकंपा नियुक्ति पत्र ने स्वच्छता दीदियों को किया सम्मानित 

जगदलपुर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के नगरीय निकायों में 441 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर 6 नगरीय निकायों में 270 करोड़ रुपए लागत के जल प्रदाय योजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही 155 करोड़ 38 लाख रुपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं 15 करोड़ 85 लाख रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर नगरीय प्रशासन विभाग के अंतर्गत 103 पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति के तहत अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 नगरीय निकायों के स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया।

वर्चुअल कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और विधायकों सहित सचिव नगरीय प्रशासन विभाग एस बसवराजू एवं राज्य शासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जगदलपुर के पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित नगर निगम आयुक्त निर्भय साहू और अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्वच्छता दीदियां उपस्थित थे।

अधिवक्ता अजय शर्मा हो सकते हैं कांकेर में भाजपा के लिए अजेय योद्धा

0
  •  नपा अध्यक्ष पद के लिए हैं बीजेपी से सशक्त नाम
  • कांकेर के लिए अजय शर्मा से बेहतर कोई नहीं

अर्जुन झा

कांकेर नगरीय निकाय चुनाव होना अब लगभग तय हो है। दोनों ही राष्ट्रीय दल चुनावी रणनीति बनाने और अध्यक्ष पद के लिए सशक्त और जिताऊ उम्मीदवार इस जंग में उतारने के लिए आंतरिक मंथन कर रहे हैं। कांकेर में इस बार नगर पालिका अध्यक्ष पद का मुकाबला इसलिए बड़ा ही दिलचस्प होने जा रहा है क्योंकि कांकेर में अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए घोषित हो चुका है। कांग्रेस के पास एक नाम तो दौड़ में सबसे आगे है, लेकिन बीजेपी में सामान्य वर्ग का एक भी सटीक प्रत्याशी सामने नहीं होने के कारण मंथन जारी है। इस बीच लोकप्रिय अधिवक्ता अजय शर्मा का नाम हर शहरवासी की जुबान पर है। लोगों का कहना है कि अजय शर्मा कांग्रेस से तो लड़ेंगे ने नहीं, मगर भाजपा के लिए वे जरूर कांकेर में अजेय योद्धा साबित हो सकते हैं। अजय शर्मा वैसे तो किसी भी दल से नहीं जुड़े हैं, मगर वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की विचारधारा और भाजपा के कई बड़े नेताओं के व्यक्तित्व एवं कार्यशैली से प्रभावित जरूर हैं। ऐसे में अगर भाजपा उन्हें ऑफर करेगी तो वे चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे और कांकेर नपा अध्यक्ष का पद भाजपा की झोली में डालने में निश्चित ही सफल होंगे।

कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अनेक लोगों के नाम बीजेपी से सामने आ रहे हैं। इन नामों में अधिकांश पिछड़ा वर्ग से आते हैं अथवा शुद्ध रूप से व्यापारी हैं। इन परिस्थितियों में अजय शर्मा अधिवक्ता का नाम बीजेपी से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के रूप में सबसे ज्यादा चर्चा में है। श्री शर्मा अभी किसी दल के कार्यकर्ता नहीं हैं। वे धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और संत महात्माओं, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तथा बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं के लिए पसंदीदा व्यक्ति हैं। बशर्ते पार्टी उन्हें विधिवत अपने दल में शामिल कर ले। उनका भाजपा में जाना भी पार्टी के लिए फायदेमंद ही होगा। अजय शर्मा छात्र जीवन से सक्रिय राजनीति में हैं। छात्र नेता के रूप में भी वे किसी दल के समर्थक नहीं थे, केवल छात्रों का ही नेतृत्व करते थे। वे शासकीय भानुप्रताप देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर छात्रसंघ के सचिव निर्वाचित हो चुके हैं तथा छात्र-हित में उन्होंने जोरदार नेतृत्व भी किया था। सचिव पद पर अजय शर्मा ने सीटी पैनल से अकेले ही विजय प्राप्त की थी।जबकी सचिव पद को छोड़ कर बाकी पद हास्टल पैनल ने जीते थे। उस वक्त छात्र महाविद्यालय छात्रसंघ में अध्यक्ष मनोज मंडावी, उपाध्यक्ष नीलकंठ टेकाम व सह सचिव दिलीप नरेटी थे।

गौर करने वाली बात ये है कि कल के ये सभी छात्र नेता आज एक कुशल राजनीतिज्ञ व सफल अधिवक्ता हैं। अजय शर्मा प्रबुद्ध वर्ग से आते हैं। वे कम उम्र में ही वकील बनकर समाज सेवा कर रहे हैं। कांकेर में एक होनहार छात्र का वकालत शुरू करना युवा वर्ग के लिए एक अच्छा संदेश सिद्ध हुआ। अन्यथा आज कल के युवाओं की पहली पसंद सरकारी नौकरी ही होती है। अजय शर्मा ने कभी भी सरकारी नौकरी करना या किसी की चारनभाठ स्वीकार नहीं किया। वे सरकारी वकील का भी दायित्व निभा चुके हैं तथा वर्तमान में नोटरी का कार्य करते हुए वे लोकपाल भी हैं। अजय शर्मा में कानून की अच्छी समझ है। बेबाकी से अपनी बात विधि सम्मत रूप से रखते हैं। तर्क में उनकी कोई सानी नहीं है। अतः हर दृष्टि से बीजेपी से अजय शर्मा का नाम उपयुक्त है जो कांग्रेस के प्रत्याशी को इस बार पटखनी देते हुए एक मिसाल कायम कर सकते हैं। आगे देखते हैं कि अजय शर्मा का नाम बीजेपी के नेताओं तक पहुंचता है या हर बार की तरह इस बार भी कांग्रेस का प्रत्याशी ही नगर पालिका अध्यक्ष का ताज पहनेगा। इस पर गंभीर विचार बीजेपी के शीर्ष नेताओं को करना होगा।

पेड़ में जा टकराई कार पति पत्नी की मौत

0

बालोद  लोहारा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली पिनकापार पुलिस चौकी क्षेत्र में ग्राम गिधवा चौक से एक किलोमीटर आगे एक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जाता है की घटना सोमवार की सुबह 4:30 बजे की है। सभी ग्रामीण एक स्कॉर्पियो में सवार थे और बीती रात को रायपुर तरफ से रामायण प्रतियोगिता में प्रस्तुति देकर लौट रहे थे। गाड़ी में कुछ बच्चे भी बैठे थे। हादसे में पति-पत्नी ने अपनी जान गंवा दी। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक पेड़ से जा भिड़ी और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना में सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तो वहीं अन्य ग्रामीण और बच्चे घायल हैं। जिनका इलाज रायपुर और राजनांदगांव में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक का नाम पुरुषोत्तम यादव पिता मुखिया राम यादव उम्र 45 वर्ष और उनकी पत्नी मृतका जानकी यादव पति पुरुषोत्तम यादव उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम मनकी के हैं। घायलों में उनके दो बच्चे कुमारी हिना यादव पिता पुरुषोत्तम यादव 17 वर्ष और हर्ष कुमार यादव पिता पुरुषोत्तम यादव 15 वर्ष भी शामिल हैं। जिन्हें रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा अन्य घायलों में किरण और रानू है जो करमरी के रहने वाले हैं। वाहन का मालिक उदय सिंह साहू निवासी संबलपुर बताया जा रहा है। तो वही वाहन को चालक रूपेश कुमार संबलपुर का ही रहने वाला चला रहा था ।

ओबीसी वर्ग का आरक्षण तुरंत बहाल करे साय सरकार: मोहन मरकाम

0
  •  पूर्व पीसीसी अध्यक्ष ने जगदलपुर में ली पत्रवार्ता 

जगदलपुर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन जगदलपुर में ओबीसी आरक्षण मुद्दे को लेकर पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पत्रकारवार्ता ली। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में हुई में पत्रकार वार्ता में मोहन मरकाम ने कहा कि नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों में भाजपा सरकार द्वारा कराई गई आरक्षण प्रक्रिया के चलते प्रदेश में ओबीसी वर्ग का नुकसान हुआ है। प्रदेश की भाजपा सरकार आरक्षण को रद्द कर फिर से आरक्षण कराए।ओबीसी वर्ग के आरक्षण को बहाल करे, भले ही इसके लिए अध्यादेश लाना पड़े तो लाया जाए।विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना पड़े, तो बुलाया जाए लेकिन ओबीसी वर्ग के आरक्षण को तत्काल बहाल किया जाए।

मोहन मरकाम ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की एक भी सीट ओबीसी के लिए आरक्षित नहीं है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में भी ओबीसी वर्ग के आरक्षण में कटौती हो गई है। पूर्व मंत्री ने कहा- कांग्रेस सरकार के समय 2019-20 में जब जिलों की संख्या 27 थी तब अनुसूचित जनजाति के लिए 13, अनुसूचित जाति के लिए 3, ओबीसी के लिए 7 तथा सामान्य वर्ग के लिए 4 जिला पंचायत सीटें आरक्षित थीं। भाजपा सरकार ने षड्यंत्र पूर्वक इसमें कटौती कर दी है। अब जिलों की संख्या 33 हो गई है लेकिन ओबीसी का आरक्षण 7 से घटकर शून्य हो गया। प्रदेश की सभी जिला पंचायत एवं जनपदों में जहां पहले 25 प्रतिशत सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हुआ करती थीं, अब अनुसूचित क्षेत्रों में ओबीसी आरक्षण लगभग खत्म हो गया है। साय सरकार द्वारा आरक्षण प्रक्रिया के नियमों में किए गए दुर्भावनापूर्वक संशोधन के बाद अनुसूचित जिले, शहर और ब्लॉकों में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य और पंचों का जो भी पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित था, अन्य वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। पहले ओबीसी को धोखा दिया, अब सामान्य वर्ग को ठगने जा रहे हैं। जब पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ विरोध हो रहा है तब कह रहे कि अनारक्षित वर्ग की आधा सीटों में पिछड़ा वर्ग को लड़ाएंगे। पहले तो पिछड़ों के संवैधानिक अधिकार में डाका डाला, अब जले पर नमक छिड़क रहे। अनारक्षित सीटों में तो सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी कोई भी लड़ सकता है और जहां पर जैसी परिस्थिति होती है लोग लड़ते भी है, इसमें भाजपा क्या अहसान कर रही? भाजपा का अहसान नहीं बाबा साहब के संविधान द्वारा दिया गया आरक्षण का अधिकार चाहिए प्रदेश की साय सरकार को ओबीसी वर्ग आरक्षण तत्काल बहाल करना चाहिए। प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष उदयनाथ जेम्स, पार्षद रशीद खान, संजय पाणिग्रही, रविशंकर तिवारी, महामंत्री जाहिद हुसैन, कोषाध्यक्ष असीम सुता, अफरोज बेगम, आकिब रजा, हेमंत कश्यप, उस्मान रजा, शादाब अहमद आदि मौजूद रहे।

MOST POPULAR

HOT NEWS