City Media - Page 421 of 1852 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 421

सुकमा थाना क्षेत्र में बाहर से आकर रह रहे 15 संदिग्ध गिरफ्तार, की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

0
  •  संदिग्धों ने थाने में नहीं करवाई थी मुसाफिरी दर्ज
  • तस्दीक के लिए उनके निवास क्षेत्र के थानों को भेजा जाएगा पत्र

अर्जुन झा-

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिला मुख्यालय में पुलिस ने 15 संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए लोग खुद को उत्तरप्रदेश का निवासी बता रहे हैं। पुलिस उनके गृहक्षेत्र की पुलिस से इसकी तस्दीक करने में जुट गई है।

सुकमा जिला वैसे भी संवेदनशील जिला है और ऐसे में वहां बाहर से आकर गुपचुप तरीके से रहने वाले अनजान लोगों से खतरा और भी बढ़ जाता है। थानों में बिना मुसाफिरी दर्ज कराए संदिग्ध लोगों के घूमने और क्षेत्र में लगातार चोरी एवं अन्य घटनाएं होने के कारण पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण (आईपीएस) द्वारा संदिग्ध लोगों की चेकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार एसडीओपी सुकमा परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में 16 अगस्त को संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान 15 लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनमें पवन सिंह पिता चंद्रपाल सिंह 28 वर्ष निवासी सरिता विहार नई दिल्ली, अंसार अली पिता सागर अली 0 वर्ष ग्राम छपरौली थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश, आरिफ कुरैशी पिता नफीस कुरेशी 39 वर्ष ग्राम टांडा जिला बागपत उत्तरप्रदेश, जुनैद खान पिता नसीम खान 20 वर्ष निवासी ग्राम बेगी नगर थाना गंगो सहारनपुर उत्तरप्रदेश, एहसान अली पिता खुर्शीद 44 वर्ष निवासी ग्राम कोटाना थाना बड़ौत जिला बागपत उत्तरप्रदेश,

मतलूब अली पिता अशरफ 32 वर्ष, अरशद अली पिता अशरफ अली 40 वर्ष निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश, शकील कुरैशी पिता वहीद 50 वर्ष निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश, सलीम अहमद पिता अतीक अहमद 42 वर्ष निवासी ग्राम दरबार खुर्द कैराना जिला शामली उत्तरप्रदेश, ताहिर पिता सत्तार अली 40 वर्ष निवासी दरबार खुर्द कैराना जिला शामली उत्तरप्रदेश, सावेज अली पिता अरशद अली 19 वर्ष निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश, शमन खान पिता गूदा खान 23 वर्ष निवासी नगलाराय थाना कैराना जिला शामली उत्तरप्रदेश, जावेद अली पिता अशरफ अली 22 वर्ष निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश, युनूस कुरैशी पिता हारून कुरैशी 28 वर्ष निवासी ग्राम टांडा थाना छपरौली जिला बागपत उत्तरप्रदेश और फरजंद पिता जाहिर 21 वर्ष निवासी ग्राम कोटाना थाना बड़ौत जिला बागपत उत्तरप्रदेश शामिल हैं। ये सभी संदिग्ध हालत मे घूमते पाए गए। इन्होंने थाना सुकमा में मुसाफिर दर्ज नही कराई थी और ना तो थाने में कोई सूचना दी थी। ये सभी विगत दो-तीन माह से थाना सुकमा क्षेत्र में रह रहे थे। पूछताछ करने पर यह लोग पुलिस से वाद विवाद करने लगे। क्षेत्र में शांति कायम रखने हेतु सभी को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सुकमा जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति घूमते दिखे तो उनकी सूचना अपने नजदीकी थाना में दें। यदि आपके घर पर कोई किरायेदार है तो थाने से उसका वेरीफिकेशन करवा कर थाना में सूचना देकर ही किराए पर रखें अन्यथा कभी भी कोई गंभीर घटना घट सकती है।

भाजपा नेत्री गीता मिश्रा ने पेश की मानवता की मिसाल

0

नगरनार एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत एल एंड टी कंपनी के प्राइवेट कांट्रेक्टर शशि इंफ्रा प्रोजेक्ट में काम कर रहे बिहार के कर्मचारी गुप्तेश्वर राम की आकस्मिक मृत्यु हो गई। भारतीय जनता पार्टी की नगरनार मंडल की महिला मोर्चा एवं एचएसएम यूनियन की अध्यक्ष गीता मिश्रा के अथक प्रयासों से तत्काल मृतक के परिवार को एक लाख रुपए एल एंड टी द्वारा क्रियाकर्म के लिए दिलवाए गए हैं। अजनबी और बाहर के लेबर के लिए इस तरह की तत्परता के साथ खड़े रह कर कार्य करना समाज के लिए गीता मिश्रा की इंसानियत की मिसाल को दर्शाता है। इस पूरी प्रकिया के दौरान एल एंड टी के अधिकारी सिद्धार्थ कुमार और खिरौद साहूकार एवं शशि इंफ्रा के कर्मचारी भी उपस्थित थे।

कब जागेगा प्रबंधन?

इधर यह बताना भी जरूरी है कि एनएमडीसी नगरनार प्रबंधन शुरू से ही अपने कर्मचारियों और संयंत्र प्रभावित गांवों के ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करता आ रहा है। संयंत्र में दुर्घटना हो जाने पर हताहत कर्मचारियों के उपचार की कोई व्यवस्था एनएमडीसी प्रबंधन ने नहीं की है, जबकि भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को हर प्लांट में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रहा है। भिलाई का सेक्टर -9 हॉस्पिटल पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों की सेवा करता आ रहा है। एनएमडीसी प्रबंधन ने नगरनार में स्टील प्लांट स्थापना के दौरान मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और स्कूल खोलने की बात कही थी। स्टील प्लांट में अक्सर हादसे होते रहते हैं और घायलों को उपचार के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज या महारानी हॉस्पिटल भेजना पड़ता है। बीते दिनों नगरनार प्लांट में विस्फोट हुआ था, जिसमें चार कर्मचारी झुलस गए थे, उन्हें भी इलाज के लिए जगदलपुर भेजा गया था। बिहार का यह कर्मचारी भी हादसे का शिकार हुआ था। अगर नगरनार में ही उसे तुरंत इलाज की सुविधा मिलती तो शायद उसकी जान बच जाती। प्रबंधन की लापरवाही से ऐसे हादसे होते रहते हैं, लेकिन क्षेत्र में बीजेपी महिला मोर्चा की जागरूक अध्यक्ष गीता मिश्रा की सक्रियता के कारण हमेशा ऐसे पीड़ितों को मदद मिल जाती है।

रेल मंत्रालय ने बचेली- गढ़चिरोली व्हाया बीजापुर रेल लाईन के सर्वे व डीपीआर को दी हरी झंडी: सांसद महेश कश्यप

0
  • बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ली पत्रवार्ता, कहा- मोदी है तो मुमकिन है
  • बस्तर सांसद महेश कश्यप ने प्रधानमंत्री व रेलमंत्री के प्रति जताया आभार
  • बस्तर में रेल सुविधाओं के लिये भाजपा सरकार है संकल्पित : महेश कश्यप

जगदलपुर बस्तर के हितों से जुड़े मुद्दों को दिल्ली तक पहुंचाने वाले सांसद महेश कश्यप के प्रयासों को केंद्र से हरी झंडी मिलना प्रारंभ हो गई है। केंद्रीय रेल मंत्रालय ने बचेली टू गढ़चिरौली व्हाया बीजापुर रेल लाइन के सर्वे व डीपीआर को मंजूरी दे दी है। सांसद महेश कश्यप ने आज शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आहूत पत्रवार्ता में बस्तर में रेल सेवाओं में निरंतर हो रहे विस्तार की जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। महेश कश्यप ने कहा कि विगत दिनों दिल्ली में मैंने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव सहित अन्य मंत्रियों से मुलाकात की थी। रेलमंत्री को बस्तर के कई विषयों को ले कर ज्ञापन भी सौंपा गया था। बस्तर से जुड़े विषयों को गम्भीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय ने दक्षिण बस्तर को रेल लाइन से जोड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है। अब सुदूर आदिवासी ज़िला बीजापुर भी रेलवे लाइन से जुड़ेगा। केंद्र सरकार द्वारा कोरबा से अंबिकापुर रेलवे लाइन को भी मंज़ूरी दी गई है। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के फ़ायदे साफ़ नज़र आ रहे हैं। अब बीजापुर भी तेज़ी से विकास की पटरी पर दौड़ेगा। महेश कश्यप ने कहा कि रेल मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ में दो नई रेलवे लाइनों को मंज़ूरी दी है। इनमें से एक नई रेलवे लाइन महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से छत्तीसगढ़ के बचेली तक, जो बीजापुर से होकर गुज़रेगी, 490 किलोमीटर की होगी। दूसरी 180 किलोमीटर की रेलवे लाइन कोरबा से अंबिकापुर के बीच शुरू होगी, जिनके सर्वे और डीपीआर निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 16.75 करोड़ रुपये की राशि मंज़ूर की गई है। बस्तर संभाग को केंद्र से मिली इस सौगात के लिए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्र सरकार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बस्तर में रेल सुविधाओं का अधिकाधिक विस्तार हो, यह बस्तर के तीव्र विकास के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार बस्तर की बेहतरी के लिए गंभीर है।बस्तर में रेल लाइन सुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए सतत प्रयासों को केंद्र सरकार से सहमति स्वीकृति अविलंब प्राप्त हो रही है।

बस्तर सांसद कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य मंत्री व नेताओं द्वारा भी छत्तीसगढ़ सहित बस्तर के विकास व रेल लाइन के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को समय समय पर अवगत कराया गया है। केंद्र में बैठी नरेंद्र मोदी की सरकार ने जनता के हित मे लगातार कार्य किया है। नई रेल लाईन अब बस्तर के एक छोर से महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओड़िशा, आंध्रप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ेगी। दूसरे राज्यो से कनेक्टिविटी अच्छी होने पर क्षेत्र का विकास भी तेजी से बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ के विकास के लिए गंभीरता से सोचने वाले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री के प्रति बस्तर सांसद ने आभार व्यक्त किया है। राज्य सरकार व भाजपा प्रदेश हाईकमान का भी सांसद महेश कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापित किया।पत्रवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, बैदूराम कश्यप, योगेंद्र पाण्डेय, श्रीधर ओझा, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, नरसिंह राव, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र बाजपेयी, आलोक अवस्थी, संग्राम सिंह राणा, मनीष पारेख, आनंद झा, पप्पू चालकी, अभिषेक तिवारी, सतीश बाजपेयी, सुरेश कश्यप आदि मौजूद रहे।

बस्तर डीएफओ ने छात्रावास में बच्चों के साथ बनाया जन्मदिन

0
  • डीएफओ उत्तम गुप्ता ने जन्मदिन पर बच्चों को कराया न्यौता भोज

जगदलपुर साल में एक बार आने वाला जन्मदिन हर किसी के लिए बेहद खास होता है और हर कोई इसे उत्सव के रूप में मनाने का प्रयास करता है। इसी क्रम में बस्तर वन मंडल के डीएफओ उत्तम कुमार गुप्ता ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय दरभा में छात्राओं के साथ अपना जन्मदिन मनाया और वहां की 100 छात्राओं को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत न्यौता भोजन कराया।

इस अवसर पर डीएफओ गुप्ता ने बच्चों को अच्छे से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने और सामाजिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए लेकर प्रेरित किया।

गुप्ता ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत छात्रावास परिसर में बच्चों के साथ पौधों का रोपण भी किया। इस दौरान डीएफओ श्री गुप्ता ने बच्चों को पर्यावरण के लिए पेड़ों का महत्व समझाते हुए उन्हें अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करने प्रेरित भी किया। कार्यक्रम में वन विभाग तथा छात्रावास के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित थे।

नक्सली हिड़मा के अपनों को ही मार डाला नक्सलियों ने

0
  • गांव में कैंप खुलने से बौखलाए नक्सलियों ने की मासूम छात्र की हत्या
  • हफ्तेभर पहले मार डाला था छात्र के बड़े भाई को

-अर्जुन झा-

जगदलपुर हमारा देश वसुधैव कुटुंबकम यानि सारा विश्व एक परिवार की अवधारणा का पक्षधर रहा है। वहीं हमारे छत्तीसगढ़ के गांवों में तो पूरे गांव के लोग एक परिवार की तरह रहने, एक दूसरे के सुख दुख में साथ देने का काम करते हैं, मगर नक्सलियों को इस सामाजिक तानेबाने पर शायद यकीन नहीं है। यही वजह है कि कुख्यात नक्सली हिड़मा के गांव के एक मासूम छात्र को नक्सलियों ने मौत के घाट उतार दिया है। इसके हफ्तेभर पहले इस छात्र के बड़े भाई को भी नक्सलियों ने मौत की नींद सुला दी थी। ये दोनों भाई भले ही हिड़मा के सगे संबंधी नहीं रहे होंगे, मगर गांव के चलन के मुताबिक छोटे भाई, भांजे अथवा भतीजे जरूर रहे होंगे। क्या अपनों के कत्ल से हिड़मा का दिल नहीं पसीजा होगा, अंतर आत्मा नहीं कांप उठी होगी, या फिर उसकी जमीर मर चुकी है?

पुलिस के मोस्ट वांटेड कुख्यात नक्सली हिड़मा के गांव पूवर्ती में सुरक्षा बल का कैंप स्थापित किए जाने और एक के बाद एक नक्सलियों के मारे जाने एवं लगातार उनके आत्मसमर्पण से नक्सली बौखला उठे हैं और इसी बौखलाहट में वे निरीह आदिवासियों की निर्मम हत्याएं करने लगे हैं। यहां तक कि मासूम बच्चों की भी हत्या करने से वे बाज नहीं आ रहे हैं। नक्सलियों ने मंगलवार को 17 वर्षीय स्कूली छात्र सोयम शंकर को मार डाला। इससे एक सप्ताह पहले इसी गांव में सोयम शंकर के भाई सोयम सीताराम को भी नक्सलियों ने मार डाला था। सोयम शंकर पालनार में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी भाभी का निधन हो गया था और उसके अंतिम कर्म में शामिल होने पूवर्ती आया था। पूवर्ती से पालनार लौटते समय नक्सलियों ने शंकर दौड़ा दौड़कर मार डाला। एक गरीब आदिवासी बेटा चीखता चिल्लाता रहा, अपनी जान की भीख मांगता रहा, मगर नक्सलियों को उस पर जरा भी तरस नहीं आई। एक सप्ताह में एक ही परिवार के दो सगे भाईयों को जान से मार डालने की घटना के बाद उनके पिता सोयम धुड़वा ने परिवार सहित गांव छोड़ दिया है। एसपी किरण चव्हाण ने घटना की पुष्टि की है। नक्सलियों के आधार क्षेत्र में सुरक्षा बल के लगातार बढ़ती पैठ, ग्रामीणों के मन में पुलिस और सुरक्षा बलों के प्रति बढ़ते अपनत्व भाव ने नक्सलियों की नींद उड़ा दी है। नक्सली अब अपना आधार बचाने निर्दोष ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं।

कर देंगे जड़ से खात्मा

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस से 48 घंटे पहले 16 वर्षीय स्कूली छात्र की हत्या कर नक्सली क्षेत्र में अपना वर्चस्व दिखाना चाह रहे हैं, पर नक्सलियों के कुत्सित इरादों को ध्वस्त कर दिया जाएगा। जनवरी से लेकर अब तक बस्तर में सुरक्षा बलों ने 100 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया है, इस बौखलाहट में अब नक्सली ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। सुरक्षा बल नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देने तैयार हैं और शीघ्र ही नक्सलियों का समूल सफाया कर दिया जाएगा।

दौड़ा दौड़कर मारा छात्र को

सात दिन पहले सोयम धुड़वा की बहू की मृत्यु हुई हो गई थी। धुड़वा का बेटा सोयम शंकर पालनार स्थित अपनी चाची के घर में रहकर पढ़ाई कर रहा था और भाभी के मृत्यु संस्कार में सम्मिलित होने के लिए पूवर्ती गांव आया हुआ था। अंतिम कार्यक्रम निपटने के बाद सोयम शंकर वापस पालनार लौट रहा था। इसी दौरान पूवर्ती और टेकलगुड़ा के बीच नक्सलियों ने शंकर को घेर लिया और उसे दौड़ा -दौड़ाकर जान से मार दिया। ग्रामीणों ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा है कि पुलिस मुखबिरी का झूठा आरोप लगाकर निर्दोष आदिवासी बच्चों को नक्सलियों ने मारा है।

ये कैसे आदिवासी हितैषी

नक्सली खुद को आदिवासियों का परम हितैषी बताते हैं। जल, जंगल, जमीन का हक आदिवासियों को दिलाने की लड़ाई लड़ने की बात कहते हैं। दूसरी ओर निरीह आदिवासियों और उनके मासूम बच्चों को लगातार मौत के घाट उतारते चले जा रहे हैं। नक्सली खुद तो तेंदूपत्ता ठेकेदारों और निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों से लेव्ही वसूल कर अपना घर भर रहे हैं और गरीब आदिवासियों के घर का चिराग बुझा रहे हैं। नक्सली नेता हिड़मा खुद आदिवासी है। क्या उसे यह सब नहीं दिखता? सोयम शंकर और सोयम सीताराम हिड़मा के गांव पूवर्ती के ही गरीब आदिवासी बच्चे थे। सोयम सीताराम और सोयम शंकर भले ही हिड़मा के सगे रिश्तेदार नहीं रहे होंगे, मगर गांव की परंपरा के अनुसार वे हिड़मा के छोटे भाई, भतीजे या भांजे जरूर रहे होंगे। एक मासूम छात्र की निर्मम हत्या से क्या हिड़मा के दिल में थोड़ा भी दर्द नहीं उठा होगा, या फिर वह भी बाहरी नक्सलियों के रंग में रंग गया है?

मृत बकरे ने करा दी महाभारत

0
  • मरे बकरे को खरीदने मरने मारने पर उतारू हुए ग्रामीण

अर्जुन झा

डौंडी एक मरे बकरे को लेकर ग्रामीणों के बीच महाभारत छिड़ गया, ग्रामीण मरने मारने तक पर आमादा हो गए थे। मामला डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम चिहरो के मंडलपारा मोड़ का है।

दरअसल मंडलपारा मोड़ पर 100 से अधिक बकरे और बकरियों से भरा माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ग्यारह बकरे बकरियों की मौत हो गई। वहीं माजदा में सवार तीन लोगों में से दो लोग घायल हो गए, जिन्हें आमाडुला के स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया ।

मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार 16 अगस्त को वाहन क्रमांक सीजी 24पी 5459 में एक बकरा व्यवसायी 100 से अधिक बकरे और बकरियों को दल्ली राजहरा से विशाखापट्टनम ले जा रहा था। डौंडी थाना अंतर्गत ग्राम चिहरो के आगे मंडलपारा मोड़ पर शाम चार बजे के आसपास अनियंत्रित होकर माजदा वाहन पलट गया। इस घटना में एक बकरे और दस बकरियों ने घटना स्थल पर ही दम तोड दिया और माजदा में सवार तीन व्यक्तियों में से दो को चोट आने के कारण आमाडुला स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मरे बकरे को खरीदने को लेकर ग्रामीण मरने मारने पर उतारू हो गए। ग्रामीण मैं लूंगा, मैं लूंगा कहकर घंटो लड़ते रहे। इस घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को लगी तो सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। जहां पर मालिक द्वारा मरे बकरे और बकरियों को बेचता देख मरी हुई दस बकरियों को खरीदने के लिए तो ग्रामीणों में कोई विवाद नही हुआ लेकिन एक इकलौते मरे हुए बकरे को खरीदने के लिए ग्रामीण मरने मारने पर उतारू हो गए और मैं लूंगा, मैं लूंगा कहकर आपस में ही विवाद करने लगे और घंटो तक घटना स्थल पर हंगामा होता रहा। जिसे देख वहां पर एक अजब गजब सा माहौल बन गया। वहीं इस घटना पर किसी के खिलाफ अभी तक मामला पंजीबद्ध नही किया गया है।

शिरोमणि माथुर की रचनाओं में छुपा है जीवन का यथार्थ: विनय कुमार पाठक

0
  •   शिरोमणि माथुर की तीन कृतियों और इंद्र बहादुर की दो रचनाओं का विमोचन

दल्लीराजहरा हस्ताक्षर साहित्य समिति दल्ली राजहरा द्वारा 13 अगस्त को नगर के माथुर सिनेप्लेक्स में आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिरोमणि माथुर (दल्ली राजहरा) की कृतियां कहानी संग्रह राहें, चलें गगन के पार और लाएं स्वर्ग धरा पर, मुंबई के साहित्यकार इंद्र बहादुर सिंह पवई की कृति भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में हासिये का समाज -संदर्भ चलें गगन के पार और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को डॉ. शिरोमणि माथुर का प्रदेय का विमोचन हुआ। कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. विनय कुमार पाठक कुलपति थावे विद्यापीठ गोपालगंज के कुलपति एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक थे। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. इंद्र बहादुर सिंह मुंबई, देवलाल ठाकुर प्रदेश प्रवक्ता भाजपा छग, इदरीश गांधी अध्यक्ष उर्दू अकादमी छग, मोहन प्रसाद चतुर्वेदी वरिष्ठ साहित्यकार गुरुर, दादूलाल सोनी वरिष्ठ साहित्यकार सोमनी राजनांदगांव, सुमीत जैन एमडी देव माइनिंग दल्ली राजहरा, जीआर रावटे चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग बस्तर जोन, पीयूष सोनी पूर्व मंत्री प्रतिनिधि व छगन साहू प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा थे। अतिथियों के साथ मेजबान साहित्यिक बिरादरी की ओर से शिरोमणि माथुर ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर समारोह का शुभारम्भ किया। मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों ने पहले वरिष्ठ साहित्यकार शिरोमणि माथुर की तीनों नवीन कृतियों, फिर मुंबई के वरिष्ठ साहित्यकार इंद्र बहादुर सिंह की दोनों रचनाओं का विमोचन किया। संयोग देखिए कि इंद्र बहादुर सिंह की दोनों रचनाएं भी शिरोमणि माथुर की एक कृति और उनके साहित्यक योगदान पर आधारित थीं। इंद्र बहादुर सिंह ने शिरोमणि माथुर की कलम की धार को सराहते हुए कहा कि आज की पीढ़ी के रचनाकारों को शिरोमणि माथुर की रचनाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिरोमणि जी की रचनाओं में जीवन का यथार्थ, गांव, गरीब, मजदूर, किसान और नारी का दर्द छुपा हुआ है। इनकी कहानियां दिल की गहराई में उतर जाती हैं। अन्य साहित्यकारों ने भी शिरोमणि माथुर की कृतियों व लेखन शैली को सराहा। विमोचन उपरांत कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ तथा बाहर से आमंत्रित कवियों ने बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच उत्कृष्ट रचनाओं से आयोजन स्थल को जोश और उल्लास से भर दिया।

बचेली में इंटक ने किया पूर्व सैनिकों का सम्मान

0

बचेली मजदूर संगठन मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन(इंटक) ने 78वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्सोल्लास से मनाया। इंटक सदन में सदस्यों व नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में 15 अगस्त को संस्था के सेवानिवृत्त सदस्य अशोक कुमार दीक्षित द्वारा ध्वजारोहण किया गया। पश्चात बच्चों और आमजनों को मिष्ठान वितरण किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए देशभक्ति पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजित की गई। तीन वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

संध्या एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम के माध्यम से देश की आज़ादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले परम वीर चक्र से सम्मानित शहीदों की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इंटक ने भूतपूर्व सैनिकों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन भी किया। कार्यक्रम में पधारे भूतपूर्व सैनिकों को मजदूर संगठन इंटक द्वारा शॉल और श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों ने कर्तव्य क्षेत्र के आपने अनुभव बच्चों के साथ बांटते हुये सदैव देशहित मे कार्य करने की नसीहत दी। भूतपूर्व सैनिकों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। स्थानीय कलाकारों ने देशभक्ति गीतों पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। बड़ी संख्या में इंटक के सदस्यों, महिलाओं और बच्चों ने उपस्थिति दर्ज कराई।भूतपूर्व सैनिक दिनार्थो पान, रोजरिया विक्टर, सुशांत मिस्त्री, लल्लन प्रसाद, आलोक मोहंती, सुजीत मुखर्जी को सम्मानित किया गया।

शहर में मलेरिया और डेंगू के प्रकोप को देखते हुये, सिटी मजिस्ट्रेट को सौपा ज्ञापन

0

दल्लीराजहरा :- भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं सदस्यों के द्वारा राजहरा शहर में बढ़ते हुए मलेरिया और डेंगू के प्रकोप को देखते हुए सुरक्षा के उपाय करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया l जिसमें कहा नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के बी.एस.पी. टाउनशिप क्षेत्र, बस्ती क्षेत्रों एवं रेल्वे के क्षेत्रों में बरसात के पानी के जमाव हो जाने एवं गंदगी व मवेशियों के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। जिससे डेंगू एवं मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पीड़ितों को बेहतर उपचार के लिये शहर से बाहर जाना पड़ रहा है जिससे पीड़ितों को शारीरिक, आर्थिक एवं परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 


मंडल अध्यक्ष राकेश द्विवेदी ने सिटी मजिस्ट्रेट से अनुरोध किया की नागरिकों के बचाव के लिये स्वास्थ्य विभाग, रेल्वे विभाग, बी.एस.पी. एवं नगर पालिका परिषद को निर्देशित कर उनको सफाई व्यवस्था करने, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने हेतु जागरूकता अभियान चलाने के लिये सकारात्मक कार्य करवायें।

ज्ञापन सौंपने वालों में महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती शीतल नायक जिला मंत्री राजेश दसोडे़, महामंत्री महेंद्र सिंह , महामंत्री मदन माइती जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष किरण सिंन्हा जन भागीदारी अध्यक्ष बॉबी छात्रवाल , पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश जायसवाल , महेंद्र पिपरे , रमेश गुर्जर नगर मंत्री निलेश श्रीवास्तव , विश्व हिंदू परिषद जिलामंत्री शंकर साहू मंडल, कोषाध्यक्ष रमेश जैन,गिरधर सिंह, राजकुमार गुप्ता, बिरेंद्र साहू, अधिवक्तागण इसराइल शाह,जितेंद्र भट्ट, सैलेस्टी डिसूजा इनके अलावा भाजपा के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे l

आक्रोश रैली निकालकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल भाइयों ने फूंका इस्लामिक जिहादियों का पुतला

0

डौंडी -बांग्लादेश में हिंदू धर्म के अनुयायियों के साथ हो रहे खुलेआम अत्याचार,दुष्कर्म,तोड़फोड़ के विरोध में बालोद जिला के आदिवासी ब्लाक मुख्यालय डौंडी में जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता के नेतृत्व में पहली बार हिंदू समाज द्वारा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के बैनर तले आक्रोश व मशाल रैली निकालकर इस्लामिक,जिहादियों का पुतला दहन किया गया। और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम स्थानीय तहसीलदार हिंसा राम नायक को ज्ञापन सौंपा गया। दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पूरा देश अपील कर रहा है कि बांग्लादेश में हो रहे नरसंहार पर तत्काल रोक लगाने ठोस कदम उठाए जाय। बांग्लादेश के साथ सभी तरह के व्यापारिक गतिविधियों व आर्थिक सहयोग पर प्रतिबंध लगाया जाय। यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल यूरोपीय यूनियन और मानवाधिकार संगठनों में मुद्दे उठाकर बांग्लादेश पर दबाव बनाया जावे।

एक ठोस रणनीति बना बांग्लादेश सहित पूरे विश्व में बसे हिंदुओं और सनातनियों की स्तिथि पर नजर रखी जाय व विकट परिस्थितियों में उचित सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करवाई जाए। बांग्लादेशी हिंदुओं और सनातनियों को भारत देश में शरण दी जाय। रोहिज्ञाओं और अवैध रूप से देश में घुसपैठ करने वालो पर कड़ी कारवाई की जाय।धर्मांतरण एवम मतांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाय। समान नागरिक संहिता कानून लागू किया जाए। इससे पूर्व आक्रोश रैली सर्वप्रथम जलते मशाल लेकर गांधी चौक से आतंकवाद मुर्दाबाद,बांग्लादेश में हिंदू समाज पर अत्याचार बंद करो,भारत सरकार हस्तक्षेप करो,हिंदू समाज एक हो, हिंदू समाज जागेगा,इस्लामिक जिहादी भागेगा,जैसे विभिन्न नारों के साथ बाजार मार्ग होते हुए दुर्गा चौक मुख्य मार्ग पहुंची। जहां हिंदू एकता मिशाल कायम करते हुए आवाज बुलंद की गई। पुतला दहन कार्यक्रम में आदिवासी जिला समाज प्रमुख देवेंद्र माहला ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू धर्म के अनुयायियों के साथ खुलेआम अत्याचार,कत्लेआम हो रहा है। जिससे भारत देश के हिंदू काफी चिंतित हैं। वहां हिंदू धर्म की रक्षा नही होती है तो आज हिंदू समाज आदिवासी ब्लाक में विरोध प्रदर्शन कर रहे है, जरूरत पड़ी तो आगे दिल्ली और बांग्लादेश जाकर रोड की लड़ाई लड़ेंगे।नगर पंचायत अध्यक्ष सोमेश सोरी ने कहा कि हिंदू समाज के साथ शोषण,अत्याचार,बलात्कार हो रहा है।

भारत सरकार को इसमें हस्तक्षेप कर सयुक्त राष्ट्र महासभा में बोलना चाहिए और हिंदू समाज की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने कहा कि आज बनवासी भूमि से हिंदू समाज की इस्लामिक जिहादियों को खुली ललकार है। यह ललकार बांग्लादेश के साथ भारत के प्रधानमंत्री,राष्टपति तक पहुंचना चाहिए कि वर्तमान घटनाक्रम दूसरा है। राजनीतिक घटनाक्रम मामले में हिंदू समाज के ऊपर पूरा घटनाक्रम मामले को लेकर अत्याचार के रूप में किया जा रहा है वो इस्लामिक है। बांग्लादेश में उनको खुलेआम मारा जा रहा है।कन्हैयालाल की हत्या की


गई,बहनों का अस्मत लुटा गया। ऐसे इस्लामिक,जिहादियों,विधर्मियोका हिंदू समाज कड़ी निंदा करते है। उन्होंने सर्व हिंदू समाज से आह्वान किया कि जाति पाती पंत को भुलाकर हिंदू मन,हिंदू तन,रखकर एकता बनाकर रखे और हिंदू धर्म को मजबूती प्रदान करें। युवा ह्रदय सम्राट धर्म रक्षक समाजसेवी संजय बैस ने कहा कि भारत देश में हिमालय पर्वत से लेकर हिंद सागर तक। भारत देश या विश्व के किसी भी देश पर यदि हिंदू समाज के साथ अत्याचार होगा तो भारत का हिंदू समाज सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा और विश्व हिंदू परिषद जिहादी ताकतों का मुंहतोड़ जवाब देगा। जिसके बाद इस्लामिक जिहादी ताकतों का प्रतिकात्मक रूप का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन कार्यक्रम की अगुवाई डौंडी विहिप सोमेश साहू और बजरंग दल प्रमुख निखिल अग्रवाल ने की। पूरे कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद बालोद जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता,जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल,ओम गोलछा,कोषाध्यक्ष स्वाधीन जैन,सोमेश साहू,प्रेम शुक्ला,शिवम सोनी, अजय चौहान, शुभ सिंह कोरेटी, दिनेश अग्रवाल, हिंसा राम साहू, तेज राम साहू, गोरे लाल सोनी, प्रकाश साहू निलेश वैष्णव,निलेश दुबे, रामनारायण धनकर,पूनम कोठारी,रूपेश जैन,निलेश जायसवाल,लालचंद जैन,हेमंत तन्ना,दद्दू जायसवाल,दीपक जायसवाल,राधिका भारद्वाज,रजनी जायसवाल सहित सैकड़ों हिंदू भाई उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS