- बैज की गाड़ी को फॉलो गार्ड की गाड़ी ने मारी ठोकर
जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज शनिवार को सड़क हादसे में बाल बाल बच गए। जगदलपुर – रायपुर हाईवे पर बैज के वाहन के साथ दुर्घटना हो गई। दीपक बैज जिस वाहन में सवार थे, उसे उनके ही काफिले के एक अन्य वाहन ने ठोकर मार दी। बैज और अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पिसीसी चीफ दीपक बैज शनिवार को बस्तर से रायपुर के लिए निकले थे। कोंडागांव से पूर्व भूमका नाला के पास सामने आते हुए ट्रक को देखकर उनकी गाड़ी की रफ्तार धीमी हुई, जिसके बाद कोंडागांव की फॉलो गाड़ी ने अनियंत्रित होकर पीसीसी चीफ की गाड़ी को पीछे से ठोकर मार दी। शुक्र है की सामने से आ रहे ट्रक से गाड़ी टकराने से बच गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ज्ञात हो कि बस्तर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। उसके बाद भी सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही हुई। बैज के वाहन के साथ हादसा हो जाने की सूचना जैसे ही जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा के लोगों को मिली, लोग चिंता में पड़ गए। पूर्व विधायक रेखचंद जैन, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य व अन्य नेताओं ने दीपक बैज को फोन कर उनका हालचाल पूछा। लोहंडीगुड़ा स्थित बैज के गृहग्राम में भी सनसनी फैल गई थी। सबकुछ ठीक ठाक होने की जानकारी मिलने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
बाल बाल बचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज
मातारानी की प्रतिमा के साथ में निकली शोभायात्रा
- दंतेश्वरी मंदिर में देवी भागवत महापुराण कथा
जगदलपुर पुराणों में सर्वश्रेष्ठ पुराण देवी भागवत महापुराण है। इसके श्रवण से जहां प्राणी मां के अनंत आशीर्वाद का पात्र बनता है, वहीं जीवन में सुख, शांति और प्रतिष्ठा प्राप्त होती है। मां को प्रसन्न करना मतलब प्रकृति को प्रसन्न करना है।
उक्त बातें जिला पत्रकार संघ द्वारा मां दंतेश्वरी मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण के प्रथम दिवस पर महामाया धाम पाटन से पधारे आचार्य पंडित कृष्ण कुमार तिवारी ने कही। कथा प्रारंभ होने के पहले भगवान जगन्नाथ मंदिर से मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और तथा विभिन्न समाजों के लोग शामिल हुए। यह शोभायात्रा जगन्नाथ मंदिर से गोल बाजार चौक, मिताली चौक, पैलेस रोड होती हुई मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंची।
कथा स्थल में आज सबसे पहले मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। विभिन्न ग्रहों तथा देवी- देवताओं का आह्वान कर वेदी स्थापित की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। प्रथम दिवस की कथा समाप्ति के बाद मां दंतेश्वरी मंदिर से मां दुर्गा के नौ रूपों में से एक मां शैलपुत्री की पालकी निकाली गई। यह पालकी दंतेश्वरी मंदिर से सिरहासार चौक, गोल बाजार, पैलेस रोड होती हुई दंतेश्वरी मंदिर पहुंची। पालकी यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जयकारा लगाते हुए शामिल हुए। मां आरती पश्चात प्रसाद वितरित किया गया।
आज के कार्यक्रम
शनिवार 16 मार्च को दोपहर 3 बजे से महाकाली, महालक्ष्मी, मां सरस्वती, दुर्गा उत्पत्ति, सृष्टि उत्पत्ति कथा सुनाई जाएगी और नवरात्रि विधान नियम की विस्तृत जानकारी भक्तों को दी जाएगी।
जगदलपुर शहर के वार्ड अब नहीं रहेंगे प्यासे
जगदलपुर ग्रीष्म ऋतु को लेकर शहर के ड्राई जोन वार्डों में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने नगर निगम प्रशासन लगातार प्रयासरत है। नगर निगम ने शहर के ड्राई जोन वार्डों में नलकूप खनन के लिए विधायक किरण देव के समक्ष मांग रखी थी। विधायक किरण देव ने डीएमएफटी मद से शहर में 13 स्थानों पर नलकूप खनन की स्वीकृति दी थी। स्वीकृति मिलने के पश्चात नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर निगम के पीएचई विभाग ने तत्काल नलकूप खनन शहर में प्रारंभ कर दिया। निगम प्रशासन ने शहर के ड्राई जोन वार्डों को चिन्हांकित किया है। नगर का महाराणा प्रताप वार्ड सबसे ज्यादा ड्राई जोन वाला वार्ड है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण इस वार्ड में पानी की समस्या बनी रहती है। नगर निगम के प्रयास से नहर मुंडा पारा एवं माड़िया पारा में नलकूप खनन करने पर अच्छा पानी नलकूप से मिला है। अब पानी प्राप्त होने पर उन क्षेत्रों में पानी की समस्या नहीं होगी। नलकूप खनन सफल होने पर वार्डवासियों ने विधायक श्री किरण देव एवं निगम प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है ।
भाजपा के पास है मुद्दों का अभाव प्रोपोगंडा से जीतना चाहती है चुनाव : दीपक बैज
- गारंटी नहीं, मोदी देते हैं जुमलों पर जुमला : बैज
जगदलपुर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए डबल इंजन सरकार के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह प्रोपोगंडा के सहारे लोकसभा चुनाव में जीतने का सपना देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गारंटी के नाम पर फिर जुमलेबाजी पर उतर आए हैं। वही हाल भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेताओं का है।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज राजीव भवन जगदलपुर में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। लोकसभा चुनाव की रणभेरी शनिवार को बजने वाली है और इसके एक दिन पहले कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में कांग्रेस पार्टी के तीन न्याय को लेकर अपनी बात रखी। महिलाओं के लिए नारी न्याय, किसान के लिए किसान न्याय व युवाओं के लिए युवा न्याय को सामने रखा। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री, पुलिस व पुलिस परिवार सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का भगवान ही मालिक है। नगरनार के पुलिस अधिकारियों को चाकू की नोक पर डराया जाना इसका ताजा उदाहरण है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सवालिया लहजे में कहा कि मोदी की गारंटी पर जनता को भरोसा दिलाने की बजाय भारतीय जनता पार्टी पहले यह तय कर ले कि 2 करोड़ नौकरियां देने, महंगाई कम करने, काला धन वापस लाने, 15- 15 लाख देने की गारंटी जुमले में कैसे बदली?
182 लाख की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण का विधायक किरण देव ने किया भूमिपूजन
- जगदलपुर के विकास में नहीं होगी धन की कमी
जगदलपुर विधायक किरण देव ने शुक्रवार को शहर के दलपत सागर के पास राम मंदिर चौक पर बहुप्रतीक्षित 1.70 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर सफीरा साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय, पार्षद शंभू नाग, आलोक अवस्थी, नरसिंह राव, ललिता राव, विद्याशरण तिवारी, मनोहर दत्त तिवारी, रजनीश पाणिग्रही, आरेंद्र आर्य, अतुल कौशल, गोविंद ईनानी, श्रीपाल जैन, संजय चंद्राकर, अभिषेक तिवारी, मनमोहन उपस्थित थे। शहर की बहुप्रतिक्षित मांगों में से एक इस सड़क बनवाने की मांग लोगों ने जगदलपुर विधायक किरण देव से की थी। विधायक ने मांग के अनुरूप इस सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराकर आज विधिवत भूमिपूजन किया। राम मंदिर दलपत सागर चौक से पॉलीटेक्निक कॉलेज चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण कार्य का 182 लाख रुपए से किया जाएगा। सड़क की मांग क्षेत्रवासी कई वर्षों से करते आ रहे थे।

विधायक द्वारा जनता की मांग अनुरूप कार्य किए जाने पर क्षेत्र की जनता ने विधायक किरण देव को धन्यवाद ज्ञापित किया है। सड़क की मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है। ज्ञात हो इस सड़क के लिए क्षेत्र की जनता वर्षों से मांग करती आ रही थी, लेकिन उनकी मांग बरसों से पूरी नहीं हो पा रही थी। क्षेत्र की जनता ने इस बहुप्रतीक्षित सड़क की मांग जगदलपुर विधायक से की। जिस पर विधायक ने पहल करते हुए जनता की बरसों पुरानी मांग को पूरा करते हुए इस सड़क के निर्माण कार्य की स्वीकृति दिलाई है। इस दौरान विधायक किरण देव ने कहा कि क्षेत्र वासियों की बरसों पुरानी मांग आज पूरी हो रही है। 182 लाख की लागत से सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। सड़क निर्माण अपने तय समय में और गुणवत्ता के साथ होगा। देव ने कहा जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। हम लगातार जनता की मांग के अनुरूप विकास कार्य करा रहे हैं। विकास कार्य अनवरत जारी रहेगा, सरकार शहर के विकास के लिए वचनबद्ध है। हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। देव ने कहा कि हमने बनाया है हम ही सवारेगें के ध्येय के साथ विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के एसडीओ राजीव बत्रा व काफी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

आड़ावाल विधायक किरण देव ने लाखों के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
- भाजपा अपने सभी वादे निभा रही है : किरण देव
जगदलपुर विधायक किरण देव ने आड़ावाल पंचायत में विधायक निधि से बहुप्रतीक्षित लाखों के विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। भूमिपूजन के दौरान महामंत्री रामाश्रय सिंह, नगरनार मंडल अध्यक्ष सुब्रतों विश्वास, सरपंच जयंती कश्यप, योगेंद्र पांडे, जनपद सीईओ अमित भाटिया, निरंजन सिंन्हा, महेश जैन, अनिल लुक्कड़, रघु सेठिया, महेश सेठिया, राधेश्याम पेंद्रे, अभिषेक तिवारी उपस्थित थे। विधायक निधि से गोरिया बहार नाला के पास मुक्तिधाम में शेड निर्माण लागत 8. 90 लाख एवं आड़ावाल पंचायत के कुसुमपाल में 200 मीटर सीसी सड़क लागत 6.49 लाख के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक किरण देव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी के आशीर्वाद व स्नेह सदैव बना रहे। हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चहुमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। हमारी सरकार ने जो वादे किए थे, उन सभी वादों को पूरा कर रही है। आज आपकी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। आपके क्षेत्र में और जो भी कार्य रह गए हैं, उन्हें भी जल्द पूरा किया जाएगा। विकास कार्य अनवरत चलता रहेगा। गांव के शेष कार्य को भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वही भूमिपूजन कार्यक्रम में राशन कार्ड कभी वितरण किया गया। सुब्रतो विश्वास ने भी अपनी बात विधायक के समक्ष रखी। भूमिपूजन कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

सूरज सुखा रहा है, चूहे चट कर रहे हैं धान को, खरीदी प्रभारी हो रहे चिंता में दुबले
- अब तक खुले में पड़ा है हजारों क्विंटल धान
- नहीं हो रहा है उठाव, रोज घट रहा है धान का वजन
-अर्जुन झा-
जगदलपुर सूरज देवता अपना रौद्र रूप दिखाते हुए धान को तेजी से सुखा रहे हैं, चूहे भी चट कर रहे हैं, धान का वजन रोज घटता जा रहा है और खरीदी केंद्र प्रभारी चिंता में दुबले हुए जा रहे हैं। उनका भी वजन घटने लगा है। यह दास्तां है बस्तर संभाग के धान खरीदी केंद्रों की, जहां हजारों क्विंटल धान अभी भी खुले आसमान तले पड़ा है। भंडार गृहों और राइस मिलों तक इस धान को भेजने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा सकी है।
बस्तर संभाग के बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर व कोंडागांव जिलों में धान खरीदी से लेकर परिवहन तक लगातार अव्यवस्था हावी रही है। संभाग के खरीदी केंद्रों में आज भी हजारों क्विंटल धान उठाव के इंतजार में पड़ा हुआ है। खरीदी केंद्र प्रभारी खरीदी केंद्रों में जाम धान की सुरक्षा को लेकर तो चिंतित हैं ही, प्रचंड धूप और चूहों की बेशुमार फौज ने उनकी परेशानी को चौगुना बढ़ा दिया है। खरीदी केंद्रों में धान भरे बोरे यूं ही खुले में पड़े हैं। धूप के असर से धान बड़ी तेजी से सूखता चला जा रहा है। इससे धान का वजन कम हो रहा है। वहीं चूहे भी धान को न सिर्फ चट कर रहे हैं, बल्कि बर्बाद भी कर रहे हैं।

इनकी चिंता कौन करेगा?
बताते हैं कि सूखत और चूहों द्वारा की जा रही बर्बादी की वजह से प्रत्येक बोरी में 4 से 6 किलोग्राम तक धान का वजन कम हो गया है। अभी गर्मी के शुरुआती दिनों में ये हाल है तो आगे क्या होगा, अंदाजा लगाया जा सकता है। जब धान का वजन कम निकलेगा तो उसकी वसूली खरीदी केंद्र प्रभारियों से की जाएगी। इसे लेकर खरीदी केंद्र प्रभारी बड़े चिंतित हैं।धान खरीदी प्रभारी दो पाटों के बीच पिसते नजर आ रहे हैं। धान खरीदी के समय सभी अधिकारी, मीडिया कर्मी और किसान धान झुकती लेने पर केंद्र प्रभारियों पर उंगली उठाते रहे हैं कि ये लोग किसानों का धान ज्यादा तौलकर किसानों का शोषण और अपनी कमाई का जुगाड़ कर रहे हैं। मगर आज जब धान खरीदी केंद्र प्रभारियों पर बड़ी मुसीबत आन पड़ी है, तो उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। धान खरीदी बंद होने के बाद से कोई अधिकारी धान खरीदी केंद्र तक नहीं पहुंच रहा है।

प्रदेश महासचिव यशवर्धन राव का साथियों ने मनाया जन्मोत्सव
- जगदलपुर नगर निगम के अपराजेय योद्धा हैं राव
जगदलपुर छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी के महासचिव व अपराजेय पार्षद यशवर्धन राव के जन्मदिवस को साथियों ने धूमधाम से मनाया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव यशवर्धन राव जगदलपुर नगरीय निगम के अपराजेय योद्धा हैं। वे शहर के विभिन्न वार्डों से पांच बार पार्षद चुनाव में निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार संगठन में विभिन्न जिलों में कार्य किया है।
जगदलपुर नगर के केरला होटल चौक में प्रदेश महासचिव व पार्षद यशवर्धन राव के साथी जुटे और केक काटकर जन्मोत्सव की खुशी का इजहार किया। सभी साथियों ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। प्रदेश महासचिव यशवर्धन राव नगरीय निकाय जगदलपुर के अपराजेय योद्धा हैं जोकि वार्ड बदलने के बाद भी लगातार विजय हासिल करते आ रहें हैं। 1999 के चुनाव में पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड से निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद श्री राव का विजय रथ बदस्तूर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2004 से 09 व 2009 से 14 तथा 2014 से 19 तक बालाजी वार्ड से विजय श्री हासिल की। वे 2019 में प्रताप देव वार्ड से निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस दौरान पत्रकार अनुराग शुक्ला, विनोद नागरानी, पार्षद राजेश राय, सूर्या पानी, ललिता राव, आईटी सेल प्रदेश महासचिव योगेश पाणिग्रही, कांग्रेस नेता जफर अली, धीरज पटेल, विक्की निषाद, गौरव तिवारी, गणेश सेठिया छोटे कवाली, बिन्नू नागरानी व समेंद्र चौहान मौजूद थे।
जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का जल्द हो शुभारंभ : लक्ष्मण झा
- सभी रोगों के डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए : झा
जगदलपुर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का एक दिवसीय प्रवास जगदलपुर में 14 मार्च को हुआ। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता एवं प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख
डिमरापाल को जल्द से जल्द शुरू कराने एवं स्व. बलिराम कश्यप चिकित्सा महाविद्यालय में डॉक्टरों की नियुक्ति, संविदा डॉक्टरों की वेतन की वृद्धि एवं बस्तर में एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने की मांग की। जिससे कि बस्तर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। मंत्री जायसवाल ने आश्वासन दिया कि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ हो जाएगा। उन्होंने बस्तर की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का भरोसा दिया ज्ञापन सौंपते समय पंकज आचार्य बस्तर संभाग प्रभारी, प्रभात चौहान, सुरेश, रोशन, योगेश मिश्रा एवं अन्य उपस्थित थे।
हिड़पाल में गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष, महेश कश्यप ने भरी हुंकार
- अंदरूनी इलाकों में पहुंचे भाजपा प्रत्याशी कश्यप
जगदलपुर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी महेश कश्यप ने गुरुवार को अंदरूनी इलाकों में जनसंपर्क दौरा किया। बारसूर क्षेत्र के हिड़पाल पहुंचकर सामाजिक संगठन के कार्यकम में प्रत्याशी महेश कश्यप शामिल हुए। महेश कश्यप का हिड़पाल पहुंचने पर हजारों की संख्या में समर्थकों व क्षेत्रवासियों ने प्रारम्परिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के घोष से क्षेत्र गूंजता रहा।

ग्रामीणों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए महेश कश्यप ने अति संवेदनशील क्षेत्र में दहाड़ लगाई। कहा कि कांग्रेस ने बस्तर के विकास को अवरुद्ध कर रखा था। कांग्रेस आदिवासी भाइयों को वोट के लिए हथियार के रूप में इस्तेमाल करती आई है। महेश कश्यप ने अपने आत्मीय स्वागत के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी के प्यार ओर स्नेह से अभिभूत हूं। उम्मीद करता हूं कि यह स्नेह ऐसे ही आगे भी बना रहेगा। आप सभी के सहयोग और मेहनत से इस बार बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा का परचम लहराना है। इस बार चुनाव महेश कश्यप नहीं, आप सभी लड़ रहे हैं। आप सभी महेश कश्यप हैं। संगठन में काम करने वाले साधारण व्यक्ति को भाजपा ने टिकट देकर विश्वास जताया है। मुझ जैसे साधारण व्यक्ति को जिताकर आप सभी शीर्ष नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरेंगे, इस बात का मुझे पूरा भरोसा है। इस दौरान भाजपा नेता आनंद मोहन मिश्रा, राजाराम वट्टी ,सुरेश यादव, वोमड़ा, ओम सोनी, संतोष साहू, जसबीर नेगी, विशांल जैन, भुनेश्वर, भागवत, डॉ. मधुसूदन साहू सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।












