City Media - Page 609 of 1856 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 609

बोर संचालक देगा जुर्माना और क्षतिपूर्ति के रूप में 20 हजार रू.

0
  • बोर से पानी नहीं निकलने पर जिला उपभोक्ता आयोग ने सुनाया फैसला

जगदलपुर जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर ने गुरुवार को एक प्रकरण में बोरवेल संचालक राजू श्रीवास्तव को आदेशित किया है कि वह आवेदक को 10 हजार रु की क्षतिपूर्ति और 10 हजार रू. का जुर्माना अदा करे। प्रकरण के अनुसार जगदलपुर निवासी स्वाति झा ने बोरवेल संचालक राजू श्रीवास्तव के माध्यम से अपने निवास स्थान में पूर्व से स्थापित बोरवेल में सुधार कार्य करवाया था। तब बोरवेल संचालक ने उसे पानी निकल जाने की गारंटी दी थी, पर पानी नहीं निकला था। बोरवेल संचालक से आवेदक द्वारा इसकी शिकायत की जाने पर बोरवेल में कोई सुधार कार्य नहीं किया गया। इससे क्षुब्ध होकर आवेदक ने जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष शिकायत पेश की थी। इस पर सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता आयोग ने माना है कि बोरवेल संचालक द्वारा बोरवेल का सुधार कर सही ढंग से संपादित नहीं किया गया था, जो सेवा में कमी एवं व्याव्सायिक कदाचरण की श्रेणी में आता है। इस हेतु बोरवेल संचालक को 10 हजार रु के अर्थदंड से भी दंडित किया गया है। जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल सदस्य आलोक कुमार दुबे और सीमा गोलछा की संयुक्त खंडपीठ ने यह आदेश पारित किया है।

नरेंद्र मोदी की गारंटी यानि सबका विकास : बनवासी मौर्य

0
  • कोई भी व्यक्ति वंचित नहीं रहेगा मोदी सरकार की योजनाओं से
  •  भाजपा नेता ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

बकावंड केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही योजनाओं से आमजन को अवगत कराने एवं इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने विकसित भारत संकल्प यात्रा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रही है। बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत बोरीगांव, करंजी में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बनवासी मौर्य का ग्रामीणों ने बाजे गाजे के साथ भव्य स्वागत किया।
मौर्य ने ग्रामीणों को मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने प्रेरित किया। मौर्य ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई जन हितैषी योजनाओं को जनता तक सीधे पहुंचाने और हर पात्र व्यक्ति को उनका लाभ दिलाने के लिए निकाली गई है। मोदीजी की गारंटी का मतलब है कोई भी व्यक्ति विकास में पीछे न रहे। हर व्यक्ति आर्थिक रूप से उन्नति करे, सबकी सेहत अच्छी रहे। जो ग्रामीण मोदी सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है।  मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर व्यक्ति के कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्ध हैं।  मौर्य ने कहा कि आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला रसोई गैस योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ ग्रामीण उठाएं। ये सभी योजनाएं जनता के लाभ के लिए ही बनाई गई हैं। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल ग्रामीणों को केंद्र सरकार की योजनाओं के संबंध में बताया गया। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंडल महामंत्री दामोदर बघेल, खगेश्वर कर्मा, उमेश बिसाई, जनपद सदस्य सोनबारी भद्रे, कमल मौर्य, बोरीगांव के सरपंच सोनसिंह कश्यप, भगत सोनी, मुन्ना चंद्राकर, गीता, इकमी
आदि तथा विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में सभी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण मौजूद थे।

मोदी के साथ सेल्फी लेने होड़
विकसित भारत संकल्प यात्रा लेकर निकली मोदी की गारंटी वाली गाड़ी गांव- गांव में जाकर जो लोग मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें इन योजनाओं से जोड़ने का काम कर रही है। इस गाड़ी की पहचान आज मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के रूप में बन चुकी है। लोग गाड़ी के पास जमा होकर उसे अपलक निहारते हैं। युवा वैन में लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ सेल्फी लेने लग जाते हैं।

किसानों को मिली बोनस राशि
शिविर के दौरान सेवा सहकारी समिति मूली द्वारा अनेक किसानों धान की बकाया बोनस राशि का वितरण किया गया। समिति के अधीन ग्राम बोरीगांव, करंजी, मंदरानगुड़ा पारा, कुरलूमारी पारा के 64 किसानों को वर्ष 2014-15 के धान बोनस के बकाया 9.42 लाख रुपए प्राप्त हुए। 26 किसानों को वर्ष 2015-16 की बोनस राशि 3.12 लाख रुपए का वितरण किया गया। इस तरह कुल 90 किसानों को बोनस राशि के रूप में 12.54 लाख रुपए प्राप्त हुए।

पशुधन विभाग से लाभान्वित कृषक
पशुधन विकास विभाग ने भी योजनाओं के तहत किसानों और पशु पालकों को लाभान्वित किया। मानकू राम मोतीराम को 30 हजार रु., बनमाली डूमर को 30 हजार रु., दयाराम सोनधर को 30 हजार रु.4, बनमाली बघेल नया केसीसी को बकरी, जगनाथ झितरु नया केसीसी को गाय प्रदाय की गई। कार्यक्रम का संचालन बकावंड के पंचायत अधिकारी प्रहलाद चंद्राकर ने किया। इस दौरान जनपद पंचायत बकावंड से माधव मिश्रा, शानू मयूर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सीएएफ जवान ने खुद पर चलाई गोली, हालत गंभीर

0
  •  एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया गया घायल जवान को
  • जख्मी जवान धमतरी जिले के सामतरा गांव का निवासी
    जगदलपुर बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले से एक सनसनीखेज खबर आई है। वहां छत्तीसगढ़ आर्मड फोर्स (सीएएफ) के एक जवान ने साथी जवान की रायफल से खुद को गोली मार ली। आत्महत्या की कोशिश में चलाई गई गोली जवान की नाभि में लगी है। उसे गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया है। घायल जवान का नाम 53 वर्षीय वीरेंद्र कुमार चिदा है और वह धमतरी जिले की नगरी तहसील अंतर्गत ग्राम सामतरा का निवासी है। कोंडागांव जिले के कुधुर स्थित सीएएफ कैंप में तैनात जवान ने वीरेंद्र कुमार चिदा ने गुरुवार की सुबह साथी जवान की रायफल से खुद पर गोली चलाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उच्च अधिकारियों की पहल पर घायल जवान को साथी जवानों ने तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जवान को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रायपुर रवाना किया गया।

फिलहाल घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। मामला संवेदनशील क्षेत्र में स्थित पुंगारपाल थाना के अंतर्गत कुधुर के सीएएफ कैंप का है। सीएएफ की पांचवी बटालियन कुधुर के कंपनी कमांडर मुन्नालाल पटेल के मुताबिक वीरेंद्र कुमार चिदा गुरुवार को सुबह करीब 7 बजे अपने साथी जवान की रायफल से अपनी नाभि के उपर गोली चला दी। गोली लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों ने विभागीय उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
वीरेंद्र कुमार चिदा पिछले एक साल से कुधुर कैंप में तैनात था और 2 जनवरी से लगातार अवकाश पर था। उसकी एसएलआर राइफल कोट रूम में जमा थी। गुरुवार सुबह सभी जवान बाहर साफ सफाई करने निकले थे। वीरेंद्र कुमार उस समय अकेला बैरक में सो रहा था। बाकी जवान साफ सफाई में लगे हुए थे। सुबह 7 बजे बैरक के अंदर से फायरिंग की आवाज आई। आवाज सुनकर अन्य जवान जब बैरक में पहुंचे तो वहां वीरेंद्र कुमार चिदा खून से लथपथ हालत में कराहते मिला। बताया गया है कि वीरेंद्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

वकीलों के हित में काम करना मेरा नैतिक दायित्व : किरण देव

0
  •  जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने ली शपथ
    जगदलपुर जिला अधिवक्ता संघ के नए पदाधिकारियों ने बुधवार की शाम जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विधायक एवं जिला अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ सदस्य किरण देव के मुख्य आतिथ्य में शपथ ग्रहण किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद संघ के सदस्यों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता अशफाक खान ने वर्ष 2024– 25 कार्यकाल के लिए संरक्षक वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मिश्रा के साथ ही नव निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण प्रदान किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीष कुमार ठाकुर ने अध्यक्ष अरुण दास, उपाध्यक्ष वरिष्ठ पवन राजपूत, उपाध्यक्ष महिला कनिष्ठ हेलिना गिरिधरन, सचिव खिलेश्वर जोशी, कोषाध्यक्ष दीनबंधु रथ, ग्रंथपाल विजय प्रकाश दास, सह सचिव संतोष चौधरी, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव संजय कुमार जायसवाल, महिला कार्यकारणी आरक्षित संगीता ब्रिज फर्नांडीस, कार्यकारिणी सदस्य ऋषि तिवारी, देवव्रत सहा, श्रवण कुमार शुक्ला, पूनम सोनी और मौसम लुनावत को शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि विधायक एवं बस्तर जिला अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ सदस्य किरण देव ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं भी जिला अधिवक्ता संघ का के सदस्य हूं। संघ के अनेक सदस्यों ने अधिवक्ता के साथ ही श्रेष्ठ कवि, रंगकर्मी और क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में भी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारी को शुभकामना देते हुए कहा के बस्तर जिला अधिवक्ता संघ की गरिमा को बनाए रखने के लिए सभी कार्य करेंगे। उन्होंने अध्यक्ष द्वारा की गई मांग पर कहा कि जिला अधिवक्ता संघ के लिए कार्य करना मेरा नैतिक दायित्व है। मुझसे जो बन सकेगा, आपकी अपेक्षा से अधिक करने का प्रयास करूंगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनीष कुमार ठाकुर ने कहा कि नई प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए बार और बेंच के बीच समन्वय स्थापित करना जरूरी है और यह अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों से ही संभव है। संघ के निवृत्तिमान अध्यक्ष दिनेश पट्टजोशी ने नए पदाधिकारियों को शुभकामना देते हुए कहा कि संघ द्वारा जिन कार्यों को मूर्तरूप दिया जा रहा था, उसे आगे बढ़ने की जिम्मेदारी आप सभी की है। वर्तमान अध्यक्ष अरुण दास ने कहा कि अधिवक्ता साथियों ने उन्हें निर्वाचित कर जो अपेक्षाएं की है उसे पर खरा उतरने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे। अधिवक्ताओं के हितों को पूरा करने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि शासन– प्रशासन से चर्चा कर राजस्व न्यायालय में लंबित मामलों के निपटारे हेतु निश्चित तिथि तय करने की मांग करेंगे जिससे कि अधिवक्ताओं के साथ-साथ पक्षकारों को भी परेशानियों से निजात मिले। शपथ ग्रहण समारोह में अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण ठाकुर, व्हीडी मिश्रा व अन्य न्यायाधीश अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता नवीन ठाकुर ने व आभार प्रदर्शन जिला अधिवक्ता संघ के सचिव खिलेश्वर जोशी ने किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के सदस्यों के साथ न्यायालय के कर्मचारी काफी संख्या में उपस्थित थे।

गांवों का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता : किरण देव

0
  •  किरण देव ने नगरनार मंडल के गांवों का किया दौरा
  •  महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष गीता मिश्रा भी थीं शामिल

जगदलपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण देव ने नगरनार मंडल के अनेक गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और निराकरण का भरोसा दिलाया। किरण देव ने कहा कि ग्रामीणों की भलाई और गांवों का समग्र विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष समेत अन्य बड़े भाजपा नेता भी विधायक के साथ थे। विधायक किरण देव सिंह ने बीते सोमवार को नगरनार मंडल अंतर्गत आने वाले मार्केल, कस्तूरी, उपनपाल, नगरनार, करनपुर, भेजापदर समेत अन्य गांवों का दौरा किया। विधायक सिंह ने करनपुर के हिंगलाजिन माता मंदिर में देवी मां के दर्शन पूजन कर दौरे की शुरुआत की। गांव – गांव में विधायक किरण देव सिंह, मंडल भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता मिश्रा व अन्य नेताओं का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने विधायक की आरती उतारी व उन्हें श्रीफल भेंट किए। पूजा अर्चना के बाद किरण देव सिंह ने ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर गांव की समस्याओं और मांगों की जानकारी ली।

विधायक की आत्मीयता भरी बातों से प्रभावित ग्रामीण खुलकर उनके सामने अपनी बातें रखते रहे। इसके बाद विधायक और उनके काफिले में शामिल लोग एक – एक कर उक्त सभी गांवों में पहुंचे। हर गांव में विधायक को सुनने और उनके समक्ष अपनी बातें रखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा था। युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सभी बेहद उत्साहित नजर आ रहे थे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए किरण देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार गांवों, गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और आदिवासियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। मोदी सरकार ने इन सभी वर्गों के शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। युवाओं के कौशल विकास के लिए तेजी से काम हो रहा है और बड़ी तादाद में युवा विभिन्न विधाओं में दक्ष होकर अपने परिवार के उत्थान और देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि मोदी जी की गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है। चुनाव के पूर्व भाजपा ने राज्य के किसानों को दो खरीफ वर्ष के धान का बोनस देने की घोषणा की थी, जिस पर अमल किया गया है। अन्य घोषणाएं भी जल्द पूरी कर दी जाएंगी। किरण देव सिंह विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ इसके जरिए उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महामंत्री रामआश्रय सिंह, प्रदीप देवांगन, मंडल भाजपा अध्यक्ष सुब्रतो विश्वास, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष गीता मिश्रा, मनोहर तिवारी, राधेश्याम पंद्रे, राजेश श्रीवास्तव, रघु सेठिया, राजेश शर्मा, रैनू बघेल, दीपक मथरानी, मन्नू चालकी, आशु आचार्य व अन्य उपस्थित थे।

मोदी ने नारीशक्ति का मान बढ़ाया : गीता
कुछ गांवों की सभाओं में नगरनार मंडल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता मिश्रा ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति को समाज में बराबरी का हक दिलाया है। महिलाओं को चूल्हे और सिगड़ी के धुंए से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना शुरू की है। इसके तहत गरीब परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान महिलाओं के नाम पर बनाए जा रहे हैं, आबादी भूमि के पट्टे महिलाओं के नाम पर जारी किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत हमारी सरकार मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है। संसद में नारी शक्ति वंदन विधेयक लाकर मोदी सरकार नेमहिलाओं को हर क्षेत्र में आरक्षण का लाभ दिलाने की पहल की है। सुश्री मिश्रा ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार भी जल्द ही महतारी वंदन योजना लागू करने वाली है।. इसके तहत हर पात्र महिला को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए दिए जाएंगे। गीता मिश्रा ने माता बहनों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

रकम दोगुनी करने का लालच देकर डकार गए 3 करोड़

0
  •  पति -पत्नी और भाई को गिरफ्तार किया पुलिस ने
  • 70 लोगों को दिया था रकम डबल करने का झांसा
    जगदलपुर दुगुनी रकम देने का झांसा देकर 70 लोगों को 3 करोड़ रुपए से भी अधिक की चपत लगाने वाले दंपत्ति और उनके एक परिजन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों पुरुष सगे भाई हैं।
    आरोपी खुद को किसी अभिकर्ता बताकर डेली व मासिक किस्तों में रकम कलेक्शन किया गया। निवेशकों से कहा गया था कि वर्षभर बाद दोगुनी रकम का भुगतान किया जाएगा।
    आरोपियों में जोगेंद्र यादव उर्फ जूगनू पिता स्व. मयाराम यादव 47 साल निवासी लालबाग हाउसिंग बोर्ड कालोनी जगदलपुर, अरूणा यादव पति जोगेंद्र यादव 43 साल निवासी लालबाग हाउसिंग बोर्ड कालोनी जगदलपुर और उत्तम यादव पिता स्व. मयाराम यादव 50 साल निवासी महादेव घाट जगदलपुर शामिल हैं। महारानी वार्ड जगदलपुर निवासी वेंकटेशवर राव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अगस्त 2021 को जोगेंद्र यादव उर्फ जूगनू पिता स्व. मयाराम यादव एवं उसकी पत्नी अरूणा यादव व जोगेंद्र के भाई उत्तम यादव निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी लालबाग जगदलपुर द्वारा शहर के शासकीय अशासकीय कर्मियों व व्यापारियों से दैनिक व मासिक किस्तों में रकम लेकर सालभर बाद दोगुनी रकम देने की बात कही गई थी। इन तीनों ने 70 लोगों से कुल 3 करोड़ 3 लाख 12 हजार 808 रूपए लोगों से वसूले थे। जमाकर्ताओं को धोखे में रखकर अभी तक रूपए वापस नहीं किए हैं। जमा रकम किसी को न देकर अभिकर्ता जोगेंद्र यादव, अरूणा यादव व उत्तम यादव ने राशि का गबन, सभी लोगों के साथ छल धोखाधाड़ी की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 409, 420, 34 का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर, आरोपियों की तलाश की गई।आरोपी जोगेंद्र यादव, अरूणा यादव और उत्तम यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में सभी लोगों से स्वंय को अभिकर्ता बताकर डेली, मासिक कलेक्शन कर वार्षिक भुगतान में रकम दुगना कर वापस देने की बात कही थी और 3,03,12,808 रूपए को वापस नहीं कर पाए। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार, भृगु कश्यप, रीना अनंत ने अहम भूमिका निभाई।

कोंटा की एक शिक्षिका कोरोना पॉजिटिव निकली

0

सुकमा सुकमा जिले में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। जिले के कोंटा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की एक शिक्षिका कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह शिक्षिका हाल ही में छुट्टियां बिताकर ड्यूटी पर लौटी है। पीड़ित शिक्षिका को स्वास्थ्य विभाग द्वारा होम क्वारंटीन किया गया है। विगत दिनों वार्ड 4 में भी एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली थी।

नप गए लटकाने, अटकाने और भटकाने वाले पांच अफसर

0
  • मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग में करा दी बड़ी प्रशासनिक सर्जरी

अर्जुन झा

जगदलपुर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बीती देर रात किए प्रशासनिक फेरबदल की चपेट में बस्तर संभाग के भी अनेक अफसर आए हैं। ये सभी आईएएस अधिकारी हैं। विष्णुदेव साय सरकार में बस्तर संभाग से इकलौते मंत्री केदार कश्यप के कोपभाजन का शिकार इन आईएएस अफसरों को बनना पड़ा है। खबर है अटकाने, लटकाने और भटकाने के खेल में माहिर बस्तर संभाग के कई और बड़े अफसरों पर भी जल्द ही गाज गिरने वाली है।

प्रशासनिक सर्जरी की जद में बस्तर संभाग के पांच आईएएस अधिकारी आए हैं। कांकेर की कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला को कांकेर से हटाकर संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बनाया गया है। 2009 बैच की आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला को तकनीकी शिक्षा, रोजगार प्रशिक्षण विभाग के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उनकी जगह 2012 बैच के आईएस अभिजीत सिंह को कांकेर का कलेक्टर बनाया गया है। अभिजीत सिंह वर्तमान में संयुक्त सचिव गृह विभाग रहे हैं। नारायणपुर जिला पंचायत के सीईओ डीके ध्रुव को नारायणपुर से हटाकर भिलाई नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।डीके ध्रुव 2018 बैच के आईएएस हैं। नारायणपुर जिला पंचायत के सीईओ पद से उन्हें बेदखल किए जाने में वहां के विधायक तथा छ्ग सरकार में वन, जलवायु परिवर्तन, सहकारिता एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप की बड़ी भूमिका रही है। सूत्र बताते हैं कि श्री ध्रुव जनता के भरोसे पर खरा नहीं उतर रहे थे और जनप्रतिनिधियों की भी नहीं सुनते थे। केदार कश्यप उनसे नाराज चल रहे थे। 2009 बैच के आईएएस एवं संयुक्त निर्वाचन पदाधिकारी बिपिन मांझी को नारायणपुर का कलेक्टर बनाया गया है। बिपिन मांझी को नारायणपुर भेजनें और मौजूदा कलेक्टर अजीत वसंत को कोरबा भेजने में भी मंत्री केदार कश्यप की पसंद का ध्यान रखा गया है। जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव, विशेष प्रभार राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग और सचिव लोक आयोग अनुराग पाण्डेय को बीजापुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। खबर ही है कि मंत्री केदार कश्यप की पसंद के आधार पर ही अनुराग पाण्डेय को बीजापुर भेजा गया है। श्री पाण्डेय 2009 बैच के आइएएस हैं। वे बीजापुर के मौजूदा कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा की जगह लेंगे। 2013 बैच के आईएएस श्री कटारा राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद का संयुक्त संचालक नियुक्त किया गया है। रायपुर नगर निगम के आयुक्त रहे 2017 बैच के आईएएस मयंक चतुर्वेदी को दंतेवाड़ा का कलेक्टर बनाया गया है। 2017 बैच के आईएएस एवं बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त कुणाल दुदावत को कोंडागांव का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

सारांश मित्तर की हो गई छुट्टी

मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लि. (सीजी आरआईडीसीएल) के अधीन कार्यरत ठेकेदारों के दर्द को समझा और उन्हें राहत पहुंचाने की दिशा में बड़ी पहल की है। श्री कश्यप ने अपने तेवर के मुताबिक कदम उठाते हुए लटकाने, अटकाने और भटकाने वाले सीजी आरआईडीसीएल के प्रबंध संचालक सारांश मित्तर को हटा दिया गया है। उन्हें कृषि विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। पहले श्री मित्तर के पास आरआईडीसी के प्रबंध संचालक के साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक का भी अतिरिक्त प्रभार भी था। सीजी आरआईडीसी के माध्यम से नक्सल प्रभावित एवं वन तथा आदिवासी बहुल बस्तर संभाग और अन्य जिलों में अरबों रुपयों की लागत से बड़े पैमाने पर सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि सड़कों के निर्माण में लगे ठेकेदारों के करोड़ों रू. का भुगतान मित्तर की उदासीनता की वजह से अटका हुआ है। लंबे समय से भुगतान अटके रहने के कारण ठेकेदारों की आर्थिक स्थिति डांवाडोल हो गई है। वे अपने मजदूरों और अन्य कर्मचारियों को पारिश्रमिक नहीं दे पा रहे हैं। बस्तर संभाग के सैकड़ों श्रमिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बताते हैं कि जब यह बात मंत्री केदार कश्यप के संज्ञान में आई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री को इससे अवगत कराया। इसके बाद ही मित्तर को सीजी आरआईडीसी के प्रबंध संचालक पद से हटाया गया है। अब उम्मीद की जा रही है कि ठेकेदारों की बकाया राशि का भुगतान जल्द शुरू हो जाएगा।

चाकू दिखाकर आतंक मचा रहे दो युवक गिरफ्तार

0

जगदलपुर शहर में चाकू दिखाकर लोगों को डराने धमकाने व मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।आरोपी पथरागुड़ा में चाकू लेकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे रहे थे तथा कुम्हारपारा चौक में लोगो को चाकू दिखाकर डरा धमका रहे थे। आरोपी रोशन गुप्ता पिता स्व. बब्बू गुप्ता 21 साल निवासी पथरागुड़ा भंगाराम चौक जगदलपुर और सुरेश बघेल पिता स्व. प्रकाश बघेल 43 साल निवासी कुम्हारपारा गुरूघासी दास वार्ड जगदलपुर हैं। 2 जनवरी को पथरागुड़ा भंगाराम चौक में प्रार्थिया उर्मिला गुप्ता से उसके पुत्र रोशन गुप्ता ने रकम की मांग की। रुपए न होने की बात कहने पर रोशन भड़क उठा और अश्लील गाली- गलौज कर हाथ मुक्का से मारपीट शुरू कर दी। उसने चाकू दिखाकर डराया धमकाया। आरोपी के विरूद्ध कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसी तरह कुम्हारपारा चौक में एक व्यक्ति द्वारा रोड पर धारदार चाकू लेकर आने जाने वाले लोगों को डराने धमकाने की जानकारी मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घटना स्थल पहुंचकर आरोपी रोशन गुप्ता और सुरेश बघेल को पकड़ा। आरोपियों से चाकू बरामद कर लिए गए हैं। उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनंत बघेल, अनिल कन्नौजे, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, रवि सरदार, भृगु कश्यप व विनोद खेस की भूमिका रही।

नमो एप से योजनाओं की सटीक जानकारी : किरण सिंह देव

0
  • चौपाटी में व्यापारियों और ग्राहकों को बताई अहमियत

जगदलपुर भाजपा सोशल मीडिया विभाग बस्तर द्वारा बुधवार को जगदलपुर के शहीद पार्क के पास स्थित चौपाटी में नमो ऐप प्रमोशन अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव शामिल हुए। बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी,भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्याशरण तिवारी, भाजपा सोशल मीडिया विभाग बस्तर के जिला संयोजक तेजपाल शर्मा ने इस दौरान चौपाटी की दुकानों में जाकर नमो एप इंस्टाल करने का आग्रह व्यापारियों व ग्राहकों से किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नमो एप के लाभ बताते हुए कहा कि नमो एप से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक आसानी से पहुंच जाती है। देश के प्रत्येक व्यक्ति को नमो एप के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेना चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि नमो एप के माध्यम से केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक आसानी से पहुंच रही है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ प्राप्त करने के लिए नमो एप इंस्टाल करना चाहिए। प्रदेश प्रवक्ता संजय पांडेय ने कहा कि नमो एप केंद्र सरकार की योजनाओं के सर्वसुलभ होने का माध्यम है। जनहितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए जनता को नमो एप इंस्टाल करना चाहिए, ताकि वे इसका लाभ प्राप्त कर सकें। सोशल मीडिया विभाग जिला संयोजक तेजपाल शर्मा ने कहा कि नमो एप के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाएं और उनकी गतिविधियां जनता के लिए सर्वसुलभ हो चुकी हैं। जनता को इन जनहितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए नमो एप जरूर इंस्टाल करना चाहिए। मंच संचालन लक्ष्मण झा ने किया। इस दौरान योगेंद्र पांडेय, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पांडे, आलोक अवस्थी, लक्ष्मी कश्यप, सुधा मिश्रा ,अविनाश श्रीवास्तव , अनिल लूंकड़, राकेश तिवारी, आर्यन सिंह आर्य, शशिनाथ पाठक, कमल पटवा, पंकज आचार्य, अनिमेष सिंह चौहान, रिंकू पांडेय, गीता नाग, सीमा यादव, शिरीष मिश्रा, विरेंदर जोशी, प्रदीप पाढ़ी, योगेश पाणिग्रही, नीलम यादव , फुलेश्वरी कराई, रोशन सिसोदिया, माहेश्वरी ठाकुर, आनंद झा, देवेश चांडक समेत अनेक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS