City Media - Page 608 of 1856 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 608

धान के अवैध परिवहन के नौ मामले दर्ज, सात वाहन जप्त

0
  • अवैध धान संग्राहकों पर करें कड़ी कार्रवाई : कलेक्टर
  • सात जांच नाका में की जा रही है सतत निगरानी

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा है कि जिले के किसानों के हितों को कोई बाहरी व्यक्ति प्रभावित नहीं करें। इस हेतु जिले में अवैध धान परिवहनकर्ताओं और संग्राहकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के किसानों का धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचने और शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि उपज मंडी कार्यालय जगदलपुर से प्राप्त जानकारी अनुसार अवैध धान परिवहन के कुल 9 प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 314 क्विंटल धान और 7 वाहन को जप्त किए गए हैं। जिले में एक जनवरी तक धान का अवैध परिवहन करते हुए 6 लाख 64 हजार 726 रुपए अनुमानित मूल्य का धान जप्त किया गया है। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अवैध धान परिवहन एवं संग्रहण के विरूद्ध कई प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। जगदलपुर के तहसीलदार द्वारा दिसंबर माह में ओड़िशा राज्य की सीमा में 340 बोरी और 4 जनवरी 2024 को 683 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। इसके अलावा बकावंड तहसील कार्यालय द्वारा भी अवैध धान परिवहन संबंधी प्रकरण दर्ज किया गया है।

धान उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों में विक्रय करने की आशंका रहती है। अतः शासन के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती जांच नाकों में अवैध धान के आवक पर विशेष निगरानी रखने हेतु जांच नाका धनपूंजी, भेजापदर, कोलावल, नलपावंड, तारापुर, बदलावंड और पोटियावंड में स्थापित किए गए हैं। जांच नाकों में अधिकारियों को सीमावर्ती राज्य से अवैध रुप से बगैर दस्तावेज के धान के परिवहन होने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। छग शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में नवंबर 2023 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।

विधायक कवासी लखमा पर गुंडागर्दी का आरोप, थाने में शिकायत

0
  • सड़क छाप गुंडे जैसी हरकत कर लोकतंत्र को किया शर्मसार धनीराम बारसे
  • पूर्व मंत्री के खिलाफ ग्रामीण ने की एसपी से शिकायत

सुकमा भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कोंटा विधायक एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर सड़क छाप गुंडे की तरह व्यवहार कर लोकतंत्र को शर्मसार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता जाते ही पूर्व मंत्री का असली चेहरा उजागर हो गया है।

बारसे ने आरोप लगाया है कि विधायक लखमा ने एक ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देकर विधानसभा क्षेत्र की जनता को अपमान किया है। उन्होंने कहा कि सुकमा पुलिस प्रशासन पीड़ित की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कवासी लखमा के खिलाफ न्यायोचित कार्रवाई करे। सुकमा जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे ने कुकानार थाना क्षेत्र में कोंटा के विधायक पूर्व मंत्री कवासी लखमा के खिलाफ गाली गलौज एवं धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति द्वारा एफआईआर दर्ज कराने को लेकर लखमा पर तीखा प्रहार किया है। धनीराम बारसे ने करके कोंटा के विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि सड़क छाप गुंडे की तरह कोंटा के विधायक के व्यवहार से लोकतंत्र शर्मसार हुआ है। सत्ता जाते ही कवासी लखमा का असली चरित्र सबके सामने आ गया। सत्ता जाने के सदमे और बौखलाहट में कोंटा विधायक मानसिक संतुलन खो चुके हैं। जिस जनता ने उन्हें 6 बार विधायक बनाया और जिस जनता जनार्दन के बलबूते पर वे 5 साल मंत्री रहे, उसी जनता के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी का संस्कार ही है जनता को अपना गुलाम समझना। इसी कुसंस्कार से ग्रसित होकर अपने ही विधानसभा क्षेत्र के व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार कवासी लखमा द्वारा किया गया। बारसे ने कहा कि भाजपा के विधायक एवं सांसद स्वयं को जनता का सेवक मानते हैं, वहीं कांग्रेस के विधायक कवासी लखमा जनता को अपना गुलाम समझते हैं। कोंटा के विधायक के लिए यह कोई नई बात नहीं है। मंत्री रहते हुए भी कवासी लखमा लोगों को अपना गुलाम समझते थे। विधानसभा चुनाव के समय भी लोगों को डरा धमका के बाहुबल का सहारा लेकर चुनाव जीते एवं चुनाव के दो दिन पहले स्थानीय जनप्रतिनिधि से गाली गलौज करते तथा आदिवासियों का अपमान करने का उनका वीडियो वायरल हुआ था। सिर्फ पैसे एवं बाहुबल से लोगों को डरा धमकाकर वे इस बार विधायक तो बन गए हैं, लेकिन अब जनता उनसे डरने वाली नहीं है। जनता विधायक की गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठाने लगी है। अब उनका दमन तय है। और आज कुकानार थाने में एक व्यक्ति द्वारा गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी की शिकायत की जाने से सिद्ध होता है कि कवासी लखमा अपनी जनता का सम्मान नहीं करते।

इस मामले में वायरल हो रही एफआईआर के मुताबिक विधायक कवासी लखमा एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देकर यह कहा कि मैंने कितनों को मौत के घाट उतारा है। इस तरह के गंभीर शिकायत पर पुलिस प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। श्री बारसे ने कहा कि विधायक नैतिकता खो चुके हैं। नैतिकता के आधार पर उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। और कांग्रेस पार्टी को भी अपने पद के मद में चूर विधायक पर कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा कवासी लखमा के इस कृत्य की निंदा करती है।

थानेदार को दिए हैं जांच के आदेशः एसपी

सुकमा पुलिस अधीक्षक  चौहान ने बताया कि एक ग्रामीण द्वारा विधायक कोंटा के खिलाफ शिकायत की है। मामले की जांच के लिए कुकनार के थानेदार को आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंद मिला लखमा का फोन

एक ग्रामीण द्वारा की गई शिकायत एवं सुकमा जिला भाजपा अध्यक्ष धनीराम बारसे द्वारा लगाए गए आरोप के संबंध में कोंटा विधायक से प्रतिक्रिया लेने उनके मोबाईल फोन पर संपर्क किया गया। तो उनका मोबाईल फोन बंद होने के कारण विधायक की प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी।

बांटे गए क्रिसमस गिफ्ट

0

जगदलपुर शहर के सबसे पुराने एवं बड़े चर्च होने के कारण लालचर्च में गरीबों, अनाथों, निशक्तों, विधवाओं व बुजुर्गों को क्रिसमस एवं नए साल की खुशी में विशेष रूप से क्रिसमस गिफ्ट दिए और भोजन कराया। चंदैया मेमोरियल मेथाडिस्ट एपिस्कोपल लालचर्च के प्रांगण में मसीह समाज के सभी गरीब विधवा अनाथ निशक्तजनों को महिला समिति की ओर से क्रिसमस गिफ्ट बांटा गया। गिफ्ट पाकर लोग प्रसन्न हुए और अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि निश्चित ही प्रभु हमारे उद्घार के लिए इस दुनिया में आए। सभी लोगों ने चर्च के प्रमुखों के साथ भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर बिशप डॉ. एस. सुना, पास्टर लारेंस दास प्रापर्टी कमेटी के अध्यक्ष रत्नेश बेंजामिन विशेष अतिथि थे। महिला समिति की अध्यक्ष प्रवीणा पौलूस, शिखा नादन, सुलभा चौधरी, सुषमा बाघ, नैरिस विवेकानंद, वेरोनिका दानी, शीला राव आदि उपस्थित थीं।

छग में इतिहास रचते गुजरेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा : कांग्रेस

0
  • राहुल गांधी से मिले पीसीसी चीफ दीपक बैज और डॉ. चरणदास महंत
  • छग में यात्रा के रोडमैप पर की गई विस्तृत चर्चा

जगदलपुर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निकाली जाने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में नया इतिहास रचते और उम्मीद की किरण बिखेरते हुए गुजरेगी। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ नेता डॉ. चरणदास महंत का। ये दोनों ने कल यात्रा के सिलसिले में नई दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिले। तीनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में यात्रा के रोड मैप और तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इस संवाददाता से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि राहुल गांधी देश की एकता, अखंडता और सौहार्द की लड़ाई लड़ रहे हैं।उन्होंने पहले चरण me जो भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसे देशवासियों का भरपूर स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिला था। श्री बैज ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस परिवार देश के हित के लिए तपस्या कर रहे हैं। देशवासी इस तपस्या के अग्निकुंड में बढ़ चढ़कर आहुति देते आए हैं। पहले चरण में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान साढ़े तीन हजार किलोमीटर से भी अधिक दूरी की पैदल यात्रा कर राहुल गांधी ने नया इतिहास रचा था।अब निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी नया इतिहास रचेगी। दीपक बैज ने बताया कि छत्तीसगढ़ की जनता और कांग्रेसजन भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ अपने चहेते नेता राहुल गांधी के राज्य की धरती पर आगमन को लेकर काफी उत्साहित हैं और इस गौरवशाली यात्रा का सहचर बनने के लिए लालायित भी हैं। उम्मीदों की नई किरण साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने बताया कि 14 जनवरी को मणिपुर से मुंबई तक के लिए शुरू हो रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। यात्रा छत्तीसगढ़ के 7 जिलों से गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर का सफर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। छत्तीसगढ़ में यात्रा को अविस्मरणीय और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।

13 जिलों से चयनित 18 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने इस प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

0
  •  मानव अधिकार के प्रति बेहतर जागरूकता उत्पन्न करने बालाजी रिसॉट में हुआ राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन ।

 

वाद-विवाद प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने मानव अधिकार को लेकर विभिन्न पहलुओं पर पक्ष-विपक्ष रखकर अपना विचार किया व्यक्त, बेहतर पक्ष विपक्ष रखने वाले प्रतिभागी अधिकारी कर्मचारी रहें विजेता।

विजेता अधि/कर्मचारी को मुख्य अतिथी द्वारा पुरूस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित।

दिनांक 04.01.2024 को पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक  बद्रीनारायण मीणा दुर्ग रेंज दुर्ग के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव के मागर्दशन व अति. पुलिस अधीक्षक  सुशील कुमार नायक के पर्यवेक्षण में एवं मुख्य अतिथी  आर. एस नायक भा.पु. से (भूतपूर्व डीआईजी) के उपस्थिति में सिवनी बालाजी रिसॉर्ट पर मानव अधिकार के प्रति बेहतर जागरूकता हेतु बालोद पुलिस के तत्वाधान मे राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 13 जिले सुरजपुर, कोरिया, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, नारायणपुर, कोण्डागांव कांकेर से 18 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने भाग लिया। पूर्व में इन प्रतिभागियों का जिला एवं संभाग स्तर पर क्रमशः दो चरणों में प्रतियोगिता हुई थी जिसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित होकर बालोद पहुंचे। कार्यक्रम की शुरूआत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव तथा अन्य विशेष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बालोद पुलिस कप्तान द्वारा पुलिस जीवन और मानवाधिकार के मध्य महीन रेखा के संबंध में प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि रिटायर्ड डीआईजी  आर.एस.नायक जी ने मानव अधिकार और मानव कर्तव्यों के बारे में अपनी राय रखी। तत्पश्चात प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने मानव अधिकार को लेकर बेहतर तरीके से पक्ष-विपक्ष रखकर अपना विचार व्यक्त किया।

मानव अधिकार के पक्षधरों ने शासन प्रशासन को निरंकुश होने से बचने के लिए, इतिहास मे हुए शोषण से बचाने के लिए मानवाधिकार की भूमिका के संबंध में अपना तर्क रखा। वही विपक्ष की ओर से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में होने वाली समस्याओं के बारे में अपनी राय रखी गयी। बेहतर पक्ष विपक्ष रखने वाले तीन प्रतिभागी अधिकारी कर्मचारी विजेता हुए जिसमें प्रथम स्थान पर प्रधान आर. संदीप देशमुख जिला राजनांदगांव, द्वितीय स्थान- उप निरीक्षक उमाशंकर पाण्डे, तृतीय स्थान पर प्रधान आर. निर्मल बड़ा जशपुर जिला रहें। मानवाधिकार पर किताब लिखने वाले प्रधान आरक्षक हुलेश्वर जोशी को भी विशेष पुरस्कार से नवाजा गया ।विजेताओं को पुरूस्कार तथा सभी अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मुख्यअतिथि श्री आर. एस नायक भा.पु.से (भूतपूर्व डीआईजी),श्री अनिल योगी अधिवक्ता बालोद, श्री एल. के. गवेल प्रोफेसर पी.जी. कॉलेज रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार हरबंस अरोड़ा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल दुबे मौजूद रहे । कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक जिला मुख्यालय सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री प्रतीक चतुर्वेदी, बालोद रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, थाना प्रभारी बालोद रविशंकर पाण्डे, यातायात प्रभारी राकेश ठाकुर एवं पुलिस के अन्य अधिकारी कर्मचारी और बालोद शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के लिए उम्मीद की किरण : बैज

0
  •  छत्तीसगढ़ में 7 जिलों से गुजरेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा
  • राज्य में 536 किमी पैदल चलेंगे राहुल गांधी
    रायपुर राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देशवासियों के उम्मीदों की नई किरण साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि 14 जनवरी 2024 को मणीपुर से मुंबई तक शुरू होने जा रही न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरती हुई 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर का सफर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में पैदल तय करेंगे। भुखमरी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, सांप्रदायिक विद्वेष के दौर में राहुल गांधी की न्याय पदयात्रा लोगों के जख्मों पर मरहम साबित होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। जनाधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले से ही सत्याग्रह को एक मजबूत हथियार मानती आई है और भारत जोड़ो न्याय पदयात्रा आजादी के बाद देश का सबसे विशाल और परिवर्तक सत्याग्रह साबित होगा।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने देश में सत्याग्रह के जरिए जनता के महत्वपूर्ण मसलों को हल किया है। यह सत्याग्रह उस विचारधारा को उखाड़ फेंकेगा, जो मृत्यु के समय भी राम का नाम लेने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को आदर्श मानता है। आज बर्बादी और वैमनस्यता की ओर बढ़ते देश को भारत जोड़ो पदयात्रा की जरूरत है।
    दीपक बैज ने कहा कि देश के वर्तमान हालात में जब क्षेत्र धर्म सांप्रदायिकता के नाम पर देश की सत्ता में बैठे हुये लोग राजनीति कर रहे है वैसे में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के लोगों के सामने एक नई उम्मीद लेकर सामने आई है। जब देश चलाने वाला दल, सत्ताधीश और हुक्मरान आम आदमी की जरूरतों शिक्षा, रोजगार को परिदृश्य पीछे धकेल कर धार्मिक आधार पर ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हों तब उस समय कांग्रेस जैसी जन सरोकार वाली पार्टी का यह नैतिक और राजनैतिक कर्तव्य हो जाता है कि वह देश को बचाने, देश की एकता और अखंडता को बचाने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा जैसा महाअभियान चलाए भारत जोड़ो यात्रा का यही उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल आएंगे बस्तर, तैयारी में जुटी भाजपा

0
  • कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शरीक होंगे सीएम साय
  • मंत्री केदार कश्यप ने शहर को सजाने व आयोजन को भव्य बनाने का रखा लक्ष्य

जगदलपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 जनवरी शनिवार को बस्तर प्रवास पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय जगदलपुर में आयोजित होने वाले भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार गठन के बाद यह मुख्यमंत्री श्री साय का प्रथम बस्तर प्रवास है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत को लेकर भाजपा भव्य तैयारियों में जुट गई है। पूरे शहर में साज सज्जा करने की योजना बनाई गई है।

धरमपुरा काॅलेज के समीप विशाल मैदान पर भाजपा का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित होगा। वन, जल संसाधन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज भाजपा जिला कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर आगमन व संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने जिला व मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसके पूर्व वन मंत्री केदार कश्यप ने सम्मान समारोह कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया और तमाम व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा करने निर्देश दिए। शनिवार को पहले पहर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसमें बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भव्य स्वागत अभिनंदन की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पहला बस्तर आगमन हो रहा है। सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी से काम में जुट जाएं व सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर्मठता से करें। मुख्यमंत्री साय देवतुल्य कार्यकर्ताओं का सम्मान करने बस्तर आ रहे हैं, यह हम सभी के लिए गौरव का क्षण होगा। बैठक व निरीक्षण के दौरान संभागीय सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, विधायक विनायक गोयल, योगेंद्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, गोदावरी साहू, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, संजय पाण्डेय, नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, सुरेश गुप्ता, आर्येन्द्र आर्य, मनोहर तिवारी, संग्राम सिंह राणा, अविनाश श्रीवास्तव, सुधा मिश्रा, बाबुल नाग, राजपाल कसेर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जगदलपुर नगर निगम में फिर मचने वाला है बड़ा उथल पुथल

0
  •  अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षद लाएंगे अविश्वास प्रस्ताव : पाण्डेय
  •  अनियमित सामान्य सभा और गंदी राजनीति है वजह
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर नगर निगम जगदलपुर के सत्ता शीर्ष पर बैठे जनप्रतिनिधियों की कुर्सी पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। निगम में एक बार फिर बड़ा सियासी उथल पुथल मचने वाला है। इस दफे नगर निगम अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। निगम नेता प्रतिपक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में आज भाजपा पार्षद दल ने कलेक्टर को अविश्वास प्रस्ताव लाने बाबत पत्र सौंपा।
    नगर निगम जगदलपुर की सत्ता पर कांग्रेस काबिज है। महापौर सफीरा साहू और नगर निगम सभापति कविता साहू दोनों ही कांग्रेसी हैं। कहने को तो जाहिरी तौर पर नगर निगम में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत प्राप्त है, मगर सूत्र बताते हैं कि अनेक कांग्रेसी पार्षद और कुछ एमआईसी मेंबर्स नगर निगम की अपनी ही सरकार से खुश नहीं हैं। मेयर और सभापति के कामकाज के तरीकों को लेकर उनमें नाराजगी है। ऐसे असंतुष्ट पार्षद और एमआईसी मेंबर्स अंदर ही अंदर सुलग रहे हैं तथा पार्टी के प्रति वचनबद्धता के कारण वे कुछ भी कर पाने में असमर्थ हैं। ये लोग लंबे समय से मौके की तलाश में हैं और मौका मिलते ही चौका लगाने के लिए बेताब हैं। अगर भाजपा के पत्र को कलेक्टर ने मंजूर कर लिया और अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान के लिए तिथि तय कर दी, तो उस समय ये नाराज पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अपनी पूरी भड़ास व खीझ निकालने उतारने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय का कहना है कि मेयर जहां निर्दलीय एवं भाजपा पार्षदों के वार्डों की घोर उपेक्षा कर रही हैं, वहीं सदन संचालन में सभापति कविता साहू तटस्थ भाव का पालन नहीं करतीं। उनका झुकाव हमेशा सत्तापक्ष की ओर रहता है। वे निष्पक्ष होकर सदन चलाने में असमर्थ हैं तथा जानबूझकर ऐसा करती हैं। संजय पाण्डेय ने कहा कि निगम अध्यक्ष कविता साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वास्तव में निगम में व्याप्त दलगत गंदी राजनीति , भारी भ्रष्टाचार, अनियमित सामान्य सभा और बहुमत की दादागिरी के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के किसी भी सदन के सभापति को निष्पक्ष रहकर अपना दायित्व निभाना चाहिए। सदन में संतुलन बनाए रखना सभापति का वैधानिक कर्तव्य होता है, मगर सभापति कविता साहू अपना यह कर्तव्य नहीं निभा पा रही हैं। नगर निगम सामान्य सभा की बैठकों में वे विपक्ष के साथ द्वेषपूर्ण और भेदभावपूर्ण व्यवहार करती हैं। इससे संविधान और सदन की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। संजय पाण्डेय ने बताया कि इन बिंदुओं तथा कुछ अन्य मुद्दों के आधार पर सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु आवेदन कलेक्टर को दिया गया है। कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि जल्द से जल्द नगर निगम की विशेष बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा व मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाए।उन्होंने विशेष बैठक के संचालन के लिए जिला प्रशासन के किसी निष्पक्ष और जिम्मेदार अधिकारी को दायित्व सौंपने का आग्रह भी कलेक्टर से किया है।

लंबे समय से चल रही सुगबुगाहट
भाजपाई और निर्दलीय पार्षद लंबे समय से महापौर एवं सभापति से खार खाए बैठे हैं। संजय पाण्डेय समेत सभी भाजपा पार्षदों व निर्दलीय पार्षदों का आरोप है कि महापौर सफीरा साहू नगर की प्रथम महिला होने के अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी के साथ नहीं कर रही हैं। वे विकास, साफ सफाई एवं निर्माण कार्यों के मामले में भाजपाई एवं निर्दलीय पार्षदों के वार्डों की शुरू से घोर उपेक्षा करती आ रही हैं। जिन वार्डों से गैर कांग्रेसी पार्षद जीतकर आए हैं, उन वार्डों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। इससे नागरिकों में भी आक्रोश है। नगर निगम के निर्माण कार्यों और सामग्री खरीदी में कमीशनबाजी का खुला खेल चल रहा है। इन वजहों से मेयर के खिलाफ असंतोष फूट पड़ा है। संजय पाण्डेय ने सभापति को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वे महापौर की कठपुतली बनकर काम कर रही हैं। उन्हें अपने पद की मर्यादा का भी ध्यान नहीं है। ज्ञात हो कि सालभर पहले भाजपा पार्षद दल ने महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल की थी। कलेक्टर को पत्र भी सौंपा गया था, मगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रहने के कारण भाजपा पार्षदों की दाल नहीं गल पाई थी। अब राज्य में भाजपा की सरकार है और भाजपा पार्षदों को भरोसा है कि इस बार कलेक्टर विशेष बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान जरूर कराएंगे।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दल सक्रिय

0

लोकसभा चुनाव की तैयारी भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस सहित सभी राजनैतिक दलों ने प्रारंभ कर दिया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी में भी प्रत्याशी चयन को लेकर के सर्वे और अन्य माध्यमों से तैयारी प्रारंभ कर दिया है।विगत 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सभी 11 सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को टिकट नहीं देकर नए प्रत्याशी उतारे थे।जिसमें निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता मिली थी। प्रदेश में सरकार न रहते हुए भी भारतीय जनता पार्टी ने 11 में से 9 सीट हासिल किए थे।इस बार भी यह कयास लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 2019 की तरह इस बार भी सभी 11 सीटों में नए प्रत्याशी उतारने की तैयारी की जा रही है।हालांकि कांकेर लोकसभा क्षेत्र में वर्तमान सांसद मोहन मांडवी प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।लेकिन जिस तरह से 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने नए प्रत्याशियों पर दांव खेला था।ऐसी स्थिति निर्मित होती है तो अन्य प्रमुख दावेदार मैदान में डटे हुए हैं।जिनकी देवदारी प्रमुखता सामने आ रही है।इसमें सिहावा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह की दावेदारी बहुत मजबूत मानी जा रही है। पिंकी शिवराज शाह लोकसभा चुनाव की तैयारी को ध्यान में रखते हुए काफी समय से सभी आठों सीटों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रवास करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराती रही हैं।ऐसा बताया जा रहा है कि बालोद,कांकेर, कोंडागांव एवं धमतरी जिला के संगठन के अधिकांश पदाधिकारी पिंकी शिवराज शाह को निर्विवाद प्रत्याशी के रूप में देख रहे हैं। इसके साथ ही कांकेर लोकसभा सभा में और भी प्रमुख दावेदार हैं।जिनमें कांकेर के पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, सतीश लाटिया,मीरा सलाम का नाम सामने आ रहा है।

अरूणाचल प्रदेश में आयोजित आल इंडिया वेटलिफ्टिंग फेडरेशन सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के लिए वीणा ने जीता रजत

0

 

दल्लीराजहरा:- राजहरा खदान समूह के सांसद प्रतिनिधि मुश्ताक अहमद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आयरन ओर वेटलिफ्टिंग क्लब राजहरा मांईस की महिला खिलाड़ी वीणा ने अरूणाचल प्रदेश में आयोजित आल इंडिया वेटलिफ्टिंग फेडरेशन सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के लिए एक रजत और एक कांस्य 45 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग की प्रतियोगिता में जीतकर राजहरा नगर और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है।ईस प्रतियोगिता में वीणा ने 63 किलोग्राम स्नैच और 85 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क कुल 148 किलोग्राम वजन उठाकर राजहरा नगर और छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रौशन किया है। वेटलिफ्टिंग खेल एक नेशनल ओलंपिक खेल है और राजहरा आयरन ओर वेटलिफ्टिंग क्लब की महिला खिलाड़ियों ने अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर 08 पदक जीते है जोकि छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के किसी भी यूनिट के द्वारा जीते गये पदक तालिका में सर्वश्रेष्ट है। साथ यह बात भी महत्वपूर्ण है कि आदिवासी अंचल की महिला आदिवासी खिलाड़ियों को अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी,राजीव पांडे ,शहीद कौशल अवार्डी व वेटलिफ्टरअनिता शिंदे के द्वारा ट्रेनिग और उत्कृष्ठ मार्गदर्शन होने के साथ ही साथ खेल के प्रति सूदूर गरीब आदिवासीयों में भी महिला खिलाड़ी जो कि आस- पास के ग्रामीण क्षेत्र से है उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रतिनिधीत्व कराना और पदक जीतकर भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा माइंस ,जिला व राज्य में आदिवासी महिला खिलाड़ियों के (भारत सरकार कौशल उन्नयन योजना) के लिए आदर्श स्थापित किया है। आयरन ओर वेटलिफ्टिंग क्लब की महिला खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 08 पदक(3राष्ट्रीय पदक अनिता शिंदे,4वीणा ठाकुर व 1 मोनिका ध्रुव)जीतने वाला छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में यह पहला एथलीट क्लब है राजहरा माइंस,राजहरा ।

इन उत्कृष्ट खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए भारत सरकार के खेल मंत्री ने सांसद श्री विजल बघेल व श्री मोहान मंडावी जी की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ में मिनी खेलों इंडिया योजना के अंतर्गत दो मिनी खेलों इंडिया वेटलिफ्टिंग सेंटर खोलने की अनुमति प्रदान की जिसमें एक रायपुर और दूसरा आदिवासी अंचल दल्ली राजहरा में खोला गया है। ताकि आदिवासी अंचल के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का अनूठा प्रदर्शन कर मोदी जी के द्वारा खिलाड़ियों के सशक्तिकरण और भारत सरकार के योजनाओं का अंतिम ब्यक्ति और समाज तक पहुचाने को दृढ़ संकल्पित होने का प्रमाण है। राजहरा आयरन ओर वेटलिफ्टिंग क्लब की महिला खिलाड़ियों की ईस उत्कृष्ट प्रदर्शन और नगर व प्रदेश का नाम रौशन करने के लिए खदान मजदूर संघ भिलाई संबद्ध भारतीय मजदूर संघ ने सभी महिला खिलाड़ियों को बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं दी और साथ ही महिला खिलाड़ियों को आश्वस्त किया है कि भारतीय मजदूर संघ परिवार हर परिस्थिति में आप लोगों के साथ है हमसे आप लोगों की सुविधाओं के विस्तार के बीएसपी प्रबंधन से बातचीत कर व्यवस्था करवाई जायेगी।

विनीत

मुश्ताक अहमद सांसद प्रतिनिधि राजहरा खदान समूह राजहरा

MOST POPULAR

HOT NEWS