- स्वच्छता के पहरेदारों को शहरवासियों ने किया नमन
- विधायक, कलेक्टर, मेयर ने पुष्पगुच्छ से किया सम्मान
- नेता प्रतिपक्ष ने कराया भोजन, लोगों ने दिए गिफ्ट
जगदलपुर नगर की स्वच्छता के झंडाबरदारों के लिए नववर्ष की नई सुबह खुशियों की सौगात लेकर आई। स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को किसी ने सम्मानित किया, किसी ने भोजन कराया, तो किसी ने गिफ्ट दिया। जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और वरिष्ठ अधिकारियों से ऐसा सम्मान पाकर स्वच्छता के ये अग्रदूत भावविव्हल हो उठे।
नमन अभियान में आज पूरे शहरवासियों ने मिलकर स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों का सम्मान किया। सभी ने अपने- अपने घर पर कचरा संग्रहण करने पहुंचे स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों का पुष्प गुछ देकर सम्मान किया। शहर वासियों द्वारा किए गए सम्मान से अभिभूत हो उठे सफाई कर्मचारी। जगदलपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए अथक परिश्रम करने वाली स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के सम्मान के लिए शहरवासियों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। नएवर्ष के प्रथम दिन नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाए गए नमन अभियान के तहत शहरवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। नमन अभियान के तहत नगर निगम द्वारा नए वर्ष पर स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के सम्मान के लिए की गई इस पहल में शहर की जनता बढ़- चढ़कर शामिल हुई और उन्हें पुष्प भेंट किया। स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के सम्मान के लिए बच्चे, बूढ़े सभी आयु और आय वर्ग के नागरिक सुबह से ही आतुर दिखाई दिए। कचरा एकत्रित करने घर पहुंचे स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को पुष्प भेंट किया। स्थानीय विधायक किरण देव, महपौर सफीरा साहू, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, सभी एमआईसी सदस्य, नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे, समस्त पार्षद, बस्तर चेंबर ऑफ कामर्स, आंध्रा समाज, दलपत सागर बचाओ अभियान सहित सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। सभी ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाकर नागरिकों को स्वस्थ वातावरण प्रदान करने वाले सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के प्रति आभार व्यक्त करने का सुअवसर प्राप्त हुआ। ठिठुरती ठंड हो या मूसलाधार बारिश या चिलचिलाती धूप, ये लोग लगातार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भोर से ही अपने काम में जुट जाते हैं। यहां तक कि अल्प वेतन में हर घर के कचरे को बिना संकोच उठाते हैं। उन्हें कभी कभी किसी खतरनाक कचरे का भी सामना करना पड़ता है। साथ ही शहर की गंदी नालियों को साफ करते हैं।पहली बार दिखा ऐसा जज्बा
सफाई कार्य में योगदान देने वालों के प्रति लोगों का नजरिया बदल रहा है। पहले लोग उन्हें हिकारत भरी नजरों से देखा करते थे, लेकिन अब लोग उन्हें सम्मान भरी नजरों से देखने लगे हैं। शहर के इतिहास में स्वच्छता के इन अग्रदूतों के सम्मान के लिए ऐसा जज्बा पहली बार देखने को मिला। नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी की पहल की इसमें बड़ी भूमिका है। अपनी कर्मठता से शहर को साफ रखने वालों के उत्साहवर्धन के लिए जगदलपुर नगर निगम की पहल निश्चित तौर पर सराहनीय है। नगर निगम की यह पहल स्वच्छता के प्रति समर्पित स्वच्छता दीदियों और सफाई कर्मियों के प्रति नागरिकों के मन में दृष्टिकोण में परिवर्तन के साथ संबंधों को भी बेहतर बनाने में सफल होगा। आयुक्त हरेश मंडावी ने नमन अभियान को सफल बनाने के लिए शहरवासियों द्वारा किए गए इस कार्य के लिए धन्यवाद देते शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में इसी तरह निगम प्रशासन का साथ देने की बात कही।
स्वच्छता के झंडाबरदारों के लिए खुशियां लेकर आया नया साल
नए कानून के विरोध में चक्काजाम किया सड़क के शहंशाहों ने
- जगदलपुर में स्टेयरिंग छोड़ो हड़ताल का किया आगाज
- केंद्र सरकार के निर्णय को बताया काला कानून
जगदलपुर केंद्र सरकार द्वारा परिवहन संबंधी बनाए गए कानून के विरोध में सड़क के शहंशाह कहे जाने वाले वाहन चालक सड़क पर उतर आए हैं। ट्रक, मिनी ट्रक और दूसरे वाहनों के ड्राइवर 1 जनवरी को क्लच, ब्रेक से पैर और स्टेयरिंग से हाथ हटाकर सड़क पर कूद पड़े। आज वेयर हाउस कुम्हारपारा के पास वाहन चालक सांकेतिक धरना प्रदर्शन करते हुए अपने -अपने वाहनों की स्टेयरिंग छोड़कर जमीन पर उतर आए। दूसरे अन्य व्यवसाय से जुड़े वाहन चालकों ने भी केंद्रीय मंत्री अमित शाह के निर्णय को अलोकतांत्रिक बताया है।
वाहन चालक विनोद कुमार नाग ने कहा कि चालक कभी भी अपनी मर्जी से दुर्घटना नहीं करते हैं। दुर्घटना भूलवश व गाड़ी में खराबी आ जाने व सामने वाले की गलती की वजह से होती है। दुर्घटना के लिए ऐसा कड़ा कानून सीधे सीधे दमनकारी है। इसके विरोध में बड़ा आंदोलन करना मजबूरी होगी। दूसरी तरफ एशिया की सबसे बड़े परिवहन संघ ने अपना पत्ता नहीं खोला है। इसे लेकर कई चर्चाओं का बाजार शहर में गर्म है।
परियोजना अधिकारी ने की रोजगार साहयकों से उगाही
- हर रोजगार सहायक से वसूले 10 से 15 हजार रु.
-अर्जुन झा-
बकावंड जनपद पंचायत बकावंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के बाद अब विकासखंड में पदस्थ राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के परियोजना अधिकारी भी अवैध उगाही के आरोप से घिर गए हैं। आरोप है कि प्रोजेक्ट ऑफिसर कौस्तुभ वर्मा ने भारी भरकम राशि की वसूली की है। उन्होंने भी सीईओ श्री मंडावी की तरह ही कांग्रेस के चुनावी फंड के लिए यह वसूली की है।
जनपद पंचायत बकावंड के सीईओ एसएस मंडावी पर बीते विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के चुनावी फंड के लिए जनपद की सभी 93 ग्राम पंचायतों के सचिवों से करीब बीस लाख रुपए संग्रहित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह आरोप क्षेत्र के एक बड़े भाजपा नेता ने लगाया है। इस भाजपा नेता के मुताबिक यह चुनावी फंड कांकेर के एक बड़े कांग्रेस नेता के कहने पर इकट्ठा किया गया था। इस मामले की शिकायत उच्च स्तर पर की गई है। अब ऐसा ही गंभीर आरोप रोजगार गारंटी योजना के क्षेत्रीय परियोजना अधिकारी कौस्तुभ वर्मा पर भी लगे हैं। श्री वर्मा द्वारा स्वयं के लिए तथा कांग्रेस के चुनावी फंड के लिए बकावंड जनपद पंचायत की सभी 93 ग्राम पंचायतों में कार्यरत रोजगार सहायकों से 10 हजार से लेकर 15 हजार रुपए तक वसूले जाने की खबर है। पीड़ित रोजगार सहायकों ने क्षेत्र के भाजपा नेताओं के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की है। उनका कहना है कि परियोजना अधिकारी ने चुनाव के दौरान ही प्रत्येक रोजगार सहायक से औसतन पंद्रह हजार रुपए तक की उगाही दबाव पूर्वक की है। कहा जा रहा है कि परियोजना अधिकारी कौस्तुभ वर्मा ने भी कांग्रेस के चुनावी फंड जुटाए हैं। इस मामले की भी शिकायत मुख्यमंत्री से की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते आ रहे हैं कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। मगर मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारी जमकर खा भी रहे हैं और अपने आकाओं की झोली भी भर रहे हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए प्राप्त करोड़ों रुपयों की बस्तर संभाग में खुलेआम बंदरबांट हो रही है। पंचायत सचिव और रोजगार सहायक इतनी बड़ी रकम अपनी जेब से तो दिए नहीं होंगे। रकम जुटाने के लिए उन्हें निर्माण एवं विकास कार्यों में गड़बड़ी करने की खुली छूट दे दी गई होगी, तभी लाखों रुपए जमा किए जा सके होंगे।केंद्र की राशि की बंदरबांट
केंद्र सरकार पोषित राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्माण मूलक कार्यों के लिए हर ग्राम पंचायत को करोड़ों रुपयों का आवंटन प्राप्त होता है। इन कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी परियोजना अधिकारी पर होती है। सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को मोहरा बनाकर परियोजना अधिकारी स्वीकृत राशि में जमकर गड़बड़ी करते हैं। मस्टररोल में फर्जी हाजिरी डालकर लाखों के वारे न्यारे किए जाते हैं। यही वजह है कि सारे के सारे मैदानी अमले लाल हुए जा रहे हैं। परियोजना अधिकारी के संरक्षण में बकावंड विकासखंड में भी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के कार्यों में खूब गड़बड़ी हुई है।अब सरकार बदलते ही पीड़ित रोजगार सहायकों द्वारा अपनी पीड़ा सामने लाई जा रही है।
आबकारी विभाग के बड़े अफसर कर रहे हैं ब्लंडर फ्राड
- ब्लंडर प्राइड, सिग्नेचर की जगह खपवा रहे हैं लोकल
- शराब निर्माता कंपनियों से ले रहे हैं जमकर कमीशन
-अर्जुन झा-
जगदलपुर बस्तर संभाग ही नहीं बल्कि अमूमन पूरे छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग के बड़े अधिकारी शासन और शराब प्रेमियों के साथ ब्लंडर फ्राड कर रहे हैं। ब्लंडर प्राइड, सिग्नेचर, ओल्ड मंक जैसी ब्रांडेड शराब की जगह हल्के दर्जे की लोकल शराब सरकारी दुकानों के जरिए खपाई जा रही है। लोकल शराब निर्माता कंपनियों से भारी भरकम कमीशन लेकर इन कंपनियों द्वारा निर्मित शराब की बिक्री करवाई जा रही है। ग्राहकों को यह कहकर छला जा रहा है कि ब्रांडेड शराब का उत्पादन बंद हो गया है। वहीं दूसरी ओर लोकल शराब में भी मिलावट का खेल चल रहा है। इस तरह ग्राहकों और शासन को दो तरफा चूना लगाया जा रहा है।
बस्तर संभाग समेत पूरे छत्तीसगढ़ की ज्यादातर अंग्रेजी शराब दुकानों में ग्राहकों को ब्लंडर प्राइड, सिग्नेचर, ओल्ड मंक, हंड्रेड पाइपर व अन्य ब्रांडेड व्हीस्की में नहीं मिल रही है। इन ब्रांडों वाली शराब की मांग करने पर ग्राहकों से कहा जाता है कि इनका उत्पादन बंद हो गया है और लंबे समय से आपूर्ति भी नहीं हो रही है। इनकी जगह ग्राहकों को 8 पीएम, एसी नीट, इंडिया नंबर 1, फ्रंट लाइन, आईबी, विकर, पार्टी स्पेशल जैसी हल्की क्वालिटी की लोकल शराब की बोतलें थमा दी जाती हैं। ग्राहकों से इनकी कीमत ब्रांडेड शराब की जैसी वसूली जाती है। ग्राहक मन मार कर ऐसी स्तरहीन शराब खरीदने मजबूर हो जाते हैं। शराब दुकानों में कार्यरत सेल्समैन बार बार यही दुहाई देते रहते हैं कि आप जिस ब्रांडेड शराब की डिमांड कर रहे हैं, उसका उत्पादन तो सालों से बंद हो गया है। जबकि सच्चाई यह है कि उल्लेखित ब्रांड की तमाम शराब अभी भी कई राज्यों में आसानी से मिल रही है। मध्यप्रदेश, ओड़िशा, दिल्ली, राजस्थान, आंध्राप्रदेश, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों की शराब दुकानों में हर ब्रांडेड कंपनी की अंग्रेजी शराब मिल जाती है। सूत्र बताते हैं कि छत्तीसगढ़ में उक्त ब्रांडेड शराब की बिक्री कमीशनखोरी के चक्कर में नहीं करवाई जा रही है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व गोवा की कुछ शराब निर्माता कंपनियों ने आबकारी विभाग के राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही जिलों में पदस्थ जिला आबकारी अधिकारियों को खरीद लिया है। जिस तरह दवा निर्माता कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट की खपत बढ़ाने और हर डॉक्टर तक पहुंच बनाने के लिए मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) नियुक्त कर रखे हैं, उसी तरह लोकल शराब निर्माता कंपनियों ने अपनी शराब की बिक्री बढ़ाने के लिए वाइन रिप्रेजेंटेटिव (डब्लूयूआर) नियुक्त कर रखे हैं। शराब कंपनियों के ये प्रतिनिधि सीधे जिला आबकारी अधिकारियों के संपर्क में रहते हैं। वे कंपनी के पैकेज, कमीशन, बेशकीमती गिफ्ट्स आदि का लालच देकर आबकारी अधिकारियों से अपना प्रोडक्ट बिकवाने में सफल हो जाते हैं। मोटी रकम और महंगे गिफ्ट के प्रलोभन में फंसे अधिकारी शराब निर्माता बड़ी कंपनियों को दरकिनार कर लोकल कंपनियों की शराब बिकवाने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। यही वजह है कि अंग्रेजी शराब दुकानों से ब्रांडेड शराब गायब हो गई है और लोकल शराब की बहार आ गई है। सूत्रों के मुताबिक बस्तर संभाग के बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव जिलों की शराब दुकानों के जरिए धड़ल्ले से लोकल ब्रांड की अंग्रेजी शराब खपाई जा रही है। लोकल शराब निर्माता कंपनियों से जिला आबकारी अधिकारियों को हर माह लाखों रुपए बतौर कमीशन मिल रहे हैं।शराबियों की जान से खिलवाड़
शराब प्रेमी ग्राहक हल्की शराब पीने तो मजबूर हैं ही, उनके साथ करेला, ऊपर से नीमचढ़ा वाली कहावत भी चरितार्थ हो रही है। उन्हें लोकल शराब भी ढंग की नहीं मिल रही है। पीने वाले बताते हैं कि दुकानों के सेल्समैन और सुपरवाइजर भी शराब की बोतलों में पानी व केमिकल की मिलावट कर कमाई करने में लगे हुए हैं। मिलावट के चलते शराब और भी ज्यादा स्तरहीन हो जाती है। ऐसी घटिया शराब जैसे ही हलक में उतरती है, पीने वाले को उबकाई आने लग जाती है। आबकारी अधिकारी, सुपरवाइजर और सेल्समैन शराब प्रेमियों की जान से खिलवाड़ भी कर रहे हैं। ऐसे में कभी भी बड़ी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
ब्लॉक के 93 पंचायत सचिवों से वसूले गए थे 20 लाख
- रकम उगाही की जिम्मेदारी एक चहेते सचिव को दी गई थी
- कांग्रेस को चुनावी फंड उपलब्ध कराने का मामला
- बकावंड जनपद सीईओ मंडावी पर है गंभीर आरोप
अर्जुन झा
बकावंड जनपद पंचायत बकावंड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी पर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए चुनावी फंड उपलब्ध कराने व कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में पंचायत सचिवों को झोंक देने के मामले में नया खुलासा हुआ है। खबर है कि एक चहेते सचिव को विकासखंड के सभी 93 पंचायत सचिवों से तयशुदा रकम वसूलने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस सचिव के जरिए लगभग बीस लाख रू. संग्रहित किए गए थे। यह रकम किस शख्स के पास भेजी गई, इसका खुलासा होना बाकी है। खबर है कि कांकेर के एक बड़े नेता के इशारे पर यह रकम जमा की गई थी और उसका उपयोग कांग्रेस के चुनाव अभियान में किया गया है।मंडल भाजपा करपावंड के प्रभारी एवं बस्तर जिला भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य नारायण बिसाई ने आरोप लगाया है कि बकवंड जनपद पंचायत के सीईओ एसएस मंडावी विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के एजेंट की तरह काम कर रहे थे। उन्होंने पंचायत सचिवों से धन एकत्रित कर कांग्रेस को चुनावी फंड उपलब्ध कराया था। इसके अलावा सीईओ पर पंचायत सचिवों से कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार कराने का भी आरोप लगा है। साथ ही विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि में से कमीशनखोरी के भी आरोप हैं। श्री बिसाई ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर को पत्र लिखकर श्री मंडावी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बीच एक नया खुलासा यह हुआ है कि बकावंड जनपद की 93 ग्राम पंचायतों के सचिवों से करीब बीस लाख रुपए जमा किए गए थे और इस रकम को अज्ञात शक्ति के पास भेजा गया था।

कांकेर के नेता के इशारे पर खेल
कहा जा रहा है कि पंचायत सचिवों से रकम वसूली की जिम्मेदारी एक खसमखास पंचायत सचिव को सौंपी गई थी। सूत्र बताते हैं इस खेल में पर्दे के पीछे कांकेर जिले के एक बड़े नेता का हाथ रहा है। इसी नेता के इशारे पर सीईओ ने फंड जमा करवाया था। सचिवों से रकम उगाही की खबर इस समाचार पत्र में प्रकाशित होने के बाद सभी पंचायत सचिवों में खलबली मच गई है। राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं के करीबी माने जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बकावंड जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी भी अब भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं। मंडावी पर कांग्रेस शासनकाल में जमकर भ्रष्टाचार करने का आरोप है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में उन्होंने खूब धन अर्जित किए हैं। नारायण बिसाई ने कहा है कि कांग्रेस शासनकाल में जनपद क्षेत्र के गांवों में विकास एवं निर्माण कार्यों में जमकर अनियमितता बरती गई है। इन कार्यों की समीक्षा और गुणवत्ता में जमकर ढिलाई बरती जाती रही। ताकि अधिक से अधिक धन वसूला जा सके। इस अवैध कृत्य में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी संरक्षण देते रहे हैं। बिसाई ने आरोप लगाया है कि जनपद सीईओ द्वारा कांग्रेस के लिए चंदा इकट्ठा कर चुनावी फंड उपलब्ध कराया गया और कांग्रेस के पक्ष में काम किया गया। श्री बिसाई का यह भी आरोप है कि सीईओ ने सभी पंचायत सचिवों को चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में काम करने के लिए दिन रात लगा दिया था|
स्वच्छता के ध्वज वाहकों का आज हर नागरिक करे सम्मान
जगदलपुर हम सभी के द्वारा उत्पन्न किए गए कचरे की जो लोग सफाई करते हैं वे वह नर नहीं नारायण है, वह नारी नहीं नारायणी हैं। ये लोग वंदनीय और अभिनंदनीय हैं। ऐसी पुण्य आत्माओं का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व है। नगर के समाजसेवी ने कहा है कि हम सभी के घरों से निकलने वाले कचरे को रोज सुबह दरवाजे पर पहुंचकर संग्रहित करने वाली स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के पुण्य कार्यों को नववर्ष के प्रथम दिन 1 जनवरी को नमन कर उन्हें प्रोत्साहित करें, उन्हें पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित करें या अन्य प्रकार से उनका प्रोत्साहन करें। ताकि जगदलपुर शहर स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच सकें। उनके
अभिनंदन की फोटो संग्रहण हेतु वाट्सएप पर भी भेजें।
फिर पकड़े गए 15 हजार रू. के गांजे के साथ दो आरोपी
- आरोपी मोटरसाइकिल से कर रहे थे गांजा की तस्करी
- आरोपियों के कब्जे से 1.480 किलो गांजा बरामद
नगरनार थाना नगरनार क्षेत्र में 29 वर्षीय युवक नवीन पुजारी पिता जगन्नाथ पुजारी व एक अन्य युवक को गांजा की तस्करी करते पकड़ा गया है। नवीन पुजारी दाबगुड़ा थाना बिसिंगपुर जिला कोरापुट ओडिशा व मंगल बिसाई पिता चंदर बिसाई निवासी ग्राम टलनार थाना नगरनार के निवासी हैं। उनके कब्जे से 1किलो 480 ग्राम गांजा व एक बाईक बरामद की गई है।
एक व्यक्ति के बाईक की डिक्की में गांजा लेकर ओड़िशा से नगरनार की ओर आने की सूचना मिलने पर नगरनार में घेराबंदी कर आरोपी नवीन पुजारी पिता जगन्नाथ पुजारी उम्र 39 वर्ष निवासी दाबगुड़ा थाना बिसिंगपुर ब्लॉक बोरीगुमा जिला कोरापुट ओडिशा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 1.48 किलोग्राम गांजा मिला। गांजा की कीमत 14 हजार 800 रु. बताई गई है। एक मोटर साइकिल व मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। आरोपी का कृत्य अपराध धारा एनडीपीएस एक्ट का पाया जाने से आरोपी को गिरफ्तार कर उससे मेमोरेंडम कथन लिया गया। उसने जप्त गांजा को ग्राम टलनार निवासी मंगल बिसाई को देने ले जाना बताया। आरोपी मंगल बिसाई पिता चंदर बिसाई निवासी ग्राम टलनार थाना नगरनार को भी गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक शिवानंद सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक खेदूराम ठाकुर, आरक्षक भीमसिंह ध्रुव, चंद्र कुमार व सैनिक जगदीश सत्यनारायण ने अहम भूमिका निभाई।
बड़े मोरठपाल में अटल टिंकलिंग कार्यशाला का आयोजन
बकावंड सेजेस बड़े मोरठपाल में 26 से 30 दिसंबर तक 5 दिवसीय अटल टिंकरिंग लैब वर्कशॉप का आयोजन किया गया। भिलाई से आए प्रशिक्षक मानस देवांगन एवं अटल लैब प्रभारी विनय कुमार सिंधे ने छात्र – छात्राओं को टेक्नालॉजी आधारित प्रशिक्षण दिया। छात्रों ने उत्साह और जोश के साथ कार्यशाला में भाग लिया। सभी ने 10 नए प्रोजेक्ट बनाए। ये प्रोजेक्ट होम आटोमेशन, आटोमेटिक वाटर प्लांटेशन सिस्टम, स्मार्ट एग्रीकल्चर, स्मार्ट क्रासिंग सेफ्टी ग्लासेज फॉर ड्राइवर्स, डिस्टेंस मेजरेमेंट सिस्टम, एयर मॉनिटरिंग सिस्टम, रोबोटिक आर्म, स्मार्ट लैंप, वोटिंग मशीन आदि पर आधारित थे। अटल टिकरिंग लैब की स्थापना केंद्र सरकार के नीति आयोग द्वारा युवाओं में रचनात्मकता, जिज्ञासा और कल्पनाशीलता को बढ़ावा देने के लिए की गई है। सेजेस के प्राचार्य प्रेम बहाल सिंह ठाकुर ने छात्र -छात्राओं द्वारा बनाए गए मॉडल्स की प्रशंशा की और कहा कि इस कार्यशाला से विद्यार्थीयो में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
लोगों ने सुनी प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात
बकावंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने हेतु कार्यक्रम का आयोजन भाजपा बकावंड मंडल के उपाध्यक्ष रामजी नायक की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बारदा में किया गया। ग्रामीणों ने मोदी की बातों को ध्यान पूर्वक सुना और सराहा। इस दौरान किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य जितेंद्र पाणीग्रही, ग्राम पंचायत बारदा के सरपंच कमल मौर्य, उप सरपंच शसज्जन लाल, फालगू राम चौहान, घसुराम शैसिंग, सुरज चौहान, रेखा नायक, रामलाल चौहान, काशी नायक, सुकरु कश्यप, कैलाश पठेल, नरसिंह बधेल, एवं समस्त भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत उकारी में मनाया विकसित भारत संकल्प यात्रा
दल्लीराजहरा विकसित भारत संकल्प यात्रा दिनांक 31दिसंबर 2023 को ग्राम पंचायत उकारी में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुआ विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ की पूजा अर्चना सरपंच मती शिवरात्रि टेकाम ग्राम पंचायत उकारी ,मनीष झा मण्डल अध्यक्ष, सोमेश शोरी अध्यक्ष नगर पंचायत डोंडी, दिनेश अग्रवाल पूर्व विधायक प्रतिनिधि डोंडीलोहारा, अजय चौहान भाजपा कार्यकर्ता नगर पंचायत डोंडी मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी डी मंडले तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया उसी कड़ी मे माननीय प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मन की बात की 108 वी कड़ी का लाइव देश के नाम संदेश ग्राम पंचायत उकारी के कार्यक्रम स्थल पर आम नागरीको के समक्ष सुना गया |

मुख्य अतिथि मनीष झा मण्डल अध्यक्ष डोंडी के द्वारा आम नागरिकों एवं विभागीय अधिकारियों को स्वच्छता शपथ दिलाया गया तथा 100% डिजिलिटेशन के लिए ग्राम पंचायत उकारी के सरपंच श्रीमती शिवरात्रि टेकाम को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत विभिन्न योजनाओं के तहत प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ,उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन ,किसान क्रेडिट कार्ड ,आयुष्मान कार्ड ,प्रधानमंत्री बीमा योजना, प्रधान मंत्री सुपोषण योजना आदि के लाभांवित हितग्राहियों द्वारा स्वयं उद्बोधन कर अपनी कहानी बताया गया उक्त कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डी डी मंडले, परियोजना अधिकारी श्रीमति दीपा शाह महिला बाल विकास विभाग,कृषि विकास विस्तार अधिकारी यदु जी , अतिरिक्त मुख्य कार्यपालिका अधिकारी पाड़े एवं दीपेश रात्रे एवं समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ग्राम पंचायत उकारी सरपंच श्रीमती शिवरात्रि टेकाम,उप सरपंच, पंच एवं ग्रामीण जनों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा ग्रामीण आजीविका मिशन के महिलाओं एवं स्कूल के छात्राओं द्वारा धरती कहे पुकार के कार्यक्रम के तहत धरती माता को प्रदूषण मुक्त एवं साफ़ स्वच्छ रखने हेतु संकल्पित किया गया, उज्ज्वला गैस कनेक्शन के हितग्राहियों को गैस सिलेण्डर, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वच्छता कीट मुख्य अतिथि मनीष झा द्वारा प्रदान किया गया एवं कार्यक्रम प्रदान करने वाले बच्चों एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन के महिलाओं को मुख्य अतिथि के कर कमलों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया












