City Media - Page 641 of 1857 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 641

दीपक की रोशनी से तेलंगाना का मेडक भी जगमगाया

0

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने राज्य में कांग्रेस की ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास के बाद मिशन तेलंगाना के लिए निकल पड़े, यह तो सर्वविदित है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज ने देर रात तेलंगाना के मेडक विधानसभा में प्रत्याशी के पक्ष में सभा की और समां बांध दिया।

तेलंगाना में भी कांग्रेस के प्रति जबरदस्त माहौल है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद बैज की चुनावी सभा में उपस्थित जन सैलाब ने जाहिर कर दिया कि बस्तर का लाल और छत्तीसगढ़ का स्वाभिमान दीगर राज्य में भी कांग्रेस की विजय पताका फहराने में सक्षम है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बस्तर सांसद दीपक बैज अपने चुनावी दौरे पर तेलंगाना में हैं। जहां उन्होंने आज देर रात मेडक विधानसभा के चुनावी सभा में उपस्थित हजारों की संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

संविधान का पालन करके ही पा सकते हैं अधिकार : देवांगन

0
  • काकतीय कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर
    जगदलपुर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश मनीष कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में शासकीय काकतीय स्नात्तकोत्तर महाविधालय जगदलपुर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। आरंभ में माता सरस्वती एवं संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
    विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और प्राचार्य से संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रथम अपर एवं जिला सत्र न्यायाधीश डीआर देवांगन ने विधि छात्र छात्राओं को संविधान के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्य के अनुपालन से अवगत कराया।

 

उन्होंने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर रौशनी डालते हुए कहा कि संवैधानिक दायरे में रहकर तथा संविधान का पालन करते हुए ही अधिकारों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक सेवा योजनाओं की भी जानकारी दी। जगदलपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुपनारायण पठारे ने विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अब न्याय पाने में गरीबी बाधक नहीं है। द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वर्ग -1 अनिता ध्रुव ने विद्यार्थियों को संविधान, राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता की रक्षा व संवैधानिक मूल्यों के पालन के लिए प्रेरित करते हुए मूलभूत अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. के. इंदिरा ने संविधान में प्रदत्त अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों को उन अधिकारों से अवगत कराने पर जोर दिया। इस दौरान विधि के छात्र छात्राओं ने गौर नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कॉलेज के विधि विभाग के प्राध्यापक मोहन सोलंकी, सभी प्राध्यापक, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मुंदीप्रसाद जोशी, चुन्नीलाल पाणिग्रही, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स जगन्नाथ भारती एवं कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

दल्ली राजहरा में व्योवृद्ध बीएसपी की पूर्व नर्स एवं समाज सेविका श्रीमती विधावती राम का 90 वर्ष की आयु में निधन

0

दल्लीराजहरा बड़े दुख के साथ आप सभी को यह सूचित किया जाता है कि श्रीमती विद्यावती राम 90 वर्ष निवासी इंदिरा कालोनी दल्ली राजहरा जो श्री न्युटन/अजय/नितिन/नलिनी राम (राजहरा पैथोलॉजी) की माता जी थी का,आज दिनांक 26/11/2023 को देहांत हो गया,उनका अंतिम संस्कार(funeral) कल दिनांक 27/11/2023 दिन सोमवार दोपहर 1 बजे जरागावं मुंगेली में होना तय हुआ है। आपने ने बीएसपी हॉस्पिटल दल्ली राजहरा में 30 वर्ष से ऊपर अपनी सेवाए दी अपने सरल सहज एवं सेवा भाव के कारण सभी की प्रिय थी

नेहरू नगर में महायज्ञ 2 को

0

भिलाई छत्तीसगढ़ में सुख, समृद्धि, खुशहाली, और उन्नति हेतु महायज्ञ का आयोजन नेहरू नगर भिलाई के कालीबाड़ी दशहरा मैदान पर 2 दिसंबर को किया जा रहा है। वैशाली नगर सीट के निर्दलीय विधायक प्रत्याशी इंजीनियर जयप्रकाश यादव ने बताया कि इस महायज्ञ में शिवशक्ति सिद्धेश्वर अखाड़ा अमृतेश्वर महादेव मंदिर मुंबई के गुरुदेव रुद्रनाथ पूजन अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। श्री यादव ने बताया कि महायज्ञ में संपूर्ण छत्तीसगढ़ की अनेक विभूतियों की उपस्थिति रहेगी। यज्ञ में आम नागरिक, युवा, माताएं समस्त परिवार उपस्थिति दर्ज कराकर पुण्य लाभ ले सकते हैं। आयोजन समिति के संयोजक जयप्रकाश यादव ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में इस महायज्ञ में उपस्थिति की अपील की है।

ओड़िशा निर्मित बियर की तस्करी कर रहा युवक पकड़ाया

0

बकावंड ओड़िशा से अंतर्राज्यीय मार्ग के जरिए होने वाली अवैध वस्तुओं और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देश पर पुलिस कड़ी नजर रखकर काम कर रही है। इसी कड़ी ने एक व्यक्ति को मोटर साईकिल से बियर की तस्करी करते पकड़ा गया।
एसएसपी एवं एएसपी के दिशा निर्देश पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भानपुरी घनश्याम कामड़े के सुपरविजन में 24 नवंबर को ओडिसा से एक बिना नंबर की पल्सर मोटर सायकल में अवैधअंग्रेजी शराब को छुपाकर छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए ला रहे युवक को बकावंड थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ नलपावंड नाका पर नाकाबंदी कर पकड़ा। जब संदिग्ध बाईक को रूकवाने का प्रयास किया गया तो चालक ने गाड़ी सहित भागने का प्रयास किया। पुलिस के जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।संदिग्ध व्यक्ति ने पूछताछ करने पर अपना नाम बलिराम कश्यप पिता कुमोराम कश्यप उम्र 30 वर्ष, निवासी किंजोली थाना बकावंड बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ओड़िशा निर्मित हंटर बियर की 12 बोतलों की पेटी बरामद की गई। बियर की कीमत रुपया 1800 रु बताई गई है। इसके अलावा नगद रकम 3050 रुपए भी उसके पास से मिली। बियर, रकम और मोटर सायकल को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय भेजकर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप, नीलाधर बघेल, आरक्षक बलिराम भारती, भोलाराम बघेल, जगतराम कश्यप, राहुल नेताम की भूमिका सराहनीय रही।

किसे नसीब होगी फलक, कौन फांकेगा खाक : बस यही चर्चा

0
  •  मतदान के बाद जीत- हार का जनता लगा रही कयास
  • जीत पर लगाई जा रही हैं रकम की बाजियां भी

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव निपटने के बाद प्रत्याशियों की जीत- हार की समीक्षा शहर के चौक- चौराहों से लेकर गलियों व चौपालों तक में हो रही है। आम मतदाता अपने पसंदीदा दल की जीत का दावा कर रहे हैं। सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है, जो तीन दिसंबर को खुल जाएगी। दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भाजपा के समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत का दावा ठोक रहे हैं। वहीं जीत के लिए बाजियां भी लगाई जा रही हैं। दूसरी ओर मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ा दी है। जिस तरह प्रत्याशी पूरी चुनावी प्रक्रिया के दौरान बस्तर जिले से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर खामोशी अख्तियार किए रहे, कुछ उसी अंदाज में मतदान करने के बाद अब मतदाताओं ने भी खामोशी की चादर ओढ़ ली है। सियासत से जुड़े किसी भी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाता इस बात की जरा भी भनक भनक नहीं लगने दे रहे हैं कि उन्होंने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। ऐसे में प्रत्याशियों और उनके झंडाबरदारों की बेचैनी बढ़ना तो लाजिमी ही है। वैसे लोकतंत्र में ये डर अच्छा है, वरना सियासी घोड़े बेलगाम हो जाते हैं।

जीत के दावों को ले बढ़ रहीं तल्खियां

जगदलपुर और बस्तर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होने के साथ ही जीत व हार पर मंथन का दौर शुरू हो गया है। इस बीच जीत के दावों को लेकर लोगों के बीच आपस में तकरार बढ़ गई है। बात बात में लोगों के सुर तेज हो जाते हैं। वहीं सामने वाला अपनी जिद पर अड़ा रहता है। नतीजतन जीत के दावे को लेकर आम लोगों के बीच तल्खियां बढ़ गई हैं। इस विधानसभा चुनाव ने लोगों के बीच की दूरियां बढ़ा दी है। क्योंकि नेता तो चुनावी जीत व हार के बाद कोई मजे करेगा, तो कोई मातम मनाएगा, लेकिन लोगों में हार जीत को लेकर बढ़ रहा मन मुटाव शायद जल्द दूर नहीं हो पाएगा। गांवों से लेकर शहर और कस्बों तक में अमूमन ऐसी ही स्थिति है। सभी जगहों पर जीत किसकी होगी वाली बहस विवाद का रूप ले रही है। समर्थक अपने मोबाइल से वोटों का आंकड़ा संग्रह कर रहे हैं। वहीं राजनीतिक पंडित गुणा -भाग निकाल रहे हैं कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा?

स्थानीय मुद्दों पर छाई रही खामोशी

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के बाद जहां एक ओर जीत- हार पर सर्वत्र चर्चा चल रही है, वहीं जन समस्याओं पर प्रत्याशियों की चुप्पी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आमजन इससे आहत भी हैं। लोगों का कहना है कि किसी भी स्थानीय बड़े मुद्दे पर प्रत्याशियों ने चुनाव के दौरान चर्चा नहीं की। एक तरफ सत्ताधारी दल के समर्थक विकास की बात करते हैं, तो विपक्षी इसे ठीक से मतदाताओं को समझा नहीं पाए। जिसका लाभ सत्ताधारी दल को मिलने के हल्के संकेत मिल रहे हैं। अब सवाल तो भविष्य के गर्भ में है कि जनता ने किसके पक्ष में फैसला सुनाया है?

कलेक्टर के निर्देश पर सतत जारी है विशेष सफाई अभियान

0
  •  निगम आयुक्त श्री मंडावी ने लिया व्यवस्था का जायजा
  •  कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मी को किया सस्पेंड
    जगदलपुर नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने रविवार को शहर के एसएलआरएम सेंटरों में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
    कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर 25 नवंबर से चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान के तहत आज शहर के एसएलआरएम सेंटरों का आयुक्त हरेश मंडावी ने द्वारा निरीक्षण किया। आयुक्त ने कचरा प्रबंधन, वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने की प्रक्रिया, सूखा एवं गीला कचरा पृथकीकरण प्रक्रिया अन्य सभी व्यवस्थाओं को बेहतर करने का निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि वेस्ट मटेरियल संग्रह के लिए अतिरिक्त समय देते जल्द व्यवस्थित करने के साथ उसका विक्रय कर स्वच्छता दीदियां अपनी आय बढ़ा सकती हैं।

एसएलआरएम सेंटरों की सारी व्यवस्था को व्यवस्थित करने का निर्देश आयुक्त ने दिया। आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान के तहत आज प्रवीर वार्ड एवं दलपत सागर रोड में चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। आयुक्त ने कुम्हारपारा स्थित वाहन यार्ड के निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते प्रभारी कर्मचारी विमल पांडे को निलंबित करने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। आयुक्त ने विशेष सफाई अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सजकता और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए स्वच्छता विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कार्यपालन अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, स्वच्छता विभाग के हेमंत श्रीवास, अजय बनिक, उप अभियंता अमर सिंह कश्यप, राजेश पांडे व अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

नगरनार प्लांट का जहरीला जल बना किसानों की जी का जंजाल

0
  • स्टील प्लांट से डेढ़ सौ एकड़ उपजाऊ जमीन हो गई बंजर
  • लगातार बहाया जा रहा प्लांट का जहरीला पानी
  • खेतों के अलावा निस्तारी तालाब भी हुआ प्रदूषित
    -अर्जुन झा-

नगरनार यहां स्थित इस्पात संयंत्र किसानों और ग्रामीणों के लिए मुसीबतों का सबब बनता जा रहा है। स्टील प्लांट से निकलने वाला जहरीला जल किसानों की जी का जंजाल बन गया है। इस अति प्रदूषित और जहरीले पानी से डेढ़ सौ एकड़ कृषि जमीन जल गई है और बंजर हो चुकी है तथा सार्वजनिक निस्तारी तालाब भी प्रदूषित हो चुका है।
बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से 18 किमी दूर स्थित नगरनार में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) द्वारा स्टील प्लांट की स्थापना की गई है। प्लांट में विभिन्न प्रक्रियाओं के दौरान जो पानी इस्तेमाल किया जाता है, उसके निस्तारण की व्यवस्था नहीं की गई है। स्टील निर्माण के वक्त विभिन्न धातुओं और केमिकल का उपयोग होता है। ये धातु तथा केमिकल पर्यावरण और जन स्वास्थ्य के लिए बड़े ही खतरनाक होते हैं। यही घातक धातु और केमिकल प्लांट में उपयोग होने वाले पानी के साथ मिलकर पानी को भी जहरीला बना देते हैं। यही जहरीला पानी नगरनार स्टील प्लांट के गेट नंबर 3 से होकर बाहर बहाया जा रहा है। यह जहरीला पानी नालियों के रास्ते आसपास स्थित खेतों, उपजाऊ जमीन और निस्तारी तालाब में पहुंच रहा है। यह पानी इस कदर खतरनाक श्रेणी का हो चुका रहता है कि उसके प्रभाव से खेतों की जमीन के साथ ही पड़त भूमि भी जल रही है। वहीं तालाब का पानी स्टील प्लांट के प्रदूषित पानी के असर से पूरी तरह प्रदूषण की चपेट में आ चुका है। तालाब का पानी ग्रामीणों के नहाने, निस्तार और मवेशियों के पीने एवं उन्हें नहलाने के लायक नहीं रह गया है। प्लांट प्रबंधन की मनमानी और लापरवाही का खामियाजा अंचल के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। प्लांट के जहरीले पानी की वजह से खेती की जमीन बंजर होती जा रही है और आने वाले समय में इस जमीन पर फसल लेना नामुमकिन हो जाएगा। ग्रामीणों के मुताबिक लगभग डेढ़ सौ एकड़ उपजाऊ जमीन जहरीले पानी से प्रभावित हो चुकी है। प्रभावित किसान इस बारे में कई बार प्लांट प्रबंधन और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें मुआवजे का भरोसा दिलाकर शांत करा दिया जाता है। मुआवजा ही इस विकराल समस्या का समाधान नहीं है। किसान कहते हैं कि मुआवजे से फौरी राहत तो मिल जाएगी, लेकिन अगर जहरीले पानी को खेत तक आने से नहीं रोका गया तो जमीन पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और उनके पास कमाई का कोई जरिया नहीं रह जाएगा। खेती ही ग्रामीणों की आजीविका का साधन है।ग्रामीण कहते हैं कि जिला प्रशासन भी इस मामले में प्लांट प्रबंधन को समझाईश देने की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रहा है।

नहीं लगाया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
नगरनार प्लांट की स्थापना को लगभग तीन साल बीतने को हैं, लेकिन एनएमडीसी और प्लांट प्रबंधन ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की ओर अब तक कोई ध्यान ही नहीं दिया है। इसका खामियाजा उन निरीह किसानों को भोगना पड़ रहा है, जो इस्पात संयंत्र की स्थापना के लिए अपनी सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन होम कर चुके हैं। उनकी बची खुची जमीन को भी अब स्टील प्लांट का जहरीला पानी निगलता जा रहा है। किसानों और किसानों पर आई इस मुसीबत के लिए प्लांट एवं एनएमडीसी प्रबंधन जिस हद तक जिम्मेदार हैं, उतना ही जिम्मेदार जिला प्रशासन भी है। ऐसा इसलिए क्योंकि वेस्टेज पानी के व्यवस्थित निस्तारण एवं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए जिला प्रशासन स्टील प्लांट प्रबंधन पर दबाव नहीं डाल पा रहा है।

कहां है प्रदूषण नियंत्रण मंडल?
इस पूरे मामले में प्रदूषण नियंत्रण मंडल की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। किसी भी तरह के उद्योग स्थापना के लिए प्रदूषण नियंत्रण मंडल और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के तमाम मापदंडों पर शत प्रतिशत अमल करना जरूरी होता है। इन मापदंडों में पेड़ – पौधों, जल और जमीन को ज्यादा क्षति न पहुंचाने, उद्योगों से निकलने वाले वेस्टेज केमिकल और दूषित पानी के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी शामिल है। हर तरह के उद्योग में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का भी जरूरी प्रावधान है। नगरनार में स्टील प्लांट स्थापना के लिए इन मापदंडों का पालन नहीं किया गया है।प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों ने नगरनार स्टील प्लांट के प्रदूषण से जल, जंगल और जमीन को हो रहे नुकसान की ओर देखने तक की भी फुरसत नहीं है। इसे देखते हुए अब ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि प्रदूषण नियंत्रण मंडल की स्थापना और वहां अधिकारियों की नियुक्ति का औचित्य ही क्या रह गया है?

गायब हो चुकी है हरियाली
प्लांट के गेट नंबर 3 की तरफ से निकलने वाले जहरीले पानी की वजह से उस ओर का पूरा माहौल प्रदूषित हो चला है। जिस नाली से दूषित पानी बह रहा है, उसके आसपास की जमीन पूरी तरह से काली हो चुकी है। उस पर जहरीले केमिकल और धातुओं की परत जम चुकी है। उसमें ऑइल के अलावा कई जहरीले कैमिकल समा चुके हैं। ग्रामीण बताते हैं कि गेट नंबर 3 के आसपास पहले काफी हरियाली हुआ करती थी, लेकिन अब वह हरियाली पूरी तरह गायब हो चुकी है। वहां कभी मवेशी चरने के लिए जाया करते थे। ग्रामीणों ने जमीन की स्थिति को देखते हुए अब वहां पर मवेशियों की चराई पर भी रोक लगा दी है।

तालाब का उपयोग हुआ बंद
प्लांट के जहरीले पानी ने सार्वजनिक निस्तारी तालाब के औचित्य ही समाप्त कर दिया है। स्टील प्लांट का खतरनाक पानी तालाब के पानी में भी समता जा रहा है। स्टील प्लांट के गेट नंबर 3 के सामने कुछ ही दूरी पर एक तालाब है। वह भी जहरीले पानी की वजह से पूरी तरह दूषित हो चुका है। पहले यह तालाब ग्रामीणों और उनके मवेशियों की निस्तारी के काम आया करता था, लेकिन अब ग्रामीणों ने इसका उपयोग बंद कर दिया है। जानवर भी अगर इसका पानी पीते हैं तो वह बीमार पड़ जाते हैं और उनकी मौत तक हो जाती है। तालाब का पानी प्लांट के प्रदूषित पानी के असर से काला और बदबूदार होता जा रहा है। ग्रामीण प्लांट जहरीले पानी के अव्यवस्थित निस्तारण का विरोध करते आ रहे हैं, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकला जा रहा है।
वर्सन
कोई सुनवाई नहीं
ग्रामीण और हम सभी पंचायत प्रतिनिधि प्लांट के जहरीले पानी के अव्यवस्थित निस्तारण का विरोध करते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आज तक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की भी स्थापना नहीं की गई है। यह स्थिति तीन साल से बनी हुई है। स्थिति भयावह हो चली है।
-लैखन बघेल,
सरपंच, नगरनार
वर्सन
ई मेल से रखेंगे अपना पक्ष
इस मामले में प्लांट प्रबंधन फोन पर अपना पक्ष नहीं रखेगा। मेल के जरिए पक्ष भेज दिया जाएगा।
रफीक अहमद जिनाबड़े
कम्युनिकेशन हेड, नगरनार स्टील प्लांट

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण योजनाओं के कियान्वयन एवं प्रचार प्रसार

0

बालोद, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के द्वारा संचालित योजनाओं के कियान्वयन एवं प्रचार प्रसार तथा छ०म० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के द्वारा जारी एक्शन प्लान के अनुसार संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलमांड में विधिक जागरूकता का कार्यकम आयोजित

किया गया। उक्त शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालोद के सचिव श्रीमती

सुमन सिंह के द्वारा छात्र छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मूल

कर्तव्य, पॉक्सो एक्ट, मोटरयान अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता व सलाह,

नेशनल लोक अदालत, नालसा का टोल फ्री नंबर 15100, सालसा का यूट्यूब चैनल

आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दिया गया। संविधान दिवस के अवसर

रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका अवलोकन सचिव जिला विधिक

सेवा प्राधिकरण बालोद श्रीमती सुमन सिंह के द्वारा किया गया और संविधान निर्माण

के संबंध में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागी बच्चों को

प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर उक्त

कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य श्री एन०के० मंडावी, स्कूल के शिक्षकगण, छात्र छात्रायें एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालिगल वालिटियर्स उपस्थित रहें।

मिशन तेलंगाना के लिए निकल पड़े पीसीसी चीफ बैज

0
  • प्रत्याशियों के प्रचार के लिए तेलंगाना पहुंचे छ्ग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर ‘मिशन छत्तीसगढ़’ में अपनी नेतृत्व क्षमता का दम दिखा चुके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज अब मिशन तेलंगाना के लिए निकल पड़े हैं। उन्होंने तेलंगाना की चुनावी जंग में मोर्चा भी सम्हाल लिया है।
    छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने के लिए दोनों चरणों के चुनावों में भरपूर प्रयास करने के बाद अल्प अवधि के तीर्थाटन और पारिवारिक सैर सपाटे से निबटकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से सटे राज्य तेलंगाना के विधानसभा चुनाव की जंग पर कूच कर गए हैं। वे तेलंगाना राज्य के चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए डट गए हैं। तेलंगाना राज्य बस्तर की सीमा से लगा हुआ है और बस्तर सांसद के तौर पर दीपक बैज का तेलंगाना में भी व्यापक प्रभाव है। जगदलपुर- हैदराबाद नागरिक विमान सेवा और इसके संचालन में नागरिक सुविधाओं को लेकर सक्रिय रहने वाले दीपक बैज की अच्छी खासी लोकप्रियता तेलंगाना में भी है। वहां के आदिवासी समाज के बीच भी दीपक बैज की गहरी पैठ है। उल्लेखनीय है कि श्री बैज कांग्रेस के अनुसूचित जनजाति विभाग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। अनुसूचित जाति जनजाति समाज के हक में संसद में दीपक बैज के प्रयासों की गूंज तेलंगाना में भी सुनाई देती रही है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक पीसीसी चीफ एवं सांसद दीपक बैज शनिवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव प्रचार के लिये इंडिगो की नियमित विमान सेवा के जरिए सुबह 11.10 बजे रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12.15 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैदराबाद पहुंचे। दीपक बैज दोपहर 12.30 बजे एनएमडीसी गेस्ट हाउस बंजारा हिल्स हैदराबाद पहुंचने के बाद फौरन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें सौंपे गए मिशन में जुट गए। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कमांडर दीपक बैज को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में तेलंगाना राज्य में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को और ज्यादा पुख्ता बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। वे पूर्व में भी बस्तर सांसद के रूप में विभिन्न राज्यों के चुनावों में कांग्रेस के लिए सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। छत्तीसगढ़ के चुनाव के गिनती के दिन शेष रहते हुए कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन की बागडोर सौंपी। तीन माह की छोटी सी समय सीमा में दिन रात काम करते हुए उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए कमर कस कर तैयार किया। दीपक बैज युवाओं के प्रेरक हैं और संगठन के कार्यकर्ताओं को साधने, उनमें जोश भरने की कला उन्हें बखूबी आती है। श्री बैज की यह कुशलता तेलंगाना में कांग्रेस के बहुत काम आएगी, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।

    तेलंगाना को मिलेगी छ्ग जैसी सरकार
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बस्तर सांसद दीपक बैज ने इस संवाददाता से बातचीत में कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर हमने अपने राज्य की एक एक सीट पर कांग्रेस की स्थिति का पूरी गंभीरता से आकलन किया है। छत्तीसगढ़ में हम निश्चित ही पिछली सफलता से ज्यादा आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने जनता के हित में जो काम किए हैं, उनका प्रतिफल जनता हमें दे चुकी है। कांग्रेस और भूपेश बघेल को जनता का पूरा आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। चुनाव परिणाम इसकी पुष्टि कर देंगे। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी कांग्रेस शानदार बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है, इसमें संदेह की कहीं कोई गुंजाइश नहीं है। तेलंगाना में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपने कर्मवीर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में तैनात है। हम सभी जीत के लिए अनथक प्रयास कर रहे हैं। तेलंगाना राज्य के निर्माण में हमारी नेता सोनिया गांधी की अहम भूमिका रही है और इस बार तेलंगाना राज्य की जनता बदलाव के लिए तैयार है। हमें भरोसा है कि हम तेलंगाना में भी सफल होंगे तथा जनता को लूटने वाली सरकार से मुक्ति दिलाकर जनता को पैसा देने वाली छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार जैसी सरकार तेलंगाना को देंगे।

MOST POPULAR

HOT NEWS