City Media - Page 889 of 1866 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 889

बजरंगदल बस्तर गौ रक्षा विभाग ने किया माँ गंगा महाआरती का आयोजन

0
  • गौ पूजन,माता को वस्त्राभूषण श्रृंगार,2100 दीपों से जगमगाया महादेव घाट, दिये से लिखा जय श्री राम उमड़े श्रद्धालुओं ने की आतिशबाजी

जगदलपुर मकर संक्रांति पर्व पर शहर के महादेव घाट पर गंगा आरती करके गंगा का गुणगान किया। जगदलपुर की जीवनदायिनी मां इंद्रावती (मंदाकिनी) के पावन तट पर महाआरती का आयोजन किया गयाl नगर गौ रक्षा प्रमुख योगेश ठाकुर, दीपक पनपालिया द्वारा गौ पूजन कर समाज को गौ सेवा गौ रक्षा के लिए उत्साहित किया घाट पर अर्चक पुरोहित पंडित पंकज मिश्रा,रुपेश त्रिपाठी,धर्मराज पानीगृही, रोहित आचार्य,पुरवेंदर ठाकुर,रोशन झा मंत्रोचार और विधि विधान से गंगा आरती का शुभारंभ किया। गंगा आरती में मुख्य रूप से अतिथि गौ सेवक दीपक पनपालिया हैप्पी कामधेनु गौशाला, सर्व आदिवासी समाज से राजाराम तोडेम,दशरथ कश्यप,विहिप विभाग मंत्री रवि ब्रह्मचारी,जिला अध्यक्ष लखिधर बघेल, उपाध्यक्ष उमा गुप्ता उपस्थित थे।


मुख्य आकर्षण माता को वस्त्राभूषण श्रृंगार समर्पित किया, भव्य शंखनाद, अनवरत २१०० दीप प्रज्वलित,दिये से लिखा जय श्री राम गौ पूजा,महिलाओ द्वारा हुए भजन,दीये व फूलों के साथ नदी पर प्रवाहित किया गया।देवी गंगा को यह प्रसाद पवित्र माना जाता है और इसका विशेष महत्व है।

प्रचार प्रमुख रोहन कुमार ने कहा नदी का धार्मिक ऐतिहासिक सामाजिक आर्थिक महत्वता को देखते हुए हमें नदी का संरक्षण व उसमें हो रहे प्रदूषण को रोकने अविरल निर्मल बनाने जन सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है तट पर शाम होते ही वातावरण भक्तिमय हो उठा मां गंगा को प्रणाम, कृतज्ञता प्रकट करते हुए ,शंखनाद की आवाज और मां गंगा के जयकारे,भव्य गंगा आरती का साक्षी बनने शहर से ग्रामीण क्षेत्र से पूजा अर्चना कर दर्शन लाभ लिए हनुमान चालिसा जय घोष प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ कार्यकारी अध्यक्ष अनिल अग्रवाल,गौ रक्षा प्रमुख मुन्ना बजरंगी ने सम्मिलित हुए श्रद्धालुओं और व्यवस्था में जुटे बजरंगदल नगर टीम, समस्त हिन्दू समाज का आभार प्रकट किया ।

हादसों में मृत विद्यार्थियों के परिजनों को मिली बीमा राशि

0
  • संसदीय सचिव रेखचंद जैन के प्रयासों से हुआ त्वरित भुगतान
  • छात्र दुर्घटना बीमा योजना के तहत हुआ था सात विद्यार्थियों का बीमा

जगदलपुर विभिन्न दुर्घटनाओं में मृत जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के सात छात्र – छात्राओं के परिजनों को विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने एक – एक लाख रुपए के चेक दिए।जिन विद्यार्थियों के परिजनों को चेक दिए गए, उनमें सेंट जेवियर्स स्कूल की छात्रा स्वयं भारती के पिता शैलेन्द्र भारती शा. उ. मा.वि. पंडरीपानी हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र कार्तिक की माता प्रेमबती, प्राथमिक शाला कोरपाल नियानार की छात्रा आसबती मंडावी के पिता कुरसो मंडावी, प्राथमिक शाला कोरपाल की छात्रा सुखदेई बेड़मा के पिता सुखराम बेड़मा, महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल क्रं. 1 की छात्रा मनवती मौर्य के पिता राजमन मौर्य, प्राथमिक शाला तितिरगांव की छात्रा दुलारी बघेल के पिता सुकचंद एवं प्रा. शा. धरमपुरा नं 2 के छात्र अमित मित्रा के पिता अधीर मित्रा शामिल हैं।

हितग्राहियों को संबोधित करते हुए विधायक जगदलपुर एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश दुर्घटनाओं में मृत छात्र – छात्राओं के परिजनों को तत्काल छात्र दुर्घटना बीमा योजना की राशि प्रदान की जा रही है। पूर्व की सरकार में जहां यह राशि दस हजार रुपए की थी, हमारी सरकार में दस गुना बढ़ाकर आज एक लाख रुपए प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि बच्चों की आकस्मिक मृत्यु अपूर्णीय क्षति है, जिसकी पूर्ति नहीं की जा सकती, पर आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके परिजनों को संबल प्रदान करने की कोशिश की जा सकती है। हमारी सरकार पीड़ित परिवारों के सुख-दुख में साथ खड़ी है।

पालकों ने माना बघेल – जैन का आभार

हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन तथा शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संसदीय सचिव रेखचंद जैन के प्रयासों से उन्हें एक एक लाख रुपए का चेक मिला है, इसके लिए वे संवेदनशील कांग्रेस सरकार के आभारी हैं। इस अवसर पर संसदीय सचिव रेखचंद जैन के साथ जनपद सदस्य एवं ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नीलूराम बघेल, मनोनीत पार्षद सुरेन्द्र झा, महामंत्री गौरनाथ नाग, विधि विभाग के जिलाध्यक्ष अवधेश झा, खंड शिक्षा अधिकारी मानसिंह भारद्वाज, एमएलबी स्कूल की प्राचार्य वंदना मदनकर, पंडरीपानी की प्राचार्य शीला सोनी, तितिरगांव की प्राचार्य सरस्वती साहू, धरमपुरा स्कूल क्रं 2 की प्राचार्य सावित्री कोर्राम, कोरपाल के प्राचार्य दीपक जैकब समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं परिजन उपस्थित थे।

धान खरीदी में 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की तैयारी कर रही भूपेश सरकार- ओजस्वी भीमा मंडावी

0

दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश मंत्री व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ओजस्वी भीमा मंडावी ने भूपेश बघेल पर धान खरीदी में 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली कर इस रकम की बंदरबांट करने की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि धान खरीदी में समितियों में तौल को लेकर व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की शिकायत पूरे प्रदेश हो रही है। किसानों से दो किलो तक अधिक धान प्रति कट्टा लिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में बालोद ज़िले के एक किसान से तो 8 क्विंटल अधिक धान ले लिया गया। जिससे उसे 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। वही किसानों से प्रति कट्टा साढ़े इकचालीस किलो धान घर से तौल कर लाने कहा जा रहा है। ओजस्वी भीमा मंडावी ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने किसानों को खुले आम लूटने का ठेका दे रखा है। अधिक तौल से प्रदेश में किसानों से 700 करोड़ वसूलने की योजना कांग्रेस सरकार ने बना रखी है। कुछ समय पहले कांग्रेस के एक नेता का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रहा था कि आने वाले समय में धान खरीदी होगी।तब समिति के हर सदस्य को 5-7 लाख रुपये कमाने का अवसर मिलेगा, और वह अवसर यही है। इस तरह तौल में किसानों से अधिक धान लेकर करीब 700 करोड़ रुपये की अवैध वसूली होगी। समिति सदस्यों में बंटवारा होगा। सरकार में बैठे लोगों के बीच बंटवारा होगा और बाकी रकम एटीएम वहीं भेज दिया जाएगा , जहां अवैध वसूली की रकम भेजी जा रही है।

सांसद दीपक बैज ने कोंडागांव में संभागीय छात्रावासी छात्र सम्मेलन को लेकर की बैठक

0

कोंडागांव आज स्थानीय कोंडागांव सर्किट हाउस में बस्तर सांसद दीपक बैज ने लगभग 20 वर्षों बाद होने वाले संभाग स्तरीय छात्रावासी छात्र सम्मेलन 25 जनवरी की तैयारियों को लेकर कोंडागांव के छात्र छात्राओं के साथ बैठक की। इस दौरान सांसद श्री बैज ने सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में छात्र छात्राओं को माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम में उपस्थित होने को कहा इस सभा को माननीय मुख्यमंत्री जी संबोधित करेंगे। बैठक के दौरान सांसद प्रतिनिधि कैलाश पोयाम, संभागीय छात्रावास संघ अध्यक्ष चैत राम कश्यप, अपर कलेक्टर, एस.डी.एम. व जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सड़क हादसे में पूर्व बीएमओ डॉ. भंवर गंभीर रूप से घायल

0
  • पद से हटाने के चलते तनावग्रस्त और विचलित थे डॉ. आरएस भंवर

जगदलपुर मॉडल हॉस्पिटल बकावंड के पूर्व बीएमओ डॉ. राधेश्याम भंवर बीती रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें महारानी अस्पताल जगदलपुर में भर्ती कराया गया है। उनके सिर पर गहरी चोट आई है।बीते 16 जनवरी को डॉ. भंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ( मॉडल हॉस्पिटल ) के बीएमओ पद से हटा दिए गए थे। उनकी जगह विवादित छवि वाले डॉ. हरीश मरकाम को बीएमओ बनाया गया है। खबर है कि मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी के इस फैसले से डॉ. भंवर मानसिक तनाव की स्थिति में थे।

इसी हालत में वे बीती रात अचानक अपनी कार से जगदलपुर के लिए रवाना हो गए थे। अपने खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा लिए गए एक्शन से डॉ. भंवर इस कदर विचलित हो चले थे, कि वे ढंग से कार भी नहीं चला पा रहा थे और इसी वजह से ग्राम आसना के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार संभवतः काफी तेज रफ्तार में थी। यही वजह है कि कार के परखच्चे उड़ गए। किस्मत की बात रही कि डॉ. भंवर की जान बच गई। उन्हें पुलिस वाहन 112 की मदद से रात 9 बजे महारानी अस्पताल जगदलपुर पहुंचाया गया, जहां उनका सघन उपचार चल रहा है। महारानी अस्पताल में भी डॉ. भंवर तेज आवाज में बडबड़ाते नजर आ रहे। वे बार बार बकावंड हॉस्पिटल के डॉ. सेठिया का नाम लेकर बोले जा रहे थे। हादसे के पीछे सीएमओ के फैसले को ही वजह माना जा रहा है।

डॉक्टरों की आपसी लड़ाई में मॉडल हॉस्पिटल बना कुरुक्षेत्र

0
  • विवादास्पद डॉक्टर को बीएमओ बनाकर सीएमओ ने कर दिखाया है आग में घी डालने का काम
  • नए बीएमओ की बदजुबानी से बढ़ने वाली है मरीजों की परेशानी

अर्जुन झा

बकावंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड ( मॉडल चिकित्सालय ) को डॉक्टरों ने आपसी लड़ाई में कुरुक्षेत्र बना दिया है। डॉक्टरों के बीच महाभारत छिड़ा हुआ है। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी इस महाभारत में धृतराष्ट्र और शकुनि जैसी भूमिका निभा रहे हैं। इस आग को बुझाने के बजाय सीएमएचओ ने एक ऐसा फैसला ले लिया है कि अब इस महाभारत में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की भी इंट्री हो सकती है। मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने एक ऐसे डॉक्टर को यहां का बीएमओ बना दिया है, जिनकी बदजुबानी और बदमिजाजी जग जाहिर है। इससे जन आक्रोश पनपना स्वभाविक है।

यह मॉडल हॉस्पिटल लंबे समय से विवादों के साये में है। बस्तर जिले के मौजूदा मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी भी इस हॉस्पिटल के बीएमओ रह चुके हैं। वे यहां की नब्ज और तासीर को अच्छी तरह समझते हैं, बावजूद उन्होंने समय रहते सकारात्मक कदम नहीं उठाया। उन्होंने मॉडल हॉस्पिटल में पदस्थ ऐसे डॉक्टरों को प्रश्रय देने का काम किया जो अपनी बदजुबानी, बदमिजाजी लापरवाही और मरीजों के प्रति संवेदनहीनता के लिए चर्चित रहे हैं। इस हॉस्पिटल में अनेक ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो पवित्र माने जाने वाले चिकित्सकीय पेशे के लिए कलंक साबित हुई हैं। कुछ दिनों पहले ओड़िशा के अमड़ीगुड़ा निवासी युवक के साथ जो त्रासदी इस हॉस्पिटल में हुई, उसने मानवता को झकझोर कर रख दिया और शर्म को भी शर्मिंदा कर दिया। अमड़ीगुड़ा निवासी अनुसूचित जाति का युवक थबीर बघेल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे लेकर परिजन इस हॉस्पिटल में अपरान्ह करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे थे। उस समय वहां एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। उसे प्राथमिक उपचार तक नहीं मिल पाया। कुछ घंटे बाद पहुंचे एक डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया, लेकिन डॉक्टर और बीएमओ की संवेदना तब भी नहीं जागी। युवक के शव को अस्पताल में भर्ती दर्जन भर मरीजों के बीच पूरी रात रखे रहने दिया गया। इस घटना का जब हरिभूमि ने खुलासा किया, तब मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने इस शर्मनाक घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों और बीएमओ के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उस नर्स को सस्पेंड कर दिया, जिसका इससे कोई वास्ता ही नहीं था। नर्स के निलंबन के पीछे जो दलील दी गई थी, वह भी बड़ी ही शर्मनाक थी। एक ऐसी महिला की मृत्यु के लिए नर्स को जिम्मेदार मानते हुए सस्पेंड किया गया था, जो जीवित है। बाद में उस महिला को हलफनामा पेशकर बताना पड़ा कि वह न सिर्फ जीवित है, बल्कि उसे नया जीवन डॉ. सेठिया और उक्त नर्स की बदौलत ही मिल पाया है।

जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार

मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने मॉडल हॉस्पिटल के बीएमओ डॉ. राधेश्याम भंवर को हटाकर डॉ. हरीश मरकाम को यहां का नया बीएमओ बना दिया है। डॉ. हरीश मरकाम का यह गृहग्राम है और वे यहां सन 2006 से पदस्थ हैं। स्थानीय निवासी होने के कारण उन्हें किसी का खौफ नहीं है और दो दशक से भी ज्यादा समय से बकावंड में ही तैनात रहने के कारण उनका व्यवहार भी मरीजों, उनके परिजनों और जनप्रतिनिधियों के प्रति बड़ा ही रुखा रहता है। हर किसी से दुर्व्यवहार करना उनकी फितरत बन गई है। बीते दिनों जिला पंचायत सदस्य सरिता पाणिग्रही के पति एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जितेंद्र पाणिग्रही रात आठ बजे अचानक मॉडल हॉस्पिटल पहुंचे, तब वहां एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। नर्स व अन्य कर्मी भी नदारद थे। ओड़िशा से इलाज के लिए लाए गए घायल युवक थबीर बघेल की डेड बॉडी वार्ड में मरीजों के बीच बेंच पर रखी हुई थी। भर्ती मरीजों में से किसी का ब्लड प्रेशर हाई हो चला था, तो किसी मरीज को चढ़ाई गई सलाईन की बोतल खाली हो चुकी थी। इस ओर देखने वाला कोई नहीं था, सिवा एक प्रशिक्षु नर्स के। इसी बीच अपने निजी काम से पहुंचे डॉ. हरीश मरकाम ने जितेंद्र पाणिग्राही पर बिना सोचे समझे बरसना शुरू कर दिया। डॉ. मरकाम ने श्री पाणिग्रही से दुर्व्यवहार किया और अपना काम कर किसी मरीज को देखे बिना घर लौट गए। डॉ. मरकाम कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसा ही सलूक कर चुके हैं। जितेंद्र पाणिग्रही के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ ने डॉ. मरकाम के खिलाफ कोई एक्शन तो नहीं लिया, अलबत्ता उन्हें ईनाम के तौर पर प्रमोट कर बीएमओ जरूर बना दिया। सीएमओ के इस फैसले को लेकर अंचल के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। नागरिक जल्द ही इसके खिलाफ सड़क पर उतर जाएं तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी।

बकावंड हॉस्पिटल के घटनाक्रमों से बस्तर कलेक्टर चंदन कुमार भी वाकिफ हो चले थे। कुमार ने सीएमओ को नसीहत दे रखी थी कि बकावंड हॉस्पिटल के संबंध में जो भी फैसला लें, सोच समझ कर लें। आम लोगों, मरीजों, उनके परिजनों और जनप्रतिनियों के मान सम्मान का ध्यान रखने वाले डॉक्टरों को ही बड़ी जिम्मेदारी सौंपे। सीएमओ ने कलेक्टर की नसीहत और सलाह को दरकिनार करते हुए अपनी मर्जी चलाकर इस हॉस्पिटल में बड़े फसाद को जन्म दे दिया है। अब जल्द ही अस्पताल की अंदरूनी लड़ाई में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भी इंट्री हो सकती है।

कलेक्टर की नसीहत नहीं मानी सीएमओ ने

भाजपा नेता की संदिग्ध हालत में मौत, पुलिया के नीचे मिला शव

0
  • घटना स्थल से आधा किमी दूर पड़े पाए गए मृतक भाजपा नेता के जूते

बस्तर जिला भाजपा के मंत्री बुधराम करटाम की संदेहास्पद परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले श्री कटराम का शव रास्ते में पुलिया के नीचे पाया गया। जबकि उनके जूते आधा किमी दूर पड़े पाए गए। जिले के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का परीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि श्री करटाम की हत्या कर शव को पुलिया के नीचे फेंका गया होगा।युवा नेता बुधराम करटाम नित्य की तरह तड़के 4 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। दिन निकलने के बाद राहगीरों की नजर जगदलपुर – गीदम रोड पर एक पुलिया के नीचे पड़ी उनकी लाश पर गई। श्री करटाम के जूते लाश मिलने की जगह से आधा किमी दूर पड़े मिले हैं। लाश मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई। घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से पदचिन्ह, जूते – चप्पल के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। इस बीच एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कुछ भाजपा विरोधी लोग इस मामले को दुर्घटना बता रहे हैं, जबकि मौके पर जो तथ्य देखने में आए हैं, वे हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। इस नेता के मुताबिक श्री करटाम का शव जिस पुलिया के नीचे मिला है, उस पुलिया से आधा किमी दूर उनके जूते पड़े पाए गए। अगर यह दुर्घटना का मामला होता, तो शव सड़क पर ही मिलता और कटराम के जूते भी शव के आसपास ही पड़े होते। भाजपा नेता ने इसे सरासर हत्या का मामला बताते हुए इसकी निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाने की जरूरत बताई है।

धर्मान्तरण कराने वालों पर कृपा, विरोध करने वालों पर रासुका

0
  • लालच देकर और जबरिया धर्म परिवर्तन के खिलाफ भाजपा नेताओं का कांग्रेस सरकार पर हमला

जगदलपुर आदिवासियों, पिछड़े वर्ग के लोगों तथा गरीबों को लालच देकर और जबरिया उनका धर्मान्तरण कराने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज न कर धर्मान्तरण का विरोध करने वाले आदिवासियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाने पर भाजपा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने सोमवार को यहां धरना दिया। भारतीय जनता पार्टी जिला बस्तर द्वारा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार को नगर के सिरहासार चौक पर अवैध धर्मांतरण कराने वालों पर जुर्म पंजीबद्ध करने की मांग को लेकर एवं अवैध धर्मांतरण का विरोध करने वालों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के 31 जिलों में रासुका लगाए जाने के विरोध में धरना दिया गया। धरने में मौजूद पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने मिशनरियों द्वारा आदिवासियों का कथित तौर पर अवैध धर्मांतरण कराए जाने का घोर विरोध करते हुए कहा कि धर्मांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। हमें बस्तर को धर्मांतरण मुक्त बनाना है। समाज की अस्मिता के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे। नारायणपुर में ईसाई मिशनरी के पास्टरों द्वारा जबरन धर्मांतरण कराने व आदिवासी संस्कृति को खत्म करने के षड्यंत्र के विरोध में आवाज उठाने वाले आदिवासियों को भूपेश बघेल सरकार गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। आदिवासियों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। यह न्याय संगत नहीं है। हम सबको मिलकर लड़ाई लड़ने की जरूरत है। जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि अवैध धर्मांतरण कराने वाले लोगों के ऊपर रासुका लगनी चाहिए। भोले भाले आदिवासियों को प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार का समय आ गया है। छत्तीसगढ़ के 31 जिलों में रासुका लगाकर आदिवासी संस्कृति को ख़त्म करने की साजिश भूपेश बघेल की सरकार ने रची है। इसका करारा जवाब हमें देना पड़ेगा। डॉ. सुभाऊ कश्यप, राजाराम तोड़ेम, परिश बेसरा, महेश कश्यप, संग्राम सिंह राणा ने भी संबोधित किया । कार्यक्रम का संचालन नरसिंह राव ने एवं आभार प्रदर्शन रूपसिंह मंडावी ने किया। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से किरण सिंह देव, लच्छू राम कश्यप, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पांडेय, रजनीश पाणीग्रही,बाबुल नाग, अनिल लुक्कड़, महेश कश्यप, बी. जयराम, सुरेश गुप्ता, राकेश तिवारी, अविनाश श्रीवास्तव, दिगंबर राव, उमाकांत सिंह, आर्यद्र सिंह आर्य, सतीश सेठिया, दीप्ति पांडेय, रामकुमारी यादव, माहेश्वरी ठाकुर, गीता नाग, ममता पोटाई, ममता राणा, आशमति विश्वास, बुधन कश्यप, धनमती प्रजापति, मंजुला ध्रुव, नारायणी गोस्वामी, गागरी यादव, रोशन झा, प्रेम कुमार यादव, मनोज पटेल, गणेश काले, प्रकाश झा, अभय दीक्षित, जयराम दास, आनंद झा, भुवनेश ध्रुव, मनोज ठाकुर, अभिषेक तिवारी, लक्ष्मण झा, शशिनाथ पाठक, डमरू नाग, हरीश पारेख, गणेश नागवंशी, रिंकू पांडेय, बलवंत गुणनादे, राजा यादव, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पॉल, राजेश श्रीवास्तव, तेजनारायण दुबे, दयाराम बघेल, योगेश सिंह ठाकुर, खलील खान, सतीश वाजपेयी, रामकुमार मंडावी, दिलीप झा, पी. लोकेश, रामेश्वर राव, राधेश्याम सेठिया, पिंटू ठाकुर, मानसिंह, मुरलीधर, रमेश, संजय, महेंद्र, मनोहर, प्रीतम, भरत, विकास, कमलेश, पुनीत, रुपेश, सुखदेव, पूरन, राजू, रमन चौहान, कमल पटवा, अमरनाथ झा, राममूर्ति पांडेय, रितेश सोनी, किशोर महावर, विपिन मालवीय, अतुल कौशल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

एसटी काउंसिल की बैठक में नगरनार प्लांट निजीकरण का प्रस्ताव

0
  • 26 जनवरी से कलकत्ता में बोली लगने की संभावना

जगदलपुर केंद्र सरकार की उपक्रम नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कारपोरेशन ने स्टील प्लांट का निर्माण बस्तर के नगरनार में किया है। यह प्लांट जबसे बन रहा है तब से विरोध के स्वर उठ रहें। इसी तारतम्य में अब केंद्र सरकार ने नगरनार स्टील प्लांट को बेचने की तैयारी की है जिसको रोकने छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति सलाहकार परिषद की बैठक में नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण को रोकने का प्रस्ताव पारित किया गया जिसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार ने निर्णय लिया है कि वह स्टील प्लांट चलाएगी किंतु केंद्र सरकार अनुभवी को ही प्लांट चलाने के लिए देने पर विचार कर रही है जिसके कारण अब वह खुले बाजार में बोली खोल रही है और 26 जनवरी से संभवतः इस मामले में प्रकिया शुरू हो।इन सबके बीच कल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक अनुसूचित जनजाति सलाहकार परिषद की हुई जिसमें नगरनार इस्पात संयंत्र का निजीकरण नहीं करने का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजने का भी निर्णय लिया गया।

कांग्रेस सरकार ने सुदूर अंचल तक पहुंचाई खुशहाली : लखमा

0
  • नक्सलगढ़ में आयोजित जन सुविधा शिविर में पहुंचे मंत्री
  • ग्रामीणों को वितरित किए राशन कार्ड, आधार कार्ड और पट्टे

जगदलपुर सुकमा जिले के नक्सलगढ़ चिंतलनार में जनसुविधा शिविर में पहुंचे उद्योग मंत्री ने ग्रामीणों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और पट्टे वितरित किए।ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री लखमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 4 साल में जो योजनाएं जनता के लिए शुरू की हैं, उनका लाभ न केवल शहरी क्षेत्र के लोगों को मिल रहा है, बल्कि चिंतलनार जैसे दूरस्थ समस्याग्रस्त क्षेत्र के लोगों को भी मिल रहा है। आज यहां जनसुविधा शिविर में पहुंचे अनेक गांवों के लोगों के चेहरे में खुशी देखकर महसूस हो रहा है

कि सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में खुशहाली आ रही है। सोमवार को आबकारी एवं उद्योग मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक कवासी लखमा हेलीकाफ्टर से सुकमा जिले के सुदूर नक्सलगढ़ चिंतलनार पहुंचे। लगभग 3 घंटे तक शिविर में रहकर उन्होंने सरकारी योजनाओं के तहत आधार कार्ड, राशन कार्ड और पट्टे तथा सहित अन्य योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मौके पर दवाई और मेडिकल जांच के सामान के साथ मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ नर्स के बीच पहुंचकर अपने स्वयं का ब्लडप्रेसर भी चेक कराया। साथ ही कहा कि यहां के ग्रामीण गरीब हैं। इन्हें मुफ्त में जांच कर जरूरत की दवाइयां दें। लखमा ने कहा कि जबसे राज्य में भूपेश बघेल की सरकार आई है, चारों ओर लोगों में उत्साह दिख रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS