City Media - Page 646 of 1860 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 646

कार्यकर्ताओं के बूते हम जीत रहे हैं 75 प्लस सीटें : मौर्य

0
  •  शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पदाधिकारियों संग की समीक्षात्मक बैठक
  • बूथ, सेक्टर व ज़ोन इंचार्ज के साथ की चुनाव पर चर्चा

जगदलपुर बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने संभाग मुख्यालय राजीव भवन में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, बूथ, सेक्टर व ज़ोन प्रभारियों के साथ विधानसभा चुनावों पर समीक्षा बैठक की। चुनाव के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उत्तर, दक्षिण ब्लॉक, नानगुर, नगरनार व दरभा ब्लॉकों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने आश्वत किया कि विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर में भारी अंतर से कांग्रेस की जीत होगी।

बैठक को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि इस बार छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 75 से अधिक सीटें जीतने जा रही है। पिछले चुनाव में भी जन घोषणा पत्र का असर हुआ था। इस बार भी लोगों ने हमारी बातों पर विश्वास किया है। निश्चित रूप से हमारी सरकार बनेगी। क्योंकि हमने पिछली बार जो बातें कही थी, उन्हें पूरा कर दिखाया है। इसलिए जनता को विश्वास है कि कांग्रेस जो कहती है उसे जरूर पूरा करती है। सुशील मौर्य ने आगे कहा कि हमारी सरकार हमेशा जनसेवा के लिए कटिबद्ध रही है। और आगे भी जनता का भरोसा और विकास की गति कांग्रेस सरकार बरकरार रखेगी। सुशील मौर्य ने चुनाव में की गई मेहनत के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री ललित नाहटा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रदांजलि दी गई। बैठक में मुख्य रूप से सतपाल शर्मा, विक्रम सिंह डांगी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश चौधरी, कैलाश नाग, नीलूराम बघेल, लेखन बघेल, सुखराम नाग, सामू कश्यप, कविता साहू, सरला तिवारी, विनोद सेठिया, उमेश सेठिया, लोकेश सेठिया, मानसिंह बघेल, मानसिंह ठाकुर, जनपद सदस्य मानू, जनपद सदस्य धनसिंह नाग, ईश्वर कश्यप, दुर्योधन कश्यप, रोहित पाणिग्रही, सुशीला बघेल, जलंधर बघेल, तुलाराम कश्यप, सोनारू नाग, जफर अली, रामशंकर राव, ज़ीशान कुरैशी, राजेश राय, लता निषाद, कोमल सेना, श्वेता बघेल, बी. ललिता राव, शुभम यदु, अनुराग महतो, सैमुएल नाथ, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अल्ताफ़ उल्ला खान, असीम सुता, अभिषेक नायडू, महेश सिंह ठाकुर, रोजविन दास, सुनील दास, मंधर कश्यप, नेलविन दास, अम्माजी राव, माधुरी शर्मा, सुषमा सुता, अनिमा अधिकारी, विजय बढ़ई, रविशंकर तिवारी, कल्पना मेश्राम, कनकदई नाग, अपर्णा बाजपेई ,शहनाज बेगम, अंजना नाग, अफरोज बेग़म, लक्ष्मी राव, सामू कश्यप, जोहन सुता, अमरनाथ सिंह, मोइन अख्तर, जावेद खान, जयदेव नाग, कमलसाय, सोनारू नाग, अंकित सिंह, विक्रांत सिंह, सूरज कश्यप, राजू बघेल, पापिया गाइन, माही श्रीवास्तव, एस नीला, रविशंकर तिवारी, नरेंद्र तिवारी, अब्दुल रशीद, हरिशंकर सिंह, नीलम कश्यप, विशाल खम्बारी, गुड्डू बिसाई, गुलरेज अहमद, बलदेव साहू, निकेत राज झा, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जप्त, दो गिरफ्तार

0
  •  ओड़िशा और दंतेवाड़ा के निवासी हैं दोनों आरोपी
  • 20 पेटी बीयर और 96 पौव्वा व्हीस्की बरामद

नगरनार स्थानीय पुलिस ने एक कार से अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। कार छोड़कर भाग निकले शराब तस्करों को भी बाद में पकड़ लिया गया। जप्त की गई शराब की कीमत हजारों में आंकी गई है।

उड़ीसा राज्य से सटे नगरनार थाना क्षेत्र अंतर्राज्यीय मार्ग से जुड़ा हुआ है। इस रास्ते से होने वाली अवैध वस्तुओं की तस्करी की रोकथाम हेतु बस्तर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक जगदलपुर विकास कुमार के मार्गदर्शन में दिनांक 18 नवंबर को ओड़िशा की ओर से आ रही सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 18 एल 9348 से अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई थी। सूचना मिली थी कि उक्त कार में छुपाकर शराब छत्तीसगढ़ में खपाने के लिए लाई जा रही है। नगरनार थाना प्रभारी खोमराज ठाकुर ने दल बल के साथ छत्तीसगढ़ की सीमा में स्थित रेलवे फाटक चोकावाड़ा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रूकवाने का प्रयास किया। कार चालक कार को बिना रोके तेजी से भगाने का प्रयास किया। इस फेर में कार सड़क से उतर गई एव सड़क किनारे झाड़ी में जा फंसी। कार में सवार आरोपी जंगल का सहारा लेकर भागने में सफल हो गए। मौके से बरामद सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 18 एल 9348 की तलाशी लेने पर प्रत्येक पेटी में 24 केन बीयर भरी 9 पेटी किंग फिशर बीयर, प्रत्येक पेटी में बोतल बीयर भरी केन बियर 11 पेटी किंग फिशर प्रीमियम स्ट्रांग बीयर 96 पौव्वा अंग्रेजी शराब मैकडॉवल्स नंबर 1 व्हीस्की बरामद की गई। थाना नगरनार में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बरामद अवैध अंग्रेजी शराब को परिवहन करने वाले आरोपियों की तलाश के दौरान आज 22 नवंबर नगरनार पुलिस को शराब तस्करी करने वाले आरोपी विवेक सरकार पिता बरो बिहारी उम्र 55 वर्ष निवासी यूव्ही 13 जामगुड़ा तहसील एवं थाना उमरकोट जिला नवरंगपुर ओड़िशा एवं सुब्रत मंडल पिता अनिल मंडल उम्र 40 वर्ष निवासी वार्ड -1 अंबेडकर वार्ड दंतेवाड़ा को पकड़ने में सफलता मिली। दोनों आरोपियों को आज जेल दाखिल किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक सतीश यादव, प्रधान आरक्षक अहिलेष नाग, आरक्षक जोगेश्वर कश्यप, सैनिक जगन्नाथ नाग की विशेष भूमिका रही।

नगर निगम के चार ठेकेदार किए जाएंगे ब्लैक लिस्टेड

0
  •  आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण समय सीमा में पूर्ण नहीं करने पर थमाए नोटिस
  • सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा करें : मंडावी

जगदलपुर नगर निगम प्रशासन ने निर्माण कार्यों में लेटलतीफी और लापरवाही बरतने वाले चार ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने का फैसला किया है। नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने चारों ठेकेदारों को इस बाबत नोटिस जारी करने के लिए निगम के निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देशित कर दिया है। इन ठेकेदारों ने तय समय गुजर जाने के बाद भी आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण पूर्ण नहीं कराया है।

नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने आज निगम कार्यालय में नगर निगम के पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान पुराने निर्माण कार्यों में धीमी गति पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन एवं नाली निर्माण तय सीमा में नहीं करने वाले चार ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने का नोटिस जारी करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निर्माण कार्यों में देरी को लेकर सख्त कार्रवाई करते ठेकेदारों पर नोटिस देने के पश्चात भी आंगनवाड़ी भवन एवं नाली निर्माण नहीं करने वाले पीआरपी मार्केटिंग जगदलपुर, अरुण शाह, आरके कंस्ट्रक्शन एवं संदीप शुक्ला दोरनापाल इन चारों ठेकेदारों की कार्यप्रणाली के प्रति बेहद तल्ख़ तेवर दिखाए। उन्होंने इन ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने हेतु नोटिस जारी करने के लिए कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए। मंडावी ने विभिन्न वार्डो जारी निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी उप अभियंताओं को कार्य तेजी से कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने शहर के 48 वार्डो में जारी कार्यों की समीक्षा वार्डवार की तथा तय समय सीमा में कार्य नहीं कर रहे ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सभी पुराने कार्यों को जल्द से जल्द प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों कर्मचारियों को साफ शब्दों में कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य लेने वाले ठेकेदारों से चर्चा कर सभी कार्यों को प्रारंभ कराते हुए कार्यों को पूर्ण कराएं। कार्य प्रारंभ न करने की स्थिति में संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर ब्लैक लिस्टिंग की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर सभी कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, सहायक अभियंता धर्मेंद्र मिश्रा, गोपाल भारद्वाज एवं उप अभियंता व कर्मचारी उपस्थित थे।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए लखेश्वर बघेल ने

0

जगदलपुर विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन पूजन किया। लखेश्वर बघेल ने ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर के दर्शन कर करीब दस मिनट तक ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रहे। तत्पश्चात श्री बघेल ने राजबाड़ा पहुंचकर माता अहिल्या की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिनेश यदु, बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बालेश दुबे, वरिष्ठ कांग्रेसी अरुण भद्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

सिटी ग्राउंड की दशा सुधारने मैदान पर उतरे आयुक्त

0
  •  संधारण, बाउंड्री वॉल निर्माण एवं सफाई के निर्देश

जगदलपुर कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने बुधवार को सिटी ग्राउंड का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एक दिन पहले ही मंगलवार को कलेक्टर द्वारा ली गई बैठक में सिटी ग्राउंड एवं हाता मैदान की स्थिति में सुधार और जनोपयोगी बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने संबंधित निर्देश मिला था। इस निर्देश के परिपालन में आज आयुक्त हरेश मंडावी ने सिटी ग्राउंड पहुंच निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर ग्राउंड की स्थिति का जायजा लिया।  मंडावी ने संबंधित अधिकारियों को ग्राउंड को सुव्यवस्थित करने का निर्देश देते ग्राउंड के पीछे बाउंड्रीवॉल का निर्माण, संधारण, नियमित साफ सफाई, उचित रखरखाव, पानी की व्यवस्था, बेहतर प्लानिंग के साथ कार्य करने का अधिकारियों को निर्देश दिया ।

साथ ही मैदान में रात में असामाजिक तत्वों द्वारा ग्राउंड मे नशाखोरी संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने पुलिस विभाग को ग्राउंड में रात में नियमित गश्त करने संबंधी चर्चा की। आयुक्त  मंडावी ने बताया कि सिटी ग्राउंड को व्यवस्थित करने के लिए उचित देखरेख की आवश्यकता है। देखरेख न होने की वजह से फुटबॉल मैदान खराब हो रहा है। सिटी ग्राउंड के लिए बनाई गई समिति व खिलाड़ियों के साथ जल्द चर्चा कर ग्राउंड को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उप अभियंता अमरसिंह कश्यप, अशोक कोर्राम, स्वच्छता विभाग के हेमंत श्रीवास व अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

नक्सलियों की आईईडी से उड़े ग्रामीण के पैर के चिथड़े

0
  • प्रेशर आईईडी की चपेट में आया धर्मारम का ग्रामीण
  • दायां पैर हो गया है बुरी तरह चोटिल, उपचार जारी

बीजापुर जिले के धुर नक्सल प्रभावित पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेशर आईईडी की चपेट में आ जाने से एक ग्रामीण गंभीर रूप घायल हो गया है। उसके एक पैर के चिथड़े उड़ गए हैं और उपचार के लिए उसे तेलंगाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल ग्रामीण का नाम चंद्रीय सपका बताया गया है। घटना छत्तीसगढ़ और तेलांगाना बॉर्डर पर स्थित ग्राम धर्माराम में हुई है। मिली जानकारी अनुसार चंद्रीय सपका के मछली पकड़ने के लिए तालाब जाने के दौरान यह हादसा हुआ है। ग्रामीण चंद्रीय सपका धर्माराम स्कूलपारा का निवासी है। दो दिन पहले वह मछली का शिकार करने जा रहा था। इसी दौरान नक्सलवादियों द्वारा रास्ते में प्लांट की गई प्रेशर आईईडी की चपेट में चंद्रीय सपका आ गया। उसका दांया पैर आईईडी पर पड़ गया। इससे जबरदस्त विस्फोट हुआ और उसके पैर के चिथड़े उड़ गए। इसके घुटने के निचले हिस्से से पैर तक की मांस पेशियां उड़ गई हैं।सीआरपीएफ 151वीं बटालियन के जवानों ने घायल ग्रामीण को सीमावर्ती तेलंगाना स्थित भद्राचलम के अस्पताल भिजवाया। ग्रामीण का दाहिना पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रेशर आईईडी प्लांट की थी। माओवादियों की इस तरह की करतूत के शिकार आम ग्रामीण शिकार हो रहे हैं। एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने इस घटना की पुष्टि है।

महादेव’ के प्रकोप के बीच महाकाल की शरण में बड़े कांग्रेस नेता

0
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, कवासी लखमा और लखेश्वर बघेल पहुंचे उज्जैन
  • छत्तीसगढ़ में सुख शांति के लिए किया अनुष्ठान

अर्जुन झा
जगदलपुर छत्तीसगढ़ में लंबे अरसे से ‘महादेव’ का प्रकोप छाया हुआ है। इस प्रकोप की जद में कांग्रेस के कई बड़े नेता भी आ गए हैं और इसकी तपन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक भी पहुंचने लगी है। ‘महादेव’ के इस प्रकोप के बीच छत्तीसगढ़ के कई दिग्गज नेता महाकाल की शरण में पहुंच गए हैं और ‘शांति’ के लिए अनुष्ठान कर रहे हैं। राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के लोग इस मुद्दे पर चटखारे ले लेकर किस्सागोई करने में लग गए हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य में सियासी तूफान लाने वाला यह प्रकोप असल महादेव ने नहीं, बल्कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप ने फैलाया है। महादेव एप की आड़ में इंफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) की टीम चुन चुनकर कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। ईडी की कार्रवाई की जद में कांग्रेस के कई बड़े नेता, कुछ आईपीएस अफसर, एक सिपाही व जनप्रतिनिधि आ चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वशर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह समेत भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने महादेव एप को बड़ा मुद्दा बनाने में जरा भी देरी नहीं की। हालिया निपटे छत्तीसगढ़ विधानसभा के दो चरणों के चुनावों की जंग में भाजपा ने महादेव एप वाले मुद्दे को सियासी हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तो सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी उंगली उठा दी। प्रधानमंत्री कई चुनावी सभाओं में बोलते रहे कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उनके साथियों ने रकम उगाही के लिए महादेव के नाम को भी नहीं बख्शा। प्रधानमंत्री का इशारा भगवान महादेव की ओर था, जबकि ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने वालों ने अपने सट्टा एप का नाम महादेव एप रखा है। ठीक उसी तरह जिस तरह किसी घर में नवजात बच्चे का नामकरण गणेश, लंबोदर, रामचंद्र, सीताराम, विष्णु, ब्रम्हा, रामलाल, पुरुषोत्तम, शंकर, महादेव, नीलकंठ, महेश, भोला, पशुपति, सीता, लक्ष्मी, पार्वती, सरस्वती, दुर्गा आदि देवी देवताओं के नाम पर किया जाता है। यह भारत देश की प्राचीन परंपरा भी है। इसके पीछे मान्यता यह है कि देवी देवताओं के नाम पर नामकरण से संबंधित व्यक्ति या संस्थान खूब उन्नति करता है और विघ्न बाधाओं से सुरक्षित रहता है। ये अलग बात है कि ऑनलाइन सट्टा एप का नाम महादेव रखने पर भी इस एप के कर्ताधर्ता ईडी की वक्रदृष्टि ने बच नहीं पाए। महादेव एप का असल संचालक सौरभ चंद्राकर अभी भी ईडी की पहुंच से दूर दुबई में मौज मस्ती कर रहा है। चूंकि चंद्राकर और बघेल एक ही सामाजिक बिरादरी कुर्मी समुदाय के हैं, इसलिए भाजपा ने सौरभ चंद्राकर के काले कारोबार में बघेल को भी लपेटने की कोशिश की है। ठीक उसी तरह जैसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरनेम वालों पर सवाल उठाया था। उस दौरान भाजपा शासित कई प्रदेशों में राहुल गांधी के खिलाफ अनेक मुकदमे दर्ज करवा दिए गए थे। ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि क्या पिछड़ा वर्ग के लोग भी भाजपा नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने आगे आएंगे? विधानसभा चुनावों में महादेव एप की आड़ लेकर कांग्रेस और भूपेश बघेल को बड़ी राजनैतिक क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई। राज्य के मतदाताओं ने सोच समझकर और उच्च विवेक से काम लिया। प्रदेश सरकार के कामकाज का मूल्यांकन करते हुए मतदान किया है। 3 दिसंबर की शाम तक दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

तीन बड़े नेता देवों की शरण में
महादेव एप को लेकर छत्तीसगढ़ में मचे सियासी तूफान और ईडी की छापेमारी के बीच राज्य के तीन बड़े नेता महाकाल की शरण में पहुंच गए। ये नेता हैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज, निवर्तमान आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा तथा बस्तर विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल। सबसे पहले कवासी लखमा अपनी धर्मपत्नी के साथ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने महाकाल की पूजा अर्चना की। उनके बाद पीसीसी चीफ और सांसद दीपक बैज अपनी अर्धांगिनी पूनम बैज एवं पुत्र सूर्यांश के साथ महाकाल लोक पहुंचे और वहां ज्योतिर्लिंग की पूजा आराधना की। फिर बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल भी उज्जयनी नगरी जा धमके। बघेल ने भी वहां देवपूजन किया। इन तीनों नेताओं ने भगवान महाकाल से छत्तीसगढ़ की तरक्की, खुशहाली, सुख शांति के लिए प्रार्थना की। कवासी लखमा महाकाल के दर्शन पूजन के बाद मध्यप्रदेश के ही ओंकारेश्वर धाम भी गए।

निकाले जा रहे सियासी मायने
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख व सांसद दीपक बैज, मंत्री कवासी लखमा व निवर्तमान विधायक लखेश्वर बघेल की इस पवित्र तीर्थयात्रा के भी अब सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। भाजपा के कुछ नेता इस देव आराधना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश में लग गए हैं। वे प्रचारित कर रहे हैं कि बस्तर के तीनों नेता कांग्रेस का पाप धोने के लिए तीर्थयात्रा पर गए हैं। देवों के देव महादेव के रूप में जग प्रसिद्ध भगवान भोलेनाथ हर संकट को हर लेते हैं। उनके ज्योतिर्लिंग के दर्शन पूजन से जीवन में सुख समृद्धि आती है, मन को शांति मिलती है। भाजपा के नेता कहते फिर रहे हैं कि महादेव एप के पाप से अपनी पार्टी और अपने नेता को मुक्ति दिलाने के लिए बस्तर के तीनों बड़े नेता देवाधि देव महादेव की शरण में पहुंचे हैं। भाजपाइयों के इस दुष्प्रचार को बस्तर के आदिवासी भलिभांति समझ रहे हैं। आदिवासी भगवान शंकर के उपासक होते हैं। वे भोलेनाथ का पूजन बड़ा देव और बूढ़ादेव के रूप में करते हैं। दीपक बैज, कवासी लखमा और लखेश्वर बघेल भी आदिवासी हैं। वे अपने आराध्य की आराधना करने गए हैं।

चुनावी झंझावातों से सुकून के लिए
विधानसभा चुनावों में दीपक बैज बस्तर जिले की चित्रकोट सीट से, कवासी लखमा सुकमा जिले की कोंटा सीट से और लखेश्वर बघेल बस्तर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे हैं। तीनों ही नेता बीते दो ढाई माह से चुनावी झंझावातों में उलझे रहे हैं। इस दौरान उनका चैन से खाना पीना, उठना बैठना, सोना सब हराम हो गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते दीपक बैज की चुनावी व्यस्तता कुछ ज्यादा ही रही। लिहाजा चुनाव के चक्कर में इन नेताओं में मानसिक और शारीरिक थकान आना लाजिमी है। इन नेताओं के करीबी सूत्र बताते हैं कि चुनावी झंझावातों से मुक्त होने के बाद फुरसत मिलते ही आदिवासी नेता दीपक बैज, कवासी लखमा और लखेश्वर बघेल अपने इष्टदेव भोले भंडारी के दर्शन के लिए निकले हैं। महादेव एप से उनके महाकाल दर्शन का कोई कनेक्शन नहीं है। वे तो बस्तर और छत्तीसगढ़ में सुख शांति की स्थापना की कामना के साथ तीर्थयात्रा पर निकले हैं। जल्द लौटकर तीनों नेता अपने रूटीन के कामकाज में फिर लग जाएंगे।

जुआ खेलते धराए जिला शिक्षा कार्यालय के बड़े बाबू

0
  •  जिला शिक्षा कार्यालय के सामने जमाए बैठे थे फड़
  • बड़े बाबू धर्मेंद्र झाली समेत 5 जुआरी हुए थे गिरफ्तार

जगदलपुर शहर में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने जुआ खेल रहे पांच जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए जुआरियों में जिला शिक्षा कार्यालय के बड़े बाबू धर्मेंद्र कुमार झाली भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21610 रूपए नकदी एवं ताश की गड्डी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 03 (2) छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।

जुआ खेलते पकड़े गए आरोपियों में अरूण कुमार चौबे पिता कमलापति चौबे उम्र 40 साल निवासी गांधीनगर वार्ड जगदलपुर, बुधेश्वर ठाकुर पिता शिवराम ठाकुर उम्र 40 साल निवासी ग्राम आसना, धर्मेंद्र कुमार झाली पिता स्व. मधुसूदन झाली उम्र 45 साल निवासी नयापारा जगदलपुर, बालमुकुंद रथ पिता स्व. वासुदेव रथ उम्र 63 साल निवासी आडावाल जगदलपुर

और हरीश कुमार पाठक पिता स्व. जेपी पाठक उम्र 61 साल निवासी संजय गांधी वार्ड जगदलपुर शामिल हैं। इनमें से धर्मेंद्र कुमार झाली जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बस्तर जगदलपुर में बड़े बाबू हैं। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा अपराधी तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 20 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शहर के हाता ग्राऊंड के बाजू में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने छापा मारकर जुआरियों को धर दबोचा। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली थाना प्रभारी सुरेश जांगड़े के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।कार्यवाही हेतु टीम गठित किया गया। रेड की कार्रवाई के दौरान मौके पर 5 जुआरी जुआ खेलते रंगेहाथ पकड़े गए। रेड की कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक अनिल कन्नौजे व संजीव मिंज, आरक्षक युवराज सिंह ठाकुर, धनंजय बघेल व आशीष ठाकुर शामिल थे।

चिकित्सालय परिसर के बाहर की गई थी फायरिंग

0
  • चिकित्सालय परिसर के बाहर की गई थी फायरिंग
  • जिला अस्पताल बीजापुर में इस तरह की दूसरी घटना

बीजापुर स्थानीय जिला अस्पताल परिसर में चौकाने वाली घटना उस वक्त सामने आई है जब जिला अस्पताल के कर्मचारी के पेट में कैंपस के बाहर से आकर गोली लगी। हालांकि इस घटना में कर्मचारी को मामूली सी खरोंच ही आई है, लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया।

जिला अस्पताल के कर्मचारी लोकेश ठाकुर नाईट ड्यूटी करने के बाद सुबह अस्पताल परिसर में स्थित अपने आवास में घर के बाहर बैठकर कार्य कर रहे थे। उसी दौरान उनके पेट में चोट जैसा लगा, बाद में देखने पर उनके पास एक गोली गिरी हुई थी, जो उनके पेट पर खरोंच मारते हुए वहीं पर गिर गई। इसके बाद लोकेश ठाकुर का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। गोली कहां से आकर लगी, कहां से चली इसकी कोई जानकारी नही मिल पाई है। अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी द्वारा गोली को अपने कब्जे में लेकर थाने में जमा करवा दिया गया है। विदित हो कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीजों व उनके परिजनों का आना जाना लगा रहता है। इस तरह की गोली चलने की घटना मरीजों के साथ अन्य लोगों के लिए चिंतित करने वाली है।बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि अभी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

बीजापुर जिला अस्पताल कैंपस में बाहर से फायरिंग होने ने की यह दूसरी घटना है। इसी साल जनवरी माह में बीजापुर जिला अस्पताल के उमंग भवन में बाहर से आकर गोली लगने से भवन का बाहरी कांच टूट गया था।

निरीक्षण के दौरान नदारद पाए गए स्कूलों के तीन शिक्षक

0
  • एबीईओ तिवारी ने किया शालाओं का निरीक्षण

बस्तर  सतत निरीक्षण के दौरान सहायक खंड शिक्षा अधिकारी बस्तर सुशील तिवारी ने बस्तर विकासखंड के दूरस्थ अंचल में स्थित विभिन्न प्राथमिक, माध्यमिक शालाओं व हाईस्कूलों का गहन निरीक्षण किया। अपने भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम संकुल मुरकुची की माध्यमिक शाला, हायर सेकंडरी स्कूल, प्राथमिक शाला विश्रामपुरी, माध्यमिक शाला विश्रामपुरी, संकुल जामगांव की प्राथमिक माध्यमिक शाला व हाईस्कूल, संकुल खड़का की प्राथमिक शाला डेंगपारा, खासपारा, माध्यमिक शाला खड़का, संकुल फरसागुड़ा की बड़ेपारा भानपुरी व प्राथमिक शाला नागरवाही समेत लगभग दर्जन भर शालाओं का गहन निरीक्षण किया गया। श्री तिवारी ने अपने निरीक्षण के दौरान सभी शालाओं में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति,अध्यापक दैनंदिनी के नियमित संधारण करने, बच्चों की छात्रवृत्ति योजना का शत प्रतिशत पंजीयन करने, पात्र छात्र छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र की शाला स्तर पर की जाने वाली अग्रिम कार्यवाही की पूर्ण करने, छात्रों का स्काउट, गाइड हेतु पंजीयन करने जैसी गंभीर विषयों के बारे में सतत कार्य करने सभी प्रभारियों को निर्देशित किया।

 

वाटिका ने किया मंत्रमुग्ध

निरीक्षण के दौरान कई शालाओं में बच्चों द्वारा निर्मित वाटिकाओं का अवलोकन भी श्री तिवारी ने किया। उन्होंने वाटिकाओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सभी शालाओं में अपने भवन स्थल पर ऐसा कार्य करना चाहिए। अधिकारी के निरीक्षण के दौरान दीपावली की लंबी छूट्टी के बाद भी कई शालाओं में शिक्षक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए जो कि घोर लापरवाही व शिक्षा के प्रति घोर उदासीनता को दर्शाता है। माध्यमिक शाला मुरकुची के फूलचंद नाग, हाईस्कूल जामगांव के प्रभारी प्राचार्य व व्याख्याता बीआर बघेल एवं अतिथि शिक्षक बुदेश्वर साहू अनुपस्थित पाए गए। उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने हेतु उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात श्री तिवारी द्वारा कही गई है। अन्य शालाएं विधिवत संचालित पाई गईं।

बच्चों ने जीत लिया दिल

एबीईओ श्री तिवारी ने मुरकुची की शालाओं का निरीक्षण करते हुए शाला में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम आधारित सवाल भी पूछे। तुरंत जवाब देने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को श्री तिवारी ने पुरस्कृत कर प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने यहां स्थित पुस्तकालय व प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया और व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने इसी प्रकार नियमित निरीक्षण करने की बात कही। श्री तिवारी ने बताया कि मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कुछ शालाओं में तो गुणवत्तायुक्त भोजन दिया जा रहा है, किंतु अभी भी कुछ शालाओं में स्व सहायता समूह द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इस कारण इन शालाओं के बच्चों को गुणवत्ता युक्त आवश्यक पोषक तत्व वाला भोजन नहीं मिल पा रहा है। स्थिति सुधारने अधिकारी द्वारा मौके पर ही हिदायत दी गई। उन्होंने कई शालाओं में बच्चों की विज्ञान व अंग्रेजी विषयों की क्लास भी ली। अधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चे काफी प्रभावित थे। उन्होंने आगाह किया कि शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

MOST POPULAR

HOT NEWS