City Media - Page 27 of 1804 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 27

बस्तर में गोवंश संरक्षण संकट में, तस्करी, हादसों पर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

0

गौसेवकों के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर बस्तर संभाग में गोवंश संरक्षण की स्थिति दिनों दिन चिंताजनक होती जा रही है। हैप्पी फ्रेंड्स सोशल वेलफेयर सोसायटी हैप्पी कामधेनु गौशाला के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में जिले में बढ़ती गोवंश तस्करी, रेल दुर्घटनाओं में हो रही मौतों तथा अपर्याप्त पशु चिकित्सा व्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। संस्था ने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से निःस्वार्थ भाव से गौसेवा में संलग्न है तथा वर्तमान में उसकी गौशाला में 300 से अधिक गोवंश का संरक्षण, पालन-पोषण एवं उपचार किया जा रहा है। किंतु प्रशासनिक सख्ती के अभाव में तस्कर बेखौफ होकर सक्रिय हैंl

जिससे गोवंश का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है। संस्था के अनुसार ग्राम पामेला में प्रत्येक रविवार और लोहंडीगुड़ा में शुक्रवार को लगने वाले पशु बाजार गोवंश तस्करी के केंद्र बनते जा रहे हैं, जहां से गोवंश को अन्य राज्यों में अवैध रूप से भेजा जा रहा है। तस्कर भोले-भाले ग्रामीणों को बहला फुसलाकर गोवंश खरीदते हैं और रात्रि के समय परिवहन कर कानून से बच निकलते हैं। संस्था ने मांग की है कि पशु बाजारों में खरीदारों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया जाए, खरीद की सीमा तय हो, खरीदे गए गोवंश की तत्काल टैगिंग व ऑनलाइन पंजीयन हो तथा गोवंश का परिवहन केवल दिन के समय ही किया जाए। साथ ही जिला एवं खंड स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर बजरंग दल जिला संयोजक मुन्ना बजरंगी ने कहा कि गोवंश की तस्करी केवल कानून-व्यवस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि पशु बाजारों और परिवहन व्यवस्था पर तत्काल सख्ती नहीं की गई तो स्थिति और भयावह हो सकती है। हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि तस्करी पर कड़ा प्रहार करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा गौशालाओं और सेवा कार्यों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। संस्था ने रेल दुर्घटनाओं में प्रतिदिन हो रही गोवंश की मौतों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है। जिले से गुजरने वाली मालगाड़ियों एवं यात्री ट्रेनों से टकराकर बड़ी संख्या में गोवंश व अन्य पशु काल का शिकार बन रहे हैं, जबकि घायल पशुओं को समय पर उपचार न मिल पाने से उनकी जान बचाना कठिन हो जाता है।

संस्था का कहना है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर रेलवे पटरियों के दोनों ओर फेंसिंग कराई जाने से इन हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।इसके अतिरिक्त जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में संचालित डेयरी संकुलों को शहर से बाहर चिन्हित भूमि पर स्थानांतरित करने की मांग करते हुए कहा गया है कि इससे सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। साथ ही जिला पशु चिकित्सालय के सीमित संचालन समय पर सवाल उठाते हुए संस्था ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण बीमार और घायल गोवंश के उपचार में गंभीर कठिनाइयाँ आती हैं, अतः पशु चिकित्सालय को 24 घंटे संचालित किया जाना आवश्यक है। हैप्पी फ्रेंड्स सोशल वेलफेयर सोसायटी ने प्रशासन से अपील की है कि गोवंश संरक्षण से जुड़े इन सभी मुद्दों की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि बस्तर अंचल में गौवंश की रक्षा सुनिश्चित हो सके और गौसेवा के प्रयासों को मजबूती मिल सके।

शिवनागुड़ा में अवैध धान खरीदी पर मंडी प्रशासन का एक्शन, 60 बोरी धान जप्त

0

बकावंड विकासखंड बकावंड के ग्राम शिवनागुड़ा में अवैध धान खरीदी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां हर बुधवार को एक व्यापारी द्वारा खुलेआम कांटा लगाकर धान खरीदी की जा रही थी। शिकायत मिलने पर जगदलपुर मंडी के अधिकारियों ने गांव में औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जयमन बघेल द्वारा छोटे लाइसेंस के आधार पर नियमों की अनदेखी करते हुए अधिक मात्रा में धान खरीदी की जा रही थी।

मौके पर पहुंची मंडी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 60 बोरी धान जप्त कर लिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व मंडी निरीक्षक पिंटू बघेल द्वारा किया गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं अवैध धान खरीदी में लिप्त अन्य कारोबारियों में भी प्रशासन का भय देखने को मिल रहा है। मंडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान खरीदी, भंडारण और परिवहन पर आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन के इस ताबड़तोड़ एक्शन से नियमों को ताक पर रखकर धान खरीदी करने वालों को कड़ा संदेश मिला है।

नक्सलियों में भागम भाग, फिर 26 ने किया सरेंडर

0


नक्सल संगठनों में मचा अफरा तफरी का माहौल
-अर्जुन झा-

जगदलपुर केंद्र तथा राज्य सरकारों की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के आक्रामक तेवर के चलते बस्तर संभाग में सक्रिय नक्सलियों के हौसले पस्त पड़ गए हैं, नक्सली दलों के बीच भागम भाग की स्थिति बन गई है। बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने और आत्मसमर्पण करने का सिलसिला लगातार जारी है।इसी कड़ी में बस्तर के सुकमा जिले में फिर 26 हार्डकोर सक्रिय नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें सात महिला नक्सली शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले इन सभी नक्सलियों पर 64 लाख की इनाम राशि घोषित है। इन नक्सलियों ने आज सुकमा एसपी किरण चव्हाण और सीआरपीएफ के अधिकारियों के समक्ष आज आत्मसमर्पण किया।आत्मसमर्पित नक्सली माड़ डिविजन, पीएलजीए और जिले के अलग अलग इलाकों में सक्रिय रहे हैं।सुकमा, उड़ीसा और माड़ क्षेत्र की कई घटनाओं में इनकी संलिप्तता रही है।एसपी किरण चव्हाण ने कहा है कि सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। चव्हाण ने बचे हुए नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण कर समाज व देश की मुख्यधारा से जुड़ने सरेंडर करने की अपील। उल्लेखनीय है कि बस्तर जिला लगभग पूरी तरह नक्सलमुक्त हो चुका है। अभी नक्सल समस्या से सबसे ज्यादा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले प्रभावित हैं। कांकेर और कोंडागांव जिले भी तेजी से नक्सल मुक्त होते जा रहे हैं। टॉप नक्सली कमांडर हिड़मा के मारे जाने और हिड़मा के अनन्य सहयोगी नक्सल लीडर बारसे देवा के सरेंडर करने का बाद बस्तर में नक्सली नेतृत्व होने चुके हैं।
कुछ दिनों पहले hi माओवादी गुरिल्ला लिबरेशन आर्मी से जुड़े वरिष्ठ सदस्य बरसे देवा ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। बारसे देवा नक्सली संगठन के भीतर सक्रिय भूमिका में था और हथियारों की आपूर्ति सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभाल रहा था। आत्म समर्पण के दौरान देवा ने पुलिस को माउंटेन लाइट मशीन गन भी सौंपी है।
बारसे देवा के साथ 40 अन्य नक्सली सदस्यों ने भी आत्मसमर्पण मकिया है।
इसी बीच के सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे। जबकि बीजापुर जिले में इसी दिन दो नक्सली मारे गए थे।

मिट गया जोगी डबरी का नामोनिशान, आबाद हो गई साय डबरी; किसानों के जीवन में पैदा हुई नई लहर

0

मोर गांव-मोर पानी मुहिम के तहत बस्तर में खुशहाली की नई इबारत लिख रही हैं आजीविका डबरियां

जिले में 436 डबरियों के निर्माण का लक्ष्य, 255 डबरियों की मिली मंजूरी

-अर्जुन झा-

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के कार्यकाल में चलाई गई जोगी डबरी योजना तो इतिहास के पन्नों में दफ्न हो चुकी है, मगर मौजूदा भाजपाई मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यकाल में बन रही डबरियां बस्तर में नया इतिहास लिख रही हैं। ये बहुआयामी डबरियां न सिर्फ धरती माता के कोख को जल से सराबोर कर रही हैं, बल्कि ग्रामीणों और किसानों के जीवन में खुशहाली की नई गाथा भी लिख रही हैं। खेतों की सिंचाई के साथ ही मत्स्य पालन, बतख पालन और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन में भी ये डबरियां बड़ी सहायक हो रही हैं।

डबरी हरे गांव के सिंगार, आथे समृद्धि, मिलथे रोजगार यह महज एक नारा नहीं, बल्कि बस्तर के सुदूर वनांचलों में बदलती तस्वीर का गवाह है। जिला प्रशासन के महत्वाकांक्षी मोर गांव-मोर पानी महाभियान ने मनरेगा के तहत आजीविका डबरियों के निर्माण से ग्रामीणों के जीवन में खुशहाली के नए रंग भरने शुरू कर दिए हैं। इस अभियान का मुख्य ध्येय जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत को जल संचय के मामले में आत्मनिर्भर बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ चालू वित्तीय वर्ष में कुल 436 डबरियों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 255 डबरियों को स्वीकृति भी मिल चुकी है। जहां कभी पानी की कमी से खेत सूख जाया करते थे और किसानों के चेहरे मुरझा जाते थे, वहां अब जल संरक्षण की यह पहल उम्मीद की नई किरण लेकर आई है। इन डबरियों से न केवल भू-जल स्तर सुधर रहा है, बल्कि खेतों में हरियाली लौटने के साथ ही किसानों के घरों में समृद्धि भी दस्तक देने लगी है। इन डबरियों की खासियत इनका वैज्ञानिक और तकनीकी मानकों पर आधारित निर्माण है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी के अनुसार, प्रत्येक डबरी 20 मीटर लंबी, 20 मीटर चैड़ी और 3 मीटर गहरी बनाई जा रही है।निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सही जगह के चुनाव के लिए जीआईएस और कार्ट एप जैसी आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है, ताकि बारिश की एक-एक बूंद को सहेजा जा सके। पानी के सुचारू प्रवाह और गाद को रोकने के लिए इनमें इनलेट-आउटलेट सिस्टम और सिल्ट अरेस्टिंग चेंबर भी तैयार किए जा रहे हैं, जो इसे पारंपरिक तालाबों से अलग और अधिक उपयोगी बनाते हैं।

मछली, बतख पालन पर जोर

यह योजना केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूती देने का एक सशक्त माध्यम भी बन गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से ग्रामीणों को इन डबरियों से जुड़ी बहुउद्देशीय आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। विभाग के मैदानी अमले सहित स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और डबरी निर्माण के लिए आवश्यक दस्तावेजों व प्रक्रियाओं में उनकी मदद कर रहे हैं। किसानों को मत्स्य पालन, बतख पालन और डबरियों के मेड़ों पर उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए उन्हें मत्स्य, कृषि और पशु पालन विभाग से अनुदान और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। कुल मिलाकर मनरेगा के तहत बन रही ये आजीविका डबरियां बस्तर को एक हरे-भरे और खुशहाल भविष्य की ओर ले जाने वाला एक मजबूत कदम साबित हो रही हैं।

एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव में बनाए चेकडेम

0

किलेपाल राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किलेपाल, बास्तानार का सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ शिविर थीम ‘नशा मुक्त भारत ‘पर स्वयं सेवकों ने सात दिवस नशा मुक्ति, साक्षरता, स्वच्छता, पानी बचाओ पर रैली एवं नुक्कड़ नाटक द्वारा लोगों को जागरूक किया ग्राम का सर्वे कर आधार, आयुष्मान, पेन कार्ड की जानकारी ली, श्रमदान कार्य में हैंडपंपों के आसपास नालियों की साफ-सफाई, सोखता गड्ढों का निर्माण, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, गलियों की कच्ची सड़क के गड्ढों में मिट्टी डाली, लोगों को पैरा उठाने में सहयोग किया, मिट्टी ईट बनाने में सहयोग कर कौशल विकास का परिचय दिया। नालों में छोटे-छोटे डेम बनाकर पानी बचाओ का संदेश दिया।

वही स्वयंसेवकों को प्रत्येक दिन अलग-अलग वक्ताओं ने प्रेरित किया राष्ट्रहित देश हित मानवता आधारित अलग-अलग विषय पर बौद्धिक चर्चा हुआ प्रेरक प्रशिक्षक सुमन कार्तिक ने मानव स्वधर्म मानव जीवन में सोच वर्तमान परिवेश में युवा शक्ति युवा का लगाव युवा का प्रभाव और युवाओं की मानसिकता एवं युवाओं को सही दिशा निर्देश के बारे में प्रेरित किया। प्रथम बार ऐसा बौद्धिक प्रेरक प्रशिक्षण पाकर युवाओं में उत्साह भर गया। सभी ने नव वर्ष में अपने जीवन में अपने सोच का बदलाव करने के साथ ही राष्ट्रहित में स्वयं योगदान देने और योगदान के लिए लोगों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी परमानंद सिंह ठाकुर एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी आशिष कुमार ने स्वयं सेवकों के सात दिवसीय कार्य का मूल्यांकन किया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष महावती मंडावी, प्राचार्य रोहित सरोज रहे। साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुहरामी, जनपद सदस्य मनकू पोड़ियामी, लक्ष्मण कर्मा सरपंच गुड़िया पारा, पंच एवं ग्रामीण जन शामिल हुए।

नारायणपुर के हर गांव तक विकास पहुंचाना साय सरकार का संकल्प: मंत्री केदार कश्यप

0

वन मंत्री केदार कश्यप ने किया 24 करोड़ 53 लाख से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन

जगदलपुर वनमंत्री केदार कश्यप आज अपने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मंत्री केदार कश्यप नें मर्दापाल क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा स्टॉप डैम निर्माण, लोक निर्माण विभाग द्वारा मुख्य मार्गों का डामरीकरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण, तथा वन विभाग द्वारा देवगुड़ी संरक्षण एवं निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया साथ ही छात्र-छात्राओं को सायकल वितरण भी किया।

मंत्री कश्यप नें गोंदियापाल में 313.39 लाख की लागत के विकास कार्य प्रस्तावित सड़क निर्माण पुल-पुलिया सहित, मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत पुलिया निर्माण, बस्तर विकास प्राधिकरण द्वारा सीसी सड़क निर्माण तथा सामुदायिक भवन कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। मंत्री केदार कश्यप ने बड़े आमाबाल एवं तारागांव में पुलिया निर्माण, 3.70 किमी सड़क पुल-पुलिया सहित, सीसी सड़क, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र तथा मुक्तिधाम, प्रतीक्षालय शेड, जलाशय बांध पर गेट, स्पिलवे, नहर लाइनिंग एवं स्ट्रक्चर निर्माण, सीसी सड़क निर्माण, सोलर हाई मास्ट स्थापना तथा महातारी सदन लोकार्पण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार के तहत बस्तर विकास के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बस्तर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सहकारिता के क्षेत्र में कार्य चल रहा है। केदार कश्यप ने बताया कि सरकार ने बस्तर में 15 हजार प्रधानमंत्री आवास, 45 नए आंगनबाड़ी केंद्र, पीएससी भवन, महतारी सदन और नए स्वास्थ्य केंद्रों की मंजूरी दी है, जिससे गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बस्तर के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए होटल मैनेजमेंट, फूड प्रोसेसिंग और डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दे रही है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसान हो मजदूर हो या महिला वर्ग, हर वर्ग को सरकार की योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा गरीबों और वंचितों के उत्थान को प्राथमिकता दी है।

5-6 वर्ष पहले की स्थिति को देखें तो प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीबों को घर मिलने की उम्मीद थी, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इस योजना को रोककर रखा। इससे गरीबों को उनके अधिकार से वंचित किया गया। आज भाजपा सरकार और हमारे देश के प्रधानमंत्री ने यह संकल्प लिया है कि हर गरीब को उसका घर मिले और उसका सपना साकार हो। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं। हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक सहयोग देने की पहल की गई है। यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार गरीबों के घर बनाने से लेकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने तक हर क्षेत्र में काम कर रही है। यही संकल्प है- गरीब, किसान, मजदूर और महिला वर्ग को सम्मानजनक जीवन देना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना।

गांवों में विकास कार्यों की बढ़ती श्रृंखला

छोटे-छोटे गांवों और पंचायतों में विकास कार्यों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। इन सबके साथ-साथ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बच्चों को साइकिल वितरण भी किया गया है। बेटियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया है ताकि वे आगे बढ़ें और समाज में अपनी भूमिका निभा सकें। इन सभी कार्यों से क्षेत्र में अधोसंरचना, शिक्षा और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

नंदपुरा क्रिकेट प्रतियोगिता का शानदार समापन

0

बस्तरबस्तर ब्लॉक के ग्राम पंचायत नंदपुरा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह बहुत ही उत्साह और आनंद के साथ संपन्न हुआ।इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चन्दन कश्यप और जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और खिलाड़ी उपस्थित थे।

पूर्व विधायक चन्दन कश्यप ने कहा कि खेल हमें न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि हमें जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक कौशल भी सिखाता है।उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप ने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे और नंदपुरा पंचायत के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते रहेंगे।इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया गया।

राजहरा परिवहन संघ की मांगों को मिली बड़ी राहत

0

खान मंत्रालय के पत्र से समाधान की उम्मीद, चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल लाई रंग

दल्लीराजहरा __दल्लीराजहरा से भिलाई तक लौह अयस्क व नव निर्मित पैलेंट प्लांट से निर्मित पैलेंट का आंशिक परिवहन कार्य दिए जाने की राजहरा परिवहन संघ दल्लीराजहरा के मांगो को लेकर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स द्वारा की गई पहल से खान मंत्रालय भारत सरकार के अवर सचिव द्वारा सचिव खनन विभाग रायपुर को जारी पत्र की कॉपी अमित कुकरेजा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स इकाई दल्लीराजहरा ने अध्यक्ष राजहरा परिवहन संघ को सौपा,अवर सचिव खान मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सचिव खनिज संसाधन विभाग छत्तीसगढ़ के नाम पर जारी पत्र में राजहरा परिवहन संघ की मांगो का समाधान राज्य स्तर पर होने पर माइंस से परिवहन कार्य देकर रोजगार मुहैया कराने का उल्लेख है गोरतलब है की राजहरा परिवहन संघ दल्लीराजहरा द्वारा अपनी मांगो को लेकर 28 अगस्त से माइंस आफिस के समीप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया था उक्त धरना प्रदर्शन में 13 सितंबर को सतीष थोरानी प्रदेशाध्यक्ष छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स रायपुर सहित प्रदेश के पदाधिकारी ,बालोद जिला व दल्लीराजहरा इकाई के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पहुंचकर परिवहन संघ की मांगो उचित बताते हुए धरना का समर्थन किए थे ,साथ ही राजहरा परिवहन संघ की मांगो को केंद्रीय खान मंत्री को अवगत कराकर उचित हल निकालने की बात कही थी ,जिसका परिणाम अवर सचिव खान मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी पत्र है ,राजहरा परिवहन संघ के पदाधिकारी सहित सदस्यों ने छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के प्रदेश ,जिला व दल्लीराजहरा इकाई के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है की उनकी मांगों को खान मंत्रालय तक पहुंचाने और वहा से उन मांगो के संबंध में राज्य स्तर के अधिकारी को पत्र जागी किया गया है उल्लेखनीय है की राजहरा परिवहन संघ लगभग 20_22 वर्षो से दल्लीराजहरा नगर स्थित बी एस पी अधिनस्थ आई ओ सी की खानों से निकलने वाली लौह अयस्क का 100 प्रतिशत परिवहन कार्य रेल मार्ग से किया जा रहा है जिसमे से 25__40 प्रतिशत परिवहन कार्य राजहरा परिवहन संघ के मालवाहको को दिए जाने साथ ही हितकसा में निर्माणाधीन पैलेट प्लांट से निर्मित पैलेट का आनुपातिक परिवहन कार्य दिए जाने की मांग , बी एस पी प्रबंधन द्वारा निजी छेत्रो को बेची जाने वाली अनुपयोगी लौह अयस्क का परिवहन कार्य,छेत्र की जनता के लिए समुचित रोजगार मुहैया उपलब्ध कराकर हो रहे पलायन को रोका जाए ,जिला खनिज न्यास निधि से मिलने वाली राशि का अधिकतम उपयोग शहर के विकास में किया जाए ,मालवाहक वाहन से परिवहन कार्य चालू होने से इस व्यवसाय से जुड़े वाहन मालिक ,आटो पार्ट्स विक्रेता,टायर विक्रेता ,मेकेनिक,वाहन चालक , हेल्फर ,टायर रिपेयरिंग सहित वाहन से जुड़े अन्य कार्य करने वालो उन सभी के परिवार के लोगो को प्रत्यक्ष अथवा परोछ रूप से लाभ मिलेगा , रोजगार के द्वार खुलेंगे , शहर से पलायन रुकेगा और शहर का विकास होगा ,इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स इकाई दल्लीराजहरा अध्यक्ष अमित कुकरेजा सहित पदाधिकारी ,राजकुमार सोनी ,कैलाश छाजेड़ ,नवदीप गुप्ता सहित राजहरा परिवहन संघ के सरंछक ,परमजीत सिंह , इंद्रजीत सिंह तुली ,नरेंद्र सिंह तुली अध्यक्ष ,जगजीत सिंह मरवाहा, अनिल सुथार , चरणजीत सिंह ,गुरमेजसिंह रंधावा सहित सदस्य उपस्थित थे

ग्राम पंचायत बरदेला में शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की मूर्ति का अनावरण

0

पुण्यतिथि पर दी गई शहीद को श्रद्धांजलि

जगदलपुर शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम पंचायत बरदेला में उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनके अमर योगदान को स्मरण किया।

उल्लेखनीय है कि आज ही के दिन सर्चिंग अभियान पूर्ण कर लौट रही पुलिस पार्टी को अम्बेली नाला के समीप नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट के माध्यम से निशाना बनाया गया था। यह हमला नक्सलियों की कायरतापूर्ण मानसिकता का प्रतीक था। इस हमले में जिला दंतेवाड़ा में पदस्थ डीआरजी के 9 वीर जवानों तथा 01 वाहन चालक ने राष्ट्र की सुरक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन बलिदानी जवानों में बरदेला निवासी प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा भी शामिल थे। इन जवानों का यह बलिदान न केवल पुलिस बल बल्कि सम्पूर्ण समाज के लिए साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का अमिट उदाहरण है। संकल्प मार्च 2026 के अंतर्गत क्षेत्र को नक्सल-मुक्त बनाने की दिशा में शहीद जवानों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। नक्सलियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए कर्तव्यपथ पर वीरगति को प्राप्त हुए इन जवानों का साहस, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। ऐसे वीर सपूतों के कारण ही आज समाज सुरक्षित है और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनी हुई है।कार्यक्रम के दौरान शहीद के सम्मान में उपस्थित जनसमूह द्वारा दो मिनट का मौन रखकर शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा की शहादत को नमन किया गया तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।इस अवसर पर पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं शहीद के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

भाजपा संगठन विस्तार को लेकर सतेंद्र सिंह ठाकुर का भोपालपटनम मंडल में तीन दिवसीय प्रवास

0

जनप्रतिनिधियों संग लिया समस्याओं का जायजा

भोपालपटनम भारतीय जनता पार्टी बीजापुर जिला के उपाध्यक्ष एवं भोपालपटनम मंडल के संगठन प्रभारी सतेंद्र सिंह ठाकुर का तीन दिवसीय प्रवास 3 से 5 जनवरी तक भोपालपटनम मंडल में हुआ। इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य भाजपा संगठन को मंडल स्तर पर सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनसमस्याओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करना रहा।

प्रवास के दौरान ठाकुर ने भाजपा के समर्पित जनप्रतिनिधियों एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ सकारात्मक एवं सार्थक बैठकें कीं। बैठकों में पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की प्रगति, जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संगठनात्मक मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई।साथ ही कुछ मूलभूत समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर स्थिति का जायजा भी लिया गया। सतेंद्र सिंह ठाकुर ने नगर पंचायत भोपालपटनम के सभी 15 वार्डों का भ्रमण कर वार्डवासियों के साथ बैठकें कीं एवं स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए नालियों की नियमित सफाई हेतु नगर पंचायत के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से चर्चा के दौरान नगरवासियों ने शाम होते ही नगर में व्याप्त हो जाने वाले अंधेरे की समस्या से अवगत कराया। इस पर श्री ठाकुर ने सीएमओ को शीघ्र स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगर में सीसी सड़क एवं नालियों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।प्रवास के अंतिम चरण में ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना और केंद्र व राज्य सरकारों की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रहे, यही पार्टी की प्राथमिकता है। इस तीन दिवसीय प्रवास से संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है तथा आमजन में भाजपा के प्रति विश्वास और सशक्त हुआ है।

MOST POPULAR

HOT NEWS